Friday, October 2, 2026
Home Blog Page 349

MP : पति से रिश्ते सुधारने के लिए कराया तंत्र-मंत्र…,फिर तांत्रिक के साथ ही फरार हो गई पत्नी

0

इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र से लापता हुई महिला को पुलिस ने भोपाल से बरामद कर लिया है. महिला सोने-चांदी के जेवर और नगदी लेकर एक तांत्रिक के साथ फरार हो गई थी. तकनीकी जांच के आधार पर महिला की लोकेशन ट्रेस की गई. पूछताछ में महिला ने पति से परेशान होकर घर छोड़ने की बात कही है.

मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां बाणगंगा थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला अचानक सोने-चांदी के जेवर और नगदी रकम लेकर घर से लापता हो गई. महिला के अचानक गायब होने से परिवार में हड़कंप मच गया, जिसके बाद परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस जांच में सामने आया कि महिला एक तांत्रिक के साथ फरार हुई थी, जिसे बाद में भोपाल से बरामद कर लिया गया.

मामले की जानकारी देते हुए एसीपी रुबीना मिजबानी ने बताया कि महिला के लापता होने के बाद पुलिस ने गंभीरता से जांच शुरू की. सबसे पहले महिला के पति और परिवार के अन्य सदस्यों के बयान दर्ज किए गए. जांच के दौरान यह बात सामने आई कि पति और परिवार के बयानों में कई बिंदुओं पर अंतर था. इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर महिला की लोकेशन ट्रेस की.

तकनीकी जांच में महिला की अंतिम लोकेशन भोपाल में पाई गई, जिसके बाद इंदौर पुलिस की टीम ने भोपाल जाकर महिला को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया. महिला के पास से कुछ सोने-चांदी के जेवर भी बरामद किए गए हैं. फिलहाल महिला को इंदौर लाकर पूछताछ की जा रही है.

पुलिस पूछताछ में महिला ने बताया कि वह अपने पति से लंबे समय से परेशान थी. इसी दौरान उसकी पहचान राकेश जाटव नामक युवक से हुई, जो तांत्रिक क्रिया और पूजा-पाठ करवाने का काम करता था. महिला ने बताया कि घरेलू परेशानियों को लेकर राकेश द्वारा पूजा-पाठ के दौरान दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और धीरे-धीरे नजदीकियां हो गईं. घरेलू तनाव से परेशान होकर महिला ने राकेश के साथ जाने का फैसला किया.

पुलिस सूत्रों के अनुसार, महिला के साथ फरार हुआ युवक राकेश जाटव तांत्रिक क्रियाओं के नाम पर लोगों को प्रभावित करता था. इस पहलू को भी जांच में शामिल किया गया है कि कहीं महिला को बहला-फुसलाकर या मानसिक रूप से प्रभावित कर तो नहीं ले जाया गया.फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है. महिला के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और बरामद जेवरों व नगदी को लेकर भी पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी.

NATIONAL : प्रेमिका के iPhone को बचाने के लिए 6 फिट गंदे नाले में कूद गया प्रेमी

0

कटिहार में वेलेंटाइन वीक के दौरान एक प्रेमी-प्रेमिका का मामला चर्चा में है. दोनों स्कूटी से चिल्ड्रन पार्क पहुंचे थे, जहां कहासुनी के बाद युवती ने गुस्से में iPhone नाले में फेंक दिया. फोन निकालने के लिए युवक छह फीट गहरे गंदे नाले में उतर गया और काफी तलाश के बाद मोबाइल निकाल लाया. बाहर आने पर युवती ने उसकी सफाई कराई. पूरी घटना का वीडियो बना, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल है.

बिहार के कटिहार से वेलेंटाइन वीक के दौरान प्रेमी-प्रेमिका से जुड़ा एक दिलचस्प मामला सामने आया है, जो लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया. जानकारी के अनुसार एक युवक और युवती स्कूटी (नंबर BR39 AR 5946) से सहायक थाना क्षेत्र स्थित चिल्ड्रन पार्क पहुंचे थे. पार्क के पास ही किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई.

बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान नाराज युवती ने युवक द्वारा गिफ्ट किया गया महंगा iPhone पास के करीब छह फीट गहरे नाले में फेंक दिया. इसके बाद युवक ने फोन निकालने के लिए नाले में उतरकर काफी देर तक तलाश की और अंततः मोबाइल बरामद कर लिया. इस दौरान वहां लोगों की भीड़ जुट गई.

नाले से बाहर आने पर युवती युवक को पास के चापाकल तक ले गई, जहां उसने कीचड़ साफ किया. बाद में दोनों सामान्य होकर अपनी स्कूटी से वहां से रवाना हो गए. मौके पर मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. प्रत्यक्षदर्शी इस घटना को प्यार, तकरार और मनुहार से जुड़ी कहानी के रूप में बता रहे हैं.

ENTERTAINMENT : ‘धर्म बदलना चाहता हूं’, जब पेरेंट्स से बोले कोरियोग्राफर रेमो, पिता ने रखी थी ये शर्त

कोरियोग्राफर रेमो डिसूजा ने अपनी स्प्रिचुअल जर्नी पर बात की है. उन्होंने बताया कि उनका जन्म हिंदू परिवार में हुआ था, मगर बाद में वो क्रिश्चियन बन गए थे. उन्होंने ये भी बताया कि अब वो सभी धर्मों को महत्व देते हैं.

रेमो डिसूजा बॉलीवुड इंडस्ट्री के मोस्ट टैलेंटेड कोरियोग्राफर्स में से एक हैं. वो डायरेक्टर के तौर पर भी अपनी पहचान बना चुके हैं. रेमो का जन्म हिंदू परिवार मे हुआ था, जबकि उनकी पत्नी क्रिश्चियन हैं. मगर रेमो धर्म बदलकर क्रिश्चियन हो गए थे. अब रेमो और उनकी पत्नी लिजेल ने बहुत ही बेबाकी से अपनी आध्यात्मिक जर्नी के बारे में बात की है. उन्होंने बताया कि कैसे उनका विश्वास अब किसी एक धर्म की सीमाओं तक सीमित नहीं है.

नयनदीप रक्षित के यूट्यूब चैनल को दिए लेटेस्ट इंटरव्यू में रेमो और उनकी पत्नी लिजेल अपने घर में मौजूद अलग-अलग भगवानों की मूर्तियों के बारे में बात की. कपल ने बताया कि उनके घर में मदर मैरी और बुद्ध की मूर्तियों के साथ-साथ गणेश जी और शिव जी के खास मंदिर भी हैं.लिजेल ने बताया कि उनका जन्म और परवरिश क्रिश्चियन परिवार में हुई है. वो अपनी परंपराओं को भी मानती हैं, लेकिन अब वो दूसरे धर्मों में खासकर हिंदू धर्म में भी यकीन रखने लगी हैं. अपनी स्प्रिचुअल जर्नी पर बात करते हुए लिजेल ने कहा- मेरे और रेमो के लिए यह बहुत ज्यादा अहम है. मेरा जन्म एक कैथोलिक परिवार में हुआ था. रेमो का जन्म हिंदू परिवार में हुआ था और बाद में उन्होंने (रेमो) धर्म परिवर्तन कर लिया था.

लिजेल आगे बोलीं- मैं पिछले 25 सालों से गणपति जी को अपने घर में रख रही हूं. पिछले 4-5 सालों में, शायद अपने माता-पिता के निधन के बाद से मेरा झुकाव अचानक हिंदू धर्म की ओर बढ़ गया है. मैं सारी पूजा और बाकी चीजें करती हूं और मुझे यह करना अच्छा लगता है, भले ही मैं एक कैथोलिक हूं.

बता दें कि हिंदू परिवार में जन्मे रेमो का जन्म का नाम रमेश गोपी नायर है. मगर बाद में वो धर्म बदलकर हिंदू से क्रिश्चयन हो गए थे. रेमो ने इस बारे में बात करते हुए कहा कि जब उन्होंने अपने पेरेंट्स को बताया था कि वो धर्म परिवर्तन करना चाहते हैं तो उनके पेरेंट्स ने भी उनपर किसी तरह का कोई दबाव नहीं बनाया था. रेमो बोले- मुझे नहीं पता कि वो इतने ‘कूल’ कैसे थे.

हालांकि, तभी लिजेल ने बीच में टोकते हुए कहा- एक पल ऐसा था जब वो इतने कूल नहीं थे और वो तब था जब मेरे पहले बेटे का जन्म हुआ था. इसपर आगे रेमो ने बताया- हमने अपने बेटे का नाम एडोनिस (Adonis) रखा था. मेरे माता-पिता जामनगर से हैं, तो वो इस नाम को प्रोनाउंस कैसे करते? इसलिए हमने बेटे को एक हिंदू नाम भी दिया ध्रुव. मतलब उसके दो नाम हैं. मगर बाद में जब वो बड़ा हुआ, तो उसने एडोनिस नाम को ही चुना.

रेमो ने आगे बताया कि जब ईसाई धर्म अपनाने की बात आई, तो उनके माता-पिता को कोई दिक्कत नहीं थी. उन्होंने कहा- एक दिन मैं गया और अपने पिता से कहा कि मैं चर्च के लिए बहुत काम करता हूं और मैं उन्हें ज्वॉइन करना चाहता हूं. उन्होंने कहा- ठीक है, कर ले. बस मेरा नाम मत बदलना और इसीलिए मेरा नाम रेमो गोपी डिसूजा है.

NATIONAL : 19 माह के मासूम को आवारा कुत्तों ने नोंचा, मची चीख पुकार तो दौड़ा परिवार….

0

हैदराबाद के कंदलकोया इलाके में घर के बाहर खेल रहे 19 महीने के बच्चे पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है. घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है और प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है.

तेलंगाना में हैदराबाद के बाहरी इलाके कंदलकोया से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. घर के बाहर खेल रहा महज 19 महीने का मासूम अचानक आवारा कुत्तों के झुंड का शिकार बन गया. कुछ ही पलों में खेल की खिलखिलाहट चीखों में बदल गई और परिवार की खुशियां दहशत में. इस घटना ने एक बार फिर शहरी इलाकों में बढ़ते आवारा कुत्तों के खतरे पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

घटना मेडचल क्षेत्र के अंतर्गत कंदलकोया इलाके की बताई जा रही है. जानकारी के मुताबिक, बच्चा अपने घर के बाहर खेल रहा था. इसी दौरान अचानक कुछ आवारा कुत्ते वहां आ पहुंचे और बच्चे पर हमला कर दिया. परिजन जब तक कुछ समझ पाते, कुत्ते उसे बुरी तरह नोंच चुके थे. बच्चे की चीख सुनकर परिवार के लोग और आसपास के निवासी दौड़े और किसी तरह कुत्तों को भगाया.

हमले में मासूम को गंभीर चोटें आई हैं. उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उसकी हालत पर लगातार नजर रखे हुए है. चिकित्सकों के अनुसार, बच्चे को कई जगह गहरे घाव आए हैं और संक्रमण से बचाने के लिए जरूरी उपचार दिया जा रहा है. फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है, लेकिन निगरानी जारी है. घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश और भय का माहौल है.

BHAKTI : इन दुर्लभ संयोगों में मनाई जाएगी महाशिवरात्रि, जानें जलाभिषेक से लेकर पूजा का शुभ मुहूर्त

0

Maha Shivratri 2026: सनातन धर्म में महाशिवरात्रि का विशेष महत्व है. देवों के देव महादेव की पूजा के लिए महाशिवरात्रि का दिन खास माना जाता है. इस दिन मंदिरों में शिव भक्तों का तांता लग जाता है. लोग शिवलिंग का जलाभिषेक करते हैं. इस दिन भक्तजन रात में भगवान शिव और माता पार्वती का जागरण करते हैं और उनका ध्यान करते हैं. माना जाता है कि शिवरात्रि के दिन महादेव का प्राकट्य हुआ था.

महाशिवरात्रि हिंदू धर्म का एक अत्यंत पावन पर्व है, जिसका भक्त पूरे साल इंतजार करते हैं. साल 2026 में महाशिवरात्रि 15 फरवरी, रविवार को मनाई जाएगी. इस बार तिथि को लेकर कुछ लोगों के मन में भ्रम था कि व्रत 15 को रखा जाए या 16 फरवरी को, लेकिन शास्त्रों के अनुसार 15 फरवरी को ही पर्व मनाना उचित रहेगा. फाल्गुन मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि इस बार 15 फरवरी शाम 5 बजकर 5 मिनट बजे से शुरू होकर 16 फरवरी शाम 5 बजकर 35 मिनट तक रहेगी. चूंकि, निशीथकाल (मध्य रात्रि) में चतुर्दशी तिथि 15 फरवरी की रात को ही रहेगी, इसलिए इसी दिन महाशिवरात्रि मनाना शास्त्रसम्मत है.

अगर आप मंदिर में जलाभिषेक करने जा रहे हैं तो दिन में किसी भी समय जा सकते हैं. लेकिन यदि रुद्राभिषेक करना चाहते हैं तो रात्रि का समय सबसे उत्तम माना गया है.महाशिवरात्रि इस बार बहुत ही विशेष मानी जा रही है. दरअसल इस दिन शिव योग, सर्वार्थ सिद्धि योग, प्रीति योग, आयुष्मान योग, सौभाग्य योग, शोभन योग, साध्य योग, शुक्ल योग, ध्रुव योग, व्यतिपात और वरियान योग का भी प्रभाव बना रहेगा.

इस बार महाशिवरात्रि पर भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए दिनभर कई शुभ मुहूर्त मिलेंग, जिनमें भक्त पूजा-अर्चना कर सकते हैं. पहला मुहूर्त सुबह 8 बजकर 24 मिनट से शुरू होकर 9 बजकर 48 मिनट तक रहेगा. इसके बाद दूसरा मुहूर्त सुबह 9 बजकर 48 मिनट से 11 बजकर 11 मिनट तक का रहेगा.

तीसरा मुहूर्त अमृत सर्वोत्तम मुहूर्त रहेगा, जो सुबह 11 बजकर 11 मिनट से 12 बजकर 35 मिनट तक का रहेगा, जिसमें जल चढ़ाना अत्यंत फलदायी रहेगा. जो श्रद्धालु शाम को पूजा करना चाहते हैं, वे 6 बजकर 11 मिनट से 7 बजकर 47 मिनट के बीच अभिषेक कर सकते हैं. इन सभी मुहूर्तों में श्रद्धा और सच्चे मन से शिवलिंग पर जल अर्पित करने से भगवान शिव की कृपा प्राप्त होती है.

भगवान शिव को जल, गंगाजल, दूध, दही, घी, शहद, बेलपत्र, शमी पत्र, भस्म, चंदन और मौसमी फल अर्पित किए जाते हैं. कई लोग पार्थिव शिवलिंग बनाकर भी अभिषेक करते हैं. शिवलिंग पर जल चढ़ाने का विशेष महत्व है. मान्यता है कि जल हमारे भावों को धारण करता है. जब हम सच्चे मन से जल अर्पित करते हैं, तो हमारे मन की सकारात्मक ऊर्जा भी ईश्वर तक पहुंचती है और नकारात्मकता धीरे-धीरे कम होने लगती है.

अगर जीवन में आर्थिक परेशानी है, आय कम है या मेहनत के अनुसार फल नहीं मिल रहा, तो महाशिवरात्रि के दिन व्रत रखें. सुबह स्नान के बाद शिव मंदिर जाकर गंगाजल से अभिषेक करें. ”ऊं नमः शिवाय” मंत्र का जाप करते हुए 11 बेलपत्र चढ़ाएं. दिन भर श्रद्धा से व्रत रखें. शाम को रुद्राभिषेक कराएं और कम से कम 11 माला ”ऊं नमः शिवाय” मंत्र का जाप करें. नियमित रूप से मंत्र जाप जारी रखने से धीरे-धीरे आर्थिक स्थिति में सुधार देखने को मिल सकता है.

अगर मन में तनाव, नकारात्मकता या बेचैनी रहती है, तो महाशिवरात्रि पर गंगाजल और कच्चे दूध से अभिषेक करें. 11 बेलपत्र अर्पित करें और प्रतिदिन 108 बार ”ऊं नमः शिवाय” का जाप शुरू करें. नियमित मंत्र जाप से मन को शांति मिलती है और सकारात्मक सोच विकसित होती है.

ENTERTAINMENT : ‘परिवार के लिए राजनीति छोड़ी’, पत्नी को गोविंदा का जवाब, बेटे को सपोर्ट न करने के आरोपों पर तोड़ी चुप्पी

गोविंदा ने पत्नी सुनीता के बेटे के करियर को लेकर लगाए गए आरोपों का खंडन किया है. गोविंदा ने बताया कैसे राजनीति छोड़कर उन्होंने परिवार को प्राथमिकता दी थी. वहीं यशवर्धन के बॉलीवुड में कदम रखने की खबरें हैं. वो साजिद खान की फिल्म में नितांशी गोयल के साथ नजर आ सकते हैं.

बॉलीवुड एक्टर गोविंदा अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में बने हुए हैं. पत्नी सुनीता कभी गोविंदा के एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर का हिंट देती हैं. कभी पति पर बेटे यशवर्धन को बॉलीवु़ड में सेट ना करने का ठीकरा फोड़ती हैं. गोविंदा ने पत्नी के इन सभी आरोपों का जवाब दिया है. एक्टर का कहना है उन्होंने परिवार के लिए राजनीति छोड़ी थी. बच्चों की बेहतरी के लिए फैमिली पर फोकस दिया. एक्टर ने पत्नी के उस दावे को खारिज किया है जिसमें कहा गया था कि पिता होने के नाते गोविंदा ने बेटे को करियर के लिए गाइड नहीं किया. ANI संग बातचीत में गोविंदा का दर्द छलका है.

वो कहते हैं- जिस वक्त मैं राजनीति से बाहर निकला, मैंने सोचा कहीं मेरी स्पर्धा या द्वेष, ईष्या.. इन सभी चीजों के कारण किसी भी प्रकार से मेरे बच्चों को तकलीफ ना हो. तो मैं राजनीति से बाहर आ गया. मैं घर-परिवार के लिए ही राजनीति से बाहर आया. मैंने साजिद नाडियाडवाला से मेरे बेटे यशवर्धन को गाइड करने को कहा. उनसे कहा कि वो बेटे को बताएं कैसे फिल्में बनाई जाती हैं. मुझसे ज्यादा पूछा नहीं गया. घर में ऐसा माहौल तैयार था. जिसमें ये जाहिर किया गया कि मैं फिल्मी रिश्ते में नाकामयाब हूं.

हाल ही में मिस मालिनी को दिए इंटरव्यू में सुनीता ने कहा था कि गोविंदा ने उनके बेटे को प्रोफेशनली सपोर्ट नहीं किया है. सुनीता ने कहा था- यश सेल्फ मेड लड़का है. उसने अपने पिता से कोई मदद नहीं ली है. गोविंदा का बेटा होने के बावजूद उसने 90 ऑडिशन दिए हैं. उसने गोविंदा से किसी फिल्ममेकर को कॉल करने को नहीं कहा. गोविंदा ने कभी यश की मदद नहीं की. मैंने ये बात गोविंदा को उनके चेहरे पर कही है.

”मैंने कहा था- तू बाप ही क्या है अगर अपने बच्चों को मदद नहीं कर सकता, तू नहीं करेगा तो कौन करेगा? देखो कैसे शाहरुख खान, अमिताभ बच्चन, सुनील शेट्टी, जैकी श्रॉफी ने अपने बेटों को सपोर्ट किया है. मैंने गोविंदा से कहा था कि उन्हें अपने बेटे को सपोर्ट करना पड़ेगा. लेकिन मुझे उनकी सोच समझ नहीं आती. उनकी संगत खराब है. मुझे नहीं पता वो लोग गोविंदा का क्या पट्टी पढ़ाते हैं. उसने अपना खुद का करियर बर्बाद कर लिया है. ”

वहीं यश के डेब्यू की बात करें तो, अटकलें हैं साजिद खान स्टारकिड को लॉन्च कर रहे हैं. मूवी में यशवर्धन के अपोजिट नितांशी गोयल नजर आएंगी.

NATIONAL : अचानक गायब हो गईं दुकान के लिए निकलीं 2 नाबालिग बहनें, खंगाले जा रहे CCTV

0

रांची से दो नाबालिग बहनों के लापता होने से हड़कंप मच गया है. 8 फरवरी को दुकान जाने की बात कहकर निकली दोनों बच्चियां अब तक घर नहीं लौटीं. पुलिस ने मामला दर्ज कर व्यापक तलाश अभियान शुरू किया है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. इससे पहले भी शहर में एक नाबालिग बच्ची के लापता होने की घटना सामने आ चुकी है.

झारखंड की राजधानी रांची से दो नाबालिग बहनों के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है, जिससे परिजन और पुलिस दोनों चिंतित हैं. दोनों बहनें 8 फरवरी से घर से गायब हैं और अब तक उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर व्यापक स्तर पर तलाश अभियान शुरू कर दिया है

पुलिस के अनुसार, लापता बच्चियों में एक की उम्र करीब 12 वर्ष और दूसरी की उम्र लगभग 16 वर्ष बताई जा रही है. दोनों रांची के रातू थाना क्षेत्र की रहने वाली हैं. परिजनों ने 9 फरवरी को रातू थाना पहुंचकर बच्चियों के लापता होने की सूचना दी, जिसके आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की.रातू थाना प्रभारी रामनारायण सिंह ने बताया कि बच्चियों की तलाश के लिए आसपास के इलाकों में खोजबीन की जा रही है और संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी भी की जा रही है. उन्होंने बताया कि बच्चियां जिस इलाके से गायब हुई हैं, वहां और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि उनकी आखिरी लोकेशन का पता लगाया जा सके.

परिजनों के मुताबिक, 8 फरवरी को दोनों बहनें घर से पास की दुकान जाने की बात कहकर निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं. काफी तलाश के बाद जब उनका कोई पता नहीं चला तो परिवार ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई. बच्चियों के अचानक गायब होने से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने इन बच्ची की तलाश के लिए 21 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया है.

ENTERTAINMENT : क्या रणबीर कपूर की ‘रामायण’ में ‘विभीषण’ का किरदार निभाएंगे विजय सेतुपति? एक्टर ने रूमर्स पर तोड़ी चुप्पी, बताया सारा सच

साउथ एक्टर विजय सेतुपति ने अपनी दमदार अदाकारी के दम पर दर्शकों के दिलों में जगह बनाई है. आज वे टॉप पैन इंडिया स्टार्स की लिस्ट में शामिल हैं और हर फिल्म निर्माता और अभिनेता उनके साथ काम करना चाहता है. वहीं रूमर्स फैले हुए हैं कि विजय सेतुपति की रणबीर कपूर की ‘रामायण’ में एंट्री हुई है. वहीं अब इन सब अफवाहों पर खुद एक्टर ने चुप्पी तोड़ी है और सारा सच बताया है.

दरअसल मूवीज़ सिंगापुर की एक हालिया रिपोर्ट के मुताबिक, ‘रामायण’ के निर्माता विजय सेतुपति का को फिल्म में विभीषण की भूमिका में लेने की सोच रहे हैं. हिंदू महाकाव्य रामायण में विभीषण लंका के राजा रावण के छोटे भाई हैं. विजय सेतुपति ने अब इस प्रोजेक्ट का हिस्सा होने की अफवाहों को खारिज कर दिया है. बॉलीवुड हंगामा से बात करते हुए उन्होंने कहा कि वह ‘रामायण’ का हिस्सा नहीं हैं. अफवाहों से हैरान होकर उन्होंने कहा, “नहीं, मैं इस प्रोजेक्ट का हिस्सा नहीं हूं. मुझे नहीं पता कि ये अफवाहें कहां से आ रही हैं.”

नितेश तिवारी निर्देशित ‘रामायण’ हिंदू एपिक पर आधारित फिल्म है. इस अपकमिंग फिल्म में रणबीर कपूर भगवान विष्णु के सातवें अवतार भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं. वहीं साई पल्लवी देवी लक्ष्मी के अवतार सीता की भूमिका में नजर आएंगी. जबकि ‘केजीएफ’ स्टार यश लंका के दस सिर वाले राक्षस राजा रावण की भूमिका में दिखेंगे. सनी देओल और रवि दुबे भी इस फिल्म का हिस्सा हैं. ‘रामायण’ दो भागों में बनने वाली गाथा होगी, जिसका पहला भाग दिवाली 2026 को और दूसरा भाग अगली दिवाली (2027) को रिलीज होगा.

फिल्म निर्माताओं ने पहले घोषणा करते हुए कहा था, “एक दशक से भी ज्यादा समय पहले, मैंने इस एपिक को, जिसने 5000 सालों से अधिक समय से अरबों दिलों पर राज किया है, बड़े पर्दे पर लाने के नेक प्रयास की शुरुआत की थी. हमारी टीमें केवल एक ही मकसद के साथ कड़ी मेहनत कर रही हैं कि हमारे इतिहास, हमारी सच्चाई और हमारी संस्कृति , हमारी ‘रामायण’ – का सबसे ऑथेंटिक, पवित्र और देखने में मनमोहक एडेप्टेशन दुनिया भर के लोगों के सामने आए. हमारे साथ जुड़ें क्योंकि हम अपने सबसे बड़े एपिक को गर्व और श्रद्धा के साथ लाने के अपने सपने को साकार कर रहे हैं… पार्ट 1 दिवाली 2026 में और भाग 2 दिवाली 2027 में रिलीज होगा.”

NATIONAL : संभल में 10 साल के मासूम बच्चे से दरिंदगी! स्कूटी सिखाने के बहाने पड़ोसी ने बुलाया और किया रेप, FIR दर्ज

0

घटना के बाद बच्चा डर के कारण चुप रहा, लेकिन जब उसकी तबीयत बिगड़ी और परिजनों ने पूछताछ की तो उसने रोते हुए पूरी घटना बता दी. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

उत्तर प्रदेश के संभल जनपद में चंदौसी थाना क्षेत्र क्षेत्र से नाबालिग छात्र के साथ यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है. पीड़ित छात्र के परिजनों ने कोतवाली में तहरीर देने के साथ-साथ जिलाधिकारी राजेंद्र पैंसिया से मुलाकात कर उन्हें भी शिकायती पत्र सौंपा है. डीएम के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है.

आरोपी के परिवार ने धमकाकर समझौते का दबाब बनाया, लेकिन तब पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की. अब डीएम के आदेश के बाद मुकदमा दर्ज हुआ है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है.

पीड़ित छात्र के मां ने बताया कि उनका लगभग 10 वर्षीय पुत्र कक्षा पांच का छात्र है. आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति के घर आने-जाने वाले एक युवक ने पहले बच्चे को गेम खेलने का बहाना बनाकर दुकान के अंदर बुलाया, फिर उसे स्कूटी सिखाने के बहाने सुनसान जगह पर ले गया और उसका रेप किया. उस समय छात्र डर के कारण घरवालों को कुछ नहीं बता सका. वारदात के बाद बच्चा डर के कारण चुप रहा, लेकिन जब उसकी तबीयत बिगड़ी और परिजनों ने पूछताछ की और उसने रोते हुए अपने माता-पिता को पूरी बात बता दी.

इसके बाद पीड़ित परिवार ने पड़ोसियों से बात की, लेकिन आरोप है कि कुछ लोग आरोपी को बचाने का प्रयास करते रहे और समझौते का दबाव बनाया गया. पीड़ित छात्र छात्राओं की मां ने कोतवाली चंदौसी पुलिस से न्याय की गुहार लगाई थी लेकिन पुलिस ने जांच का आश्वासन देकर महिला को टरका दिया.आब जब परिवार डीएम संभल चंदौसी के पास पहुंचा, तो महिला ने उनके सामने अपना दुखड़ा रो दिया. इसके बाद डीएम के हस्तक्षेप के बाद मामले में एफआईआर दर्ज की गई है. इस घटना ने पुलिस के रवैये पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

NATIONAL : मरने से पहले युवक ने लिखा 9 पन्नों का सुसाइड नोट, पत्नी और ससुराल पर लगाए आरोप

0

देहरादून के विकासनगर इलाके में 30 साल के युवक ने घर में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी. मौके से मिले सुसाइड नोट और वीडियो संदेशों में मृतक ने अपनी पत्नी और ससुराल वालों पर आरोप लगाए हैं.

उत्तराखंड के देहरादून के विकासनगर इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जहां 30 साल के युवक ने घर में फांसी लगाकर अपनी जिंदगी खत्म कर ली. मौत से पहले उसने कई बाते लिखी , जिन पर अब कई सवाल खड़े होते हैं. युवक ने आत्महत्या से पहले 9 पन्नों का एक पत्र और कई वीडियो जारी किए, जिनमें उसने अपनी पत्नी और ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

मृतक महेंद्र वर्मा (30) अपनी पत्नी के साथ विकासनगर के कैनाल रोड स्थित पहाड़ी गली चौक के पास किराए के मकान में रहता था. दोनों एक ही होटल में नौकरी करते थे और करीब तीन साल की शादीशुदा जिंदगी में दोनों के बीच लगातार अनबन चलती रही. अभी कुछ समय पहले स्थिति इतनी बिगड़ी कि पत्नी मायके चली गई, जिसके बाद से महेंद्र मानसिक तौर पर टूटता चला गया और महेंद्र ने आत्महत्या कर ली.

मौके से मिले सुसाइड नोट और वीडियो संदेशों ने पूरे मामले को एक अलग मोड़ दे दिया, जिसमें महेंद्र ने साफ-साफ लिखा कि वह अपनी पत्नी और उसके परिवार वालों से मानसिक रूप से प्रताड़ित था. उसने वीडियो में बताया कि पत्नी के भाइयों ने उससे चार लाख रुपये की मांग की थी. इसके अलावा, उसने पत्नी के किसी और से संबंध होने का भी जिक्र किया.

मृतक महेंद्र के पिता हरिदास वर्मा ने विकासनगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कर अपनी बहू और उसके मायके वालों पर बेटे को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया. सुसाइड नोट, वीडियो और अन्य सबूतों के आधार पर पुलिस ने पत्नी और उसके परिजनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का भी मामला दर्ज कर लिया है. कोतवाली प्रभारी विनोद गुसांई ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है. पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. सुसाइड नोट और वीडियो के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी.

मृतक के परिजन सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. उनका कहना है कि अगर समय रहते महेंद्र की तकलीफ को समझा गया होता, तो शायद यह हादसा टाल सकता था. अब वे न्याय की गुहार लगा रहे हैं.

- Advertisement -

News of the Day