Monday, May 4, 2026
Home Blog Page 426

ENTERTAINMENT : ‘आप क्रिकेटर्स को ब्लेम नहीं कर सकते’, इंडिया-पाक मैच विवाद पर बोले सुनील शेट्टी, नेटीजंस ने कहा- ‘दामाद ड्रॉप न हो जाए’

0

एशिया कप में भारत के पाकिस्तान के साथ मैच को लेकर विवाद मचा है. अब सुनील शेट्टी ने भी इस विवाद अपनी राय दी है. जिसके बाद वो ट्रोल हो रहे हैं.
पहलगाम हमले के बाद एशिया कप में भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर विवाद मचा है. इसे लेकर बॉलीवुड एक्टर सुनील शेट्टी ने रिएक्ट किया है. उन्होंने कहा है कि उनके हिसाब से क्रिकेटर्स को इल्जाम देना सही नहीं है. ऐसे में अब एक्टर को ट्रोल भी किया जा रहा है.

मीडिया से बात करते हुए सुनील शेट्टी ने कहा- ‘ये एक वर्ल्ड स्पोर्ट ऑर्गनीइजेशन है. उन्हें इन रूल्स-रेगुलेशन को फॉलो करना ही होगा क्योंकि कई दूसरे खेल भी हैं और उनमें कई खिलाड़ी शामिल हैं. भारतीय होने के नाते, मुझे लगता है कि ये हमारी इंडिविजुअल चॉइस है कि हम इसे देखना चाहते हैं, जाना चाहते हैं या नहीं.’

सुनील शेट्टी ने आगे कहा- ‘ये फैसला भारत को लेना है, लेकिन आप क्रिकेटरों को खेलने के लिए दोषी नहीं ठहरा सकते क्योंकि वे भी खिलाड़ी हैं और उनसे देश का प्रतिनिधित्व करने की उम्मीद की जाती है. मुझे लगता है कि ये फैसला हम सभी को लेना होगा. अगर मैं इसे नहीं देखना चाहता, तो मैं नहीं देखूंगा. ये आप सभी को तय करना है कि आप क्या करना चाहते हैं. ये बीसीसीआई के हाथ में नहीं है. ये एक वर्ल्ड स्पोर्ट ऑर्गनीइजेशन है, और आप किसी को दोष नहीं दे सकते.’

सुनील शेट्टी के इस बयान पर अब नेटिजन्स उन्हें ट्रोल कर रहे हैं. एक शख्स ने एक्टर के क्रिकेटर दामाद केएल राहुल के हवाले से लिखा- दामाद ड्रॉप ना हो जाए. दूसरे ने कमेंट किया- केएल राहुल का ससुर है, दामाद के लिए क्यों बोलेगा.’ एक ने कहा- ‘कोई खास ड्रॉप ना हो जाए. उसकी टेंशन भी है.’

एक शख्स ने कहा- कोई भी स्पोर्ट्समैन पहले भारतीय है. इसके अलावा एक यूजर ने कमेंट किया- नहीं, हम खिलाड़ियों को दोष नहीं दे सकते, वो भारतीय हैं और शहीद हुए सेना के जवान भी भारतीय हैं.

दरख्शां मुमताज उन आवाज़ों में से एक हैं, जो एंटरटेनमेंट की दुनिया को न सिर्फ सुनती हैं, बल्कि उसे समझती हैं और दर्शकों तक असरदार तरीके से पहुंचाती भी हैं. ABP न्यूज़ की एंटरटेनमेंट डेस्क पर एक पत्रकार के तौर पर ये सिनेमा की चमक-दमक से आगे जाकर उसकी गहराइयों में झांकती हैं. खासतौर पर बॉक्स ऑफिस ट्रेंड्स और फ़िल्म इंडस्ट्री की पर्सेप्शन बिल्डिंग में उनकी गहरी पकड़ है. जामिया मिल्लिया इस्लामिया से ग्रेजुएशन और फिर पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद इन्होंने मीडिया को सिर्फ एक प्रोफेशन नहीं, बल्कि अपना पैशन बना लिया. कैमरा उनकी ताक़त है और कॉन्फिडेंस उनकी पहचान. इनका मानना है कि मेहनत कभी ट्रेंड से बाहर नहीं जाती, और ये हर दिन इसी सोच के साथ काम करती हैं. ये हिंदी में लिखती हैं, लेकिन अंग्रेज़ी, उर्दू और भोजपुरी भाषा पर भी अच्छी पकड़ रखती हैं.

PUNJAB : बाढ़ के बाद पंजाब में बड़ा सफाई अभियान, 2300 गांवों में शुरू हुआ पुनर्निर्माण

0

पंजाब में बाढ़ से प्रभावित इलाकों में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 14 से 23 सितंबर तक विशेष सफाई और पुनर्निर्माण अभियान शुरू किया है. इस अभियान में 2300 से अधिक गांवों और शहरी वार्डों में गाद और गंदगी हटाने का काम किया जा रहा है. नगर निगमों, परिषदों और पंचायतों को जिम्मेदारी दी गई है. स्वास्थ्य विभाग दवा छिड़काव, साफ पानी और प्राथमिक चिकित्सा शिविर चला रहा है.

बाढ़ से प्रभावित पंजाब में अब राहत और बहाली का काम तेज हो गया है. मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 14 सितंबर से 23 सितंबर तक राज्यभर में सफाई और पुनर्निर्माण का विशेष अभियान शुरू किया है. यह ड्राइव एक साथ 2300 से ज्यादा गांवों और शहरी वार्डों में शुरू हुआ है.

सरकारी आदेश के मुताबिक हर गली और मोहल्ले में जमा गाद और गंदगी हटाने का काम किया जा रहा है. इसके लिए नगर निगमों, परिषदों और पंचायतों को जिम्मेदारी दी गई है. अभियान में 1000 से ज्यादा सफाई कर्मचारी, 200 से अधिक ट्रैक्टर-ट्रालियां, 150 जेसीबी मशीनें और सैकड़ों हेल्थ वर्कर्स तैनात किए गए हैं.

हर जिले में नोडल अफसर नियुक्त हैं और काम की रोजाना मॉनिटरिंग की जा रही है. स्वास्थ्य विभाग भी प्रभावित इलाकों में सक्रिय है. दवा छिड़काव, साफ पानी की आपूर्ति और प्राथमिक चिकित्सा शिविर लगाए जा रहे हैं. वहीं, नुकसान की भरपाई के लिए घरों, दुकानों, सड़कों और सार्वजनिक संपत्तियों का सर्वे इंजीनियरिंग टीमों की ओर से कराया जा रहा है.

सरकार ने निर्देश दिया है कि हर जगह काम से पहले और बाद की तस्वीरें खींची जाएं ताकि पारदर्शिता बनी रहे. मुख्यमंत्री मान ने कहा कि यह कोई औपचारिक मुहिम नहीं, बल्कि हर घर-आंगन को फिर से खुशहाल बनाने का प्रयास है. उन्होंने अधिकारियों को रोजाना फील्ड में मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं. प्रशासनिक टीमें सुबह से ही गांव-गांव पहुंच रही हैं और जेसीबी मशीनों व ट्रैक्टर-ट्रालियों की मदद से सफाई का काम किया जा रहा है. सरकार का दावा है कि इस बार राहत कार्यों को इवेंट की तरह नहीं, बल्कि जनसेवा के तौर पर लिया गया है.

IND vs PAK Live Streaming: कितने बजे शुरू होगा भारत-पाकिस्तान मैच, किस-किस ऐप पर होगी लाइव स्ट्रीमिंग; जानिए डिटेल

0

एशिया कप 2025 का छठा मुकाबला आज भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा. दोनों टीमें पिछले मैच में बड़ी जीत के साथ आ रही है. जानिए आज का मैच किस-किस ऐप पर लाइव स्ट्रीमिंग होगी.

भारतीय क्रिकेट टीम ने पिछले मैच में यूएई पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की, जबकि पाकिस्तान ने भी ओमान को बड़े अंतर से हराया. आज ग्रुप ‘ए’ की ये दोनों मजबूत टीमें आपस में टकराएगी, तो दुनिया की नजर इस पर रहेगी. पहले ये मैच अलग समय पर होना था, लेकिन टूर्नामेंट शुरू होने से पहले मैचों की टाइमिंग में बदलाव हुआ. जानिए आज का मैच कितने बजे शुरू होगा, किस वेन्यू पर होगा और इसकी लाइव स्ट्रीमिंग किस-किस ऐप पर होगी.

भारत के लिए पिछले मैच में कुलदीप यादव ने घातक गेंदबाजी की थी, उन्होंने एक ही ओवर में 3 विकेट समेत मैच में कुल 4 विकेट चटकाए थे. ऑलराउंडर शिवम दुबे की तरफ से भी अच्छी गेंदबाजी देखने को मिली, उन्हें 3 सफलता मिली थी. पूरी उम्मीद है कि भारत अपनी प्लेइंग 11 में कोई बदलाव नहीं करेगी.

पाकिस्तान के लिए पिछले मैच में सबसे ज्यादा रन मोहम्मद हारिस (66) ने बनाए थे. टीम की गेंदबाजी भी अच्छी नजर आई थी, उन्होंने ओमान को 67 रनों पर ढेर कर दिया था. लेकिन आज इस टीम का मुकाबला दुनिया की नंबर-1 टीम भारत के साथ है.

भारत बनाम पाकिस्तान मैच किस स्टेडियम में होगा?
दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, दुबई.

भारत बनाम पाकिस्तान मैच कितने बजे से शुरू होगा?
दुबई में ये मैच शाम को 6:30 बजे से शुरू होगा, भारत में इस समय रात के 8 बज रहे होंगे. भारतीय समयनुसार टॉस शाम को 7:30 बजे होगा.

भारत बनाम पाकिस्तान मैच किन चैनलों पर लाइव आएगा?
एशिया कप 2025 का ब्रॉडकास्टर सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क है. लाइव प्रसारण नेटवर्क के निम्न चैनलों पर होगा.

इस ऐप पर भी होगी लाइव स्ट्रीमिंग
सोनी लिव के आलावा फैनकोड ऐप पर भी भारत बनाम पाकिस्तान मैच की लाइव स्ट्रीमिंग होगी. इस वेबसाइट के मुताबिक मैच की लाइव स्ट्रीमिंग देखने के लिए यूजर्स को 49 रुपये का सब्सक्रिप्शन फीस देनी होगी.

भारत की संभावित प्लेइंग 11

अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेट कीपर), शिवम दुबे, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह.

पाकिस्तान की संभावित प्लेइंग 11
साहिबज्यादा फरहान, सइम अयूब, मोहम्मद हारिस (विकेट कीपर), फखर जमन, सलमान अली आगा (कप्तान), हस्सन नवाज, मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, शाहीन शाह अफरीदी, सुफियान मुकीम, अबरार अहमद.

 

MP: रिश्तेदारों के साथ मौसी के घर जा रही नाबालिग बहनों के साथ जंगल में गैंगरेप, मोबाइल लेकर भागे आरोपी

0

सिंगरौली के ओडगढी जंगल में दो नाबालिग बहनों के साथ तीन अज्ञात बाइक सवारों ने सामूहिक दुष्कर्म किया. पीड़िताएं रिश्तेदारों के साथ मौसी के घर जा रही थीं. आरोपियों ने मारपीट कर मोबाइल छीने और फरार हो गए. पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया. घटना से क्षेत्र में आक्रोश फैल गया.

सिंगरौली जिले के बरगवां थाना क्षेत्र के अंतर्गत ओडगढी जंगल में मानवता को शर्मसार करने वाली एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है. दो नाबालिग बहनों के साथ तीन अज्ञात बाइक सवारों ने सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया. घटना उस समय हुई जब दोनों बहनें अपने दो रिश्तेदारों के साथ मौसी के घर जा रही थीं.

पुलिस के अनुसार, दोनों नाबालिग लड़कियां अपने रिश्तेदारों के साथ बाइक से यात्रा कर रही थीं. रास्ते में तीन अज्ञात बाइक सवारों ने उनका पीछा करना शुरू किया. जब वे ओडगढी जंगल के पास पहुंचे, तो आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी. इसके बाद, उन्होंने दोनों नाबालिगों के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया और उनके मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई. आपातकालीन सेवा 112 की मदद से दोनों पीड़िताओं को बेहोशी की हालत में ओडगढी जंगल से बरामद कर बैढ़न के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है.बरगवां थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िताओं की निशानदेही और साइबर सेल की सहायता से तीनों संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) सहित भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जा रही है.

इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है. स्थानीय निवासियों ने महिलाओं और नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए हैं. यह घटना मध्य प्रदेश में बढ़ते अपराधों के बीच एक और चिंताजनक उदाहरण बनकर सामने आई है.

DELHI : दिल्ली में फ्लाईओवर से कार और बाइक रेलवे लाइन पर गिरी, मुकरबा चौक के पास की घटना

0

दिल्ली के मुकर्बा चौक पर एक बड़ा हादसा हुआ, जहां बाइक और कार फ्लाईओवर से गिरकर रेलवे लाइन पर जा गिरीं. घायल लोगों को अस्पताल भेजा गया और पुलिस जांच में जुटी है.

दिल्ली के मुकर्बा चौक के पास 14 सितंबर को एक बड़ा हादसा हुआ, जब तेज रफ्तार मारुति सियाज़ कार और बाइक फ्लाईओवर से गिरकर नीचे रेलवे लाइन पर जा गिरीं. इस हादसे में ड्राइवर सचिन चौधरी घायल हुआ, जिसे तुरंत नज़दीकी अस्पताल भेजा गया. दुर्घटना के बाद पुलिस और राहत-बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की और रेलवे ट्रैक पर यातायात भी अस्थायी रूप से रोक दिया गया.

पुलिस के अनुसार घटना अचानक हुई और इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई. घायल ड्राइवर की हालत स्थिर बताई जा रही है और उसके मेडिकल व अल्कोहल टेस्ट कराए जा रहे हैं. एएनआई के मुताबिक पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है. रेलवे ट्रैक की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं और घटनास्थल की बैरिकेडिंग की गई है.

तेज़ रफ्तार कार गाजियाबाद की ओर से आ रही थी और मुकर्बा फ्लाईओवर पर चालक का संतुलन बिगड़ गया. इससे कार पलटकर सीधे रेलवे ट्रैक पर जा गिरी. हादसे के बाद करीब एक घंटे तक रेलवे सेवाएं बाधित रहीं. पुलिस ने जेसीबी की मदद से कार को ट्रैक से हटाया और यातायात बहाल किया. गनीमत रही कि कार में चालक अकेला था और बड़ा नुकसान होने से बच गया.

घायल ड्राइवर सचिन चौधरी ने बताया कि वह गाजियाबाद से आ रहा था और फ्लाईओवर के पास कार अनियंत्रित हो गई. पुलिस अब यह पता लगा रही है कि हादसा लापरवाही या किसी तकनीकी खराबी के कारण हुआ. फिलहाल कार को कब्जे में लेकर एफएसएल टीम द्वारा जांच कराई जाएगी. इस पूरे मामले ने एक बार फिर दिल्ली में सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों की समस्या को उजागर कर दिया है.

 

ENTERTAINMENT : नवजोत सिंह सिद्धू ने लॉन्च किया इंडिआज गॉट टैलेंट का प्रोमो, शो का टैगलाइन बना रहा है इसे और भी खास

0

नवजोत सिंह सिद्धू ने इंडियाज गॉट टैलेंट का प्रोमो लॉन्च किया है जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. शो की टैगलाइन इसकी खासियत बना है. जानिए हर एक डिटेल.नवजोत सिंह सिद्धू अब ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ के बाद सोनी टीवी के नए शो का हिस्सा बनने वाले हैं. आज उन्होंने इंडियाज गॉट टैलेंट का प्रोमो लॉन्च किया. नए सीजन के नए टैगलाइन के साथ अब ये प्रोमो दर्शकों का एक्साइटमेंट बढ़ा रहा है. आज हम आपको शो से जुड़ी हर एक डिटेल देंगे.

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर शो का प्रोमो वायरल हो रहा है. इसे लोग काफी पसंद भी कर रहे हैं. इंडियाज गॉट टैलेंट के पहले प्रोमो में शो में आने वाले सफर की बस एक झलक दिखाई गई है जिसका टैगलाइन है ‘जो अजब है, वो गजब है’. ये सीजन के असली रूप को बखूबी पेश करता है.इसके साथ ही नवजोत सिंह सिद्धू का प्रोमो के दौरान एक और डायलॉग दर्शकों को बहुत पसंद आ रहा है. प्रोमो में सिद्धू कहते हैं कि, ‘दुनिया में सबसे बड़ा रोग, मेरे बारे में क्या कहेंगे लोग’. इस डायलॉग ने उन लोगों की परेशानी के बारे में बताया है जिन्हें समाज की सोच रोकती है. ये लाइन टैलेंट्स को प्रेरित करती है कि वो ऐसी बंधनों से ऊपर उठकर बिना किसी के डर के अपने सपनों का पीछा करें.

शो के बारे में बात करते हुए नवजोत सिंह सिद्धू कहते हैं, ‘मैं उन टैलेंट्स को देखने के लिए उत्साहित हूं जो अनोखे और क्रिएटिव हैं और इतनी हिम्मत रखते हैं कि आम सोच को चैलेंज कर सकें. ये कमाल के टैलेंट्स न सिर्फ पूरे देश को हैरान करने वाले हैं बल्कि अनगिनत लोगों को अपने सपनों का पीछा करने के लिए प्रेरित भी करने वाले हैं’!

शो की बाकी डिटेल्स पर गौर करें तो वो ये है कि हर बार की तरह ‘इंडियाज गॉट टैलेंट’ वीकेंड पर ही टीवी स्क्रीन्स पर नजर आएगा. आपको बता दे, इस शो का प्रीमियर 4 अक्टूबर 2025 से, हर शनिवार और रविवार रात 9:30 बजे, सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविज़न और सोनी लिव पर होने वाला है.

 

GUJARAT : केमिकल प्लांट लगी भीषण आग… आसपास के इलाके में फैली दहशत, लोग घरों से निकलकर भागे

0

भरूच में संघवी ऑर्गेनिक्स प्राइवेट लिमिटेड में भीषण आग लग गई. आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि आसपास के गांवों में दहशत फैल गई. केमिकल टैंकों में आग लगने के कारण पूरे प्लांट में अफरा-तफरी मच गई. दमकल की 6 से अधिक गाड़ियों ने करीब ढाई से तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. पास के संजाली गांव के लोग घटना से भयभीत थे.

अंकलेश्वर के पनोली जीआईडीसी में स्थित संघवी ऑर्गेनिक्स प्राइवेट लिमिटेड में भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग की लपटें इतनी ऊंची हो गईं कि आसपास के गांवों के लोग दहशत में आ गए. काफी दूर से धुएं का गुबार दिखने लगा. इस प्लांट के पास स्थित संजाली गांव में भी लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई.

आग लगने की सूचना मिलते ही 6 से अधिक दमकल गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए. करीब ढाई से तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद 10 दमकल कर्मियों ने आग को कंट्रोल किया. इस बारे में अधिकारियों ने बताया कि आग कंपनी के अत्यधिक ज्वलनशील टोल्यूनि केमिकल के टैंक में लगी थी, जिसके कारण पूरा प्लांट आग की चपेट में आ गया.

आग लगने की जानकारी मिलने पर औद्योगिक सुरक्षा और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची. साथ ही गुजरात प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने भी जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, आग का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन संयंत्र में रखे गए केमिकल्स के बेहद ज्वलनशील होने की वजह से आग तेजी से फैली.

आग की लपटें और धुआं दूर तक दिखाई दे रहा था, जिसकी वजह से स्थानीय लोग और आसपास के गांव में रहने वाले भयभीत हो गए. लोगों ने अपने घरों से बाहर निकलकर सोसाइटी और पास के क्षेत्रों को खाली कर दिया. पुलिस और दमकल विभाग ने इलाके में सुरक्षा बढ़ाते हुए लोगों को प्लांट से दूर रहने की सलाह दी.

संघवी ऑर्गेनिक्स प्राइवेट लिमिटेड में आग की वजह से होने वाले आर्थिक नुकसान का अभी अनुमान नहीं लगाया गया है. अधिकारियों का कहना है कि केमिकल टैंकों में लगी आग को देखते हुए बेहद सावधानी के साथ कार्रवाई को अंजाम दिया गया.

HEALTH : सरसों के तेल में मिक्स करें ये 5 चीजें, तेजी से बढ़ेंगे बाल

0

सरसों का तेल बालों की जड़ें मजबूत करने और नए बाल उगाने में मदद करता है, खासकर जब इसे प्याज का रस, मेथी के दाने, एलोवेरा, करी पत्ता और गुड़हल जैसे घरेलू नुस्खों के साथ मिलाया जाता है. इन नुस्खों का नियमित इस्तेमाल बालों को मजबूत बनाने, झड़ना कम करने और बालों की चमक बढ़ाने में मदद कर सकता है.

पहले घरों में सरसों का तेल नानी और दादी की पहली पसंद हुआ करता था. गाढ़ा, तेज़ महक वाला और जब सिर की त्वचा में मालिश करते हैं तो थोड़ा गर्माहट देने वाला, यह तेल सदियों से बालों की जड़ें मज़बूत करने और पतले पड़ते बालों में जान डालने के लिए इस्तेमाल होता आ रहा है. सरसों का तेल तब और भी प्रभावी हो जाता है जब इसे रसोई में पड़ी दूसरी घरेलू चीज़ों के साथ मिलाया जाए.

प्याज की तेज़ गंध के बावजूद यह बालों के लिए वरदान है. इसमें सल्फर होता है जो कोलाजेन उत्पादन को बढ़ाता है और बालों के फॉलिकल्स को एक्टिव करता है. प्याज का रस और गर्म सरसों का तेल बराबर मात्रा में मिलाएं और सिर पर लगाकर 30-40 मिनट रखें. रेगुलर इस्तेमाल से नए बाल उगने लगेंगे.

मेथी प्रोटीन और निकोटिनिक एसिड से भरपूर होती है, जो बालों की जड़ों को पोषण देती है. मेथी के दाने रातभर भिगोकर पेस्ट बनाएं और सरसों के तेल के साथ मिलाकर सिर पर लगाएं. इसे 45 मिनट बाद धो लें. यह मास्क बालों को मजबूत बनाता है और उनका झड़ना कम करता है.

सरसों का तेल गर्माहट देता है और स्टिम्युलेट करता है, जबकि एलोवेरा ठंडक पहुंचाता है और चोटों को ठीक करता है. दोनों मिलकर सिर की स्किन की इंफ्लेमेशन कम करते हैं, रूसी हटाते हैं और नए बाल उगाने में मदद करते हैं. ताजा एलोवेरा जेल लेकर सरसों के तेल में मिलाएं, मालिश करें और 30 मिनट लगाएं.

करी पत्ते एंटीऑक्सीडेंट्स और बीटा-कैरोटीन से भरपूर होते हैं, जो बालों के विकास को बढ़ावा देते हैं और सफेद बालों को कम करते हैं. सरसों के तेल में करी पत्ते भूनकर तेल निकालें और हफ्ते में दो बार मालिश करें. यह बालों को शरीर देगा और डेंसिटी बढ़ाएगा.

हिबिस्कस के फूल और पत्ते केराटिन उत्पादन को बढ़ावा देते हैं, बालों को घना और मजबूत बनाते हैं. इन्हें पिसकर सरसों के तेल में मिलाएं, स्कैल्प पर लगाएं और 40-45 मिनट बाद धो लें. रेगुलर इस्तेमाल से बालों का झड़ना कम होगा और बालों में चमक लौटेगी.

WORLD : ‘पुतिन को लेकर खत्म हो रहा सब्र’, रूस को चेतावनी देते हुए ट्रंप बोले- ‘अमेरिका लेगा बड़ा एक्शन’

0

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि शांति के लिए दो लोगों की सहमति जरूरी है. लेकिन जब पुतिन तैयार थे, तब जेलेंस्की नहीं थे और जब जेलेंस्की तैयार थे, तब पुतिन नहीं मान रहे.अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार (12 सितंबर, 2025) को चेतावनी दी कि वह रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को लेकर अपने सब्र खो रहे हैं. ट्रंप ने कहा कि पुतिन ने अब तक न तो अपने जमीनी हमलों को रोकने या यूक्रेन पर अपने हवाई हमलों की गति धीमी करने को लेकर कोई संकेत दिया है.

फॉक्स न्यूज के कार्यक्रम फॉक्स एंड फ्रेंड्स में दिए एक इंटरव्यू में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, ‘मेरा धैर्य खत्म हो रहा है और बहुत तेजी से खत्म हो रहा है, लेकिन इसमें दो लोगों की सहमति जरूरी है. जब पुतिन तैयार थे, तब जेलेंस्की नहीं थे और जब जेलेंस्की तैयार थे, तब पुतिन नहीं मान रहे. इसलिए अब हमें बहुत कड़े कदम उठाने होंगे.’

रूस ने शुक्रवार (12 सितंबर, 2025) को कहा कि कीव के साथ शांति वार्ता रुकी हुई है, क्योंकि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने चेतावनी दी कि उनके रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन अब भी पूरे यूक्रेन पर कब्जा करने की योजना बनाए हुए हैं.

यूक्रेन युद्ध को लेकर चल रही शांति वार्ता की कूटनीतिक कोशिशों के लिए यह एक बड़ा झटका है. इस बीच रूस ने अपने प्रमुख सहयोगी बेलारूस के साथ बड़े पैमाने पर सैन्य अभ्यास किया है. वहीं, दूसरी ओर नाटो ने घोषणा की है कि पोलैंड पर रूसी ड्रोन गिराने जाने के बाद वह अपनी पूर्वी सीमा पर सैनिकों की तैनाती को और बढ़ाएगा.

हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मध्यस्थता के कारण युद्धग्रस्त पक्ष शांति वार्ता की मेज पर आए और इस बीच ट्रंप ने अमेरिका अलास्का में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की मेजबानी भी की. लेकिन साढ़े तीन से जारी युद्ध को खत्म करने की दिशा में अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जो रूस की ओर से हमला किए जाने के बाद शुरू हुआ था.

डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार (11 सितंबर, 2025) को पोलैंड के पास रूस के ड्रोन्स की गतिविधि को लेकर चिंता जताई. उन्होंने कहा, ‘वे (रूसी ड्रोन्स) मार गिराए गए थे, लेकिन उन्हें (पुतिन को) को पोलैंड के पास होना ही नहीं चाहिए था.’ट्रंप ने गुरुवार (11 सितंबर, 2025) को व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए रूसी ड्रोन की घटना पर नाराजगी जताई. उन्होंने कहा, ‘यह शायद गलती से हुआ हो, लेकिन फिर भी मैं इससे बिल्कुल खुश नहीं हूं. उम्मीद है कि यह जल्द ही खत्म होगा.’

NATIONAL : रायपुर में ‘न्यूड पार्टी’ का विरोध, सोशल मीडिया पर वायरल पोस्टर्स ने मचाया हड़कंप

रायपुर में 21 सितंबर को न्यूड पार्टी के पोस्टर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे है. इसमें युवाओं को बिना कपड़ों के आमंत्रित किया गया. कांग्रेस और शिवसेना ने इसका विरोध किया.

छत्तीसगढ़ के रायपुर में ड्रग्स पार्टियों के बाद अब न्यूड पार्टी के आयोजन को लेकर हड़कंप मचा हुआ है. 21 सितंबर की रात आयोजित होने वाली इस पार्टी के पोस्टर सोशल मीडिया पर अलग-अलग अकाउंट से वायरल हो रहे हैं. पोस्टर्स में लड़के और लड़कियों को बिना कपड़ों के पार्टी में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है, जिसे लेकर राजधानी में लोगों में चिंता और आक्रोश की स्थिति पैदा हो गई है.

वायरल पोस्टर्स में दावा किया गया है कि पार्टी में पूल पार्टी, ड्रग्स और अन्य अश्लील कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य युवाओं को आकर्षित करना और ओपन सेक्स जैसी गतिविधियों में शामिल करना बताया जा रहा है.

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स जैसे इंस्टाग्राम पर पिछले कुछ दिनों से न्यूड पार्टी, स्ट्रेंजर पार्टी और हाउस पूल पार्टी जैसे आयोजनों के विज्ञापन तेजी से फैल रहे हैं. हालांकि पोस्टर्स में पार्टी का कोई सही समय और तारीख तो दर्ज है, लेकिन स्थल का जिक्र भी नहीं किया गया है. अलग-अलग तारीख से पोस्टर वायरल हो रहे है.

इस मुद्दे पर राजनीतिक दलों ने भी प्रतिक्रिया दी है. कांग्रेस और शिवसेना (शिंदे गुट) ने इस तरह के आयोजनों का विरोध किया है और चेतावनी दी है कि रायपुर में कोई भी अश्लील पार्टी नहीं होने दी जाएगी.

शिवसेना (शिंदे) के प्रदेश अध्यक्ष धनंजय सिंह परिहार ने कहा कि समाज में अश्लीलता फैलाने की कोशिश करने वालों को किसी भी तरह का आयोजन करने नहीं दिया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे लोगों को उचित सबक सिखाया जाएगा.

कांग्रेस ने भी सरकार पर सवाल खड़े किए हैं. पार्टी ने कहा कि पहले युवाओं को शराब के माध्यम से प्रभावित किया गया, इसके बाद प्रदेश में पाकिस्तानी ड्रग्स का चलन बढ़ा और अब इस तरह की अश्लील पार्टीयों का आयोजन खुलकर हो रहा है. कांग्रेस ने पूछा कि आखिर इन आयोजनों को संरक्षण कौन दे रहा है और लॉ एंड ऑर्डर के लिए कौन जिम्मेदार है.

विशेषज्ञों का मानना है कि सोशल मीडिया के माध्यम से इस तरह के आयोजनों की जानकारी फैलाना युवा समाज के लिए खतरनाक साबित हो सकता है. ऐसे आयोजनों से न केवल सामाजिक नैतिकता प्रभावित होती है, बल्कि युवा वर्ग पर गलत प्रभाव भी पड़ता है. प्रशासन ने फिलहाल इस मामले में सतर्क रहने की चेतावनी दी है और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पोस्टर्स की जांच शुरू कर दी है.

- Advertisement -

News of the Day