NATIONAL : जिम वाले लड़के और पहलवान लठ लेकर चलें जंतर-मंतर; कॉकरोच जनता पार्टी के खिलाफ ऐसी अपीलें

0
182

एक तरफ जहां कॉकरोच जनता पार्टी जंतर-मंतर पर लोगों से जुटने की अपील कर रही है तो दूसरी तरफ उनके खिलाफ भी जुटान की कोशिशें हो रही हैं। एक इंफ्लुएंशर के कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिसमें वह पहलवानों और जिम जाने वाले लड़कों को लाठी लेकर जुटने को कह रहा है।

मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान कर चुकी है। अधिक से अधिक लोगों के पहुंचने की अपील की जा रही है। इस बीच, कुछ ऐसे लोग भी सक्रिय हो गए हैं, जो सीजेपी को पसंद नहीं करते। कुछ तो जंतर-मंतर पर जाकर उन्हें पीटने और हमले की भी अपील कर रहे हैं। एक सोशल मीडिया इंफ्लुएंशर का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जो दिल्ली, यूपी, हरियाणा के पहलवानों और जिम जाने वाले लड़कों से लाठी लेकर 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पहुंचने की अपील कर रहा है।

कॉकरोच जनता पार्टी को खदेड़ने की अपील कर रहा शख्स कुमुद राव ऊर्फ रिंकू यादव है। वह हरियाणा का रहने वाला है। जिम और फिटनेस के वीडियो बनाने वाले कुमुद का इंस्टाग्राम पर रिंकू पहलवान नाम से अकाउंट है। फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर रिंकू को करीब साढ़े चार लाख लोग फॉलो करते हैं। पिछले कुछ दिनों से वह अपने सोशल मीडिया हैंडल्स पर वीडियो डालकर लोगों से लाठी लेकर जंतर-मंतर पहुंचने की अपील कर रहा है।

वह पहलवानों और जिम जाने वाले लड़कों से लाठी लेकर जंतर-मंतर जाने की अपील करते हुए कहता है कि यह भगत सिंह बनने का मौका है। एक वीडियो में वह हाथ में डंडा लिए गाड़ी की सीट पर बैठकर कहता है, ‘यूपी, हरियाण और दिल्ली के जितने भी पहलवान हैं, जिम जाने वाले तगड़े बालक हैं। देश बचाने का टाइम आ गया, देशभक्ति का। यही समय है जब आप भगत सिंह बन सकते हो, बार-बार मौके नहीं मिलते हैं। ये कॉकरोच देश का माहौल खराब कर रहे हैं। पहले इन्होंने पेपर लीक का बहाना बनाकर दिल्ली में आंदोलन किया, आतंक मचाने की कोशिश की, संसद में घुसने की कोशिश की, लेकिन नाकामयाब रहे। अब इनको वोट चोरी का बहाना मिल गया, जोकि गलत अफवाह फैलाई जा रही है। इसलिए सरकार को नीचा दिखाने के लिए और देश में आतंक फैलाने के लिए ये इकट्ठा हो रहे हैं।’

आगे वह कहता है कि बीजेपी का सपोर्टर नहीं है। रिंकू ने कहा, ‘अगर वोट चोरी से बंगाल में शांति हो सकती है तो पूरे देश में हो सकती है। जो अशांति फैलाते हैं उनके वोटों की हमें जरूरत भी नहीं है। 10 अक्टूबर को सारे के सारे मेरे साथ जंतर मंतर पहुंच जाना लठ लेके, इस बार इनको खदेड़ना है। मैं बीजेपी का सपोर्टर नहीं हूं। अगर ये अखिलेश यादव, ममता बनर्जी, अरविंद केजरीवाल का समर्थन नहीं लेते तो मैं भी इनके साथ खड़ा होता। इन्होंने नसीरुद्दीन शाह और प्रकाश राज का सहारा लिया ये सारे देशद्रोही हैं। 10 अक्टूबर को पहुंच जाना लठ के साथ’

रिंकू ने एक और वीडियो में कहा, ’50 बालक 6-6 फुट के मेरे साथ खड़े हो गए ना, सिर्फ 50 तेल निकाल दूंगा कॉकरोचों का। एक को भी नहीं छोड़ूंगा। पुलिस की जरूरत नहीं है। 50 गीदड़ मिलकर भी एक शेर का शिकार नहीं कर सकते हैं। देशद्रोहियों आतंक मचाओगे देश के अंदर।’ एक अन्य वीडियो में वह कहता है कि 10 अक्टूबर को वह जंतर-मंतर जरूर जाएगा और लाठी लेकर कॉकरोच जनता पार्टी के सदस्यों को भगाएगा। वह अपने साथ अन्य लोगों के जुटने की भी अपील कर रहा है।

दिल्ली पुलिस के लिए बढ़ी चुनौती
इन वीडियोज को बड़ी संख्या में लोग शेयर कर रहे हैं। कॉमेंट सेक्शन में कई लोग जंतर-मंतर जाकर कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध की बात भी कर रहे हैं। ऐसे में दिल्ली पुलिस के लिए चुनौती बढ़ने वाली है। एक तरफ जहां बिना अनुमति बड़ी संख्या में सीजेपी समेत अन्य छात्र संगठनों से जुड़े लोग जुटने वाले हैं तो दूसरी तरफ इनके विरोध में भी जुटान की अपीलें हो रही हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here