वॉशिंगटन: अमेरिका ने ईरान के खिलाफ फिर से युद्ध शुरू कर दिया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कांग्रेस को बताया है कि ईरान के खिलाफ अमेरिका की सैन्य कार्रवाई 7 जुलाई को फिर से शुरू हो गई है। ट्रंप ने अमेरिकी सैन्य कार्रवाई को सीमित बताया और कहा कि इसका मकसद ईरान की सैन्य क्षमताओं को कम करना है। उन्होंने कहा कि इसमें जमीनी सेना शामिल नहीं है। इस बीच अमेरिकी सेना ने ईरान पर और हमले किए हैं। यह ईरान पर लगातार तीसरी रात हमला है।
ट्रंप ने 10 जुलाई को सीनेट के प्रेसिडेंट प्रो टेम्पोर (अस्थायी अध्यक्ष) चक ग्रासली को लिखे पत्र में कहा, मैंने यह सैन्य कार्रवाई अमेरिकियों की सुरक्षा और अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति के हितों की रक्षा करने की अपनी जिम्मेदारी के तहत की है। ट्रंप ने लिखा कि वह अपनी युद्ध शक्तियों से जुड़े कानून के तहत कांग्रेस को जानकारी देने के लिए यह पत्र भेज रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये हमले सीमित, नपे-तुले और योजनाबद्ध हैं, और इस तरह से अंजाम दिया गया है कि नागरिकों को कम से कम नुकसान हो।
वहीं, अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने शनिवार को X पर एक पोस्ट में कहा है कि राष्ट्रपति ट्रंप के आदेश पर ईरान पर और हमले किए जा रहे हैं। सेंट्रल कमांड ने लिखा, आज शाम 4:45 बजे (भारतीय समयानुसार मंगलवार सुबह 3.15 बजे) कमांडर-इन चीफ (राष्ट्रपति ट्रंप) के आदेश पर अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने ईरान के खिलाफ लगातार तीसरी रात हमले शुरू किए। ये हमले ईरानी सेना को भारी नुकसान पहुंचाते रहेंगे और होर्मुज जलडमरूमध्य में निर्दोष नागरिकों और कमर्शियल जहाजों पर हमला करने की उनकी क्षमता को कम करेंगे।
CNN ने एक अमेरिकी अधिकारी के हवाले से बताया कि हमले में ईरान की सैन्य संपत्तियों को निशाना बनाया जा रहा है, जिसमें तटीय निगरानी सिस्टम, ड्रोन और मिसाइल क्षमताएं शामिल हैं। इस बीच राष्ट्रपति ट्रंप ने ओवल ऑफिस में पत्रकारों से कहा कि ईरान के साथ युद्ध बहुत तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आखिरकार होर्मुज जलडमरूमध्य पर अमेरिका का ही नियंत्रण होगा।

जब पूछा गया कि ईरान के संघर्ष कितने समय तक चलने की उम्मीद है, तो ट्रंप ने कहा, “मुझे लगता है कि यह बहुत तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। हमने उनकी सेना को तबाह कर दिया है।” उन्होंने इस बात से इनकार किया कि यह लड़ाई का कोई नया या लंबा चरण है। हालांकि, यह नहीं बताया कि कब तक चलेगा। ट्रंप ने कहा, हमें वही करना है, जो हम कर रहे हैं। हमने उनकी क्षमता को काफी हद तक कम कर दिया है, लेकिन वे कुछ समय तक लड़ेंगा।
ईरान के खिलाफ नौसैनिक घेराबंदी का ऐलान
ट्रंप की घोषणाओं के बीच अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने कहा है कि अमेरिकी समयानुसार मंगलवार शाम 4 बजे (भारतीय समयानुसार बुधवार सुबह 2:30 बजे) ईरान के खिलाफ नौसैनिक घेराबंदी फिर से शुरू होगी। सेंट्रल कमांड ने X पर पोस्ट में लिखा, सभी नाविकों को सलाह दी जाती है कि वे नोटिस टू मैरिनर्स प्रसारण पर नजर रखें और ओमान की खाड़ी और होर्मुज जलडमरूमध्य के पास काम करते समय ब्रिज-टू-ब्रिज चैनल 16 पर US नौसैनिक बलों से संपर्क करें।
इसके पहले ट्रंप ने सोमवार को कहा कि ईरान के खिलाफ नाकेबंदी फिर से लागू की जाएगी और अमेरिका होर्मुज जलडमरूमध्य के संरक्षक के तौर पर काम करेगा। उन्होंने यह भी बताया कि जहाजों को सुरक्षित गुजरने के लिए कमर्शियल शिपिंग कंपनियों से उनके कार्गो की कीमत का 20% शुल्क लिया जाएगा।


