Tuesday, May 5, 2026
Home Blog Page 434

PUNJAB : पंजाब बाढ़ में मृतकों के आंकड़े 50 पार, डूबी फसलें, अब किसानों के लिए आई बड़ी राहत!

0

पंजाब में बाढ़ की स्थिति अब भी भयावह बनी हुई है. हालांकि राज्य में फिलहाल बारिश नहीं हो रही है और कुछ दिनों के अनुमान से बारिश के कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं. लेकिन पिछले कुछ दिनों में बाढ़ के कहर का असर अब भी डराने वाला है. पिछले 24 घंटे में मानसा, मोगा और पटियाला जिलों में 3 और लोगों की मौत के बाद कुल मृतकों की संख्या 51 तक पहुंच गई है.

इस बाढ़ ने अब तक 15 जिलों में 3.87 लाख से ज्यादा लोगों को प्रभावित किया है और करीब 1.84 लाख हेक्टेयर में फैली फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है. सरकार ने राहत के लिए कई अहम फैसले किए हैं.

पंजाब मंत्रिमंडल ने किसानों को बड़ी राहत देते हुए बाढ़ प्रभावित खेतों के लिए 20,000 रुपये प्रति एकड़ का मुआवजा देने की घोषणा की है. साथ ही ‘जिसदा खेत, उसकी रेत’ योजना को मंजूरी दी गई है, जिसके तहत किसान बाढ़ के बाद खेतों में जमा रेत को निकालकर बेच सकेंगे. इससे उन्हें नुकसान की भरपाई में मदद मिलेगी. अधिकारियों का कहना है कि कई प्रभावित गांवों में जलस्तर घटने से स्थिति में सुधार दिखने लगा है.

अधिकारियों ने बताया कि ब्यास नदी पर बने पोंग बांध का जल स्तर घटकर 1,390.74 फुट रह गया है, जबकि एक दिन पहले यह 1,392.20 फुट था. बांध में जल का प्रवाह रविवार के 36,968 क्यूसेक से घटकर 34,580 क्यूसेक रह गया, वहीं बहिर्वाह भी 90,000 क्यूसेक से घटकर 76,008 क्यूसेक दर्ज किया गया. भाखड़ा बांध में भी जलस्तर घटकर 1,677.2 फुट रहा. लगातार निगरानी और जलस्तर में कमी से बाढ़ग्रस्त इलाकों में थोड़ी राहत की उम्मीद जताई जा रही है.

राजस्व मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने बताया कि बाढ़ से अब तक 1,84,938 हेक्टेयर में फसलें बर्बाद हो चुकी हैं. घरों और पशुधन को हुए नुकसान का आकलन अभी जारी है और पूरा ब्यौरा पानी उतरने के बाद सामने आएगा. वहीं, पठानकोट जिले में अब भी तीन लोग लापता हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि पंजाब में यह बाढ़ न केवल कृषि उत्पादन बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर भी गहरा असर डालेगी.

 

BUSINESS : व्यापार पर अमेरिका ने दिया दगा तो आगे आया इजरायल, निवेश समझौतों पर लगी मुहर

0

सोमवार को दोनों देशों ने नई दिल्ली में एक समझौते पर दस्तखत किए हैं, जिसका मकसद एक दूसरे के निवेश को बढ़ाना और उसको सुरक्षा देना है.अमेरिका की तरफ से लगाए गए 50 प्रतिशत हाई टैरिफ ने भारतीय एक्सपोर्टर्स के लिए वहां के बाजार में कंपीटिशन को काफी मुश्किल बना दिया है. इसके बाद भारत की तरफ से भेजे जाने वाले लेदर के सामान और फुटवियर से लेकर ज्वैलरी तक के ऊपर भारी भरकम अमेरिकी टैरिफ लगाया जा रहा है. भारतीय एक्सपोर्ट्स की इन चुनौतियों के बीच एक्टिव सरकार अब नए बाजार की ओर दस्तक दे रही है.

इसके लिए नई दिल्ली रूस और चीन के साथ साउथ अफ्रीकी देशों और अन्य उन देशों की ओर अपना दायरा बढ़ा रही है, जहां पर इन घाटों की भरपाई की जा सके. इसी कड़ी में भारत और उसके दोस्त इजरायल ने अपने आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में एक और कदम आगे बढ़ाया है. समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, सोमवार को दोनों देशों ने नई दिल्ली में एक समझौते पर दस्तखत किए हैं, जिसका मकसद एक दूसरे के निवेश को बढ़ाना और उसको सुरक्षा देना है.

इजरायल के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, यह पहली बार है जब ऑर्गेनाइजेशन फॉर इकोनॉमिक कॉपरेशन एंड डेवलपमेंट यानी ओईसीडी देश ने भारत के साथ इस तरह का व्यापारिक सौदा किया है. अधिकारियों का कहना है कि कारोबार के लिए यह समझौता स्थायित्व और सुरक्षित वातावरण देगा. साथ ही, व्यापार और निवेश के लिए नए मौके बनाएगा.

वित्त मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा- भारत सरकार और इजरायल की सरकार ने नई दिल्ली में द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर दस्तखत किए. केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और उनके इजरायली समकक्ष बेजालेल स्मोट्रिक के बीच इस समझौते को अंतिम रूप दिया गया. गौरतलब है कि भारत और इजरायल के बीच साल 2024 में व्यापार करीब 3.9 बिलियन डॉलर का था. जानकारों की मानें तो नई डील से सीमा पार व्यापार और निवेश को जबरदस्त बढ़ावा मिलेगा.

 

NATIONAL : गणपति विसर्जन में बुर्के वाली महिला का डांस वायरल, भक्तों के साथ जमकर थिरकी

0

सोशल मीडिया पर तेलंगाना में गणपति विसर्जन का एक वीडियो वायरल हो रहा है. ये खास इसलिए लोगों का ध्यान खींच रहा है क्योंकि इसमें गणेश भक्तों के साथ बुर्का पहने एक महिला जमकर थिरक रही है.

बीते दिनों गणेश उत्सव की खूब धूम रही. गणपति को बैठाए जाने से लेकर उनके विसर्जन तक के कई वीडियो देश के कोने कोने से सामने आए. गणपति को बैठाते हुए कहीं मंत्रों का उच्चारण हुआ तो वहीं उनकी विदाई में जोरदार ढोल पर भक्तों का डांस. इसी कड़ी में एक खास वीडियो वायरल हुआ जो देश में धर्मनिर्पेक्षता का उदाहरण बना जो बता रहा है कि खुशी या त्योहार मनाने के लिए किसी एक धर्म से जुड़ा होना जरूरी नहीं है.

सामने आया वीडियो तेलंगाना के निर्मल का है. इसमें कुछ लोग गणपति विसर्जन के जुलूस में डांस कर रहे हैं. उन्हीं के बीच बुर्का पहले एक मुस्लिम महिला आती है और बिंदास खुलकर डांस करती दिखती है. भक्त भी उसके साथ बेहिचक और बिंदास थिरक रहे हैं. भीड़ के पीछे गणेश भगवान की विशाल मूर्ति दिख रही है जिसे भक्तों द्वारा ले जाया जा रहा है.

हिंदू धर्म के पर्व पर मुस्लिम महिला द्वारा खुशी-खुशी जश्न में शामिल होने के इस अनोखे नजारे ने व्यापक ध्यान आकर्षित किया है. इस क्लिप को सभी प्लेटफ़ॉर्म पर व्यापक रूप से शेयर किया जा रहा है.

ENTERTAINMENT : सलमान से लिया पंगा, अब विवाद को भूले अशनीर ग्रोवर, दबंग खान संग करेंगे काम? तोड़ी चुप्पी

0

अशनीर ग्रोवर और सलमान खान के बीच विवाद पुराना है. अपने हालिया इंटरव्यू में अशनीर ने साफ किया कि उनके दिल में सलमान के लिए कोई बुरा भाव नहीं है और वे भविष्य में उनके साथ काम करने को तैयार हैं. उन्होंने कहा कि विवाद शो के लिए बनाया गया था.

अशनीर ग्रोवर का विवादों से पुराना नाता है. वे अक्सर लाइमलाइट में रहते हैं. इन दिनों वो रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल’ को होस्ट करते हुए दिख रहे हैं. वो अपने बिंदास और सटायर एटीट्यूड को लेकर सुर्खियों में रहते हैं. उनका सलमान खान संग पुराना विवाद है. दबंग खान से पंगा लेने में वो कभी पीछे नहीं रहे. बिग बॉस 18 में सलमान-अशनीर ने स्टेज शेयर किया था. जिसके बाद कंट्रोवर्सी हुई थी.

जूम को दिए हालिया इंटरव्यू में अशनीर से पूछा गया क्या वो फिर से सलमान संग कोलैबोरेट करेंगे? उन्होंने जवाब में कहा- मेरे दिल में सलमान के लिए कुछ बुरा नहीं है. मेरी तरफ से तो कुछ था भी नहीं, मैंने तो उस बंदे की तारीफ की थी. अगर आप वो वीडियो देखेंगे तो जान पाएंगे. क्या मैंने उनके बारे में कुछ गलत कहा था? मैंने तो तारीफ ही की थी. वो शो पर बुलाकर आपने कुछ कंट्रोवर्सी क्रिएट कर दी. कुछ बोल कर…ठीक है, कोई बात नहीं. शायद उस वक्त के लिए उन्हें वो सब शो के लिए चाहिए था.

अशनीर ने कहा कि मुझे सलमान पसंद थे इसलिए ही मैंने उनके साथ काम किया. जहां तक मेरी बात है, अभी भी मेरे दिल में उनके लिए प्यार है. अशनीर ने बताया कि उन्हें सलमान संग काम करने में कोई दिक्कत नहीं है. वो ऐसा कभी नहीं कहेंगे कि दबंग खान के साथ काम नहीं करेंगे.

JAIPUR : रेस्टोरेंट स्टाफ और पर्यटकों के बीच जमकर हुई मारपीट, थाने में दोनों तरफ से शिकायतें दर्

0

जयपुर के नाहरगढ़ स्थित पाड़ाव रेस्टोरेंट में पर्यटकों और स्टाफ के बीच झगड़ा हो गया. बारिश के दौरान छाते लगाने से इनकार पर विवाद शुरू हुआ, जो आरक्षित टेबल को लेकर और बढ़ गया. दोनों पक्षों में हाथापाई हुई और वीडियो वायरल हो गया. पुलिस ने दोनों तरफ से शिकायतें दर्ज कर ली हैं और जांच शुरू कर दी है.

जयपुर के नाहरगढ़ स्थित राजस्थान पर्यटन विकास निगम के पाड़ाव रेस्टोरेंट में रविवार रात पर्यटकों और स्टाफ के बीच जोरदार झगड़ा हो गया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.जानकारी के मुताबिक, छह पुरुष और दो महिलाएं रेस्टोरेंट में पहुंचे थे. देर रात अचानक बारिश शुरू हो गई. पर्यटकों ने स्टाफ से खुले क्षेत्र में छाते लगाने की मांग की, लेकिन तेज हवा की वजह से स्टाफ ने ऐसा करने से मना कर दिया.

इसके बाद पर्यटकों ने कैफे के अंदर आरक्षित टेबल पर बैठने की कोशिश की. जब स्टाफ ने उन्हें सीट खाली करने को कहा तो बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि हाथापाई की नौबत आ गई.ब्राह्मपुरी थाना प्रभारी राजेश गौतम ने बताया कि घटना में दोनों पक्षों की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है. उन्होंने कहा कि हमें पाड़ाव रेस्टोरेंट में हुई झगड़े की दो शिकायतें मिली हैं और मामले की जांच की जा रही है.

यह पहली बार नहीं है जब पर्यटकों और स्टाफ के बीच झगड़े का मामला सामने आया हो, लेकिन इस बार वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया है. फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान लेकर आगे की कार्रवाई कर रही है.

NATIONAL : हेलिकॉप्टर से केदारनाथ जाने के लिए अब देने होंगे 5000 रुपये ज्यादा, 49% बढ़ा किराया …..

0

केदारनाथ धाम की हेलिकॉप्टर यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को इस बार भारी खर्च उठाना पड़ेगा क्योंकि उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) ने किराए में 49% तक की बढ़ोतरी कर दी है. नई दरों के तहत गुप्तकाशी से किराया बढ़कर 12,444 रुपये, फाटा से 8,900 रुपये और सिरसी से 8,500 रुपये हो जाएगा, जो पहले से चार से पांच हजार रुपये ज्यादा है.

केदारनाथ धाम की हेलिकॉप्टर यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को इस बार बड़ा आर्थिक झटका लगा है. उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) ने हेलिकॉप्टर किराए में 49 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी है. नई दरें 15 सितंबर से लागू होंगी, बशर्ते नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) अंतिम अनुमति प्रदान कर दे.

अनुमति मिलते ही आईआरसीटीसी (IRCTC) की वेबसाइट पर 10 सितंबर से ऑनलाइन टिकट बुकिंग शुरू हो जाएगी. यात्रा सीजन की पहली हेली सेवा भी 15 सितंबर से शुरू होने की संभावना है. नई किराया दरों के अनुसार गुप्तकाशी से केदारनाथ के लिए आने-जाने का किराया 12,444 रुपये तय किया गया है.
फाटा से 8,900 रुपये और सिरसी से 8,500 रुपये का किराया लगेगा. इससे पहले गुप्तकाशी से लगभग 8,500 रुपये और फाटा व सिरसी से लगभग 6,500 रुपये में टिकट उपलब्ध था. यानी यात्रियों को पहले की तुलना में लगभग चार से पांच हजार रुपये अतिरिक्त देने होंगे.

UCADA के सीईओ आशीष चौहान ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए इस बार हेलिकॉप्टर सेवाओं में तकनीकी सुधार किए जा रहे हैं. चारों धामों में ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन स्थापित होंगे, जिससे मौसम की सटीक और रियल टाइम जानकारी मिल सकेगी. इसके अलावा पीटीजी कैमरे, एटीसी, वीएचएफ सेट और सिलोमीटर लगाए जाएंगे. दो कंट्रोल रूम भी बनाए जा रहे हैं- एक देहरादून के सहस्त्रधारा और दूसरा सिरसी में. ग्राउंड कंट्रोल के लिए 22 ऑपरेटरों की टीम तैनात की जाएगी, ताकि उड़ानों पर लगातार नजर रखी जा सके.

दरअसल, हाल के वर्षों में बद्रीनाथ और गंगोत्री मार्ग पर हेलिकॉप्टर हादसे होने के बाद डीजीसीए ने राज्य सरकार को सुरक्षा इंतजाम कड़े करने के निर्देश दिए थे. इसी क्रम में गृह सचिव शैलेश बगौली की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समिति गठित की गई थी, जिसने हेली सेवाओं की सुरक्षा को लेकर कई सिफारिशें दीं. उन्हीं सिफारिशों के आधार पर नई व्यवस्था लागू की जा रही है.

हर साल लाखों श्रद्धालु केदारनाथ यात्रा के दौरान पैदल मार्ग की कठिनाई से बचने के लिए हेलिकॉप्टर सेवा का सहारा लेते हैं. कई श्रद्धालु उम्रदराज और बीमार होते हैं, जिन्हें यह सुविधा यात्रा पूरी करने का एकमात्र विकल्प लगती है. हालांकि अचानक किराया बढ़ने से आम श्रद्धालुओं की जेब पर बोझ बढ़ेगा, लेकिन प्रशासन का दावा है कि नई तकनीक और व्यवस्थाओं से हेली सेवा न सिर्फ सुरक्षित बल्कि पहले से अधिक व्यवस्थित भी होगी.

NATIONAL : स्विमिंग पूल में डूबने से दस साल के मासूम की मौत, घटना CCTV में कैद

0

सोनीपत के गांव नाहरा नहारी के स्विमिंग पूल में नहाने गए दस साल के मासूम अरमान की पानी में डूबने से मौत हो गई. घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है.

सोनीपत के गांव नाहरा नहारी के पास बने स्विमिंग पूल में दस साल के मासूम अरमान की डूबने से मौत हो गई. अरमान अपने साथियों के साथ पूल में नहाने गया था. पूरी घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई है, जिसमें अरमान पानी में डूबता दिखाई दे रहा है और अन्य नहाने आए युवक उसे पानी से बाहर निकालते दिख रहे हैं.

सूचना मिलने के बाद सोनीपत पुलिस मौके पर पहुंची और अरमान का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया. पोस्टमार्टम पूरा होने के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया. अरमान की मौत से परिवार में गहरा सदमा है. माता-पिता और रिश्तेदार का रो-रोकर बुरा हाल है.

जानकारी के अनुसार, गांव नाहरा नहारी में एक निजी व्यक्ति ने स्विमिंग पूल खोला हुआ है, जिसमें आसपास के युवक नहाने आते हैं. इसमें ही अरमान अपने साथियों के साथ पूल में उतरा और तभी हादसा हो गया. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरी घटना की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसा लापरवाही के कारण हुआ या अन्य कोई वजह थी.

 

BIHAR : भाई ने दिनदहाड़े गोली चलाकर ले ली बहन की ही जान, प्रेम प्रसंग के चलते हत्या की आशंका

0

बिहार के पूर्णिया में मधुबनी थाना से 100 मीटर दूर लड़की छोटी को गोली मार दी गई. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. आरोप है कि गोली उसके भाई ने चलाई थी. मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा माना जा रहा है. पुलिस जांच में जुटी है और फिलहाल आधिकारिक बयान देने से बच रही है.

कहते हैं भाई बहन के रिश्ते में जितनी नोंक झोंक होती है उससे कहीं ज्यादा प्यार होता है. दोनों में से एक को भी खरोंच आए तो दूसरा बिलख उठता है. लेकिन हाल में एक हैरान करने वाली खबर सामने आई जिसमें एक भाई ने अपनी ही बहन की जान ले ली.

बिहार के पूर्णिया में देर रात ये सनसनीखेज वारदात सामने आई. यहां मधुबनी थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर एक लड़की को गोली मार दी गई है . इसके बाद आनन फानन में परिजनों ने पूर्णिया मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया जहां इलाज के दौरान लड़की की मौत हो गई है. मालूम हुआ कि छोटी नाम की इस लड़की को किसी और नहीं बल्कि उसके अपने भाई ने गोली मारी है.पहली नजर में ये मामला प्रेम प्रसंग के चलते परिवार की नाराजगी का दिख रहा है. हालांकि लड़की के पिता ने बताया कि जिस वक्त घटना घटी वह घर में मौजूद नहीं थे . घटना को किसने अंजाम दिया इसके बारे में भी उन्हें किसी तरह की जानकारी नहीं है. किसने मारा इस बात की भी जानकारी उन्हें नहीं है.

पूरा मामला पुलिस अनुसंधान में ही सामने आ पाएगा. घटना की जानकारी मिलते हैं मेडिकल कॉलेज में लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई. हालांकि घटना के बाबत पुलिस अभी कुछ भी बोलने से इनकार कर रही है!

 

NATIONAL : वृंदावन में बाढ़ का जायजा लेने निकले प्रेमानंद महाराज, स्टीमर में सवार होकर देखा यमुना का रौद्र रूप, बोले- जल्द दूर होगा संकट

0

मथुरा में यमुना नदी ने अपना रौद्र रूप दिखाया है, जिससे वृंदावन में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है. यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से 1.65 मीटर ऊपर बह रहा है, जिसके चलते वृंदावन के परिक्रमा मार्ग, वीआईपी रोड और कई रिहायशी इलाकों में पानी घुस गया है. बांके बिहारी मंदिर की ओर जाने वाले वीआईपी मार्ग पर 4 से 5 फुट तक पानी जमा है. निचले इलाकों में रहने वाले लोग अपने घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर जा रहे हैं. वृंदावन का पर्यटन थाना भी बाढ़ की चपेट में आ गया है.

उत्तर प्रदेश के मथुरा और वृंदावन में यमुना का कहर देखने को मिल रहा है. जलस्तर खतरे के निशान के ऊपर पहुंच गया है. पानी शहर में प्रवेश कर चुका है. निचले इलाकों में खेत-खलिहान, घर-मकान से लेकर मंदिर तक डूब चुके हैं. हजारों लोग पलायन को मजबूर हैं. बांके बिहारी को जाने वाले वीआईपी मार्ग पर चार से पांच फीट पानी भरा हुआ है. स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है. हालांकि, पुलिस-प्रशासन एक्टिव है. इस बीच यमुना नदी में आई भयानक बाढ़ का जायजा लेने के लिए, वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज भी बाहर निकले.

आपको बता दें कि प्रेमानंद महाराज एक स्टीमर में सवार होकर यमुना के उफनते पानी को देखने पहुंचे. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. प्रेमानंद का यह कदम इसलिए भी खास है क्योंकि आमतौर पर वे अपनी कुटिया से बाहर नहीं निकलते. वायरल वीडियो के मुताबिक, प्रेमानंद महाराज ने यमुना के रौद्र रूप को देखकर कहा कि यह सब प्रभु की लीला है. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस आपदा को ईश्वरीय प्रकोप न मानें, बल्कि इसे प्रकृति का एक हिस्सा समझें. प्रेमानंद महाराज ने यह भी कहा कि इस कठिन समय में सभी को धैर्य और साहस के साथ काम लेना चाहिए.

गौरतलब है कि मथुरा-वृंदावन के कई इलाके बाढ़ की चपेट में हैं. यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है. कई घाट और मंदिर पानी में डूब गए हैं. स्थानीय प्रशासन लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटा है. इस बीच प्रेमानंद महाराज का बाढ़ का जायजा लेने निकलना, लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है.

स्टीमर से बाढ़ का जायजा लेने के दौरान महाराज के साथ उनके कुछ शिष्य भी मौजूद थे. उन्होंने कहा कि “जिस तरह से प्रभु ने गोवर्धन लीला में भक्तों की रक्षा की थी, उसी तरह वे आज भी सबकी रक्षा करेंगे.” उन्होंने भक्तों को विश्वास दिलाया कि यह संकट भी जल्द ही दूर हो जाएगा.

NATIONAL : ‘…जेल से रिहा हो गइली काटके सजा’, भारी पड़ी पुलिस स्टेशन में रीलबाजी, पुलिस ने पकड़कर काटा चालान

0

वाराणसी के चौबेपुर थाने में दो युवकों ने भोजपुरी गाने पर इंस्टाग्राम रील बनाकर वायरल कर दी, जिससे पुलिस की छवि धूमिल हुई. मामला सामने आते ही पुलिस ने दोनों को 24 घंटे में गिरफ्तार कर 151 शांति भंग के तहत चालान कर दिया. पकड़े गए युवक अर्जुन राजभर और अतुल सोनकर बताए गए हैं.

देश में टिकटॉक को टाटा के बाद इंस्टाग्राम रील के ट्रेंड ने जोर पकड़ा और रीलबाज लोग इसके पीछे भी दीवाने हो गए. वीडियो पर व्यूज जुटाने के लिए लोग कुछ भी करने लगे हैं. कोई खतरनाक बाइक स्टंट कर रहा है तो कोई चलती ट्रेन पर ऊपर दौड़कर जान जोखिम में डाल रहा है. इसी कड़ी में एक युवक ने पुलिस स्टेशन में रील बनाने की गलती कर दी जो उसे काफी भारी पड़ गई.

थाने में रील बनाना रीलबाजो के लिए कितना हानिकारक हो सकता है? इसकी बानगी उत्तर प्रदेश में वाराणसी के चौबेपुर थाने में दिखी. यहां रीलबाजों ने भोजपुरी गाने ‘जान हो जेल से रिहा हो गइली काटके सजा…..’ का वीडियो बनाकर जब वायरल किया तो पुलिस की किरकिरी होने लगी. फिर क्या था रील में दिख रहे युवक के साथ रील शूट करने वाले उसके साथी को भी गिरफ्तार कर लिया गया. उनका 151 शांति भंग में चालान कर दिया. पुलिस ने दोनों को कान पकड़कर उठक बैठक भी करवाई.

घटना और गिरफ्तारी के बारे में एसीपी सारनाथ विजय प्रताप सिंह ने बताया कि जैसे ही वीडियो संज्ञान में आया कि 2 व्यक्तियों ने रील बनाकर वायरल की है तो पुलिस तुरंत एक्शन में आई. 24 घंटे के भीतर ही दोनों के खिलाफ 151 के तहत शांति भंग में कार्रवाई करते हए पकड़ लिया गया है. पकड़े गए दोनों में से एक अर्जुन राजभर निवासी नई बाजार सारनाथ है, जबकि दूसरा उसका साथी अतुल सोनकर निवासी चोलापुर का है.

 

- Advertisement -