Sunday, May 10, 2026
Home Blog Page 486

NATIONAL : ’25 साल की लड़की…’, कथावाचक अनिरुद्धाचार्य के बयान पर बवाल, महिला अधिवक्ताओं ने की शिकायत

0

प्रसिद्ध कथावाचक अनिरुद्धाचार्य का ये बयान सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है. इस बयान के विरोध में महिला अधिवक्ताओं ने एसएसपी से शिकायत की है और उन पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.

मथुरा में वृंदावन के प्रसिद्ध कथावाचक अनिरुद्धाचार्य के खिलाफ महिला अधिवक्ताओं ने शिकायत की है. उन पर महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक और शर्मनाक बयान देने का आरोप हैं. उनका सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमे वो आपत्तिजनक टिप्पणी करते नजर आ रहे हैं.

दरअसल वृंदावन स्थित गौरी गोपाल आश्रम के पीठाधीश्वर प्रसिद्ध कथा वाचक अनिरुद्दाचार्य द्वारा अपने मंच से महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी. उन्होंने कहा कि “पहले 14 वर्ष की उम्र में शादी हो जाती थी तो वो परिवार में घुल मिल जाती थी लेकिन, अब 25 साल के लड़कियां जब घर में आती है तो कहीं ना कहीं मुंह मार चुकी होती है.”

अनिरुद्धाचार्य का ये बयान सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है, जिस पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही है. उनके महिलाओं पर दिए गए इस बेतुके और शर्मनाक बयान के विरोध में महिला अधिवक्ताओं ने एसएसपी से शिकायत की है और उन पर सख्त कार्रवाई की मांग की है. बताया जा रहा है कि अनिरुद्धाचार्य का यह बयान पुराना है लेकिन, अब यह सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर वायरल हुआ और मथुरा की महिला अधिवक्ताओं की नजर में आया है. जिसे लेकर गुरुवार को महिला अधिवक्ताओं ने बैठक की, मथुरा एसएसपी श्लोक कुमार से इसकी लिखित शिकायत की है.

आपको बता दें कि अनिरुद्धाचार्य का विवादित बयानों से नाता रहा है. पहले भी वो भगवान और महिलाओं पर आपत्तिजनक बयान दे चुके हैं. बताया जा रहा है कि महिला अधिवक्ता अब उनके इस बयान के ख़िलाफ़ प्रदर्शन करने की तैयारी कर रही हैं. वहीं बार एसोसिएशन ने भी इन महिला अधिवक्ताओं का समर्थन किया है. बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रदीप शर्मा ने कहा कि यह बहुत ही आपत्तिजनक बात है हम इसका विरोध करते हैं. ऐसे संतो के खिलाफ हम कड़ी से कड़ी कार्रवाई कराएंगे.

 

RAJASTHAN : राजस्थान के झालावाड़ में गिरी स्कूल की छत, 4 बच्चों की मौत, कई फंसे

0

राजस्थान के झालावाड़ ज़िले में शुक्रवार (25 जुलाई) सुबह बड़ा हादसा हुआ, जब मनोहरथाना ब्लॉक के पिपलोदी गांव में स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय की छत गिरी, जिसके बाद दीवार भी ढह गई. इस दर्दनाक हादसे में अब तक 4 बच्चों की मौत हुई है, जबकि कई अन्य बच्चों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है.

घटना के बाद से इलाके में अफरा-तफरी मच गई है और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है. शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने हादसे में तीन बच्चों की मौत की पुष्टि की है. उन्होंने कलेक्टर से फोन पर बात कर राहत और बचाव के काम में तेजी लाने और घायल बच्चों के इलाज की समुचित व्यवस्था किए जाने के निर्देश दिए हैं.

वहीं झालावाड़ के एसपी अमित कुमार ने बताया कि स्कूल की छत गिरने से 3-4 छात्रों की मौत हुई है. कई छात्र घायल हैं. सूचना मिलने पर झालावाड़ कलेक्टर और एसपी अमित कुमार बुडानिया मौके के लिए रवाना हो गए हैं.फिलहाल जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है. साथ ही घायल बच्चों को मनोहरथाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CSC) भेजा गया है. वहां पर मौजूद स्थानीय ग्रामीण भी बचाव कार्य में प्रशासन की मदद कर रहे हैं.

 

ENTERTAINMENT : ‘एनिमल’ के बाद तृप्ति डिमरी की ‘बहन’ का हो गया था बुरा हाल? रात भर जाग वो करती थी ये काम

0

तृप्ति डिमरी ने एनिमल में कैमियो किया था, लेकिन अपने छोटे से रोल में ही उन्होंने लोगों का ध्यान अपनी तरहफ खींच लिया था. कुछ लोगों ने तृप्ति की तारीफ की तो कुछ लोगों ने उनकी आलोचनाएं कीं.

तृप्ति डिमरी ने 2018 में ‘लैला मजनू’ फिल्म से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा था. एक्ट्रेस को सबसे ज्यादा पॉपुलैरिटी 2023 में रिलीज हुई एनिमल से मिली. इस फिल्म में उनका रोल काफी छोटा था, लेकिन रणबीर कपूर संग इंटीमेट सीन देकर वो छा गईं.हालांकि, इंटीमेट सीन्स की वजह से उन्हें काफी आलोचनाओं का सामना भी करना पड़ा.उसके बाद उन्होंने खुद को सोशल मीडिया से दूर कर लिया था. उस दौरान एक्ट्रेस की बहन ने उन्हें लेकर काफी मुश्किलों का सामना किया.तृप्ति ने हाल ही में टू फिल्मी से अपनी बहन के बारे में बात की.

एक्ट्रेस ने कहा कि उनके करियर में उनकी बहन का बहुत बड़ा सपोर्ट रहा है. एनिमल के दौरान जब नफरत भरे कॉमेंट्स को पढ़कर वो परेशान हो जाया करती थी.तृप्ति ने बताया कि ट्रोल होने के बाद उन्होंने कॉमेंट्स पढ़ना बंद कर दिया था.

ऐसे में उनकी बहन देर रात तक हर कॉमेंट्स को पढ़ती थी और उसके बाद वो तनाव में आ जाया करती थी. हालांकि, फिर वो सोचती थी कि इसका असर एक्ट्रेस पर पड़ेगा. ऐसे में उन्होंने कहा,’आप अगर अच्छा भी करेंगे, तो भी लोग बात ही बनाएंगे. इसलिए, वही करो जिसमें आपको वाकई यकीन हो. जिंदगी है ये तुम्हारी, इसे जीने का मौका सिर्फ एक बार मिलता है. आप गलतियां करते हैं लेकिन उससे सीखते हैं’.

तृप्ति ने कहा कि उनकी बहन पहले दिन से उनके साथ थी. एक्ट्रेस जब भी ऑडिशन में रिजेक्ट होती थीं और रोते हुए अपनी बहन को फोन करती थीं तो वो कहतीं तुम्हें अभी ये करते रहना है. शोर-शराबे पर ध्यान मन दो, रिश्तेदार हो या आस-पास के लोग इनकी बातें मन सुनो.बस ये करती रहो और देखो कि ये तुम्हारे लिए सफल साबित होता है या नहीं. तुम अगर खुश नहीं हो, तभी इससे पीछे हटना. वर्कफ्रंट की बात करें तो जल्द ही तृप्ति ‘धड़क 2’ में नजर आने वाली हैं. ये फिल्म 1 अगस्त को बॉक्स ऑफिस पर दस्तक देगी.

 

NATIONAL : आगरा में अज्ञात वाहन ने ऑटो में मारी टक्कर, दर्दनाक सड़क हादसे में बच्चे समेत 3 की मौत

0

आगरा-फिरोजाबाद हाईवे पर शुक्रवार (25 जुलाई) की सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया. एत्मादपुर थाना क्षेत्र के सतौली कट के पास एक तेज रफ्तार वाहन ने ऑटो में टक्कर मार दी, जिससे ऑटो पलट गया. इस हादसे में ऑटो सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.इस हाइवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाद मौके पर चीखपुकार मच गई, सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत बचाव कार्य शुरू किया. आगरा के थाना एत्मादपुर क्षेत्र के आगरा फिरोजाबाद हाइवे पर उस चीखपुकार मच गई जब एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने ऑटो में टक्कर मार दी. जिसके चलते भीषण सड़क हादसा हो गया.

इस भीषण सड़क हादसे में एक बच्चे सहित तीन की मौत हो गई जबकि दो लोग घायल हो गए. ऑटो फिरोजाबाद की ओर से आगरा आ रहा है तभी सतली कट के पास यह हादसा हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

फिरोजाबाद की ओर से आगरा आ रहे ऑटो को तेज रफ्तार वाहन ने इतनी तेज टक्कर मारी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए. टक्कर के बाद बीच हाइवे पर ऑटो पलट गया. पुलिस अब सीसीटीवी कैमरों की मदद से ऑटो में टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश कर रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.

UP : बस्ती में शराबियों के आतंक से परेशान महिलाओं ने सड़क की जाम, ठेका हटाने की मांग तेज

0

उत्तर प्रदेश के बस्ती में शराबियों के उत्पात से त्रस्त महिलाओं ने सड़क पर उतरकर अपनी आवाज बुलंद की. कोतवाली थाना क्षेत्र के कृष्णा भगौती गांव के पास बस्ती-महुली मार्ग पर गुरूवार को सैकड़ों महिलाओं ने शराब के ठेके को हटाने की मांग को लेकर सड़क जाम कर दी.करीब दो घंटे तक चले इस प्रदर्शन से मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ. मौके पर पहुंची पुलिस ने महिलाओं को समझा-बुझा कर शांत किया.

कृष्णा भगौती के पास स्थित शराब के ठेके से परेशान महिलाओं का कहना है कि शराबियों का दिनभर जमावड़ा उनकी जिंदगी को नर्क बना रहा है. प्रदर्शनकारी महिलाओं ने बताया कि सुबह से रात तक शराबी ठेके पर खड़े रहते हैं. हमारी बेटियां स्कूल-कॉलेज जाती हैं, उन पर फब्तियां कसी जाती हैं.घर से निकलने में भी डर लगता है. शराबी गंदी-गंदी गालियां देते हैं, जिससे हम और हमारे बच्चे असुरक्षित महसूस करते हैं. महिलाओं ने मांग की कि ठेका तत्काल हटाया जाए, ताकि उनकी बहू-बेटियां सुरक्षित रह सकें.

महिलाओं के सड़क जाम करने से बस्ती-महुली मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. एंबुलेंस और आपातकालीन वाहनों को भी निकलने में दिक्कत हुई. स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि प्रदर्शन के कारण उनके ग्राहक नहीं पहुंच पाए, जिससे कारोबार को नुकसान हुआ.

सूचना मिलते ही सोनूपार चौकी और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं की शिकायतें सुनीं और उन्हें समझाने की कोशिश की. अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं की शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है. हमने आश्वासन दिया है कि इस मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी. करीब दो घंटे की समझाइश के बाद महिलाओं ने सड़क जाम खोला, लेकिन चेतावनी दी कि यदि ठेका नहीं हटाया गया तो वे बड़ा आंदोलन करेंगी.

वहीं जिला आबकारी अधिकारी राजेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि शराब की दुकान का लाइसेंस नियमानुसार दिया गया है. यदि किसी को इससे परेशानी है तो वे कानूनी तौर पर शिकायत दर्ज कर सकते हैं. प्रशासन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.जबकि प्रदर्शनकारी महिलाओं ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे और बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगी. जिसके बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस पर शराब ठेके से उत्पन्न होने वाली समस्याओं को गंभीरता से लेने का दबाव बढ़ा दिया है.

 

NATIONAL : धनबाद में अवैध खनन के दौरान बड़ा हादसा, खदान धंसने से 9 मजदूर दबे

0

धनबाद के बाघमारा थाना क्षेत्र स्थित बीसीसीएल की बंद खदान के पास अवैध कोयला खनन के दौरान बड़ा हादसा हुआ. मंगलवार रात चाल धंसने से 9 मजदूर मलबे में दब गए. एनडीआरएफ और बीसीसीएल की टीम राहत और बचाव कार्य में जुटी है. जमुनिया नदी का पानी भी खदान में घुसने से रेस्क्यू ऑपरेशन में भारी बाधा उत्पन्न हो रही है.

झारखंड के धनबाद में जमुनिया के पास मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया. बीसीसीएल (Bharat Coking Coal Limited) की बंद पड़ी सी-पैच खदान के पास अवैध रूप से कोयले का उत्खनन किया जा रहा था, उसी दौरान चाल (खदान का एक हिस्सा) धंसने से कम से कम नौ मजदूर मलबे में दब गए. मौके पर राहत कार्य के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल यानी की NDRF की 33 सदस्यीय टीम पहुंच चुकी है, जिसका नेतृत्व संतोष पठानिया कर रहे हैं. साथ ही बीसीसीएल की माइंस रेस्क्यू टीम भी संयुक्त ऑपरेशन में जुटी है.

हादसा तब हुआ जब अवैध खनन के मुहाने के पास स्थित जमुनिया नदी का पानी लगातार बारिश के कारण बढ़ गया और खदान के भीतर घुस गया. इसी से चाल धंसने की आशंका जताई जा रही है. खदान के चारों ओर का इलाका दलदली हो गया है, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन में भारी कठिनाई आ रही है. एनडीआरएफ और बीसीसीएल की टीमें हर एंगल से क्षेत्र का मुआयना कर रही हैं ताकि दबे लोगों तक पहुंचा जा सके.

सबसे बड़ी चुनौती यह है कि यह अवैध खदानें बिना किसी नक्शे के बेतरतीब ढंग से खोदी जाती हैं. बीसीसीएल की नियमित खदानों में जैसे नक्शा होता है, उससे रेस्क्यू टीम को रास्ता मिल जाता है, लेकिन इन अवैध सुरंगों में न तो प्रवेश और निकास के स्पष्ट रास्ते होते हैं, न ही कोई रिकॉर्ड. कई सुरंगें एक ही मुहाने से अंदर जाकर अलग-अलग दिशाओं में खोदी जाती हैं, जिससे बचाव अभियान जोखिमपूर्ण बन गया है.हादसे की गंभीरता को देखते हुए बुधवार को गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी और जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय भी मौके पर पहुंचे. सांसद चौधरी ने बाघमारा थाना में इस अवैध खनन के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद बचाव कार्य में तेजी आई.

JAIPUR : आंगन में कपड़े सुखा रही थी महिला, हेलमेट पहने अंदर घुसा बदमाश, बुजुर्ग को जमीन पर गिराया, चेन छीनकर हुआ फरार

0

जयपुर के ट्रांसपोर्ट नगर की सेठी कॉलोनी में एक बुजुर्ग महिला से दिनदहाड़े घर के आंगन में सोने की चेन लूट ली गई. हेलमेट पहने लुटेरा घर में घुसा और पीछे से झपट्टा मारकर महिला को गिरा दिया. पूरी घटना CCTV में कैद हो गई. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है.

जयपुर शहर के ट्रांसपोर्ट नगर थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है. सेठी कॉलोनी में एक बुजुर्ग महिला के साथ घर में घुसकर लूट की घटना हुई है. पूरी घटना घर के बाहर लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है.68 साल की शकुंतला देवी बुधवार दोपहर अपने घर के आंगन में कपड़े सुखा रही थीं. तभी एक युवक हेलमेट पहनकर घर में घुसा और पीछे से झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली. झटके से महिला जमीन पर गिर पड़ी. शोर सुनकर परिवार के लोग बाहर आए लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था.

पुलिस के अनुसार वारदात करीब दोपहर करी साढ़े 12 बजे की है. आरोपी पहले घर का दरवाजा देखता रहा, फिर चुपचाप अंदर घुस गया. बुजुर्ग महिला को अकेला देखकर उसने वारदात को अंजाम दिया. घटना के बाद वह बाइक पर सवार होकर सेठी कॉलोनी की तरफ भाग गया.CCTV फुटेज की जांच में सामने आया है कि यही आरोपी कुछ दिन पहले भी इसी इलाके में एक महिला से चेन स्नेचिंग कर चुका है. पुलिस ने पुराने और नए फुटेज का मिलान किया है, जिससे लुटेरे की पहचान तय मानी जा रही है.

 

NATIONAL : ‘कर्नाटक हाईकोर्ट ने अपने विवेक का इस्तेमाल किया?’, रेणुकास्वामी हत्याकांड में एक्टर दर्शन को जमानत मिलने पर सुप्रीम कोर्ट नाराज

0

सुप्रीम कोर्ट ने कन्नड़ अभिनेता दर्शन और अन्य आरोपियों को मिली जमानत पर कर्नाटक हाईकोर्ट को जमकर फटकार लगाई. CJI जस्टिस बीआर गवई की अध्यक्षता वाली बेंच ने कर्नाटक हाईकोर्ट की कड़ी आलोचना करते हुए सवाल किया कि क्या हर ज़मानत याचिका में एक जैसा आदेश पारित किया जाता है? क्या यही हाईकोर्ट जज की समझदारी है? अगर ये सत्र न्यायालय होता, तो समझ आता, लेकिन हाईकोर्ट से ऐसी गलती?

सुप्रीम कोर्ट ने कन्नड़ अभिनेता दर्शन और अन्य आरोपियों को मिली जमानत पर कर्नाटक हाईकोर्ट को जमकर फटकार लगाई. ये केस 33 वर्षीय रेणुकास्वामी की हत्या से जुड़ा है, जिसमें दर्शन और उनकी करीबी पवित्रा गौड़ा सहित कई आरोपी हैं. सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को इस केस में अपना आदेश सुरक्षित रख लिया, लेकिन कर्नाटक हाईकोर्ट की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए.

CJI जस्टिस बीआर गवई की अध्यक्षता वाली बेंच ने कर्नाटक हाईकोर्ट की कड़ी आलोचना करते हुए सवाल किया कि क्या हर ज़मानत याचिका में एक जैसा आदेश पारित किया जाता है? क्या यही हाईकोर्ट जज की समझदारी है? अगर ये सत्र न्यायालय होता, तो समझ आता, लेकिन हाईकोर्ट से ऐसी गलती? बेंच ने कहा कि हम हाईकोर्ट के रवैये से चिंतित हैं. देखिए कि यह कैसे किया गया है. क्या यह एक हाईकोर्ट जज की समझ है? अगर कोई सत्र न्यायाधीश होता तो हम समझ सकते थे, लेकिन एक हाईकोर्ट जज ऐसी गलती कैसे कर सकता है?

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि यह ‘विवेक का विकृत प्रयोग’ है. साथ ही कहा कि सुप्रीम कोर्ट इस बात की जांच कर रहा है कि क्या हाईकोर्ट ने इतने गंभीर मामले में जमानत देने से पहले अपने विवेक का उचित इस्तेमाल किया भी था या नहीं. कोर्ट ने साफ कहा कि हम वही गलती नहीं दोहराएंगे जो हाईकोर्ट ने की. यह हत्या और साजिश का मामला है, इसलिए हम इसे गंभीरता से ले रहे हैं.

ये सुनवाई कर्नाटक राज्य सरकार की याचिका पर हो रही थी, जिसमें हाईकोर्ट द्वारा 13 दिसंबर 2024 को दर्शन और अन्य आरोपियों को ज़मानत दिए जाने के आदेश को चुनौती दी गई है.

सुनवाई के दौरान अदालत ने सह-आरोपी पवित्रा गौड़ा के वकील से कहा कि ये सब कुछ आपके कारण हुआ. अगर आप न होतीं, तो A2 (दर्शन) को दिलचस्पी नहीं होती, और यदि A2 को दिलचस्पी नहीं होती, तो बाकी लोग भी शामिल न होते. इसलिए, आप इस पूरे मामले की जड़ हैं. हालांकि पवित्रा की ओर से वकील ने तर्क दिया कि उन्हें आपत्तिजनक मैसेज मिले थे और अपहरण या हत्या में शामिल आरोपियों से उनके कॉल रिकॉर्ड का कोई सीधा संबंध नहीं है. लेकिन अदालत ने स्पष्ट किया कि वह ‘सूक्ष्म दलीलों’ की जांच नहीं कर रही है. पीठ ने कहा कि हमें देखना होगा कि अभियोजन पक्ष का मामला भरोसेमंदहै या नहीं.

सुप्रीम कोर्ट ने यह भी सवाल उठाया कि कर्नाटक हाईकोर्ट ने गार्ड के रूप में काम कर रहे किरण और पुनीत के प्रत्यक्षदर्शी बयानों को कैसे खारिज कर दिया. पीठ ने पूछा कि हाईकोर्ट ने उन्हें विश्वसनीय गवाह क्यों नहीं कहा? सर्वोच्च अदालत ने कहा कि हमारा आखिरी सवाल ये है कि आख़िर हाईकोर्ट ने इन दो गवाहियों को किस आधार पर खारिज किया?

एक अन्य आरोपी से जब्त मोबाइल फोन की बात करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने चौंकाने वाला सवाल पूछा कि आरोपी नंबर 10 से मोबाइल मिला, जिसमें मारपीट की तस्वीरें थीं. आखिर कोई हमले की तस्वीरें क्यों खींचेगा? जब यह बताया गया कि ये तस्वीरें A2 (दर्शन) को भेजी गई थीं और एक फोटो में मृतक गिड़गिड़ाता दिख रहा है, तो कोर्ट ने सख्त लहजे में कहा कि ये अविश्वसनीय है लूथरा. ये लोग पिटाई के दौरान पोज दे रहे हैं? अब हमें समझ में आ गया कि ये ‘कल्ट’ क्या है जो अभिनेताओं को पूजता है. इस पर लूथरा ने कहा कि आरोपी सभी दर्शन के फैन क्लब से जुड़े हैं और कुछ भी करने को तैयार रहते हैं.

सुनवाई के अंत में सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि वह दोष सिद्धि या बरी किए जाने पर कोई निर्णय नहीं देगा, लेकिन हाईकोर्ट के आचरण की समीक्षा जरूर करेगा और उसी के अनुसार फैसला लेगा.

 

MP: भोपाल के बाणगंगा इलाके में हिंदू पलायन को मजबूर, बजरंग दल समेत हिंदू संगठनों का बड़ा दावा

0

भोपाल के बाणगंगा इलाके में हिंदू संगठनों ने नारेबाजी करते हुए पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की. उनका कहना है कि जहां भी मुस्लिम आबादी 15% से अधिक हुई है, वहां गुंडागर्दी और आतंक बढ़ गया है.बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठनों ने मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के बाणगंगा इलाके में हिंदू परिवारों के पलायन का दावा किया है. स्थानीय हिंदू परिवारों का आरोप है कि मुस्लिम अराजक तत्व उन्हें परेशान कर रहे हैं.

आरोप है कि प्रेम नगर में मुस्लिम समुदाय के लोग हिंदुओं के घरों के सामने गाली-गलौज, हंगामा और तलवारबाजी की जा रही है, जिससे वे मोहल्ला छोड़ने को मजबूर हो रहे हैं. इस जानकारी के बाद बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद ने बाणगंगा इलाके में धरना-प्रदर्शन किया और हनुमान चालीसा का पाठ किया. हिंदू संगठनों ने नारेबाजी करते हुए पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की. उनका कहना है कि जहां भी मुस्लिम आबादी 15% से अधिक हुई है, वहां गुंडागर्दी और आतंक बढ़ गया है.

हुजूर सीट से बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने इस मामले में कहा, ”हिंदुओं का पलायन नहीं होगा, बल्कि उन्हें परेशान करने वालों का पलायन कराया जाएगा और उन्हें जेल में डाला जाएगा. हिंदुओं के पलायन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है. मैं सकल हिंदू समाज की एकजुटता के लिए साधुवाद देता हूं और जिला प्रशासन से अपराधियों पर कठोर कार्रवाई का आग्रह करता हूं.”

NATIONAL : लुटेरी दुल्हन और प्रेमी गिरफ्तार, पति और जेठ को बेहोश कर जेवर-नकदी लेकर हुई थी फरार

0

झांसी के शहर कोतवाली क्षेत्र में लुटेरी दुल्हन रीना ने शादी के तीन माह बाद प्रेमी रिंकू के साथ मिलकर पति और जेठ को बेहोश कर घर से जेवर और नकदी चुराए थे. फरार होने के बाद दोनों गुजरात भाग गए. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर चोरी के सोने-चांदी के जेवर और नकदी बरामद कर ली है.झांसी के शहर कोतवाली थाना क्षेत्र में लुटेरी दुल्हन और उसके प्रेमी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. महिला ने शादी के तीन माह बाद प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति और जेठ को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश किया और घर से सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गई थी.

शहर कोतवाली क्षेत्र के नई बस्ती में रहने वाले नवल किशोर के छोटे बेटे यशवंत की शादी पूंछ थाना क्षेत्र के अमरौख गांव की रहने वाली रीना से हुई थी. शादी के तीन महीने बाद 1 जून को रीना ने पहले पति यशवंत और जेठ बालचंद्र को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश किया. फिर घर में रखे जेवर और करीब 50 हजार रुपये लेकर प्रेमी रिंकू के साथ भाग गई.

नवल किशोर ने थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी और फिर चोरी का मामला दर्ज किया. जांच के दौरान पता चला कि रीना और रिंकू पहले से प्रेम-प्रसंग में थे और दोनों अमरौख गांव के ही रहने वाले हैं.पुलिस ने लोकेशन ट्रेस कर दोनों को सूरत से गिरफ्तार किया. उनके पास से चोरी के सोने-चांदी के जेवर और 3230 रुपये नकद बरामद किए गए. पुलिस अधीक्षक नगर ज्ञानेन्द्र कुमार ने बताया कि महिला के मायके और ससुराल पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे थे. जांच के बाद मामला स्पष्ट हुआ और दोनों को जेल भेज दिया गया.

- Advertisement -

News of the Day