Sunday, September 27, 2026
Home Blog Page 268

Bengal news : दक्षिण बंगाल में बारिश का अलर्ट, कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बदलेगा मौसम

0

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण बंगाल के कई जिलों में रविवार से मंगलवार तक बारिश, गरज-चमक और 40-50 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चलने की संभावना है, इसलिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के अनुसार रविवार से मंगलवार तक दक्षिण बंगाल के कई जिलों में बारिश होने की संभावना है. खासतौर पर मुर्शिदाबाद, बीरभूम और पूर्व-पश्चिम बर्धमान जिलों में ज्यादा बारिश का अनुमान लगाया गया है. वहीं बांकुड़ा और पुरुलिया में भी बारिश की मात्रा अधिक रह सकती है. मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर बंगाल में भी रविवार से बारिश की गतिविधि बढ़ने की संभावना है.

IMD सूत्रों के मुताबिक शनिवार को मुर्शिदाबाद, झाड़ग्राम, बीरभूम और पश्चिम मेदिनीपुर में बिजली चमकने के साथ बारिश हो सकती है. हालांकि उस दिन कोई येलो अलर्ट जारी नहीं किया गया है, लेकिन 15 मार्च रविवार को येलो अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होगी.

मौसम विभाग के अनुसार रविवार और सोमवार को दक्षिण बंगाल में बारिश की गतिविधि और बढ़ सकती है. बीरभूम, मुर्शिदाबाद, पूर्व-पश्चिम बर्धमान, बांकुड़ा और पुरुलिया में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना जताई गई है. सोमवार को भी येलो अलर्ट जारी रहने की संभावना है और मंगलवार तक मौसम खराब रहने की आशंका है.

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बांग्लादेश और आसपास गंगा क्षेत्र में बने चक्रवाती प्रभाव के कारण वातावरण में नमी बढ़ रही है, जिससे दक्षिण बंगाल में बादल छाए रहेंगे और बारिश के हालात बनेंगे. उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, कूचबिहार और उत्तर दिनाजपुर में भी 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बारिश होने की संभावना है. अन्य जिलों में हल्की बारिश और आंधी की स्थिति बन सकती है. कोलकाता में फिलहाल आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है और शनिवार तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. हालांकि रविवार से मौसम में बदलाव शुरू हो सकता है.

Panjab news : मुख्यमंत्री सेहत योजना ने बचाई महिला की जान, 4 लाख का हार्ट ऑपरेशन हुआ बिल्कुल मुफ्त

0

मोहाली की सुखविंदर कौर नाम की महिला को दिल की गंभीर समस्या पर मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत तुरंत उपचार मिला, जिससे लगभग 3-4 लाख रुपये का खर्च बचा और परिवार को बड़ी आर्थिक राहत मिली. पंजाब में मोहाली की एक महिला को अचानक दिल से जुड़ी गंभीर परेशानी हुई और तुरंत इलाज जरूरी था. मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा शुरू की गई मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत उनका इलाज बिना किसी आर्थिक देरी के कराया गया. इससे परिवार को ऐसे मुश्किल समय में लगभग ₹4 लाख के संभावित खर्च से राहत मिली.

माणिकपुर गांव की रहने वाली सुखविंदर कौर को तेज सीने में दर्द और मधुमेह से जुड़ी दिक्कतों के बाद एक निजी अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि दिल में गंभीर समस्या है और तुरंत स्टेंट डालना जरूरी है. इलाज और अस्पताल में भर्ती का खर्च लगभग ₹3 से ₹4 लाख तक आ सकता था, इतनी बड़ी राशि का इंतजाम परिवार के लिए इतनी जल्दी करना आसान नहीं था.

योजना के तहत उनकी पात्रता की पुष्टि होते ही जरूरी प्रक्रिया जल्दी पूरी की गई और उनका इलाज योजना के अंतर्गत सूचीबद्ध अस्पताल में किया गया. इस योजना के तहत पात्र परिवारों को सालाना ₹10 लाख तक का इलाज कवर मिलता है. एक हफ्ते तक निगरानी में रखने के बाद उन्हें स्थिर हालत में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. परिवार ने कहा, “हमारी सबसे बड़ी चिंता उनकी सेहत थी. इतनी बड़ी रकम का तुरंत इंतजाम करना बहुत मुश्किल होता. इस योजना की वजह से हम पैसों की चिंता छोड़कर उनके ठीक होने पर ध्यान दे सके.”

यह मामला मुख्यमंत्री सेहत योजना की बढ़ती पहुंच को भी दिखाता है. पूरे पंजाब में अब तक 9 लाख से अधिक सेहत कार्ड जारी किए जा चुके हैं. राज्य के अधिकारियों के अनुसार, सरकारी अस्पतालों में 70% से ज्यादा मरीजों को इस योजना के तहत मुफ्त इलाज मिल रहा है. पंजाब सरकार ने दावों का समय पर भुगतान और बिना रुकावट कैशलेस इलाज जारी रखने के लिए बीमा कंपनी को ₹500 करोड़ जारी किए हैं. इस योजना के तहत सरकारी और सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में दिल की सर्जरी, कैंसर का इलाज और किडनी से जुड़ी बीमारियों समेत कई बड़े इलाज कवर किए जाते हैं.

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा, “मुख्यमंत्री सेहत योजना का मकसद साफ है – कोई भी पात्र परिवार पैसों की कमी की वजह से जरूरी इलाज में देरी न करे. सरकार की लगातार आर्थिक मदद से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि बड़े इलाज तक कैशलेस पहुंच लोगों के लिए एक भरोसा बन सके.”

Jammu Kashmir news : कश्मीर पर्यटन पर युद्ध की मार, महंगे हवाई टिकट और गैस संकट के बीच सूनी डल झील

ईरान-इजरायल युद्ध से कश्मीर का पर्यटन उद्योग प्रभावित है. महंगे हवाई टिकट और रसोई गैस की कमी से होटल-रेस्टोरेंट बंद होने की कगार पर हैं. ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच हजारों किलोमीटर दूर लड़ी जा रही जंग का सीधा और विनाशकारी असर अब कश्मीर घाटी की अर्थव्यवस्था की रीढ़ माने जाने वाले ‘पर्यटन उद्योग’ पर पड़ रहा है.

मार्च महीने में बसंत ऋतु की शुरुआत के साथ ही कश्मीर में पर्यटकों का सैलाब उमड़ने लगता है, लेकिन इस साल हालात बिल्कुल उलट हैं. रसोई गैस (LPG) की भारी किल्लत के कारण जहां होटल और रेस्टोरेंट पहले से ही बंदी की कगार पर थे, वहीं अब एविएशन फ्यूल (Aviation Fuel) पर लगे सरचार्ज ने हवाई टिकटों के दाम आसमान पर पहुंचा दिए हैं. इस दोहरी मार ने पर्यटन सीजन के आगाज से पहले ही घाटी में सन्नाटा पसार दिया है.

हवाई टिकटों की आसमान छूती कीमतों के कारण पर्यटक कश्मीर आने से कतरा रहे हैं. कश्मीर टूर एंड ट्रैवल ऑपरेटर एसोसिएशन के प्रमुख गुलाम रसूल सियाह के अनुसार, पिछले साल के मुकाबले इस साल अब तक सिर्फ 15 प्रतिशत ही बुकिंग हुई है. उन्होंने कहा, “टिकट के दाम काफी बढ़ गए हैं. अगर यही हाल रहा तो जिन लोगों ने टिकट बुक किए हैं, वे भी कैंसिल कर देंगे. होटल-रेस्टोरेंट गैस की कमी से जूझ रहे हैं, ऐसे में टूरिस्ट यहाँ आकर करेंगे भी क्या?”

डल झील के प्रसिद्ध हाउसबोट भी वीरान पड़े हैं. हाउसबोट मालिक तारिक अहमद बताते हैं, “पिछले साल इस मौसम में ओवर-बुकिंग थी, लेकिन इस बार तेल के दामों के चलते एयर टिकट महंगे हो गए हैं और हमारे हाउसबोट पूरी तरह खाली हैं.” होटल मालिकों का दर्द: श्रीनगर की एक प्रसिद्ध होटल चेन के मालिक साहिल फारूक का कहना है कि उनके पास गैस का थोड़ा स्टॉक तो है, लेकिन महंगे टिकटों के कारण अगर टूरिस्ट ही नहीं आए, तो उन्हें अपना कामकाज बंद करने पर मजबूर होना पड़ेगा.

किराया बढ़ा, लेकिन सवारियां नदारद: एविएशन फ्यूल के साथ-साथ पेट्रोल-डीजल के दामों में उछाल के चलते जम्मू-कश्मीर सरकार ने पैसेंजर किराये में 18% की बढ़ोतरी की है. लेकिन टैक्सी चालक इससे खुश नहीं हैं. टैक्सी चालक मोहम्मद अयूब कहते हैं, “टूरिस्ट हैं ही नहीं तो बढ़ी हुई कीमत का हम क्या करेंगे! हम अपनी जेब से 500 रुपये कम लेने को तैयार हैं, बस टूरिस्ट आने चाहिए.”

Bollywood : ‘सान्या का हाथ काट दिया..’ फातिमा सना शेख ने सुनाया दंगल के सेट का रूह कंपा देने वाला किस्सा

फातिमा सना शेख वैसे तो कई बार अपनी मिर्गी के बीमारी के बारे में खुलकर बात कर चुकी हैं. लेकिन, अब हाल ही में सोहा अली खान के पॉडकास्ट में उन्होंने चौंकाने वाला खुलासा किया है. फातिमा सना शेख ने बतौर एक्ट्रेस अपने करियर की शुरुआत बॉलीवुड में दंगल फिल्म से की थी. हाल ही में उन्होंने अपनी पर्सनल लाइफ से जुड़ी एक ऐसे दर्दनाक राज से पर्दा उठाया है, जिसके बारे में जानकर आप भी चौंक जाएंगे.

फातिमा सना शेख हाल ही में सोहा अली खान के पॉडकास्ट ऑल अबाउट हर में पहुंची थीं. जहां उन्होंने अपनी बीमारी मिर्गी (एपिलेप्सी) से जुड़े एक्सपीरियंस के बारे में खुलकर बात की. फातिमा ने इस दौरान बताया कि इस घटना के बारे में उन्हें पहली बार तब पता चला जब वो दंगल फिल्म की शूटिंग कर रही थीं. उन्होंने उस दौरान का काफी डरावना एक्सपीरिएंस शेयर किया.

फातिमा ने बताया कि उन्हें अचानक महसूस हुआ कि दौरा पड़ने वाला है. ऐसे में उन्होंने अपने आसपास मौजूद लोगों को इस बारे में बताने की कोशिश की, लेकिन किसी ने उनकी बातों को नहीं समझा. फातिमा ने ये भी बताया कि उस दौरान दंगल के सेट पर सिर्फ आमिर खान और सान्या मल्होत्रा मौजूद थे. उसके बाद उन्होंने सान्या का हाथ काट दिया था.

फातिमा ने बताया कि सान्या को उन्होंने इतनी बुरी तरह से घायल कर दिया था कि उनके हाथों से खून निकलने लगा था. फातिमा ने कहा कि उस घटना के बारे में उन्हें ज्यादा याद नहीं है. उन्हें बस इतना ही याद है कि वो बहुत ज्यादा डर चुकी थीं और बेहोश हो गईं और जब होश आया तो वो अस्पताल में थीं. फातिमा ने कहा कि लोगों को ऐसा लगता था कि ये सिर्फ ध्यान खींचने की कोशिश कर रही है या फिर किसी नशीले पदार्थ का सेवन कर रही है, जिसकी वजह से ऐसा हुआ होगा.

Jammu Kashmir news : ‘ईरान भारत का हर मौसम का दोस्त.’, पूर्व सीएम महबूबा मुफ्ती ने भारत सरकार से किया ये आग्रह

पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने कश्मीर और ईरान के संबंधों का जिक्र करते हुए कश्मीर के उन लोगों की सराहना की, जिन्होंने शांतिपूर्ण तरीकों से ईरान के पक्ष में आवाज उठाई. पीपल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) की अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने शनिवार को भारत सरकार से ईरान और अमेरिका के बीच चल रहे संघर्ष पर अपने रुख की समीक्षा करने और ईरान का समर्थन करने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि ईरान भारत के लोगों का हर मौसम का दोस्त रहा है. कश्मीर और ईरान के बीच ऐतिहासिक संबंधों का जिक्र करते हुए, महबूबा मुफ्ती ने कश्मीर के उन लोगों की सराहना की, जिन्होंने शांतिपूर्ण तरीकों से अपना समर्थन जाहिर करके ईरान के पक्ष में आवाज उठाई.

मौजूदा हालात की समीक्षा के लिए पार्टी की बैठक की अध्यक्षता करने के बाद महबूबा मुफ्ती ने कहा, ‘इस्लाम ईरान के रास्ते कश्मीर आया, जो इन दोनों क्षेत्रों के बीच गहरे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों को उजागर करता है. इसलिए, एक भावनात्मक जुड़ाव है, जिसे नजरंदाज नहीं किया जा सकता.’

कश्मीर और ईरान के बीच ऐतिहासिक संबंधों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इन संबंधों ने घाटी की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान को आकार दिया है. उन्होंने मौजूदा संकट के बीच ईरान के लोगों के साथ एकजुटता जाहिर की और कहा कि कश्मीर के लोग हमेशा करुणा और समर्थन के साथ उनके साथ खड़े रहे हैं. महबूबा मुफ्ती ने कहा, ‘पार्टी ने एक प्रस्ताव पारित कर ईरान के लोगों के साथ मजबूत एकजुटता जाहिर की है, जो अमेरिका और इजरायल के हमलों का बहादुरी से सामना कर रहे हैं.’ महबूबा मुफ्ती ने लोगों से ईरान के लोगों की शांति, सुरक्षा और राहत के लिए विशेष प्रार्थना करने का भी आग्रह किया, खासकर रमजान के पवित्र महीने के आखिरी दिनों में. महबूबा मुफ्ती ने मुस्लिम देशों से इस मुश्किल समय में ईरान को समर्थन देने की अपील की.

भारत सरकार से अपील करते हुए, PDP अध्यक्ष ने जोर देकर कहा कि ऐतिहासिक रूप से, मुश्किल दौर में ईरान हमेशा नई दिल्ली का एक भरोसेमंद दोस्त रहा है, और उन्होंने केंद्र सरकार से ईरानी लोगों के साथ खड़े होने का आग्रह किया. उपराज्यपाल और पुलिस महानिदेशक से एक अलग अपील में, PDP अध्यक्ष ने उन युवाओं को रिहा करने का अनुरोध किया, जिन्हें ईरान संकट से संबंधित हालिया शोक जुलूसों और विरोध प्रदर्शनों के दौरान हिरासत में लिया गया था. यह बैठक ईरान के शीर्ष नेतृत्व की हालिया हमलों में हुई हत्या के बाद कश्मीर में व्यापक प्रतिक्रियाओं के बीच हुई है, जिसके चलते पूरी घाटी में विरोध प्रदर्शन और शोक सभाएं आयोजित की गईं.

पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की हिरासत रद्द किए जाने का स्वागत करते हुए, मुफ्ती ने कहा कि यह फैसला स्वागत योग्य है, हालांकि ऐसा कदम शुरू में उठाया ही नहीं जाना चाहिए था. उन्होंने कहा कि वांगचुक पर्यावरण संरक्षण के मुद्दों पर काम कर रहे थे और भारत सरकार के करीबी थे. महबूबा मुफ्ती ने कहा कि जेल में बंद अलगाववादी नेता शब्बीर अहमद शाह के परिवार की लंबी लड़ाई आखिरकार रंग लाई है, उन्होंने बताया कि उनकी बेटी ने उनकी रिहाई के लिए कानूनी तौर पर काफी संघर्ष किया. मुफ्ती ने आगे कहा कि जहां कुछ लोग राहत पाने के लिए अदालतों का रुख कर पाते हैं, वहीं कई आर्थिक रूप से कमजोर कैदी कानूनी लड़ाइयों का खर्च नहीं उठा पाते और वे भी ध्यान और न्याय के हकदार हैं.

महबूबा ने कहा, ‘हर कोई सुप्रीम कोर्ट नहीं जा सकता. जेलों में हजारों बेकसूर लोग बंद हैं जो कानूनी लड़ाई का भारी खर्च नहीं उठा सकते. सद्भावना के तौर पर ऐसे सभी राजनीतिक कैदियों को भी रिहा किया जाना चाहिए.’

Bollywood : हंसिका मोटवानी के तलाक के बाद एक्स भाभी ने कसा तंज, लिखा- ‘सब समय का खेल है’

बॉलीवुड एक्ट्रेस हंसिका मोटवानी ने शादी के महज चार साल बाद ही तलाक ले लिया है. जिसके बाद उनकी एक्स भाभी एक्ट्रेस नेन्सी जेम्स ने सोशल मीडिया के जरिए उन पर तंज कसा है. बॉलीवुड एक्ट्रेस हंसिका मोटवानी का हाल ही में सोहेल खटूरिया के साथ तलाक हुआ है. महज चार साल में ही दोनों की शादी टूटने की खबर से एक्ट्रेस फैंस काफी परेशान हो गए हैं. इसी बीच हंसिका मोटवानी की एक्स भाभी, एक्ट्रेस मुस्कान नैन्सी जेम्स ने इस तलाक पर तंज कसा है. सोशल मीडिया के जरिए नैन्सी ने इस कॉन्ट्रोवर्सी में खुद को घसीटे जाने पर लोगों को ऐसा करने से मना किया है. साथ ही इसे कर्मा से भी जोड़ा है.

हंसिक मोटवानी के भाई की एक्स वाइफ और एक्ट्रेस मुस्कान नैन्सी जेम्स सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं. सोशल मीडिया पर जैसे ही हंसिका के तलाक की खबरें आईं, कई यूजर्स ने नैन्सी को लेकर भी बातें करना शुरू कर दिया. इस पर नैन्सी ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक फोटो शेयर की और उसके साथ लिखा, ‘मैं कुछ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से रिक्वेस्ट करती हूं कि मुझे किसी दूसरे की लाइफ से दूर रखा जाए.’

आगे उन्होंने लिखा, ‘आप लोग हमेशा से सपोर्टिव और अंडरस्टैंडिंग रहे हो, और मैं इसे एप्रिशिएट करती हूं. मैं गुजारिश करती हूं कि मुझे किसी की झूठी दुनिया से दूर ही रखा जाए. मेरे पास कोई पेड़ पीआर नहीं हैं- वक्त सारी सच्चाई का खुलासा कर देगा. सब समय का खेल है. शांति, प्यार और कर्मा.’ नैन्सी के इस पोस्ट को हंसिका से जोड़कर ही देखा जा रहा है.

बता दें कि मुस्कान नैन्सी जेम्स की शादी हंसिका के भाई प्रशांत मोटवानी के साथ साल 2021 में ही हुई थी. लेकिन ये शादी कुछ ही दिन चली और दोनों 2022 में अलग हो गए. इसके बाद नैन्सी ने हंसिका के भाई पर घरेलू हिंसा का आरोप लगाया था और FIR दर्ज करवाई थी. इतना ही नहीं उन्होंने हंसिका और उनकी मां मोना पर भी उनकी शादी तुड़वाने का आरोप लगाया था साथ ही FIR भी दर्ज करवाई थी.

Sports : शुभमन गिल को मिला सबसे बड़ा अवॉर्ड, BCCI ने कर दिया एलान, विराट-रोहित और बुमराह को कुछ नहीं

0

बीसीसीआई ने 2025 सत्र के लिए अवॉर्ड विजेता खिलाड़ियों की सूची जारी कर दी है. शुभमन गिल को सबसे बड़ा अवॉर्ड मिलने वाला है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) शुभमन गिल को मेंस क्रिकेटर ऑफ द ईयर अवॉर्ड से सम्मानित करने वाला है. शनिवार को BCCI Naman Awards 2026 की लिस्ट जारी की गई, जिसमें शुभमन गिल को मेंस क्रिकेटर ऑफ द ईयर और स्मृति मंधाना को बेस्ट वीमेंस इंटरनेशनल क्रिकेटर ऑफ द ईयर पुरस्कार मिलेगा. यह अवॉर्ड्स सेरेमनी रविवार, 15 मार्च को होगी.

बीसीसीआई नमन अवॉर्ड्स की शुरुआत 2006-07 में हुई थी, जिसमें पिछले एक साल में सबसे बढ़िया प्रदर्शन करने वाले क्रिकेटरों को सम्मानित किया जाता है. मेंस कैटेगरी में बेस्ट इंटरनेशनल क्रिकेटर ऑफ द ईयर अवॉर्ड को पॉली उमरीगर अवॉर्ड भी कहा जाता है.

शुभमन गिल अभी भारत की टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान हैं और ये कुल दूसरी बार होगा जब गिल पॉली उमरीगर अवॉर्ड से सम्मानित किए जाएंगे. उन्होंने साल 2025 में 9 टेस्ट मैचों में 983 रन बनाए थे और वो पिछले साल सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे. इसी दौरान उन्होंने इंग्लैंड के विरुद्ध 5 मैचों की सीरीज में 754 रन बनाए थे. इसके अलावा उन्होंने 11 वनडे मैचों में 490 रन बनाए थे. दूसरी ओर स्मृति मंधाना को लगातार दूसरे साल बेस्ट महिला इंटरनेशनल क्रिकेटर का अवॉर्ड मिलने वाला है और यह कुल पांचवीं बार होगा जब मंधाना इस पुरस्कार से सम्मानित की जाएंगी.

शुभमन गिल को टी20 वर्ल्ड कप 2026 से ठीक पहले टी20 टीम से ड्रॉप कर दिया गया था. खराब फॉर्म के कारण उन्हें बाहर किया गया था और वो साल 2025 की शुरुआत से ही टी20 में लगातार बड़ी पारियां खेलने में नाकाम हो रहे थे. इसका भुगतान उन्हें टी20 वर्ल्ड कप स्क्वाड से बाहर होने के रूप में करना पड़ा. याद दिला दें कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी.

Entertainment : ‘टीवी की नागि‍न’ के प्यार में थे कभी अंकित, दिल टूटने पर आई समझ, करेंगे जल्द शादी

0

उडारियां फेम अंकिता गुप्ता ने अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ पर खुलकर बात की है. उन्होंने बताया कि अब वो शादी के लिए तैयार हैं और अपने फाइनेंस को संभालना सीख रहे हैं। उडारियां फेम अंकित गुप्ता और प्रियंका चाहर चौधरी फैन्स की फेवरेट की जोड़ी हुआ करती थी. उडारियां के बाद दोनों बिग बॉस में साथ नजर आए थे. शो में अंकित ने जिस तरह प्रियंका का ख्याल रखा, वो चीज हर किसी का दिल जीत लेगी. फैन्स इन्हें मेड फॉर ईच अदर बताने लगे. पर पिछले साल खबर आई कि दोनों का ब्रेकअप हो गया हैं. प्रियंका से रिश्ता टूटने के बाद अंकित शादी के लिए तैयार हो गए हैं. 

बिग बॉस के बाद उन्हें जुनूनियत और मांटी से बंधी डोर जैसे शोज में देखा गया. लेकिन पिछले कुछ महीने से वो छोटे पर्दे से दूर हैं. टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए इंटरव्यू में उन्होंने अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ को लेकर बात की है. अंकित ने ब्रेकअप और शादी पर भी रिएक्ट किया है. वो कहते हैं कि मैंने अपने पिछले रिलेशनशिप से बहुत कुछ सीखा है. मेरे सोचने का नजारिया बदल चुका है.

पहले मैं मैरिज पर्सन नहीं हुआ करता था. लेकिन अब मैं शादी करने के लिए तैयार हूं. अंकित ने कहा कि पहले मैं वो इंसान नहीं था जो किसी को ना कह पाऊं. मैं चाहता हूं कि मेरी शादी ऑर्गेनिक हो. पर हां मैं वो इंसान भी नहीं हूं, जो फैमिली प्रेशर में आकर शादी करूं, क्योंकि मेरी शादी वाली उम्र हो चुकी है. 

अंकित ने कहा कि मैं अभी सही प्रोजेक्ट का इंतजार कर रहा हूं. इस दौरान मैंने ये भी सीखा है कि आपको अपना फाइनेंस मैनेज करना आना चाहिए. जब आपके पास काम ना हो, तो इसका एक बैकअप प्लान भी होना चाहिए. मैं वो इंसान नहीं था जो पैसे सोच समझकर खर्च करे, लेकिन अब मैंने वो भी सीख लिया है. मैंने महसूस किया है कि जब आप काम के मामले में चूजी हो, तो पैसे भी सोच समझकर खर्च करने चाहिए. अंकित की बातों से ने साफ कर दिया कि प्रियंका से अलग होना उन्हें लाइफ की बड़ी सीख दे गया हैं.

Ahmedabad news : ‘कार रोक दो, केस नहीं करूंगा’, बोनट पर लटके बुजुर्ग को लेकर 500 मीटर तक ड्राइवर ने दौड़ाई कार

0

अहमदाबाद में एक खतरनाक घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. निकोल इलाके में एक कार चालक ने बुजुर्ग को कार की बोनट पर लटकाकर करीब 500 मीटर तक गाड़ी दौड़ा दी. बुजुर्ग लगातार कार रोकने की गुहार लगाते रहे, लेकिन चालक नहीं रुका. पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेकर कार और चालक की तलाश शुरू कर दी गई हैं.

गुजरात के अहमदाबाद में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक कार चालक ने बुजुर्ग व्यक्ति को कार की बोनट पर लटकाकर सड़क पर गाड़ी दौड़ा दीं इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग हैरान रह गए. यह घटना शहर के निकोल इलाके की बताई जा रही है.

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक बुजुर्ग व्यक्ति कार की बोनट पर लटके हुए हैं और लगातार कार चालक से गाड़ी रोकने की गुहार लगा रहे हैं. वीडियो में बुजुर्ग यह कहते हुए भी सुनाई दे रहे हैं कि वह चालक के खिलाफ कोई केस नहीं करेंगे, बस कार रोक दी जाए. इसके बावजूद चालक गाड़ी रोकने के बजाय सड़क पर तेज गति से आगे बढ़ता रहता है.

जानकारी के अनुसार यह घटना रात करीब 10:30 बजे खोडियार मंदिर के पास हुई. बताया जा रहा है कि कार चालक और किसी अन्य वाहन के बीच हल्की टक्कर हुई थी. इसके बाद बुजुर्ग व्यक्ति चालक को समझाने के लिए उसके पास पहुंचे. इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया और बुजुर्ग कार के सामने आ गए. आरोप है कि चालक ने गाड़ी आगे बढ़ा दी, जिससे बुजुर्ग कार की बोनट पर लटक गए. इसके बावजूद चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और करीब 500 मीटर तक उन्हें बोनट पर लटकाकर गाड़ी चलाता रहा. आसपास मौजूद लोगों ने इस घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है.

इस मामले में गुजरात पुलिस का कहना है कि अभी तक इस घटना को लेकर थाने में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. हालांकि वायरल वीडियो में कार का नंबर स्पष्ट दिखाई दे रहा है, जिसके आधार पर पुलिस चालक की पहचान करने की कोशिश कर रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की गंभीरता को देखते हुए मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही आरोपी चालक को पकड़ लिया जाएगा.

Panjab news : अब छोटा भाई नहीं. तो पंजाब में अकेले चुनाव लड़ेगी BJP? अमित शाह का मोगा से चुनावी शंखनाद, कह दी बड़ी बात

0

पंजाब में 2027 में होने वाले विधानसभा इलेक्शन के लिए सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मोगा से चुनावी शंखनाद कर दिया है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब में सत्ता पर काबिज आम आदमी पार्टी (AAP) पर जमकर हमला बोला. उन्होंने यह भी संकेत दिए कि बीजेपी आगामी चुनाव में किसी भी दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी और पहली बार सूबे में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने के संकल्प के साथ मैदान में उतरेगी.

केंद्रीय गृहमंत्री ने अपने संबोधन में सिखों के नौवें गुरु, गुरु तेग बहादुर जी के 350वें बलिदान दिवस का जिक्र किया. उन्होंने कहा, ‘गुरु तेग बहादुर जी हिंदी चादर कहे गए, क्योंकि उन्होने कश्मीरी पंडितों को मुगलों के आतंक से बचाने के लिए अपना सिर काटकर उनकी रक्षा करने का काम किया था. आज मैं इस मंच से, पंजाब की पवित्र भूमि से, मोगा की पवित्र भूमि से कहना चाहता हूं कि अगर गुरु तेग बहादुर जी नहीं होते तो आज भारत में कोई हिंदू बचा न होता. उनके बलिदान ने ही इस देश को टिका कर रखा है. यहां नानक देव जी महाराज से लेकर दशम पिता तक सभी महान सिख गुरुओं को प्रणाम करता हूं.’

अमित शाह ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल पर कड़ा तंज कसा. उन्होंने भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, ‘आम आदमी पार्टी बदलाव के वादे पर सत्ता में आई थी. मैं AAP के नेताओं से पूछना चाहता हूं, आपके मुख्यमंत्री असल में क्या कर रहे हैं? पूरे देश में, जहां भी केजरीवाल को जाना होता है, इस मुख्यमंत्री ने पंजाब सरकार के खर्चे पर हवाई जहाज किराए पर लेने और उसे अपने पर्सनल पायलट के तौर पर वहां उड़ाने के अलावा कुछ नहीं किया है. इस राज्य के मुख्यमंत्री को शर्म से सिर झुका लेना चाहिए. दिल्ली से चार ‘सूबेदार’ आए हैं, और वे पंजाब का पैसा लूटकर उसे वापस दिल्ली ले जा रहे हैं और पंजाब के मुख्यमंत्री उफ़ तक नहीं कर रहे. पंजाब सरकार सिर्फ केजरीवाल का एटीएम बन गई है.’

केंद्रीय गृह मंत्री ने संकेत दिए कि बीजेपी पंजाब में किसी से गठबंधन नहीं करेगी. उन्होंने कहा, ‘पहली बार अपनी सरकार बनाने के लिए चुनाव लड़ने जा रहे हैं.
पंजाब विधानसभा में चुनाव की आज से शुरुआत कर रहे हैं, हम हमेशा से छोटे भाई की भूमिका में आपके सामने आए थे, इसलिए हमारी सरकार कभी बनी नहीं थी. पंजाब को अगर कोई नशे से मुक्त कर सकता है केवल नरेंद्र मोदी और बीजेपी की डबल इंजन की भाजपा सरकार कर सकती है. एक मौका बीजेपी को देकर देखें हम पंजाब में परिवर्तन लाएंगे.’

गृह मंत्री ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि 2024 के चुनावों में भाजपा को मिला 19% वोट शेयर इस बात का प्रमाण है कि पंजाब की जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा, “हम हमेशा ‘छोटे भाई’ की भूमिका में रहे, इसलिए कभी हमारी सरकार नहीं बनी। लेकिन इस बार हम पंजाब के गौरव को वापस लाने के लिए अकेले चुनाव लड़ेंगे और सरकार बनाएंगे।”

शाह ने पंजाब की बदहाली के लिए कांग्रेस, अकाली दल और वर्तमान सरकार को जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने जनता से ‘डबल इंजन’ सरकार के लिए एक मौका मांगते हुए कहा, मैं मैं वादा करता हूं कि बीजेपी को मौका दें, हम 2 साल के भीतर पंजाब से नशे के कारोबार को जड़ से उखाड़ फेंकेंगे. उन्होंने कहा कि गैंगस्टरों की उगाही और बढ़ते अपराधों को केवल भाजपा की इच्छाशक्ति ही रोक सकती है. साथ ही वादा किया कि सरकार बनने पर पंजाब से जा रही इंडस्ट्री और युवाओं के पलायन को रोकने के लिए ठोस आर्थिक बदलाव लाए जाएंगे.

- Advertisement -