Sunday, September 27, 2026
Home Blog Page 275

NATIONAL : स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर बनी बात! अब 28 भारतीय जहाज और 778 नाविकों की हो पाएगी वापसी

0

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से भारतीय जहाजों के गुजरने की मंजूरी मिल गई है, लेकिन अभी-भी 28 भारतीय जहाज फारस की खाड़ी में फंसे हुए हैं. बताया जा रहा है कि इन सभी जहाजों पर 778 नाविक सवार हैं.

विदेश मंत्री एस. जयशंकर की ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची से हुई टेलीफोनिक बातचीत के बाद ईरान ने भारतीय तेल टैंकरों को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से सुरक्षित गुजरने की मंजूरी मिल गई है, लेकिन अभी-भी 778 नाविकों समेत 28 भारतीय जहाज फारस की खाड़ी में फंसे हुए हैं. इनमें से 24 जहाज स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पश्चिमी हिस्से में मौजूद है, जबकि 4 जहाज पूर्वी हिस्से की ओर बताए जा रहे हैं.

पोर्ट्स-शिपिंग और वाटर-वे मंत्रालय के स्पेशल सेक्रेटरी राजेश कुमार सिन्हा ने बुधवार को मीडिया ब्रीफिंग में बताया कि फारस की खाड़ी में भारत के 28 जहाज फंसे हुए हैं, जिन पर 778 नाविक सवार हैं. इनमें से 24 जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य के पश्चिमी भाग में 677 नाविकों के साथ मौजूद हैं, जबकि 4 जहाज 101 व्यक्तियों के साथ पूर्वी भाग में हैं.

अधिकारी ने कहा, ‘हम सभी जहाजों की सुरक्षा के लिए सक्रिय रूप से निगरानी कर रहे हैं. अधिकारी, जहाज प्रबंधक और भर्ती एजेंसियां… भारतीय दूतावासों और स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें चिकित्सा सहायता प्रदान करने के लिए समन्वय कर रहे हैं.’सिन्हा ने कहा कि मंत्रालय फारस की खाड़ी क्षेत्र में मौजूदा और विकसित हो रही समुद्री स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है और पश्चिम एशिया क्षेत्र में विकसित हो रही स्थिति को देखते हुए भारतीय जहाजों और नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निगरानी और तैयारी के उपायों को मजबूत किया है.

उन्होंने बताया कि उद्योग और नाविकों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए उद्योग और हितधारकों के साथ नियमित रूप से बातचीत की जा रही है.पश्चिम एशिया में बदलती स्थिति को देखते हुए डीजी शिपिंग ने सभी भारतीय जहाजों और नाविकों के लिए सख्त एडवाइजरी जारी की है. इसमें सुरक्षा के कड़े उपाय अपनाने और रियल-टाइम डेटा शेयर करने के रिपोर्टिंग प्रोटोकॉल का पालन करने को कहा गया है.

मंत्रालय और डीजी शिपिंग द्वारा 24 घंटे चलने वाले समर्पित कंट्रोल रूम संचालित किए जा रहे हैं. ये कंट्रोल रूम जहाजों की आवाजाही और क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर पल-पल की नजर रख रहे हैं, ताकि किसी भी संकट की स्थिति में तत्काल मदद पहुंचाई जा सके.विशेष सचिव सिन्हा के अनुसार, भारत के प्रमुख बंदरगाहों पर संचालन फिलहाल स्थिर बना हुआ है. बंदरगाहों को निर्देश दिए गए हैं कि वो निर्यातकों को होने वाली कठिनाइयों को कम करने के लिए हर संभव सहायता प्रदान करें और आयात-निर्यात व्यापार की निरंतरता सुनिश्चित करें.

शिपिंग लाइनों और एजेंटों के साथ समन्वय करके जहाजों और कार्गो की स्थिति की नियमित रिपोर्टिंग की जा रही है. सरकार का पूरा ध्यान इस बात पर है कि वैश्विक तनाव का असर भारत के विदेशी व्यापार और अर्थव्यवस्था पर कम से कम पड़े.

NATIONAL : ‘भाभी’ ने हनी ट्रैप में फंसाया, लड़के-लड़की के अंतरंग वीडियो बनाए, फिर…

0

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में हनी ट्रैप का मामला सामने आया है. पचपेड़ी थाना क्षेत्र में एक महिला ने बेटे की जन्मदिन पार्टी का बहाना बनाकर युवक को घर बुलाया. वहां पहले से मौजूद दूसरी महिला के साथ उसका वीडियो छिपकर रिकॉर्ड कर लिया गया. बाद में वीडियो का स्क्रीनशॉट भेजकर युवक से 1 लाख रुपये की मांग की गई और पैसे नहीं देने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई. युवक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में हनी ट्रैप का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक महिला ने अपने बेटे की बर्थडे पार्टी के बहाने युवक को घर बुलाया और उसे जाल में फंसाकर अश्लील वीडियो बनवा लिया. बाद में वीडियो का स्क्रीनशॉट भेजकर युवक से 1 लाख रुपए की मांग की गई और पैसे नहीं देने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई. मामला पचपेड़ी थाना क्षेत्र का है, जहां पीड़ित युवक की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, केंवतरा आवासपारा निवासी नोहर कुमार सूर्यवंशी (33) ट्रैक्टर चलाने का काम करता है. उसकी पहचान पास के ही गांव में रहने वाली एक महिला से थी. महिला ने 1 फरवरी को अपने बेटे का जन्मदिन होने की बात कहकर युवक को घर बुलाया. युवक जब वहां पहुंचा तो घर में पहले से ही एक अन्य महिला मौजूद थी.

बताया जा रहा है कि आरोपी महिला ने पहले से ही पूरा प्लान तैयार कर रखा था. युवक और दूसरी महिला को एक कमरे में भेज दिया गया, जहां दोनों के बीच शारीरिक संबंध बनाए गए. इस दौरान कमरे में छिपाकर रखा गया मोबाइल फोन ऑन कर दिया गया और पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया गया.

जानकारी के मुताबिक, कमरे में पर्दे लगाए गए थे और बिस्तर पर साफ चादर बिछाई गई थी, ताकि युवक और महिला आराम से कमरे में समय बिता सकें. जैसे ही दोनों कंफर्ट हुए और संबंध बनाए, तभी छिपाकर रखे मोबाइल से पूरी घटना रिकॉर्ड कर ली गई. बाद में वीडियो से एक तस्वीर निकालकर युवक को भेजी गई और उससे 1 लाख रुपए की मांग की गई. साथ ही पैसे नहीं देने पर पूरा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी भी दी गई.

पुलिस सूत्रों का कहना है कि हैरानी की बात यह है कि इस मामले में शामिल लोग आर्थिक रूप से बहुत सामान्य पृष्ठभूमि से आते हैं. पीड़ित युवक ट्रैक्टर चालक है और सीमित आय में अपना जीवन यापन करता है. वहीं जिस महिला के साथ उसका संबंध बनवाया गया, उसकी आर्थिक स्थिति भी बहुत मजबूत नहीं बताई जा रही है. इसके बावजूद आरोपी महिला ने हनी ट्रैप के जरिए मोटी रकम वसूलने की योजना बनाई थी.

पचपेड़ी थाना प्रभारी राज सिंह ने बताया कि युवक की शिकायत पर मामले की जांच की जा रही है. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि घटना में और कौन-कौन लोग शामिल हैं. मोबाइल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है. पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि किसी भी प्रकार के लालच या झांसे में आने से बचें और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें.

SPORTS : ‘अक्षर पटेल को बाहर करना मेरी गलती थी…’, कप्तान सूर्यकुमार यादव का बड़ा कबूलनामा, ऑलराउंडर से मांगी माफी

0

साउथ अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले में अक्षर पटेल को प्लेइंग-11 में शामिल नहीं किया गया था. भारतीय टीम को उस मुकाबले में करारी हार झेलनी पड़ी थी. अक्षर पटेल को प्लेइंग-11 से ड्रॉप करने के फैसले पर सूर्यकुमार यादव ने अपनी गलती मानी.

भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने स्वीकार किया है कि आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान एक अहम मैच में अक्षर पटेल को प्लेइंग इलेवन से बाहर करना उनकी गलती थी. उन्होंने बताया कि इस फैसले से ऑलराउंडर अक्षर पटेल नाराज हो गए थे, और मैच के बाद उन्होंने खुद जाकर उनसे माफी मांगी.

यह फैसला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में साउथ अफ्रीका के खिलाफ सुपर-8 मुकाबले के लिए लिया गया था. दरअसल, अक्षर पटेल इससे पहले नीदरलैंड्स के खिलाफ ग्रुप स्टेज मैच में हल्की चोट के कारण नहीं खेले थे. लेकिन साउथ अफ्रीका के खिलाफ उन्हें बाहर करना पूरी तरह रणनीतिक फैसला था और टीम मैनेजमेंट ने उनकी जगह वॉशिंगटन सुंदर को मौका दिया था.

द इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में सूर्यकुमार यादव ने बताया कि उस मैच के बाद अक्षर पटेल से हुई बातचीत आसान नहीं थी. उन्होंने कहा, ‘वह बहुत गुस्से में था और उसे होना भी चाहिए था. वह एक अनुभवी खिलाड़ी है और एक फ्रेंचाइजी टीम की कप्तानी भी कर चुका है. ऐसे में नाराज होना स्वाभाविक था. मैंने उससे माफी मांगी. मैंने कहा कि यह मेरी गलती थी और मुझे इसका अफसोस है. हालांकि यह फैसला टीम के हित में लिया गया था. यह बातचीत आसान नहीं थी, लेकिन अगले दिन हमने फिर बात की और मामला सुलझ गया.’

साउथ अफ्रीका के खिलाफ सुपर-8 मुकाबले में भारत को 76 रनों से करारी हार झेलनी पड़ी थी. अक्षर पटेल को बाहर रखने का फैसला टूर्नामेंट के दौरान सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाले रणनीतिक फैसलों में शामिल हो गया. हालांकि टीम मैनेजमेंट ने अपनी गलती जल्द सुधार ली और अगले मैच में जिम्बाब्वे के खिलाफ अक्षर पटेल को फिर से प्लेइंग-11 में शामिल कर लिया.

अक्षर पटेल ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने 8 मैचों में 11 विकेट लिए और 8.20 की इकोनॉमी रेट से गेंदबाजी करते हुए मिडिल ओवर्स में भारत के सबसे भरोसेमंद गेंदबाजों में से एक साबित हुए. फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ अक्षर ने 27 रन देकर 3 विकेट झटके और भारत की जीत में अहम योगदान दिया. इसके अलावा इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में उन्होंने दो शानदार कैच लेकर मैच का रुख भारत की तरफ मोड़ दिया था.

अक्षर पटेल ने गेंदबाजी के अलावा बल्ले से भी जरूरत पड़ने पर तेज रन बनाकर टीम को मजबूती दी. भारत ने अंततः खिताबी मुकाबले में न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप खिताब अपने नाम किया. भारत टी20 वर्ल्ड कप क इतिहास में ऐसी पहली टीम बन गया, जिसने यह खिताब डिफेंड किया.

BIHAR : दूल्हा इंजीनियर, दुल्हन पुलिस में और 30 बैलगाड़ियों की बारात… बिहार बेतिया की अनोखी शादी

0

बिहार के बेतिया जिले के कटैया गांव में एक अनोखी शादी चर्चा का विषय बन गई. इंजीनियर देवशील कुमार और बिहार पुलिस में कार्यरत सोनिया कुमारी की शादी में करीब 30 बैलगाड़ियों की बारात निकली. दूल्हा लग्जरी कार की जगह पालकी में बैठकर दुल्हन के घर पहुंचा. थारू जनजाति की परंपराओं के अनुसार निकली यह बारात लोगों को पुराने दौर की याद दिला गई. 9 मार्च को हुई इस शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है और लोग इसकी सादगी व परंपरा की जमकर सराहना कर रहे हैं.

बिहार के बेतिया में एक ऐसी बारात निकली, जिसने लोगों को पुराने दौर की याद दिला दी. जहां आजकल शादियों में लग्जरी कार, डीजे और दिखावे का चलन बढ़ गया है, वहीं इस शादी में सादगी और परंपरा की ऐसी मिसाल देखने को मिली कि लोग तारीफ करते नहीं थक रहे हैं. यह अनोखी बारात थरूहट क्षेत्र के हरनाटांड़ से करीब 2 किलोमीटर दूर कटैया गांव की है. यहां स्वर्गीय मनबहाली महतो के बेटे देवशील कुमार, जो पेशे से इंजीनियर हैं, और नंद किशोर महतो की बेटी सोनिया कुमारी, जो बिहार पुलिस में कार्यरत हैं, उन्होंने अपनी शादी को यादगार बनाने के लिए अनोखा तरीका अपनाया.

आधुनिक गाड़ियों और भव्य काफिलों से दूर इस बारात में करीब 30 बैलगाड़ियां मंगवाई गईं, जिन पर बाराती सवार होकर दुल्हन के घर पहुंचे. सबसे खास बात यह रही कि दूल्हा देवशील कुमार ने भी स्कॉर्पियो या किसी लग्जरी कार की जगह पालकी में बैठकर बारात निकाली. बैलगाड़ियों पर लाउडस्पीकर के साथ निकली यह बारात देखकर लोग हैरान भी हुए और खुश भी. पूरे इलाके में यह शादी चर्चा का विषय बन गई है.

दरअसल, पश्चिम चंपारण के थरूहट इलाके में रहने वाला थारू जनजाति समुदाय अपनी परंपराओं और प्रकृति से जुड़े जीवन के लिए जाना जाता है. जब दुनिया तेजी से आधुनिकता और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में आगे बढ़ रही है, तब भी यह समुदाय अपनी पुरानी संस्कृति और रीति-रिवाजों को संजोए हुए है.

9 मार्च को हुई इस शादी का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. लोग इस बारात की जमकर सराहना कर रहे हैं और कह रहे हैं कि “ऐसी बारात अब शायद ही देखने को मिलती है, इसने 90 के दशक की यादें ताजा कर दीं.कई लोगों का कहना है कि इंजीनियर दूल्हा और बिहार पुलिस की दुल्हन ने मिलकर एक बार फिर साबित कर दिया कि शादी की असली खूबसूरती दिखावे में नहीं, बल्कि परंपरा और सादगी में होती है.

MP : ‘बेटी की शादी है, अनाज खरीद लो साहब…’, मंडी में हाथ जोड़कर रो पड़ा अन्नदाता, इंस्पेक्टर की तानाशाही से रुका काम, वीडियो वायरल होने के बाद IAS का बड़ा एक्शन

0

मध्य प्रदेश की कृषि उपज मंडी में धनिया, सरसों की फसल बेचने आए किसान के आंसू निकल पड़े. आंखों में आंसू लिए किसान हाथ जोड़कर गुहार लगाता रहा, लेकिन मंडी प्रबंधन की तानाशाही ने मामले को गर्मा दिया. किसान दुहाई देता रहा कि उसके घर में बेटी का ब्याह है और उसे पैसों की जरूरत है. यदि समय पर फसल नहीं बिकी और पैसे नहीं मिले तो शादी कैसे होगी.

अन्नदाता के आंसू पोंछने के लिए न ही प्रबंधन न ही कोई किसान नेता आगे आया. हालांकि, वीडियो वायरल होने के बाद मप्र मंडी बोर्ड के प्रबंध संचालक कुमार पुरुषोत्तम (IAS) ने एक्शन लेते हुए दोषी कर्मचारी को निलंबित करने के आदेश दे दिए.

दरअसल, कृषि उपज मंडी में उस समय भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब एक मंडी इंस्पेक्टर की कथित शराबखोरी और तानाशाही के कारण नीलामी प्रक्रिया ठप हो गई. घंटों तक मंडी बंद रहने से आक्रोशित किसानों ने नेशनल हाईवे (एबी रोड) पर चक्काजाम कर दिया.करीब आधे घंटे तक सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं, जिसे बाद में कैंट पुलिस ने मौके पर पहुंचकर और किसानों को समझाइश देकर जाम खुलवाया.

प्रत्यक्षदर्शी किसानों और व्यापारियों के अनुसार, ड्यूटी पर तैनात मंडी निरीक्षक राजकुमार शर्मा शराब के नशे में बुरी तरह धुत्त थे. नीलामी के दौरान एक किसान की सरसों की ऊंची बोली 5700 रुपये प्रति क्विंटल लगी थी, लेकिन नशे में धुत इंस्पेक्टर ने जानबूझकर या गलती से पर्ची पर मात्र 5400 रुपये दर्ज कर दिए. जब किसान ने इस 300 के अंतर का विरोध किया, तो इंस्पेक्टर अभद्रता पर उतर आया. ताज्जुब की बात यह रही कि खरीदार व्यापारी भी 5700 रुपये में फसल लेने को तैयार था, लेकिन इंस्पेक्टर पर्ची सुधारने और हस्ताक्षर करने पर अड़ गया.

इंस्पेक्टर द्वारा व्यापारियों के साथ भी बदतमीजी की गई, जिससे नाराज होकर व्यापारियों ने फसल खरीदी का बहिष्कार कर दिया और मंडी बंद करा दी. सुबह 7 बजे से अपनी उपज लेकर आए किसान घंटों तक बिना नीलामी के परेशान होते रहे. राम सिंह रघुवंशी और गिर्राज यादव ने बताया कि मंडी प्रशासन की लापरवाही के कारण उन्हें 2-2 बार ट्रैक्टर का भाड़ा देना पड़ रहा है. कई किसानों के घर में शादियां हैं और वे अपनी उपज बेचकर पैसों का इंतजाम करने आए थे, लेकिन मंडी कर्मचारियों की मनमानी ने उन्हें सड़क पर उतरने को मजबूर कर दिया.

उधर, किसानों की परेशानी को देखते हुए पूर्व मंत्री और कांग्रेस जिलाध्यक्ष जयवर्धन सिंह ने भी आंदोलन की चेतावनी दी है. जयवर्धन ने लिखा, ”कल बेटी की शादी है… और किसान मंडी में रोकर कह रहा है, ”साहब मेरा अनाज खरीद लो…”

Guna की नानाखेड़ी कृषि उपज मंडी में श्रीपुरचक निवासी किसान को अपनी ही मेहनत की फसल बेचने के लिए अधिकारियों के सामने रोना और गिड़गिड़ाना पड़ा.वैसे ही भाजपा शासन में किसानों के साथ लगातार भेदभावपूर्ण अन्याय हो रहा है. न फसल का उचित दाम मिल रहा है और न ही समय पर खरीदी हो रही है. अन्नदाता को इस तरह अपमानित और मजबूर किया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है.

मैं जिला कलेक्टर महोदय, गुना से मांग करता हूं कि इस मामले की तत्काल जांच कर दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों. यदि किसानों के साथ इस तरह का अन्याय जारी रहा, तो कांग्रेस पार्टी किसानों के हक के लिए सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन और प्रदर्शन करेगी. किसानों के आंसुओं की कीमत सरकार को चुकानी पड़ेगी.” देखें VIDEO:-
इस मामले पर मंडी सचिव आरपी सिंह ने स्वीकार किया कि प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा के कारण विवाद की स्थिति बनी है. उन्होंने कहा राजकुमार शर्मा पहले भी विवादित रहे हैं.

किसानों ने उनके शराब के नशे में होने की शिकायत की है, जिसकी डॉक्टरी जांच कराई जाएगी. मौके का पंचनामा तैयार कर लिया गया है और वरिष्ठ कार्यालय को कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी जा रही है. हमारी प्राथमिकता मंडी की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करना है ताकि सीजन के समय किसानों को कोई असुविधा न हो.

मंडी सचिव ने व्यापारियों से चर्चा कर दोबारा खरीदी शुरू करवाई और आश्वासन दिया कि स्टाफ की कमी को लेकर भी शासन को अवगत कराया गया है. फिलहाल, विवादित इंस्पेक्टर को ड्यूटी से हटाकर जांच शुरू कर दी गई है.

SPORTS : स्मृति मंधाना की ‘द हंड्रेड’ में हुई धमाकेदार एंट्री, 50,000 पाउंड में मैनचेस्टर सुपर जायंट्स ने खरीदा

0

इंग्लैंड की लीग द हंड्रेड के महिला खिलाड़ियों के ड्राफ्ट में भारतीय खिलाड़ियों की मौजूदगी देखने को मिली. इसमें भारतीय महिला टीम की खिलाड़ी स्मृति मंधाना और ऋचा घोष को 50,000 पाउंड का कॉन्ट्रैक्ट मिला.

आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 को जीतने वाली भारतीय महिला टीम के खिलाड़ियों की डिमांड पूरे वर्ल्ड में बढ़ती जा रही है. इसका नया उदाहरण इंग्लैंड की लीग ‘द हंड्रेड’ में देखने को मिला. भारतीय महिला टीम की ओपनर स्मृति मंधाना की अगुवाई में ‘द हंड्रेड’ के महिला खिलाड़ियों के ड्राफ्ट में भारतीय खिलाड़ियों की मौजूदगी देखने को मिली. ऋचा घोष को 50,000 पाउंड (करीब 61 लाख रुपये) का कॉन्ट्रैक्ट मिला और ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा को भी बुधवार यानी 11 मार्च को यहां हुई नीलामी में कॉन्ट्रैक्ट हासिल किया.

द हंड्रेड के महिला खिलाड़ियों के ड्राफ्ट में कुल 178 खिलाड़ियों की बोली लगी, जबकि 28 प्लेयर्स को टूर्नामेंट से पहले ही फ्रेंचाइजी ने रिटेन कर लिया था या सीधे साइन किया था. इस लीग की शुरुआत 21 जुलाई से होगी और 16 अगस्त को खत्म होगा. मैनचेस्टर सुपर जायंट्स ने ऋचा को 50,000 पाउंड में खरीदा, जो भारतीय रुपये में करीब 61 लाख होता है. इस भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज को खरीदने के लिए नीलामी में सिर्फ इसी फ्रेंचाइजी ने बोली लगाई थी.

मैनचेस्टर सुपर जायंट्स ने नीलामी के पहले ही स्मृति मंधाना के साथ ऑस्ट्रेलिया की दिग्गज बल्लेबाज मेग लैनिंग को अपनी टीम में सीधे साइन किया था, जबकि इंग्लैंड की स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन को फ्रेंचाइजी ने रिटेन किया था. इस बीच दीप्ति शर्मा को सनराइजर्स लीड्स ने 27,500 पाउंड (करीब 34 लाख) में अपने टीम के साथ जोड़ा. इस अनुभवी भारतीय ऑलराउंडर को लेने के लिए फ्रेंचाइजी ने बोली शुरू की और किसी और से मुकाबला नहीं करना पड़ा. हालांकि भारत की यास्तिका भाटिया और श्री चरणी को ड्राफ्ट में किसी ने नहीं खरीदा.

द हंड्रेड टूर्नामेंट के हर महिला फ्रेंचाइजी के पास 880,000 पाउंड का बजट था. बर्मिंघम फीनिक्स, लंदन स्पिरिट, सदर्न ब्रेव और ट्रेंट रॉकेट्स के पास ड्राफ्ट से पहले 520,000 पाउंड बचे थे, जबकि मैनचेस्टर सुपर जायंट्स, एमआई लंदन, सनराइजर्स लीड्स और वेल्श फायर के पास नीलामी होने से पहले 570,000 पाउंड का बजट था.

NATIONAL : शादी का झांसा देकर यौन शोषण, निकाह के बाद धर्म परिवर्तन का दबाव… लखनऊ में पीड़िता ने पुलिस को सुनाई आपबीती

0

लखनऊ के तालकटोरा इलाके में 23 वर्षीय युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का आरोप लगाया है. युवती ने गर्भवती होने पर उसके साथ मारपीट करने का इल्जाम भी लगाया है. पढ़ें संगीन आरोपों वाले इस मामले की पूरी कहानी.

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के तालकटोरा थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. जहां आलमनगर इलाके में रहने वाली 23 वर्षीय युवती ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है. पीड़िता ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि आरोपी युवक ने पहले उसे प्रेमजाल में फंसाया और फिर शादी का भरोसा देकर उसके साथ संबंध बनाए.

युवती का आरोप है कि कुछ समय बाद आरोपी का व्यवहार बदल गया और उसने उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाना शुरू कर दिया. मामला सामने आने के बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है. पीड़िता मूल रूप से बिहार के गोपालगंज जिले की रहने वाली है. वह पिछले करीब तीन साल से अपनी मां के साथ लखनऊ के आलमनगर इलाके के अशोक विहार राज गार्डेन में रह रही है.

युवती के मुताबिक इसी दौरान उसकी पहचान कश्मीरी बाग पक्का बाग निवासी फरदीन खान से हुई. धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और आरोपी ने उससे शादी करने का वादा किया. युवती का आरोप है कि इसी भरोसे के चलते उसने आरोपी पर विश्वास किया और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं.
युवती का कहना है कि आरोपी फरदीन खान ने उससे कहा कि वह उससे निकाह करेगा और बाद में हिंदू धर्म अपनाकर हिंदू रीति-रिवाज से भी शादी करेगा.

पीड़िता के अनुसार 20 अक्टूबर 2024 को आरोपी ने निकाह किया. लेकिन युवती का आरोप है कि निकाह के दौरान उससे फर्जी तरीके से निकाहनामा पर हस्ताक्षर करवा लिए गए. उसे भरोसा दिलाया गया कि आगे चलकर दोनों परिवारों की मौजूदगी में हिंदू रीति-रिवाज से भी शादी की जाएगी. इसी भरोसे में युवती आरोपी के साथ संबंध में रही.

पीड़िता ने आरोप लगाया कि निकाह के बाद आरोपी उसे अपने घर ले जाने के बजाय पास में ही एक किराए के मकान में रखने लगा. वहीं रहकर वह लगातार उस पर मुस्लिम रीति-रिवाज अपनाने और कलमा पढ़ने का दबाव बनाता था. युवती का कहना है कि जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी मारपीट करने लगा. इसके अलावा उसे मानसिक रूप से भी प्रताड़ित किया जाता था. युवती के मुताबिक आरोपी का व्यवहार धीरे-धीरे और अधिक हिंसक होता चला गया.

पीड़िता के मुताबिक वह करीब तीन महीने की गर्भवती हो गई थी. इसी दौरान उसने आरोपी से धर्म परिवर्तन के वादे को लेकर सवाल किया. आरोप है कि इस बात से नाराज होकर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और पेट पर लात मार दी. युवती का कहना है कि इस हमले के कारण उसका गर्भपात हो गया. आरोप यह भी है कि घटना के बाद आरोपी उसे उसी हालत में छोड़कर फरार हो गया.

मामले की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता ने तालकटोरा थाने में शिकायत दर्ज कराई. इस पूरे मामले पर डीसीपी वेस्ट जोन विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि युवती की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है. पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपों की सच्चाई का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

BUSINESS : छुट्टे पैसे को लेकर अब दुकानदार से नहीं होगी झिकझिक, जल्द ATM से निकलेंगे 10-20 और 50 रुपये के नोट

डिजिटलाइजेशन के इस नए दौर में बिल पेमेंट से लेकर रिचार्ज तक सबकुछ ऑनलाइन हो रहा है. कई बार अगर हम 100 या 500 रुपये का नोट लेकर बाजार जाते हैं, तो दुकानदारों का यही कहना रहता है कि ‘भाई साहब! छुट्टे नहीं है.’ ऑनलाइन पेमेंट के इस जमाने में छोटे नोटों की कमी अब खलने लगी है, जिनकी जरूरत ऑटो-रिक्शा का किराया चुकाने से लेकर छोटे-मोटे सामान की खरीदारी करते वक्त पड़ती है. । हालांकि, सरकार का कहना है कि मार्केट में छोटे नोटों की कोई कमी नहीं है. अब योजना ATM से भी छोटे नोट निकालने की है.

बीते मंगलवार को केंद्र सरकार की तरफ से संसद में बताया गया कि देश में छोटे नोटों की कोई कमी नहीं है. एक सवाल के जवाब में वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि 10 रुपये, 20 रुपये और 50 रुपये के नोट पहले से ही काफी संख्या में चलन में हैं. हालांकि, ATM से कैश विदड्रॉल के दौरान हमें अकसर 500 रुपये के ही नोट मिलते हैं. कभी-कभार100 या 200 रुपये के भी नोट निकल जाते हैं. ऐसे में 500 के नोट का छुट्टा मिलना कई बार मुश्किल हो जाता है.

इस दुविधा पर बात करते हुए वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि पुराने ATM छोटे नोट बांटने के लिए डिजाइन नहीं किए गए हैं. हालांकि, इस समस्या को हल करने के लिए एक पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया गया है. इस पहल के तहत, खास ‘छोटे मूल्य वाले डिस्पेंसर’ की टेस्टिंग की जा रही है. इन मशीनों से लोग सीधे 10 रुपये, 20 रुपये और 50 रुपये के नोट निकाल सकेंगे. इस तरह, लोग ATM से कैश निकालते समय छुट्टे पैसे भी पा सकेंगे.

सरकार ने छोटे नोटों की सप्लाई का डेटा भी शेयर किया. मौजूदा फाइनेंशियल ईयर (26 फरवरी तक) में रिजर्व बैंक (RBI) ने 439.4 करोड़ रुपये के 10 रुपये के नोट, 193.7 करोड़ रुपये के 20 रुपये के नोट और 130.3 करोड़ रुपये के 50 रुपये के नोटों की सप्लाई की. इसी तरह से पिछले कारोबारी साल 2025 में 180 करोड़ रुपये के 10 रुपये के नोट, 150 करोड़ रुपये के 20 करोड़ के नोट और 300 करोड़ रुपये के 50 रुपये के नोट सप्लाई की गई.

रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) नियमित तौर पर अलग-अलग डिनॉमिनेशन की डिमांड का रिव्यू करता है और बताता है कि कितने नोट छापे जाने चाहिए. सरकार के मुताबिक, कम वैल्यू वाले कैश की डिमांड बैंक नोट और सिक्कों को मिलाकर पूरी की जाती है. साथ ही, डिजिटल पेमेंट अब कम वैल्यू वाले पेमेंट सहित ट्रांजैक्शन का एक बड़ा हिस्सा है.

JAIPUR : चालान के दौरान ट्रैफिक पुलिसकर्मी से भिड़ी महिला, मौका पाकर ई-रिक्शा लेकर भागा पति

0

जयपुर के चांदपोल मेट्रो चौराहे पर चालान काटने के दौरान हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला. ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने संदिग्ध हालत में ई-रिक्शा चालक को रोका तो उसकी पत्नी पुलिस से भिड़ गई. इसी दौरान महिला का पति मौका पाकर ई-रिक्शा लेकर फरार हो गया. पूरी घटना का वीडियो राहगीर ने रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

राजस्थान की राजधानी जयपुर में चांदपोल मेट्रो चौराहे पर ट्रैफिक नियमों की जांच के दौरान एक अजीब स्थिति देखने को मिली. यहां ट्रैफिक पुलिसकर्मी द्वारा चालान काटने की कार्रवाई के बीच एक महिला पुलिसकर्मी से भिड़ गई, जबकि इसी दौरान उसका पति मौका पाकर ई-रिक्शा लेकर वहां से फरार हो गया. पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

जानकारी के अनुसार, बीते सोमवार दोपहर चांदपोल मेट्रो चौराहे पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी वाहनों की जांच कर रहे थे. इसी दौरान एक ई-रिक्शा चालक संदिग्ध हालत में वाहन चलाते हुए दिखाई दिया. पुलिसकर्मी ने उसे रोककर पूछताछ की, तो चालक के शराब के नशे में होने का शक हुआ. इसके बाद पुलिसकर्मी ने ई-रिक्शा का चालान काटने की प्रक्रिया शुरू कर दी.

इसी बीच ई-रिक्शा में बैठी चालक की पत्नी नीचे उतर आई और चालान को लेकर पुलिसकर्मी से उलझ गई. महिला ने पुलिसकर्मी को घेरकर बहस शुरू कर दी. देखते ही देखते दोनों के बीच तीखी नोकझोंक होने लगी. चौराहे पर मौजूद लोग भी यह नजारा देखने के लिए मौके पर इकट्ठा हो गए.

कुछ देर तक महिला पुलिसकर्मी को बहस में उलझाए रही. इसी दौरान ई-रिक्शा चालक ने मौका देखा और वाहन स्टार्ट कर वहां से फरार हो गया.जब तक पुलिसकर्मी स्थिति को समझ पाता, तब तक चालक चौराहे से गायब हो चुका था. इस पूरे घटनाक्रम को वहां मौजूद एक राहगीर ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया.

घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें महिला और ट्रैफिक पुलिसकर्मी के बीच हुई बहस और उसके बाद ई-रिक्शा चालक के मौके से फरार होने की घटना देखी जा सकती है.

 

NATIONAL : बच्चों पर उड़ेल दी खौलते तेल की बाल्टी… तेरहवीं के कार्यक्रम में पानी डालने से भड़का था युवक

0

उन्नाव जिले में तेरहवीं के कार्यक्रम के दौरान एक चौंकाने वाली घटना सामने आई. मामूली बात पर नाराज युवक ने बच्चों पर खौलता तेल डाल दिया, जिससे पांच बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए. घायलों को इलाज के लिए लखनऊ के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां दो बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.

उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से एक बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आई है. यहां तेरहवीं के कार्यक्रम के दौरान मामूली बात पर नाराज एक युवक ने बच्चों पर खौलता तेल डाल दिया, जिससे पांच बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई. घायल बच्चों को तत्काल लखनऊ के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां दो बच्चों की हालत नाजुक बताई जा रही है.यह मामला औरास थाना क्षेत्र के हसनपुर द्रगपालखेड़ा गांव का है. जानकारी के अनुसार गांव के लगभग 100 वर्षीय हीरालाल का निधन हो गया था. मंगलवार को उनके घर पर तेरहवीं का कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में गांव के लोग मौजूद थे. कार्यक्रम के दौरान खाना बनाने की व्यवस्था भी चल रही थी और हलवाई पूड़ियां तल रहा था.

बताया जा रहा है कि रात करीब नौ बजे कुछ बच्चे वहीं पास में खेल रहे थे. खेल-खेल में बच्चों ने वहां मौजूद युवक विशाल पर पानी डाल दिया. इस बात से नाराज होकर युवक गुस्से में आ गया. गुस्से में उसने हलवाई की कढ़ाई से निकाला गया खौलता तेल, जो एक बाल्टी में रखा था, उठाकर बच्चों पर डाल दिया.अचानक हुए इस हमले से मौके पर चीख-पुकार मच गई. बच्चों की हालत देखकर परिजन और गांव के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे. झुलसे हुए बच्चों को तुरंत उपचार के लिए लखनऊ के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया.

घायलों में 14 साल के सुधीर, उसका 11 साल के भाई रौनक, 14 साल के सुमित, उसका 10 साल का भाई श्यामबाबू और गांव का 12 साल का मनोज शामिल हैं. इनमें से सुधीर और मनोज की हालत गंभीर बताई जा रही है. उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए दोनों को बाद में लखनऊ के मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है.

ग्राम प्रधान बाल्मीकि के मुताबिक घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है. वहीं पीड़ित परिवार की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक विशाल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

- Advertisement -