NATIONAL : कर्नाटक में फ्रिज में ब्लास्ट के बाद घर में लगी भीषण आग, परिवार की चार महिलाओं की मौत, दो की हालत गंभीर

0
64

Karnataka Refrigerator Blast: कर्नाटक के बेलगावी में मंगलवार तड़के एक घर में फ्रिज में धमाका होने के बाद भीषण आग लग गई, जिसमें एक ही परिवार की चार महिलाओं की झुलसने से मौत हो गई। हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें एक व्यक्ति करीब 80 प्रतिशत और उसका बेटा करीब 40 प्रतिशत झुलसा है। पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आग लगने की सही वजह का पता एफएसएल जांच के बाद ही चलेगा।

कर्नाटक के बेलगावी में मंगलवार तड़के एक घर में अचानक आग लगने से एक ही परिवार की चार महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घर में फ्रिज में धमाका होने के बाद आग भड़की और कुछ ही देर में पूरे मकान में फैल गई। हादसे में परिवार के दो अन्य सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

4 महिलाओं की झुलसकर मौत
यह घटना बेलगावी के चावत गली इलाके में करीब रात 2:30 बजे हुई। पुलिस के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि घर में मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। हादसे में गंगा डामोने (25), शारदा डामोने (45), प्रिया डामोने (28) और भारती डामोने (50) की मौके पर ही झुलसने से मौत हो गई।

शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की बात सामने आई
हादसे में 65 वर्षीय गजानन डामोने और उनके 21 वर्षीय बेटे रोशन डामोने को भी गंभीर चोटें आई हैं। दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस के मुताबिक गजानन करीब 80 प्रतिशत और रोशन लगभग 40 प्रतिशत तक झुलसे हैं। यह आग मार्केट पुलिस थाना क्षेत्र में लगी। बेलगावी के पुलिस आयुक्त प्रकाश निकम ने बताया कि शुरुआती जानकारी के आधार पर आग लगने के पीछे शॉर्ट सर्किट की आशंका सामने आई है। हादसे में बचे रोशन ने भी पुलिस को बताया कि उसने शॉर्ट सर्किट जैसी आवाज सुनी थी।

हालांकि, पुलिस अभी किसी एक वजह को अंतिम रूप से जिम्मेदार नहीं मान रही है। फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम और हुबली इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई कंपनी लिमिटेड (HESCOM) के अधिकारी मौके पर पहुंचकर घटना की जांच कर रहे हैं। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि फ्रिज में वास्तव में किस वजह से विस्फोट हुआ और आग कैसे लगी। चारों मृतकों के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनके शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here