Monday, May 4, 2026
Home Blog Page 425

ENTERTAINMENT : ‘हेरा फेरी 3’ छोड़ने पर मेकर्स संग टूटा था परेश रावल का रिश्ता, बोले- अब तो घाव भर गए…

0

फिल्म ‘हेरा फेरी 3’ से अचानक बाहर होने के बाद परेश रावल की वापसी हुई. ऐसे में अब एक्टर ने उनके प्रियदर्शन और अक्षय कुमार संग बदले रिश्तों पर रिएक्ट किया. साथ ही ये भी बताया कि कब वो फिल्म की शूटिंग शुरू कर रहे हैं.

अक्षय कुमार, परेश रावल और सुनील शेट्टी स्टारर ‘हेरा फेरी 3’ को लेकर कुछ महीनों पहले काफी विवाद हुआ था. परेश रावल ने अचानक फिल्म छोड़ने का फैसला किया. उनके और अक्षय के बीच भी विवाद हुए, लेकिन बाद में एक्टर वापस इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बन गए. अब परेश रावल ने खुद ‘हेरा फेरी 3’ पर बात करते हुए कई सारे अपडेट्स शेयर किए हैं.

परेश रावल इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘अजय: द अनटोल्ड स्टोरी’ को प्रमोट कर रहे हैं. इसी दौरान उन्होंने ‘हेरा फेरी 3’ की शूटिंग पर भी बात की. एक्टर ने न्यूज 18 को बताया, ‘फिल्म पर काम अभी चालू ही है. हम लोग अगले साल फरवरी-मार्च के बीच इसकी शूटिंग शुरू करेंगे.’

परेश रावल ने आगे डायरेक्टर संग रिश्तों पर भी बात की. जब एक्टर अचानक फिल्म से बाहर हुए थे, तब खबरे थीं कि उनके खिलाफ अक्षय कुमार ने लीगल एक्शन लिया. डायरेक्टर प्रियदर्शन भी परेश रावल के प्रोजेक्ट छोड़ने से नाराज थे. ऐसे में एक्टर से पूछा गया कि जब वो वापस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनें, तो क्या उनके अक्षय और प्रियदर्शन संग रिश्तों में कोई बदलाव आया?

इसपर परेश रावल बोले, ‘काफी कुछ घटा, लेकिन उससे मेरे प्रियदर्शन संग रिश्ते खराब नहीं हुए. ऐसे ही रिश्ते खराब नहीं होते हैं. बल्कि जो कुछ हुआ, उसने हमारे रिश्ते को और भी मजबूत करने का काम किया. इस सबके जरिए, हम अब एक-दूसरे को बहुत अच्छी तरह से जान चुके हैं. घाव भर गए हैं. हमारे रिश्ते बहुत साफ और ट्रांसपेरेंट हैं.’

मई के महीने में परेश रावल ने अचानक ऐलान किया कि वो ‘हेरा फेरी 3’ प्रोजेक्ट से बाहर हो गए हैं. इस खबर से हर तरफ हड़कंप मचा. प्रियदर्शन और अक्षय कुमार एक्टर के फैसले से दंग रह गए. जिसके बाद खबर सामने आई थी कि अक्षय ने परेश रावल के खिलाफ लीगल एक्शन लिया. हालांकि एक्टर ने साफ किया कि उनका फिल्म से बाहर होना एक सोचा-समझा फैसला था. इस खबर से फैंस का दिल पूरी तरह टूट चुका था.

लेकिन अक्षय के दिल में परेश रावल को लेकर कोई कढ़वाहट नहीं थी. ‘हाउसफुल 5’ के ट्रेलर लॉन्च पर भी उन्होंने साफ किया कि वो एक्टर की इज्जत करते हैं. फिर इसके कुछ दिनों बाद परेश रावल एक पॉडकास्ट पर कहते हैं कि वो ‘हेरा फेरी 3’ में वापस आ चुके हैं. अब फैंस को सिर्फ फिल्म की रिलीज का इंतजार है. ‘हेरा फेरी’ फ्रेंचाइजी से सभी फैंस काफी करीब से जुड़े हैं, ऐसे में उनकी उम्मीदें इसके तीसरे पार्ट से काफी ज्यादा बढ़ी हुई हैं.

DELHI : BMW कांड: ‘चल रही थीं पति की सांसें, मैं चिल्लाती रही…’ डिप्टी सेक्रेटरी नवजोत की पत्नी बोलीं – नहीं मिला शुरुआती इलाज

0

दिल्ली के धौला कुआं में हुए बीएमडब्ल्यू हादसे की एफआईआर में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. एफआईआर के अनुसार हादसे के बाद भी नवजोत सिंह जीवित थे और उनकी पत्नी संदीप कौर बार-बार आरोपी महिला से पास के अस्पताल ले जाने की गुहार लगाती रहीं. आरोप है कि उन्हें जानबूझकर 19 किलोमीटर दूर एक छोटे अस्पताल ले जाया गया, जहां नवजोत सिंह को मृत घोषित कर दिया गया.

दिल्ली के धौला कुआं में हुए भीषण बीएमडब्ल्यू हादसे को लेकर दायर एफआईआर में कई अहम खुलासे हुए हैं. इस हादसे में वित्त मंत्रालय (नॉर्थ ब्लॉक) के डिप्टी सेक्रेटरी नवजोत सिंह की मौत हो गई थी, जबकि उनकी पत्नी संदीप कौर गंभीर रूप से घायल हैं.

एफआईआर में दर्ज बयान ने इस हादसे को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. एफआईआर के मुताबिक हादसे के वक्त नवजोत सिंह की सांसें चल रही थीं और उनकी पत्नी संदीप कौर बार-बार आरोपी दंपति से आग्रह करती रहीं कि उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया जाए. संदीप कौर के बयान के मुताबिक उन्होंने आरोपी महिला से कहा, प्लीज हमें पास के अस्पताल ले जाइए, लेकिन उसकी गुहार को नजरअंदाज किया गया. संदीप कौर का आरोप है कि बीएमडब्ल्यू चालक महिला और उसके पति ने उन्हें पास के अस्पताल की बजाय जानबूझकर 19 किलोमीटर दूर एक छोटे से अस्पताल में पहुंचाया.

इस दौरान उन्हें एक मालवाहक वैन में ले जाया गया जिसमें लहूलुहान नवजोत को बिना किसी शुरुआती इलाज के रखा गया था. अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने नवजोत सिंह को मृत घोषित कर दिया. एफआईआर में यह भी दर्ज है कि घटना से पहले बीएमडब्ल्यू कार को महिला चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से चला रही थी.

रिपोर्ट के मुताबिक गाड़ी का संतुलन बिगड़ने पर उसने सीधे नवजोत सिंह की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी. इस टक्कर के बाद बाइक पहले डिवाइडर और फिर बस से जा भिड़ी, जिससे नवजोत और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए.इस एफआईआर के सामने आने के बाद न केवल हादसे की गंभीरता बल्कि बाद की घटनाओं को लेकर भी पुलिस ने जांच तेज कर दी है. दिल्ली पुलिस ने बीएमडब्ल्यू कार को जब्त कर लिया है और आरोपी महिला और उसके पति से पूछताछ की तैयारी कर रही है. हादसे के सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी जुटाए जा रहे हैं ताकि पूरी सच्चाई सामने आ सके.

NATIONAL : युवक ने पास जाकर रख दी कोल्ड ड्रिंक… भालू ने बोतल उठाई और इंसानों की तरह पीने लगा

0

छत्तीसगढ़ के कांकेर से हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है. वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक भालू के बेहद नज़दीक जाकर उसे कोल्ड ड्रिंक देता है. इस मामले को लेकर विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसा करना न केवल युवक के लिए, बल्कि भालू के लिए भी खतरनाक है, क्योंकि जंगली जानवर कभी भी हिंसक हो सकते हैं. वहीं मानव द्वारा दी गई चीजें जंगली जानवरों के लिए खतरनाक हो सकती हैं.

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से एक हैरान करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक जंगली भालू के बेहद नजदीक जाकर उसे कोल्ड ड्रिंक देता दिखाई दे रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि भालू सीधे युवक के सामने खड़ा है और कोल्ड ड्रिंक पी रहा है. यह नजारा देखने में मनोरंजक लग सकता है, लेकिन वन्य जीवन विशेषज्ञों और अधिकारियों के मुताबिक यह बेहद खतरनाक और असुरक्षित है.

कांकेर सहित छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में जंगली जानवरों के आबादी वाले क्षेत्र में पहुंचना कोई नई बात नहीं है. अक्सर भालू, तेंदुए और अन्य जंगली जानवर गांवों और आबादी वाले क्षेत्रों में नजर आते हैं. लेकिन अब लोग रील और सोशल मीडिया के चक्कर में अपने और वन्य प्राणियों दोनों की जान जोखिम में डाल रहे हैं.

इस वीडियो में युवक का भालू के इतने नजदीक जाना बेहद खतरनाक साबित हो सकता था. जानकारों का कहना है कि भालू एक हिंसक जानवर है और कभी भी हमला कर सकता है. यदि भालू अचानक हमला करता, तो युवक को बचने का समय भी नहीं मिलता. वहीं, भालू को कोल्ड ड्रिंक पिलाना उसके स्वास्थ्य के लिए भी हानिकारक है. जंगली जानवर इस तरह की चीजों के आदी नहीं होते और उन्हें मानव खाद्य पदार्थ नुकसान पहुंचा सकते हैं.

सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. वन विभाग की टीम इस तरह की घटनाओं को कंट्रोल करने की कोशिश कर रही है. वन्य जीवन विशेषज्ञ लोगों को सतर्क करते हुए कहते हैं कि जंगली जानवरों के साथ खिलवाड़ करना, उन्हें मनुष्यों के खाद्य पदार्थ देना और उनके प्राकृतिक व्यवहार में हस्तक्षेप करना खतरे से खाली नहीं है. कांकेर जिले के लोगों से अपील की जा रही है कि वे जंगली जानवरों को परेशान न करें और सोशल मीडिया के लिए रिस्क न लें.

UP : प्रेमी को नहीं भूल पा रही थी पत्नी तो पति ने करा दी उससे शादी, 6 महीने पहले हुआ था विवाह

0

यूपी के अमेठी से अनोखा मामला सामने आया है जहां एक पति ने पत्नी को प्रेमी के साथ विदा किया है.वहीं उसने अपनी पत्नी की उसके प्रेमी संग जगदीशपुर के मंदिर में शादी कराई है.अमेठी जनपद के कमरौली थाना क्षेत्र के दीना का पुरवा मजरे सिंदूरवा गांव में एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है. यहां विवाहिता अपने प्रेमी के मोह को छोड़ नहीं पाई, और आखिरकार पति ने सामाजिक दबाव और विवाद से बचने के लिए उसे प्रेमी के साथ ही विदा कर दिया.

बता दें पत्नी से विवाद और वह कोई गंभीर फैसला न ले ले जिसके डर से पति ने अपनी पत्नी को प्रेमी संग मंदिर में फेरे दिलाए और उसकी शादी कराई जहां से उसे प्रेमी संग विदा कर दिया है. बता दें पति ने अपनी नई नवेली दुल्हन का त्याग दे दिया है.

जानकारी के मुताबिक, दीना का पुरवा निवासी शिवशंकर का विवाह 2 मार्च 2025 को रानीगंज के उत्तरगांव निवासी उमा प्रजापति से सामाजिक और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ सम्पन्न हुआ था. विवाह के बाद उमा अपने ससुराल भी पहुंची और कुछ समय तक वहीं रही. लेकिन इस दौरान उसका अपने पुराने प्रेमी से बातचीत और मुलाकात का सिलसिला जारी रहा.

महिला के पति शिव शंकर ने बताया कि जब उसको इस बात की जानकारी हुई तो उसने पहले समझाने-बुझाने का प्रयास किया. लेकिन उमा अपने प्रेम संबंध से पीछे हटने को तैयार नहीं हुई. वह अपने प्रेमी के साथ ही रहना चाहती थी. जिससे स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई. साथ में यह डर भी सताने लगा कि कहीं विवाद बढ़कर गंभीर रूप न ले ले.

आखिरकार, आपसी सहमति के बाद शिवशंकर ने पत्नी उमा को उसके प्रेमी के साथ ही विदा कर दिया. बताया जा रहा है कि यह विदाई औद्योगिक क्षेत्र जगदीशपुर के एक मंदिर में सम्पन्न हुई, जहां बाकायदा वरमाला पहनाकर सिंदूर लगवाया गया और दोनों को सामाजिक रूप से पति पत्नी की मान्यता दिलाई गई.

इस अनोखी घटना की चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है. लोग इसे आश्चर्यजनक तो मान ही रहे हैं, साथ ही पति द्वारा सामाजिक विवाद से बचने के लिए उठाए गए इस कदम को मिसाल भी बता रहे हैं.

 

JAIPUR : टोल प्लाजा पर ट्रक का टायर फटा, जोरदार धमाके से बूथ के शीशे चकनाचूर, कर्मचारी बाल-बाल बचा

जयपुर के हिंगोनिया टोल प्लाजा पर एक बड़ा हादसा टल गया. यहां टोल बूथ नंबर-6 से गुजर रहे ट्रक का टायर अचानक फट गया, जिससे जोरदार धमाका हुआ. धमाके की वजह से बूथ के शीशे चकनाचूर हो गए. वहां तैनात टोलकर्मी बाल-बाल बच गया. घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है.

जयपुर के हिंगोनिया टोल प्लाजा पर बड़ा हादसा होते-होते टल गया. यहां टोल बूथ नंबर-6 से गुजर रहे एक ट्रक का टायर अचानक फट गया, जिससे जोरदार धमाका हुआ. इससे टोल बूथ के शीशे चकनाचूर हो गए और वहां ड्यूटी पर तैनात टोलकर्मी बाल-बाल बच गया. धमाके की आवाज से टोल पर अफरा-तफरी मच गई. वहां मौजूद वाहन चालक और अन्य लोग समझ नहीं पाए कि आखिर हुआ क्या. गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं आई.

हादसे के तुरंत बाद टोल प्लाजा पर मौजूद लोग और टोलकर्मी सुरक्षित स्थान पर चले गए. घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि ट्रक का टायर फटते ही जोरदार धमाका हुआ और बूथ के कांच टूट गए. वीडियो में धमाके के बाद मची अफरा-तफरी और तेजी से बचने की कोशिश भी दिखाई दे रही है.

टोल प्लाजा प्रबंधन ने कहा कि धमाके से कोई गंभीर नुकसान नहीं हुआ. बूथ के शीशे और कंप्यूटर को नुकसान पहुंचा है, जिसे तुरंत रिपेयर करवाया जा रहा है. टोलकर्मी की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है. भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए सुरक्षा मानक सख्त करने की तैयारी है.पुलिस और टोल प्रशासन की टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया और ट्रक चालक से भी पूछताछ की. प्रारंभिक जांच में पता चला कि टायर पुराना और कमजोर था, जिसके कारण यह घटना हुई. अधिकारियों ने अन्य टोल बूथों पर भी सुरक्षा मानकों की समीक्षा शुरू कर दी है, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना टाली जा सके.

NATIONAL : पाकिस्तान से आए 28 कंटेनर के साथ 12 करोड़ का माल जब्त, ‘ऑपरेशन डीप मैनिफेस्ट’ के तहत मुंबई पोर्ट पर DRI का बड़ा एक्शन

0

मुंबई के न्हावा शेवा पोर्ट पर डीआरआई ने ‘ऑपरेशन डीप मैनिफेस्ट’ के तहत पाकिस्तान से आए 28 कंटेनर जब्त किए हैं. इनमें 800 मीट्रिक टन कॉस्मेटिक्स और खजूर मिले, जिनकी कीमत करीब 12 करोड़ रुपये हैं. तस्करी में शामिल दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है. यह माल दुबई के जरिए झूठे दस्तावेजों से भारत लाया गया था.

मुंबई के पोर्ट पर पाकिस्तान से आने वाले माल की अवैध एंट्री रोकने के लिए राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. ‘ऑपरेशन डीप मैनिफेस्ट’ के तहत डीआरआई मुंबई ने न्हावा शेवा पोर्ट पर 28 कंटेनरों को जब्त किया है. इन कंटेनरों में पाकिस्तान मूल के सौंदर्य प्रसाधन और सूखे खजूर (ड्राई डेट्स) भरे हुए थे, जिनका कुल वजन करीब 800 मीट्रिक टन और अनुमानित कीमत लगभग 12 करोड़ रुपये आंकी गई है.

सरकार ने 2 मई 2025 को पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान से सीधे या परोक्ष रूप से आने वाले सभी माल के आयात पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया था. इसके बाद से ही डीआरआई ने इस प्रतिबंध को लागू करने और अवैध रूप से आने वाले माल को पकड़ने के लिए ‘ऑपरेशन डीप मैनिफेस्ट’ शुरू किया था.जांच में सामने आया है कि पाकिस्तान से निकले माल को दुबई के जेबल अली पोर्ट के जरिए भारत भेजा गया था. दस्तावेजों में इन सामानों को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) मूल का बताया गया, जबकि हकीकत में इनकी उत्पत्ति पाकिस्तान से हुई थी. यह पूरा खेल भारत, पाकिस्तान और यूएई के नागरिकों के बीच बने एक जटिल नेटवर्क के जरिए चलाया जा रहा था.

सूखे खजूर (ड्राई डेट्स) के मामले में एक दुबई-स्थित भारतीय सप्लायर ने पाकिस्तान से आए माल को ट्रांजिट कराकर जाली इनवॉइस जारी किए. जांच एजेंसी ने इस सप्लायर को गिरफ्तार कर लिया है. वह कमीशन पर काम करता था और अपनी फर्मों का इस्तेमाल कर वित्तीय लेनदेन और सप्लाई चेन की असली कड़ी को छुपाता था.

कॉस्मेटिक्स के मामले में डीआरआई ने एक कस्टम ब्रोकर को गिरफ्तार किया है, जिसने पाकिस्तान से आए सामान को गलत तरीके से यूएई मूल का बताकर भारत में एंट्री दिलाने की कोशिश की.डीआरआई ने जुलाई 2025 में इसी ऑपरेशन के तहत 39 कंटेनर जब्त किए थे, जिनमें 1 हजार 115 मीट्रिक टन सामान था, जिसकी कीमत करीब 9 करोड़ रुपये थी. उस मामले में एक प्रमुख आयातक को गिरफ्तार किया गया था. इसके बावजूद कुछ कारोबारी सरकारी प्रतिबंध को दरकिनार कर, दस्तावेजों और मूल देश की जानकारी में हेरफेर कर पाकिस्तान से सामान मंगाने की कोशिश कर रहे हैं.

जांच एजेंसी का कहना है कि ऐसे आयात केवल आर्थिक हानि नहीं पहुंचाते, बल्कि इनका लिंक पाकिस्तान के दुबई-स्थित नेटवर्क और वहां से जुड़े आतंक समर्थक संगठनों से भी हो सकता है. यही कारण है कि इसे राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा माना जा रहा है.

डीआरआई ने कहा कि ‘ऑपरेशन डीप मैनिफेस्ट’ पूरी तरह से रणनीतिक खुफिया जानकारी, टारगेटेड छापेमारी और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय पर आधारित है. एजेंसी का मकसद है कि पाकिस्तान मूल के किसी भी सामान को भारत में प्रवेश न मिल सके. यह न केवल भारत की आर्थिक सुरक्षा बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा को भी सुरक्षित रखने की दिशा में बड़ा कदम है.

डीआरआई ने साफ किया है कि ऐसे मामलों में शामिल आयातकों और सहयोगियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी सरकारी पाबंदियों की अनदेखी करने नहीं दिया जाएगा.

BUSINESS : Flipkart Big Billion Days Sale 2025 में इन 5 स्मार्टफोन्स पर मिलेगा जबरदस्त डिस्काउंट, मिलते हैं धांसू फीचर्स और तगड़ी बैटरी

0

फ्लिपकार्ट की बिग बिलियन डेज़ सेल स्मार्टफोन प्रेमियों के लिए किसी त्योहार से कम नहीं है. इस सेल में 25,000 रुपये तक की रेंज में ऐसे कई फोन उपलब्ध हैं जो दमदार परफॉर्मेंस, बेहतर कैमरा क्वालिटी और लंबी बैटरी लाइफ के साथ बेहतरीन वैल्यू ऑफर कर रहे हैं. इस बार की सेल में कुछ चुनिंदा मॉडल्स पर मिल रही छूट ने ग्राहकों का ध्यान खींच लिया है.

इस लिस्ट में Realme P3x सबसे सस्ते दाम पर मिलने वाला स्मार्टफोन है. इसमें 6.72-इंच का FHD+ डिस्प्ले, 120Hz रिफ्रेश रेट और MediaTek Dimensity 6400 5G चिपसेट दिया गया है. फोन 6000mAh बैटरी और 45W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट के साथ आता है. इसका असली दाम 12,999 रुपये है, लेकिन ऑफर के साथ इसे 11,874 रुपये में खरीदा जा सकता है.

अगर कोई स्टाइलिश और पावरफुल विकल्प चाहता है तो CMF by Nothing Phone 2 Pro बढ़िया ऑप्शन है. इसमें 6.77-इंच AMOLED डिस्प्ले और
गेमिंग और हाई-परफॉर्मेंस के शौकीनों के लिए Poco M7 Plus एक आकर्षक डील है. इसमें 6.9-इंच का FHD+ डिस्प्ले है जो 144Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करता है. Snapdragon 6s Gen 3 चिपसेट पर चलने वाला यह फोन 7000mAh की विशाल बैटरी और 33W फास्ट चार्जिंग के साथ आता है. सेल के दौरान इसका दाम 14,499 रुपये से घटकर 13,774 रुपये रह गया है.

इसी तरह Motorola Edge 60 Fusion भी इस प्राइस सेगमेंट में शानदार विकल्प है. इसमें 6.67-इंच P-OLED पैनल, Dimensity 7400 प्रोसेसर और 5500mAh बैटरी दी गई है जो 68W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है. इसका डुअल रियर कैमरा (50MP + 13MP) और 32MP का फ्रंट कैमरा इसे फोटोग्राफी के लिहाज से मजबूत बनाते हैं. इसका असली दाम 25,999 रुपये है लेकिन ऑफर के बाद यह 24,699 रुपये में उपलब्ध है.

अंत में Vivo T4x भी इस रेंज का एक मजबूत स्मार्टफोन है. इसमें 6.72-इंच IPS LCD डिस्प्ले, Dimensity 7300 प्रोसेसर और 6500mAh की बैटरी दी गई है, जो 44W चार्जिंग के साथ आती है. फोन का डुअल कैमरा सेटअप (50MP + 2MP) और 8MP सेल्फी कैमरा इसे और बेहतर बनाते हैं. यह फोन 14,999 रुपये की जगह 13,774 रुपये में खरीदा जा सकता है.

BUSINESS : क्या ITR फाइल करने की फिर से बढ़ेगी डेडलाइन? आयकर विभाग ने दे दिया अपना जवाब

0

ITR Filing Deadline: आयकर विभाग ने शनिवार को कहा कि असेस्मेंट ईयर 2025-26 के लिए अब तक छह करोड़ से अधिक लोगों के रिटर्न उन्हें मिल चुके हैं. जबकि कई डेडलाइन बढ़ाने की मांग कर रहे हैं.

ITR Filing Deadline: इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) भरने की डेडलाइन खत्म होने में अब बस दो दिन बचे हुए हैं. आयकर विभाग ने शनिवार को कहा कि असेस्मेंट ईयर 2025-26 के लिए अब तक छह करोड़ से अधिक लोगों के रिटर्न उन्हें मिल चुके हैं. जबकि पेशेवर निकाय सरकार से अंतिम तिथि बढ़ाने का आग्रह कर रहे हैं. इसे देखते हुए आयकर विभाग ने उन सभी लोगों को भी सलाह दी है जिन्होंने अभी तक आकलन वर्ष 2025-26 के लिए आईटीआर दाखिल नहीं किया है, वे आखिरी वक्त में हड़बड़ी से बचने के लिए जल्द से जल्द अपना रिटर्न दाखिल करें.

इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “टैक्सपेयर्स और टैक्स प्रोफेश्नल्स का धन्यवाद जिन्होंने हमें अब तक 6 करोड़ आयकर रिटर्न (आईटीआर) के लक्ष्य तक पहुंचने में मदद की है और यह संख्या अभी भी जारी है.” साथ ही, विभाग ने यह भी बताया कि रिटर्न भरने और इससे संबंधित सेवाओं के लिए उनका हेल्पडेस्क चौबीसों घंटे काम कर रहा है. इस साल, अपडेटेड आईटीआर फॉर्म जारी होने में देरी के कारण नॉन-ऑडिट रिटर्न दाखिल करने की अंतिम तारीख को 31 जुलाई से बढ़ाकर 15 सितंबर कर दी गई थी. अब तक जमा किए गए रिटर्न की संख्या पिछले साल के मुकाबले कम है. 31 जुलाई, 2024 तक 7.6 करोड़ आईटीआर जमा किए जा चुके थे. 13 सितंबर तक, इस साल यह संख्या लगभग छह करोड़ थी.

कर्नाटक राज्य चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एसोसिएशन (KSCAA), ICAI की सेंट्रल इंडिया रीजनल काउंसिल और एडवोकेट्स टैक्स बार एसोसिएशन (ATBA) सहित पेशेवर निकायों ने केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) को पत्र लिखकर पोर्टल की गड़बड़ियों, उपयोगिता सेवाओं में देरी, देश के कुछ हिस्सों में बाढ़ और त्योहारी सीजन को देखते हुए समय सीमा बढ़ाने की मांग की है. कई टैक्स एक्सपर्ट्स ने भी सोशल मीडिया पर फाइलिंग में आने वाली कठिनाइयों का जिक्र किया है. हालांकि, समय सीमा को आगे बढ़ाए जाने को लेका विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.

 

 

NATIONAL : गोवा में हुआ था झगड़ा, गांव लौटने पर खून-खराबा… शराब पिलाने के बहाने बुलाया और युवक की कर दी हत्या

0

गोवा में काम के दौरान हुआ एक मामूली झगड़ा देवरिया में खून-खराबे तक पहुंच गया. गांव लौटने के बाद थप्पड़ खाने की रंजिश इतनी गहरी निकली कि युवक को शराब पिलाने के बहाने बुलाया और उसकी हत्या कर दी गई. पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक फरार है.

उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां थाना खामपार क्षेत्र में एक युवक की हत्या महज इस वजह से कर दी गई, क्योंकि उसने कुछ महीने पहले गोवा में अपने साथी को थप्पड़ जड़ दिया था. पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा कर मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चौथा आरोपी फरार है.

मृतक की पहचान रमेश प्रसाद के रूप में हुई, जो खामपार खटिक टोला का रहने वाला था. पुलिस का कहना है कि रमेश अपने गांव के साथी शैलेश प्रसाद के साथ गोवा में सटरिंग का काम करता था. काम के दौरान दोनों में विवाद हुआ और गुस्से में रमेश ने शैलेश को थप्पड़ मार दिया था. इस घटना से शैलेश काफी आहत हो गया और उसने मन ही मन रमेश से बदला लेने की ठान ली.

गांव लौटने के बाद शैलेश ने अपने तीन साथियों मिथुन प्रसाद, अमित प्रसाद और कल्लू उर्फ रिंकू आलम के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची. 10 सितंबर को शैलेश ने रमेश को शराब पिलाने के बहाने बुलाया. वहां चारों ने मिलकर बेल्ट और डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई की, इतना पीटा कि रमेश की मौके पर ही मौत हो गई. इसके बाद आरोपियों ने उसकी लाश खेत में फेंक दी और फरार हो गए.

11 सितंबर को फफेलियां मोड़ के पास रमेश का शव बरामद हुआ. मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज किया और जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी शैलेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की. सख्ती से पूछताछ में शैलेश ने पूरा राज उगल दिया. उसने स्वीकार किया कि गोवा में थप्पड़ खाने की वजह से उसने रमेश की हत्या की.

पुलिस ने शैलेश की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बेल्ट बरामद कर लिया है. 13 सितंबर को पुलिस ने सबलगंज पुलिया के पास से शैलेश, मिथुन और अमित को गिरफ्तार कर लिया. चौथा आरोपी कल्लू उर्फ रिंकू आलम अब भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है. पुलिस का कहना है कि शैलेश और मिथुन के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं.

UP : ‘एक बच्चा मर गया तो क्या, कभी लड्डू खाने भी आओ…’, गोंडा CMO का विवादित बयान

0

उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में एक अस्पताल बिना रजिस्ट्रेशन के कई वर्षों से चल रहा था. बीते दिनों अस्पताल में दो बच्चों की मौत हो गई. जिसके बाद एक बच्चे के पिता ने डीएम से शिकायत की थी.

उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले की सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा का एक बयान तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. जिसमें वह हंसते हुए कह रही हैं कि एक बच्चा मर गया तो उसके लिए सब आ गए. हजार जिंदा हैं तो वहां लड्डू खाने भी जाओ न.

रश्मि वर्मा के इस शर्मनाक वीडियो को लेकर युवा मोर्चा ने पुतला फूंका. वहीं, स्थानीय लोगों में भी बयान को लेकर आक्रोश है. हालांकि विवाद बढ़ता देख बाद में सीएमओ ने बयान के लिए माफी मांग ली. उन्होंने कहा कि मेरी मंशा किसी के भावनाओं को आहत करने की नहीं थी. संबंधित परिवारों के साथ मेरी पूरी संवेदना है.

दरअसल शुक्रवार को एक अवैध रूप से संचालित अस्पताल में दो बच्चों की मौत हो गई थी. मौत की घटना पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि वर्मा का एक हंसते हुए शर्मनाक वीडियो वायरल हुआ था. जिसमें वह कह रही थीं कि एक बच्चा मर गया तो उसके लिए सब आ गए. हजार जिंदा हैं तो वहां लड्डू खाने भी जाओ न.

इस वीडियो के सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होते ही जिले में उबाल आ गया.बीजेपी युवा मोर्चा ने तो बाकायदा सीएमओ का पुतला फूंक कर माफी मांगने और जिले से स्थानांतरण की मांग कर डाली. हालांकि बाद में सोशल मीडिया पर बवाल बढ़ता देख सीएमओ ने अपना बयान जारी कर कहा कि मेरी मंशा किसी के भावनाओं को आहत करने की नहीं थी.

संबंधित परिवारों के साथ मेरी पूरी संवेदना है और जांच टीम गठित कर दी गई है. दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी. आपको बता दें कि गोंडा नगर के जानकी नगर मुहल्ले में बिना रजिस्ट्रेशन के एक अस्पताल संचालित हो रहा है. जहां बच्चों का इलाज होता है. 11 सितंबर शाम को यहां दो बच्चों की मौत हो गई थी. जिससे हंगामा हो गया.

अस्पताल की तरफ से एक बच्चे के पिता से 49 हजार रुपया बकाया भुगतान कराने के बाद ही शव दिए जाने की बात कही गई. जिसके बाद बच्चे के पिता मोहित ने पुलिस को सूचना दी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्चे की लाश परिजनों को दिलाई. मौके पर स्वास्थ्य विभाग की टीम भी पहुंची और अस्पताल में ताला लगवा दिया था.

हालांकि शनिवार को पीड़ित मोहित कुमार ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई थी. जिस पर सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा ने बताया था कि दो बच्चों के मरने की सूचना पर हमारी टीम पहुंची थी. वहां कोई डाक्टर नहीं था. भवन स्वामी के बारे में भी नहीं पता चल पाया है. एनआईसीयू में ताला लगवा दिया गया है. जांच के लिए टीम भी गठित कर दी गई है. इसी बीच उनका एक शर्मनाक बयान भी वायरल हुआ था.

- Advertisement -

News of the Day