Friday, February 13, 2026
Home Blog Page 948

खराब श्रेणी में पहुंची दिल्ली की आबोहवा, बढ़ने लगी तपिश, 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया तापमान

0

राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को धूप खिली रही और हवा की गति में कमी आ जाने के कारण वायु गुणवत्ता फिर से ‘खराब’ श्रेणी में पहुंच गई। दिल्ली में अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के औसत तापमान से चार डिग्री अधिक है और यह इस वर्ष में अब तक का सबसे अधिक तापमान भी रहा। इससे पहले 31 जनवरी को सबसे अधिक 27 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था।

अधिकतम तापमान में वृद्धि के बावजूद न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से दो डिग्री कम है और एक दिन पहले न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस था। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार तक इसी तरह से धूप के साथ मौसम के हल्का गर्म रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है और हवा की गति कम रहने के कारण अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।

इस बीच, पिछले दो दिनों से ‘मध्यम’ श्रेणी में बनी रही दिल्ली की वायु गुणवत्ता रविवार को फिर से ‘खराब’ श्रेणी में पहुंच गई। दिल्ली में शाम चार बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 227 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है और शनिवार को यहां एक्यूआई ‘मध्यम’ श्रेणी में यानी 152 दर्ज किया गया था।

दिल्ली के 39 वायु गुणवत्ता निगरानी स्टेशन में से 38 के आंकड़ों से खुलासा हुआ है कि राष्ट्रीय राजधानी में पीएम 2.5 प्रमुख प्रदूषक था। शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 ‘संतोषजनक’, 101 से 200 ‘मध्यम’, 201 से 300 ‘खराब’, 301 से 400 ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, सर्दी धीरे-धीरे बसंत में बदल रही है और फरवरी के अंत तक दिल्ली में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

मशहूर एक्टर का हुआ निधन, अजित विजयन ने 57 की उम्र में ली अंतिम सांस, सिनेमा जगत में पसरा मातम

0

मलयालम अभिनेता अजित विजयन का रविवार को निधन हो गया। वह 57 वर्ष के थे। उनके परिवार में पत्नी धान्या और बेटियां गायत्री एवं गौरी हैं। सूत्रों के अनुसार, ‘ओरु इंडियन प्रणयकथा’, ‘अमर अकबर एंथनी’, ‘बैंगलोर डेज’ और कई टेलीविजन धारावाहिकों में अपनी भूमिकाओं के लिए विजयन जाने जाते हैं तथा फिल्म उद्योग में अपनी एक अलग पहचान बनाई।

वह प्रसिद्ध कथकली कलाकार कलामंडलम कृष्णन नायर और मोहिनीअट्टम नृत्यांगना कलामंडलम कल्याणीकुट्टी अम्मा के पोते थे। वह दिवंगत सी. के. विजयन और मोहिनीअट्टम गुरु कला विजयन के पुत्र थे।

गूगल मैप की गलत लोकेशन ने बढ़ाई मुसीबत, कार सवारों को खेत में पहुंचाया…फिर मदद के लिए आए युवक कार लूटकर हुए फरार

उत्तर प्रदेश में सहारनपुर जिले के थाना देवबंद क्षेत्र में गूगल मैप की गलत लोकेशन के कारण एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां मेरठ निवासी फिरोज अपने साथी नौशाद के साथ 5 फरवरी को शामली जा रहा था। उन्हें रोहाना टोल पर अपने दोस्त लियाकत से मिलना था, जिन्होंने फिरोज को शामली करनाल चौक से सहारनपुर रोड पर जाने की सलाह दी और लोकेशन भेज दी। फिरोज ने गूगल मैप पर लोकेशन डाली और सफर शुरू किया।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, रात लगभग 2 बजे फिरोज रास्ता भटक गया और कार गांव के खेतों की तरफ जाकर फंस गई। फिरोज ने लियाकत को फोन कर स्थिति बताई, तो लियाकत ने उसे वापस हाईवे की तरफ लौटने को कहा। इसी दौरान जब फिरोज अपनी कार को बैक कर रहा था, तो वह गेहूं के खेत में फंस गई। कार निकालने की कोशिश में फिरोज और नौशाद ने पास से गुजर रहे बाइक सवार युवकों से मदद मांगी।

कार लूटकर फरार हुए  बाइक सवार युवक
बताया जा रहा है कि थोड़ी देर बाद 3 और लोग वहां पहुंचे और कार निकालने में मदद करने लगे। लेकिन इसी दौरान एक युवक अचानक कार की ड्राइविंग सीट पर बैठ गया और जैसे ही कार बाहर निकली, वह युवक कार लेकर फरार हो गया। बाकी के आरोपी बाइक पर फरार हो गए। इसके बाद फिरोज का मोबाइल फोन भी कार में रह गया था। फिरोज ने दूसरे फोन से तुरंत डायल-112 पर इस घटना की सूचना दी।

पुलिस ने दर्ज किया मामला
फिरोज और नौशाद ने देवबंद थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। फिरोज ने एफआईआर में बताया कि गूगल मैप की वजह से वह खेतों के बीच रास्ते में पहुंच गया था।

किन्नर जगद्गुरु हिमांगी सखी पर जानलेवा हमला, महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण पर आरोप; ममता कुलकर्णी के महामंडलेश्वर बनाए जाने का किया था विरोध

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज महाकुंभ में किन्नर जगद्गुरू हिमांगी सखी पर जानलेवा हमला हुआ है। हमले में हिमांगी सखी गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। उन्होंने किन्नर अखाड़े की आचार्य महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी पर हमला करने का आरोप लगाया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद में पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है।

बता दें कि शानिवार रात किन्नर जगद्गुरु हिमांगी सखी पर हमला करने के लिए आरोपी प्रयागराज के सेक्टर 8 स्थित कैंप पर फॉर्च्यूनर गाड़ी से पहुंचे थे। हमले का वीडियो भी वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। हिमांगी सखी का आरोप है कि लक्ष्मी नारायण अपने साथ 50-60 लोगों को लेकर आई थीं, जिनके पास त्रिशूल, फरसा जैसे हथियार थे। मेरी सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी को पकड़ लिया। लक्ष्मीनारायण त्रिपाठी और उनके साथियों ने जान से मारने की नीयत से मुझ पर हमला किया। मुझे लात-घूसों और डंडे से बुरी तरह मारा-पीटा। इससे मैं गंभीर रूप से घायल हो गई। मेरे सेवादार इन लोगों के हाथ-पैर जोड़ते रहे, लेकिन इन लोगों ने किसी की बात नहीं सुनी। ये लोग मेरे पास रखे हुए करीब 10 लाख रुपए और सोने के जवाहरात लूट ले गए।

स्टंटबाजी पड़ी महंगी! चलती कार की रूफ पर चढ़कर बनाई रील, इटावा पुलिस ने कुछ यूं सिखाया सबक

उत्तर प्रदेश के इटावा में चलती कार पर स्टंट दिखाना लड़कों को महंगा पड़ गया। जब पुलिस की वीडियो पर नजर पड़ी तो पुलिस ने लड़कों को सबक सिखाने के लिए उनका लंबा चौड़ा चालान काट दिया।

इटावा में कार और बाइक पर स्टंट दिखाने के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे। लगातार वाहन चलाने वाले लोग नियमों का उल्लंघन करते हुए दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में उनको सबक सिखाने के लिए पुलिस भी तैयार दिखाई दे रही है। सोशल मीडिया इटावा टीम के द्वारा आज एक वीडियो सोशल मीडिया देखा गया जिसमें दो युवक चलती कार स्टंट दिखा रहे थे। वहीं पीछे चल रहे एक शख्स के द्वारा इसका वीडियो बनाया जा रहा था। जैसे ही वीडियो को सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया वैसे ही सोशल मीडिया टीम एक्टिव हो गई और पूरे मामले को गंभीरता से लेना शुरू कर दिया। मामले की जांच पड़ताल की गई तो पता चला की कार इटावा के नंबर की है।

Varanasi News: 11 किलो का गदा लेकर काशी पहुंची महिला नागा साध्वी, जानें इसके पीछे की खास वजह

महाकुंभ के तीन शाही स्नान पूरे हो चुके हैं और अब चौथे स्नान की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस बीच, नागा साधुओं का एक समूह प्रयागराज से काशी पहुंचने लगा है। शैव संप्रदाय से जुड़े इन नागा साधुओं की भीड़ अब काशी के घाटों पर दिखाई दे रही है। इन साधुओं में एक महिला नागा साध्वी सरला पूरी खास आकर्षण का केंद्र बनी हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक, महिला नागा साध्वी सरला पूरी ने अपने हाथ में गदा थाम रखा है, जैसा कि रामभक्त हनुमान की तरह होता है। यह गदा काफी भारी है और उसका वजन लगभग 11 किलो है। सरला पूरी ने एक निजी चैनल से बातचीत में बताया कि वह सनातन धर्म की रक्षा के लिए इस गदा को अपने हाथ में रखती हैं। उनका कहना है कि यह गदा उन लोगों के लिए है जो सनातन धर्म को बदनाम करते हैं या उसे नुकसान पहुंचाने की कोशिश करते हैं।

अब काशी में हैं महिला नागा साध्वी
वाराणसी के हरिश्चंद्र घाट पर सरला पूरी ने अपना टेंट लगाया है। उन्होंने बताया कि वह महाराज बसंत पूरी की शिष्या हैं और मूल रूप से महाराष्ट्र से हैं। पिछले एक महीने तक प्रयागराज में रहने के बाद अब वह काशी आई हैं। काशी के घाटों पर उनके अनोखे अंदाज को देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो रही है।

क्यों आते हैं नागा साधु काशी?
संत समिति के राष्ट्रीय महामंत्री स्वामी जितेन्द्रानन्द सरस्वती ने बताया कि शैव संप्रदाय के प्रमुख देवता महादेव (बाबा विश्वनाथ) हैं, और काशी उनका प्रिय स्थान है। यहां महादेव की पूजा बिना महाकुंभ के शाही स्नान का आयोजन अधूरा माना जाता है। इसलिए नागा साधु हर साल काशी में महाशिवरात्रि के दिन अमृत स्नान करते हैं और इसके बाद वह हिमालय और उत्तराखंड की ओर रुख कर जाते हैं।

दमोह में हटा सिविल अस्पताल में लगी भीषण आग, मचा हड़कंप

मध्य प्रदेश के दमोह जिले के हटा नगर के सिविल अस्पताल में सिस्टर ड्यूटी रूम में आग लगने का मामला सामने आया है। आग की ख़बर अस्पताल में जैसे ही फैली कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई थी, बताया जा रहा है कि यह आग शार्ट सर्किट से नर्सिग रूम में लगी थी। आग लगने के बाद अस्पताल में भर्ती मरीजों को दूसरे वार्ड में शिफ्ट किया गया। आग बुझाने काफी देर तक फायर ब्रिगेड वाहन का इंतज़ार करना पड़ा।

 सिस्टर रूम में अचानक काला धुआं फ़ैल रहा था, तभी स्टाफ के लोगों द्वारा आग लग जाने की बात कही स्टाफ के लोगों द्वारा पानी की टंकी के माध्यम से आग पर काबू पाया गया है, गनीमत रही की कोई जनहानि इस आग की घटना में नहीं हुई ,वहीं अस्पताल में इतनी बड़ी घटना होने के बावजूद भी नगर पालिका की फायर ब्रिगेड गाड़ी समय पर नहीं पहुंची।

Brixton Cromwell 1200 खरीदने वाले पहले भारतीय बने आर. माधवन, इतनी है कीमत

0

बॉलीवुड और साउथ फिल्मों में अपनी शानदार एक्टिंग  से सभी को इंप्रेस करने वाले एक्टर आर माधवन इस समय तर्चा में हैं।  उन्होंने एक नई मोटर साइकिल ली है. लेकिन खास बात तो ये है कि ये वो मोटर साइकिल है जो उनसे पहले भारत में किसी के पास नहीं थी। उन्होंने हाल ही में ब्रिक्सटन क्रॉमवेल 1200 खरीदी है। वे ऐसा करने वाले पहले भारतीय बन गए हैं।

ब्रिक्सटन क्रॉमवेल 1200 की बात करें तो ये एक ऑस्ट्रियन ब्रांड की मोटर साइकिल है। इसकी पूछ धीरे-धीरे भारत में बढ़ रही है और आर माधवन के लेने के बाद से तो इसकी पॉपुलैरिटी चुटकियों में और भी बढ़ गई है।

सेफ्टी और कंफर्ट फीचर्स

यह प्रीमियम क्रूजर बाइक सेफ्टी और कंफर्ट के लिहाज से बेहतरीन फीचर्स से लैस है जिसमें डुअल डिस्क ब्रेक, एंटी-लॉक ब्रेकिंग सिस्टम (ABS), ट्रैक्शन कंट्रोल और क्रूज कंट्रोल, गोल TFT डिजिटल डिस्प्ले, इको और स्पोर्ट, दो राइडिंग मोड, KYB सस्पेंशन यूनिट्स देखने को मिलती है।

कीमत और वेरिएंट्स?

Brixton Cromwell 1200 की एक्स-शोरूम कीमत 7,84,000 रुपये है। इसके टॉप मॉडल Brixton Cromwell 1200 X की कीमत 9,10,000 रखी गई है। दी गई कीमतें एक्स-शोरूम हैं।

केजरीवाल की रणनीतियों पर प्रशांत किशोर का बड़ा बयान, इसे बताया हार का मुख्य कारण

0

 दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजे देशभर में चर्चा का विषय बन गए हैं। जहां भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने 48 सीटों के साथ जीत हासिल की और दिल्ली में सरकार बनाने का दावा किया, वहीं आम आदमी पार्टी (आप) को मात्र 22 सीटों के साथ विपक्ष में बैठना पड़ा। इस अप्रत्याशित हार के बाद जन सुराज पार्टी के प्रमुख और चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने अपनी प्रतिक्रिया दी है और इस हार के पीछे अरविंद केजरीवाल की कुछ रणनीतिक गलतियों को जिम्मेदार ठहराया है।

प्रशांत किशोर का कहना है कि केजरीवाल का मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना, शराब नीति के मामले में जमानत मिलने के बाद, एक बड़ी रणनीतिक भूल थी, जिससे पार्टी को गंभीर नुकसान हुआ। किशोर के अनुसार, इस कदम ने केजरीवाल की छवि को कमजोर किया और जनता के बीच उनके नेतृत्व के प्रति अविश्वसनीयता का माहौल बना। उन्होंने यह भी कहा कि जमानत के बाद इस्तीफा और चुनाव से पहले मुख्यमंत्री बदलने जैसी गलतियां केजरीवाल की राजनीतिक रणनीति को प्रभावित करने वाली महत्वपूर्ण घटनाएं साबित हुईं।

प्रशांत किशोर ने यह भी उल्लेख किया कि दिल्ली में पिछले 10 वर्षों से सत्ता विरोधी लहर चल रही थी, जिसका भी चुनाव परिणामों पर गहरा असर पड़ा। दिल्ली में आप सरकार के खिलाफ लंबे समय से एक अविश्वसनीय भावना थी, जो लोगों की सोच में बदलाव का कारण बनी। इस लहर ने चुनाव में आप के लिए मुश्किलें पैदा कीं और बीजेपी को फायदा पहुंचाया। इसके अलावा, किशोर ने केजरीवाल के राजनीतिक रुख में बदलाव को भी हार का एक बड़ा कारण बताया। उन्होंने कहा कि पहले केजरीवाल ने इंडिया ब्लॉक से जुड़ने की कोशिश की थी, लेकिन बाद में वह इससे बाहर हो गए, जिससे उनके प्रति लोगों में असमंजस और अविश्वसनीयता का माहौल बना। यह राजनीतिक उलटफेर दिल्ली की जनता को समझ में नहीं आया और इसका असर चुनावी परिणामों पर पड़ा।

महाकुंभ पहुंची राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, संगम में लगाई आस्था की डुबकी

0

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू प्रयागराज पहुंच चुकी हैं। वीआईपी घाट पर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम है। आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू संगम में आस्था की डुबकी लगाई है। राष्ट्रपति के पहुंचते ही सीएम योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने उनका स्वागत किया। राष्ट्रपति ने त्रिवेणी संगम पर प्रवासी पक्षियों को दाना खिलाया। यूपी के सीएम योगी और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी मौजूद हैं।

- Advertisement -