Friday, March 20, 2026
Home Blog Page 23

BIHAR : पत्नी का किसी और से चल रहा था अफेयर, फिर पति ने उठाया ये खौफनाक कदम

बिहार के बेतिया के सिरिसिया थाना क्षेत्र के तुरहापटी वार्ड-4 में रामतपस्या शर्मा का शव घर में फंदे से लटका मिला. 8 मार्च को उन्हें पत्नी कविता शर्मा के किसी अन्य व्यक्ति से प्रेम संबंध की जानकारी मिली थी, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ. पत्नी बच्चों के साथ मायके चली गई थी. इसके बाद से रामतपस्या तनाव में थे. सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है.

बिहार के बेतिया जिले के सिरिसिया थाना क्षेत्र के तुरहापटी वार्ड नंबर 4 में एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक व्यक्ति का शव घर के अंदर फंदे से लटका हुआ मिला. घटना की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए.

मृतक की पहचान रामतपस्या शर्मा (पिता स्वर्गीय अनंत शर्मा) के रूप में हुई है, जो सिरिसिया थाना क्षेत्र के तुरहापटी वार्ड नंबर 4 के निवासी थे. परिजनों के अनुसार, 8 मार्च को रामतपस्या शर्मा को यह जानकारी मिली थी कि उनकी पत्नी कविता शर्मा का किसी अन्य व्यक्ति के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है. इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद और कहासुनी भी हुई थी.

बताया जा रहा है कि विवाद के बाद कविता शर्मा ने अपनी मां को फोन कर बुला लिया और बच्चों के साथ मायके चली गई. इसके बाद से रामतपस्या शर्मा काफी तनाव और मानसिक परेशानी में रहने लगे थे. इसी बीच उनका शव घर में फंदे से लटका हुआ मिला.

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया. मृतक अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं. फिलहाल सिरसिया थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है.

UP : 325 ग्राम सोना, 5 किलो चांदी और कैश… पूरी फैमिली शादी में गई, घर-दुकान में 50 लाख की हो गई चोरी

0

यूपी के झांसी में चोरों ने एक सराफा कारोबारी के घर और दुकान को निशाना बनाकर करीब 50 लाख की चोरी कर ली. मामला इरच थाना क्षेत्र के इसकिल बुजुर्ग गांव का है. पूरा परिवार बेटी की शादी में छतरपुर गया हुआ था. इसी दौरान बदमाश ताला तोड़कर घर में घुसे और 325 ग्राम सोना, 5 किलो चांदी और नकदी लेकर फरार हो गए.

उत्तर प्रदेश के झांसी में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है. यहां एक सराफा कारोबारी के घर और दुकान को चोरों ने उस समय निशाना बनाया, जब पूरा परिवार बेटी की शादी में शामिल होने के लिए बाहर गया हुआ था. सूना घर देखकर बदमाशों ने ताले तोड़कर घर और दुकान में घुसकर करीब 50 लाख रुपए के सोना-चांदी के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया.

यह घटना एरच थाना क्षेत्र के इसकिल बुजुर्ग गांव की है. चोरी की पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है. पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है.इसकिल बुजुर्ग गांव के रहने वाले सराफा कारोबारी जितेंद्र सोनी अपने घर में ही ज्वेलरी की दुकान चलाते हैं. परिवार के मुताबिक उनकी बेटी की शादी मध्य प्रदेश के छतरपुर में तय हुई थी.

9 मार्च को शादी समारोह होना था. इसी कारण 9 मार्च की सुबह करीब 10 बजे पूरा परिवार घर में ताला लगाकर छतरपुर के लिए रवाना हो गया. घर और दुकान दोनों में ताला पड़ा था.परिवार के जाने के बाद अगले दिन सुबह पड़ोसियों ने घर के मुख्य गेट की कुंडी टूटी हुई देखी. शक होने पर उन्होंने तुरंत फोन कर परिवार को इसकी जानकारी दी.

सूचना मिलते ही परिवार वापस गांव पहुंचा. जब उन्होंने घर का दरवाजा खोला तो अंदर का नजारा देखकर दंग रह गए. कमरों के ताले टूटे हुए थे, अलमारियां खुली पड़ी थीं और पूरा सामान बिखरा हुआ था. वहीं दुकान का ताला भी टूटा मिला और वहां रखे कीमती गहने गायब थे.परिजनों के मुताबिक, चोरों ने घर और दुकान दोनों को पूरी तरह खंगाला. दुकान में रखे सोने-चांदी के गहनों के साथ नकदी भी गायब थी. दुकान से करीब 52 ग्राम सोना, लगभग 2 किलो चांदी और करीब 35 हजार रुपए कैश चोरी हो गए. वहीं घर के अंदर से कारोबारी की मां के करीब 273 ग्राम सोने के जेवर, लगभग 3 किलो चांदी और करीब 50 हजार रुपए कैश भी बदमाश अपने साथ ले गए.

इस तरह कुल मिलाकर चोर करीब 325 ग्राम सोना, 5 किलोग्राम चांदी और नकदी लेकर फरार हो गए. इन गहनों और नकदी की कुल कीमत करीब 50 लाख रुपए बताई जा रही है.जब परिवार ने घर और दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी तो उसमें संदिग्ध गतिविधियां नजर आईं. फुटेज में दिखाई दिया कि जब 9 मार्च को परिवार कार से शादी के लिए निकल रहा था, उसी समय दो बाइक पर सवार तीन युवक घर के आसपास मंडराते दिखे.

कुछ देर तक वे घर के पास खड़े रहे और फिर वहां से चले गए. परिजनों को शक है कि उसी समय बदमाशों ने घर की रेकी की थी. इसके बाद देर रात करीब 2 बजे चोर वापस आए और ताला तोड़कर घर तथा दुकान के अंदर घुस गए. इसके बाद उन्होंने आराम से पूरे घर और दुकान को खंगाल दिया और कीमती सामान लेकर फरार हो गए.

बताया जा रहा है कि चोरी के दौरान बदमाशों ने सबूत मिटाने की कोशिश भी की. घर के अंदर लगे कुछ सीसीटीवी कैमरों को उन्होंने तोड़ दिया. हालांकि बाहर लगे कैमरों में उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड हो गईं, जिससे पुलिस को जांच में मदद मिलने की उम्मीद है.घटना की सूचना मिलने पर एरच थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने घर और दुकान से सीसीटीवी का डीवीआर कब्जे में ले लिया है.

पीड़ित की शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है.फिलहाल इस बड़ी चोरी की वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर जल्द ही चोरों को नहीं पकड़ा गया तो ऐसी घटनाएं बढ़ सकती हैं. वहीं पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

ENTERTAINMENT : वायरल गर्ल मोनालिसा की मुस्लिम बॉयफ्रेंड संग शादी से शॉक्ड सनोज मिश्रा, बोले- ‘ये बगावत नहीं लव जिहाद है’

मोनालिसा को अपनी फिल्म से बॉलीवुड में लॉन्च करने जा रहे सनोज मिश्रा अब महाकुभं वायरल गर्ल की शादी से काफी शॉक्ड हैं. उन्होंने इसे लेकर इंस्टा पर पोस्ट शेयर की है.

‘महाकुंभ वायरल गर्ल’ के नाम से मशहूर मोनालिसा एक बार फिर ट्रेंड कर रही हैं. मोनालिसा इस बार अपनी फिल्म की वजह से नहीं बल्कि पर्सनल लाइफ की वजह से सुर्खियों में हैं. उन्होंने बीते दिन अपने परिवार के खिलाफ जाकर अपने मुस्लिम बॉयफ्रेंड संग शादी कर ली थी. उनकी शादी की तस्वीरें और वीडियो फिलहाल सोशल मीडिया पर थाए हुए हैं. इन सबके बीच मोनालिसा को अपनी फिल्म से बॉलीवुड में डेब्यू कराने जा रहे सनोज मिश्रा ने ‘महाकुंभ वायरल गर्ल’ की शादी करने की खबर पर रिएक्शन दिया है. सनोज मिश्रा ने सोशल मीडिया पर एक लंबी चौड़ी पोस्ट कर मोनालिसा के इस फैसले को ‘बगावत’ नहीं ‘लव जिहाद’ करार दिया है.

इंस्टाग्राम और फेसबुक पर शेयर की गई एक लंबी पोस्ट में, डायरेक्टर सनोज मिश्रा ने मोनालिसा की मुस्लिम बॉयफ्रेंड संग शादी को “लव जिहाद” बताया. अपनी पोस्ट में सनोज मिश्रा ने लिखा, “ ये बगावत नहीं लव जिहाद है …. और मेरी जिंदगी का सबसे बुरा दिन
मोनालिसा आज फिर चर्चा में है और मैं मानसिक अवसाद में क्योंकि एक गरीब जंगलों में रहने वाली लड़की जो महाकुंभ में वायरल होने के बाद भाग कर अपने डेरा महेश्वर चली गई थी मुझे उसकी गंगा जैसी पवित्रता अच्छी लगी और उसका प्रकृति जैसा रूप मैने उसको प्रशिक्षण देकर फिल्म में अभिनेत्री बनाने की घोषणा की. देश दुनिया ने स्वागत किया लेकिन ये बात हमारे विरोधियों में वसीम रिजवी और और उनके सपोर्ट्स को पसंद नहीं आई और मुझे झूठे आरोप में जेल भेज दिया. उद्देश्य यही था कि माननीय योगी आदित्यनाथ जी के महाआयोजन महाकुंभ को असफल करना, .. मैने जेल रहकर फिल्म की कहानी को लिखा और जो कह रहे थे कि सनोज कभी फिल्म नहीं बनाएगा फिल्म पूरी कर उनके मुंह पर मैने इतनी विष्ठा वृत्ति की कि अब उनको कोई आरोप नहीं समझ आया कि उनको अब क्या करना चाहिए सब एक दूसरे का बंद दरवाज़ा झांकते रहे ..

उनके पास एक ही विकल्प था मोनालिसा जिसको मैं मां गंगा का अवतार मानता था मोनालिसा की जिंदगी इतनी आसान नहीं है जैसा आप सब देखते है उसकी मां बड़ी मां छोटी मां पापा बड़े पापा छोटे पापा सब दिखावे के और उसके लिए एक मजबूरी थे. उसकी जिंदगी उसकी असली मां पर टिकी थी जिसको उसके बाप ने भगाकर दूसरी शादी कर ली थी, क्योंकि बंजारों के कानून और अनुशासन अलग होते है तो मोनालिसा को उसकी नई मां जो बताई गई उसको स्वीकार करना पड़ा, लेकिन वो जब बड़ी सेलिब्रिटी बन गई और जब कहीं उसको उसकी असली मां भिखारियों की तरह माला बेचती दिखाई देती तो वो रोती थी कई बार उसने मुझसे ये दर्द बयान किया और बगावत की इच्छा भी जताई. अगर कभी मौका मिलेगा तो सबको लात मारकर अपनी मां के पास जाऊंगी , मैने हमेशा उसको समझाया लेकिन बहुत व्यक्तिगत मामलों में हस्तक्षेप उचित नहीं था क्योंकि इस्लामिक ताकतों ने मुझे बलात्कारी बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी ….

मोनालिसा का आज का उठाया हुआ कदम उसको बगावत लग रहा होगा लेकिन असल में ये लव जिहाद है जिसका शिकार वो हो चुकी है जिसमें वो तोतला शिक्षक भी शामिल है जो मेरे द्वारा वेतन दिए जाने के बाद मोनालिसा का मैनेजर और दलाल बन चुका था, आज वो बेरोजगारों हो गया, उसको मैने मोनालिसा को शिक्षित करने के लिए चुना था, लेकिन बाद में वो दलाल बनकर उसका सौदा दक्षिण भारत में करने लगा था. र बंजारा समुदाय से मेरी दूरी बना दी जिसका परिणाम आज सामने है. उसने बंजारों और मोनालिसा को इतना समझाया था कि अगर कहीं कोई बात आए कि यहां तक लाने में आपको किसने मदद की तो सनोज मिश्रा का नाम मत लेना और बोलना कि सब गंगा मैया ने किया.

सनोज ने आगे लिखा है, “ चंद रुपयों के लालच में गंगा की पुत्री आज लव जिहाद का शिकार हो गई अगर जांच की जाएगी तो इसके पीछे मेरे विरोधी ही होंगे जिन्होंने मुझे जेल भिजवाया था. आज सबसे बड़ा संकट इस्लामिक जेहादियों ने ये खड़ा कर दिया है कि जिस मोनालिसा को गंगापुत्री मानकर मैने अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया 10 करोड़ का कर्ज लेकर फिल्म को पूरा किया और आज तक उसका पूरा खर्च मैने उठाया उसकी वजह से जेल गया, वो सब उसने एक मुसलमान के साथ भाग कर नष्ट कर दिया.

जिसके लिए सब किया उसने आज मुझे कहीं जवाब देने लायक नहीं रखा, उसका बाप पुलिस स्टेशन के पास रो रहा है अकेला मै क्या करूं खुद नहीं समझ आ रहा, मां गंगा और महाकुंभ की पवित्रता पर क्या ये दाग है या मेरा किसी को गंदगी से उठाकर बड़ा बनाने का लिया गया गलत निर्णय कुछ समझ नहीं आ रहा
सनोज मिश्रा ने मोनालिसा को लेकर द डायरी ऑफ मणिपुर फिल्म बनाई है. इसका ट्रेलर हाल ही में प्रयागराज लॉन्च किया गया था. अब फिल्म की रिलीज से पहले मोनालिसा के मुस्लिम बॉयफ्रेंड से शादी करने को लेकर सनोज मिश्रा सदमे में हैं.

ENTERTAINMENT : मुस्लिम बॉयफ्रेंड ने मांग में भरा सिंदूर, महाकुंभ वायरल गर्ल मोनालिसा की शादी का Video वायरल

महाकुंभ वायरल गर्ल मोनालिसा ने 11 मार्च को अपने मुस्लिम बॉयफ्रेंड फरमान खान संग शादी कर ली. उनके बॉयफ्रेंड फरमान ने हिंदू रीति-रिवाजों के साथ उनकी मांग में सिंदूर भरा.

साल 2025 में उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ मेले के दौरान माला बेचने वाली मोनालिसा अपनी गहरी नीली और बड़ी-बड़ी आंखों की वजह से खूब सुर्खियों में रहीं और देखते ही देखते वे महाकुंभ वायरल गर्ल बन गईं. वहीं महाकुंभ वायरल सेंसेशन मोनालिसा ने बीते दिन अपने मुस्लिम बॉयफ्रेंड फरमान खान से शादी कर हर किसी को चौंका दिया. मोनालिसा ने ये शादी केरल में तिरुवनंतपुरम के पास पूवर में अरुमानूर श्री नैनार देवा मंदिर में की. उनकी शादी की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है.

वायरल हो रही वीडियो में देखा जा सकता है कि मोनालिसा लाल साड़ी पहने हुए नजर आ रही हैं. तिरुवनंतपुरम के अरुमनूर नैनार मंदिर में उनके बॉयफ्रेंड फरमान कई लोगों की मौजूदगी में उनकी मांग में सिंदूर भरते हुए और उन्हें मंगलसूत्र जैसा धागा पहनाते हुए दिख रहे हैं. इस दौरान दोनों काफी खुश नजर आ रहे हैं.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, मोनालिसा मध्य प्रदेश के इंदौर की रहने वाली हैं, और उनके पति फरमान महाराष्ट्र के रहने वाले हैं. दोनों डेढ साल से रिलेशनशिप में थे. हालांकि, इस कपल को मोनालिसा के पिता, जय सिंह भोसले से काफी विरोध का सामना करना पड़ा, क्योंकि वे अलग-अलग धर्मों के हैं. यह भी आरोप है कि उन्होंने मोनालिसा पर एक दूर के रिश्तेदार से ज़बरदस्ती शादी करने का दबाव डाला था. मुस्लिम बॉयफ्रेंड संग शादी करने के बाद मोनालिसा ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “मेरा परिवार मेरी शादी कहीं दूर करना चाहता था, लेकिन मुझे यह पसंद नहीं आया… लेकिन अब मैं खुश हूं…”

मोनालिसा हाल ही में पूवर में अपनी पहली मलयालम फ़िल्म ‘नागम्मा’ की शूटिंग कर रही थीं, खबर है कि उनके पिता ने उन्हें ढूंढ लिया और ज़बरदस्ती अपने होमटाउन वापस ले जाने की कोशिश की. इस घटना के बाद, मोनालिसा और फरमान केरल की राजधानी के थम्पनूर पुलिस स्टेशन गए और सुरक्षा मांगी. शिकायत दर्ज कराने के बाद, उनके पिता को पुलिस स्टेशन बुलाया गया. पुलिस ने परिवार से कहा कि चूंकि मोनालिसा 18 साल की हैं, इसलिए उन्हें यह तय करने का कानूनी अधिकार है कि वह किसके साथ रहना चाहती हैं.

बाद में मोनालिसा अपने बॉयफ्रेंड के साथ स्टेशन से चली गईं, और कपल ने एक मंदिर में शादी कर ली। केरल के कई बड़े नेता कपल को सपोर्ट करने के लिए आए, जिसमें केरल के शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी भी शामिल थे, जिन्होंने इस इवेंट को “असली केरल की कहानी” बताया. एमनी गोविंदन (CPI(M) स्टेट सेक्रेटरी) और एए रहीम (सांसद) भी मौजूद थे.

NATIONAL : स्कूल से आते हुए सोसाइटी गेट से BSF जवान की बेटी हुई लापता

दिल्ली के रोहिणी इलाके से एक 12 साल की छात्रा के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है. बच्ची बीएसएफ के एक जवान की बेटी बताई जा रही है और वह स्कूल से लौटते समय अपनी सोसाइटी के गेट के पास से गायब हो गई. परिवार की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

दिल्ली के रोहिणी इलाके से एक 12 साल की बच्ची के लापता होने की घटना सामने आई है. बच्ची सीमा सुरक्षा बल (BSF) के एक जवान की बेटी बताई जा रही है. परिजनों का आरोप है कि स्कूल से घर लौटते समय वह अपनी आवासीय सोसाइटी के गेट के बाहर से अचानक गायब हो गई. घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया और पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पुलिस के अनुसार यह घटना रोहिणी सेक्टर-28 स्थित एक हाउसिंग सोसाइटी के पास की है. जानकारी के मुताबिक बच्ची गुरुवार सुबह स्कूल गई थी और दोपहर के समय स्कूल से लौट रही थी. बताया जा रहा है कि वह अपने सोसाइटी के गेट के पास तक पहुंची थी, लेकिन उसके बाद अचानक उसका कोई पता नहीं चला.

परिवार वालों के अनुसार जब बच्ची काफी देर तक घर नहीं पहुंची तो उन्हें चिंता होने लगी. इसके बाद परिजनों ने पहले अपने स्तर पर आसपास के इलाके में उसकी तलाश शुरू की. पड़ोसियों और जान-पहचान के लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं मिल सका.

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक बच्ची की तलाश के लिए आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. साथ ही कई पुलिस टीमें भी गठित की गई हैं, जिन्हें अलग-अलग इलाकों में तलाश के लिए लगाया गया है.

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है. यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बच्ची आखिरी बार किस समय और किस जगह देखी गई थी. पुलिस का कहना है कि बच्ची का जल्द से जल्द पता लगाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं.

NATIONAL : ‘वो मैं नहीं दूसरी है, मैंने सिर्फ नाम देखा रोल नंबर नहीं…’ UPSC में 113 वीं रैंक का जश्न मनाने वाली शिखा की कहानी पलटी

0
'That's not me

UPSC का रिजल्ट आते ही बुलंदशहर की शिखा ने सूची में अपना नाम देखकर 113वीं रैंक अपनी मान ली. परिवार में जश्न शुरू हो गया, बधाइयों का दौर भी चल पड़ा. लेकिन अब कहानी पलट गई. दरअसल 113वीं रैंक हरियाणा की दूसरी शिखा की थी. नाम एक जैसा होने की वजह से यह भ्रम हुआ और खुशी का माहौल अचानक हैरानी में बदल गया.

‘मुझे लगा मेरा ही सेलेक्शन हुआ है, मैंने नाम देखा था रोल नंबर नहीं…’ UPSC रिजल्ट की पीडीएफ में सिर्फ नाम देखकर बुलंदशहर की शिखा ने 113वीं रैंक अपनी मान ली. परिवार ने जश्न भी मना लिया, रिश्तेदारों और परिचितों को खुशखबरी दे दी गई. लेकिन कुछ ही समय बाद जब सच्चाई पता चला तो कहानी ही पलट गई. रोल नंबर और पूरी सूची दोबारा देखी गई तो सच्चाई सामने आई और पूरी कहानी ही बदल गई. दरअसल जिस 113वीं रैंक को शिखा अपना समझ रही थीं, वह किसी दूसरी शिखा हरियाणा की हैं.

देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक मानी जाने वाली सिविल सेवा परीक्षा का परिणाम जैसे ही जारी हुआ, बुलंदशहर के एक साधारण परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई. खबर मिली कि उनकी बेटी शिखा ने UPSC में 113वीं रैंक हासिल कर ली है. कुछ ही देर में यह खबर इलाके में फैल गई. पड़ोसी, रिश्तेदार और परिचित बधाइयां देने पहुंचने लगे. हर कोई यह मान रहा था कि एक साधारण परिवार की बेटी ने बड़ी सफलता हासिल कर ली है. लेकिन इस खुशी के बीच एक छोटी-सी चूक छिपी हुई थी, जो कुछ समय बाद सामने आ गई.

बुलंदशहर की शिखा ने खुद इस पूरे घटनाक्रम को लेकर अपनी गलती स्वीकार की है. उन्होंने बताया कि रिजल्ट आने के बाद उन्होंने UPSC की पीडीएफ सूची में अपना नाम देखा और खुशी से भावुक हो गईं. उस समय उन्होंने रोल नंबर की जांच नहीं की. शिखा के अनुसार, जिस उम्मीदवार का चयन हुआ है वह दूसरी शिखा हैं. हमारा नाम एक जैसा है. मैंने सिर्फ नाम देखा और रोल नंबर नहीं देखा. यही मेरी गलती थी.

शिखा के पिता प्रेमचंद ने भी इस पूरे मामले को लेकर विस्तार से बताया. उन्होंने कहा कि जब शिखा ने अपना नाम देखा तो वह बेहद भावुक हो गईं और तुरंत घरवालों को यह खुशखबरी दे दी. उन्होंने बताया कि उस समय प्रेमचंद अस्पताल में थे. बेटी ने रोल नंबर नहीं देखा, सिर्फ नाम देखा. नाम देखते ही भावुक हो गई और हमें बता दिया. जैसे ही इसने बताया, हम भी भावुक हो गए. हमें लगा कि हमारी बिटिया का चयन हो गया है. कुछ समय तक परिवार के सभी लोग यही मानते रहे कि शिखा ने सिविल सेवा परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर ली है.

जैसे ही यह खबर आसपास के लोगों तक पहुंची, बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया. सोशल मीडिया पर भी शिखा की सफलता की चर्चा होने लगी. लोगों को यह कहानी इसलिए भी प्रेरित कर रही थी क्योंकि शिखा का परिवार बेहद साधारण पृष्ठभूमि से आता है. बुलंदशहर के एक इंटर कॉलेज में शिखा के दादा चपरासी के पद पर काम करते हैं. सीमित आय के बावजूद उन्होंने हमेशा बेटी की पढ़ाई को प्राथमिकता दी. शुरुआत में जब यह खबर सामने आई कि शिखा ने UPSC में 113वीं रैंक हासिल की है, तो इसे संघर्ष और सफलता की कहानी के रूप में देखा जाने लगा. लोग कहने लगे कि एक चपरासी की पोती ने देश की सबसे कठिन परीक्षा पास कर यह साबित कर दिया कि मेहनत और लगन के सामने परिस्थितियां मायने नहीं रखतीं. हालांकि बाद में यह स्पष्ट हो गया कि परिणाम को लेकर भ्रम हुआ था, लेकिन इस कहानी ने कई लोगों को भावनात्मक रूप से छू लिया.

शिखा की शुरुआती पढ़ाई बुलंदशहर के गांधी बाल निकेतन कन्या इंटर कॉलेज से हुई. स्कूल के दिनों से ही वह पढ़ाई में अच्छी थीं और आगे बढ़ने की इच्छा रखती थीं. स्कूल की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने दिल्ली के आईपी कॉलेज से बीएससी की पढ़ाई की. कॉलेज के दौरान ही उन्होंने तय कर लिया था कि वह सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी करेंगी. ग्रेजुएशन के बाद शिखा दिल्ली चली गईं और वहीं रहकर UPSC की तैयारी शुरू की. लगभग दो साल की तैयारी के बाद शिखा ने पहली बार सिविल सेवा परीक्षा दी. लेकिन पहले प्रयास में उन्हें सफलता नहीं मिली. यह किसी भी उम्मीदवार के लिए निराशाजनक पल होता है.

जब यह खबर फैली कि शिखा ने UPSC में 113वीं रैंक हासिल की है, तो परिवार के लोग बेहद खुश हो गए थे. परिवार के मुताबिक, यह खबर सुनकर उनके दादा भावुक हो गए थे और उनकी आंखों में आंसू आ गए थे. शिखा के बड़े भाई ने भी कहा था कि बहन की सफलता से पूरे परिवार का नाम रोशन हो गया है. हालांकि बाद में जब सच्चाई सामने आई तो परिवार ने स्थिति को समझा और इसे एक भूल मानकर आगे बढ़ने का फैसला किया.

जब यह खबर इलाके में तेजी से फैलने लगी तो स्थानीय प्रशासन ने भी इस मामले में जानकारी लेने की कोशिश की. शिखा के पिता के अनुसार, अधिकारियों ने उनसे बयान देने के लिए कहा था. उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि नाम एक जैसा होने की वजह से भ्रम हुआ है और वास्तविक चयन किसी दूसरी शिखा का हुआ है. UPSC में 113वीं रैंक हासिल करने वाली असली उम्मीदवार हरियाणा के रोहतक की शिखा हैं.

Chaitra Navratri 2026 : 19 मार्च से शुरू हो रही चैत्र नवरात्र, जानें कलश स्थापना मुहूर्त और शुभ योग

0

इस साल चैत्र नवरात्र 19 मार्च 2026 से शुरू हो रही है. जानें कलश स्थापना का शुभ मुहूर्त, घटस्थापना का सही समय और चैत्र नवरात्र के पहले दिन बनने वाले 3 खास शुभ योग.

चैत्र नवरात्र हिंदू धर्म का एक महत्वपूर्ण पर्व है, जिसकी शुरुआत चैत्र माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से होती है. यह पर्व हर साल मार्च या अप्रैल के बीच पड़ता है. होली के बाद आने वाला यह पहला बड़ा धार्मिक पर्व माना जाता है. इन नौ दिनों में मां दुर्गा के नौ रूपों की पूजा की जाती है और पहले दिन घटस्थापना कर व्रत की शुरुआत होती है. नवरात्र के पहले दिन मां शैलपुत्री की उपासना की जाती है. इस वर्ष चैत्र नवरात्र की शुरुआत तीन शुभ योगों के संयोग में हो रही है, जिससे इसका धार्मिक महत्व और बढ़ गया है.

द्रिक पंचांग के अनुसार, चैत्र माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि 19 मार्च 2026, गुरुवार को सुबह 6 बजकर 52 मिनट पर शुरू होगी. यह तिथि अगले दिन यानी 20 मार्च को सुबह 4 बजकर 52 मिनट तक रहेगी. चूंकि व्रत और त्योहारों में उदयातिथि का विशेष महत्व होता है, इसलिए 19 मार्च से ही चैत्र नवरात्र का आरंभ माना जाएगा. इसी दिन कलश स्थापना करके नवरात्र का पहला व्रत रखा जाएगा.

इस बार नवरात्र की शुरुआत 3 खास शुभ योगों में हो रही है. इनमें शुक्ल योग, ब्रह्म योग और सर्वार्थ सिद्धि योग शामिल हैं. ज्योतिष के अनुसार, ये तीनों योग शुभ कार्यों के लिए बेहद अनुकूल माने जाते हैं और पूजा-पाठ के लिए भी उत्तम फल देने वाले होते हैं.ज्योतिषीय गणना के अनुसार, 19 मार्च को घटस्थापना के लिए दो विशेष शुभ समय बताए गए हैं. सुबह का मुहूर्त सबसे श्रेष्ठ माना गया है. यदि उस समय कलश स्थापना न कर पाएं तो दोपहर में अभिजीत मुहूर्त में भी यह पूजा की जा सकती है.

  • 19 मार्च को पहला शुभ समय सुबह 6 बजकर 52 मिनट से 7 बजकर 43 मिनट तक रहेगा.
  • दूसरा शुभ समय दोपहर 12 बजकर 05 मिनट से लेकर 12 बजकर 53 मिनट तक रहेगा.

चैत्र नवरात्र पहले दिन के अन्य शुभ मुहूर्त

नवरात्र के पहले दिन कई अन्य महत्वपूर्ण मुहूर्त भी रहेंगे, जिनका धार्मिक कार्यों में विशेष महत्व होता है.

ब्रह्म मुहूर्त- सुबह 4 बजकर 51 मिनट से 5 बजकर 39 मिनट तक
प्रातः संध्या- सुबह 5 बजकर 15 मिनट से 6 बजकर 26 मिनट तक
विजय मुहूर्त- दोपहर 2 बजकर 30 मिनट से 3 बजकर 18 मिनट तक
गोधूलि मुहूर्त- शाम 6 बजकर 29 मिनट से 6 बजकर 53 मिनट तक
सायं संध्या- शाम 6 बजकर 32 मिनट से 7 बजकर 43 मिनट तक
अमृत काल- रात 11 बजकर 32 मिनट से 1 बजकर 03 मिनट तक
निशिता मुहूर्त- रात 12 बजकर 05 मिनट से 12 बजकर 52 मिनट तक

World : वेस्ट एशिया में भारी तनाव के बीच बड़ी राहत, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने उठाए ये कदम

0

Iran के खिलाफ United States और Israel की संयुक्त कार्रवाई के बाद कई देशों ने हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध लगा दिया है या उसे बंद कर दिया है. इसी वजह से एयरलाइंस चरणबद्ध तरीके से उड़ानों का संचालन कर रही हैं. मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण वहां फंसे यात्रियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. इसी बीच राहत की खबर यह है कि पश्चिम एशिया से आने-जाने वाली उड़ानों को धीरे-धीरे सामान्य करने की कोशिश की जा रही है. Ministry of Civil Aviation के अनुसार बुधवार को Air India और Air India Express पश्चिम एशिया से और पश्चिम एशिया के लिए कुल 58 शेड्यूल और नॉन-शेड्यूल फ्लाइट्स का संचालन करने जा रही हैं.

मंत्रालय ने कहा है कि पूरे क्षेत्र की स्थिति और उड़ानों पर पड़ने वाले प्रभाव की लगातार निगरानी की जा रही है. Iran के खिलाफ United States और Israel की संयुक्त कार्रवाई के बाद कई देशों ने हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध लगा दिया है या उसे बंद कर दिया है. इसी वजह से एयरलाइंस चरणबद्ध तरीके से उड़ानों का संचालन कर रही हैं.

एयर इंडिया के अनुसार Delhi और Mumbai से Jeddah के लिए आठ उड़ानों का संचालन किया जाएगा. वहीं एयर इंडिया एक्सप्रेस Muscat से और मस्कट के लिए 14 उड़ानें संचालित करेगी. एयरलाइन ने कहा कि स्लॉट की उपलब्धता और नियामकीय अनुमति मिलने के बाद United Arab Emirates के लिए अतिरिक्त उड़ानें भी चलाई जा सकती हैं.यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा से पहले संबंधित एयरलाइन से फ्लाइट शेड्यूल की जानकारी जरूर लें. इसके अलावा IndiGo भी गुरुवार को मुंबई-रियाद-मुंबई रूट पर उड़ानें संचालित करने जा रही है. SpiceJet ने वैकल्पिक हवाई अड्डों के उपयोग के लिए मंजूरी ले ली है, जबकि Akasa Air को ऑपरेशनल स्थिति के आधार पर उड़ानें शुरू करने की सलाह दी गई है.

मिडिल ईस्ट में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और एविएशन फ्यूल के महंगा होने के कारण एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने घरेलू टिकटों पर 12 मार्च से 399 रुपये का अतिरिक्त सरचार्ज लगाने का ऐलान किया है. एयरलाइन का कहना है कि खाड़ी क्षेत्र में तनाव बढ़ने से संचालन लागत में काफी इजाफा हुआ है, इसलिए यह शुल्क चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा. हालांकि Ministry of Civil Aviation ने कहा है कि क्षेत्र में तनाव के बावजूद टिकट कीमतों की कड़ी निगरानी की जाएगी, ताकि यात्रियों से अनावश्यक या अत्यधिक किराया न वसूला जाए.

Punjab news : पंजाब-चंडीगढ़ में मौसम का यू-टर्न! 14 मार्च से गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट

0

पंजाब और चंडीगढ़ में 14 मार्च से मौसम बदलने के संकेत हैं. कई इलाकों में गरज-चमक के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि तापमान अभी भी सामान्य से अधिक है. पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं. मौसम विभाग के अनुसार 14 मार्च से अगले तीन दिनों तक कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज़ हवाएं चल सकती हैं. हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है.

पिछले 24 घंटों में तापमान में करीब 0.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन इसके बावजूद तापमान सामान्य से लगभग 6.3 डिग्री अधिक बना हुआ है. इस दौरान अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन के लिए काफी ज्यादा माना जा रहा है. मौसम विभाग के अनुसार पंजाब और चंडीगढ़ में इस समय आसमान में बादल छाए हुए हैं. अरब सागर की ओर से आने वाली नमी भरी हवाएं मौसम को प्रभावित कर रही हैं. इसके साथ ही एक मौसमीय ट्रफ बिहार से ओडिशा, नागालैंड और असम तक फैली हुई है और एक चक्रवाती परिसंचरण भी मौजूद है.

इन्हीं कारणों से देश के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है. पिछले कुछ दिनों से चल रहा धूल भरा मौसम भी अब धीरे-धीरे कम हो रहा है. पहले पश्चिमी हवाएं तेज गति से धूल लेकर आ रही थीं, जो पंजाब सहित उत्तर भारत में ठहर गई थीं. अब हवाओं की गति कम होने से धूल जम गई है और मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं. राजस्थान सीमा से लगे फाजिल्का (अबोहर) में सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया. इसके अलावा पटियाला में 33.0 डिग्री, लुधियाना में 32.8 डिग्री और चंडीगढ़ में 32.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.

वहीं अमृतसर और सलेरा में 31.8 डिग्री, भाखड़ा बांध में 31.7 डिग्री, मोहाली और केवीके पठानकोट में 31.4 डिग्री तथा फिरोजपुर में 31.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. इसके अलावा रोपड़ में 30.8 डिग्री, थीन बांध में 30.9 डिग्री, होशियारपुर में 30.4 डिग्री और बल्लोवाल सौंखारी में 30.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ. मौसम विभाग के मुताबिक अगले चार दिनों तक मौसम सामान्य रूप से शुष्क रह सकता है, लेकिन 14, 15 और 16 मार्च को कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है. तापमान की बात करें तो अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में खास बदलाव नहीं होगा. इसके बाद तापमान में लगभग 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना जताई गई है.

Entertainment : ‘मेरे बारे में कुछ गलत नहीं मिलेगा’, शुभमन गिल के साथ डेटिंग की अफवाहों पर रिद्धिमा पंडित ने तोड़ी चुप्पी

0

एक्ट्रेस रिद्धिमा पंडित ने क्रिकेटर शुभमन गिल के साथ अपने रिलेशनशिप की खबरों पर रिएक्ट किया है. उन्होंने कहा कि उनके और शुभमन के बीच अफेयर की बातें और शादी की खबरें बिल्कुल गलत हैं. टीवी एक्ट्रेस रिद्धिमा पंडित का नाम एक टाइम पर क्रिकेटर शुभम गिल के साथ जोड़ा जा रहा था. साल 2024 और 2025 के दौरान खबरें थीं कि दोनों एक दूसरे को डेट कर रहे हैं और दिसंबर 2024 में शादी रचाने वाले हैं. वहीं अब इन सब खबरों को रिद्धिमा ने पूरी तरह झूठ बताया है. उन्होंने हाल ही में शुभमन गिल के साथ अपने रिलेशनशिप की खबरों पर रिएक्ट किया है.

Zoom के साथ एक खास बातचीत में रिद्धिमा पंडित ने इन अफवाहों को पूरी तरह खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि वो विवादों से दूर रहना पसंद करती हैं. एक्ट्रेस ने साफ शब्दों में कहा कि उनके और शुभमन गिल के बीच किसी तरह का कोई रिश्ता नहीं है. रिद्धिमा ने कहा, ‘ऐसा कुछ भी नहीं है. मैं हमेशा विवादों से दूर रहने वाली इंसान हूं और आगे भी ऐसे ही रहना चाहती हूं. मैंने कभी किसी के साथ गलत नहीं किया और न ही किसी के बारे में गलत कहा है. मैं सिर्फ पर्दे पर रोमांस करने के लिए भी कुछ नहीं करती. सच कहूं तो मैं बहुत ही साधारण इंसान हूं, मेरे बारे में कोई भी गलत बात निकालना आसान नहीं है.’

पहले एक बातचीत में रिद्धिमा पंडित ने कहा था कि उन्हें शुभमन गिल ‘बहुत-बहुत क्यूट’ लगते हैं. हालांकि उन्होंने साफ किया कि किसी को क्यूट कहना या पसंद करना इसका मतलब ये नहीं है कि दोनों के बीच कोई रिश्ता है. रिद्धिमा ने ये भी बताया कि वो शुभमन गिल को निजी तौर पर जानती तक नहीं हैं. उन्होंने मजाक में ये भी कहा था कि अगर कभी असल जिंदगी में उनकी मुलाकात हो गई, तो शायद दोनों इन अफवाहों पर हंसेंगे. डेटिंग की खबरों के अलावा रिद्धिमा पंडित हाल ही में एक और विवाद की वजह से भी चर्चा में रही हैं. रियलिटी शो ‘द 50’ में उनकी वंशज सिंह के साथ तीखी बहस हो गई थी. मामला इतना बढ़ गया कि 35 साल की रिद्धिमा को सोशल मीडिया पर काफी ट्रोलिंग और गाली-गलौज का सामना करना पड़ा. कुछ लोगों ने उन्हें जान से मारने और रेप की धमकी तक दी. इसके बाद रिद्धिमा ने कथित तौर पर परेशान करने के आरोप में कंटेंट क्रिएटर वंशज सिंह के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की.

- Advertisement -

News of the Day