Wednesday, April 29, 2026
Home Blog Page 310

ENTERTAINMENT : आज से लगेगा कुकिंग के साथ कॉमेडी का तड़का, जानिए कब और कहां देख सकते हैं लाफ्टर शेफ्स 3

कुकिंग और कॉमेडी शो लाफ्टर शेफ्स का तीसरा सीजन शुरू होने जा रहा है. लाफ्टर शेफ्स के सीजन 3 में कई नए सेलेब्स नजर आने वाले हैं. जिसके बाद शो में और मजा आएगा.

कुकिंग रियलिटी शो लाफ्टर शेफ्स अपने तीसरे सीजन के साथ वापस आ रहा है. इस शो का फैंस को बेसब्री से इंतजार था. कुछ समय पहले ही शो का दूसरा सीजन खत्म हुआ था जिसे लोगों ने खूब प्यार दिया था और तीसरे सीजन की डिमांड करना भी शुरू कर दिया था. ऑडियंस की डिमांड पर तीसरा सीजन भी आ रहा है. लाफ्टर शेफ्स 3 कब और कहां शुरू होने वाला है आइए आपको बताते हैं.

लाफ्टर शेफ्स 3 में पुराने के साथ कई नए सेलेब्स भी नजर आने वाले हैं जो शो में और धमाल मचाते हुए नजर आने वाले हैं. लाफ्टर शेफ्स 3 के कई प्रोमो सामने आ चुके हैं जिसमें सेलेब्स खूब मस्ती करते नजर आ रहे हैं. इन्हें देखकर लोगों को शो का इंतजार नहीं हो रहा है.

लाफ्टर शेफ्स 3 की बात करें तो ये 22 नवंबर यानी आज से शुरू होने जा रहा है. ये शो शनिवार और रविवार को रात 9 बजे कलर्स टीवी पर आएगा. टीवी के बाद इस शो को ओटीटी प्लेटफॉर्म जियोहॉटस्टार पर भी देख सकते हैं. जो लोग टीवी पर इसे मिस कर देते हैं वो अगले दिन इसे ओटीटी प्लेटफॉर्म पर देख सकते हैं.

इस बार लाफ्टर शेफ्स में कुछ नया देखने को मिलने वाला है. कृष्णा अभिषेक ने शो की प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया था कि इस बार शो में 2 जोड़ियों में नहीं बल्कि टीम्स में कुकिंग का मुकाबला देखने को मिलेगा. इस सीजन में सभी कंटेस्टेंट्स को 2 टीम्स में बांटा गया है. एक टीम का नाम छुरी और दूसरे का नाम कांटा है. एक टीम में अली, कृष्णा, जन्नत, अभिषेक, समर्थ और कश्मीरा नजर आएंगे. वहीं दूसरी टीम में विवियन, ईशा माल्वीय, ईशा सिंह, एल्विश यादव, करण कुंद्रा, तेजस्वी प्रकाश, गुरमीत और देबिना नजर आएंगे. कौन-सी टीम क्या कमाल दिखाती है वो देखना मजेदार होगा. इस सीजन में अंकिता लोखंडे, विक्की जैन, रुबीना दिलैक, राहुल वैद्य नजर नहीं आने वाले हैं.

ENTERTAINMENT : अमाल मलिक पर गुस्से से चिल्लाए सलमान खान, दी धमकी, बोले- मैं यहां पर होता तो…

इस हफ्ते वीकेंड का वार एपिसोड में सलमान खान ने अमाल मलिक और शहबाज की क्लास लगाई. सलमान ने अमाल को वॉर्निंग तक दे डाली. वहीं शहबाज को बताया कि वो शो में सिर्फ अमाल के चमचे बनकर रह गए हैं. उनका खुद का कोई गेम नहीं है.

इस हफ्ते वीकेंड का वार एपिसोड में सिंगर अमाल मलिक की सलमान खान ने जमकर फटकार लगाई. अमाल की बदतमीजियों से तंग आकर सलमान ने अमाल को शो से बाहर करने तक की धमकी दे डाली. सलमान की डांट सुन अमाल के चेहरे की रंगत उड़ गई. बाकी घरवाले भी सहमे हुए दिखाई दिए. आखिर मामला क्या है? आइए जानते हैं…

दरअसल, पिछले हफ्ते गौरव खन्ना के कैप्टन बनने पर अमाल ने बिग बॉस को बहुत खरी-खोटी सुनाई थी. अमाल ने बिग बॉस को बायस्ड कहा था. उन्होंने ये भी कहा था कि उन्हें शो में रहने से कोई फर्क नहीं पड़ता है. वो कभी भी बाहर निकल सकते हैं. अमाल की बदतमीजियों को जब पिछले हफ्ते रोहित शेट्टी ने कॉल आउट किया था तो अमाल उन्हीं के सामने चिल्लाने लगे थे. अमाल का ये बिहेवियर लोगों को बिल्कुल पसंद नहीं आया था. इसी बिहेवियर को लेकर अब सलमान ने अमाल की क्लास लगाई है.

अमाल पर भड़कते हुए सलमान बोले- अमाल आपका बर्ताव काफी अपमान करने वाला था. अमाल कभी भी स्ट्रॉन्ग लोगों से भिड़ता नहीं है. बस पीठ पीछे उनकी बुराई करता है. गौरव, प्रणित या फरहाना को कभी फेस नहीं किया.

सलमान की बात पर अमाल बोले- ऐसा हो ही नहीं सकता है. अमाल की इस हरकत से सलमान और ज्यादा भड़क गए. दबंग खान बोले- सुनना है सुनो…नहीं तो मैं चुप बैठ जाता हूं. कई बार आपके पंगे हो जाते हैं आपके दोस्त शहबाज की वजह से.सलमान फिर शहबाज से बोले- आपको शायद इस बात का अंदाजा नहीं है कि अमाल को लेकर आप कितने पजेसिव हो. जब से आप इस घर में आए हैं, सिर्फ एक चमचा बनकर रह गए हो. आप लोगों ने जो हंगामा किया था कि बिग बॉस अनफेयर हैं. अगर मैं यहां पर होता तो मैं मुख्य द्वार खुलवा देता और ऑप्शन भी नहीं देता.

प्रोमो वीडियो सामने आने के बाद फैंस अमाल के सपोर्ट में आगे आ रहे हैं. फैंस का कहना है कि आखिरी हफ्ते में अमाल को फटकार कर उनका गेम डाउन करने की मेकर्स या सलमान को जरूरत नहीं थी. बिग बॉस की बात करें तो शो अपने अंतिम पड़ाव की ओर पहुंच चुका है. देखते हैं कि टॉप 5 में कौन जगह बना पाता है.

UP: जौनपुर में 42 करोड़ की कोडीन सिरप बरामद, ड्रग माफिया बेनकाब

0

जौनपुर में खाद्य और औषधि विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 42 करोड़ रुपये से अधिक कीमत की कोडीन युक्त कफ सिरप की भारी खेप बरामद की है. जांच में सामने आया कि यह पूरी सप्लाई सिंडिकेट सरगना शुभम जायसवाल की शैली इंटरप्राइजेज के जरिए की जा रही थी. यूपी, झारखंड, बिहार, नेपाल और बांग्लादेश तक फैले इस अवैध ड्रग नेटवर्क पर अब कई FIR दर्ज की जा रही हैं.

उत्तर प्रदेश में कोडीन युक्त कफ सिरप की अवैध तस्करी का नेटवर्क लगातार बड़ा होता जा रहा है, और अब जौनपुर में भी शुभम जायसवाल सिंडिकेट का नाम सामने आया है. वाराणसी, सोनभद्र और गाजियाबाद में कार्रवाई के बाद, जौनपुर खाद्य-औषधि विभाग ने जिले में भारी मात्रा में कोडीन मिश्रित कफ सिरप बरामद कर हढ़कंप मचा दिया है.

अधिकारियों ने बताया कि जौनपुर में संचालित 12 फार्मों को झारखंड की राजधानी रांची से संचालित हो रही शैली इंटरप्राइजेज के जरिए करोड़ों रुपये की कोडीन सिरप सप्लाई की जा रही थी. शैली इंटरप्राइजेज शुभम जायसवाल के पिता भोला प्रसाद के नाम पर रजिस्टर्ड है और जांच में सामने आया है कि इसी फर्म के माध्यम से अवैध कोडीन सिरप की तस्करी का पूरा नेटवर्क जमा हुआ था.

खाद्य-औषधि विभाग की टीम ने जौनपुर में छापा मारकर 1,89,000 कोडीन मिश्रित कफ सिरप की बोतलें बरामद की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 42 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है. यह अब तक की सबसे बड़ी रिकवरी में से एक है. अधिकारियों का कहना है कि इस अवैध कारोबार की जड़ें उत्तर प्रदेश, झारखंड, बिहार, नेपाल और यहां तक कि बांग्लादेश तक फैली हुई हैं.

जांच रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि जौनपुर की 12 दवा कंपनियों ने शैली इंटरप्राइजेज से लाखों बोतलें खरीदीं, जिसके बदले उन्हें नकद भुगतान किया गया था. ड्रग इंस्पेक्टर की तहरीर पर जौनपुर कोतवाली में शैली इंटरप्राइजेज समेत 12 फर्मों पर FIR दर्ज कर ली गई है. मामले में आगे की कार्रवाई और संभावित गिरफ्तारियों की संभावना जताई जा रही है.

सूत्रों के अनुसार, शुभम जायसवाल इस पूरे अवैध नेटवर्क का मास्टरमाइंड माना जा रहा है, जिसका सिंडिकेट कोडीन कफ सिरप की सप्लाई को नशे के बाजार में करोड़ों रुपये कमाने के लिए उपयोग करता था. जांच एजेंसियां अब फाइनेंशियल ट्रेल और बैंक खातों की जांच में जुटी हुई हैं, ताकि नेटवर्क से जुड़े बाकी लोगों की भी पहचान की जा सके.

NATIONAL : ‘800 नहीं 500 दूंगा ऑटो किराया’, भड़के शख्स ने पैसेंजर को मार दी गोली

0

हैदराबाद में ऑटो किराए को लेकर हुए विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया, जहां दो आरोपियों ने एक सुनार पर गोली चला दी. पश्चिम बंगाल का रहने वाला 36 साल का सुनार निर्माण स्थल से लौटते वक्त ऑटो ड्राइवर से विवाद में उलझ गया था. आरोप है कि ऑटो में बैठे दो यात्रियों ने गाली-गलौज के बाद उस पर गोली चला दी. पुलिस ने 24 घंटे में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हथियार बरामद कर लिया है.

हैदराबाद के शमशाबाद मंडल में ऑटो-रिक्शा किराए को लेकर हुए विवाद में एक 36 साल के सुनार पर दो लोगों ने गोली चला दी. पश्चिम बंगाल का रहने वाला यह सुनार हैदराबाद के चारमीनार क्षेत्र के गांसी बाजार में रहता है और निर्माणाधीन घर की निगरानी करने के बाद अपने रिश्तेदार के साथ लौट रहा था. घटना 20 नवंबर की तड़के लगभग 1 बजे हुई, जब दोनों ऑटो से शहर के सिटी कॉलेज की तरफ जा रहे थे.

न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुतााबिक सुनार और उसके रिश्तेदार ने ऑटो रोका और ड्राइवर से पूछा कि क्या वह उन्हें सिटी कॉलेज छोड़ सकता है. इस पर किराए को लेकर बहस शुरू हो गई. ड्राइवर ने 800 रुपये मांगे, जबकि सुनार ने 500 रुपये देने की पेशकश की. प्रस्ताव न मानने पर दोनों ने ड्राइवर से आगे जाने को कहा, तभी ऑटो में बैठे दो अन्य यात्री बाहर निकले और सुनार तथा उसके रिश्तेदार को गाली देने लगे.

पीड़ित के अनुसार, दोनों ने पहले मारपीट की और फिर उनमें से एक ने ऑटो से एक हथियार निकाला और सुनार के पेट में गोली मार दी. गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा. इस दौरान दूसरे आरोपी ने सुनार का मोबाइल फोन भी छीन लिया. दोनों आरोपी ऑटो लेकर मौके से फरार हो गए.घायल सुनार ने किसी तरह ‘डायल 100’ पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी. पुलिस टीम तुरंत वहां पहुंची और उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी सर्जरी कर पेट से गोली निकाल दी. फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है.

शमशाबाद पुलिस ने बताया कि घटना के 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. साथ ही वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार को भी बरामद कर लिया गया है. पकड़े गए दोनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया है और छीना गया मोबाइल भी वापस मिल गया है.

BHAKTI : गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस पर उमड़ा भक्तों का सैलाब, 23 नवंबर तक चलेगा विशेष आयोजन!

0

आज गुरु तेज बहादुर जी के 350वें शहीद दिवस के मौके पर तख़्त श्री हरमंदिर साहिब में विशेष कीर्तन समागम की शुरुआत हो रही है. इस पावन अवसर पर शुक्रवार से ही गुरबाणी के अखंड पाठ भी शुरू हो चुका है.जिसमें शामिल होने के लिए देश के अलग-अलग हिस्से जैसे- पंजाब, हरियाणा, दिल्ली से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पटना पहुंचे हैं. वहीं तख़्त साहिब परिसर में हो रहे इस आध्यात्मिक कार्यक्रम में छोटे-छोटे बच्चों से लेकर बुज़ुर्ग तक बड़ी आस्था और श्रद्धा के साथ गुरबाणी का पाठ और कीर्तन कर रहे हैं.

रागी जत्थों ने इस कीर्तन को गुरु तेग बहादुर जी के जीवन, बलिदान और सिद्धांतों को याद हुए प्रस्तुत किया, जिसके बाद वहां का वातावरण भाव, भक्ति और गुरु प्रेम से सराबोर हो उठा. श्रद्धालुओं ने बताया कि इस आयोजन में शामिल होना उनके लिए सौभाग्य की बात है, क्योंकि गुरु तेग बहादुर जी की शिक्षाएं आज भी मानवता के लिए प्रेरणा बनी हुई हैं.

आयोजन समिति ने आगामी दिनों में दीवान, शबद-कीर्तन, अरदास और नगर कीर्तन जैसे कई कार्यक्रम आयोजित किए. वहीं जो भक्त दूर-दराज से केशगढ़ साहिब में शामिल होना चाहते थे, उन श्रद्धालुओं के लिए भी विशेष ट्रेन की व्यवस्था की गई. स्थानीय प्रबंधन के मुताबिक यह कार्यक्रम 23 नवंबर तक चलेगा, जिसमें आख़िरी दिन पर विशेष भोग और अरदास के साथ कार्यक्रम संपन्न किया जाएगा. प्रशासन ने आयोजन को लेकर सुरक्षा, भोजन-प्रबंध और आवास की व्यवस्था के लिए सेवादार मिलकर कार्य कर रहे हैं.

वहीं गुरुद्वारा परिसर में भी लंगर सेवा लगातार जारी है, जिसमें हजारों श्रद्धालु रोज़ाना प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं. सेवा भावना से जुड़े स्वयंसेवी दिन-रात व्यवस्था में लगे हुए हैं. इस महापर्व को लेकर पटना शहर में लोगों के बीच उत्साह भक्ति, सम्मान और गुरु परंपरा की झलक भी साफ़ दिखाई दे रही है.

NATIONAL : आइडियल कॉलेज में नमाज को लेकर विवाद, VHP-बजरंग दल ने जताई आपत्ति, एडमिनिस्ट्रेशन ने दिया कार्रवाई का आश्वासन

0

मुंबई के पास कल्याण में स्थित एक निजी कॉलेज में छात्रों द्वारा नमाज पढ़ने का वीडियो वायरल होते ही विवाद खड़ा हो गया. इस वीडियो पर हिंदू संगठनों ने आपत्ति जताई और मौके पर पहुंचकर कॉलेज प्रशासन से कार्रवाई की मांग की. सूचना पर पुलिस पहुंची और स्थिति को संभाल लिया. कॉलेज प्रशासन ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है.

कल्याण के आइडियल कॉलेज में कैंपस के अंदर कुछ छात्रों द्वारा नमाज पढ़ने का मामला सामने आने के बाद विवाद बढ़ गया है. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद हिंदू संगठनों ने कॉलेज पहुंचकर आपत्ति जताई. विवाद की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत किया. बाद में छात्रों ने कॉलेज प्रशासन और मौजूद कार्यकर्ताओं से माफी मांगी.

यह मामला फार्मेसी डिपार्टमेंट से जुड़े कुछ छात्रों से संबंधित बताया गया है. जैसे ही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता कॉलेज पहुंच गए और प्रशासन के सामने अपनी आपत्ति दर्ज कराई.उधर, बढ़ते विवाद को देखते हुए स्थानीय हिललाइन पुलिस को भी सूचना दी गई. कुछ ही देर में पुलिस टीम कॉलेज पहुंची और पूरे मामले के बारे में जानकारी ली. पुलिस ने कैंपस में मौजूद छात्रों, स्टाफ और संगठनों के प्रतिनिधियों से बात कर माहौल को शांत रखने की अपील की.

कॉलेज प्रशासन ने बताया कि कुछ छात्र एक खाली कक्षा में कुछ मिनटों के लिए नमाज़ पढ़ रहे थे. इसी दौरान किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जिसके बाद मामला संवेदनशील बन गया. वीडियो वायरल होने के बाद कुछ संगठनों ने संबंधित छात्रों पर कार्रवाई की मांग की.कॉलेज प्रशासन ने घटनाक्रम को गंभीरता से लेते हुए पुलिस से कहा कि यह मामला शैक्षणिक परिसर से जुड़ा है, इसलिए इसे कॉलेज स्तर पर ही सुलझाया जाना बेहतर होगा. पुलिस ने स्थिति को शांतिपूर्ण तरीके से नियंत्रण में रखा.

इसके बाद कॉलेज प्रबंधन ने संबंधित छात्रों को बुलाया और पूरे मामले पर उनसे चर्चा की. प्रशासन के अनुसार छात्रों ने स्वीकार किया कि वे नमाज़ पढ़ रहे थे, लेकिन उनका किसी विवाद को जन्म देने, नियमों का उल्लंघन करने या धार्मिक माहौल को प्रभावित करने का कोई इरादा नहीं था. किसी भी गलतफहमी से बचने के लिए छात्रों ने कॉलेज प्रशासन और मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं से माफी भी मांगी.

कॉलेज प्रशासन ने आगे कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में अनुशासन और निर्धारित नियमों का पालन अनिवार्य है. धार्मिक गतिविधियां संस्थान के नियमों के अनुरूप नहीं होतीं, इसलिए भविष्य में ऐसी कोई गतिविधि न हो, इसके लिए सख्त निगरानी की जाएगी. साथ ही, संस्थान ने छात्रों पर आवश्यक कार्रवाई किए जाने का भी आश्वासन दिया है.

घटना के बाद कॉलेज परिसर पूरी तरह शांत है. पुलिस कुछ समय तक निगरानी के बाद वहां से लौट गई. फिलहाल कॉलेज और पुलिस, दोनों ही स्तर पर मामले को शांतिपूर्ण तरीके से हैंडल किया गया है. हालांकि, अब तक किसी भी संगठन, छात्र या कॉलेज प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.

UP : DJ पर डांस विवाद में आठवीं के छात्र की हत्या, परिजनों की शिकायत के बाद मुकदमा दर्ज

0

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है. ठाकुर द्वारा थाना क्षेत्र में आठवीं कक्षा के छात्र सूरज (16) की पुरानी रंजिश के कारण गला दबाकर हत्या कर दी गई. दरअसल, घटना शादी समारोह में डीजे पर डांस को लेकर हुए झगड़े से जुड़ी बताई जा रही है.जानकारी के अनुसार, इस वारदात के बाद इलाके में तनाव फैल गया और परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हाईवे जाम करने की कोशिश की.

मोहल्ला वार्ड 22 निवासी रिंकू कश्यप ने बताया कि उनका बेटा सूरज मुस्लिम इंटर कॉलेज में कक्षा आठ का छात्र था. 20 नवंबर को दोपहर तीन बजे वह फरीद नगर में अपनी मौसी के घर गया था. घर पर मौसी न मिलने के बाद सूरज शाम तक घर नहीं लौटा. इसी दौरान किसी ने उसकी पत्नी सुनीता को फोन कर बताया कि सूरज सरकारी अस्पताल में गंभीर हालत में पड़ा है. यह सुनकर रिंकू की पत्नी सुनीता और उसके परिचित तुरंत अस्पताल पहुंचे.

अस्पताल में सूरज की हालत नाजुक देखकर पहले उसे काशीपुर ले जाया गया, फिर वहां से मुरादाबाद के कॉसमॉस अस्पताल में शिफ्ट किया गया. डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद रात 11 बजे उसने दम तोड़ दिया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ़ हुआ कि उसकी मौत गला दबाने से हुई है. उसके शरीर पर भी चोटों के निशान मिले हैं, जिससे हमले की पुष्टि और भी मजबूत हो गई है.

रिंकू कश्यप ने बताया कि एक साल पहले फरीद नगर में मौसेरी बहन की शादी में कुछ युवकों से डीजे पर डांस करने को लेकर झगड़ा हो गया था. गांव के प्रधान ने तब समझौता करा दिया था, लेकिन आरोपियों ने मन में रंजिश रख ली. रिंकू का आरोप है कि उसी विवाद के चलते सूरज की हत्या की गई.शुक्रवार शाम जब सूरज का शव घर पहुंचा तो परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. सभी ने आरोपी युवकों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग करते हुए मुरादाबाद हाईवे जाम करने का प्रयास किया. सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ कोतवाली प्रभारी मनोज परमार मौके पर पहुंचे. बीजेपी नेता शिवेंद्र गुप्ता ने भी लोगों को समझाकर शांत कराया.

एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर फरीदनगर निवासी कलुआ, उसके भाई शेर सिंह, अर्जुन और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है.

UP : FB पर एक फ्रेंड रिक्वेस्ट और फिर 2.90 करोड़ की साइबर ठगी… नोएडा के शख्स को महिला ने ठगा

0

उत्तर प्रदेश के नोएडा से एक ठगी का मामला सामने आया है. जहां एक व्यक्ति से 2.90 करोड़ रुपये की ठगी कर ली गई. फिलहाल मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.

नोएडा से एक चौंकाने वाला साइबर फ्रॉड सामने आया है. जहां साइबर ठगों ने सेक्टर-11 निवासी शख्स से ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 2 करोड़ 90 लाख रुपये की ठगी की घटना को अंजाम दिया है. पीड़ित ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन, सेक्टर-36 में एफआईआर दर्ज करवाई है. जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.

पीड़ित सेक्टर 11 निवासी 40 वर्षीय नितिन पांडे के द्वारा पुलिस को दिए शिकायत के अनुसार 25 जून 2025 को उनकी फेसबुक प्रोफाइल पर सुनेहा शर्मा नाम की एक महिला की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई थी. खुद को जबलपुर निवासी बताने वाली इस महिला ने कुछ दिनों तक सामान्य बातचीत की और फिर वह व्हाट्सएप पर भी बात करने लगी.

करीब 8–10 दिनों की बातचीत में उसने पीड़ित को ‘FINALTO’ नाम के फॉरेक्स ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर निवेश करने के लिए उकसाया. महिला ने लगातार हर ट्रेडिंग सेशन में 15–20% मुनाफे का स्क्रीनशॉट दिखाते हुए भरोसा जीत लिया. इसके बाद नितिन पांडे ने 4 जुलाई 2025 को 50 हजार रुपये से ट्रेडिंग शुरू कर दी. अगले चार महीनों में पीड़ित ने रिश्तेदारों से उधार और बैंक लोन लेकर कुल 2.90 करोड़ रुपये जमा कर दिए.

पीड़ित को फ्रॉड का एहसास तब हुआ जब वह अपने प्लेटफॉर्म पर दिख रहे 7.90 करोड़ रुपये में से कुछ राशि निकालने की कोशिश की. क्योंकि उसे किसी भी ट्रांजैक्शन की अनुमति नहीं दी गई. इसके बाद कथित महिला ने व्हाट्सएप और फेसबुक पर पीड़ित को ब्लॉक कर दिया.

जिसके बाद पीड़ित को पता चला कि उनके साथ साइबर ठगी हुई है. पीड़ित ने इसकी शिकायत सेक्टर 36 साइबर क्राइम थाने में दर्ज करवाया. फिलहाल पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच कर रही है.

ENTERTAINMENT : ‘मस्ती 4’ का ओपनिंग डे पर धमाल, कर डाली शानदार कमाई, अजय देवगन और फरहान अख्तर की फिल्में रह गईं पीछे

0

मिलाप जावेरी अपनी पिछली रिलीज़ ‘एक दीवाने की दीवानियत’ के उम्मीद से बढ़कर और ज़बरदस्त सफलता के साथ सातवें आसमान पर हैं. कंट्रोल बजट में बनी इस फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर ज़बरदस्त कमाई की थी और 2025 में सबसे ज़्यादा मुनाफ़ा कमाने वाली हिंदी फिल्मों में से एक बन गई. अब, फिल्म मेकर ने ‘मस्ती’ के तड़के के साथ कमबैक किया है. लगा है. दरअसल हम बात कर रहे हैं रितेश देशमुख, विवेक ओबेरॉय और आफताब शिवदसानी स्टारर ‘मस्ती 4’ की, जो इस शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई है. चलिए यहां जानते हैं ‘मस्ती 4’ ने कितने करोड़ से ओपनिंग की है.

‘मस्ती’ फ्रेंचाइजी की शुरुआत साल 2004 में हुई थी. इसके बाद इसका दूसरा पार्ट साल 2013 ग्रैंड मस्ती आया था और तीसरा पार्ट ग्रेट ग्रैंड मस्ती था. वहीं अब इसका चौथा पार्ट ‘मस्ती 4’ रिलीज हुआ है. इसके दो पार्ट हिट रहे थे. दरअसल उस समय, ऐसी एडल्ट कॉमेडीज़ के लिए अच्छी संख्या में दर्शक मौजूद थे, लेकिन समय के साथ, इस जॉनर की पॉपुलैरिटी में भारी गिरावट आई. नतीजतन, तीसरा भाग, ग्रेट ग्रैंड मस्ती, उम्मीद के मुताबिक़ नहीं चला. वहीं अब ‘मस्ती 4’ की शुरुआत भी बहुत खास नहीं हुई है. हालांकि इसने ओपनिंग डे पर फरहान अख्तर की 120 बहादुर से ज्यादा कमाई की है.

‘मस्ती 4’ ने यूं तो बॉक्स ऑफिस पर बंपर ओपनिंग नहीं की है लेकिन इस फिल्म ने फ्रेंचाइजी की सबसे पहली किस्त ‘मस्ती’ (2004 में आई) के ओपनिंग डे कलेक्शन 1.80 करोड़ को मात दे दी है. हालांकि ये ग्रैंड मस्ती (2013) के पहले दिन की कमाई 12.50 करोड़ को मात नहीं दे पाई. वहीं ये ग्रेट ग्रैंड मस्ती के ओपनिंग डे कलेक्शन 2.65 करोड़ को पीछे छोड़ने से भी इंचभर दूर रह गई.

वहीं इस फिल्म ने फरहान अख्तर की 120 बहादुर को भी पीछे छोड़ दिया. बता दें कि 120 बहादुर ओपनिंग डे पर 2.35 करोड़ कमा पाई है. जबकि अजय देवगन की दे दे प्यार दे 2 ने शुक्रवार को 8वें दिन 2.25 करोड़ का कलेक्शन किया है.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ‘मस्ती 4’ का बजट 38 से 40 करोड़ रुपये बताया जा रहा है. जिसमें प्रोडक्शन और प्रमोशन का खर्च भी शामिल हैं. वहीं मेकर्स को उम्मीद है कि फिल्म की कमाई में वीकेंड पर तेजी आएगी. अब देखने वाली बात होगी कि क्या ये फिल्म शनिवार और रविवार की छुट्टी का फायदा उठा पाती है या नहीं.

LIFESTYLE : दुनिया का सबसे बड़ा शिवलिंग बनकर हुआ तैयार, 96 पहिए वाली ट्रक से बिहार के लिए हुआ रवाना

बिहार के पूर्वी चंपारण स्थित चकिया में बन रहे दुनिया के सबसे बड़े विराट रामायण मंदिर के लिए 33 फीट का शिवलिंग बनकर तैयार हो चुका है. इस शिवलिंग का निर्माण तमिलनाडु के महाबलीपुरम स्थित पट्टीकाडु गांव में बीते 10 सालों से चल रहा था.33 फीट का ये शिवलिंग ग्रेनाइट पत्थर से बनकर तैयार हुआ है. बीते दिन शुक्रवार यानी 21 नवंबर 2025, को महाबलीपुरम से 96 पहिए वाली ट्रक से इस शिवलिंग को चंपारण स्थित विराट रामायण मंदिर के लिए रवाना कर दिया है.

शिवलिंग को रवाना करने से पहले विधिवत रूप से इसकी पूजा की गई, जिसमें गांव के लोग भी शामिल हुए. शिवलिंग को बनाने वाली कंपनी के संस्थापक विनायक वेंकटरमण ने कहा कि, इसे बनाने में करीब तीन करोड़ रुपये का खर्चा आया है.अगले साल फरवरी के आस पास यह शिवलिंग विराट रामायण मंदिर में स्थापित हो जाएगा. वैसे उम्मीद की जा रही है कि, जनवरी के मध्य ही शिवलिंग मंदिर में स्थापित हो जाए.

इस विशाल शिवलिंग को बनाने के लिए कलाकारों की 10 सालों की मेहनत है. शिवलिंग को महाबलीपुरम से बिहार पूर्वी चंपारण स्थित विराट रामायण मंदिर पहुंचाने में करीब 20 से 25 दिन का समय लग सकता है.बात की जाए शिवलिंग के वजन की तो यह 210 मीट्रिक टन का है. शिवलिंग बनाने वाली कंपनी ने बताया कि, रास्ते में कई राज्यों और शहरों में लोग शिवलिंग के दर्शन कर पाएंगे.

भारत में किसी भी मंदिर मं स्थापित होने वाला यह सबसे बड़ा शिवलिंग है. विराट रामायण मंदिर महावीर मंदिर न्यास समिति के द्वारा बनवाया जा रहा है. इस मंदिर के प्रवेश द्वार पर गणेश स्थल, सिंह द्वार, नंदी, शिवलिंग, गर्भ गृह का काम पूरा हो चुका है.विराट रामायण मंदिर 1080 फीट लंबा और 540 फीट चौड़ा होगा. जिसमें कुल 18 शिखर और 22 मंदिर होंगे औ मुख्य शिखर की ऊंचाई 270 फीट, चार शिखर की ऊंचाई 180 फीट, एक शिखर की ऊंचाई 135 फीट, आठ शिखर की ऊंचाई 108 फीट और एक शिखर की ऊंचाई 90 फीट होगी.

इस मंदिर का शिलान्यास 20 जून 2023 को किया गया था. इस मंदिर का निर्माण बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के केसारिया और चकिया के बीच जानकीनगर में हो रहा है. पटना से इस मंदिर की दूरी करीब 110 किलोमीटर है. महाबलीपुरम से इस शिवलिंग को होसुर, होसाकोट, देवनाहाली, कुरनुल, हैदराबाद, निजामाबाद, अदिलाबाद, नागपुर, सीवनी, जबलपुर, कंपनी, मैहर, सतना, रीवा, मिर्जापुर, आरा, छपरा, मसरख, मोहम्मदपुर, केसरिया होते चकिया विराट रामायण मंदिर लाया जाएगा.

Disclaimer: यहां मुहैया सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. यहां यह बताना जरूरी है किCN 24 NEWS किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें.

- Advertisement -