Saturday, May 9, 2026
Home Blog Page 481

SPORTS : बाबर आजम की तुलना विराट कोहली से करने पर भड़का पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर, कहा- ‘दुनिया में किसी से नहीं…’

0

बाबर आजम की तुलना दुनिया के महान क्रिकेटर विराट कोहली से की जाती है. हालांकि कई दिग्गज मानते हैं कि विराट आजम की तुलना में काफी बड़े और रिकॉर्ड के मामले में आगे हैं, इसलिए इनकी तुलना नहीं होनी चाहिए. पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर अहमद शहजाद भी मानते हैं कि इन दोनों की तुलना नहीं होनी चाहिए, हालांकि इसके पीछे उनका मानना है कि इससे बाबर पर दबाव बढ़ता है.

एक इंटरव्यू में शहजाद अहमद ने कहा कि इस तरह की तुलना से खिलाड़ियों पर गैरजरुरी दबाव बढ़ता है, ये बाबर आजम के हालिया प्रदर्शन में साफ़ नजर आता है. उनका मानना है कि ये तुलना अनुचित भी है.

बाबर आजम की तुलना विराट कोहली से करने पर क्या बोले शहजाद

उन्होंने कहा, “जब सब सही था तब आप खिलाड़ियों की तुलना करने वाला अभियान चला रहे थे. अब जब वह फॉर्म में नहीं हैं, तो आप कह रहे हो कि 2 खिलाड़ियों की तुलना मत करो. विराट कोहली की तुलना दुनिया में किसी से नहीं की जा सकती. वह पीढ़ी के दिग्गज खिलाड़ी हैं, आदर्श हैं.”

उन्होंने आगे कहा, “आप उनकी तुलना एमएस धोनी से भी नहीं कर सकते. धोनी बेशक से एक शानदार कप्तान रहे हैं, लेकिन एक बल्लेबाज, क्रिकेटर और एक एथलीट के तौर पर कोहली अकेले हैं. किसी की भी किसी से तुलना नहीं करनी चाहिए, ये सही नहीं है और ऐसा करने से खिलाड़ियों पर अतिरिक्त दबाव बनता है. ये बाबर आजम की हालिया फॉर्म में साफ़ नजर आता है.”

2 साल से बाबर आजम ने नहीं लगाया कोई अंतर्राष्ट्रीय शतक

आगामी एशिया कप में बाबर आजम खेलें, इसकी संभावना न के बराबर है. वह इस साल एक भी टी20 मैच नहीं खेले हैं, पीसीबी उन्हें लगातार ड्राप कर रही है. उन्हें अंतर्राष्ट्रीय शतक लगाए हुए भी करीब 2 साल हो गए हैं. बाबर आजम ने आखिरी अंतर्राष्ट्रीय शतक 2023 में नेपाल के खिलाफ लगाया था. आज ही खत्म हुई वेस्टइंडीज वनडे सीरीज के आखिरी मैच में भी वह 9 रन ही बना पाए, इससे पहले दूसरे वनडे में वह खाता भी नहीं खोल पाए थे.

विराट कोहली और बाबर आजम का अंतर्राष्ट्रीय करियर

विराट कोहली की बात करें तो उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप 2024 जीतने के बाद इस फॉर्मेट से संन्यास ले लिया था, इसके बाद इसी साल उन्होंने टेस्ट को भी अलविदा कह दिया. अब विराट कोहली सिर्फ ओडीआई फॉर्मेट खेलते हैं. भारत की अगली वनडे सीरीज ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ है.

विराट कोहली

  • टेस्ट: 123 मैचों में 9230 रन, 30 शतक और 31 अर्धशतक
  • टी20: 302 मैचों में 14181 रन, 51 शतक और 74 अर्धशतक
  • वनडे: 125 मैचों में 4188 रन, 1 शतक और 38 अर्धशतक

बाबर आजम

  • टेस्ट: 59 मैचों में 4235 रन, 9 शतक और 29 अर्धशतक
  • टी20: 134 मैचों में 6291 रन, 19 शतक और 37 अर्धशतक
  • वनडे: 128 मैचों में 4223 रन, 3 शतक और 36 अर्धशतक

BOLLYWOOD : रजनीकांत की ‘कूली’ पहले दिन मचाएगी गदर! रिलीज से पहले ही कर डाला बंपर कलेक्शन, जानें- एडवांस बुकिंग रिपोर्ट

‘कूली’ का क्रेज अपने पीक पर है. हालांकि लोकेश कनगराज निर्देशित इस फ़िल्म की टिकट खिड़की पर ऋतिक रोशन और जूनियर एनटीआर की ‘वॉर 2’ से सीधी टक्कर होगी लेकिन  रजनीकांत की स्टार पावर को नकारा नहीं जा सकता, यही वजह है कि इस फिल्म के सिनेमाघरों में फर्स्ट-डे-फर्स्ट-शो (FDFS) देखने की होड़ के चलते ‘कूली’ की न केवल तमिलनाडु में, बल्कि पूरे देश और अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में शानदार एडवांस बुकिंग हो रही है. चलिए यहां जानते हैं ‘कूली’ ने प्री टिकट सेल में अब तक कितना कलेक्शन कर लिया है?

‘कूली’ की कैसी है एडवांस बुकिंग रिपोर्ट?
रजनीकांत स्टारर ‘कूली’ सिनेमाघरों में 14 अगस्त को दस्तक दे रही है. ये फिल्म तेलुगू, तमिल, कन्नड़ और अंग्रेजी में रिलीज होगी. फिलहाल इस एक्शन पैक्ड फिल्म की धड़ाधड़ एडवांस बुकिंग हो रही है. वहीं अभी फिल्म की रिलीज में एक दिन बाकी है और इसके प्री टिकट सेल में बंपर उछाल आने की उम्मी है. वहीं ‘कूली’  की जबरदस्त प्री टिकट सेल देखते हुए फिल्मी पंडित इसके पहले ही दिन 100 करोड़ी बनने की भविष्यवाणी कर रहे हैं. वहीं इसकी एडवांस बुकिंग के कलेक्शन की बात करें तो सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक

 

  • ‘कूली’  ने तमिल भाषा में 2डी फॉर्मेट में अब तक 9 लाख 96 हजार 436 टिकटों की प्री सेल की है.,
  • हिंदी भाषा में फिल्म के अब तक 24 हजार 450 टिकट की प्री बुकिंग हुई है.
  • तेलुगु में ‘कूली’  के अब तक 1 लाख 16 हजार 879 टिकटों की एडवांस बुकिंग हो चुकी है.
  • कन्नड़ में फिल्म की अब तक 1 हजार 842 टिकटों की प्री सेल हुई है.
  • इसी के साथ पूरे देश में कुली के अब तक 11लाख 39 हजार 607 टिकटों की एडवांस बुकिंग बो चुकी है. जिसके इसने अब तक 24.64 करोड़ का कलेक्शन भी कर लिया है.
  • वहीं ब्लॉक सीटों के साथ ‘कूली’  ने प्री टिकट सेल में 32.66 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है.कूली’  ने 2025 की तीसरी सबसे ज़्यादा प्री-सेल्स का बनाया रिकॉर्ड
    ‘कूली’  की रिलीज़ में अभी 24 घंटे बाकी हैं, जिसमें बेहतरीन ट्रेंड देखने को मिलेंगे. लेकिन उससे पहले ही, कुली ने भारत में 2025 की दूसरी सबसे ज़्यादा प्री-सेल्स करने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. इसने L2: एम्पुरान, विदामुयार्ची, गुड बैड अग्ली और गेम चेंजर की एडवांस बुकिंग को पीछे छोड़ दिया है. इसका अगला टारगेट गेम चेंजर (31.80 करोड़) है.भारत में साउथ की 2025 की टॉप 5 एडवांस बुकिंग सेल्स (ब्लॉक की गई सीटों को छोड़कर कुल कलेक्शन )

    • हरि हर वीरा मल्लू – 35 करोड़+ (प्रीमियर शो की प्री-सेल सहित)
    • गेम चेंजर – 31.80 करोड़
    • कुली – 24.64 करोड़
    • गुड बैड अग्ली – 18.90 करोड़
    • विदामुआर्ची – 18.40 करोड़
    • L2: एम्पुरान (18.15 करोड़) अब टॉप 5 से बाहर हो गई है.

NATIONAL : बीकानेर में इंदिरा गांधी नहर में डूबने 3 दोस्तों की मौत, घर से बिना बताए निकले थे; मचा कोहराम

बीकानेर के कोडमदेसर तालाब क्षेत्र में मंगलवार रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, जिसमें इंदिरा गांधी नहर में नहाने गए तीन दोस्तों- राम व्यास (17), करण (15) और लक्की (15) की डूबने से मौत हो गई। तीनों दोस्त एक ही बाइक पर सवार होकर भैरूजी मंदिर दर्शन के लिए गए थे और लौटते समय नहर में नहाने के लिए रुक गए। गहराई का अंदाजा न होने के कारण तीनों पानी में डूब गए।

इस हादसे के बाद तीनों परिवारों में मातम छा गया। घटना मंगलवार शाम की है। बता दें करण और लक्की दसवीं कक्षा के छात्र थे, दोनों स्कूल से मार्कशीट लेने के लिए घर आए थे। दोनों पड़ोसी थे और एक ही स्कूल में पढ़ते थे। स्कूल में दसवीं बोर्ड के फॉर्म भरने के लिए मार्कशीट की जरूरत थी, जिसके लिए उन्हें घर भेजा गया था।

घर पहुंचने के बाद दोनों ने बैग रखा और बिना किसी को बताए अपने दोस्त राम व्यास के साथ भैरूजी मंदिर दर्शन के लिए निकल गए। राम व्यास दूध बेचने का काम करता था और तीनों एक ही मोहल्ले के रहने वाले थे।

MAHARASTRA : बीजेपी नेता राज पुरोहित का राहुल गांधी पर विवादित बयान, ‘वे आवारा नेता की तरह घूम रहे हैं’

महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता राज पुरोहित ने मंगलवार को राहुल गांधी को ‘घूमने वाला आवारा नेता’ करार दिया. राहुल गांधी ने आवारा कुत्तों पर सुप्रीम कोर्ट के निर्देश को मानवीय, विज्ञान-समर्थित नीति से पीछे ले जाने वाला कदम बताया था. पुरोहित ने राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि वह शीर्ष अदालत के आदेश पर ध्यान केंद्रित करके राष्ट्रीय मुद्दों से लोगों का ध्यान भटका रहे हैं.

राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा कि दिल्ली-एनसीआर से सभी आवारा कुत्तों को हटाने का सुप्रीम कोर्ट का निर्देश दशकों से चली आ रही मानवीय, विज्ञान-समर्थित नीति से पीछे ले जाना वाला कदम है. उन्होंने जोर देकर कहा कि आवारा कुत्तों को ‘पूरी तरह’ से हटाना क्रूर, अदूरदर्शी और हमारी करुणा को खत्म करने वाला कदम है.

सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिल्ली-एनसीआर के अधिकारियों को सड़कों से सभी आवारा कुत्तों को ‘शीघ्रतापूर्वक’ आश्रय स्थलों में स्थायी रूप से स्थानांतरित करने का निर्देश दिए जाने के एक दिन बाद राहुल गांधी की यह टिप्पणी आई.

आवारा नेता की तरह घूम रहे हैं राहुल गांधी- राज पुरोहित

पुरोहित ने शीर्ष अदालत के आदेश पर राहुल गांधी की टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर कहा, “राहुल गांधी अदालत के आदेश पर ध्यान केंद्रित कर राष्ट्रीय मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं. राहुल एक ‘आवारा नेता’ की तरह घूम रहे हैं.”

उन्होंने कहा, “उन्हें (राहुल को) किसानों के कल्याण और गरीबी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए. पाकिस्तान (परमाणु हमले) की धमकी के बीच उन्हें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का समर्थन करना चाहिए था.”

पुरोहित ने एक दिन पहले दिल्ली में हुए ‘इंडिया’ गठबंधन के प्रदर्शनों को ‘पाखंड व राष्ट्र-विरोधी’ करार दिया और विपक्षी नेताओं से माफी की मांग की. पूर्व में पांच बार विधायक निर्वाचित हुए पुरोहित इसके पहले प्रधानमंत्री मोदी को भगवान विष्णु का 11वां अवतार बताकर उनकी तारीफ कर चुके हैं.

RAJASTHAN : आवारा कुत्तों को लेकर राजस्थान हाई कोर्ट ने भी दिखाई सख्ती, विशेष अभियान चलाने के दिए निर्देश

0

राजस्थान हाई कोर्ट ने शहर की सड़कों और राजमार्गों पर आवारा पशुओं की समस्या से निपटने के लिए सोमवार को व्यापक अंतरिम निर्देश जारी किए. यह कदम सुप्रीम कोर्ट से दिल्ली-NCR के अधिकारियों को ‘जल्द से जल्द’ सभी आवारा कुत्तों को सड़कों से स्थायी रूप से आश्रय स्थलों में स्थानांतरित करने का निर्देश देने के बाद आया है.

हाई कोर्ट की जोधपुर पीठ ने इस मुद्दे पर स्वतः संज्ञान लेते हुए राज्य के सभी नगर निकायों को निर्देश दिया कि वे सार्वजनिक क्षेत्रों से आवारा कुत्तों और अन्य जानवरों को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाएं, तथा यह भी सुनिश्चित करें कि स दौरान उन्हें न्यूनतम शारीरिक क्षति पहुंचे.

कार्य में बाधा डालने वाले व्यक्तियों या समूहों पर कानूनी कार्रवाई

न्यायमूर्ति कुलदीप माथुर और न्यायमूर्ति रवि चिरानिया की खंडपीठ ने चेतावनी दी कि नगर निगम के कर्मचारियों के इस कार्य में बाधा डालने वाले व्यक्तियों या समूहों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगीं. खंडपीठ ने कहा कि इसमें संबंधित कानूनों के तहत प्राथमिकी दर्ज किया जाना भी शामिल है.

अधिकारियों को इस तरह के हस्तक्षेप के खिलाफ कार्रवाई करने की पूरी छूट दी गई है. एक विशिष्ट निर्देश में, जोधपुर नगर निगम को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) और जिला अदालत परिसरों से आवारा पशुओं को तुरंत हटाने का निर्देश दिया गया. ये दोनों ही अध्यधिक भीड़भाड़ वाले क्षेत्र हैं.

नगर निकायों को टेलीफोन नंबर और ईमेल आईडी सार्वजनिक करने का निर्देश

साथ ही भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और राज्य राजमार्ग प्राधिकरण को नियमित रूप से राजमार्गों पर गश्त करने का आदेश भी दिया गया ताकि सड़कें वाहनों की सुचारू आवाजाही के लिए खुली रहें.

पीठ ने आवारा पशुओं के संबंध में शिकायत दर्ज कराने के लिए नगर निकायों को टेलीफोन नंबर और ईमेल आईडी सार्वजनिक करने का निर्देश दिया. पीठ ने कहा कि यदि नागरिक करुणा या धार्मिक विश्वास के कारण ऐसे जानवरों को खाना खिलाना या उनकी देखभाल करना चाहते हैं, तो उन्हें ऐसा नगर पालिकाओं या निजी संस्थाओं से संचालित निर्दिष्ट कुत्ता आश्रय स्थलों, तालाबों या गौशालाओं में करना चाहिए.

कोर्ट ने 8 सितंबर तक विस्तृत स्थिति रिपोर्ट मांगी

कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई की तारीख 8 सितंबर तक विस्तृत स्थिति रिपोर्ट भी मांगी है, जिसमें आश्रयों की स्थिति और रखरखाव, पशुओं को हटाने के लिए जनशक्ति की उपलब्धता, चिकित्सकों और कर्मचारियों की संख्या आदि का उल्लेख किया गया हो.

हाई कोर्ट की जोधपुर पीठ ने इस मुद्दे पर स्वतः संज्ञान लेते हुए राज्य के सभी नगर निकायों को निर्देश दिया कि वे सार्वजनिक क्षेत्रों से आवारा कुत्तों और अन्य जानवरों को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाएं, तथा यह भी सुनिश्चित करें कि स दौरान उन्हें न्यूनतम शारीरिक क्षति पहुंचे.

NATIONAL : अलीगढ़ में प्रिंसिपल ने 7वीं की छात्रा को लिखा लव लेटर, कहा- ‘तुम्हें पत्नी बनाना है’, हुआ गिरफ्तार

0

पीड़ित छात्रा की मां ने मीडिया को बताया कि स्कूल का प्रिंसिपल शकील अहमद उनकी बिटिया को परेशान करता था. ये बात काफी पूछने पर बिटिया ने उन्हें बमुश्किल बताई. क्योंकि, प्रिंसिपल ने उसे मुंह न खोलने की धमकी दी थी.

यूपी के अलीगढ़ में एक सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली 7वीं कक्षा की छात्रा के साथ प्रिंसिपल ने शर्मनाक हरकत की. आरोप है कि प्रिंसिपल ने छात्रा को लव लेटर लिखकर परेशान किया और शादी का दबाव बनाया. इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. दरअसल, यह घटना अलीगढ़ के जवां ब्लॉक के एक गांव की है. यहां के तालिवनगर स्थित सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल शकील अहमद ने स्कूल में पढ़ने वाली 7वीं कक्षा की 11 साल की छात्रा के साथ छेड़छाड़ की. छात्रा ने डरकर घर पहुंचकर अपनी मां को इस बारे में बताया.

जिसके बाद पीड़िता की मां ने तुरंत ही डीएम और एसएसपी से मिलकर शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने पोस्को एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी प्रिंसिपल शकील अहमद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. वहीं, पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है.

पीड़ित छात्रा की मां ने मीडिया को बताया कि प्रिंसिपल शकील अहमद उनकी बेटी को परेशान करता था. आरोपी ने छात्रा को किसी को कुछ भी बताने पर धमकी भी दी थी, जिसके कारण वह बहुत डरी हुई थी. काफी पूछने के बाद उसने पूरी बात बताई. मां ने यह भी बताया कि आरोपी ने एक बार उनकी बेटी को लव लेटर दिया था. इस लेटर में उसने लिखा था कि वह उसे बहुत पसंद करता है और उसे पत्नी की तरह देखता है.

इस मामले के सामने आने के बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी राकेश कुमार ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रिंसिपल शकील अहमद को निलंबित कर दिया है. उन्होंने बताया कि आरोपी शिक्षक की सेवाएं पूरी तरह से समाप्त करने की तैयारी की जा रही है. बीएसए के अनुसार, आरोपी प्रिंसिपल बच्ची के साथ छेड़छाड़ करता था और उससे शादी कर धर्म परिवर्तन का दबाव भी बना रहा था.

SPORTS : जडेजा-सुंदर की शतकीय बहादुरी… भले जीत न मिली लेकिन भारत के चट्टानी इरादों से अंग्रेज हुए नतमस्तक

0

मैनचेस्टर टेस्ट मैच में केएल राहुल, शुभमन गिल, रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर की बल्लेबाजी को फैन्स काफी समय तक नहीं भूलेंगे. भारत की यो चौकड़ी इंग्लैंड पर भारी पड़ी और मेजबान टीम ने जीत का सुनहरा मौका गंवा दिया.

शुभमन गिल की अगुवाई में भारतीय टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर खेले गए टेस्ट मैच को ड्रॉ करा लिया. भारतीय टीम के लिए ये ड्रॉ किसी जीत से कम नहीं रही. एक समय मुकाबले में भारतीय टीम काफी पिछड़ चुकी थी क्योंकि पहली पारी के आधार पर इंग्लैंड ने 311 रनों की बड़ी लीड ले ली थी और पांच सेशन का खेल बाकी था. ऐसे में भारतीय टीम पर हार का खतरा मंडराने लगा था.

जब भारतीय टीम ने 0 के स्कोर पर ही यशस्वी जायसवाल का विकेट गंवा दिया, तो स्थिति और विकट हो गई थी. यहां से मैच बचाना मुश्किल दिखाई देने लगा था. लेकिन भारतीय बल्लेबाजों के इरादे कुछ और थे. सुदर्शन के आउट होने के बाद शुभमन गिल क्रीज पर उतरे और उन्होंने केएल राहुल के साथ मिलकर यादगार साझेदारी की. शुरुआत में शुभमन ने वनडे स्टाइल में बैटिंग की. लेकिन 50 रनों के करीब पहुंचने के बाद उन्होंने रक्षात्मक होकर बैटिंग करने में भलाई समझी क्योंकि तब तक गेंद भी पुरानी हो चुकी थी. वहीं केएल राहुल ने अपने अंदाज में बल्लेबाजी की और खराब गेंदों पर ही शॉट्स लगाए. राहुल और शुभमन ने चौथे दिन के खेल के दौरान दूसरे और तीसरे सेशन में इंग्लैंड को विकेट के लिए तरसाए रखा. चौथे दिन स्टम्प तक भारत का स्कोर दो विकेट के नुकसान पर 174 रन हो चुका था.

अब मैच के पांचवें दिन पहले सेशन का खेल काफी निर्णायक था, जहां भारतीय टीम को विकेट नहीं खोने थे. हालांकि उस सेशन में दोनों सेट बल्लेबाज आउट हो गए. केएल राहुल को बेन स्टोक्स ने अंदर की ओर आती गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट किया. वहीं शुभमन गिल शतक जड़ने के बाद एकाग्रता खो बैठे और जोफ्रा आर्चर की गेंद पर विकेटकीपर जेमी स्मिथ के हाथों लपके गए. राहुल ने 39.13 के स्ट्राइक-रेट से 90 और शुभमन ने 43.298 के स्ट्राइक रेट से 103 रन बनाए. शुभमन और राहुल के बीच तीसरे विकेट के लिए 188 रनों की पार्टनरशिप हुई.

शुभमन गिल जब आउट हुए तो भारत का स्कोर चार विकेट पर 222 रन था और दो से ज्यादा सेशन का खेल बाकी था. यानी भारतीय टीम अब भी बैकफुट पर थी. नए बल्लेबाज रवींद्र जडेजा तो पहली ही गेंद पर आउट हो जाते, अगर जो रूट ने उनका कैच नहीं छोड़ा होता. ये जीवनदान इंग्लिश टीम को भारी पड़ा. जडेजा ने वॉशिंगटन सुंदर के साथ क्रीज पर खूंटा गाड़ लिया, जो केएल राहुल के आउट होने के बाद बैटिंग करने आए थे. सुंदर को ऊपर भेजने का मूव काम कर गया.

चूंकि गेंद तब नई थी, ऐसे में रवींद्र जडेजा को शुरुआत में तेजी से रन बनाने में परेशानी नहीं हुई, इसके चलते प्रेशर इंग्लैंड पर पूरी तरह शिफ्ट हो गया. दूसरी तरफ वॉशिंगटन सुंदर ने भी सेट होने के बाद कुछ बेहतरीन शॉट्स खेले. जडेजा और सुंदर की पार्टनरशिप को तोड़ने के लिए इंग्लिश टीम ने एक से बढ़कर एक ट्रिक आजमाए, लेकिन ये दोनों भारतीय बल्लेबाज ठान कर आए थे कि विकेट उन्हें गिफ्ट नहीं करना है.

पांचवें दिन के खेल में दूसरा सेशन पूरी तरह भारत के नाम रहा, जहां कोई विकेट नहीं गिरा. तब तक भारतीय टीम बढ़त भी बना चुकी थी. आखिरी सेशन तो अब औपचारिकता मात्र रह गया था, जहां दोनों बल्लेबाजों ने अपने-अपने शतक पूरे किए. वॉशिंगटन सुंदर और रवींद्र जडेजा के बीच पांचवें विकेट के लिए 203 रनों की पार्टनरशिप हुई. रवींद्र जडेजा 107 और वॉशिंगटन सुंदर 101 रन पर नाबाद पवेलियन लौटे.

केएल राहुल, शुभमन गिल, रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर की ये बल्लेबाजी फैन्स काफी समय तक नहीं भूलेंगे. भारत की यो चौकड़ी इंग्लैंड पर भारी पड़ी और मेजबान टीम ने जीत का सुनहरा मौका गंवा दिया. अब सीरीज का पांचवां टेस्ट मैच 31 जुलाई से लंदन के ओवल मैदान पर खेला जाना है. अब भारतीय टीम टेस्ट सीरीज नहीं जीत सकती है, लेकिन उसके पास इस सीरीज को बराबरी कराने का मौका जरूर है.

NATIONAL : Zomato से ऑर्डर की बिरयानी, खा गया डिलीवरी बॉय… ऐसे में क्या करे कस्टमर?

0

देश में लाखों लोग रोजाना जोमैटो से खाना आर्डर करते हैं, कंपनी टाइम पर डिलीवरी भी करती है, लेकिन कई बार इस तरह के मामले सामने आते हैं, जिससे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है.नोएडा की आईटी कंपनी में काम करने वाले राहुल का ऑफिस से लौटने के बाद देर शाम बिरयानी खाने का मूड हुआ तो जौमेटो से अपनी पसंदीदा सोया चाप बिरयानी ऑर्डर की, जो उन्होंने स्थानीय रेस्तरां “बिरयानी ब्लू” से ऑर्डर की थी. ऐप ने ऑर्डर कंफर्म भी किया और राहुल ने सोचा कि 45 मिनट में उनका खाना आ जाएगा, लेकिन 45 मिनट की डेडलाइन पूरी हो चुकी थी, उनकी भूख से हालत खराब थी. वो बार-बार डिलीवरी बॉय का लोकेशन चेक कर रहे थे, उनकी उम्मीदें निराशा में बदल गईं, जब एक घंटे गुजर गए और डिलीवरी का कोई अता-पता नहीं था.

राहुल ने जोमैटो ऐप चेक किया, जिसमें ऑर्डर “आउट फॉर डिलीवरी” दिख रहा था, उन्होंने डिलीवरी बॉय को कॉल करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. कई कोशिशों के बाद आखिरकार कॉल जुड़ा. डिलीवरी बॉय ने लापरवाही भरे लहजे में कहा, “सर, आपका फोन नहीं लगा, तो मैंने बिरयानी खा ली”. हैरान राहुल ने विरोध किया और बताया कि उनका फोन ऑन था और कोई कॉल नहीं आया. लेकिन डिलीवरी बॉय ने फोन काट दिया. राहुल जिस सोसायटी में रहते हैं वहां गेट पर एंट्री करनी होती है, इंटरकाम की सर्विस भी मौजूद हैं, लेकिन डिलीवरी बॉय ने उनसे संपर्क करने की कोशिश नहीं की.

देश में लाखों लोग रोजाना जोमैटो से खाना आर्डर करते हैं, कंपनी टाइम पर डिलीवरी भी करती है, लेकिन कई बार इस तरह के मामले सामने आते हैं, जिससे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है. राहुल का अनुभव जोमैटो की डिलीवरी और कस्टमर सर्विस प्रक्रियाओं पर गंभीर सवाल उठाता है. दोनों मामलों में “फोन न लगने” का बहाना बनाकर उनके ऑर्डर का गलत इस्तेमाल किया गया, जबकि राहुल का दावा है कि उनका फोन पूरी तरह काम कर रहा था. उनसे सोसायटी में Mygate app पर घर आने जाने वाले का रिकॉर्ड रहता है, साथ ही इंटरकाम से गार्ड ता फोन भी आता है, लेकिन उनके साथ ऐसा कुछ भी नहीं हुआ

राहुल का यह कोई अकेला मामला नहीं है. अक्सर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अन्य ग्राहकों की ऐसी ही कहानियां सामने आती रहती हैं, जिन्हें डिलीवरी में गड़बड़ी और गैर-जिम्मेदार सपोर्ट का सामना करना पड़ता है. इस तरह के मामलों में अगर डिलिवरी में परेशानी आए तो कंपनी की क्या पॉलिसी है ये जानने के लिए aajtalk.in ने जोमैटो से भी बात की.

‘हमारे पास मजबूत सिस्टम हैं. जो डिलीवरी पार्टनर्स के दावों को चेक करते हैं, जैसे कि जब वे कहते हैं कि कस्टमर उपलब्ध नहीं है. उदाहरण के लिए, अगर कोई डिलीवरी पार्टनर जोमैटो डिलीवरी ऐप के हेल्प सेक्शन में ‘कस्टमर जवाब नहीं दे रहा’ ऑप्शन चुनता है, तो हम तुरंत चेक करते हैं कि उनकी कस्टमर को की गई आखिरी कॉल बिना जवाब के थी या फेल हुई थी. अगर दावा गलत पाया जाता है, तो डिलीवरी पार्टनर को उस सपोर्ट प्रक्रिया में आगे बढ़ने की इजाज़त नहीं होती और उसे डिलीवरी पूरी करने के लिए कहा जाता है.’

‘अगर कोई ऑर्डर संदिग्ध परिस्थितियों में कैंसिल होता है, तो हमारे ट्रेंड सपोर्ट एजेंट डिलीवरी पार्टनर के दावों को वेरिफाई करते हैं, जिसमें कस्टमर से डिटेल्स कन्फर्म करना भी शामिल है, फिर ऑर्डर को मैन्युअल रिव्यू के लिए फ्लैग करते हैं. अगर दावा गलत निकलता है, तो हम कस्टमर के लिए कैंसिलेशन पेनल्टी माफ कर देते हैं. हम उन डिलीवरी पार्टनर्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हैं, जो हमारे आचार संहिता का उल्लंघन करते हैं. ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए, सभी डिलीवरी पार्टनर्स को शुरू में ट्रेनिंग दी जाती है, जिसमें डिलीवरी हैंडल करने के सही तरीके और अपेक्षाएं साफ-साफ बताई जाती हैं. कस्टमर की शिकायतों के लिए, हमारे पास एक व्यवस्थित समाधान प्रक्रिया है, और सभी सपोर्ट चैनल हमारी वेबसाइट पर सार्वजनिक रूप से लिस्टेड हैं ताकि पारदर्शिता बनी रहे और आसानी से मदद मिल सके. इसमें रियल-टाइम मदद के लिए इन-ऐप चैट सपोर्ट, अनसुलझे मुद्दों के लिए ईमेल सपोर्ट, चैट या ईमेल से संतोषजनक समाधान न मिलने पर फोन सपोर्ट, और अगर फिर भी बात न बने तो शिकायत अधिकारी तक मामला बढ़ाने की सुविधा शामिल है. ये कदम सुनिश्चित करते हैं कि हर ऑर्डर ईमानदारी से डिलीवर हो और किसी भी उल्लंघन को जल्दी और गंभीरता से निपटाया जाए.’

अगर चैट, ईमेल, या फोन से समस्या हल न हो, तो जोमैटो की वेबसाइट पर दिए गए शिकायत अधिकारी (Grievance Officer) के डिटेल्स चेक करें, अपनी शिकायत को औपचारिक रूप से उनके पास भेजें, जिसमें ऑर्डर डिटेल्स, पिछली बातचीत का रिकॉर्ड, और सबूत शामिल हों. अगर जोमैटो से कोई समाधान न मिले, जैसे रिफंड न मिलना या बार-बार गड़बड़ी, तो आप कंज्यूमर फोरम में शिकायत दर्ज कर सकते हैं. भविष्य में ऑर्डर करते समय कैश ऑन डिलीवरी (COD) चुनें ताकि डिलीवरी न होने पर पैसे न कटें.

 

NATIONAL : दिल्ली में अब सिनेमा हॉल का लाइसेंस लेना होगा आसान, LG विनय सक्सेना ने लिया ये बड़ा फैसला

0

दिल्ली में अब सिनेमा हॉल या थिएटर का लाइसेंस राजस्व विभाग के डिप्टी कमिश्नर द्वारा दिया जाएगा. यह फैसला 2015 के नोटिफिकेशन के अनुसार लिया गया है.दिल्ली में अब सिनेमा हॉल और थिएटर खोलना और आसान हो गया है. उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने हाल ही में एक आदेश जारी करते हुए कहा कि अब सिनेमा हॉल और थिएटर के लाइसेंस जारी करने का काम दिल्ली पुलिस नहीं बल्कि दिल्ली सरकार का राजस्व विभाग करेगा. यह फैसला ‘मिनिमम गवर्नमेंट, मैक्सिमम गवर्नेंस’ और ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ की सोच के तहत लिया गया है, ताकि लाइसेंस प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया जा सके.

अब तक सिनेमा हॉल के संचालन के लिए लाइसेंस देने का अधिकार दिल्ली पुलिस के पास था, लेकिन 9 जनवरी 2015 को एक नोटिफिकेशन जारी किया गया था, जिसमें यह जिम्मेदारी दिल्ली सरकार के राजस्व विभाग को देने की बात कही गई थी. लेकिन इसके बावजूद पुलिस विभाग यह काम करता रहा, जिससे भ्रम और देरी की स्थिति बनी रही. इस पर रोक लगाने के लिए उपराज्यपाल ने नया आदेश जारी किया है.

अब सिनेमा हॉल या थिएटर का लाइसेंस राजस्व विभाग के डिप्टी कमिश्नर द्वारा दिया जाएगा. यह फैसला 2015 के नोटिफिकेशन के अनुसार लिया गया हैदिल्ली पुलिस को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि अब वह सिनेमाऑटोग्राफ एक्ट, 1952 के तहत कोई भी लाइसेंस न जारी करे और इससे जुड़े मामलों में दखल न दे.पुलिस कमिश्नर को कहा गया है कि वे अपने अधीन सभी अधिकारियों को इस बारे में निर्देशित करें. यह निर्देश दिल्ली पुलिस, 1978 की धारा 4 के तहत जारी किया गया है. इस बदलाव की जनता और सभी विभागों में व्यापक जानकारी दी जाएगी, ताकि किसी तरह का भ्रम न रहे.

इस बदलाव से लाइसेंसिंग प्रक्रिया ज्यादा आसान और केंद्रित हो जाएगी. पहले जहां पुलिस और राजस्व विभाग दोनों के बीच तालमेल की दिक्कत थी, अब सिर्फ एक विभाग के जिम्मे होने से प्रक्रिया तेज़ और पारदर्शी होगी. इससे नए व्यापारियों और उद्यमियों को सिनेमा हॉल या थिएटर खोलने में कम अड़चन आएगी. यह आदेश दिल्ली के कारोबारियों के लिए एक राहत भरी खबर है.

NATIONAL : चेक डैम में बड़ा हादसा, नहाने उतरे चार युवकों की डूबने से मौत, गांव में पसरा मातम

0

खरसावां के सराईकेला गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में चेक डैम में नहाने गए चार युवकों की मौत हो गई. पानी की तेज़ धार में बहकर वो डैम की दीवार से टकरा गए. एक की मौके पर और तीन की अस्पताल में मौत हो गई. घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है. लोगों ने डैम पर सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है.

झारखंड के खरसावां प्रखंड के सराईकेला में बुधवार सुबह करीब 8 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसने पूरे क्षेत्र को गहरे शोक में डाल दिया. दरअसल चेक डैम में नहाने उतरे चार युवक तेज बहाव में बह गए और सीमेंट की दीवार से टकरा कर गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य को अस्पताल ले जाने पर मृत घोषित कर दिया गया.

मृतकों की पहचान गौरव मंडल (19), सुनील साहू (20), हरिवास दास (20) और मनोज साहू (20) के रूप में हुई है. गौरव मंडल के बड़े भाई गौरांग मंडल ने बताया कि चारों दोस्त रोज़ की तरह नहाने के इरादे से चेक डैम पहुंचे थे, लेकिन बुधवार को पानी का बहाव बेहद तेज था, जिससे वो संतुलन नहीं बना सके और बहते हुए डैम की दीवार से टकरा गए.

स्थानीय लोगों ने तत्काल चारों युवकों को बाहर निकाला और आनन-फानन में खरसावां के दुर्गमणी नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया. शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेजा गया, एंबुलेंस के माध्यम से शवों को अस्पताल पहुंचाया गया.घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है. ग्रामीणों ने प्रशासन पर सवाल उठाए हैं कि चेक डैम पर न तो कोई चेतावनी बोर्ड था और न ही सुरक्षा की कोई व्यवस्था. लोगों ने मांग की है कि डैम और अन्य जलस्रोतों पर सुरक्षा उपाय किए जाएं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोहराई न जाएं. पुलिस ने सभी शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

- Advertisement -

News of the Day