अमरीका में हाल ही में किए गए एक सर्वे के मुताबिक, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की कार्यशैली और स्वभाव को लेकर अमरीकी नागरिकों में चिंता बढ़ती जा रही है। रॉयटर्स और इप्सोस के संयुक्त सर्वे में यह बात सामने आई है कि वहां बड़ी संख्या में लोग राष्ट्रपति ट्रंप के स्वभाव और निर्णय लेने की क्षमता पर सवाल उठा रहे हैं। सर्वे में कहा गया है कि 62 फीसदी लोग अमरीकी ट्रंप के कामकाज से खुश नहीं हैं। इनमें उनकी पार्टी के कुछ रिपब्लिकन भी शामिल हैं, जो उनके स्वभाव पर सवाल उठा रहे हैं। हालांकि, ट्रंप की अपू्रवल रेटिंग 36 फीसदी पर बनी हुई है।
सर्वे में कहा गया है कि बहुत कम अमरीकी ईरान पर अमरीकी हमलों या नाटो से बाहर निकलने का ट्रंप के फैसले का समर्थन करते हैं। सर्वे के अनुसार, हाल के दिनों में ट्रंप की अपू्रवल रेटिंग उनके कार्यकाल के सबसे निचले स्तर पर बनी हुई है, क्योंकि ईरान युद्ध और पोप लियो के साथ विवाद के बीच कई अमरीकी उनके स्वभाव से खुश नहीं हैं।

सर्वे में पता चला है कि ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी के लोग भी ट्रंप को समर्थन देने के मुद्दे पर दो फाड़ हैं। उनकी पार्टी के कुछ सदस्य राष्ट्रपति के स्वभाव और मानसिक स्थिति को लेकर कुछ हद तक चिंतित हैं। सर्वे के मुताबिक, केवल 26 फीसदी अमरीकियों का मानना है कि वे ट्रंप को शांत स्वभाव वाला मानते हैं। इस सवाल पर रिपब्लिकन बंटे हुए हैं।
53 फीसदी रिपब्लिकन उन्हें शांत स्वभाव का मानते हैं, जबकि 46 फीसदी का कहना है कि वे ऐसे नहीं हैं। कुछ लोगों ने इस सवाल का जवाब देने से ही मना कर दिया। वहीं विपक्ष में केवल सात फीसदी डेमोक्रेट ही ट्रंप को शांत स्वभाव का मानते हैं।


