Thursday, April 2, 2026
Home Blog Page 134

NATIONAL : ‘वर्दी वाली मां’ ने लुटाया लाड-प्यार… छापा पड़ा तो भाग निकले मां-बाप, बेड पर रोता हुआ मिला नवजात, लेडी पुलिस अफसर ने पिलाया दूध

0

पुलिस की वर्दी के पीछे भी एक संवेदनशील इंसान होता है और यह तब साबित हुआ जब दतिया पुलिस की एक टीम अवैध शराब की तलाश में कंजर डेरों पर पहुंची. यहां पुलिस को शराब तो नहीं मिली, लेकिन एक ऐसा मासूम मिला जिसे उसकी मां डर के मारे अकेला छोड़कर भाग गई थी.पुलिस की वर्दी के अंदर भी एक इंसान होता है. खासकर महिला पुलिस अधिकारी के दिल बहुत संवेदनशील होते हैं. मध्य प्रदेश के दतिया में कुछ ऐसा ही देखने को मिला, जब वर्दी वा मां को भी एक मासूम पर ममता आ गई.

दरअसल, फुलरा गांव में अवैध शराब की सूचना पर चिरुला थाना पुलिस और आबकारी विभाग की टीम कंजर डेरा पहुंची तो वहां मौजूद महिला और पुरुष तो भाग गए, लेकिन डेरा पर पुलिस को कुछ बच्चे मिले. इन बच्चों में रोता बिलखता एक मासूम भी मिला.मासूम को देखकर पुलिस की टीम में शामिल महिला पुलिस अधिकारी आकांक्षा जैन के अंदर की ममता जाग उठी. SDOP आकांक्षा जैन ने बच्चे को गोद में लेकर दुलार किया, फिर बच्चे को बोतल से दूध पिलाया और गर्म कपड़े पहनाए. वर्दी में एक अधिकारी को इस तरह बच्चे की देखभाल करते देख वहां मौजूद स्टाफ और ग्रामीण भी भावुक हो उठे.

SDOP का बच्चे को प्यार-दुलार लुटाने का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. ये वीडियो 25 जनवरी का बताया जा रहा है. लोग ‘वर्दी वाली मां’ कहकर आकांक्षा जैन की तारीफ कर रहे हैं.

NATIONAL : ‘वो लाइट मोबाइल की नहीं थी’, इंजीनियर युवराज मौत मामले में SIT की रिपोर्ट में हैरान करने वाले दावे

0

नोएडा में इंजीनियर युवराज की मौत की एसआईटी की टीम जांच कर रही है. इस जांच के दौरान अधिकारियों ने युवराज के रेस्क्यू ऑपरेशन को लेकर ऐसे दावे किए गए हैं, जिसे सुनकर हर कोई हैरान है. अधिकारियों का कहना है कि इंजीनियर की रेस्क्यू के लिए पौने दो घंटे का समय नहीं बल्कि आधे घंटे से भी कम का समय था जो काफी नहीं था.

इंजीनियर मामले की जांच एसआईटी की तीन सदस्यीय टीम कर रही है. इस टीम के सामने जांच के लिए पेश हुए अधिकारियों का कहना है कि युवराज के वीडियो में जो लाइट दिख रही थी वो उसके मोबाइल की नहीं बल्कि उसकी कार की थी. उन्होंने कॉल डिटेल्स का हवाला देते हुए ये दावा किया है.

दरअसल युवराज के पिता और मौके पर मौजूद चश्मदीदों ने दावा किया था कि युवराज पौने दो घंटे तक मोबाइल की टॉर्च जलाकर मदद मांग रहा था. लेकिन, टीम का कहना है कि 12.20 बजे के बाद से युवराज की ओर से किसी तरह की हलचल नहीं थी. वीडियो में जो लाइट जलती हुई दिख रही है वो उसके मोबाइल फ़ोन की नहीं बल्कि कार की थी. उन्हें रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए आधे घंटे से भी कम समय मिला जो काफी नहीं था.

युवराज मामले की जांच मंगलवार को पूरी कर ली गई है. इस जाँच में एसआईटी की टीम ने नोएडा प्राधिकरण से कुछ सवालों के जवाब लिए. ये सवाल स्पोर्स्ट्स सिटी के उस प्लॉट पर प्राधिकरण के वर्क सर्कल 10 से पहले की गई कार्रवाई को लेकर थे. वर्क सर्कल ने बताया कि बिल्डर को गड्ढे में भरे पानी को लेकर नोटिस दिया गया था. यहां होर्डिंग्स भी लगवाए गए थे जिन्हें बाद में हटवा दिया गया था.

बता दें कि 16 जनवरी की रात को गुड़गांव से लौट इंजीनियर युवराज की कार कोहरे की वजह से हादसे का शिकार हो गई थी, जिसके बाद ये कार गड्ढे में जा गिरी. इस मामले की जांच के लिए 20 जनवरी को एसआईटी की टीम का गठन किया था. सीएम योगी आदित्यनाथ भी इस घटना को लेकर गंभीर हैं. मेरठ दौरे के दौरान भी उन्होंने इसकी जाँच को लेकर जानकारी ली थी. एसआईटी जाँच की रिपोर्ट मंगलवार को पेश होनी थी लेकिन अभी तक इसे दिया गया है या नहीं इसे लेकर जानकारी नहीं मिल पाई है. इस रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.

ENTERTAINMENT : ‘बॉर्डर 2’ के आगे आखिरी सांसे गिन रहीं धुरंधर-द राजा साब सहित तमाम फिल्में, जानें- मंगलवार की बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट

सिनेमाघरों में इन दिनों सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ दर्शकों की फेवरेट बनी हुई है. इस फिल्म को रिलीज हुए 5 दिन हो चुके हैं और इस दौरान इसने बॉक्स ऑफिस पर शानदार परफॉर्म किया है. वहीं थिएटर में चल रही बाकी फिल्मों की बात की जाए तो महा ब्लॉकबस्टर बन चुकी ‘धुरंधर’ 8वें हफ्ते में भी कमाई कर रही है हालांकि अब इसके कलेक्शन में भारी गिरावट आ चुकी है. वहीं प्रभास की ‘द राजा साब’ तो बॉक्स ऑफिस पर अंतिम सांसें गिन रही है. इन सबके बीच चिरंजीवी की फिल्म ‘मना शंकर वरा प्रसाद गारू’ टिकट खिड़की पर जमी हुई. चलिए जानते हैं मंगलवार को इन सभी फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर कितना कारोबार किया है?

‘बॉर्डर 2’ का निर्देशन अनुराग सिंह ने किया है और इस फिल्म में सनी देओल के अलावा वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी ने अहम रोल प्ले किया है. ये देशभक्ति से भरी शानदार फिल्म रिलीज के पहले दिन से ही दर्शकों पर जादू कर चुकी है. इसी के साथ 30 करोड़ से ओपनिंग करने वाली इस फिल्म ने चार दिन में ही 180 करोड़ कमा लिए थे. वहीं सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक ‘बॉर्डर 2’ ने रिलीज के 5वें दिन यानी मंगलवार को कमाई में गिरावट देखी फिर भी इसने 19.50 करोड़ का कारोबार किया. इसी के साथ ‘बॉर्डर 2’ की भारत में अब 5 दिनों की कुल कमाई 196.5 करोड़ रुपये हो गई है.



‘चथा पचा: द रिंग ऑफ़ रॉडीज़’ ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छी शुरुआत की थी. इस फिल्म ने पहले पांच दिनों में अच्छा परफॉर्म किया और भारत में लगभग 12.00 करोड़ रुपये नेट कमाए.वहीं सैकनिल्क के आंकड़ो के मुताबिक छठे दिन, मंगलवार को फिल्म की कमाई में गिरावट देखी गई. इसने भारत में लगभग 62 लाख रुपये नेट कमाए. यह गिरावट उम्मीद के मुताबिक थी क्योंकि हफ़्ते के दिनों में आमतौर पर कम दर्शक होते हैं. फिर भी फिल्म अपने टोटल में कुछ और जोड़ने में कामयाब रही और अब यह भारत में 12.62 करोड़ रुपये नेट पर पहुंच गई है.

प्रभास की द राजा साब सिनेमाघरों मे तीसरे हफ्ते में हैं. इस दौरान इस फिल्म ने काफी निराशानजर परफॉर्म किया है. 400 करोड़ की लागत से बनी ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप रही है. वहीं फिल्म के कलेक्शन की बात करें तो रिलीज के 19वें दिन यानी तीसरे मंगलवार को इस फिल्म ने महज 34 लाख की कमाई की है. जिसके बाद इसका भारत में कुल कलेक्शन अब 144.22 करोड़ रुपये हो गया है.

धुरंधर का 54वें दिन का बॉक्स ऑफिस परफॉर्मेंस एक बार फिर फिल्म की ज़बरदस्त टिके रहने की ताकत को साबित करता है. इस फिल्म ने 8वें मंगलवार, 27 जनवरी, 2026 को भारत में लगभग 75 लाख कमाए. इसी के साथ इस फिल्म के 54 दिनों का कुल नेट कलेक्शन अब 891.55 करोड़ रुपये हो गया है. खास बात यह है कि फिल्म सिनेमाघरों में अपने आठवें हफ़्ते में भी दर्शकों को खींच रही है.

चिरंजीवी की फिल्म मना शंकर वर प्रसाद गारू बॉर्डर 2 के आगे भी जमी हुई है और अच्छी कमाई भी कर रही है. सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक रिलीज के 16वें दिन यानी तीसरे मंगलवार को इस फिल्म ने 2.1 करोड़ का कलेक्शन किया है. इसी के साथ इस फिल्म की 16 दिनों की कुल कमाई अब 199.35 करोड़ रुपये हो गई है. ये फिल्म 200 करोड़ी बनने से इंचभर दूर है.

NATIONAL : दिल्ली में छोटे कारोबारियों को मिलेगी नई ताकत, बिना गारंटी लोन के लिए उठाया गया यह बड़ा कदम

0
Micro और Small Enterprises को बैंक से लोन लेने के लिए किसी न किसी तरह की गारंटी या संपत्ति गिरवी रखनी पड़ती थी. कई बार इसी वजह से अच्छे बिजनेस आइडिया भी जमीन पर नहीं उतर पाते थे.दिल्ली सरकार ने Micro और Small Enterprises को सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में दिल्ली सरकार और CGTMSE के बीच एक अहम समझौता हुआ है, जिससे अब छोटे उद्यमियों को बिना गारंटी और बिना संपत्ति गिरवी रखे लोन मिल सकेगा. यह फैसला राजधानी के कारोबारी माहौल को नई रफ्तार देने वाला माना जा रहा है.

मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में दिल्ली सरकार और Credit Guarantee Fund Trust for Micro and Small Enterprises यानी CGTMSE के बीच आज एक महत्वपूर्ण MoU पर हस्ताक्षर किए गए. इस समझौते का उद्देश्य छोटे और सूक्ष्म उद्यमियों की सबसे बड़ी समस्या, गारंटी के बिना लोन न मिल पाने, का स्थायी समाधान निकालना है.

अब तक Micro और Small Enterprises को बैंक से लोन लेने के लिए किसी न किसी तरह की गारंटी या संपत्ति गिरवी रखनी पड़ती थी. कई बार इसी वजह से अच्छे बिजनेस आइडिया भी जमीन पर नहीं उतर पाते थे. दिल्ली सरकार के इस फैसले से उद्यमियों को बिना किसी गारंटी के लोन मिलने का रास्ता साफ हो गया है.

इस योजना के तहत CGTMSE 75 से 90 प्रतिशत तक लोन की गारंटी देगा. वहीं दिल्ली सरकार अतिरिक्त सहयोग देकर कुल रिस्क कवरेज को 95 प्रतिशत तक मजबूत करेगी. इसके लिए दिल्ली सरकार ने 50 करोड़ रुपये का विशेष फंड तय किया है, ताकि बैंकों का जोखिम कम हो और लोन वितरण को बढ़ावा मिले.

यह योजना मैन्यूफैक्चरिंग, सर्विसेज, रिटेल और शिक्षा सहित कई क्षेत्रों से जुड़े उद्यमियों के लिए संजीवनी साबित होगी. खास तौर पर स्टार्टअप्स और छोटे कारोबारियों को इससे बड़ा सहारा मिलेगा और वे अपने बिजनेस को तेजी से आगे बढ़ा सकेंगे.इस मौके पर कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे. सभी ने इस MoU को दिल्ली के आर्थिक विकास और रोजगार सृजन की दिशा में मील का पत्थर बताया.

PUNJAB : पिता असम में ITBP में असिस्टेंट कमांडेंट, मां नोएडा में सुपरिटेंडेंट… बेटा ड्रग्स सप्लाई में गिरफ्तार

0

चंडीगढ़ पुलिस ने 10.1 ग्राम आइस के साथ अभिषेक चंदेल को गिरफ्तार किया. उसके पिता आईटीबीपी में कमांडेंट हैं और मां सुपरिटेंडेंट हैं. आरोपी ड्रग सप्लाई के लिए चंडीगढ़ आया था. पुलिस अभी उसके ड्रग नेटवर्क की जांच कर रही है. आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया और माता-पिता को गिरफ्तारी की जानकारी नहीं दी गई है.

चंडीगढ़ पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने एक युवक को गिरफ्तार किया है जो शहर में ड्रग्स सप्लाई करने आया था. आरोपी के पास से 10.1 ग्राम आइस (मेथम्फेटामाइन) बरामद हुई है. पूछताछ के दौरान उसने बताया कि वह ITBP में तैनात अधिकारियों का बेटा है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पिता असम में ITBP में असिस्टेंट कमांडेंट के पद पर तैनात हैं, जबकि उसकी मां नोएडा में उसी फोर्स में सुपरिटेंडेंट के पद पर काम कर रही हैं. उसके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है और कोर्ट में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. हालांकि, पुलिस ने अभी तक उसके माता-पिता को उसकी गिरफ्तारी के बारे में सूचित नहीं किया है. बड़े ड्रग रैकेट की जांच जारी है.

गिरफ्तार आरोपी की पहचान जीरकपुर के बट्टलाना निवासी अभिषेक चंदेल के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, वह चंडीगढ़ में ड्रग्स सप्लाई करने आया था. ANTF अब उसके ड्रग नेटवर्क की जांच कर रही है ताकि नशीले पदार्थों के सोर्स का पता लगाया जा सके और उन लोगों की पहचान की जा सके जिन्हें वह शहर में ड्रग्स सप्लाई कर रहा था.

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अभिषेक ड्रग्स देने के लिए i20 कार से चंडीगढ़ आया था. ANTF को पहले से जानकारी मिली थी, जिसके बाद सेक्टर 28 और आसपास के इलाकों में टीमें तैनात की गईं. चेकिंग के दौरान, पुलिस ने एक संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया, लेकिन ड्राइवर भागने की कोशिश करने लगा. थोड़ी देर पीछा करने के बाद पुलिस ने गाड़ी को रोक लिया. आरोपी की तलाशी लेने पर पुलिस को उसके पास से ड्रग्स बरामद हुई.

वजन करने पर जब्त किया गया नशीला पदार्थ 10.1 ग्राम आइस पाया गया. उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने अभी तक माता-पिता को सूचित नहीं किया है. पूछताछ के दौरान, आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह BTech ग्रेजुएट है और ऑनलाइन काम करता है. हालांकि, अपने ज़्यादा खर्च और लाइफस्टाइल के कारण, वह कथित तौर पर ड्रग्स तस्करी में शामिल हो गया.

BUSINESS : सोने-चांदी में रिकॉर्ड तेजी, जानें 28 जनवरी को आपके शहर में कितना चढ़ गया भाव

0

घरेलू फ्यूचर मार्केट में सोने की कीमतों में 28 जनवरी को तेजी देखने को मिल रही है. MCX पर एक्सपायरी वाला गोल्ड फ्यूचर वायदा बुधवार को 1,59,900 रुपये (प्रति 10 ग्राम) पर ओपन हुआ….

घरेलू फ्यूचर मार्केट में सोने की कीमतों में बुधवार, 28 जनवरी को तेजी देखने को मिल रही है. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 5 फरवरी, 2026 का एक्सपायरी वाला गोल्ड फ्यूचर वायदा बुधवार को 1,59,900 रुपये (प्रति 10 ग्राम) पर ओपन हुआ. इसके आखिरी कारोबारी दिन एमसीएक्स पर सोना 1,57,699 रुपये पर ट्रेड करते हुए बंद हुआ था.

28 जनवरी की सुबह 10:15 बजे, एमसीएक्स पर 5 फरवरी का एक्सपायरी वाला गोल्ड 1,61,232 रुपए पर ट्रेड कर रहा था. जो कि पिछले दिन की बंद कीमत से लगभग 3500 रुपये की तेजी दिखाता है. एमसीएक्स गोल्ड शुरुआती कारोबार में 1,62,429 रुपए के हाई लेवल पर पहुंचा था.

एमसीएक्स पर 5 मार्च 2026 का एक्सपायरी वाला सिल्वर 3,76,923 रुपये (प्रति किलो) पर ट्रेड कर रहा था. जो कि पिछले दिन की बंद कीमत से लगभग 20,500 रुपये की तेजी दिखाता है. एमसीएक्स सिल्वर शुरुआती कारोबार में 3,77,655 रुपये के हाई लेवल पर पहुंचा था. आइए जानते हैं कि आज आपके शहर में सोना और चांदी किस रेट पर बिक रहा है….

आपके शहर में सोने का भाव (गुड रिटर्न के अनुसार)

दिल्ली में सोने के दाम (प्रति 10 ग्राम)

24 कैरेट – 1,65,300 रुपए
22 कैरेट – 1,51,550 रुपए
18 कैरेट – 1,24,030 रुपए

मुंबई में सोने के दाम (प्रति 10 ग्राम)

24 कैरेट – 1,65,170 रुपए
22 कैरेट – 1,51,400 रुपए
18 कैरेट – 1,23,880 रुपए

चेन्नई में सोने के दाम (प्रति 10 ग्राम)

24 कैरेट – 1,67,340 रुपए
22 कैरेट – 1,53,300 रुपए
18 कैरेट – 1,27,850 रुपए

कोलकाता में सोने के दाम (प्रति 10 ग्राम)

24 कैरेट – 1,65,170 रुपए
22 कैरेट – 1,51,400 रुपए
18 कैरेट – 1,23,880 रुपए

अहमदाबाद में सोने के दाम (प्रति 10 ग्राम)

24 कैरेट – 1,65,200 रुपए
22 कैरेट – 1,51,450 रुपए
18 कैरेट – 1,23,930 रुपए

लखनऊ में सोने के दाम (प्रति 10 ग्राम)

24 कैरेट – 1,65,300 रुपए
22 कैरेट – 1,51,550 रुपए
18 कैरेट – 1,24,030 रुपए

पटना में सोने के दाम (प्रति 10 ग्राम)

24 कैरेट – 1,65,200 रुपए
22 कैरेट – 1,51,450 रुपए
18 कैरेट – 1,23,930 रुपए

हैदराबाद में सोने के दाम (प्रति 10 ग्राम)

24 कैरेट – 1,65,170 रुपए
22 कैरेट – 1,51,400 रुपए
18 कैरेट – 1,23,880 रुपए

अगर आज आप इन बहुमूल्य धातुओं की खरीदारी का प्लान बना रहे हैं, तो अपने शहर के ताजा भाव जरूर पता करना चाहिए. बुधवार के कारोबारी दिन इनकी कीमतों में तेजी देखने को मिल रही है. आज इन धातुओं को खरीदने के लिए ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे.

ENTERTAINMENT : ‘एक आर्टिस्ट को मार रहे हो’, अरिजीत ने खोली थी म्यूजिक इंडस्ट्री की पोल, पेमेंट इश्यूज से थे परेशान

अरिजीत सिंह ने म्यूजिक इंडस्ट्री में कलाकारों को सही समय पर पेमेंट न मिलने की समस्या पर खुलकर बात की थी. सिंगर की डिमांड थी कि म्यूजिशियंस और सिंगर्स के लिए एक पारदर्शी और सुरक्षित सिस्टम होना चाहिए, जिससे उन्हें उनका हक मिले.

मशहूर सिंगर अरिजीत सिंह ने फैंस को बड़ी अनाउंसमेंट कर तगड़ा झटका दिया है. उन्होंने प्लेबैक सिंगिंग को अलविदा कह दिया है. उनके इस फैसले ने फैंस का दिल तोड़ दिया है. लेकिन राहत इस बात की है कि अरिजीत म्यूजिक के साथ जुड़े रहेंगे. वो इंडिपेंडेंट म्यूजिक बनाएंगे. अरिजीत ने प्लेबैक सिंगिंग छोड़ने के कई कारण दिए हैं. इस बीच उनका एक पुराना इंटरव्यू सामने आया है, जिसमें सिंगर ने म्यूजिक इंडस्ट्री की बड़ी समस्या पर खुलकर बात की.

उनका कहना था कि इंडस्ट्री में आर्टिस्ट्स को सही समय पर सही पैसा नहीं मिलता है. 2023 में ‘द म्यूजिक पॉडकास्ट’ संग बातचीत में सिंगर का दर्द छलका था. अरिजीत ने फिल्ममेकर्स, प्रोड्यूसर्स और प्रोडक्शन हाउस से पेमेंट इश्यूज को लेकर ट्रांसपेरेंट और ईमानदारी रहने की अपील की थी. उन्होंने पेमेंट इश्यूज पर कहा था- या तो काम करवाओ और पैसे दो, या काम मत करवाओ.

अरिजीत ने बताया था कि कई कलाकार तय किए गए कामों से ज्यादा काम करते हैं, क्योंकि वे क्रिएटिव प्रोसेस में इमोशनली इन्वेस्टेड होते हैं. अरिजीत के मुताबिक, म्यूजिशियंस अक्सर हदें पार कर देते हैं क्योंकि उन्हें अपनी कला से बहुत ज्यादा प्यार होता है. लेकिन बाद में उन्हें एहसास होता है कि उन्हें मिलने वाला पैसा उनकी मेहनत के हिसाब से नहीं है. वो पैसा उनकी कोशिशों के लिए नाकाफी होता है. सिंगर ने कहा था- कहा जाता है कि तुम्हें इतना पैसा मिलेगा और तुम ये काम करो. वो भी नेगोशिएट करके होता है. उसमें वो मान जाता है. वो मानकर जब काम करता है तो भूल जाता है कि उसको कितना काम करना है उस पैसे के लिए… फिर जो पेमेंट आता है वो उससे कम आता है. तो आप एक आर्टिस्ट को मार रहे हो.

अरिजीत के मुताबिक, इंडस्ट्री में म्यूजिशियंस और सिंगर्स के लिए सिस्टम की कमी है. उन्होंने कहा- एक सिस्टम होना चाहिए, म्यूजिशियंस और सिंगर्स के लिए, जैसे पहले होता था. जो सेशन रिकॉर्डिंग्स होती है, आप स्क्रैच गाओ, फाइनल में रहे या ना रहे. आपको पेमेंट मिलेगी. ये बहुत ही डीसेंट सिस्टम है. कि सब लोग अपना काम करेंगे और सबको पेमेंट मिलेगी. अरिजीत ने सिस्टम में सुधार की मांग की. उन्होंने कहा था कि म्यूजिशियंस और सिंगर्स को सिक्योर फील होना जरूरी है. उनके मुताबिक, सबका क्रेडिट होना चाहिए, सबको पेमेंट मिलनी चाहिए.

अरिजीत की जर्नी की बात करें तो उन्होंने 2011 में ‘मर्डर 2’ के गाने ‘फिर मोहब्बत’ से हिंदी डेब्यू किया था. इसके बाद सिंगर ने ‘तुम ही हो’, ‘चन्ना मेरेया’, ‘अगर तुम साथ हो’, ‘राब्ता’, ‘केसरीया’, ‘ए दिल है मुश्किल’, ‘तेरा यार हूं मैं’ और ‘तुझे कितना चाहने लगे’ जैसे आइकॉनिक सॉन्ग गाए. यूथ के बीच उनकी तगड़ी फैन फॉलोइंग है.

PUNJAB : पंजाब के इस गांव में पतंग उड़ाने पर लगा बैन, मौत की घटनाएं बढ़ने के बाद लिया गया फैसला

0

पंजाब में जानलेवा ‘चाइनीज डोर’ से हो रहे हादसों के बाद प्रशासन और पंचायतें सख्त हो गई हैं. बठिंडा के एक गांव ने पतंग उड़ाने पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी है, वहीं पंजाब पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों को अपनी जान बचाने के लिए गले में मफलर लपेटने की अनोखी सलाह दी है.

पंजाब के बठिंडा जिले के भैनी चूहर सिंह गांव की पंचायत ने चीनी मांझे (चाइनीज डोर) से होने वाले हादसों को रोकने के लिए गांव में पतंग उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है. हाल ही में लुधियाना के समराला में एक किशोर और अकालगढ़ की सरबजीत कौर की इस जानलेवा डोर की चपेट में आने से मौत और गंभीर चोटों के बाद यह कदम उठाया गया है.

अमृतसर में पुलिस ने खतरे को देखते हुए वाहनों को फ्लाईओवर से डायवर्ट करना शुरू कर दिया है. पुलिस ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए लोगों से अपील की है कि वे अपनी गर्दन की सुरक्षा के लिए मफलर पहनें और सुरक्षित सवारी करें.बठिंडा के भैनी चूहर सिंह गांव ने एक मिसाल पेश करते हुए पतंगबाजी पर ही बैन लगा दिया है. पंचायत का मानना है कि चाइना डोर से गांव वालों और वहां से गुजरने वाले राहगीरों को गंभीर चोटें लग रही थीं. लोगों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पास किया गया है, जिससे किसी और की जान न जाए.

पंजाब में चाइना डोर काल बन रही है. रविवार को लुधियाना के बाजार में सरबजीत कौर की मौत ने सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है. इससे पहले शनिवार को समराला में एक किशोर का गला इस डोर से बुरी तरह कट गया था. पूरे पंजाब से लगातार ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे आम जनता में डर का माहौल है.

पंजाब पुलिस ने अब अपनी सुरक्षा के लिए लोगों को खुद ही सावधानी बरतने को कहा है. पुलिस की सलाह है कि बाइक सवार गले में मफलर बांधें, जिससे डोर सीधे गर्दन को न काट सके. हालांकि, इस रणनीति पर सवाल भी उठ रहे हैं. विपक्षी दलों का कहना है कि सरकार डोर की बिक्री रोकने के बजाय लोगों को मफलर पहनने की सलाह देकर अपनी जिम्मेदारी से बच रही है.

NATIONAL : ‘मेरे दमदार और दिलदार मित्र’, अजित पवार को याद कर भावुक हुए CM देवेंद्र फडणवीस

0

अजित पवार का बारामती में विमान दुर्घटना में निधन हो गया. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उन्हें जमीनी नेता और दमदार मित्र बताते हुए शोक व्यक्त किया.
महाराष्ट्र के दिग्गज नेता और उप मुख्यमंत्री अजित पवार के निधन से पूरे राज्य में शोक की लहर है. बारामती में उनका प्लेन क्रैश होने के बाद अजित पवार हमारे बीच नहीं रहे. उनके बिछड़ने पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी शोक जताया है.

सीएम देवेंद्र फडणवीस ने अजित पवार को याद करते हुए कहा, “वे जमीन से जुड़े हुए नेता थे. अजित दादा भाई पवार का बहुत दुखद निधन हुआ है. परिवार में दुख का वातावरण है.”सीएम फडणवीस ने आगे कहा, “अजित पवार हमारे दमदार और दिलदार मित्र थे. यह राज्य के लिये कठिन दिन है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह इस हादसे पर हमसे चर्चा की है.”

सीएम फडणवीस ने बताया कि इस प्रकार के जन नेता को खोना एक बहुत बड़ी हानि है. हम दोनों ने साथ में काफी काम किए. महाराष्ट्र के विकास में उनका महत्वपूर्ण योगदान है. ऐसी उम्मीद थी कि अजित पवार बहुत लंबी पारी खेलेंगे. ऐसे समय में उनका चले जाना, इसके लिए हमारे पास कोई शब्द नहीं हैं.

सीएम ने कहा, “अजित पवार के परिवार, उनकी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं पर जो दुख आया है, उसे सह पाना बहुत मुश्किल है. इस दुख की बेला में हम सब उनके साथ हैं. अजित पवार का परिवार जब बारामती पहुंचेगा तो उनसे चर्चा कर के आगे की सारी चीजें ज्ञात की जाएंगी. सीएम ने बताया कि वह और एकनाथ शिंदे बारामती जाएंगे.”

सीएम फडणवीस के साथ-साथ महाराष्ट्र का हर नेता, आम जनता इस हादसे से स्तब्ध है, दुखी है. जिस तरीके से अजित पवार का आकस्मिक निधन हुआ है, उन्हें याद कर के सभी की आंखों में आंसू हैं. सीएम फडणवीस ने बताया कि जब अजित पवार के निधन की खबर पीएम मोदी तक पहुंची, उन्होंने तुरंत फोन किया. वे पूरी तरह से शॉक्ड थे.

अपने प्रिय नेता अजित दादा के निधन पर पूरा बारामती गमजदा है. अजित पवार को श्रद्धांजलि व्यक्त करते हुए आज बारामती बंद का आह्वान किया गया है. अजित पवार बारामती की मिट्टी में रचे बसे और इसी मिट्टी की सेवा करते रहे. आज उन्होंने बारामती की इसी मिट्टी में आखिरी सांस ली.

NATIONAL : सरकारी दफ्तरों के चक्कर…पिता ने बेटे का गला काटकर खुद भी दी जान

0

मंचिर्याल जिले के जनाराम मंडल के रामपुर गांव में एक शख्स और उसके दिव्यांग बेटे की मौत से सनसनी फैल गई. दिव्यांग पेंशन के लिए सरकारी दफ्तरों से चक्कर काटकर तंग हुए शख्स ने उसकी जान ले ली और खुद भी आत्महत्या कर ली.

तेलंगाना में मंचिर्याल जिले के जनाराम मंडल के रामपुर गांव में एक शख्स और उसके दिव्यांग बेटे से जुड़ी भयावह घटना के बाद गहरे शोक का माहौल छा गया है. गांव के ट्रैक्टर चालक पलागनी चिन्ना भूमय्या के तीन बच्चे थे- दो बेटियां और एक बेटा. उनका बेटा कार्तिक जन्म से ही पोलियो से ग्रसित था. भूमय्या अपने बेटे के लिए विकलांगता पेंशन की मांग करते हुए खानपुर विधायक वेदमा बोज्जू सहित कई जन प्रतिनिधियों और सरकारी अधिकारियों के चक्कर लगा रहे थे.

लेकिन, पेंशन स्वीकृत नहीं हुई, जिससे भूमय्या डिप्रेस और बेहद निराश हो गए. दिल दहला देने वाली घटना में, उन्होंने कथित तौर पर अपने बेटे कार्तिक का गला काटकर उसकी हत्या कर दी और बाद में अपना गला काटकर आत्महत्या भी कर ली.इस घटना से पूरे गांव में सनसनी है और स्थानीय लोगों में शोक और आक्रोश फैल गया है. प्रारंभिक जानकारी से पता चलता है कि भूमय्या अपने बेटे की हालत और सरकारी सहायता न मिलने के कारण गंभीर आर्थिक और भावनात्मक तनाव में थे. यह भी पता चला है कि उन्हें रमन्ना, भूमन्ना और श्रीनुलु नाम के परिचितों से आर्थिक मदद की उम्मीद थी, लेकिन कोई मदद नहीं मिली.

पुलिस मौके पर पहुंची है. मामला दर्ज कर इस दुखद घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है. इस घटना ने एक बार फिर दिव्यांगजनों के परिवारों के संघर्षों और कल्याणकारी योजनाओं के वितरण में देरी की ओर ध्यान आकर्षित किया है.

- Advertisement -