Monday, May 4, 2026
Home Blog Page 424

NATIONAL : गर्म चिमटे से पीटा, डस्टबिन से खाना खाने को किया मजबूर, 14 साल की मेड पर इस तरह ढाए जुल्म

0

गुरुग्राम पुलिस ने मामले पर एक्शन लेते हुए 14 साल की पीड़ित बच्ची को आरोपी दंपती के कब्जे से छुड़ा लिया है. पुलिस ने बताया कि महीनों से उसके साथ मारपीट की जा रही थी.

हरियाणा के गुरुग्राम में नाबालिग पर जुल्म की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं. यहां एक दंपती ने 14 साल की लड़की को काम पर रखा था. आरोप है कि उन्होंने इस लड़की के साथ बेइंतहा जुल्म किए. उसके शरीर पर गर्म चिमटे लगाए और डंडों से उसकी पिटाई भी की. नाबालिग की तस्वीर वायरल होने के बाद एक एनजीओ (NGO) ने गुरुग्राम पुलिस से इसकी शिकायत की.

पुलिस ने मामले पर एक्शन लेते हुए पीड़ित बच्ची को आरोपी दंपती के कब्जे से छुड़ा लिया है. साथ ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि झारखंड की रहने वाली लड़की के पूरे शरीर पर घाव पाए गए. उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. यौन उत्पीड़न की भी जांच की जा रही है. आरोपी जोड़े की पहचान मनीष और कमलजीत के रूप में हुई है.

पुलिस ने बताया कि उसे कई दिनों तक खाना नहीं दिया गया. लड़की डस्टबिन में फेंका गया बचा हुआ खाना निकालकर खाती थी. एक्टिविस्ट दीपिका नारायण भारद्वाज ने पीड़िता की कुछ तस्वीरें शेयर कीं, जिन्हें देखकर किसी का भी दिमाग घूम जाए.

आरोपी दंपति ने उस लड़की को पिछले साल एक प्लेसमेंट एजेंसी की मदद से अपनी तीन महीने की बेटी की देखभाल के लिए रखा था. दंपती के खिलाफ किशोर न्याय (बच्चों की देखभाल और संरक्षण) अधिनियम और यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (POCSO) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है.

 

NATIONAL : पहले से एक बच्चे के पिता निकला ग्वालियर में पत्नी का हत्यारा, मर्डर के बाद किया था फेसबुक Live

0

ग्वालियर में प्रेम विवाह के बाद विवादों में चल रहे अरविंद परिहार ने पत्नी नंदिनी परिहार की बीच सड़क पर गोली मारकर हत्या कर दी थी. पहले भी उसने पत्नी पर कार चढ़ाने की कोशिश की थी और एआई से गंदे फोटो-वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया था. वारदात के बाद अरविंद ने फेसबुक लाइव कर पत्नी पर आरोप भी लगाए थे. लेकिन अब मामले में अब नए खुलासे हुए हैं.

मध्यप्रदेश के ग्वालियर में शुक्रवार को बीच सड़क पर एक युवती की गोली मारकर हुई हत्या के मामले में पुलिस ने खुलासा किया है. दिल दहलाने वाली घटना को अंजाम देने वाला युवक और कोई नहीं बल्कि मृतिका का पति निकला. दोनों ने 2023 में आर्य मंदिर में शादी की थी, लेकिन शादी के बाद से ही दोनों के बीच विवाद चल रहा था. यह विवाद इस हद तक पहुंच गया कि अरविंद परिहार ने अपनी पत्नी नंदिनी परिहार की गोली मारकर हत्या कर दी. अब तक जो कहानी सामने आई है उसके हिसाब से साल 2023 में अरविंद परिहार और नंदिनी ने प्रेम विवाह किया था. आर्य समाज के मंदिर में दोनों ने शादी रचाई थी. लेकिन इसके बाद नंदिनी को पता लगा कि अरविंद परिहार की एक गर्लफ्रेंड है और वह पहले से शादीशुदा और एक बच्चे का पिता भी है.

इसके बाद नंदनी ने इस धोखेबाजी की शिकायत थाने में भी की थी. जब दोनों के बीच बात बिगड़ गई तो अरविंद परिहार ने नंदिनी पर कार चढ़ा कर उसे मारने की कोशिश की थी. जिसकी शिकायत थाने में दर्ज होने पर अरविंद परिहार को जेल हो गई थी. नंदिनी बीते मंगलवार को ही एसपी ऑफिस पहुंची थी और उसने मीडिया के सामने अपनी पीड़ा बयां करते हुए कहा था कि उसका पति अरविंद परिहार उसे परेशान कर रहा है. एआई से उसके गंदे फोटो और वीडियो बनाकर डाल रहा है. नंदिनी ने बताया था कि अरविंद परिहार उस पर राजी नामा करने के लिए दवाब बना रहा है और जो भी लोग नंदिनी का सपोर्ट कर रहे हैं, अरविंद परिहार उनके लिए भी भला बुरा कह रहा है.

नंदिनी ने आरोप लगाया था कि उसकी कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है. शुक्रवार को जब नंदिनी अपने दो साथी कल्लू और अंकुश के साथ रिक्शे पर बैठकर जा रही थी तभी अरविंद परिहार ने नंदिनी का दूसरे रिक्शा से पीछा किया और बीच रास्ते में रिक्शा को रोक कर अरविंद ने नंदिनी को सरेराह गोली मार दी. एक-एक करके अरविंद ने उसे पांच गोलियां मारी थी.

जब पुलिस मौके पर पहुंची तो अरविंद ने पुलिस की तरफ भी देसी कट्टा लहराया था. पुलिस ने बड़ी मुश्किल से अरविंद को काबू किया था. घायल नंदिनी को अस्पताल ले जाया गया था जहां उसने दम तोड़ दिया था. इस पूरे घटनाक्रम की वजह से पूरे शहर में दहशत फैल गई थी. इस मामले में सीएसपी हिना खान ने बताया कि पति ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी थी. पत्नी वर्तमान में अपने पति से अलग रह रही थी.आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है और FIR भी दर्ज कर ली है.

पत्नी नंदिनी को गोली मारने के बाद पति अरविंद ने फेसबुक लाइव आकर उसपर गंभीर आरोप लगाए थे. उसने कहा था, ‘ये मेरी पत्नी है. इसके साथ बॉयफ्रेंड कल्लू और अंकुश पाठक भी थे, जो मौके से भाग गए. ये भी 6 महीने पहले भाग गई थी. दोनों युवकों के साथ मिलकर मुझे ब्लैकमेल कर रही थी. मेरी तीन एम्बुलेंस अपने नाम करवा ली और अब मकान मांग रही है. मेरी शिकायत पर सुनवाई नहीं हो रही. आरोप है कि नंदिनी ने पैसे ऐंठने के लिए अंकुश पाठक और कल्लू के नाम के शख्स की बातों में आकर अरविंद के खिलाफ पुलिस में शिकायत भी दर्ज करवाई.’

SPORTS : पाकिस्तान से हाथ नहीं मिलाने पर क्या होगा एक्शन, टीम इंडिया पर लगेगा जुर्माना? क्या है नियम

0

IND vs PAK Asia Cup 2025: पाकिस्तान को हराने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने उनसे हाथ नहीं मिलाया. फैंस के मन में बड़ा सवाल ये हैं कि क्या इसके लिए भारतीय टीम पर जुर्माना लगेगा? नियम क्या है?

एशिया कप 2025 में रविवार को खेले गए मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया. पूरे मैच में भारत का दबदबा रहा, पाकिस्तान हर क्षेत्र में फेल रही. हालांकि सबसे ज्यादा चर्चा ‘नो हैंडशेक’ को लेकर हो रही है. दरअसल सूर्यकुमार यादव ने टॉस के समय सलमान अली आगा से हाथ नहीं मिलाया. मैच खत्म होने के बाद पाकिस्तानी प्लेयर्स ग्राउंड पर इंतजार करते रह गए, जबकि न तो बल्लेबाज उनसे हाथ मिलाकर गए और न ही कोई भारतीय प्लेयर या स्टाफ का सदस्य बाद में ग्राउंड पर आया.

सूर्यकुमार यादव ने कंफर्म किया कि पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाने के फैसले का बीसीसीआई से समर्थन प्राप्त था, ये फैसला टीम का था. टॉस के बाद शीट भी नहीं बदली, ये भी टीम के एक सदस्य का निर्णय था. अब बड़ा सवाल है कि क्या इस पर कोई ऐसा नियम है, जिसके चलते भारतीय टीम पर जुर्माना लग सकता है.

प्रेस कांफ्रेंस में आए पाकिस्तान टीम के कोच माइक हेसन ने कहा, “टीम हाथ मिलाने का इंतजार कर रही थी लेकिन वह (भारतीय प्लेयर्स) आए ही नहीं. इस कारण ही सलमान अली आगा प्रेजेंटेशन में नहीं आए.” बता दें कि इसके बाद पाकिस्तान टीम की नाराजगी मैच (एंडी पाइक्रॉफ्ट) तक पहुंची. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने बताया कि टीम के मैनेजर ने भारत के खिलाफ औपचारिक विरोध दर्ज करवाया है, क्योंकि उन्होंने कप्तानों से टॉस के दौरान हाथ न मिलाने का अनुरोध किया था.

क्रिकेट के नियमों में कहीं नहीं लिखा कि हाथ मिलाना जरुरी है. टॉस के समय या मैच के बाद, हाथ मिलाना खेल भावना का हिस्सा है. स्पिरिट ऑफ़ क्रिकेट के कारण ही हर मैच के बाद प्लेयर्स आपस में मिलते हैं.”

नहीं, जब हाथ मिलाने को लेकर कोई नियम नहीं है तो टीम पर या किसी खिलाड़ी पर जुर्माने का सवाल ही नहीं उठता. हालांकि कोई इस दौरान बदतमीजी करे या कुछ अपशब्द कहे, तो जुर्माना लग सकता है लेकिन कल मैच में ऐसा कुछ नहीं हुआ. लेकिन कोई जानबूझकर विरोध टीम या खिलाड़ी से हाथ नहीं मिलाता है तो इसे खेल भावना के विपरीत माना जा सकता है.

सूर्यकुमार यादव ने मैच के बाद कहा कि, कुछ बातें खेल भावना से ऊपर होती है.” उन्होंने एक पोस्ट करते हुए लिखा, “यह जीत भारत के सशस्त्र बलों और पहलगाम हमले के पीड़ितों को समर्पित है। जय हिंद.”

KASHMIR : कश्मीर में नहीं मिल रहा पेट्रोल, लोग हुए परेशान, क्या है वजह?

0
कश्मीर में पंपों पर पेट्रोल की कमी देखी जा रही है, क्योंकि भूस्खलन और बाढ़ के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे टैंकरों का कुछ क्षेत्रों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है.कश्मीर घाटी में सोमवार (15 सितंबर) को पेट्रोल की किल्लत की शिकायतें मिली. कई पंप पर नो पेट्रोल के नोटिस लगाए गए हैं. दरअसल, भारी बारिश की वजह से नेशनल हाईवे बंद होने के कारण गाड़ियों की आवाजाही में दिक्कत आने से पेट्रोल का स्टॉक खत्म हुआ है.
श्रीनगर के एक पेट्रोल पंप पर बाइक सवार ने कहा कि बडगाम से लेकर यहां तक मुझे कोई भी पेट्रोल पंप पर पेट्रोल नहीं मिला. मुजे समस्या का सामना करना पड़ा, जल्द से जल्द सरकार प्रबंध करे. ताकि गरीब आदमी को परेशानी नहीं उठानी पड़े.  वहीं पेट्रोल पंप कर्मचारी ने बताया कि नेशनल हाईवे बहुत खराब हो गया है. इसलिए गाड़ियां नहीं आ पा रही है. पेट्रोल का स्टॉक खत्म हो गया है. डीजल है. जल्द ही पेट्रोल भी आ जाएगा.
डिविजनल कमिश्नर अंशुल गर्ग ने कहा कि पेट्रोल को छोड़कर डीजल और एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक है और इसे 2 दिनों के भीतर फिर से भर दिया जाएगा.
बता दें कि जम्मू-कश्मीर में पिछले कुछ दिनों में भारी बारिश हुई. इसकी वजह से कई इलाकों में भूस्खलन हुआ. जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे 9 दिनों तक बंद रहने के बाद 10 सितंबर को ट्रैफिक के लिए खोला गया. बारिश की वजह से हाईवे को काफी नुकसान पहुंचा है. इसे ठीक करने का काम जारी है. अधिकारियों के मुताबिक, जम्म-कश्मीर में बाढ़ और भूस्खलन से लगभग 12,000 किलोमीटर सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं.
भारी बारिश की वजह से 26 अगस्त से ही वैष्णो देवी यात्रा स्थगित है. 26 अगस्त को अर्धकुंवारी में भूस्खलन से 35 लोगों की मौत हो गई थी. इसी के बाद यात्रा स्थगित कर दी गई.

ENTERTAINMENT : अब OTT पर भी हिट हुई ‘सैयारा’, लोग बोले- ‘बेकार रील्स की वजह से थियेटर में नहीं देखी’

0

Saiyaara OTT Release: सैयारा ने ओटीटी पर रिलीज होते ही धूम मचा दी है. फिल्म को खूब डिजिटल प्लेटफॉर्म पर देखा जा रहा है और इसी के साथ इसकी जमकर तारीफ भी हो रही है.

बॉक्स ऑफिस पर धूम मचाने के बाद, अहान पांडे और अनीत पड्डा स्टारर ‘सैयारा’, हाल ही में ओटीटी के प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ हुई है. इस म्यूजिकल रोमांटिक फिल्म के ओटीटी जगत में प्रीमियर के बाद से इसे देखने की होड़ मच गई और इसी के साथ फिल्म में फिर से लोगों की दिलचस्पी भी बढ़ गई है. वहीं फैंस सोशल मीडिया पर आलोचनाओं के बावजूद फिल्म का बचाव कर रहे हैं.

सैयारा 12 सितंबर से नेटफ्लिक्स पर 190 देशों में स्ट्रीमिंग के लिए अवेलेबल है. जिन लोगों ने इसे सिनेमाघरों में नहीं देखा, उन्होंने इसे ओटीटी प्लेटफॉर्म पर एंजॉय किया और अपनी राय दी. नेटिज़न्स के फ़ैसले से पता चलता है कि ये फ़िल्म ओटीटी पर भी हिट हो गई है. एक ने लिखा, “सैयारा का सबसे बड़ा W इसका म्यूजक और स्क्रीन पर गूंजते जज्बात हैं, खासकर आखिरी 20 मिनट में… अहान और अनीत की एक्टिंग और उनकी केमिस्ट्री कमाल की थी… यह एक सदाबहार एल्बम है, खासकर ‘हमसफ़र’ और ‘सैयारा’ का टाइटल ट्रैक, बेहद खूबसूरत.”

एक और ने लिखा, “सैयारा अभी देख कर खत्म किया… यार, कैमरा वर्क कमाल का था और सिनेमैटोग्राफी भी कमाल की थी! बेहतरीन!! धमाकेदार एल्बम!! यह वाकई एक महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट लगा, जिसमें एक विज़न था, मोहित सूरी की सर्विस… ज़ाहिर है, केमिस्ट्री बहुत ज़बरदस्त थी और अनीत, माई गर्ल, तुमने तो मुझे अपने वश में कर लिया है.”

एक अन्य ने लिखा, “अजीब है, लेकिन सैयारा देखते हुए थिएटर में मेरा एक भी आंसू नहीं बहा, लेकिन आज दोबारा देखने के बाद बह गया. आखिरी क्रिकेट सीन ने मुझे रुला दिया.”

वहीं एक और ने लिखा, “ यह अजीब है कि कैसे कुछ लोगों ने सिनेमाघरों में रिलीज़ के दौरान सिर्फ़ कुछ घटिया रील्स की वजह से सैयारा को बेकार कर दिया. उम्मीद है कि अब जब यह नेटफ्लिक्स पर है, तो वे इसे ज़रूर देखेंगे.”मोहित सूरी द्वारा निर्देशित, सैयारा से अहान पांडे और अनीत पड्डा ने बॉलीवुड में डेब्यू किया है. ये फिल्म एक सरप्राइज ब्लॉकबस्टर साबित हुई है. इसने दुनिया भर में 500 करोड़ रुपयों से ज्यादा की कमाई करते हुए रिकॉर्ड तोड़ दिए. वहीं ये अब की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय रोमांटिक फिल्म बन गई है.

यह फिल्म एक स्ट्रग्लिंग और परेशान म्यूजिशियन, कृष कपूर की कहानी है, जिसकी मुलाकात एक महत्वाकांक्षी पत्रकार और कवियत्री, वाणी बत्रा (अनीत पड्डा स्टारर) से होती है. साथ काम करते हुए, वे एक-दूसरे के प्यार में पड़ जाते हैं।. वरुण बडोला ने अहान उर्फ ​​’कृष कपूर’ के पिता की भूमिका निभाई है. फिल्म में राजेश कुमार, गीता अग्रवाल, आलम खान और शैन ग्रोवर भी हैं.ये फिल्म 18 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई थी.

 

ENTERTAINMENT : मलाइका अरोड़ा, सिद्धू और शान में से कौन है ज्यादा अमीर? तीनों की नेटवर्थ में जमीन-आसमान का फर्क

0

India’s Got Talent Judges Net Worth: इंडियाज़ गॉट टैलेंट एक नए सीज़न के जज के तौर पर मलाइका अरोड़ा, नवजोत सिंह सिद्धू और शान नजर आएंगें. चलिए इन तीनों की नेटवर्थ जानते हैं.

इंडियाज़ गॉट टैलेंट एक नए सीज़न के साथ वापस आ गया है. ये शो 4 अक्टूबर से शुरू हो रहा है. सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविज़न पर प्रीमियर होने वाला इस हिट रियलिटी शो में एक बार फिर अनोखा टैलेंट देखने को मिलेगा. दिलचस्प बात ये है कि इस बार शो के होस्ट के तौर पर मलाइका अरोड़ा के साथ नवजोत सिंह सिद्धू और सिंगर खान मुखर्जी नजर आएंगे. शो का प्रोमो भी आ गया है जिसके बाद से फैंस इंडियाज़ गॉट टैलेंट के नए सीज़न को लेकर बेहद एक्साइटेड हैं. इन सबके बीच चलिए यहां जानते हैं इस शो के तीनों जजों में से कौन सबसे ज्यादा अमीर है?

मलाइका अरोड़ा की कितनी है नेटवर्थ

बॉलीवुड अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा अपनी आउटस्टैंडिंग ऑन-स्क्रीन परफॉर्मेंस, अपने फैशन चॉइसेस और फिटनेस के लिए हमेशा सुर्खियों में बनी रहती हैं. वे अक्सर छोटे पर्दे पर तमाम रियलिटी शोज में जज की कुर्सी पर नजर आती हैं. अब वे इंडियाज गॉट टैलेंट के नए सीजन में नजर आएंगीं. मलाइका काफी आलीशान जिंदगी जीती हैं. उनकी नेटवर्थ की बात करें तो

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मलाइका अरोड़ा की नेटवर्थ 100 करोड़ रुपये है.
उनकी मंथली इनकम 70 लाख रुपये से 1.6 करोड़ रुपये के बीच है.बॉलीवुड फिल्मों में आइटम सॉन्गस के लिए वे 90 लाख रुपये से 1.5 करोड़ रुपये के बीच फीस चार्ज करती हैं.वहीं टेलीविजन शोज से वे 6 से 8 लाख रुपये प्रति एपिसोड के बीच फीस वसूलती हैं.मलाइका ब्रांड एंडोर्सटमेंट और अपने रेस्टोरेंट्स से भी खूब पैसा कमाती हैं. उन्होंने फूड डिलीवरी सर्विस में भी इनवेस्टमेंट किया था.

नवजोत सिंह सिद्धू की कितनी है नेटवर्थ

हाल ही में नवजोत सिंह सिद्धू ने कपिल शर्मा के शो द ग्रेट इंडियन कपिल शो में जज के तौर पर कई सालों बाद कमबैक किया था. वहीं अब सिद्धू एक और रियलिटी इंडियाज़ गॉट टैलेंट एक नए सीज़न में जज की कुर्सी संभालते नजर आएंगे. मेकर्स ने नवजोत सिंह सिद्धू का एक नया और शानदार प्रोमो भी जारी किया है, जिसमें वे सीज़न की टैगलाइन “जो अजब है वो गजब है” के साथ नजर आते हैं. इन सबके बीच नवजोत सिंह सिद्धू काफी लग्जरी लाइफ जीते हैं.

नवजोत सिंह सिद्धू की नेट वर्थ Myneta के मुताबिक 2025 के मिड तक लगभग 44-45 करोड़ रुपये (लगभग 5.5-6 मिलियन अमेरिकी डॉलर) आंकी गई है.उन्होंने ये संपत्ति क्रिकेट में, टीवी कमेंट्री और प्रेजेंटेशनसे होने वाली इनकम से बनाई है.नवजोत सिंह सिद्धू के पटियाला में छह शोरूम हैं. पटियाला में ही 1200 स्कावयर गज में फैला हुआ उनका घर भी है.

कितनी है शान मुखर्जी की नेटवर्थ

शान मुखर्जी बॉलीवुड के फेमस सिंगर हैं. उन्होंने कई शानदार गाने गाए हैं. वहीं अब शान इंडियाज गॉट टैलेंट देश भर से आए अनोखे टैलेंट को जज करते नजर आएंगे. शान भी काफी आलीशान जिंदगी जीते हैं.द वॉइस, सा रे गा मा पा लिटिल चैंप्स, झलक दिखला जा और इंडियन प्रो म्यूजिक लीग जैसे टीवी शो में अपनी प्रेजेंट के लिए, उन्होंने लगभग 10 लाख रुपये फीस ली थी.’बहती हवा’ सिंगर मुंबई के बांद्रा में एक आलीशान अपार्टमेंट में रहते हैं.मनी ट्री रियल्टी के अनुसार, इसकी कीमत 40,000 से 45,000 रुपये प्रति वर्ग फुट है.

 

NATIONAL : पटना में दारोगा अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, डाकबंगला पर बैरिकेडिंग को तोड़ा, पुलिस ने खदेड़ा

0

अभ्यर्थियों का कहना है कि सरकार ने 1817 पदों पर दारोगा की बहाली करने की घोषणा दो साल पहले कर दी है, लेकिन अब तक बहाली की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है. पढ़िए और क्या कुछ कहा है.

दारोगा अभ्यर्थियों ने सोमवार (15 सितंबर, 2025) को पटना में प्रदर्शन किया. पटना कॉलेज से मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए दारोगा अभ्यर्थी निकले थे लेकिन जेपी गोलंबर के पास इन्हें रोक दिया गया. हालांकि यहां से बैरिकेडिंग को तोड़कर ये लोग आगे बढ़कर डाकबंगला तक पहुंच गए. यहां भी बैरिकेडिंग को तोड़कर कुछ अभ्यर्थी कोतवाली थाने की ओर बढ़ने लगे. इसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए इन लोगों को खदेड़ा.

छात्र नेता खुशबू कुमारी ने बताया कि सरकार की ओर से 2023 से ही दारोगा बहाली का आश्वासन मिल रहा है. सरकार ने 1817 पदों पर दारोगा की बहाली करने की घोषणा दो साल पहले कर दी है. हालांकि अब तक बहाली की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है. कुछ दिनों पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सिपाही भर्ती के बाद नियुक्ति पत्र बांट रहे थे तो उन्होंने कहा था कि दारोगा की भी बहाली जल्द करवाएंगे, लेकिन उस पर मुहर नहीं लग रही है.

खुशबू कुमारी ने कहा कि अब हम लोग का धैर्य खत्म हो रहा है इसलिए आंदोलन पर उतरने को विवश हो गए हैं. हमलोगों ने 10 दिन पहले मीडिया के जरिए ऐलान कर दिया था कि अगर बहाली की घोषणा सरकार जल्द से जल्द नहीं करती है तो हम लोग 15 सितंबर को आंदोलन करेंगे. इसी के तहत आंदोलन किया जा रहा है.

उधर दूसरी ओर जैसे ही कोतवाली थाने की ओर से पुलिस ने अभ्यर्थियों को वापस खदेड़ा तो ये लोग बीच सड़क पर ही बैठ गए. डाकबंगला और कोतवाली थाने के बीच में हरि निवास के सामने ये सभी रोड पर बैठक सरकार के विरोध में नारेबाजी करने लगे. अभ्यर्थी ने कहा कि हम लोगों की मांग पूरी तरह जायज है जो सरकार ठंडे बस्ते में रखी हुई है. बिहार में चुनाव है ऐसे में आदर्श आचार संहिता लगने के पहले सरकार दारोगा भर्ती की घोषणा कर दे.

ENTERTAINMENT : ‘हेरा फेरी 3’ छोड़ने पर मेकर्स संग टूटा था परेश रावल का रिश्ता, बोले- अब तो घाव भर गए…

0

फिल्म ‘हेरा फेरी 3’ से अचानक बाहर होने के बाद परेश रावल की वापसी हुई. ऐसे में अब एक्टर ने उनके प्रियदर्शन और अक्षय कुमार संग बदले रिश्तों पर रिएक्ट किया. साथ ही ये भी बताया कि कब वो फिल्म की शूटिंग शुरू कर रहे हैं.

अक्षय कुमार, परेश रावल और सुनील शेट्टी स्टारर ‘हेरा फेरी 3’ को लेकर कुछ महीनों पहले काफी विवाद हुआ था. परेश रावल ने अचानक फिल्म छोड़ने का फैसला किया. उनके और अक्षय के बीच भी विवाद हुए, लेकिन बाद में एक्टर वापस इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बन गए. अब परेश रावल ने खुद ‘हेरा फेरी 3’ पर बात करते हुए कई सारे अपडेट्स शेयर किए हैं.

परेश रावल इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘अजय: द अनटोल्ड स्टोरी’ को प्रमोट कर रहे हैं. इसी दौरान उन्होंने ‘हेरा फेरी 3’ की शूटिंग पर भी बात की. एक्टर ने न्यूज 18 को बताया, ‘फिल्म पर काम अभी चालू ही है. हम लोग अगले साल फरवरी-मार्च के बीच इसकी शूटिंग शुरू करेंगे.’

परेश रावल ने आगे डायरेक्टर संग रिश्तों पर भी बात की. जब एक्टर अचानक फिल्म से बाहर हुए थे, तब खबरे थीं कि उनके खिलाफ अक्षय कुमार ने लीगल एक्शन लिया. डायरेक्टर प्रियदर्शन भी परेश रावल के प्रोजेक्ट छोड़ने से नाराज थे. ऐसे में एक्टर से पूछा गया कि जब वो वापस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनें, तो क्या उनके अक्षय और प्रियदर्शन संग रिश्तों में कोई बदलाव आया?

इसपर परेश रावल बोले, ‘काफी कुछ घटा, लेकिन उससे मेरे प्रियदर्शन संग रिश्ते खराब नहीं हुए. ऐसे ही रिश्ते खराब नहीं होते हैं. बल्कि जो कुछ हुआ, उसने हमारे रिश्ते को और भी मजबूत करने का काम किया. इस सबके जरिए, हम अब एक-दूसरे को बहुत अच्छी तरह से जान चुके हैं. घाव भर गए हैं. हमारे रिश्ते बहुत साफ और ट्रांसपेरेंट हैं.’

मई के महीने में परेश रावल ने अचानक ऐलान किया कि वो ‘हेरा फेरी 3’ प्रोजेक्ट से बाहर हो गए हैं. इस खबर से हर तरफ हड़कंप मचा. प्रियदर्शन और अक्षय कुमार एक्टर के फैसले से दंग रह गए. जिसके बाद खबर सामने आई थी कि अक्षय ने परेश रावल के खिलाफ लीगल एक्शन लिया. हालांकि एक्टर ने साफ किया कि उनका फिल्म से बाहर होना एक सोचा-समझा फैसला था. इस खबर से फैंस का दिल पूरी तरह टूट चुका था.

लेकिन अक्षय के दिल में परेश रावल को लेकर कोई कढ़वाहट नहीं थी. ‘हाउसफुल 5’ के ट्रेलर लॉन्च पर भी उन्होंने साफ किया कि वो एक्टर की इज्जत करते हैं. फिर इसके कुछ दिनों बाद परेश रावल एक पॉडकास्ट पर कहते हैं कि वो ‘हेरा फेरी 3’ में वापस आ चुके हैं. अब फैंस को सिर्फ फिल्म की रिलीज का इंतजार है. ‘हेरा फेरी’ फ्रेंचाइजी से सभी फैंस काफी करीब से जुड़े हैं, ऐसे में उनकी उम्मीदें इसके तीसरे पार्ट से काफी ज्यादा बढ़ी हुई हैं.

DELHI : BMW कांड: ‘चल रही थीं पति की सांसें, मैं चिल्लाती रही…’ डिप्टी सेक्रेटरी नवजोत की पत्नी बोलीं – नहीं मिला शुरुआती इलाज

0

दिल्ली के धौला कुआं में हुए बीएमडब्ल्यू हादसे की एफआईआर में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. एफआईआर के अनुसार हादसे के बाद भी नवजोत सिंह जीवित थे और उनकी पत्नी संदीप कौर बार-बार आरोपी महिला से पास के अस्पताल ले जाने की गुहार लगाती रहीं. आरोप है कि उन्हें जानबूझकर 19 किलोमीटर दूर एक छोटे अस्पताल ले जाया गया, जहां नवजोत सिंह को मृत घोषित कर दिया गया.

दिल्ली के धौला कुआं में हुए भीषण बीएमडब्ल्यू हादसे को लेकर दायर एफआईआर में कई अहम खुलासे हुए हैं. इस हादसे में वित्त मंत्रालय (नॉर्थ ब्लॉक) के डिप्टी सेक्रेटरी नवजोत सिंह की मौत हो गई थी, जबकि उनकी पत्नी संदीप कौर गंभीर रूप से घायल हैं.

एफआईआर में दर्ज बयान ने इस हादसे को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. एफआईआर के मुताबिक हादसे के वक्त नवजोत सिंह की सांसें चल रही थीं और उनकी पत्नी संदीप कौर बार-बार आरोपी दंपति से आग्रह करती रहीं कि उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया जाए. संदीप कौर के बयान के मुताबिक उन्होंने आरोपी महिला से कहा, प्लीज हमें पास के अस्पताल ले जाइए, लेकिन उसकी गुहार को नजरअंदाज किया गया. संदीप कौर का आरोप है कि बीएमडब्ल्यू चालक महिला और उसके पति ने उन्हें पास के अस्पताल की बजाय जानबूझकर 19 किलोमीटर दूर एक छोटे से अस्पताल में पहुंचाया.

इस दौरान उन्हें एक मालवाहक वैन में ले जाया गया जिसमें लहूलुहान नवजोत को बिना किसी शुरुआती इलाज के रखा गया था. अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने नवजोत सिंह को मृत घोषित कर दिया. एफआईआर में यह भी दर्ज है कि घटना से पहले बीएमडब्ल्यू कार को महिला चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से चला रही थी.

रिपोर्ट के मुताबिक गाड़ी का संतुलन बिगड़ने पर उसने सीधे नवजोत सिंह की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी. इस टक्कर के बाद बाइक पहले डिवाइडर और फिर बस से जा भिड़ी, जिससे नवजोत और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए.इस एफआईआर के सामने आने के बाद न केवल हादसे की गंभीरता बल्कि बाद की घटनाओं को लेकर भी पुलिस ने जांच तेज कर दी है. दिल्ली पुलिस ने बीएमडब्ल्यू कार को जब्त कर लिया है और आरोपी महिला और उसके पति से पूछताछ की तैयारी कर रही है. हादसे के सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी जुटाए जा रहे हैं ताकि पूरी सच्चाई सामने आ सके.

NATIONAL : युवक ने पास जाकर रख दी कोल्ड ड्रिंक… भालू ने बोतल उठाई और इंसानों की तरह पीने लगा

0

छत्तीसगढ़ के कांकेर से हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है. वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक भालू के बेहद नज़दीक जाकर उसे कोल्ड ड्रिंक देता है. इस मामले को लेकर विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसा करना न केवल युवक के लिए, बल्कि भालू के लिए भी खतरनाक है, क्योंकि जंगली जानवर कभी भी हिंसक हो सकते हैं. वहीं मानव द्वारा दी गई चीजें जंगली जानवरों के लिए खतरनाक हो सकती हैं.

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से एक हैरान करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक जंगली भालू के बेहद नजदीक जाकर उसे कोल्ड ड्रिंक देता दिखाई दे रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि भालू सीधे युवक के सामने खड़ा है और कोल्ड ड्रिंक पी रहा है. यह नजारा देखने में मनोरंजक लग सकता है, लेकिन वन्य जीवन विशेषज्ञों और अधिकारियों के मुताबिक यह बेहद खतरनाक और असुरक्षित है.

कांकेर सहित छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में जंगली जानवरों के आबादी वाले क्षेत्र में पहुंचना कोई नई बात नहीं है. अक्सर भालू, तेंदुए और अन्य जंगली जानवर गांवों और आबादी वाले क्षेत्रों में नजर आते हैं. लेकिन अब लोग रील और सोशल मीडिया के चक्कर में अपने और वन्य प्राणियों दोनों की जान जोखिम में डाल रहे हैं.

इस वीडियो में युवक का भालू के इतने नजदीक जाना बेहद खतरनाक साबित हो सकता था. जानकारों का कहना है कि भालू एक हिंसक जानवर है और कभी भी हमला कर सकता है. यदि भालू अचानक हमला करता, तो युवक को बचने का समय भी नहीं मिलता. वहीं, भालू को कोल्ड ड्रिंक पिलाना उसके स्वास्थ्य के लिए भी हानिकारक है. जंगली जानवर इस तरह की चीजों के आदी नहीं होते और उन्हें मानव खाद्य पदार्थ नुकसान पहुंचा सकते हैं.

सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. वन विभाग की टीम इस तरह की घटनाओं को कंट्रोल करने की कोशिश कर रही है. वन्य जीवन विशेषज्ञ लोगों को सतर्क करते हुए कहते हैं कि जंगली जानवरों के साथ खिलवाड़ करना, उन्हें मनुष्यों के खाद्य पदार्थ देना और उनके प्राकृतिक व्यवहार में हस्तक्षेप करना खतरे से खाली नहीं है. कांकेर जिले के लोगों से अपील की जा रही है कि वे जंगली जानवरों को परेशान न करें और सोशल मीडिया के लिए रिस्क न लें.

- Advertisement -

News of the Day