Friday, May 1, 2026
Home Blog Page 354

ENTERTAINMENT : Ek Deewane Ki Deewaniyat बनी हर्षवर्धन राणे के करियर की सबसे बड़ी फिल्म, वर्ल्डवाइड ‘सनम तेरी कसम’ का रिकॉर्ड तोड़ा

0

बॉलीवुड एक्टर हर्षवर्धन राणे की फिल्म एक दीवाने की दीवानियत बॉक्स ऑफिस पर छाई हुई है. रोमांटिक लव स्टोरी फिल्म ने दर्शकों का दिल जीत लिया है और रिलीज के पहले दिन से धमाकेदार कलेक्शन कर रही है. एक दीवाने की दीवानियत ना सिर्फ हर रोज करोड़ों का कलेक्शन कर रही है, बल्कि नए रिकॉर्ड भी बना रही है. अब फिल्म ने वर्ल्डवाइड 50 करोड़ क्लब में एंट्री ले ली है और हर्षवर्धन राणे के करियर की सबसे ज्यादा कमाने वाली फिल्म भी बन गई है.

एक दीवाने की दीवानियत घरेलू बॉक्स ऑफिस के साथ-साथ वर्ल्डवाइड दर्शकों का भी दिल जीत रही है. यही वजह है कि महज 6 दिनों में फिल्म ने दुनिया भर में 50 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है. सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक एक दीवाने की दीवानियत ने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर कुल 53.75 करोड़ रुपए का कलेक्शन कर लिया है और अब 60 करोड़ का आंकड़ा पार करने की तरफ कदम बढ़ा रही है.

NATIONAL : नाबालिग लड़की को किडनैप कर ले जा रहे थे बदमाश, रास्ते में खत्म हुआ पेट्रोल, फिर…

0

लखनऊ के गोमतीनगर में दो युवकों ने 14 साल की बच्ची को स्कूटी पर जबरन बैठाकर किडनैप करने की कोशिश की. विरोध करने पर उसे चाकू से धमकाया गया. लेकिन स्कूटी का पेट्रोल खत्म होने पर बच्ची भाग निकली. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है.

लखनऊ के गोमतीनगर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया. 14 साल की बच्ची को दो युवकों ने जबरन स्कूटी पर बैठाकर अगवा करने की कोशिश की. गनीमत यह रही कि स्कूटी का पेट्रोल खत्म हो गया, जिससे बच्ची को भागने का मौका मिल गया.

पीड़िता की बुआ ने बताया कि उनकी भतीजी लक्ष्मी मार्केट में काम करती है. शनिवार को दुकान मालिक ने उसे किसी काम से बाहर भेजा था. रास्ते में गांव के ही दो युवक भूरिया और पटरा आए और किशोरी को जबरदस्ती स्कूटी पर बैठा लिया. जब बच्ची ने विरोध किया तो उसका मुंह बंद कर दिया गया और चाकू दिखाकर डराया गया.

कुछ देर बाद शाम करीब चार बजे एक अनजान नंबर से सूचना मिली कि बच्ची फैजाबाद रोड पर रोती हुई मिली है. राहगीरों ने बताया कि दोनों युवक उसे ले जा रहे थे, तभी स्कूटी का पेट्रोल खत्म हो गया. इसी बीच बच्ची ने मौका देखकर खुद को छुड़ाया और वहां से भाग निकली.घटना की जानकारी मिलते ही गोमतीनगर पुलिस हरकत में आई. इंस्पेक्टर बृजेश चंद्र तिवारी ने बताया कि पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर लिया है. दोनों आरोपी भूरिया और पटरा को हिरासत में ले लिया गया है. फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

RAJASTHAN : टंकी में गिरा 3 साल का मासूम, चिल्ला नहीं पाई मूक- बधिर बहन तो कूद गई बचाने को, दोनों की मौत

0

राजस्थान के बाड़मेर के जूना लखवाड़ा गांव में दर्दनाक हादसे में तीन साल का छगन और उसकी आठ साल की मूक-बधिर चचेरी बहन पूजा पानी की टंकी में डूबकर मौत के शिकार हो गए. खेलते समय छगन टंकी में गिरा, जिसे बचाने के लइे पूजा भी कूद गई. दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

राजस्थान के बाड़मेर जिले में रविवार को बेहद दर्दनाक हादसा हुआ जिसमें एक ही घर के दो दीपक बुझ गए. यहां अपने घर के पास खेलते समय एक तीन साल का बच्चा और उसकी आठ साल की चचेरी बहन पानी की टंकी में गिरकर डूब गए. पुलिस ने यह जानकारी दी. यह घटना चौहटन थाना क्षेत्र के जूना लखवाड़ा गांव में हुई.

3 साल के छगन और अपनी 8 साल की चचेरी बहन पूजा के साथ टंकी के पास खेल रहा था, तभी यह हादसा हुआ. छगन की मां पशुओं के लिए पानी भर रही थी और पशुओं को पानी पिलाने में व्यस्त होने के कारण गलती से टंकी का ढक्कन खुला रह गया.

खेलते-खेलते छगन टंकी में गिर गया. मूक-बधिर पूजा मदद के लिए पुकार नहीं सकी और उसे बचाने के लिए पानी में कूद गई. दुर्भाग्य से, दोनों बच्चे डूब गए.
कुछ मिनट बाद, जब छगन की मां वापस लौटी, तो उसने अपने बेटे का शव टंकी में तैरता देखा और तुरंत शोर मचाया. ग्रामीण मदद के लिए दौड़े और दोनों बच्चों को बाहर निकाला, जिन्हें चौहटन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

NATIONAL : लिव-इन पार्टनर का लव-धोखा और कत्ल… क्राइम सीरीज देख लड़की ने ले ली UPSC छात्र की जान

0

दिल्ली के गांधी विहार में UPSC तैयारी कर रहे रामकेश मीणा की हत्या में उनकी लिव-इन पार्टनर अमृता चौहान और उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया गया. अश्लील फोटो-वीडियो विवाद के बाद हत्या कर इसे हादसा दिखाने की कोशिश की गई. CCTV और मोबाइल लोकेशन से मामला उजागर हुआ.

दिल्ली के गांधी विहार इलाके में UPSC की तैयारी कर रहे रामकेश मीणा (32) की हत्या का सनसनीखेज मामला सुलझ गया है. उत्तरी दिल्ली के डीसीपी राजा बंटिया ने बताया कि इस हत्याकांड के मामले में रामकेश की लिव-इन पार्टनर गर्लफ्रेंड, जो एक फोरेंसिक की स्टूडेंट है, और उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अमृता चौहान (21), सुमित कश्यप (27) और संदीप कुमार (29) के रूप में हुई है, जो सभी मुरादाबाद (यूपी) के रहने वाले हैं.

अमृता चौहान का आरोप है कि मृतक रामकेश ने उसकी अश्लील फोटो और वीडियो खींची थी और उसे लैपटॉप में रखा हुआ था. जब अमृता ने फोटो और वीडियो डिलीट करने को कहा, तो रामकेश ने मना कर दिया, जिसके बाद हत्या का प्लान बना. अमृता ने हत्या को हादसा दिखाने के लिए कई क्राइम सीरीज देखी थीं, जिससे उसे आइडिया आया.

6 अक्टूबर को गांधी विहार की चौथी मंजिल पर आग लगने की सूचना मिली थी. शुरुआत में जानकारी मिली थी कि AC ब्लास्ट हुआ है, और आग बुझाने के बाद पुलिस को रामकेश मीणा का झुलसा हुआ शव मिला था. जांच में CCTV फुटेज खंगाला गया, जिसमें दो लोग जिनके चेहरे पर नकाब था, वे घर से आते और जाते दिखाई दिए. नकाबपोशों के बाहर निकलते ही घर में ब्लास्ट हो गया.

पुलिस ने छानबीन शुरू की तो पता चला कि मृतक रामकेश मीणा एक लड़की के साथ लिव-इन में रहता था. सीसीटीवी में दिख रहे लोगों की पहचान की गई, और अमृता की मोबाइल लोकेशन मौके के आस-पास मिली. पूछताछ में अमृता ने स्वीकार किया कि उसने अपने पूर्व प्रेमी सुमित और सुमित के दोस्त संदीप के साथ मिलकर हत्याकांड को अंजाम दिया था. सुमित कश्यप LPG सिलेंडर डिस्ट्रीब्यूटर है.

अमृता फॉरेंसिक साइंस की छात्रा है और उसे मालूम था कि हत्या को हादसा कैसे दिखाया जा सकता है. 6 अक्टूबर को अमृता और सुमित घर में दाखिल हुए और रामकेश का गला घोंटा. इसके बाद उसकी बॉडी पर घी, तेल, शराब और घर में जितना ज्वलनशील पदार्थ था, वो डाला. उन्होंने बॉडी के पास गैस सिलेंडर का पाइप रखा और सिलेंडर ऑन कर दिया.

संदीप, जो गैस का काम करता है, उसे मालूम था कि गैस खोलने के बाद आग लगाने से कितनी देर में ब्लास्ट होता है. अमृता ने गेट की जाली में छेद किया और गेट के बाहर आकर जाली में हाथ डालकर अंदर से दरवाजा बंद किया. अमृता और सुमित के घर से बाहर निकलने के कुछ देर बाद ही ब्लास्ट हो गया. पुलिस ने हत्याकांड को हादसा दिखाने की इस कोशिश का पर्दाफाश CCTV फुटेज से किया. पुलिस ने हार्ड डिस्क, ट्रॉली बैग, मृतक की शर्ट और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं.

NATIONAL : छात्र के किडनैप की धमकी और फिरौती… ऐसे पुलिस के हत्था चढ़ा स्कूल बस का ड्राइवर

0

ठाणे में स्कूल बस चालक हरिराम सोमा को 15 वर्षीय छात्र के अपहरण की धमकी देकर उसके माता-पिता से 4 लाख रुपये फिरौती मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया गया. आरोपी ने व्हाट्सएप पर धमकी संदेश और फोटो भेजे थे. पुलिस ने तकनीकी जांच से आरोपी को कुछ घंटों में पकड़ लिया और मामला दर्ज किया.

महाराष्ट्र के ठाणे जिले से पुलिस ने एक स्कूल बस ड्राइवर को किडनैपिंग की धमकी देने और फिरौती मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया है.उसपर स्कूल की बस में जाने वाले 15 साल के छात्र को किडनैप करने की धमकी देकर उसके माता पिता से 4 लाख रुपये की फिरौती मांगने का आरोप लगा है.

पुलिस उपायुक्त (जोन I) राहुल चव्हाण ने संवाददाताओं को बताया कि बस चालक महाराष्ट्र के ठाणे जिले के काशीमीरा में एक मोबाइल फोन और सिम कार्ड की दुकान भी चलाता था. उसने जल्दी पैसा कमाने के लिए जबरन वसूली की योजना बनाई थी. काशीमीरा निवासी लड़के की मां को शनिवार को एक अज्ञात मोबाइल नंबर से एक टेक्स्ट मैसेज मिला, जिसमें 4 लाख रुपये न देने पर लड़के का अपहरण करने की धमकी दी गई थी. उसने तुरंत स्थानीय पुलिस से संपर्क किया.

जांचकर्ताओं ने संदेश को एक स्थानीय मोबाइल फोन की दुकान से जुड़े नंबर पर ट्रेस किया. अधिकारी ने बताया कि स्कूल बस चालक की एक मोबाइल और सिम कार्ड की दुकान भी थी. उसने अपने एक कम पढ़े-लिखे ग्राहक का सिम कार्ड लिया और उसे एक निष्क्रिय सिम कार्ड से बदल दिया.

इसके बाद ड्राइवर ने उसी सिम से लड़के के परिवार को व्हाट्सएप के जरिए धमकियां भेजी. अधिकारी ने बताया कि उसने फिरौती के मैसेज में लड़के की तस्वीर भी भेजी थी. उन्होंने बताया कि पुलिस ने 37 साल के बस चालक हरिराम सोमा से पूछताछ की. उसने अपना अपराध कबूल कर लिया जिसके बाद उसे रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया.

चव्हाण ने कहा, ‘पुलिस ने सुनिश्चित किया है कि बच्चे को कोई नुकसान न पहुंचे. शिकायत मिलने के कुछ ही घंटों के भीतर हमारी तकनीकी टीम ने डिजिटल ट्रेल का पता लगा लिया. संदिग्ध की पहचान कर ली और उसे हिरासत में ले लिया.’

आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत आपराधिक धमकी और जबरन वसूली के आरोप में मामला दर्ज किया गया है. अधिकारी ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि आरोपी ने और भी उन बच्चों केअभिभावकों को निशाना बनाया, जिन्हें वह अपनी बस से स्कूल ले जाता था. पुलिस इसकी जांच कर रही है.

ENTERTAINMENT : शादीशुदा नहीं फिर क्यों छठ पूजा करती हो? अक्षरा सिंह से हुए सवाल, तोड़ी चुप्पी

0

कहा जाता है कि छठ का व्रत शादीशुदा महिलाएं ही रखती हैं, लेकिन अक्षरा सिंह दो साल से इस पूजा को खुद पूरे विधि-विधान से कर रही हैं. अक्षरा पर लोगों और परिवार द्वारा कई सवाल उठाए गए कि वो शादीशुदा नहीं हैं तो ये व्रत क्यों रखती हैं. एक्ट्रेस ने आखिरकार इसका जवाब दिया है.भोजपुरी सिनेमा की फेमस एक्ट्रेस-सिंगर अक्षरा सिंह छठ महापर्व को बड़े ही धूमधाम से सेलिब्रेट करती हैं. वो शादीशुदा नहीं हैं लेकिन पूरी श्रद्धा से इस व्रत को करती हैं. अक्षरा ने इसकी वजह बताते हुए बचपन का एक किस्सा शेयर किया. साथ ही कहा कि लोगों ने बहुत सवाल किए कि वो ये व्रत क्यों करती हैं.

अक्षरा सिंह दो साल से छठ पूजा कर रही हैं, वो पूरे विधि-विधान से इस व्रत को करती हैं. उनपर उठ रहे सवालों का आखिरकार उन्होंने जवाब दिया. अक्षरा ने कहा कि ऐसा बिल्कुल जरूरी नहीं है कि सिर्फ बच्चे या अच्छे पति की मांग के लिए ही इस व्रत को किया जाए.

एएनआई से अक्षरा बोलीं- छठ पूजा मैं बचपन से देखते हुए, शारदा सिन्हा जी के उन गीतों को सुनते हुए बड़ी हुई हूं. लेकिन इसका असल महत्व मुझे मेरी मां से पता चला. एक बार क्या हुआ कि शारदा जी का एक गीत है- चुगला करे चुगली, बिलईया करे म्याऊं, ये गीत बज रहा था हर जगह. मैं 5 साल की थी, तब मुझे इसका मतलब नहीं पता था, और मैं हंस-हंस कर खूब ताली बजाकर इस गाने का मजाक उड़ा रही थी.

‘तब मेरी मां आईं और गुस्से से मुझे कहा कि क्या बोली… और मुझे कुछ बताया नहीं कि इसका मतलब क्या होता है क्या नहीं, बस कल्छुन एक हमारे यहां बर्तन होता है, उससे मुझे इतना मार मारा कि ऐसी कोई जगह मेरे शरीर में नहीं बची थी कि जहां लाल ना पड़ा हो. मुझे कुछ नहीं बताया लेकिन उस मार ने मुझे बता दिया कि इसका महत्व क्या है, और उसे मैं तबसे अपने दिल में बांध कर चलती हूं.’

अक्षरा ने आगे कहा कि,’आज छठी मां ने मुझे इतनी हिम्मत दे दी कि मैं छठ पूजा करने लगी हूं. पिछले साल से ही मैंने इस व्रत को उठाया है, ये मेरा दूसरा साल है. अब पता नहीं जब तक छठी मां चाहें तब तक करूंगी. मुझसे कई लोगों ने पूछा कि आप शादीशुदा तो हैं नहीं, और बाहर वाले ही क्या मेरे घरवाले ही खुद पूछते हैं कि- आप शादीशुदा नहीं हैं तो कैसे छठ पूजा कर रही हैं. तो मेरा कहना होता है कि लड़के तो शादीशुदा नहीं हैं, फिर वो क्यों करते हैं. क्या पूजा और आस्था, किसी बंधन में बंधने के लिए होता है.’

‘मैंने मेरे पापा से भी लॉजिकली पूछा कि- अगर एक पूजा हम कर रहे हैं तो क्या सिर्फ इसलिए करेंगे कि मुझे बच्चा हो जाएगा, या ये पूजा करेंगे तो मुझे पति मिल जाएगा. पूजा और आस्था किसी बंधन में बंधने के लिए नहीं है. आज स्वतंत्र हैं, सच्ची नीयत से पूजा करने के लिए.’

NATIONAL : AI से बनाया भाई- बहन का अश्लील वीडियो और करने लगे ब्लैकमेल, दुखी भाई ने दे दी जान

0

फरीदाबाद में 19 वर्षीय राहुल ने एआई से बनाई गई फर्जी अश्लील फोटो और वीडियो से ब्लैकमेलिंग से तंग आकर आत्महत्या कर ली. आरोपियों ने उससे 20 हजार रुपये मांगे और न देने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी थी. पुलिस ने पिता की शिकायत पर दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी

हरियाणा के फरीदाबाद में ओल्ड थाना क्षेत्र के बसेलवा कॉलोनी से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है. यहां 19 वर्षीय युवक राहुल ने कुछ लोगों द्वारा एआई तकनीक से बनाई गई अश्लील फोटो और वीडियो के जरिए ब्लैकमेलिंग से तंग आकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

जानकारी के मुताबिक, राहुल DAV कॉलेज में सेकंड ईयर का छात्र था और अपने परिवार के साथ बसेलवा कॉलोनी में रहता था. राहुल के पिता मनोज भारती ने बताया कि करीब दो हफ्ते पहले किसी ने राहुल का मोबाइल फोन हैक कर लिया था. फोन हैक करने के बाद उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल करके राहुल और उसकी बहनों की न्यूड फोटो और वीडियो बना दीं. इन फर्जी तस्वीरों और वीडियो को व्हाट्सएप पर भेजकर आरोपियों ने राहुल से लगभग 20 हजार रुपये की मांग की थी. पैसे न देने पर उन्होंने धमकी दी कि ये वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर देंगे.

राहुल इस ब्लैकमेलिंग से बेहद परेशान रहने लगा. उसके पिता ने बताया कि पिछले 15 दिनों से राहुल का व्यवहार पूरी तरह बदल गया था. वह ठीक से खाना नहीं खा रहा था, बात कम करता था और अक्सर चुपचाप कमरे में रहता था. परिजनों को यह अंदाजा नहीं था कि वह इतनी बड़ी मानसिक परेशानी से जूझ रहा है. शनिवार शाम करीब 7 बजे राहुल ने अपने कमरे में सल्फास की गोलियां खा लीं. जब उसकी हालत बिगड़ने लगी तो परिवार वाले उसे तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया.

मृतक के पिता मनोज भारती ने बताया कि जब उन्होंने बेटे का मोबाइल देखा तो उसमें साहिल नाम के युवक के साथ लंबी चैटिंग मिली. चैट में साहिल ने राहुल की न्यूड फोटो और वीडियो भेजकर पैसे की डिमांड की थी. आखिरी बातचीत में उसने राहुल को धमकी दी थी कि अगर पैसे नहीं दिए तो वह सारी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा. इतना ही नहीं, चैट में साहिल ने राहुल को आत्महत्या करने के लिए उकसाने वाले शब्द भी लिखे थे और यहां तक बताया था कि किस चीज का सेवन करने से उसकी मौत हो सकती है.

परिजनों का कहना है कि इस पूरे मामले में साहिल के साथ राहुल का एक जान-पहचान वाला युवक नीरज भारती भी शामिल हो सकता है. राहुल के पिता ने बताया कि घटना के दिन आखिरी बार राहुल की बात नीरज से ही हुई थी. इसलिए दोनों पर शक जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.

मनोज भारती का परिवार मूल रूप से बिहार के सिवान जिले का रहने वाला है और पिछले 50 साल से फरीदाबाद में रह रहा है. मनोज खुद ड्राइवरी का काम करते हैं और राहुल उनका सबसे छोटा बेटा था. उनके परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा है. दो बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि एक बेटी अभी अविवाहित है.

NATIONAL : ग्रेटर नोएडा में छठ पूजा पर ड्रोन से होगी महिलाओं पर फूलों की वर्षा, घाटों पर हुई सजावट

0

ग्रेटर नोएडा में छठ पूजा की जोरदार तैयारियां, घाटों पर सजावट और विशेष इंतज़ाम किए जा रहे हैं. ड्रोन से होगी फूलों की वर्षा और भजन गायिका स्वाति मिश्रा देंगी भव्य प्रस्तुति.

ग्रेटर नोएडा में छठ महापर्व की तैयारियां जोरों पर हैं. शहर के प्रमुख पूजा स्थलों गौर सिटी के लेक व्यू पार्क और चेरी काउंटी सोसाइटी के सामने स्थित नेफोवा घाट पर इस वर्ष छठ पूजा भव्य रूप से आयोजित की जाएगी. स्थानीय कमेटियों के अनुसार, घाटों की मरम्मत, सफाई और सौंदर्यीकरण तेजी से पूरा किया जा रहा है, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो.

पूजा स्थलों पर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं. पारंपरिक धार्मिक आस्था को और पवित्रता देने के लिए घाटों पर गंगाजल से शुद्धिकरण के साथ ही कन्नौज के गुलाब जल का प्रयोग किया जाएगा. वहीं रंगीन रोशनी से घाट की सजावट की जाएगी, जिससे वातावरण पूरी तरह उत्सवमय दिखाई देगा.

नेफोवा घाट पर पहले दिन भजन संध्या का आयोजन होगा, जिसमें प्रसिद्ध भजन गायिका स्वाति मिश्रा अपनी मनमोहक प्रस्तुति देंगी. आयोजन समिति के अभिषेक कुमार ने बताया कि इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे. श्रद्धालुओं के आनंद को बढ़ाने के लिए घाट पर एक विशाल LED स्क्रीन लगाई जाएगी, जिससे बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम का आनंद ले सकेंगे.

इसी तरह गौर सिटी के लेक व्यू पार्क में भी भव्य छठ आयोजन की तैयारी है. गौर सिटी छठ पूजा समिति ने लगभग 250 महिलाओं के खड़े होने की सुव्यवस्थित व्यवस्था की है. 27 अक्टूबर की संध्या को बिहार की सुप्रसिद्ध गायिका साधना अपनी प्रस्तुति देंगी, जिसकी वजह से स्थानीय समुदाय में काफी उत्साह देखा जा रहा है. गौर सिटी 1 टाउनशिप के भीतर रहने वाले लोग भी इस कार्यक्रम से सीधे जुड़ सकें, इसके लिए मार्केट क्षेत्र में बड़ी स्क्रीन लगाकर आयोजनों का लाइव प्रसारण किया जाएगा. स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस बार छठ पूजा को लेकर का उत्साह पिछले वर्षों की तुलना में कहीं अधिक देखने को मिल रहा है.

BUSINESS : पढ़ाई के बाद एजुकेशन लोन नहीं चुकाया तो कौन भरेगा EMI? जानें किस पर लटकेगी तलवार

0

अगर आपने भी एजुकेशन लोन लिया है और इसकी भरपाई नहीं कर पा रहे हैं तो, आपको अपनी जिम्मेदारियां और अधिकार का पता होना चाहिए. जिससे आप परेशानियों से बच सके.

आधुनिक जगत ने कई चीजों में बदलाव किया है. सबसे महत्वपूर्ण बदलाव शिक्षा के क्षेत्र में आया है. लोग शिक्षा के महत्व को समझते हैं और अपनों को बेहतरीन शिक्षा देने की चाहत रखते है. साथ ही महंगी होती शिक्षा ने एजुकेशन लोन लेने वालों की संख्या में इजाफा किया है. छात्रों को लोन की राशि पढ़ाई पूरी होने के बाद चुकानी होती है.

लेकिन, अगर स्टूडेंट पढ़ाई खत्म होने के बाद भी लोन की राशि का भुगतान ना कर पाएं तो, ऐसी स्थिति में छात्र और गारंटर को किस तरह की परेशानियां का सामना करना पड़ता है. उनकी जिम्मेदारी क्या होती है. इस विषय को जानना बहुत जरूरी हैं, ताकि आपको किसी भी तरह की परेशानी ना हो.

एजुकेशन लोन लेने वालों छात्रों की पूरी जिम्मेदारी होती हैं कि, वे लोन राशि का भुगतान करें. हालांकि, नौकरी ना मिलने और बीच में पढ़ाई छोड़ देने की स्थिति में छात्र बैंक से लोन चुकाने की और अधिक समय की मांग कर सकता है. साथ ही छात्र बैंक से अनुरोध कर सकता है कि, उसके लोन की पुनर्भुगतान की शर्तों में बदलाव किए जाए.

अगर इसके बाद भी वह लोन की राशि का भुगतान नहीं कर पाता तो, बैंक उसे डिफॉल्टर घोषित कर देती है. जिसके बाद बैंक गारंटर की यह जिम्मेदारी बनती है कि, वो लोन की भरपाई करें. इसके लिए बैंक गारंटर से भुगतान ले सकता है.

अगर एजुकेशन लोन का भुगतान समय पर नहीं किया जाता है, तो बैंक सबसे पहले नोटिस भेजता है. अगर इसके बाद भी लोन की किस्तें नहीं भरी जाती और बैंक से संपर्क भी नहीं किया जाता तो, ऐसी स्थिति में बैंक वसूली की प्रक्रिया शुरू कर देता है. बैंक जरूरी कानूनी कदम उठाने से लेकर संपत्ति की कुर्की भी कर सकता है. लोन नहीं चुकाने की स्थिति में गारंटर का क्रेडिट स्कोर भी खराब हो जाता है. जिससे उसे आगे लोन लेने में परेशानी हो सकती है.

NATIONAL : दोस्ती, प्यार और सुसाइड… ससुराल जाकर शख्स ने क्यों खा लिया जहर?

0

सोनीपत में राजस्थान निवासी राकेश ने ससुराल में जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली. उसकी पत्नी पूजा से नौ साल पहले लव मैरिज हुई थी, लेकिन विवाद के बाद वह मायके आ गई थी. राकेश के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं. पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

हरियाणा में सोनीपत के गांव कालुपुर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया हैं,जहां एक शख्स ने अपने सुसराल में जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली. मृतक शख्स राकेश राजस्थान का रहने वाला था और सोनीपत के गांव कालुपुर की रहने वाली पूजा से 9 साल पहले उसने लव मैरिज की थी. फिलहाल सिटी थाना पुलिस ने सुसराल पक्ष पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

आपको बता दें कि राजस्थान के भादरा के रहने वाले राकेश की पूजा की साथ पहले दोस्ती हुई और फिर नौ साल पहले पूजा से ही उसने लव मैरिज की थी. दोनों के बीच कुछ दिनों पहले आपसी विवाद के कारण पूजा अपने घर कालूपुर में वापस आ गई थी. राकेश के परिजनों का आरोप है कि पूजा ने राकेश से सब्जी के नाम पर पैसे लिए और सोनीपत अपने घर आ गई.

राकेश जब उसे वापस लेने के लिए आया तो तो पूजा के परिवार ने उसे प्रताड़ित किया जिसके बाद उसने जहरीला पदार्थ खाकर जान दी है. राकेश ने अपने भांजे को फोन पर बातचीत में अपनी पत्नी के दोनों भाई ,मां ,एक भाई की पत्नी और उसके मामा पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए थे.

मामले में जानकारी देते हुए एसीपी राजपाल ने बताया कि राजस्थान के भादरा के रहने वाले राकेश ने सोनीपत के रहने वाली पूजा के साथ 9 साल पहले लव मैरिज की थी और उसने ससुराल में आकर जहरीला पदार्थ खा लिया. उसे इलाज के लिए भर्ती करवाया गया जहां उसकी मौत हो गई. परिजनों की शिकायत के बाद ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.

- Advertisement -

News of the Day