Friday, April 24, 2026
Home Blog Page 232

ENTERTAINMENT : 50 साल से साथ काम कर रहे मेकअप मैन की अमिताभ बच्चन ने की जमकर तारीफ, कहा- ‘भाई का निधन हुआ लेकिन वो काम पर आए’

अमिताभ बच्चन काफी लंबे समय से इंडस्ट्री में काम कर रहे हैं. हाल ही में उन्होंने केबीसी के सेट पर अपने मेकअप मैन की तारीफ और बताया वो लगभग 50 साल से उनके साथ है.

बॉलीवुड सुपरस्टार अमिताभ बच्चन फिल्म इंडस्ट्री में लगभग 55 साल से काम कर रहे हैं. इनमें से पिछले 50 साल वह अपने ही मेकअप मैन के साथ रहे हैं. शनिवार को दीपक सावंत जो उनके मेकअप मैन हैं, ने इंस्टाग्राम पर कौन बनेगा करोड़पति के हालिया एपिसोड का एक वीडियो शेयर किया, जिसमें अमिताभ ने उनके काम के प्रति समर्पण की तारीफ की.

वीडियो में, जो शो के इंटरवल के दौरान फिल्माया गया, दीपक सावंत अमिताभ बच्चन के बाल और मेकअप ठीक करते नजर आए. इस दौरान अमिताभ दर्शकों को दीपक के साथ अपने कई मजेदार किस्से सुनाते रहे. अमिताभ बच्चन ने कहा, ‘ये हैं दीपक सावंत. इन्हें हमारे साथ काम करते हुए 50 साल हो गए हैं. और एक बात बता दूं, इन 50 सालों में हमने लगभग 200 फिल्में की हैं. ऐसा कोई दिन नहीं था जब ये हमारे साथ नहीं रहे. हमेशा ड्यूटी बाउंड, समय पर आते हैं, चाहे कुछ भी हो जाए.और एक बात जो बोलने में थोड़ा मुश्किल है, लेकिन मैं बोल ही देता हूं, तीन दिन पहले दीपक सावंत के भाई का निधन हुआ, और उसके बावजूद ये काम पर आए हैं. इनका यही इंटेग्रिटी और कमिटमेंट है.’

वीडियो शेयर करते हुए दीपक सावंत ने लिखा, ‘श्री बच्चन के अच्छे शब्द और तारीफ हमेशा मुझे जमीन से जोड़ कर रखते हैं. किसी इतने विनम्र, सम्मानित और अपनी टीम के प्रति प्यार करने वाले व्यक्ति के साथ काम करना एक आशीर्वाद है. 76 साल की उम्र में भी उनकी गरिमा और उत्साह मुझे उनके प्रति अपनी मेहनत जारी रखने की प्रेरणा देता है.’

बता दें, केबीसी 17 3 जनवरी यानी कल शुक्रवार को खत्म हुआ. हर साल की तरह ही इस साल भी बिग बी शो को अलविदा कहने के समय भावुक नजर आए. सोनी टीवी पर शेयर किए गए प्रोमो में अमित जी कहते दिखे कि कभी-कभी हम किसी पल में कुछ ऐसा खो जाते हैं कि जब वो अपने अंत के करीब पहुंचता है तो हमें लगता है कि बस अभी-अभी तो शुरू हुआ था.

NATIONAL : रोज शराब पीती थी महिला, गुस्साए पति और बेटी ने पीट-पीट कर ले ली जान

0

छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले में एक पति और उसकी बेटी ने मिलकर पत्नी की हत्या कर दी. शराब पीने और घर न लौटने पर नाराज पति ने बेटी के साथ मिलकर महिला से मारपीट की. घायल महिला को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले से एक सनसनीखेज पारिवारिक हत्या का मामला सामने आया है, जहां पति ने अपनी बेटी के साथ मिलकर पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी. गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई. यह पूरी घटना घरेलू विवाद और शराब पीने को लेकर उपजे तनाव से जुड़ी बताई जा रही है.

दरअसल, यह मामला अंबिकापुर के कोतवाली थाना क्षेत्र के घुटरापार इलाके का है. पुलिस के मुताबिक घटना 29 दिसंबर की है. मृतका अक्सर शराब पीती थी और कई बार घर से बाहर रह जाती थी. इसी बात को लेकर पति के साथ उसका विवाद चल रहा था.

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना वाले दिन भी पति-पत्नी के बीच शराब पीने को लेकर कहासुनी हुई थी. विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने अपनी बेटी के साथ मिलकर महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी. मारपीट के दौरान महिला को गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही बेहोश हो गई.परिजन और पड़ोसियों की मदद से घायल महिला को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी रही. डॉक्टरों ने काफी प्रयास किए, लेकिन इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई.

महिला की मौत की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने पति और बेटी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, ताकि मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सके.पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

इस मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ने बताया कि 29 दिसंबर को घुटरापार इलाके में पति ने अपनी बेटी के साथ मिलकर पत्नी की पिटाई की थी, जिससे महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई. दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है.यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

ENTERTAINMENT : शक्ति कपूर ने जब फिल्म में खींचा था लड़की का दुपट्टा, थिएटर छोड़कर गुस्से से भागे थे पेरेंट्स, लगाई फटकार

शक्ति कपूर बॉलीवुड के आइकॉनिक विलेन्स में शुमार किए जाते हैं. उन्होंने कई फिल्मों मे नेगेटिव रोल कर वाहवाही लूटी है. मगर उनके माता-पिता को उनका ये करना पसंद नहीं था. फिर भी शक्ति कपूर ने क्यों पेरेंट्स की बात नहीं सुनी? आइए जानते हैं…

(अपडेटेड 04 जनवरी 2026, 11:51 AM ISTशक्ति कपूर बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर्स में शुमार हैं. उन्होंने अपने करियर में कई सुपरहिट फिल्में की हैं. मगर ज्यादातर उन्हें विलेन के किरदार में पसंद किया गया. नेगेटिव किरदार में जब भी वो पर्दे पर उतरे हमेशा छा गए. फैंस का उन्हें हमेशा बेशुमार प्यार मिला. मगर उनके पेरेंट्स को उन्हें नेगेटिव रोल में देखना पसंद नहीं था. एक दफा उनके पेरेंट्स थिएटर छोड़ कर ही चले गए थे. आइए जानते हैं क्यों?

दरअसल, शक्ति कपूर को एक फिल्म में विलेन के रूम में महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करना था. मगर उनके इस सीन से एक्टर के पेरेंट्स काफी गुस्सा हो गए थे. शक्ति कपूर ने अब अल्फा नियॉन स्टूडियोज संग बातचीत में इस बारे में बताया- जब मेरी दो बड़ी फिल्में रिलीज हुई थीं और एक बड़ी फिल्म थी ‘इंसानियत के दुश्मन’. तब मैंने अपने पेरेंट्स से कहा था कि वो जरूर फिल्म देखने जाएं. मेरे मम्मी-पापा फिल्म देखने गए. लेकिन जैसे ही फिल्म शुरू हुई तो पहले ही सीन में मुझे लड़की का दुपट्टा खींचते हुए दिखाया गया था.

‘वो सीन देखते ही मेरे पिता ने तुरंत मेरी मां से थिएटर से बाहर चलने को कहा. मेरे पिता ने गुस्से में कहा था- पहले ये बाहर ये सब करता था और अब ये बड़े पर्दे पर भी यही सब कर रहा है. मैं ये फिल्म नहीं देखना चाहता. मेरे पेरेंट्स ने फिर मुझे बुलाकर खूब डांटा था.’

पेरेंट्स ने मुझपर गुस्सा करते हुए कहा था- तुम किस तरह के रोल कर रहे हो? और तुम किसके साथ इस तरह की हरकतें कर रहे हो? उन्होंने मुझसे कहा था कि मुझे अच्छे इंसान वाले रोल्स करने चाहिए और मुझे हेमा मालिनी, जीनत अमान जैसे स्टार्स के साथ काम करना चाहिए. वो मुझे कहते थे कि तुम गुंडे के रोल क्यों कर रहे हो?

शक्ति कपूर को काफी स्ट्रगल के बाद फिल्मों में सक्सेस मिलनी शुरू हुई थी. इसलिए वो पेरेंट्स की बातों पर ज्यादा ध्यान नहीं देना चाहते थे. एक्टर ने अपने पेरेंट्स से कहा था- आपने मुझे जन्म दिया और आपने मुझे सिर्फ ये चेहरा दिया है और मेरा चेहरा देखने के बाद कोई भी मुझे हीरो या फिर अच्छे इंसान का रोल नहीं दे रहा है.

बता दें कि शक्ति कपूर की बेटी श्रद्धा कपूर ने भी अपने एक पुराने इंटरव्यू में बताया था कि जब वो छोटी थीं, तब पिता को निगेटिव रोल्स में देखकर वो खुश नहीं थीं. विलेन के रोल करने पर वो अपने पिता पर गुस्सा करती थीं. लेकिन फिर उनकी मां ने उन्हें समझाया था कि वो सिर्फ एक्टिंग है.

शक्ति कपूर की बात करें तो उन्हें 90 के दशक में सबसे यादगार नेगेटिव रोल्स के लिए जाना जाता है, जिन्होंने उन्हें बॉलीवुड के सबसे प्रसिद्ध खलनायकों में से एक बना दिया. जैसे अंदाज अपना अपना (1994) में क्राइम मास्टर गोगो, गुंडा (1998) में बुल्ला.

SPORTS : भारत-न्यूजीलैंड वनडे मैच में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले 5 बल्लेबाज कौन, रोहित शर्मा- विराट कोहली किस नंबर पर

0

भारत-न्यूजीलैंड ODI मैचों में बल्लेबाजों ने छक्कों की बरसात कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया है. इस सूची में सबसे ऊपर नाम है रोहित शर्मा का जिन्होंने कीवी टीम के खिलाफ 31 मैचों में 47 छक्के लगाए हैं

IND vs NZ ODI: भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे क्रिकेट में हमेशा से हाईवोल्टेज मुकाबले देखने को मिलते हैं. इन मैचों में जहां गेंदबाजों ने अपनी छाप छोड़ी है, वहीं बल्लेबाजों ने छक्कों की बरसात कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन भी किया है. आंकड़े बताते हैं कि भारत बनाम न्यूजीलैंड वनडे मुकाबलों में भारतीय बल्लेबाजों ने लंबे समय तक कीवी गेंदबाजों पर दबदबा बनाए रखा है.

रोहित शर्मा – भारत

इस सूची में सबसे ऊपर नाम है रोहित शर्मा का. रोहित ने 2009 से 2025 के बीच न्यूजीलैंड के खिलाफ 31 वनडे मैचों में 47 छक्के लगाए हैं, जो इस प्रतिद्वंद्विता में किसी भी बल्लेबाज द्वारा लगाए गए सबसे ज्यादा छक्के हैं. उन्होंने 29 पारियों में 1073 रन बनाए हैं, जिसमें उनका सर्वोच्च स्कोर 147 रन रहा. कीवी गेंदबाजों के खिलाफ रोहित ने कई मैचों में मैच का रुख अकेले दम पर बदला है.

सचिन तेंदुलकर – भारत

दूसरे स्थान पर भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर हैं. सचिन ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 42 वनडे मैचों में 26 छक्के लगाए और कुल 1750 रन बनाए. उनका औसत 46.05 और स्ट्राइक रेट 95.36 का रहा. सचिन की बल्लेबाजी में आक्रामकता और क्लास का बेहतरीन संतुलन देखने को मिला, जिसने उन्हें इस सूची में खास स्थान दिलाया.

क्रिस केर्न्स – न्यूजीलैंड

इस टॉप 5 की लिस्ट में न्यूजीलैंड की ओर सिर्फ एक बल्लेबाज ही अपनी जगह बना पाया है और वो हैं, क्रिस केर्न्स. केर्न्स ने भारत के खिलाफ 32 वनडे मैचों में 25 छक्के जड़े और 838 रन बनाए. एक ऑलराउंडर के रूप में उन्होंने कई बार भारतीय गेंदबाजों पर बड़े शॉट लगाए और मैच का रुख पलट दिया.

विराट कोहली – भारत

भारतीय क्रिकेट के आधुनिक युग के सबसे सफल बल्लेबाजों में शामिल विराट कोहली भी इस सूची में हैं. कोहली ने 2010 से 2025 के बीच न्यूजीलैंड के खिलाफ 33 वनडे मैचों में 24 छक्के लगाए और 1657 रन बनाए. उनका औसत 55.23 रहा, जो इस सूची में सबसे बेहतर है. कोहली ने आक्रामकता से ज्यादा निरंतरता और स्मार्ट बल्लेबाजी के दम पर रन बनाए हैं.

शुभमन गिल – भारत

इस सूची में सबसे दिलचस्प नाम है युवा बल्लेबाज शुभमन गिल का, जिन्होंने कम समय में बड़ी छाप छोड़ी है. गिल ने सिर्फ 12 वनडे मैचों में 22 छक्के लगाए और 623 रन बनाए. उनका औसत 69.22 और स्ट्राइक रेट 104.70 का रहा, जो उनके आक्रामक और आधुनिक बल्लेबाजी अंदाज को दर्शाता है.

ENTERTAINMENT : ‘मसीहा हैं संजय दत्त, साथ कर चुके ड्रिंक’, मशहूर पैपराजी का खुलासा, बताया कैसा है ‘धुरंधर’ एक्टर संग रिश्ता

एक मशहूर पैपराजी ने बॉलीवुड स्टार संजय दत्त के पैप्स संग रिश्ते पर खुलकर बात की है. उनका कहना है कि एक्टर ने एक बार पैप्स को साथ में ड्रिंक का भी ऑफर किया था. वो उन सभी लोगों के साथ काफी मस्ती-मजाक वाले मूड में रहते हैं.

संजय दत्त को उनके फैंस किसी दीवाने की तरह प्यार करते हैं. वो पिछले 40 सालों से इंडस्ट्री में हैं, लेकिन आज भी उनका चार्म बरकरार है. हाल ही में आई फिल्म ‘धुरंधर’ में उन्हें एस पी असलम चौधरी के रोल में देखा गया था, जिसमें वो काफी शानदार लगे. संजय दत्त रियल लाइफ में भी कई लोगों के प्यारे हैं, जिनमें पैप्स भी शामिल हैं.

पैप्स और संजय दत्त का रिश्ता किसी से नहीं छिपा है. एक्टर का दिवाली के मौके पर भी एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वो अपने मजाकिया अंदाज में पैप्स को घर जाकर त्योहार मनाने के लिए कहते दिखे थे. हाल ही में वरिंदर चावला, जो एक मशहूर पैपराजी हैं, उन्होंने सिद्धार्थ कन्नन संग बातचीत में संजय दत्त के साथ अपने रिश्ते पर बात की. उन्होंने बताया कि एक्टर का बर्ताव पैप्स के साथ काफी मजेदार रहा है.

एक किस्सा सुनाते हुए उन्होंने कहा, ‘कई बार बाबा शूटिंग के दौरान हमें बुलाते थे और कहते थे कि ओए, इधर आ… तू पीता है क्या? अगर हम कहते कि नहीं, हम काम कर रहे हैं इसलिए नहीं पीते, तो वो जोर डालते कि नहीं-नहीं, मुझे तो लगता है तू पीता है. फिर बाकी लोग भी उनकी हां में हां मिलाते, और वो हमें जबरदस्ती उनके साथ पीने के लिए बैठा देते. हमारे पास कोई चारा ही नहीं होता था. वो इतने बड़े सितारे हैं कि पीने वाले हो या ना पीने वाले, सब उनके साथ बैठकर पीने लगते थे. हम लोग उनके घर के बाहर बैठकर उनके साथ पीते थे.’

उन्होंने आगे संजय दत्त संग हुए अपने एक किस्से को याद किया जब उन्होंने अपनी नई गाड़ी एक्टर की वैनिटी वैन के साथ ठोक दी थी. वो तब फिल्मीस्तान स्टूडियो में थे, तभी उनके साथ ये हादसा हुआ. पैपराजी ने बताया कि वहां मौजूद लोग उनसे पैसों की डिमांड करने लगे. उन्होंने उन्हें जाने नहीं दिया. लेकिन उतने में वहां संजय दत्त आ गए.

वरिंदर चावला ने कहा, ‘मेरी गाड़ी का नुकसान तो उनके बताए हुए डैमेज के आसपास भी नहीं था. मैं तो पक्का सोच रहा था कि अब तो पिटाई होने वाली है. तभी संजय दत्त नीचे आए और पूछा कि क्या हुआ? मैंने कहा कि सर, मैं आपकी वैन से टकरा गया हूं. तो उन्होंने अपने लोगों की तरफ देखकर बस इतना कहा कि इसे जाने दो. उस पल में वो मेरे लिए भगवान जैसे लगे, मेरे मसीहा. संजय दत्त हमेशा से बहुत चिल और कूल आदमी रहे हैं.’

NATIONAL : पुलिस ने नशे में पकड़ लिया तो सांप निकाल लाया ऑटो चालक… देने लगा धमकी, मच गई अफरा-तफरी

0

हैदराबाद के चंद्रायनगुट्टा चौराहे पर अचानक अफरा-तफरी मच गई. वजह था- नशे में धुत एक ऑटो चालक, जिसने न सिर्फ ट्रैफिक नियम तोड़े, बल्कि पुलिस को धमकाने के लिए ऐसा हथियार निकाला, जिसे देखकर हर कोई सन्न रह गया.

हैदराबाद में सड़क पर वाहन चेकिंग के दौरान अजीबोगरीब कहानी सामने आई. पुलिस ने एक ऑटो-रिक्शा वाले को रोका था. वह नशे में था. पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी. इसी बीच चालक ने अचानक ऑटो-रिक्शा से एक सांप निकाला और ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को धमकाना शुरू कर दिया. इससे चेक-पोस्ट पर अफरा-तफरी मच गई.

रात के वक्त ट्रैफिक पुलिस की टीम चंद्रायनगुट्टा क्रॉस रोड पर ड्रंक एंड ड्राइव चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान एक ऑटो-रिक्शा संदिग्ध हालत में वहां पहुंचा. पुलिस को उसकी चाल से शक हो गया. जब ऑटो को रोका गया और चालक की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई, तो रिपोर्ट ने पुलिस को चौंका दिया. चालक के शरीर में अल्कोहल की मात्रा अधिक पाई गई, जो तय सीमा से कई गुना ज्यादा थी.

पुलिस ने नियम के अनुसार कार्रवाई शुरू की. ऑटो-रिक्शा को जब्त किया गया और ड्रंक ड्राइविंग का मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही थी. तभी अचानक माहौल बदल गया. ऑटो चालक, जो अब तक चुपचाप खड़ा था, अचानक ऑटो के अंदर झुका और कुछ निकालने लगा. पुलिसकर्मी समझ पाते, उससे पहले ही वह व्यक्ति हाथ में एक जिंदा सांप लेकर आ गया.

सांप को लहराते हुए उसने ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को धमकाना शुरू कर दिया. यह नजारा देखकर चेक पोस्ट पर मौजूद पुलिसकर्मी और राहगीर घबरा गए. कुछ पल के लिए सभी सन्न रह गए कि आखिर यह हो क्या रहा है.

हालांकि पुलिस ने खुद को संभालने की कोशिश की, लेकिन सांप को देखकर सतर्कता बरतनी पड़ी. इसी अफरा-तफरी का फायदा उठाकर नशे में धुत ऑटो चालक सांप को हाथ में लपेटकर मौके से फरार हो गया.

घटना के बाद आसपास अफरा-तफरी मची रही. पुलिस ने तुरंत आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान शुरू किया, लेकिन आरोपी चालक का कोई सुराग नहीं लग पाया. ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऑटो चालक के खिलाफ नशे में वाहन चलाने, पुलिसकर्मियों को धमकाने और कानून व्यवस्था भंग करने के आरोप में कार्रवाई की जा रही है.

पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि ऑटो चालक के पास सांप कहां से आया और क्या वह किसी तरह के अवैध धंधे से जुड़ा हुआ है. पुलिस अब आरोपी की तलाश में जुटी है और उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

NATIONAL : धौलपुर में जन्मदिन की खुशियां मातम में बदलीं, हर्ष फायरिंग में मासूम समेत 2 घायल

0

धौलपुर के ताजपुरा गांव में जन्मदिन समारोह के दौरान डांस के दौरान अज्ञात युवक ने हर्ष फायरिंग कर दी. इसमें दस वर्षीय मासूम बच्ची भूरो और 35 वर्षीय महिला रामवती घायल हो गईं. बच्ची के कंधे और महिला के पैर में गोली लगी. दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.

राजस्थान के धौलपुर जिले के नादनपुर थाना क्षेत्र के ताजपुरा गांव में गुरुवार रात जन्मदिन समारोह की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं. रात करीब साढ़े आठ बजे चल रहे जन्मदिन कार्यक्रम के दौरान एक अज्ञात युवक ने हर्ष फायरिंग कर दी. इस फायरिंग में 10 वर्षीय मासूम बच्ची और 35 वर्षीय महिला गोली लगने से घायल हो गईं.

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. फायरिंग की सूचना मिलते ही नादनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.

जानकारी के अनुसार, नादनपुर थाना इलाके के ताजपुरा गांव में गुरुवार रात संग्राम गुर्जर पुत्र रोशन के घर उनकी बहन बृजेश पत्नी लोकेन्द्र के सात वर्षीय पुत्र का जन्मदिन कार्यक्रम चल रहा था. बृजेश मूल रूप से सामालिया पुरा, धौलपुर की रहने वाली हैं और मायके ताजपुरा आई हुई थीं.इसी दौरान पास ही पड़ोसी पान सिंह गुर्जर के घर उनके आठ वर्षीय पुत्र का भी जन्मदिन मनाया जा रहा था. दोनों परिवारों के यहां रिश्तेदार और महिलाएं मौजूद थीं और जन्मदिन की खुशी में नाच-गाना चल रहा था.

जन्मदिन कार्यक्रम के दौरान संग्राम गुर्जर के घर महिलाएं डांस कर रही थीं. इसी बीच किसी अज्ञात युवक ने अचानक हर्ष फायरिंग कर दी. गोली लगने से 10 वर्षीय भूरो पुत्री उदयभान गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि 35 वर्षीय रामवती पत्नी भगवान दास को भी गोली लगी.मासूम बच्ची के कंधे में गोली लगने से उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है, वहीं महिला रामवती के पैर में पिंडली के पास गोली लगी है. घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया.

फायरिंग की सूचना पर नादनपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. बताया गया कि घायल महिला रामवती और बृजेश आपस में सगी बहनें हैं, जो अपने भांजे के जन्मदिन कार्यक्रम में शामिल होने मायके आई थीं.परिजन बादशाह ने बताया कि जन्मदिन के दौरान महिलाएं डांस कर रही थीं, तभी धर्मेंद्र पुत्र उदयवीर ने फायरिंग कर दी, जिससे बच्ची और महिला घायल हो गईं. वहीं एएसआई कन्हैयालाल ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी. पुलिस ने घायलों के पर्चा बयान दर्ज कर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश की जा रही है.

PUNJAB : लड़की दुल्हन बनने वाली थी, सहेली उसे भगा ले गई… परिजनों को धमकी भी दी, समलैंगिक रिश्ते की अजीबोगरीब कहानी

0

पंजाब में तरन तारन में दो छात्राएं समलैंगिक विवाह के इरादे से घर से भाग गईं. एक छात्रा की शादी 14 जनवरी को होने वाली थी. वह दुल्हन बनने वाली थी. परिवार ने पुलिस से की गई शिकायत में कहा है कि शादी से पहले ही उसकी सहेली उसे भगा ले गई. दोनों की तलाश शुरू हो गई है. पुलिस जांच कर रही है.

पंजाब के तरन तारन से अजीबोगरीब कहानी सामने आई है. यहां दो छात्राएं समलैंगिक विवाह करने के इरादे से घर से भाग गईं. दोनों लंबे समय से एक-दूसरे को जानती थीं. इस घटना के बाद परिजन भी हैरान हैं. इस मामले में एक छात्रा की मां ने मामले की शिकायत पुलिस से की है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दोनों छात्राओं की तलाश की जा रही है.

ये कहानी तरन तारन जिले के थाना सिटी क्षेत्र के अंतर्गत मोहल्ला मुरादपुरा की है. एक छात्रा की मां ने पुलिस से की गई शिकायत में कहा है कि बेटी को उसके साथ पढ़ने वाली छात्रा बहला-फुसलाकर घर से भगा कर ले गई है, जबकि 14 जनवरी को तरन तारन के एक युवक के साथ उसकी शादी होने वाली थी. वो दुल्हन बनने वाली थी. लेकिन उसके घर से भागने की खबर के बाद अब लड़के वालों ने भी शादी से इनकार कर दिया है.

शिकायत करने वाली महिला ने कहा कि बेटी और उसके साथ पढ़ने वाली लड़की ने 9वीं से लेकर 12वीं तक साथ पढ़ाई की है. पढ़ाई के दौरान दोनों की दोस्ती काफी गहरी हो गई थी. उस लड़की ने बॉय कट स्टाइल रखा था. बेटी अक्सर उसके घर जाती थी. दोनों अधिकतर समय साथ ही रहती थीं. वह लड़की मोहल्ले में ही रहती है. इस वजह से शुरुआत में किसी तरह का शक नहीं हुआ.

महिला ने पुलिस को बताया कि बेटी की शादी 14 जनवरी को तय कर दी थी. इसके लिए रिश्तेदारों में शादी के कार्ड भी बांटे जा रहे थे. इसी बीच मोहल्ले की लड़की इस शादी से नाराज रहने लगी. उसने मेरे बेटे को भी कई बार धमकाया कि यदि शादी कहीं और कर दी गई तो इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे.शिकायत में महिला का आरोप है कि इन्हीं धमकियों के बाद मोहल्ले की वो लड़की बेटी को अपने साथ भगा कर ले गई. घटना की जानकारी मिलते ही परिवार ने रिश्तेदारों और जान-पहचान वालों के यहां तलाश की, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं लगा. इस मामले में तरन तारन के सिटी थाने के एसएचओ अमरीक सिंह का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. दोनों छात्राओं की लोकेशन ट्रेस करने के प्रयास किए जा रहे हैं. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कानून के दायरे में रहते हुए सभी पहलुओं की जांच की जाएगी. दोनों के मिलने के बाद उनके बयान दर्ज किए जाएंगे.

NATIONAL : 33 फीट लंबाई, 210 टन वजन… दुनिया का सबसे बड़ा शिवलिंग बिहार पहुंचा, 17 जनवरी को होगी स्थापना

0

विश्व का सबसे बड़ा शिवलिंग बिहार में पहुंच चुका है. इस शिवलिंग की लंबाई 33 फीट और वजन 210 टन है. यह शिवलिंग महाबलीपुरम, तमिलनाडु से बिहार ले जाया गया है. बिहार के गोपालगंज में श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना की. शिवलिंग को 17 जनवरी को विराट रामायण मंदिर में विधि-विधान और भव्य पूजा के साथ स्थापित किया जाएगा.

तमिलनाडु के महाबलीपुरम से विश्व का सबसे बड़ा शिवलिंग बिहार के गोपालगंज पहुंच गया है. इस शिवलिंग की लंबाई 33 फीट और वजन 210 मीट्रिक टन है. इस विशाल शिवलिंग की स्थापना 17 जनवरी को पूर्वी चंपारण के केसरिया प्रखंड स्थित विराट रामायण मंदिर में विधि-विधान से होगी.तमिलनाडु के महाबलीपुरम से 21 नवंबर को रवाना किया गया यह शिवलिंग करीब 45 दिनों की लंबी यात्रा तय कर तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश होते हुए बिहार पहुंच चुका है. रास्ते भर जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा शिवलिंग का भव्य स्वागत किया गया. जहां भी शिवलिंग को लेकर वाहन रुका, वहां पूजा-अर्चना और आरती के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी.

एक दिन रुकने के बाद 5 जनवरी को शिवलिंग गोपालगंज के बलथरी के लिए प्रस्थान करेगा. बलथरी में सुबह 11 बजे भव्य स्वागत समारोह होगा. इसके लिए विशेष प्रवेश द्वार तैयार कराया गया है. यहां पूजा-अर्चना, आरती और बैंड-बाजे के साथ स्वागत किया जाएगा. इसके बाद गोपालगंज के चैनपट्टी में भी श्रद्धालु पूजा-अर्चना और अभिनंदन करेंगे.

मंदिर के एसीईओ बीके मिश्रा और मंदिर अधीक्षक सुधाकरन ने बताया कि गोपालगंज से शिवलिंग खजुरिया और हुसैनी होते हुए केसरिया पहुंचेगा. 17 जनवरी को विराट रामायण मंदिर परिसर में शिवलिंग की पीठ पूजा, हवन और विधि-विधान के साथ स्थापना की जाएगी. इसके बाद शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी.

NATIONAL : चलती ट्रेन बनी डिलीवरी रूम! वैष्णो देवी से लौट रही महिला ने सफर में ही दिया बच्ची को जन्म

0

माता वैष्णो देवी कटरा से लौट रही एक गर्भवती महिला ने चलती ट्रेन में बच्ची को जन्म दिया. महिला को समय से पहले लेबर पेन हुआ, जिसके बाद ट्रेन में मौजूद महिलाओं ने सूझबूझ से डिलीवरी कराई. सूचना पर ट्रेन फरीदाबाद स्टेशन पर रोकी गई और रेलवे स्टाफ की मदद से मां-बेटी को अस्पताल पहुंचाया गया. दोनों सुरक्षित हैं.

चलती ट्रेन में इंसानियत और समझदारी की मिसाल देखने को मिली, जब एक गर्भवती महिला ने सफर के दौरान ही बच्ची को जन्म दे दिया. यह मामला फरीदाबाद का है, जहां माता वैष्णो देवी कटरा से लौट रही एक महिला को समय से पहले लेबर पेन शुरू हो गया. ट्रेन में मौजूद महिलाओं ने हालात को समझते हुए आपसी सहयोग से डिलीवरी कराई.

दरअसल, यह घटना 1 जनवरी की है. महिला ट्रेन से अपने घर लौट रही थी, तभी अचानक उसे तेज प्रसव पीड़ा होने लगी. हालात ऐसे बने कि ट्रेन में ही डिलीवरी करानी पड़ी. महिला और नवजात दोनों सुरक्षित हैं और बाद में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया.

जानकारी के अनुसार, ट्रेन में बच्ची को जन्म देने वाली महिला की पहचान अभिलाषा के रूप में हुई है. वह अपने पति जवाहरलाल के साथ सफर कर रही थी. दंपति मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के सिटोली गांव का रहने वाला है. महिला आठ महीने की गर्भवती थी और उसकी डिलीवरी समय से पहले हो गई.

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना श्री माता वैष्णो देवी कटरा–जबलपुर एक्सप्रेस (11450) में हुई. महिला और उसका पति जम्मू-कश्मीर में रहकर काम करते हैं. चूंकि महिला की डिलीवरी कभी भी हो सकती थी, इसलिए पति उसे लेकर गांव लौट रहा था.शुक्रवार दोपहर ट्रेन दिल्ली पहुंची, जहां से महिला को हल्का दर्द महसूस होने लगा. तुगलकाबाद रेलवे स्टेशन पार करने के बाद दर्द अचानक तेज हो गया और महिला की हालत बिगड़ने लगी. असहनीय पीड़ा देख पति ने आसपास मौजूद महिलाओं से मदद की गुहार लगाई.

S-5 कोच में मौजूद महिलाओं ने स्थिति को तुरंत समझ लिया. उन्होंने अनुमान लगाया कि महिला की डिलीवरी होने वाली है. इसके बाद यात्रियों की मदद से सीटों के चारों ओर पर्दा लगाया गया और बाकी लोगों को दूसरी ओर भेज दिया गया.

महिलाओं ने अपने पास मौजूद चादर, शॉल और कंबल इकट्ठा कर गर्भवती महिला को ढक दिया. कुछ अनुभवी महिलाओं की मदद से चलती ट्रेन में ही सुरक्षित डिलीवरी कराई गई. महिला ने एक बच्ची को जन्म दिया.डिलीवरी के बाद ट्रेन में मौजूद यात्रियों ने तुरंत रेलवे को सूचना दी. किसी यात्री ने रेलवे कंट्रोल रूम पर कॉल कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी, जिसके बाद रेलवे प्रशासन हरकत में आया.

सूचना मिलते ही ट्रेन को ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर रोका गया. महिला के लिए ट्रेन करीब 26 मिनट तक स्टेशन पर खड़ी रही. रेलवे मेडिकल की महिला स्टाफ मौके पर पहुंची और मां व नवजात की जांच की.इसके बाद आरपीएफ और जीआरपी की महिला पुलिसकर्मियों की मदद से मां और बच्ची को एंबुलेंस के जरिए बीके अस्पताल पहुंचाया गया. रेलवे अधिकारियों के अनुसार, महिला और उसकी नवजात बच्ची दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं. इस घटना में ट्रेन में सफर कर रही महिलाओं की सूझबूझ और इंसानियत ने बड़ी भूमिका निभाई.

- Advertisement -