मथुरा: मशहूर संत प्रेमानंद महाराज वैसे तो लगातार चर्चा में बने रहते हैं पर पिछले कुछ दिनों से उनका श्रीहित राधा केलिकुंज आश्रम विवादों के साए में है। 25 सितंबर को प्रेमानंद महाराज के एक शिष्य ने चौथे मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली थी। इसके अलावा आश्रम में रहने वाले एक बालक के गायब होने का दावा कर परिजनों ने धरना-प्रदर्शन किया। दिनेश फलाहारी महाराज ने आश्रम में गुटबाजी और बिल्डर लॉबी के घुसने से जुड़े आरोप लगाकर माहौल और गरमा दिया है। इस बीच, पूर्व रॉ एजेंट लकी बिष्ट ने प्रेमानंद महाराज के बचाव में एक वीडियो जारी किया है। उन्होंने संत के आश्रम में आने वाले सेलेब्रेटीज पर भी निशाना साधा है।
वीडियो में लकी बिष्ट ने कहा- देश के लोगों से निवेदन है कि इतना नीचे मत गिर जाओ कि इंसानियत को शर्म आ जाए। उन लोगों को छोड़ दो जिनका जीवन सिर्फ समाज के भलाई के लिए है। राजनीति करने के लिए देश में बहुत लोग हैं। उन पर राजनीति कीजिए। आप एक संत पर इतने गंदे आरोप लगा रहे हैं। आप इतना नीचे गिर गए हैं कि एक संत जो मृत्यु के स्टेज पर हैं, उनको भी नहीं छोड़ रहे हैं।

‘सेलेब्रेटीज के मुंह से आवाज तक नहीं निकल रही’
लकी बिष्ट ने आगे कहा- आप उनके ऊपर दोष लगा रहे हो कि कुछ लोग गायब हुए हैं। क्या प्रेमानंद महाराज ने लोगों को गायब किया है क्या। जो सेलेब्रेटीज प्रेमानंद महाराज के आश्रम में आशीर्वाद लेने जाते थे, आज उनके मुंह से आवाज तक नहीं निकल रही है। उनको लग रहा होगा कि हम अगर इस कंट्रोवर्सी में फंसेंगे तो लोग क्या सोचेंगे। आप किसी संत को पूजते हो पर जब उन पर कोई सवाल उठाता है तो आप बात तक नहीं करते।
प्रेमानंद के आश्रम छोड़ने का दावा
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि अपने आश्रम की गुटबाजी से परेशान होकर प्रेमानंद महाराज केलिकुंज आश्रम से करीब 20 किमी दूर बेलवन आश्रम चले गए हैं।
दो साल से लापता बेटे की तलाश में वृंदावन पहुंचा दंपती
दूसरी ओर, अपने लापता बेटे प्रिंस की तलाश में मेरठ से एक परिवार वृंदावन पहुंचा है। दंपती ने प्रेमानंद महाराज के आश्रम के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने अपने साथ मारपीट करने का आरोप भी लगाया है। दंपती का कहना है कि वे दो साल से बेटे को तलाश रहे हैं। उनका दावा है कि प्रिंस 2024 में परिवार के साथ्ज्ञ केलिकुंज में एकांतिक वार्ता में शामिल होने आया था। वार्ता खत्म होने के बाद परिवार के सदस्य बाहर चले गए पर प्रिंस नहीं निकला। काफी देर तक इंतजार करने के बाद उसकी तलाश शुरू की गई।

