असम के सोनारी इलाके से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति को मृत मानकर उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया, लेकिन 24 घंटे बाद जीवित अपने घर लौट आया।

जानकारी के अनुसार, इस सप्ताह की शुरुआत में पुलिस को सड़क किनारे एक अज्ञात शव मिला था। जांच के दौरान शव की पहचान सोनारी नगर के वार्ड नंबर 12 निवासी विजय कुर्मी के रूप में की गई।
उसी दिन अंतिम संस्कार कर दिया
आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिवार ने भी पहचान की पुष्टि करते हुए उसी दिन अंतिम संस्कार कर दिया। विजय कुर्मी के भाई विनोद कुर्मी ने स्थानीय लोगों की मौजूदगी में सभी अंतिम संस्कार की रस्में पूरी कीं।
खुद साइकिल चलाकर घर पहुंच गया
हालांकि, घटना ने उस समय अप्रत्याशित मोड़ ले लिया जब अगले ही दिन विजय कुर्मी खुद साइकिल चलाकर घर पहुंच गया। घर पहुंचने पर उसने देखा कि उसके नाम पर मृत्यु से जुड़ी रस्में चल रही हैं, जिसे देखकर वह हैरान रह गया।
परिजनों से बातचीत के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ कि जिस शव का अंतिम संस्कार किया गया था, उसकी पहचान गलती से विजय कुर्मी के रूप में कर ली गई थी।
अचानक लौटने से पूरे इलाके में हैरानी
स्थानीय लोगों के मुताबिक, परिवार ने शव को विजय समझकर अंतिम संस्कार कर दिया था। उसके अचानक लौटने से पूरे इलाके में हैरानी है। फिलहाल, पुलिस ने इस मामले में गलत पहचान कैसे हुई, इसकी जांच शुरू कर दी है।


