Saturday, September 26, 2026
Home Blog Page 234

NATIONAL : माता-पिता ने दिवंगत बेटे और उसकी प्रेमिका की मूर्तियां बनवाईं… 22 साल से दोनों की करा रहे प्रतीकात्मक शादी

0

22 साल पहले अधूरे प्यार में टूटे एक युवा ने अपनी जान दे दी थी. कुछ ही दिन बाद उसकी प्रेमिका ने भी जिंदगी खत्म कर ली थी. इसके बाद माता-पिता ने घर में बेटे और उसकी प्रेमिका की मूर्तियां स्थापित कीं. अब हर साल श्रीराम नवमी पर दोनों की प्रतीकात्मक शादी की रस्म निभाते हैं, जिसे आसपास के लोग भी देखने पहुंचते हैं.

तेलंगाना के महबूबाबाद की ये कहानी भावुक कर देने वाली है. यहां करीब 22 साल पहले एक जवान लड़के ने अधूरे प्यार में टूटकर अपनी जान दे दी थी. 20 दिन बाद उसकी प्रेमिका ने भी जिंदगी खत्म कर ली थी. इसके बाद माता-पिता ने अपने घर में दिवंगत बेटे और उसकी प्रेमिका की मूर्तियां लगवाईं. तब से हर साल दोनों की सिंबॉलिक शादी की रस्म निभाने लगे. राम नवमी को ये शादी की रस्म पूरी की जाती है, जिसमें आसपास के लोग बड़ी संख्या में पहुंचते हैं.

यह मामला महबूबाबाद जिले के बय्याराम मंडल के संतूलाल पोडू थांडा की है. यहां रहने वाले लालू और सुक्कम्मा ने 22 साल पहले अपने बेटे राम कोटि को खो दिया था. राम कोटि एक लड़की से प्यार करता था. वह शादी करना चाहता था, लेकिन लड़की के परिवार वाले इस रिश्ते के विरोध में थे.

इस घटना के बाद राम कोटि के माता-पिता पूरी तरह टूट चुके थे. उन्होंने अपने घर के अंदर राम कोटि और उसकी प्रेमिका दोनों की मूर्तियां बनवाकर स्थापित कराईं. दोनों की याद में एक छोटा सा मंदिर बनवाया.तब से हर साल श्रीराम नवमी के मौके पर राम कोटि के माता-पिता एक रस्म निभाते हैं…. राम कोटि और उसकी प्रेमिका की शादी की रस्म… मूर्तियों को सीता और राम मानकर उनकी कल्याणम (शादी) की रस्म पूरी की जाती है. यह रस्म पारंपरिक तरीके से निभाते हैं, जिसमें रिश्तेदारों और गांववालों को बुलाया जाता है.

इस प्रतीकात्मक शादी के बारे में जब लोगों को पता चला तो उनका दिल भर आया. धीरे-धीरे आसपास के गांवों के लोग भी मौके पर पहुंचने लगे. अब हर साल काफी संख्या में लोग इस रस्म को देखने के लिए मौके पर पहुंचते हैं. लालू और सुक्कम्मा के लिए यह सालाना रस्म सिर्फ एक परंपरा नहीं है, बल्कि अपने बेटे और उसके अधूरे प्यार की यादों को जिंदा रखने का एक तरीका है.

NATIONAL : रात में बॉयफ्रेंड आया… 3 बच्चों की मां से था अफेयर… घरवालों ने सुबह तक पीटा, मुंह किया काला

0

इटावा में प्रेमी के साथ जाने पर महिला और उसके प्रेमी को परिवार वालों ने बंधक बनाकर पीटा. इसके बाद दोनों का मुंह काला कर अपमानित किया. इस मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने एक्शन लेते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

उत्तर प्रदेश के इटावा से शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. यहां एक महिला और उसके प्रेमी को परिवार वालों ने बंधक बना लिया. इसके बाद बेरहमी से पीटा, दोनों का मुंह काला कर पूरे गांव में घुमाने की कोशिश की. इस मामले में पुलिस ने महिला के पति, देवर समेत सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.ये कहानी वैदपुरा थाना क्षेत्र के बर्रा गांव की है. महिला तीन बच्चों की मां है और उसका पिछले करीब पांच साल से मौसी की जेठानी के बेटे से अफेयर चल रहा था. बीती रात करीब एक बजे महिला का प्रेमी उसे अपने साथ ले जाने के लिए गांव पहुंचा था.

इसी दौरान परिवार और गांव के लोगों ने दोनों को पकड़ लिया. आरोप है कि इसके बाद दोनों को बंधक बनाकर रातभर मारपीट की गई. महिला और उसके प्रेमी का मुंह काला कर दिया गया और उन्हें सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया.सुबह होते-होते दोनों को गांव में घुमाने की भी तैयारी थी. इसी बीच किसी ग्रामीण ने पुलिस को सूचना दे दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जायजा लिया.

महिला के ससुर का कहना है कि उनके बहू का प्रेम प्रसंग चल रहा था और युवक रात में उसे लेने आया था, तभी गांव वालों ने दोनों को पकड़ लिया. वहीं पड़ोसी ने कहा कि दोनों की पिटाई की गई और उनका मुंह काला किया गया.पड़ोसी ने बताया कि दोनों को पकड़कर रातभर पिटाई की गई और मुंह काला किया गया. सुबह इनको पूरे गांव में घुमाने की चर्चा थी तो गांव के किसी व्यक्ति ने पुलिस को बुला लिया. इसके बाद पुलिस ने उनके घर के लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.

प्रेमी के जीजा का आरोप है कि मेरे साले को फोन करके बुलाया गया था. उसके बाद घर में बंद करके मारा पीटा और बांध कर डाल दिया. साले का और उस महिला का मुंह काला करके गांव में घुमाया भी है. जूते की माला डालकर घुमाने की भी बात कही जा रही है.

थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह के अनुसार, गांव में पीड़ित महिला और उसके मौसी के बेटे के साथ महिला के देवर, पति सहित परिवार के लोगों ने मारपीट की थी, मुंह काला किया गया. आगे कोई घटनाक्रम होता, तभी पुलिस को सूचना मिली. पुलिस ने सात लोगों को पकड़ लिया. महिला के बयानों के अनुसार, पिछले पांच साल से उसका प्रेम-प्रसंग चल रहा है. उसके तीन बच्चे भी हैं. पीड़िता की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं को भी खंगाल रही है.

MP : इंस्टाग्राम पर लाइव आकर दोस्तों को दी ‘फ्लाइंग किस’, फिर उठाया खौफनाक कदम, देखते रह गए दोस्त

मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में एक युवक ने इंस्टाग्राम पर लाइव आने के बाद आत्महत्या कर ली. पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी. यह घटना सोशल मीडिया के बढ़ते दुरुपयोग और मानसिक स्वास्थ्य के मुद्दे पर एक बार फिर चिंता पैदा करती है. अधिकारियों के अनुसार यह घटना शुक्रवार रात जिले के देहात थाना क्षेत्र में हुई. मनोज रजक (22) नामक युवक के आखिरी पलों का करीब 14 मिनट का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया.

देहात थाना प्रभारी विकास यादव ने बताया कि युवक ने लाइव चैट के दौरान अपने दोस्तों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया और उन्हें ‘फ्लाइंग किस’ दी. इसके बाद उसने छत के पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. पूरी घटना लाइव स्ट्रीम होती रही और उसके दोस्त इसे देखते रहे.

स्थानीय लोगों के अनुसार मनोज की मां का पहले ही निधन हो चुका था. पिता के पुनर्विवाह के बाद वह किराये के कमरे में अलग रहता था. वह पेशे से प्लंबर था और अपने कमरे से रेडीमेड कपड़ों की बिक्री भी करता था. उसके दोस्तों ने उसे शालीन स्वभाव का बताया.

मनोज के मित्र शुभम रजक ने बताया कि इंस्टाग्राम पर उसे फंदे से लटका देख वे रात करीब साढ़े दस बजे उसके कमरे पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. दोस्तों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया और मनोज को नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन वह पहले ही दम तोड़ चुका था.

पुलिस ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है. इससे यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि आखिर मनोज ने यह कदम क्यों उठाया. क्या वह किसी मानसिक दबाव में था, या फिर कोई अन्य कारण था, यह जांच से ही स्पष्ट हो पाएगा.

अधिकारी ने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. युवक का मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है और उसकी सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या मनोज के सोशल मीडिया अकाउंट पर कोई ऐसी पोस्ट या मैसेज है जो उसकी मानसिक स्थिति को दर्शाता हो. इस मामले की जांच जारी है.

GUJARAT : दूध लेने निकली महिला, बेसमेंट में बनी राख… 79 तोले सोने के लिए दोस्त ने लिखी ‘डेथ स्क्रिप्ट’, खौफनाक खुलासा

0

बनासकांठा में 79 तोला सोना और 2 लाख रुपये लौटाने से बचने के लिए महिला की हत्या कर दी गई. आरोप है कि आरोपी ने प्रसाद में नशीला पदार्थ मिलाकर तार से गला घोंटा और शव को जला दिया. पुलिस ने मामले का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि दो अन्य फरार हैं.

गुजरात के बनासकांठा जिले के पालनपुर में कारोबारी की पत्नी की हत्या ने सनसनी फैला दी है. तीन दिन पहले लापता हुई महिला का शव सुनसान जगह पर जली हुई हालत में मिला. पुलिस ने महज तीन दिनों में मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं.

जानकारी के अनुसार, हनुमान टेकरी इलाके की चाणक्यपुरी सोसाइटी में रहने वाले व्यापारी वसंत अकेदीवाला की पत्नी शांतिबेन 23 तारीख की रात दूध खरीदने के लिए घर से निकली थीं. देर रात तक वापस न लौटने पर परिवार चिंतित हो गया और आसपास तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद उनके बेटे ने पालनपुर पश्चिम पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई.

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. जांच के दौरान शांतिबेन को हनुमान टेकरी इलाके में फर्नीचर की दुकान चलाने वाली रेखा राठौड़ की दुकान में जाते देखा गया, लेकिन वह वहां से बाहर निकलती नजर नहीं आईं. इससे पुलिस का शक दुकान मालिक पर गया और उसे पूछताछ के लिए थाने लाया गया.

जांच में सामने आया कि घरेलू फर्नीचर का कारोबार करने वाली रेखा राठौड़ के मृतका के परिवार से अच्छे संबंध थे. मृतका के पति ने रेखा को अपनी भाभी बना रखा था. इस करीबी रिश्ते के कारण दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विश्वास का रिश्ता था.पुलिस के मुताबिक, रेखा ने अपनी फर्नीचर दुकान और पशुपालन के लिए धीरे-धीरे मृतका से 79 तोला सोना और 2 लाख रुपये नकद लिए थे. जब शांतिबेन ने अपने पैसे और सोना लौटाने के लिए दबाव बनाना शुरू किया, तो रेखा ने रकम लौटाने से बचने के लिए खौफनाक साजिश रच डाली.

आरोप है कि रेखा ने अपने पति और दो अन्य लोगों के साथ मिलकर शांतिबेन की हत्या की योजना बनाई.

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि 23 मार्च को रेखा ने शांतिबेन को पैसे लौटाने के बहाने अपनी दुकान पर बुलाया. वहां उन्हें प्रसाद में नशीली चीज मिलाकर खिलाई गई. इसके बाद तार से गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी गई.हत्या के बाद रेखा और उसके पति ने दो अन्य लोगों को शव ठिकाने लगाने के लिए बुलाया. आरोप है कि आरोपी शव को सुनसान जगह ले जाने में सफल नहीं हो सके और जल्दबाजी में ट्रैक्टर शोरूम के बेसमेंट में ही शव को जला दिया.

पुलिस के अनुसार, मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है. यह सनसनीखेज वारदात पालनपुर में विश्वास, लालच और हत्या की भयावह कहानी बनकर सामने आई है.

ENTERTAINMENT : धुरंधर में कैसे ‘जमील जमाली’ बने राकेश बेदी? 45 साल पहले इस किरदार ने दिलाई थी शोहरत

राकेश बेदी इस समय हेडलाइन्स में बने हुए हैं. आदित्य धर की धुरंधर में जमील जमाली बनकर उन्होंने हर किसी को इंप्रेस कर दिया है. एक्टर की खूब सराहना हो रही है. अब उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी किरदार में ढलने के लिए उन्होंने कैसे मेहनत की थी.

धुरंधर में जमील जमाली के किरदार में एक्टर राकेश बेदी ने कमाल कर दिखाया है. राकेश बेदी की दमदार एक्टिंग के फैंस मुरीद हो गए हैं. सोशल मीडिया पर एक्टर ट्रेंड कर रहे हैं. पाकिस्तान में भी उनके खूब चर्चे हो रहे हैं. फिल्म से राकेश बेदी के कई डायलॉग्स वायरल हैं. अब एक्टर ने बताया है कि जमील जमाली के किरदार में ढलने के लिए उन्होंने किस तरह तैयारी की.

फ्री प्रेस जर्नल संग बातचीत में राकेश बेदी ने धुरंधर में अपने किरदार जमील जमाली को लेकर बात की. उन्होंने कहा कि जमील जमाली का किरदार निभाने के लिए उन्होंने पाकिस्तानी नेताओं के स्पीच पैटर्न, बॉडी लैंग्वेज और उनके स्टाइल पर बारीकी से ध्यान दिया. उनके बारे में पढ़ा.

खास बात यह है कि धुरंधर में राकेश बेदी का जमील जमाली का किरदार पाकिस्तान के राजनेता नबील गबोल से प्रेरित बताया जा रहा है. नबील गबोल ने हाल ही में इस बारे में बात भी की. उन्होंने बताया कि धुरंधर 2 की रिलीज के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है, जिसके खिलाफ उन्होंने नाराजगी भी जाहिर की.

राकेश बेदी ने ये भी कहा कि जमील जमाली से पहले साल 1981 में आई फिल्म ‘एक दूजे के लिए’ में उनका चक्रवर्ती का किरदार भी उस समय काफी फेमस हुआ था. उनके किरदार के खूब चर्चे हुए थे. हालांकि आज की तुलना में उस वक्त सोशल मीडिया का दौर नहीं था, जिसकी वजह से उनकी पहुंच सीमित रही. एक्टर ने कहा कि जमील जमाली के किरदार को मिली सफतलता से वो काफी खुश हैं. लेकिन फिर भी वो जमीन से जुड़े रहना चाहते हैं.

धुरंधर की बात करें तो फिल्म बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच रही है. फिल्म की ताबड़तोड़ कमाई जारी है. फिल्म ने वर्ल्डवाइड 1200 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है, जो अपने आप में बहुत बड़ी बात है. आदित्य धर के विजन और सभी स्टारकास्ट की इस समय हर जगह वाहवाही हो रही है.

AHMEDABAD : मर्दानगी को लेकर ताने मारा करती थी बीवी, पति ने ऐसे लिया खौफनाक बदला

0

अहमदाबाद के नरोड़ा इलाके में महिला पर एसिड अटैक मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. क्राइम ब्रांच जांच में सामने आया कि हमला किसी अजनबी ने नहीं बल्कि महिला के पति जतीन पटेल ने ही किया था. पत्नी द्वारा मर्दानगी पर ताने से आहत पति ने बदले की भावना में वारदात को अंजाम दिया. आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है.

अहमदाबाद के नरोड़ा स्थित गैलेक्सी चौराहे के पास महिला पर हुए एसिड अटैक मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. जांच में सामने आया कि हमलावर कोई अज्ञात व्यक्ति नहीं, बल्कि पीड़िता का पति ही निकला. पुलिस ने आरोपी पति जतीन पटेल को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.पुलिस के अनुसार, एसिड अटैक का शिकार महिला कार शोरूम में नौकरी करती है. कुछ समय पहले उसने निकोल निवासी जतीन पटेल से लव मैरिज की थी, लेकिन पारिवारिक विवादों के कारण दोनों अलग रहने लगे थे और महिला अपनी मां के घर लौट आई थी.

घटना की रात महिला नौकरी से घर लौट रही थी, तभी एक सोसायटी के पास मोटरसाइकिल सवार हेलमेट पहने व्यक्ति ने उस पर एसिड फेंक दिया. महिला ने दुपट्टा ओढ़ रखा था, जिससे वह गंभीर रूप से झुलसने से बच गई, लेकिन उसके होंठ और आंखें जल गईं. आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसका फायदा उठाकर हमलावर फरार हो गया.

घटना के बाद महिला को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहीं स्थानीय पुलिस और क्राइम ब्रांच हमलावर की तलाश में जुट गई. जांच के दौरान आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें हेलमेट पहने मोटरसाइकिल सवार की अहम कड़ी मिली.सीसीटीवी की जांच के आधार पर क्राइम ब्रांच ने जिस व्यक्ति को हिरासत में लिया, वह महिला का पति जतीन पटेल निकला. इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी.

जांच में यह भी सामने आया कि एसिड अटैक के बाद जतीन अस्पताल पहुंचकर पत्नी का हालचाल लेने की कोशिश भी कर चुका था, लेकिन फुटेज के आधार पर उसकी पहचान हो गई.अहमदाबाद क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर दीपक ढोला के मुताबिक, पूछताछ में पता चला कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और दोनों करीब छह महीने से अलग रह रहे थे. महिला द्वारा पति की मर्दानगी पर सवाल उठाने से जतीन आहत था.

इसी वजह से उसने बदले की भावना से पत्नी पर एसिड अटैक की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया. आरोपी जतीन कार्गो सर्विस में ड्राइवर की नौकरी करता है.

PUNJAB : पंजाब में कितने दिनों का पेट्रोल-डीजल का इमरजेंसी स्टॉक, CM भगवंत मान ने दी जानकारी, PM से की ये मांग

0

पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा कि हमने PM से मांग की है कि आनेवाले दिनों में पंजाब में गेहूं की कटाई और भंडारण का काम होगा और इसके लिए पेट्रोल और डीजल की सप्लाई सुनिश्चित की जाए.

मिडिल ईस्ट में चल रही जंग के चलते ऊर्जा आपूर्ति को लेकर जारी चिंताओं के बीच पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य में इमरजेंसी की स्थिति के लिए पेट्रोल-डीजल के भंडार की जानकारी दी है. उन्होंने कहा है कि राज्य में आपात स्थिति के लिए 12 दिन का पेट्रोल और 14 दिन का डीजल भंडार मौजूद है. उन्होंने लोगों से अपील की है कि वो किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें.

सीएम मान ने कहा कि शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मुख्यमंत्रियों की बैठक में उन्होंने राज्य में पेट्रोल-डीजल की स्थिति के बारे में अवगत कराया है. उन्होंने कहा कि यह स्टॉक आपात स्थिति के लिए है और रेगुलर आ रही पेट्रोल और डीजल की सप्लाई के अलावा है.

भगवंत मान ने कहा, ”हमने बैठक में प्रधानमंत्री से मांग की है कि आनेवाले दिनों में पंजाब में गेहूं की कटाई और भंडारण का काम होगा और इसके लिए पेट्रोल और डीजल की सही सप्लाई सुनिश्चित की जाए. आने वाले दिनों में धान की फसल भी लगाई जाएगी, इसलिए राज्य में डाय अमोनियम फॉस्फेट (DAP) की उचित सप्लाई सुनिश्चित की जानी चाहिए.”

CM मान ने आगे कहा कि संकट की स्थिति से निपटने में पंजाब देश में अग्रणी राज्यों में रहता है और इस बार भी मैने प्रधानमंत्री से अपील की है कि राज्य के अनाज भंडारण में जो अनाज है वो केंद्र सरकार अपनी योजनाओं के जरिए गरीब लोगों तक पहुंचाए. उन्होंने कहा, ”राज्य के गोदामों में फिलहाल 41 लाख मीट्रिक टन गेहूं है जबकि लगभग 130 लाख मीट्रिक टन गेहूं अप्रैल के महीने में आ जाएगी क्योंकि अब फसल काटने का काम शुरू होने वाला है. इसके अलावा प्रदेश के गोदामों में 139 लाख मीट्रिक टन चावल है.

उन्होंने कहा कि हमने प्रधानमंत्री से मांग की है कि विशेष ट्रेन चलाकर ये अनाज निकाला जाए ताकि आने वाली गेहूं की फसल सही तरीके से रखी जा सके. उन्होंने कहा, ”प्रधानमंत्री मोदी दुनिया के अलग अलग नेताओं के साथ अपने दोस्ताना संबंधों की बात करते रहते हैं इसलिए बैठक में उन्होंने उनसे अपील की है कि वे इन संबंधों का इस्तेमाल करके देश के जहाजों को समुद्र से निकलवाएं. मैंने बैठक में ये मुद्दा उठाया कि एक तरफ हम विश्वगुरु बनने की बातें करते हैं तो दूसरी तरफ सब कुछ अमेरिका से पूछ कर किया जा रहा है.”

JAIPUR : सड़क पर युवती का ड्रामा, हेलमेट और ईंट से तोड़ी युवक की बुलेट……’पुलिस क्या बिगाड़ लेगी…’

0

जयपुर के बाइस गोदाम सर्किल पर मामूली टक्कर के बाद युवती का गुस्सा बेकाबू हो गया और उसने बीच सड़क बुलेट सवार पर हमला कर हंगामा खड़ा कर दिया. हेलमेट और पत्थर से तोड़फोड़ का वीडियो वायरल है, जबकि मौके पर मौजूद पुलिस के सामने यह हाई वोल्टेज ड्रामा होता रहा.

राजस्थान के जयपुर में बीच सड़क युवती का हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला. यहां मामूली बात को लेकर गुस्साई युवती ने हंगामा मचा दिया. जानकारी के अनुसार, एक युवती कैब बाइक पर सवार थी. इसी दौरान पीछे से आ रहे बुलेट चालक और आगे चल रही स्कूटी के बीच अचानक हालात बिगड़ गए. पुलिया के पास स्कूटी सवार ने एकदम ब्रेक लगा दिए, जिससे बुलेट अनियंत्रित होकर उससे टकरा गई और स्कूटी आगे चल रही कैब बाइक से जा भिड़ी.

टक्कर के बाद कैब बाइक पर बैठी युवती का गुस्सा फूट पड़ा. उसने स्कूटी चालक को नजरअंदाज करते हुए सीधे बुलेट सवार युवक को घेर लिया और बहस शुरू कर दी. देखते ही देखते विवाद बढ़ता गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया.

घटना बाइस गोदाम सर्किल पर बीते 22 मार्च की है जिसका वीडियो अब सामने आया है. बुलेट चालक सौरभ शर्मा के मुताबिक, वह अपने दफ्तर की ओर जा रहे थे. पुलिया के पास आगे चल रही स्कूटी ने अचानक ब्रेक लगाए, जिससे उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और टक्कर हो गई. उनका कहना है कि यह पूरी घटना अचानक हुई, लेकिन इसके बावजूद युवती ने बिना वजह आक्रामक रुख अपना लिया.

बुलेट चालक का आरोप है कि कुछ ही देर में युवती ने हेलमेट उठा लिया और फिर हेलमेट और पत्थर से बुलेट पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए. बीच सड़क हो रही इस तोड़फोड़ से वहां अफरा-तफरी मच गई और राहगीर भी दहशत में आ गए. युवती ने कहा- पुलिस मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकती. वो बाइक पर ताबड़तोड़ वार करती रही.

हैरानी की बात यह रही कि मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मी के सामने ही सौरभ मदद की गुहार लगाते रहे, लेकिन कोई तुरंत आगे नहीं आया. वहीं, जिस कैब बाइक पर युवती सवार थी, उसके चालक को भी टक्कर की घटना से खास आपत्ति नहीं थी , लेकिन इसके बावजूद युवती को अलग ही सनक सवार थी. घटना के बाद दोनों पक्ष सोडाला थाना पहुंचे, जहां पुलिस की समझाइश के बाद मामला शांत कराया गया. हालांकि, बीच सड़क हुए इस हाई वोल्टेज ड्रामे का वीडियो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है.

ENTERTAINMENT : श्लोका मेहता या राधिका मर्चेंट? नीता अंबानी की बहुओं में कौन है ज्यादा पढ़ी-लिखी और अमीर

अबानी परिवार की दोनों बहुएं श्लोका मेहता और राधिका मर्चेंट सोशल मीडिया पर चर्चा में रहती हैं. आइए जानते हैं दोनों में से पढ़ाई लिखाई और अमीरी में कौन आगे हैं.

अंबानी परिवार हमेशा से अपनी लाइफस्टाइल को लेकर चर्चा में रहता है. खासकर मुकेश अंबानी और नीता अंबानी की दोनों बहुएं श्लोका मेहता और राधिका मर्चेंट अक्सर सुर्खियों में बनी रहती हैं. पढ़ाई से लेकर लाइफस्टाइल तक, दोनों ही हर मामले में किसी से कम नहीं हैं. आइए जानते हैं कि पढ़ाई और अमीरी के मामले में दों में से कौन आगे है.

कितनी पढ़ी-लिखी हैं श्लोका मेहता ?
मुकेश अंबानी और नीता अंबानी के बड़े बेटे आकाश अंबानी की शादी साल 2019 में श्लोका मेहता से हुई थी. इस कपल का एक बेटा पृथ्वी और एक बेटी वेदा हैं.

श्लोका मेहता ने धीरूभाई अंबानी इंटरनेशनल स्कूल से पढ़ाई पूरी की है.
इसके बाद, उन्होंने प्रिंसटन यूनिवर्सिटी से एंथ्रोपोलॉजी में डिग्री ली.
फिर लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से लॉ में मास्टर्स डिग्री हासिल की है. ​​

कितनी है नेटवर्थ ?
पढ़ाई पूरी करने के बाद, वो अपने पिता की कंपनी ‘रोजी ब्लू’ में शामिल हुईं और डायरेक्टर के रूप में काम किया. श्लोका मेहता की नेटवर्थ की बात करें तो रिपोर्ट्स के मुताबिक श्लोका 149 करोड़ की संपत्ति की मालकिन हैं.

कितनी पढ़ी-लिखी हैं राधिका मर्चेंट ?
वहीं, मुकेश अंबानी और नीता अंबानी के छोटे बेटे अनंत अंबानी ने साल 2024 में राधिका मर्चेंट से शादी की है. अंबानी परिवार की छोटी बहू राधिका मर्चेंट भी काफी सक्सेसफुल हैं.

राधिका मर्चेंट ने मुंबई के ‘द कैथेड्रल एंड जॉन कॉनन स्कूल’ और ‘इकोले मोंडियाल वर्ल्ड स्कूल’ से स्कूलिंग की है.
इसके बाद उन्होंने मुंबई के बीडी सोमानी इंटरनेशनल स्कूल से IB डिप्लोमा किया.
राधिका ने न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी से पॉलिटिक्स और इकोनॉमिक्स में ग्रेजुएशन किया है.

इंडिया आने के बाद उन्होंने एक रियल इस्टेट फर्म के साथ अपने करियर की शुरुआत की. एक साल तक काम करने के बाद वो एनकोर हेल्थकेयर में शामिल हो गईं. वो अभी एनकोर हेल्थकेयर में बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में शामिल हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक राधिका मर्चेंट की टोटल नेटवर्थ 10 करोड़ रुपये है.

NATIONAL : विजय दो सीटों से चुनावी मैदान में… तमिलनाडु में TVK ने किया युवाओं को ₹4000 देने का वादा

0

तमिलनाडु में 2026 विधानसभा चुनाव से पहले अभिनेता और TVK प्रमुख विजय ने अपनी पार्टी के उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है. विजय खुद त्रिची ईस्ट और पेरंबूर सीट से चुनाव लड़ेंगे. पार्टी ने 234 सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए हैं.तमिलनाडु में 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले अभिनेता और तमिलगा वेत्री कझगम यानी TVK के प्रमुख विजय ने आज अपनी पार्टी के उम्मीदवारों की पूरी सूची का ऐलान कर दिया. 234 विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए.

सबसे बड़ी खबर यह रही कि विजय खुद दो सीटों से चुनाव लड़ेंगे. वे त्रिची ईस्ट और चेन्नई के परम्बूर से मैदान में उतरेंगे. दोनों सीटों पर उनका नाम सी. जोसेफ विजय के रूप में दर्ज है. यह पहली बार है जब विजय सीधे चुनावी मैदान में कदम रख रहे हैं.

पार्टी के महासचिव एन. आनंद टी. नगर से, कोषाध्यक्ष वेंकट रमनन मायलापुर से और आधव अर्जुन विल्लिवाक्कम से चुनाव लड़ेंगे. इसके अलावा गोबीचेट्टीपालयम से के सेंगोट्टयान, तिरुचेंगोडे से केजी अरुणराज, तिरुपरनकुंडम से सीटीआर निर्मल कुमार, थाउजेंड लाइट्स से जेसीडी प्रभाकर, कोलाथुर से वीएस बाबू और आरके नगर से डॉ. मारिया विल्सन को टिकट दिया गया है.

उम्मीदवारों की घोषणा के साथ-साथ विजय ने युवाओं के लिए कई बड़े वादे भी किए. पार्टी ने ऐलान किया कि अगर TVK की सरकार बनी तो 29 साल से ज्यादा उम्र के उन युवाओं को हर महीने 4,000 रुपये दिए जाएंगे जिन्हें अभी तक नौकरी नहीं मिली है. डिप्लोमा धारकों को हर महीने 2,500 रुपये देने का वादा किया गया.

इसके अलावा “तमिल एंप्लॉयमेंट क्रेडिट सिस्टम” का भी ऐलान किया गया. इसके तहत जो निजी कंपनियां अपने 75 फीसदी कर्मचारी तमिलनाडु के लोगों में से रखेंगी उन्हें SGST में 2.5 फीसदी और बिजली बिल में 5 फीसदी की छूट दी जाएगी.

उम्मीदवारों की घोषणा करते हुए विजय भावुक नजर आए. उन्होंने कहा कि उन्होंने ऐसे लोगों को चुना है जो जनता की बात सुनेंगे और उनकी समस्याओं का जवाब देंगे. उन्होंने कहा कि जिस तरह उन्होंने अपना फिल्मी करियर छोड़कर जनता के लिए राजनीति में कदम रखा, उसी तरह ये उम्मीदवार भी जनता के लिए समर्पित हैं.

विजय ने लोगों से एक मौका देने की अपील करते हुए कहा कि उम्मीदवार अलग नहीं हैं और वे खुद भी अलग नहीं हैं, सब एक ही मकसद के साथ मैदान में हैं.तमिलनाडु की राजनीति में यह एक बड़ा पल माना जा रहा है क्योंकि एक बड़े फिल्म स्टार का इस तरह सीधे चुनावी मैदान में उतरना और पूरे राज्य में उम्मीदवार खड़े करना यह दिखाता है कि TVK इस चुनाव को पूरी गंभीरता से लड़ने के लिए तैयार है.

- Advertisement -

News of the Day