भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में न्यूजीलैंड की टीम एक जर्सी पहनकर खेलेगी. न्यूजीलैंड ने हाल ही में 4 नवंबर से शुरू होने वाली वनडे सीरीज के लिए अपनी टीम का ऐलान किया है. अब भारत और न्यूजीलैंड के खेल संबंधों के 100 साल पूरे होने पर कीवी टीम की नई वनडे जर्सी लॉन्च हुई है. यह नई जर्सी मंडाला आर्ट से बनाई गई है और इसपर कमल का फूल भी है.
इस जर्सी को बनाते वक्त भारत और न्यूजीलैंड, दोनों के सांस्कृतिक इतिहास का ख्याल रखा गया है. कीवी टीम कोटाहितांगा जर्सी पहनेगी, जिसका मतलब एकता या फिर एकजुटता से होता है. न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने अपने स्टेटमेंट में बताया कि बेन थोमासन, जय पंच और शिव नरनद्रास ने मिलकर इस जर्सी को डिजाइन किया है.
थोमासन ने ट्रेडिशनल माओरी का एब्स्ट्रेक्ट पेंटिंग स्क्रॉल डिजाइन और मोटिफ को बुना है, जो आज जीवित लोगों को गुजर चुके लोगों से जोड़ने की थीम को प्रदर्शित करता है. दूसरी ओर भारतीय कलाकार जय पंच और शिव नरनद्रास ने मिलकर जर्सी में भारतीय संस्कृति और अन्य आर्किटेक्चरल संरचनाओं को शामिल किया है.

क्या टीम इंडिया को भी मिलेगी नई जर्सी?
अभी तक BCCI ने टीम इंडिया को नई जर्सी दिए जाने पर कोई घोषणा नहीं की है. इस तरह के कोई संकेत भी नहीं मिले हैं, इसलिए टीम इंडिया अपनी रेगुलर जर्सी पहनकर खेलते हुई नजर आ सकती है. टीम इंडिया की जर्सी पर एडिडास और BCCI का लोगो, तीन स्ट्राइप्स और टाइटल स्पान्सर ‘apollo tyres’ का नाम लिखा होता है.
4 नवंबर से शुरू होगी वनडे सीरीज
1 नवंबर को भारत और न्यूजीलैंड की टी20 सीरीज समाप्त होने के बाद 4 नवंबर से पांच मैचों की वनडे सीरीज शुरू होगी. पहला मैच 4 नवंबर को ऑकलैंड, दूसरा 7 नवंबर को वेलिंगटन, तीसरा 10 नवंबर को हैमिल्टन में खेला जाएगा. वहीं चौथा और पांचवां मैच क्रमशः 13 नवंबर और 15 नवंबर को खेला जाएगा. ये दोनों मैच माउंट मौनगुआनी में खेले जाएंगे.


