Monday, April 27, 2026
Home Blog Page 284

NATIONAL : लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पर बिगड़ी यात्री की तबीयत, तोड़ा दम, परिजन बोले- फ्लाइट कैंसिलेशन की खबरों से तनाव में थे

0

कानपुर के रहने वाले अनूप पांडे की लखनऊ एयरपोर्ट पर अचानक तबियत बिगड़ने से मौत हो गई. वह बेंगलुरु वापस अपने परिवार के पास जा रहे थे. उनके भाई के अनुसार, देश भर में फ्लाइट कैंसिलेशन के कारण वह तनाव में थे.

लखनऊ एयरपोर्ट पर फ्लाइट का इंतजार कर रहे एक शख्स की अचानक तबियत बिगड़ी और फिर कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई. वह रिश्तेदार की तेरहवीं में शामिल होकर बेंगलुरु वापस जा रहे थे. परिवार ने आरोप लगाया है कि लगातार फ्लाइट कैंसिलेशन की खबरों से वह तनाव में थे और एयरपोर्ट पर समय पर इलाज न मिलने से उनकी जान चली गई.

आपको बता दें कि कानपुर के रहने वाले अनूप पांडे एक निजी बेवरेजेस कंपनी में फाइनेंस एग्जीक्यूटिव थे. लखनऊ एयरपोर्ट पर उनकी अचानक तबीयत बिगड़ी और मौत हो गई. उनके भाई अनिल पांडे के अनुसार, लगातार फ्लाइट कैंसिलेशन से घबराहट और तनाव के कारण ये घटना हुई. तबीयत बिगड़ने पर उन्हें पास के लोक बंधु अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

अनूप पांडे कानपुर में एक रिश्तेदार की तेरहवीं में शामिल होने के लिए पांच दिन पहले आए थे. शुक्रवार शाम को उनकी दिल्ली होते हुए बेंगलुरु की कनेक्टिंग फ्लाइट थी. वह बेंगलुरु में अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ रहते थे. परिवार बेंगलुरु में अकेला था और अनूप की छुट्टियां भी खत्म हो चुकी थीं, जिसके कारण वह घर लौटने को लेकर काफी चिंतित थे.

NATIONAL : ‘मेरी बच्ची की तरह पूनम को तड़पाओ’, जिया की मां ने खोले साइको किलर के कई राज

0

पानीपत की साइको किलर पूनम मामले में चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं. मासूम जिया की हत्या के मामले में जिया की मां, ताई और ताऊ ने बताया कि उन्हें पहले से पूनम पर शक था. परिजनों का आरोप है कि पूनम ने मानसिक खुन्नस में मासूम को क्रूरता से पानी में डुबोकर मार दिया और जब पुलिस उसे निशानदेही के लिए लेकर आई तो सबको घूर रही थी.

हरियाणा के पानीपत में चार-चार मासूमों की जान लेने वाली साइको किलर पूनम के मामले में कई अहम खुलासे हुए हैं. जिया की मां प्रिया ने लोगों को झकझोर देने वाली बातें बताई हैं. उन्होंने कहा जिस रात जिया की हत्या हुई उस रात मासूम जिया बेहद खुश थी. जिया ने अपने पापा से जिद्द कर नई अलमारी मंगवाई थी.

जिया की मां ने कहा, ‘रात 12:30 बजे तक जिया अलमारी में अपनी किताबें, कपड़े और खिलौने रख रही थी.’ उन्होंने यह भी साफ किया कि हत्या वाली रात जिया ने साइको किलर पूनम के साथ सोने की कोई जिद्द नहीं की बल्कि बुआ पूनम जबरदस्ती उसे अपने साथ सुलाने के लिए ले गई थी. प्रिया ने बताया कि उनकी मासूम बेटी जिया साइको किलर पूनम से चिपककर सो रही थी.

जिया की मां प्रिया ने मांग की है कि साइको किलर पूनम को वैसी ही मौत मिलनी चाहिए जिस तरह उनकी बेटी की तड़पा-तड़पा कर जान ली गई. जिया की मां ने दावा किया कि हमें पूनम पर पहले से शक था लेकिन ‘होनी को कौन टाल सकता है’ कहकर समाज ने हमें चुप करा दिया.जिया की ताई पारुल ने भी साइको किलर पूनम को सुबह 3 बजे हाथ में कुछ लेकर सीढ़ियों से उतरते और फिर वापस जाते देखा था. जिया की ताई ने कहा उस वक्त अंधेरा था, इसलिए पूनम के हाथ में क्या था वो साफ-साफ नहीं देख पाईं.

ताई पारुल ने दावा किया कि पूनम उनके बेटे सन्नी को भी निशाना बनाना चाहती थी. उन्होंने कहा, पूनम ने सन्नी से कहा कि मम्मी-पापा को बाहर जाने दो, मॉल में घुमाकर लाऊंगी, फोन बंद कर देना. वहीं जिया के ताऊ सुरेंद्र ने भी अहम खुलासा किया है.सुरेंद्र ने कहा, ‘जिया की हत्या के बाद मेरी बात मान लेते तो नौल्था में विधि की हत्या नहीं होती. उन्होंने बताया कि पूनम बचपन से ही मन में खुन्नस पालती थी और पुलिस जब निशानदेही के लिए पूनम को लेकर लाई तो वो सबको घूर रही थी.’

BHAKTI : अधिकमास 2026 12 की जगह 13 महीने का होगा नया साल, करें ये खास उपाय

0

अधिकमास 2026 को बहुत ही दुर्लभ संयोग माना जा रहा है. ऐसा संयोग हर साल नहीं आता है और सही उपाय करने पर अद्भुत साल सुख, समृद्धि और सौभाग्य से भर सकता है. ज्योतिष मानते हैं कि इस अवधि में की गई पूजा, दान और सेवा कई गुना फल देती है और जीवन की बाधाएं दूर करती हैं.

ज्योतिषियों के अनुसार, नया साल 2026 कई मायनों में बहुत ही खास रहेगा. इस साल एक बड़ा संयोग बनने जा रहा है, जिसमें साल 2026 में 12 नहीं बल्कि 13 महीने होंगे. यानी विक्रम संवत 2083 में एक अतिरिक्त चंद्र मास जुड़ जाएगा. इसी वजह से साल 2026 में ज्येष्ठ महीने में अधिकमास पड़ेगा. इस दुर्लभ स्थिति के कारण ज्येष्ठ मास लगभग 60 दिनों तक चलेगा. जिसके कारण यह साल कुल मिलाकर 13 महीनों का बन जाएगा.

ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, यह स्थिति तब बनती है जब चंद्रमा कैलेंडर और सूर्य कैलेंडर की गणना में अंतर होता है. धार्मिक मान्यता के अनुसार, अधिकमास का समय बहुत पवित्र माना जाता है. लेकिन इस दौरान की गई छोटी सी गलती भी व्यक्ति के पूरे वर्ष पर असर डाल सकती है. इसी वजह से इस दौरान कुछ खास उपाय करने चाहिए, जो कि नए साल को खुशियों से भर सकता है. आइए जानते हैं उन उपायों के बारे में.

द्रिक पंचांग के अनुसार, साल 2026 में ज्येष्ठ महीना 22 मई से शुरू होकर 29 जून 2026 तक चलेगा. इससे पहले 17 मई 2026 से अधिकमास की शुरुआत होगी, जो 15 जून 2026 को समाप्त होगा. जब पंचांग में एक ही महीना दो बार आता है, तो उसे पुरुषोत्तम मास या अधिकमास कहा जाता है. यह समय बहुत खास और धार्मिक रूप से शुभ माना जाता है.

चंद्रमा और सूर्य की गणना में जो फर्क समय-समय पर बढ़ता रहता है, उसे संतुलित करने के लिए पंचांग में एक अतिरिक्त महीना जोड़ दिया जाता है. लगभग हर 32 महीने में करीब 16 दिन और कुछ घंटे मिलकर एक पूरे महीने के बराबर हो जाते हैं. इसी अतिरिक्त समय को सनातन धर्म में अधिक मास कहा जाता है.

अधिकमास में जरूर करें ये खास उपाय

  • हर सुबह घर में एक दीपक जलाएं

अधिकमास के दौरान तुलसी के पास या भगवान विष्णु के सामने सरसों या घी का दीपक रोजाना जलाएं. इससे घर का वातावरण पवित्र, शांत और सकारात्मक रहेगा.

  • पक्षियों को दाना और पानी देना

अधिकमास में छत या बालकनी में मिट्टी के बर्तन में पानी भरें और दाना डालें. पक्षियों की सेवा अधिकमास में बहुत पुण्यदायी मानी जाती है.

ENTERTAINMENT : हैदराबाद इवेंट में सलमान खान ने बच्चों से की मुलाकात, यूजर्स बोले- दिल छू लेने वाला जेस्चर

हाल ही में सलमान खान हैदराबाद के एक इवेंट में गए. सोशल मीडिया पर इस इवेंट के कई वीडियो आए हैं, लेकिन सबसे ज्यादा ध्यान उस वीडियो ने खींचा जिसमें सलमान छोटे फैंस से मिलते नजर आ रहे हैं.

सुपरस्टार सलमान खान हैदराबाद में एक स्टार-स्टडेड इवेंट में पहुंचे, जहां उनकी मौजूदगी ने बच्चों के चेहरे पर भी मुस्कान ला दी. एक्टर ने छोटे फैंस से मिलने और उनसे बात करने के लिए खास समय निकाला, जिससे उनका दिन यादगार बन गया. इस दौरान के प्यारे लम्हों का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोगों का दिल जीत रहा है.

शनिवार को सलमान खान हैदराबाद में आयोजित एक इवेंट में शामिल हुए, जहां इंडियन सुपरक्रॉस रेसिंग लीग के राउंड 2 की शुरुआत की गई. यह कार्यक्रम जीएमसी बालयोगी एथलेटिक स्टेडियम, गाचीबौली में हुआ. सलमान के इस इवेंट के कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, लेकिन सबसे ज्यादा ध्यान खींचने वाला वीडियो वह है जिसमें वह अपने छोटे फैंस से मिलते नजर आ रहे हैं.

वीडियो में सलमान को बच्चों से मिलने के लिए खास समय निकालते हुए देखा जा सकता है. वह हर बच्चे से हाथ मिलाते हैं और उन्हें आशीर्वाद देते हैं. इस दिल छू लेने वाले वीडियो में बच्चे सलमान से मिलकर खुशी से झूमते नजर आ रहे हैं. सलमान उनके साथ फोटो भी खिंचवाते हैं.

सोशल मीडिया पर फैंस सलमान खान के इस प्यारे अंदाज़ पर फिदा हो गए हैं. कई लोग इस जेस्चर को ‘दिल छू लेने वाला’ और ‘बहुत ही क्यूट’ बता रहे हैं. एक यूज़र ने लिखा, ‘सलमान भाई डाउन टू अर्थ हैं.’ वहीं दूसरे ने, ‘इंडियन सिनेमा के सबसे पसंद किए जाने वाले मेगास्टार सलमान खान.’ वहीं एक और फैन ने लिखा, ‘मेगास्टार सलमान खान अपने फैंस के साथ सेल्फी लेते हुए.’

इस इवेंट के बारे में बात करते हुए, सलमान खान, जो ISRL के ब्रांड एम्बेसडर हैं, ने कहा, ‘आज हैदराबाद में माहौल बहुत ही शानदार था. इंडियन और इंटरनेशनल राइडर्स को एक साथ अपनी सीमाएं पार करते देखना वाकई रोमांचक था. ISRL देश के युवाओं के लिए कुछ खास कर रहा है, जहां उन्हें अपने हुनर दिखाने का मौका मिलता है और सेफ्टी का पूरा ध्यान रखा जाता है. इस पूरे सफर को नज़दीक से देखना मेरे लिए बहुत खुशी की बात है.’

सलमान खान को आखिरी बार बड़े पर्दे पर फिल्म ‘सिकंदर’ में देखा गया था, जो उम्मीद के मुताबिक कमाल नहीं कर पाई थी. उन्होंने अपने फैंस को आर्यन खान के डायरेक्शन में डेब्यू वेब शो ‘The Bads of Bollywood’* में कैमियो के जरिए ग्रीट किया. फिलहाल सलमान रियलिटी शो ‘बिग बॉस 19’ की होस्टिंग करते नजर आ रहे हैं. वहीं सलमान को अपकमिंग फिल्म ‘बैटल ऑफ़ गलवान’ में देखा जाएगा. इस फिल्म में चित्रांगदा सिंह भी मुख्य भूमिका में हैं और यह 2020 में हुए गलवान वैली संघर्ष पर आधारित है, जो भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुआ था.

NATIONAL : शादी समारोह में डांस कर रहे थे लोग फिर अचानक गिरा मकान, 25 महिलाएं हुईं घायल

0

इस घटना के समय महिलाएं शादी के पारम्परिक नृत्य में शामिल थीं और मकान के भीतर एकत्र थीं. अचानक कच्चे मकान का खंभा टूट गया और उसके साथ पूरी छत का हिस्सा नीचे आ गया.

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में एक बड़ी दुर्घटना हुई है. चुराह उपमंडल की जांगड़ा ग्राम पंचायत के शावा गांव में शादी समारोह के दौरान कच्चा मकान अचानक टूट गया, जिससे 20 से 25 महिलाएं घायल हो गईं. सभी घायलों को तुरंत एम्बुलेंस से नागरिक अस्पताल तीसा भेजा गया और फिलहाल सभी का इलाज जारी है. यह घटना शनिवार 6 दिसंबर दोपहर करीब 2 बजे घटित हुई और इससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई.

घटना के समय महिलाएं शादी के पारम्परिक नृत्य में शामिल थीं और मकान के भीतर एकत्र थीं. अचानक कच्चे मकान का खंभा टूट गया और उसके साथ पूरी छत का हिस्सा नीचे आ गया, जिससे महिलाएं दब गईं और कई को गंभीर चोटें आईं. घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें हादसे से कुछ क्षण पहले तक महिलाएं नृत्य करती दिखाई देती हैं. हादसा होते ही चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू कर दिया.

हादसे के कुछ ही मिनटों बाद एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को नागरिक अस्पताल तीसा ले जाया गया. अस्पताल प्रशासन ने बताया कि घायलों का इलाज जारी है और फिलहाल सभी खतरे से बाहर हैं. स्थानीय लोगों की तत्परता की वजह से दबे हुए लोगों को जल्दी बाहर निकाल लिया गया. राहत की बात यह है कि इस दुर्घटना में अब तक किसी मौत की सूचना नहीं मिली है. ग्रामीणों ने बताया कि मकान काफी पुराना और कच्चा था, जो भार सहन नहीं कर पाया.

एसडीएम चुराह राजेश कुमार जरियाल ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि प्रशासन की टीम मौके पर भेज दी गई है. घायलों की स्थिति के अनुसार उन्हें तुरंत राहत और सहायता प्रदान की जाएगी. एसडीएम ने यह भी बताया कि मामले की जांच के बाद मकान की संरचना और सुरक्षा संबंधी पहलुओं पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि पुराने और कच्चे मकानों में बड़े समारोह आयोजित करने से पहले सुरक्षा मानकों की जांच अवश्य करें ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.

ENTERTAINMENT : दुल्हन बनी ‘बिग बॉस’ फेम एक्ट्रेस, बॉयफ्रेंड संग इंटीमेट वेडिंग सेरेमनी में लिए सात फेरे

टीवी एक्ट्रेस रूपल त्यागी शादी के बंधन में बंध गई हैं. उन्होंने अपने बॉयफ्रेंड नोमिश भारद्वाज संग इंटीमेट वेडिंग सेरेमनी में सात फेरे लिए. इस खास मौके पर रूपल ने सास, बहू और बेटियां की टीम से भी खास बातचीत की.

‘सपने सुहाने लड़कपन के’ सीरियल से मशहूर हुईं एक्ट्रेस रूपल त्यागी अब अपनी जिंदगी के नए सफर की ओर आगे बढ़ चुकी हैं. उन्होंने अपने लॉन्ग-टाइम बॉयफ्रेंड नोमिश भारद्वाज संग शादी कर ली है. रूपल की शादी 5 दिसंबर को एक इंटीमेट सेरेमनी में अपने परिवार और करीबी दोस्तों के बीच हुई.

रूपल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपनी कुछ बेहद खूबसूरत तस्वीरें पोस्ट कीं, जिसमें उन्होंने अपना ब्राइडल लुक शेयर किया. लाल लहंगे में दुल्हन बनीं रूपल अप्सरा लगीं. दुल्हन के जोड़े में एक्ट्रेस ने कई शानदार पोज भी दिए. उन्होंने अपनी मेहंदी भी दिखाई. रूपल ने अपने लहंगे पर गोल्डन लेटर्स में #रूपनूम भी लिखवाया. उनके पति नोमिश भारद्वाज ने शादी के मौके पर पीले और व्हाइट कलर के कॉम्बिनेशन वाली शेरवानी पहनी. कपल ने अपनी शादी पर सास, बहू और बेटियां की टीम से भी खास बातचीत की.

रूपल ने बताया कि उनकी शादी जल्दबाजी में हुई. अभी कई रस्में होनी बाकी हैं. उन्होंने बताया कि वो शुरुआत से ही अपनी शादी इंटीमेट सेरेमनी में करना चाहते थे. उन्हें काफी सिंपल तरीके से शादी करनी थी. वो इस खास मौके पर अपने सबसे खास लोगों को ही साथ रखना चाहती थीं. इस दौरान नोमिश ने बताया कि वो रूपल से दो साल पहले अपने म्यूचुअल फ्रेंड के जरिए मिले. इसके बाद कुछ सालों की डेटिंग के बाद, दोनों ने शादी रचाई.

नोमिश भारद्वाज एनिमेशन की दुनिया में काम करते हैं. वो लॉस एंजेलिस में रहकर वहीं अपना काम कर रहे हैं. रूपल मुंबई में एक्टिंग कर रही हैं. वो सलमान खान के शो ‘बिग बॉस’ सीजन 9 का भी हिस्सा रह चुकी हैं. मगर उनकी जर्नी शो में उतनी यादगार नहीं थी, जितनी एक्ट्रेस ने उम्मीद की. वो शो के दूसरे हफ्ते में ही एलिमिनेट हो गई थीं. इसके अलावा, रूपल ‘झलक दिखला जा’ सीजन 8 में भी आईं, लेकिन वहां से भी वो जल्द बाहर हो गईं.

रूपल को आखिरी बार दंगल टीवी के शो ‘रंजू की बिटियां’ में देखा गया था, जो साल 2021 में आया था. इसके बाद से वो लाइमलाइट से दूर हैं. मगर अब नोमिश भारद्वाज संग अपनी जिंदगी के नए सफर के लिए तैयार हैं.

NATIONAL : Climate Change का असर… भालू सो नहीं पा रहे, भूखे और खतरनाक होकर कश्मीर में इंसानों के बीच आ रहे

0

कश्मीर में इस बार बर्फ नहीं गिरी, ठंड तो है पर भालू सो (हाइबरनेट) नहीं पा रहे. भूखे हिमालयी काले भालू जंगलों से निकलकर गांवों-शहरों में घुस रहे हैं. नवंबर में रिकॉर्ड 50 भालू पकड़े गए. ग्लोबल वार्मिंग से मौसम बदला गया है. जंगल में खाना कम हुआ, इसलिए भालू इंसानी इलाकों में आ रहे हैं. अब श्रीनगर भी भालुओं का नया ठिकाना बनता जा रहा है.

नवंबर का महीना चल रहा है. आम तौर पर इस समय कश्मीर में बर्फ की मोटी चादर बिछ जाती है. हिमालयी काले भालू (जिन्हें लोकल भाषा में हापुत कहते हैं) अपनी मांद में गहरी नींद (हाइबरनेशन) में सो जाते हैं. लेकिन इस बार कुछ अलग हो रहा है. बर्फ नहीं गिरी. जंगल में खाना कम हो गया. भालू भूखे-प्यासे इंसानी बस्तियों में घुस आए हैं.

कश्मीर के वन्यजीव विभाग के अधिकारियों के मुताबिक नवंबर महीने में ही करीब 50 भालुओं को पकड़ा है. पिछले कई सालों में एक महीने में इतने भालू कभी नहीं पकड़े गए. ये भालू गांवों में सेब के बागों में घुस रहे हैं. कूड़े के ढेर खंगाल रहे हैं. कई बार श्रीनगर शहर के बीचों-बीच डल झील के किनारे तक पहुंच जा रहे हैं.

वन्यजीव विशेषज्ञ डॉ. इंतियाज अहमद लोन कहते हैं कि भालुओं का हाइबरनेशन का समय दिसंबर से मार्च तक होता है. इसके लिए उन्हें ठंड और बर्फ चाहिए. लेकिन पिछले कुछ सालों से तापमान सामान्य से ज्यादा रह रहा है. बर्फ देर से गिर रही है या बिल्कुल नहीं गिर रही. जंगल में जंगली फल, मेवे और कीड़े-मकोड़े कम हो गए हैं. ऐसे में भालू भूखे रहकर इंसानी इलाकों में खाना ढूंढने आ रहे हैं.

लोग कह रहे हैं कि इस बार दिसंबर शुरू हो गया, कड़ाके की ठंड तो पड़ रही है लेकिन न बर्फ गिर रही है, न बारिश हो रही. मौसम वैज्ञानिक भी मानते हैं कि ग्लोबल वार्मिंग की वजह से कश्मीर का मौसम तेजी से बदल रहा है. अधिकारी बता रहे हैं कि कूड़े के खुले ढेर और सेब-अखरोट के बाग भालुओं को लुभाते हैं. एक बार उन्हें पता चल जाता है कि इंसानी इलाके में आसानी से खाना मिलता है, तो वे बार-बार आते हैं.

वन्यजीव विभाग ने विशेष टीम बनाई है जो 24 घंटे अलर्ट पर है. भालुओं को पकड़कर दूर के जंगलों में छोड़ा जा रहा है. गांव वालों को जागरूक किया जा रहा है कि कूड़ा इधर-उधर न फेंकें. कुछ जगहों पर बिजली की फेंसिंग लगाई जा रही है.श्रीनगर शहर में डल झील के किनारे बुलेवार्ड रोड पर, यहां तक कि कुछ रिहायशी इलाकों में भी भालुओं के दिखने की खबरें आ रही हैं. लोग डर गए हैं. एक स्थानीय निवासी गुलाम मोहम्मद कहते हैं कि पहले भालू सिर्फ जंगल में रहते थे. अब लगता है जंगल हमारे घरों तक आ गया है.

विशेषज्ञों की चेतावनी साफ है – अगर जलवायु परिवर्तन पर काबू नहीं पाया गया, बर्फबारी का पैटर्न नहीं सुधरा और हमने कूड़े का सही प्रबंधन नहीं किया, तो भालू और इंसान के बीच यह टकराव हर साल और बढ़ेगा.

कश्मीर की खूबसूरती हमेशा से बर्फ और जंगलों में रही है. लेकिन अब यही बर्फ कम हो रही है. जंगल हमारे दरवाजे पर दस्तक दे रहा है. यह सिर्फ भालुओं की कहानी नहीं, आने वाले कल की चेतावनी है.

BREAKING NEWS : पलाश मुच्छल से नहीं होगी स्मृति मंधाना की शादी, पहली बार खुद किया कंफर्म

स्मृति मंधाना और पलाश मुच्छल की शादी टूट गई है. स्मृति ने खुद पोस्ट करके ये जानकारी दी. दोनों की पर्सनल लाइफ काफी समय से चर्चा में बनी हुई थी.
क्रिकेटर स्मृति मंधाना और म्यूजिक कंपोजर पलाश मुच्छल की शादी टूट गई है. स्मृति और पलाश लंबे समय से शादी को लेकर खबरों में थे. लेकिन अब स्मृति ने खुद पोस्ट करके ये कंफर्म कर दिया है कि शादी टूट गई है.

उन्होंने लिखा- पिछले कुछ हफ़्तों में मेरी जिंदगी को लेकर बहुत सारे अंदाजे लगाए जा रहे थे. मुझे लगता है कि इस समय मेरे लिए बोलना जरूरी है. मैं बहुत प्राइवेट इंसान हूं और मैं अपनी लाइफ को ऐसे ही रखना चाहती हूं. लेकिन मैं ये साफ कर देती हूं कि शादी कैंसिल हो गई है.

आगे उन्होंने लिखा, ‘मैं इस मामले को यहीं खत्म करना चाहती हूं. आप सभी से भी ऐसा करने की रिक्वेस्ट करती हूं. मैं आपसे रिक्वेस्ट करती हूं कि इस समय दोनों परिवारों की प्राइवेसी का सम्मान करें. हमें आगे बढ़ने का मौका दें.’

ENTERTAINMENT : टीवी की पार्वती बनीं मां, देवों के देव फेम एक्ट्रेस सोनारिका ने दिया बेबी गर्ल को जन्म

एक्ट्रेस सोनारिका भदोरिया मां बन गई हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर इसकी अनाउंसमेंट की. एक्ट्रेस ने नन्ही परी को जन्म दिया है.देवों के देव महादेव फेम एक्ट्रेस सोनारिका भदोरिया के घर खुशियों ने जन्म लिया है. एक्ट्रेस मां बन गई हैं. सोनारिका और उनके पति विकास पाराशर ने बेबी गर्ल का वेलकम किया है. टीवी की पार्वती ने सोशल मीडिया पर मां बनने की अनाउंसमेंट की.

उन्होंने बच्ची के पैरों की फोटो शेयर करते हुए लिखा- हमारा सबसे स्वीट और बड़ा आशीर्वाद. बेबी गर्ल आ गई है और ये अभी से हमारी पूरी दुनिया हो गई है.सोनारिका ने बताया कि उन्होंने 5 दिसंबर को बेटी को जन्म दिया. सोनारिका ने जैसे ही बच्ची के जन्म की अनाउंसमेंट की तब से फैंस और फ्रेंड्स उन्हें बधाई दे रहे हैं. एक्टर लता सबरवाल, आशीष शर्मा, अशनूर कौर और आरती सिंह ने उन्हें बधाई दी.

बता दें कि सोनारिका ने 2024 में बिजनेसमैन विकास पाराशर संग शादी की थी. उनकी शादी काफी ग्रैंड हुई थी. सोनारिका की शादी की तस्वीरें खूब वायरल थीं. सिंतबर 2025 में एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर प्रेग्नेंसी की अनाउंसमेंट की. उन्होंने अपने बेबीमून की फोटोज शेयर की थी. सोनारिका बीच पर बेबी बंप फ्लॉन्ट करती नजर आई थीं.

सोनारिका रियल लाइफ में काफी ग्लैमरस हैं. प्रेग्नेंसी के दौरान भी उन्होंने कई ग्लैमरस फोटोशूट शेयर किए, जिसमें वो बेबी बंप फ्लॉन्ट करती नजर आईं. सोनारिका के फोटोशूट को फैंस ने काफी पसंद किया.वर्क फ्रंट पर सोनाकिता ने 2011 में शो तुम देना साथ मेरा से शुरुआत की थी. लेकिन उन्हें पहचान देवों के देव…महादेव में मां पार्वती के रोल से मिली. इस रोल ने उन्हें घर-घर में पॉपुलर कर दिया. उनकी एक्टिंग और पावरफुल प्रेजेंस को फैंस ने बहुत प्यार दिया.

NATIONAL : ग्रेटर नोएडा में MCA के छात्र ने हॉस्टल में फांसी लगाकर की आत्महत्या, सुसाइड नोट भी बरामद

0

ग्रेटर नोएडा के NIET कॉलेज में MCA छात्र कृष्णकांत ने क्राउन हॉस्टल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. कमरे से सुसाइड नोट मिला है.ग्रेटर नोएडा में स्थित NIET कॉलेज के MCA थर्ड ईयर के एक छात्र ने हॉस्टल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. यह घटना नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र के तुगलपुर स्थित क्राउन हॉस्टल की है. मृतक छात्र की पहचान झारखंड निवासी कृष्णकांत (25 वर्ष) के रूप में हुई है.

घटना की जानकारी मिलते ही हॉस्टल और कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है.घटना गुरुवार (4 दिसंबर) दोपहर की बताई जा रही है. पुलिस को सूचना मिली कि हॉस्टल के तीसरी मंजिल के रूम नंबर 79 में एक छात्र ने आत्महत्या कर ली है. मौके पर पहुंचने पर पता चला कि कृष्णकांत अपने रूममेट ऋतिक के साथ रहता था. घटना के समय ऋतिक कॉलेज में था.

सुबह कृष्णकांत ने कॉलेज नहीं जाने की बात कहकर ऋतिक को बाद में आने के लिए कहा था. दोपहर में अचानक कृष्णकांत के पिता ने ऋतिक को फोन किया और अपनी आशंका जताई कि उनका बेटा कुछ गलत कदम उठा सकता है. यह सुनते ही ऋतिक ने तुरंत हॉस्टल में मौजूद दोस्तों को फोन कर कमरे पर पहुंचने को कहा.

नोट से साफ है कि छात्र मानसिक तनाव में था, लेकिन आत्महत्या की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है. पुलिस का कहना है कि फिलहाल सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.

रूममेट ऋतिक के मुताबिक, कृष्णकांत पढ़ाई में बहुत अच्छा था, लेकिन उसे सिर से जुड़ी एक गंभीर समस्या थी. जब वह लंबे समय तक पढ़ता था तो उसका सिर अपने आप झुकने लगता था, जिससे वह काफी परेशान रहता था. यह परेशानी उसकी पढ़ाई और रोजमर्रा की जिंदगी पर असर डाल रही थी. संभव है कि यही तनाव उसकी मानसिक स्थिति पर भारी पड़ रहा हो.पुलिस ने बताया कि परिजनों से बातचीत की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि छात्र किस बात को लेकर तनाव में था. साथ ही दोस्तों और कॉलेज प्रशासन से भी जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस मोबाइल फोन, हॉस्टल रिकॉर्ड और उसके व्यवहार से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

- Advertisement -

News of the Day