Sunday, July 5, 2026
Home Blog Page 754

NEET Paper Leak Case: सीबीआई की रिमांड में आया पेपर लीक का ‘मुखिया’, अब खुलेंगे राज?

0

NEET paper leak Case: नीट पेपर लीक मामले के मास्टरमाइंड संजीव मुखिया को बिहार की आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने 25 अप्रैल को गिरफ्तार किया था. EOU ने गिरफ्तारी के बाद मुखिया से 36 घंटे की रिमांड पर पूछताछ की थी, अब सीबीआई पूछताछ के लिए चार दिन की रिमांड मिली है.

NEET UG 2024 पेपर लीक मामले में मुख्य आरोपी संजीव मुखिया को पटना की सीबीआई की स्पेशल कोर्ट ने 4 दिन की रिमांड पर भेजा है. सीबीआई ने 7 दिन की रिमांड की मांग की थी, लेकिन कोर्ट ने गुरुवार 1 मई 2025 को केवल 4 दिन की मंजूरी दी. अब सीबीआई संजीव मुखिया से इस मामले में पूछताछ करेगी.

संजीव मुखिया को पिछले हफ्ते, 25 अप्रैल 2025 को बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने पटना के दानापुर इलाके से गिरफ्तार किया था. EOU ने मुखिया को सगुना मोड़ के पास एक अपार्टमेंट से पकड़ा था. EOU ने गिरफ्तारी के बाद मुखिया से 36 घंटे की रिमांड पर पूछताछ की थी, अब सीबीआई पूछताछ के लिए चार दिन की रिमांड मिली है.

संजीव मुखिया को नीट-यूजी 2024 पेपर लीक का मास्टरमाइंड है. वह नालंदा का रहने वाला है और नूरसराय हॉर्टिकल्चर कॉलेज में तकनीकी सहायक के पद से निलंबित है. संजीव मुखिया पर पहले भी बीपीएससी शिक्षक भर्ती और बिहार कांस्टेबल भर्ती जैसे कई पेपर लीक मामलों में शामिल होने का आरोप है. उसने कथित तौर पर नीट पेपर लीक के लिए छात्रों से 40 लाख रुपये तक वसूले थे. उसकी पत्नी ममता देवी को राजनीति में स्थापित करने के लिए उसने यह रैकेट चलाया था.

EOU ने इस मामले को जून 2024 में सीबीआई को सौंप दिया था. सीबीआई ने अब तक 45 लोगों को गिरफ्तार किया है और 5 चार्जशीट दाखिल की हैं. मुखिया के भतीजे रॉकी उर्फ राकेश रंजन को भी पिछले साल जुलाई में गिरफ्तार किया गया था. सीबीआई अब मुखिया से पूछताछ कर इस रैकेट के पूरे नेटवर्क का खुलासा करने की कोशिश करेगी, जो बिहार, यूपी, हरियाणा और राजस्थान तक फैला है.

हाल ही में बिहार पुलिस मुख्यालय ने संजीव मुखिया की गिरफ्तारी के लिए तीन लाख रुपये का इनाम घोषित किया था. यह इनाम 10 अप्रैल 2025 को घोषित किया गया था, जिसमें पुलिस और आम लोगों से उसकी जानकारी देने की अपील की गई थी. संजीव मुखिया पर नीट पेपर लीक के अलावा बिहार में शिक्षक भर्ती और कांस्टेबल भर्ती परीक्षा जैसे कई पेपर लीक मामलों में शामिल होने का आरोप है.

EOU को 11 महीन से फरार संजीव मुखिया की गुप्त सूचना मिली थी कि वह दानापुर थाना क्षेत्र के सगुना मोड़ स्थित एक अपार्टमेंट में आने वाला है. इस सूचना के आधार पर टीम ने छापेमारी की योजना बनाई. 25 अप्रैल की रात को ऑपरेशन चलाया और संजीव मुखिया को धर दबोचा. इस कार्रवाई में दानापुर पुलिस की मदद से इलाके को घेर लिया गया था, ताकि वह भाग न सके.

UP : गाजीपुर से लापता हुईं तीन लड़कियों को पुलिस ने 9 दिन बाद किया बरामद, रोजगार की तलाश में गई थीं गाजियाबाद

0

यूपी की गाजीपुर पुलिस ने एक गांव से नौ दिन पहले लापता हुई तीन लड़कियों को बरामद कर लिया है. अधिकारियों ने बताया कि वे रोजगार की तलाश में गाजियाबाद गई थीं.

यूपी के गाजीपुर में पुलिस ने एक गांव से नौ दिन पहले लापता हुई तीन लड़कियों को बरामद कर लिया है. अधिकारियों ने बताया कि वे रोजगार की तलाश में गाजियाबाद गई थीं. मामला दर्ज करने के बाद उनकी खोजबीन जारी थी. इनपुट मिलने के बाद तीनों लड़कियों को बरामद कर लिया गया. गाजीपुर पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, कुमारी नंदिनी (17), कुमारी सुमन (14) और कुमारी प्रीति (14) के अचानक लापता होने के संबंध में 21 अप्रैल को भावरकोल पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था. मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137 (2) के तहत दर्ज किया गया था, जो किसी बच्चे के अपहरण से संबंधित है. शिकायत के बाद, लड़कियों का पता लगाने के लिए एसएचओ संतोष कुमार राय के नेतृत्व में एक पुलिस टीम बनाई गई.

पुलिस ने न्यूज एजेंसी से कहा कि तकनीकी निगरानी के जरिए उनके स्थान की पहचान करने के बाद, टीम गाजियाबाद गई और कड़कड़डूमा औद्योगिक क्षेत्र में साहिबाबाद पुलिस स्टेशन के अंतर्गत लिंक रोड इलाके से तीनों को बरामद किया. पुलिस ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि लड़कियां काम की तलाश में गाजियाबाद गई थीं. फिलहाल, आगे की जांच जारी है.

इस बीच, अधिकारियों ने यह भी बताया कि जमानिया पुलिस थाने के उमर गंज (नई बस्ती) के मुसहर समुदाय के छह नाबालिग – अर्जुन (12), अतवारी (13), रोशन (9), लक्ष्मीना (6), बेफी (6) और अमित (10) – 22 अप्रैल से लापता हैं. पुलिस के मुताबिक, बच्चों के परिवार बजरंग ईंट भट्ठे पर काम करते हैं और उन्हें खोजने के प्रयास जारी हैं.

NATIONAL : दिल्ली में दिखा रफ्तार का कहर, कार ने 34 साल के शख्स को कुचला, मौके पर हुई मौत

0

दिल्ली में कार की तेज रफ्तार ने एक शख्स की जान ले ली. दरअसल रिंगरोड पर एक कार चालक ने शख्स को कुचल दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के रहने वाले मुलु के रूप में हुई हैं. उसकी उम्र 34 साल थी और जेब में रखे आधार कार्ड से पुलिस ने उसकी शिनाख्त की है.

देश की राजधानी दिल्ली में एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला है. दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के रिंग रोड पर एक तेज रफ्तार कार ने 34 साल के युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने इस मामले में 55 साल के राजेश मेहता को गिरफ्तार किया है. आरोपी पश्चिम विहार का रहने वाला है.

न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक घटना 26 अप्रैल को रिंग रोड पर हुई थी. पुलिस को एक पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली थी कि एक घायल व्यक्ति सड़क पर पड़ा है. घायल को तुरंत एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.पुलिस उपायुक्त (दक्षिण पश्चिम) सुरेंद्र चौधरी ने बताया कि मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के रहने वाले मुलु (34) के रूप में हुई, जिसकी जेब से आधार कार्ड बरामद हुआ था. पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया.

घटना के बाद आरके पुरम थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई. शुरू में घटनास्थल के पास सीसीटीवी कैमरे न होने और भारी ट्रैफिक के चलते कोई ठोस सुराग नहीं मिला. पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया, जिसने 25 किलोमीटर के क्षेत्र में फैले 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले जो धौला कुआं से एम्स और पश्चिमी दिल्ली तक के इलाके में लगे हुए हैं.

जांच के दौरान एक सफेद कार दिखाई दी, जिसके ड्राइवर साइड पर डेंट था. यह कार कई स्थानों पर देखी गई और अंत में पश्चिम विहार में ट्रेस की गई. स्थानीय पूछताछ में पता चला कि कार एक महिला के नाम रजिस्टर्ड थी और घटना वाले दिन उसका पति कार चला रहा था.

पुलिस ने जब राजेश मेहता को पूछताछ के लिए बुलाया, तो उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. उसने बताया कि वह तेज रफ्तार में ग्रीन पार्क की ओर जा रहा था, तभी एक व्यक्ति सड़क पार कर रहा था और वह टकरा गया. डर के मारे वह मौके से फरार हो गया. पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है और मेहता को गिरफ्तार कर आगे की जांच कर रही है.

 

NATIONAL : आगरा को ‘आधुनिक शहर’ बनाने की दलील खारिज, सुप्रीम कोर्ट ने पेड़ों की कटाई से इंकार किया

0

सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि ताजमहल के 5 किलोमीटर से बाहर लेकिन TTZ के भीतर के क्षेत्रों में पेड़ों की कटाई के लिए अथॉरिटी को CEC और फॉरेस्ट ऑफिसर की पूर्व अनुमति की आवश्यकता होगी.

ताज ट्रिपोजियम जोन (TTZ) में पेड़ों की कटाई के मामले मे सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में सुप्रीम कोर्ट के 2015 के आदेश लागू रहेंगे. यह आदेश उस याचिका को खारिज करते हुए सुनाया गया, जिसमें ताजमहल के आसपास पेड़ों की कटाई करने की मांग की गई थी. इसमें आगरा को आधुनिक शहर को बनाने की दलील दी गई थी. हालांकि कोर्ट ने इसे खारिज कर दिया. 2015 में सुप्रीम ने निर्देश दिया था कि ताजमहल के 5 किलोमीटर की एयर डिस्टेंस के भीतर किसी भी पेड़ की कटाई के लिए सुप्रीम कोर्ट की पूर्व अनुमति लेना जरूरी होगा.

सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि ताजमहल के 5 किलोमीटर से बाहर लेकिन TTZ के भीतर के क्षेत्रों में पेड़ों की कटाई के लिए अथॉरिटी को CEC और फॉरेस्ट ऑफिसर की पूर्व अनुमति की आवश्यकता होगी. सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि अगर पेड़ काटने की बहुत जरूरत होगी तो ऐसे में फॉरेस्ट ऑफीसर ये तय करेगा कि पेड़ों की कटाई केवल तभी की जा सकती है जब उसके बदले पेड़ लगाने की सभी शर्तों को पूरा किया जाएगा.

सुप्रीम कोर्ट ने सीईसी से एक रिपोर्ट भी मांगी है, जिसमें यह बताना है कि क्या आगरा किला और फतेहपुर सीकरी जैसे दो हेरिटेज की सुरक्षा के लिए कोई अतिरिक्त प्रतिबंध लगाए जाने चाहिए. सुप्रीम कोर्ट ने एक याचिका को खारिज करते हुए ये आदेश दिया है.

सुप्रीम कोर्ट ने उस याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें आगरा को अपनी ऐतिहासिक धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक विरासत के प्रति संवेदनशीलता को कायम रखते हुए एक आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने का दावा किया गया था.इस याचिका में अदालत से निजी जमीन पर पेड़ों की कटाई के लिए इजाजत मांगी गई थी. सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि हमें नहीं लगता कि इस तरह की याचिका दाखिल करके आगरा को एक आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी.

NATIONAL : NSS कैंप में 159 छात्रों को नमाज पढ़ने के लिए किया मजबूर, यूनिवर्सिटी प्रोफेसर गिरफ्तार

0

26 मार्च से 1 अप्रैल के बीच जिले के शिवतराई गांव में आयोजित एनएसएस शिविर के दौरान 31 मार्च को 159 छात्रों को नमाज पढ़ने के लिए मजबूर किया. जबकि उनमें से केवल चार ही मुस्लिम छात्र थे.

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) शिविर के दौरान कुछ छात्रों जबरन नमाज पढ़ने के मामले में गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय के एक प्रोफेसर को गिरफ्तार किया गया.

DSP रश्मीत कौर चावला ने बताया कि कथित घटना को लेकर आठ लोगों के खिलाफ 26 अप्रैल को दर्ज FIR के सिलसिले में प्रोफेसर दिलीप झा को गुरुवार सुबह हिरासत में लिया गया.

उन्होंने बताया कि झा और बिलासपुर स्थित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय के 6 फैकल्टी मेंबर्स और टीम के एक मुख्य नेता पर धर्म के आधार पर समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने समेत अन्य अपराधों के लिए भारतीय न्याय संहिता व छत्तीसगढ़ धर्म स्वतंत्रता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है.

पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने 26 मार्च से 1 अप्रैल के बीच जिले के कोटा थाना इलाके के शिवतराई गांव में आयोजित एनएसएस शिविर के दौरान 31 मार्च को 159 छात्रों को नमाज पढ़ने के लिए मजबूर किया, हालांकि उनमें से केवल चार ही मुस्लिम थे. छात्रों के वापस लौटने पर विरोध प्रदर्शन के बाद जांच शुरू की गई, जिसके बाद दक्षिणपंथी संगठनों ने भी आंदोलन किया और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

बिलासपुर के एसएसपी रजनेश सिंह ने मामले की जांच के लिए सिटी पुलिस अधीक्षक (कोतवाली) अक्षय सबदरा की अध्यक्षता में चार सदस्यीय टीम गठित की थी. समिति की रिपोर्ट के आधार पर झा और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया. चावला ने कहा कि मामले की आगे की जांच जारी है.

NATIONAL : बीमार दुल्हन को गोद में उठाकर लिए फेरे… अस्पताल में बना मंडप, चर्चा में आई अनोखी शादी

0

शादी वाले दिन दूल्हा आदित्य सिंह बैंड-बाजे और बारात के साथ सीधे पंजाबी नर्सिंग होम पहुंचा. अस्पताल में ही मंडप सजा, रस्में पूरी हुईं और सबसे खास पल तब आया जब दूल्हे ने दुल्हन को गोद में उठाकर सात फेरे लिए. यह दृश्य वहां मौजूद सभी लोगों की आंखों को नम कर गया.

राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर में अक्षय तृतीया के अवसर पर एक अनोखी और भावनात्मक शादी देखने को मिली. शादी से ठीक पहले दुल्हन की तबीयत बिगड़ जाने के बावजूद, परिवार ने शुभ मुहूर्त को व्यर्थ नहीं जाने दिया और अस्पताल को ही विवाह स्थल में बदल दिया. यह विवाह हर किसी के लिए प्रेरणादायक बन गया.

दरअसल, ब्यावरा के परमसिटी कॉलोनी निवासी जगदीश सिंह सिकरवार के भांजे आदित्य सिंह की शादी कुंभराज की रहने वाली नंदनी से तय हुई थी. विवाह 1 मई को अक्षय तृतीया के दिन कुंभराज के पास पुरषोत्तमपुरा गांव में होना था. लेकिन शादी से पांच दिन पहले, 24 अप्रैल को नंदनी की अचानक तबीयत बिगड़ गई. उन्हें ब्यावरा के पंजाबी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें ज्यादा आराम करने की सलाह दी. ऐसे में परिवार दोराहे पर खड़ा था.

एक ओर दुल्हन की तबीयत और दूसरी ओर शुभ मुहूर्त. डॉक्टर जेके पंजाबी ने बताया कि नंदनी ज्यादा देर तक बैठ नहीं सकती थी, इसलिए परिवार ने उससे सलाह लेकर अस्पताल में ही शादी करने का निर्णय लिया. इस निर्णय में दोनों परिवारों की सहमति और भावनात्मक जुड़ाव देखने को मिला.

शादी वाले दिन दूल्हा आदित्य सिंह बैंड-बाजे और बारात के साथ सीधे पंजाबी नर्सिंग होम पहुंचा. अस्पताल में ही मंडप सजा, रस्में पूरी हुईं और सबसे खास पल तब आया जब दूल्हे ने दुल्हन को गोद में उठाकर सात फेरे लिए. यह दृश्य वहां मौजूद सभी लोगों की आंखों को नम कर गया. इस अनोखी शादी ने यह संदेश दिया कि प्यार, समझदारी और साथ निभाने की भावना किसी भी रस्म से ऊपर होती है. साथ ही, यह उदाहरण बना कि परिस्थितियां चाहे जैसी भी हों, सच्चे रिश्ते अपने मार्ग खुद बना लेते हैं.

KERALA : शादी कहीं और, Map ने कहीं और ही भेज दिया! अपनी ही शादी में नहीं पहुंच पाया दूल्हा, जब आया तब तक देर हो गई

0

केरल के कन्नूर जिले में एक अनोखा मामला सामने आया, जहां शादी में दूल्हा तीन घंटे की देरी से पहुंचा. वजह बनी गूगल लोकेशन की गलती. दुल्हन के एक रिश्तेदार ने दूल्हे को शादी स्थल की गूगल लोकेशन भेजी थी, लेकिन वह गलती से किसी और जगह की थी. नतीजा ये हुआ कि दूल्हा शादी की असली जगह के बजाय करीब 60 किलोमीटर दूर किसी और मंदिर पहुंच गया.

तिरुवनंतपुरम का रहने वाला दूल्हा, कन्नूर के इरिट्टी में स्थित कीझूर महाविष्णु मंदिर में शादी के लिए आ रहा था. लेकिन जिस लोकेशन पर उसने भरोसा किया, वह उसे वडकारा के पय्योली में स्थित कीझूर शिव मंदिर ले गई. दूल्हा पूरी श्रद्धा के साथ मंदिर पहुंचा, लेकिन वहां न दुल्हन थी और न शादी की कोई तैयारी.

जब शादी का तय वक्त गुजरने लगा और दूल्हा नहीं पहुंचा, तब परिवार वालों ने उससे फोन पर संपर्क किया. तभी यह बात सामने आई कि दूल्हा किसी और जगह पहुंच चुका है. इसके बाद सही लोकेशन बताई गई और दूल्हे ने तुरंत वहां से रवाना होकर इरिट्टी के असली मंदिर की ओर सफर शुरू किया.जिस मंदिर में दूल्हा पहुंचा और जहां असली शादी होनी थी, उन दोनों के बीच की दूरी करीब 60 किलोमीटर थी. ट्रैफिक और रास्ते की वजह से यह सफर तीन घंटे में पूरा हो पाया. जब तक दूल्हा सही जगह पहुंचा, शादी की रस्में खत्म हो चुकी थीं और वह विवाह समारोह में शामिल नहीं हो सका.

दूल्हे ने बताया कि वह दुल्हन के परिवार द्वारा भेजी गई गूगल लोकेशन पर ही गया था. उसे इस बात की जानकारी नहीं थी कि इरिट्टी में भी कीझूर नाम का एक मंदिर है, और वही असली शादी स्थल था. गूगल मैप की गलती और सही जानकारी न मिलने की वजह से शादी की खुशियों में थोड़ी देर जरूर हुई, लेकिन बाद में दोनों परिवारों ने मिलकर बाकी रस्में पूरी कीं.

NATIONAL : भारत के ऊपर से उड़ा एक भी पाकिस्तानी जहाज तो खेल खत्म! सरकार ने उठाया एक और बड़ा कदम

0

भारत ने पाकिस्तान को एक और बड़ा झटका दिया है. सरकार ने पाकिस्तानी हवाई जहाजों के लिए भारत का एयरस्पेस बंद कर दिया है. सरकार ने यह फैसला 30 अप्रैल से 23 मई 2025 तक के लिए लिया है. सरकार द्वारा जारी NOTAM (नोट टू एयरमैन) में कहा गया है, “भारतीय एयर स्पेस पाकिस्तानी रजिस्टर्ड एयरक्राफ्ट / पाक के ऑपरेटर या लीज़ पर लिया गया कोई किसी भी एयरक्राफ्ट के लिए भारतीय एयरस्पेस बंद है.”

आपको बता दें कि इससे पहले पाकिस्तान भी भारत के जहाजों के लिए अपना एयरस्पेस बंद कर चुका है. खबरों के अनुसार, पाकिस्तान के ऐसा करने से भारत से पश्चिमी देशों में जाने वाली करीब 600 उड़ानें प्रभावित हुई थीं. वहीं, 120 उड़ानों को यूरोप जाते वक्त एक बार बीच में रुककर फ्यूल भरवाने की जरूरत पड़ती थी. अब भारत के ऐसा करने के बाद पाकिस्तान से पूर्व की ओर जाने वाली फ्लाइट्स को भी नया रूट देखना पड़ेगा. जिससे उसका रास्ता लंबा होगा और पाकिस्तानी विमानों का भी ईंधन ज्यादा लगेगा. नतीजतन, पाकिस्तानी एयरलाइंस को इस ओर की उड़ानों के लिए पहले से कहीं ज्यादा खर्च करना होगा.

 

 

RAJASTHAN : झालावाड़ में 17 साल की लड़की से दरिंदगी, 9 लोगों ने पीछा कर किया गैंगरेप

0

राजस्थान के झालावाड़ में नौ युवकों ने 17 साल के नाबालिग लड़की के साथ कथित तौर पर गैंगरेप किया है. सभी आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है.

राजस्थान में झालावाड़ जिले के एक गांव से एक बड़ी ही शर्मनाक खबर सामने आई है, जहां पर एक विवाह स्थल के पीछे 9 युवकों ने 17 साल के नाबालिग लड़की के साथ कथित तौर पर गैंगरेप किया. पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी. सर्किल पुलिस निरीक्षक भूपेश कुमार ने बताया कि घटना मंगलवार को हुई जब पीड़िता एक दोस्त के शादी समारोह में शामिल होने गई थी.

पुलिस अधिकारी ने यह बताया कि नाबालिग लड़की देर रात विवाह स्थल के पीछे एक खेत में गई थी और उसका पीछा करते-करते आरोपी भी उसके पीछे आ गये. तभी आरोपी उसे पकड़कर एक सुनसान जगह पर ले गए और उससे गैंगरेप किया. लड़की ने अपने आपको बहुत बचाने की कोशिश की, लेकिन उन लोगों ने लड़की के बहुत बोलने पर भी उसे छोड़ा नहीं.

पुलिस ने यह बताया कि पीड़िता ने घटना के बारे में अपने परिवार को बताया, जिसके बाद परिजनों ने बुधवार सुबह 9 आरोपियों के खिलाफ पुलिस के पास मामला दर्ज कराया. भूपेश कुमार ने यह बताया कि परिजन की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता और यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.

NATIONAL : मोतिहारी में सोयाबीन तेल का टैंकर पलटा, लूटने के लिए जिसे जो मिला लेकर दौड़ा

0

टैंकर पलटा तो तेज लूटने की मच्ची होड़, बाल्टी,डब्बा,बोतल में ज्यादा तेज लूटने को लेकर आपस मे लोग भिड़े, पुलिस की मौजूदगी में तेल की लूट हुई

मोतिहारी के छपरा-रक्सौल नेशनल हाइवे पर टोल प्लाजा के पास से उस समय आपाधापी मच गई, जब लोगों ने एक खेत में पलटा हुआ तेल का टैंकर देख लिया. हैरान करने वाली ये घटना गुरुवार दोपहर की है, जहां अनियंत्रित होकर एक टैंकर पलट गया और स्थानीय लोगों ने उसमें भरे तेल की लूट मचा दी.प्राप्त जानकारी के अनुसार पूर्वी चंपारण जिले के छपरा-रक्सौल नेशनल हाईवे मार्ग में छपवा की ओर से रक्सौल की तरफ जा रहा टैंकर सामने से आ रहे ट्रैक्टर को बचाने के क्रम में अनियंत्रित होकर रोड के किनारे खाई में पलट गया. टैंकर पलटने के बाद टैंकर में लोडेड सोयाबीन तेल का रिसाव शुरू हो गया.

इसकी भनक जब स्थानीय लोगों को लगी तो काफी लोग बाल्टी, गैलन, डब्बा और बोतल लेकर मौके पर पहुंच गए. ये लोग तेल की लूट में जुट गए. ज्यादा तेल पाने के लिए आपस में भीड़ते हुए लोग भी नजर आए. यह सारा मामला सुगौली थाना पुलिस की मौजूदगी में हुआ.

टोल प्लाजा के समीप तेल की लूट पुलिस की मौजूदगी में हो रही थी. पुलिस ने तेल की लूट पर रोक तक नहीं लगाई. वहीं टैंकर पलटने के बाद चालक और उपचालक को कोई नुकसान नहीं हुआ, दोनों सुरक्षित हैं.टैंकर चालक मोहम्मद साजिद खान ने बताया कि कोलकाता बंदरगाह से नेपाल सोयाबीन का कच्चा तेल लेकर जा रहे थे तभी सुगौली टोलप्लाजा के पास सामने से अचानक ट्रैक्टर आ गया, जिसके बाद इमरजेंसी ब्रेक लगाया तो टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया.

 

- Advertisement -