Sunday, May 10, 2026
Home Blog Page 487

BHOPAL : भोपाल में बड़े ड्रग्स रैकेट का भंडाफोड़, लड़कियों को नशे का आदी बनाकर करते थे शोषण

0

यह ऐसा ड्रग्स रैकेट था, जिसमें लड़कियों को नशा देकर उनके साथ यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग की जा रही थी. इस मामले में पकड़े गए आरोपी के मोबाइल से कई आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से महंगी गाड़ियां और पिस्टल भी जब्त की है.

भोपाल में ड्रग्स और अपराध की दुनिया का ऐसा घिनौना चेहरा सामने आया है, जिसने हर किसी को हिलाकर रख दिया है. वहां लड़कियों को पहले नशे की लत लगाई जाती थी, फिर उनके साथ दुष्कर्म कर वीडियो बनाए जाते थे. क्राइम ब्रांच की जांच में सामने आया है कि क्लब और जिम में आने वाली युवतियों को शिकार बनाया जाता था. आरोपी सिर्फ ड्रग्स नहीं बेचते थे, बल्कि उन्हें ब्लैकमेलिंग और यौन शोषण के लिए इस्तेमाल करते थे.

यह ऐसा ड्रग्स रैकेट था, जिसमें लड़कियों को नशा देकर उनके साथ यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग की जा रही थी. इस मामले में पकड़े गए आरोपी के मोबाइल से कई आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से महंगी गाड़ियां और पिस्टल भी जब्त की है. जांच में आरोपी के भाजपा से जुड़ाव के आरोप भी सामने आए हैं.

भोपाल क्राइम ब्रांच की जांच में एक ऐसा ड्रग रैकेट सामने आया है, जिसमें सिर्फ ड्रग्स ही नहीं बल्कि युवतियों के यौन शोषण की भी खौफनाक साजिश सामने आई है. दो आरोपियों के मोबाइल से ऐसे वीडियो मिले हैं, जो पूरे शहर को हिला देने के लिए काफी हैं.

 

NATIONAL : दिल्ली में सड़कें बनीं दरिया, स्कूल-ऑफिस जाने वालों की बढ़ीं मुश्किलें, बारिश का अलर्ट फिर हुआ जारी

0

दिल्ली में कल (23 जुलाई) तेज बारिश से कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई. IMD ने आगामी दिनों में और बारिश की चेतावनी जारी की है, जिससे और मुश्किलें बढ़ने की आशंका है.वैसे तो दिल्ली-एनसीआर वालों को भीषण गर्मी और उमस से राहत पाने के लिए बारिश का इंतजार था लेकिन बीते दिन हुई सुबह दिल्ली में हुई मूसलधार बारिश ने कामकाजी घंटों के दौरान आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं. राजधानी के कई हिस्सों में जलभराव के चलते ट्रैफिक बाधित रहा और स्कूली बच्चों से लेकर दफ्तर जाने वाले लोग तक परेशान होते नजर आए.

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों में और बारिश का अनुमान जताया है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में स्कूलों और सड़कों पर भरे पानी के दृश्य देखे जा सकते हैं, जिनमें लोग घुटनों तक पानी में चलते दिखाई दे रहे हैं.

बारिश के बाद दिल्ली के संगम विहार, एमबी रोड, महरौली-बदरपुर रोड, कैलाश कॉलोनी, साउथ एक्सटेंशन, आईटीओ और एनएच-8 जैसे इलाकों में गाड़ियों का चलना मुश्किल हो गया. जगह-जगह जलभराव से गाड़ियां फंस गईं और लोग पैदल ही रास्ता तय करने को मजबूर हो गए. इस हालात पर विपक्षी आम आदमी पार्टी (AAP) ने सत्तारूढ़ बीजेपी पर तंज कसा. आप नेताओं ने सोशल मीडिया पर जलभराव वाले वीडियो शेयर कर “दिल्ली में फ्री वॉटर स्पोर्ट्स” जैसी टिप्पणियां कीं. प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने एक महिला को बाथटब में तैरते दिखाने वाला वीडियो साझा करते हुए बीजेपी सरकार पर कटाक्ष किया.

बुधवार (23 जुलाई) शाम 5:30 बजे तक सफदरजंग में 9.3 मिमी, लोधी रोड पर 11.2 मिमी और प्रगति मैदान में 6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों के अनुसार, भारी बारिश के बावजूद मिंटो ब्रिज अंडरपास जैसे संवेदनशील इलाकों में कोई बड़ी समस्या नहीं हुई.

हालांकि, बाढ़ नियंत्रण कक्ष को जलभराव की लगभग 20 शिकायतें मिलीं. प्रभावित क्षेत्रों में ओल्ड रोहतक रोड, नंद नगरी, ओखला मेन रोड और गाजीपुर मुर्गा मंडी शामिल रहे. अधिकारियों ने बताया कि जलनिकासी के लिए पंपिंग और त्वरित प्रतिक्रिया दलों को पहले से तैनात किया गया था, जिससे अधिकतर जगहों पर एक घंटे के भीतर पानी हटा लिया गया.

मौसम विभाग ने बताया कि बारिश के चलते अधिकतम तापमान 30.8°C और न्यूनतम तापमान 25.6°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से नीचे रहा. इससे उमस से राहत जरूर मिली, लेकिन जलभराव की समस्या ने लोगों को परेशान किया. आज भी बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया गया है. अधिकारियों ने नागरिकों को घरों में रहने, ट्रैफिक अपडेट फॉलो करने, बिजली के खंभों और पेड़ों से दूर रहने की सलाह दी है.

 

SURAT : सूरत में नकली तंबाकू बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़, एक आरोपी गिरफ्तार, 2.13 लाख का माल जब्त

0

सूरत के वराछा में पुलिस ने 22 दिन से चल रही नकली बागबान तंबाकू बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया. आरोपी हर्षद काछड़िया गिरफ्तार हुआ. पुलिस ने 2.13 लाख रुपये का मुद्दामाल जब्त किया. फैक्ट्री से बड़ी मात्रा में तंबाकू पाउच, कच्चा माल और मशीनें बरामद हुई हैं. मामले की जांच जारी है.गुजरात के सूरत शहर में नकली तंबाकू बनाने वाली एक फैक्ट्री का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. यह फैक्ट्री सूरत के वराछा क्षेत्र के तिरुपति नगर में एक बिल्डिंग की पहली मंजिल पर पिछले 22 दिनों से चल रही थी.

जोन 1 डीसीपी आलोक कुमार की एलसीबी टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की. पुलिस ने यहां से नकली बागबान तंबाकू बनाते हुए एक आरोपी हर्षद दलसुखभाई काछड़िया को गिरफ्तार किया है.मौके से पुलिस ने 2.13 लाख रुपये का मुद्दामाल बरामद किया. इसमें बागबान तंबाकू के 15,100 पाउच, 10-10 किलो के खुले तंबाकू से भरे 6 बैग, 1 किलो लूज़ तंबाकू, 1.75 किलो का रैपर रोल, 3 सिल्वर प्लास्टिक रैपर रोल, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और तंबाकू बनाने की मशीनें शामिल हैं.

पुलिस के मुताबिक आरोपी हर्षद काछड़िया पहले भी नकली माल बनाने और जुए के मामले में पकड़ा जा चुका है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नकली तंबाकू रैकेट में और कौन-कौन शामिल है और बीते 22 दिनों में तंबाकू कहां-कहां बेचा गया. पुलिस ने कंपनी प्रतिनिधियों के साथ मिलकर कार्रवाई की और इसका वीडियो भी बनाया गया है. फिलहाल जांच जारी है.

ENTERTAINMENT : पोस्टर पर उदिता को देखकर दिल बैठे थे मोहित सूरी, फ‍िल्मी है ‘सैयारा’ के डायरेक्टर की लवस्टोरी

0

सैयारा के डायरेक्टर मोहित सूरी ने अपनी पत्नी एक्ट्रेस उदिता गोस्वामी संग लव स्टोरी शेयर की है. उन्होंने बताया कि वो कैसे उदिता से मिले और उन्हें पहली बार देखकर सोच चुके थे कि वो सिर्फ उन्हीं से शादी करेंगे.’सैयारा’ जैसी ब्लॉकबस्टर लव स्टोरी देने वाले डायरेक्टर मोहित सूरी असल जिंदगी में भी काफी रोमांटिक हैं. एक्ट्रेस उदिता गोस्वामी संग उनकी लव स्टोरी किसी फिल्म की कहानी से कम नहीं है. अब डायरेक्टर ने अपनी पत्नी को पहली बार मिलने से लेकर अपनी शादी तक की पूरी कहानी बताई है.

मोहित सूरी ने अपने एक इंटरव्यू में बताया कि वो उदिता को पहली नजर में ही पसंद कर चुके थे. उन्होंने एक्ट्रेस का फोटो एक बड़े होर्डिंग पर देखा और अपने दिमाग में उनसे शादी का ख्याल बना लिया. उन्होंने मुंबई में एक जूस सेंटर के बाहर बैठे उदिता की पहली फिल्म ‘पाप’ का पोस्टर देखा और डायरेक्टर पूजा भट्ट से मजाक में कहा कि वो उदिता से शादी करना चाहेंगे. हालांकि मोहित को उदिता के बारे में कुछ नहीं पता था.

मोहित ने आगे बताया कि वो कुछ समय के बाद एक फिल्म के ट्रायल पर उदिता से मिले जहां पूजा भट्ट ने उन्हें एक्ट्रेस से मिलवाया. हालांकि ये पल मोहित के लिए तब असहज बना जब पूजा ने उनकी मजाक वाली बात उदिता से कही. उन्होंने कहा कि ये मोहित हैं, डायरेक्टर बनना चाहते हैं और आपसे शादी करना चाहते हैं. वो पल थोड़ा अजीब जरूर था. लेकिन वहीं से हमारी लव स्टोरी की शुरुआत हुई थी.’

मोहित और उदिता का रिश्ता आज से लगभग 20 सालों पुराना है. दोनों ने पहली बार साल 2005 फिल्म ‘जहर’ में काम किया था जो मोहित की बतौर डायरेक्टर डेब्यू फिल्म भी थी. इसके बाद दोनों ने साथ में कोई फिल्म नहीं की, मगर उनका प्यार आगे बढ़ता गया. फिर मोहित और उदिता ने साल 2013 में शादी रचाई और आज दो बच्चों देवी और कर्मा के पेरेंट्स हैं. अब मोहित ने अपने करियर की सबसे बड़ी फिल्म ‘सैयारा’ दी है, जिसकी सक्सेस से सबसे ज्यादा उदिता को खुशी है.

उन्होंने अपने पति के लिए एक इमोशनल पोस्ट लिखा है. उदिता ने लिखा कि वो आमतौर पर काफी प्राइवेट हैं. वो एक-दूसरे के लिए अपना प्यार मीठी नोक-झोक के जरिए जताते हैं. उदिता का कहना है कि मोहित के लिए ये पल आसानी से नहीं आया है. उन्होंने अपनी कई सालों की मेहनत, लगन और धैर्य से इस लम्हे को हासिल किया है. कई रातें बिना नींद के गुजारी हैं और आज जब ये पल उनकी जिंदगी में आया है तो उदिता उनके लिए काफी खुश हैं.

उदिता सैयारा का पूरा क्रेडिट सिर्फ मोहित सूरी को देती हैं. क्योंकि उन्होंने इसे बनाने के लिए काफी चीजों की कुर्बानी दी है. बता दें कि ‘सैयारा’ पिछले पांच दिनों से बॉक्स ऑफिस पर कमाल करती आ रही है. फिल्म का कलेक्शन सिर्फ चार दिनों में 100 करोड़ के पार पहुंच चुका था. इसे लेकर लोगों की दीवानगी थिएटर्स में काफी ज्यादा देखी गई.

UP : बड़े मार्बल कारोबारी का बेटा, लंदन से MBA… लोगों को वीजा-नौकरी के नाम पर ठगता था हर्षवर्धन

0

गाजियाबाद में हर्षवर्धन की कोठी पर अलग-अलग देशों के झंडे लगाए जाते थे, ताकि उसका दबदबा बना रहे. साथ ही खुद को राजदूत दिखाने के लिए वह नकली राजनयिक नंबर प्लेट वाली गाड़ियां इस्तेमाल करता था. उसने बिना इजाजत के नकली राजनयिक और प्रेस कार्ड भी जारी किए थे और कोठी से कथित तौर पर मनी लॉन्ड्रिंग और हवाला से जुड़ा रैकेट चलाता था.

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक ऐसे फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ, जिसके बारे में शायद किसी ने सोचा भी नहीं होगा. गाजियाबाद के कवि नगर इलाके में हर्षवर्धन जैन नाम का एक कारोबारी अपनी कोठी में फर्जी दूतावास चला रहा था. आरोपी खुद को वेस्ट आर्टिका और सेबोर्गा जैसे कई देशों का राजदूत बताता था. यूपी एसटीएफ की छापेमारी के दौरान इस रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है.

एसटीएफ ने आरोपी हर्षवर्धन की कोठी से डिप्लोमेटिक नंबर प्लेट लगी कई लग्जरी गाड़ियां बरामद की हैं. साथ ही भारी मात्रा में कैश और फर्जी मुहरें भी जब्त की गई हैं. हर्षवर्धन ने लंदन के ‘कॉलेज ऑफ अप्लाइड साइंस’ से MBA की डिग्री ली थी. इसके अलावा उसने गाजियाबाद के ITS कॉलेज से भी एमबीए कर रखा था.

फर्जी दूतावास मामले में आरोपी हर्षवर्धन मजबूत पारिवारिक पृष्ठभूमि से आता था. उसके पिता की गिनती प्रभावशाली कारोबारियों में होती थी और वह राजस्थान में मार्बल माइंस के मालिक थे. हर्षवर्धन के पिता की मौत के बाद बिजनेस में उसे काफी नुकसान हुआ. 2000 के दशक में आरोपी की मुलाकात गाजियाबाद में विवादित धर्मगुरु चंद्रास्वामी से हुई. चंद्रास्वामी ने ही हर्षवर्धन को लंदन भेजा, जहां उसने कई कंपनियों की शुरुआत की.

जांच एजेंसियों के मुताबिक चंद्रास्वामी ने ब्लैक मनी छुपाने के लिए हर्षवर्धन से कंपनियां खुलवाई थीं. धीरे-धीरे उसका साम्राज्य बढ़ता गया और हर्षवर्धन ने अपने राजनयिक संबंधों का फायदा उठाया, साथ ही विदेश में नौकरी और वीजा का झांसा देकर लोगों को ठगने लगा. उस पर हवाला लेनदेन, धोखाधड़ी और दलाली में शामिल होने के भी आरोप हैं.

एसटीएफ के SSP सुशील घुले ने बताया कि हर्षवर्धन जैन लोगों को विदेश में नौकरी और संपर्क का झूठा वादा करके उन्हें फंसा रहा था. उन्होंने आगे बताया कि उसका मकसद इन फर्जी पहचानों का इस्तेमाल दलाली करने, विदेशों में नौकरी दिलाने का दावा करने और फर्जी कंपनियों के जरिए हवाला रैकेट चलाने के लिए करना था.एसटीएफ के मुताबिक ने सेबोर्गा, पोल्बिया और लोडोनिया जैसे अंजान स्वघोषित देशों से जुड़कर उसने खुद को एक राजनयिक व्यक्ति के रूप में पेश किया था. ये ऐसे छोटे देश हैं जिनकी कोई कानूनी अंतरराष्ट्रीय मान्यता तक नहीं है. उसने अपनी विश्वसनीयता बनाने और लोगों को धोखाधड़ी वाली नौकरी और बिजनेस डील में फंसाने के लिए ‘राजदूत’ और ‘सलाहकार’ जैसे फर्जी पदों का इस्तेमाल किया.

गाजियाबाद में हर्षवर्धन की कोठी पर अलग-अलग देशों के झंडे लगाए जाते थे, ताकि उसका दबदबा बना रहे. साथ ही खुद को राजदूत दिखाने के लिए वह नकली राजनयिक नंबर प्लेट वाली गाड़ियां इस्तेमाल करता था. उसने बिना इजाजत के नकली राजनयिक और प्रेस कार्ड भी जारी किए थे और कोठी से कथित तौर पर मनी लॉन्ड्रिंग और हवाला से जुड़ा रैकेट चलाता था.

छापेमारी के दौरान एसटीएफ ने फर्जी राजनयिक सामान बरामद किया, जिसमें राजनयिक नंबर प्लेट वाली चार लग्जरी कारें, माइक्रोनेशन के बारह राजनयिक पासपोर्ट, विदेश मंत्रालय के जाली दस्तावेज, दो फर्जी पैन कार्ड, चौंतीस नकली मुहरें, दो फर्जी प्रेस कार्ड, 44.7 लाख रुपये नकद, विदेशी करेंसी और अठारह फर्जी राजनयिक नंबर प्लेटें शामिल हैं.

ENTERTAINMENT : असित मोदी ने कास्टिंग को लेकर खुद कही ये बात!भारती सिंह बनेंगी ‘तारक मेहता’ की ‘नई दयाबेन’?

0

तारक मेहता का उल्टा चश्मा शो पिछले कई सालों से दर्शकों को खूब एंटरटेन कर रहा है. हालांकि, लंबे वक्त से दयाबेन शो में नजर नहीं आ रही हैं. ऐसे में फैंस उनकी वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.

तारक मेहता का उल्टा चश्मा इन दिनों टीआरपी लिस्ट में टॉप पर है. हाल ही में शो के 17 साल पूरे होने का जश्न भी मनाया गया. इन सबके बाद भी शो में दर्शकों को एक कमी खलती है और वो है दयाबेन की. इसी बीच असित कुमार मोदी मुंबई में आयोजित हुए एक इवेंट में पहुंचे थे.इस दौरान वो कॉमेडियन भारती सिंह से टकरा गए.सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रही है जिसमें असित मोदी को भारती सिंह भाई कहकर गले लगाती हुई नजर आ रही हैं. दोनों तारक मेहता का टाइटल ट्रैक भी गाते हैं. उसके बाद भारती और असित मोदी ने एक साथ पैपराजी को पोज भी दिए.

इतना ही नहीं बल्कि भारती सिंह को असित मोदी ने दयाबेन कहकर चिढ़ाया भी. उन्होंने कहा,’अगर जेठालाल पंजाबी होते तो भारती दयाबेन होती’. सोशल मीडिया पर जैसे ही ये वीडियो सामने आई, लोगों ने अपना रिएक्शन देना शुरू कर दिया.कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने तो भारती सिंह को दयाबेन के रूप में देखने की इच्छा भी जता डाली. आपको बता दें पिछले काफी वक्त से असित मोदी भी नई दयाबेन की तलाश में हैं. पहले शो में दिशा वकानी ने दयाबेन की भूमिका निभाई थी.

उन्होंने इस कैरेक्टर को इतने अच्छे ढंग से निभाया था कि लोगों ने रियल लाइफ में भी उन्हें दयाबेन करना शुरू कर दिया था. हालांकि, 2018 में दिशा वकानी ने मैटरनिटी लीव ली और तबसे उन्होंने शो में वापसी नहीं की. फिलहाल, दिशा वकानी अपना पूरा फोकस अपनी फैमली और बच्चों पर लगा रही हैं.वहीं, शो के मेकर्स अक्सर इस बात की पुष्टि करते नजर आए हैं कि उन्हें नई दयाबेन की तलाश है. इतना ही नहीं बल्कि कई बार कई एक्ट्रेसेस का नाम भी सामने आ चुका है, लेकिन अभी तक कोई भी एक्ट्रेस इस रोल के लिए फाइनल नहीं हो पाई है.

 

NATIONAL : पूजा में विधायक से उधार लिया, तुरंत लौटाया ₹500 का नोट, भोपाल में CM मोहन यादव की सादगी ने जीता दिल

0

BJP विधायक रामेश्वर शर्मा ने अपनी जेब से 500 रुपए का नोट निकाल मुख्यमंत्री को थमा दिया. जैसे ही पूजा समाप्त हुई, मुख्यमंत्री ने तत्काल अपने पर्स से पैसे निकालकर रामेश्वर शर्मा को दक्षिणा वापस कर दी. ये दृश्य देखकर वहां उपस्थित सभी नेताओं के चेहरे मुस्कान से खिल उठे.

महाकाल की नगरी उज्जैन से नाता रखने वाले मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव की धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक समझ हर किसी के लिए प्रेरणास्रोत है. उनके भाषणों और क्रियाकलापों में यह स्पष्ट झलकती है. वे एक तो किसी से कुछ उधार और मुफ्त में नहीं लेते, साथ ही पूजा-पाठ में भी खुद ही चढ़ावा देते हैं. उनकी यह सादगी हाल ही में राजधानी भोपाल में विधानसभा विश्राम गृह के भूमिपूजन के दौरान देखने को मिली.

बीती 21 जुलाई को भूमिपूजन के समय पंडित जी के मंत्रोच्चार के बाद दक्षिणा की बारी आई, लेकिन पूजा में व्यस्त मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपनी जेब से पैसे नहीं निकाल सके. इसी बीच, हुजूर सीट से BJP विधायक रामेश्वर शर्मा ने अपनी जेब से 500 रुपए का नोट निकाल मुख्यमंत्री को थमा दिया. जैसे ही पूजा समाप्त हुई, मुख्यमंत्री ने तत्काल अपने पर्स से पैसे निकालकर रामेश्वर शर्मा को दक्षिणा वापस कर दी. ये दृश्य देखकर वहां उपस्थित सभी नेताओं के चेहरे मुस्कान से खिल उठे तथा हंसी-ठिठोली का माहौल बन गया.

मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री मोहन यादव और विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर की अध्यक्षता में विधायक विश्राम गृह परिसर में नवीन विधायक विश्रामगृह का भूमिपूजन संपन्न हुआ.इस कार्यक्रम में संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह भी मौजूद थे. भोपाल में बनने वाला यह विश्राम गृह लगभग 160 करोड़ रुपए की लागत से विकसित होगा, जिसमें सभी आवश्यक सुविधाओं सहित 102 फ्लैट्स शामिल हैं.

भूमिपूजन के बाद सीएम यादव ने शिलालेख का अनावरण किया तथा भगवान श्रीराम और भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा व्यक्त की. कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और वंदे मातरम गायन से हुई. प्रमुख सचिव विधानसभा अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि 14 एकड़ क्षेत्र में ये फ्लैट बनने हैं, जिनका निर्माण 18 माह में पूर्ण किया जाएगा. परिसर में वाहन पार्किंग, जिम, फायर अलार्म, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, चिकित्सालय, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी.

इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री कृष्णा गौर, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सीताशरण शर्मा, गिरीश गौतम, विधायक एवं पूर्व प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा, विधायक विष्णु खत्री, विधायक भगवानदास सबनानी, महापौर मालती राय, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे.

BIHAR : कंगना रनौत ने विपक्ष पर साधा निशाना, बिहार वोटर लिस्ट वेरिफिकेशन विवाद पर कह दी बड़ी बात

0

बिहार में वोटर लिस्ट वेरिफिकेशन को लेकर मचे सियासी घमासान के बीच हिमाचल प्रदेश के मंडी से बीजेपी सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला है. कंगना रनौत ने इस बार एसआईआर पर टिप्पणी किया है.उन्होंने कहा कि विपक्ष केवल हंगामा करता है, उसे देश या लोकतंत्र की परवाह नहीं है. कंगना ने विपक्ष के सदन में प्रदर्शन को लेकर कहा कि “ये लोग हर दिन सदन की गरिमा को ठेस पहुंचा रहे हैं, लोकतंत्र का मजाक बना रहे हैं और संविधान का गला घोंट रहे हैं.”

हिमाचल प्रदेश के मंडी से विधायक और अब दिल्ली की सांसद बनी कंगना रनौत ने बिहार के SIR यानी Special Intensive Revision प्रक्रिया को लेकर अपनी बात रखी. उन्होंने विपक्षी दलों के विरोध प्रदर्शन पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश इनका रवैया देख रहा है. कंगना बोलीं, “हर दिन ये लोग वेल में चले जाते हैं, सदन की कार्यवाही रद्द हो रही है. क्या यही लोकतंत्र है? विपक्ष के पास मुद्दा नहीं है इसलिए वो शोर कर रहे हैं.”

बिहार में विधानसभा चुनाव 2025 से पहले मुख्य चुनाव आयोग ने Special Intensive Revision (SIR) प्रक्रिया की शुरुआत की है. इस प्रक्रिया का मकसद राज्य की मतदाता सूची को अपडेट करना है ताकि सभी योग्य मतदाता शामिल हो सकें और डुप्लिकेट, मृत या स्थानांतरित लोगों के नाम हटाए जा सकें. प्रक्रिया की शुरुआत 24 जून 2025 को हुई. 1 अगस्त को ड्राफ्ट लिस्ट आएगी. अंतिम मतदाता सूची 30 सितंबर 2025 को प्रकाशित की जाएगी.

इस वेरिफिकेशन प्रक्रिया को लेकर बिहार विधानसभा में भी जोरदार हंगामा हो रहा है. विपक्षी दलों का आरोप है कि इससे कुछ वर्गों को निशाना बनाया जा रहा है. वहीं बीजेपी इसे लोकतांत्रिक सुधार की दिशा में जरूरी कदम बता रही है. कंगना रनौत जैसे नेताओं का बयान इसी संदर्भ में देखा जा रहा है, जो यह जताता है कि बीजेपी अब इस मुद्दे पर राष्ट्रीय स्तर पर भी विपक्ष को घेरने की रणनीति अपना रही है.

MAHARASHTRA : पब्लिक टॉयलेट को तो बक्श दो! हिंदी में मांगे 5 रुपए तो बौखला गया शख्स, कहा- मराठी बोलो

0

महाराष्ट्र के नांदेड में पब्लिक टॉयलेट पर मराठी भाषा को लेकर विवाद हो गया. टॉयलेट संचालक के हिंदी में बोलने पर युवक भड़क गया और मनसे कार्यकर्ताओं को बुला लिया.

महाराष्ट्र के नांदेड जिले में मराठी भाषा को लेकर एक नया विवाद सामने आया है. यह मामला एक पब्लिक टॉयलेट से जुड़ा है, जहां भाषा को लेकर इतना हंगामा हुआ कि बात मारपीट और जबरन माफी तक पहुंच गई. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है.घटना के अनुसार, एक युवक पब्लिक टॉयलेट का उपयोग करने गया था. वहां मौजूद टॉयलेट ऑपरेटर ने उससे पांच रुपये शुल्क मांगा. यह मांग हिंदी भाषा में की गई. बस फिर क्या था, युवक ने तुरंत आपत्ति जताई और कहा कि वह मराठी में बात करे क्योंकि महाराष्ट्र में मराठी ही राजभाषा है.

ऑपरेटर ने जवाब दिया कि उसे मराठी भाषा नहीं आती. इस पर युवक ने गुस्से में आकर उसका वीडियो बना लिया और इसे महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के कार्यकर्ताओं को सौंप दिया. वीडियो देखने के बाद मनसे के कुछ कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और टॉयलेट संचालक से बहस करने लगे. मामला इतना बढ़ गया कि कार्यकर्ताओं ने ऑपरेटर के साथ मारपीट की और उससे कैमरे के सामने सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाई.

घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें टॉयलेट संचालक को माफी मांगते हुए देखा जा सकता है. वह कहता है कि उसे मराठी नहीं आती, लेकिन अब वह कोशिश करेगा मराठी सीखने की. इस घटना को लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. कुछ लोग मराठी के सम्मान की बात कर रहे हैं, तो कुछ इसे जबरदस्ती और भाषा के नाम पर गुंडागर्दी बता रहे हैं.फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. अभी तक किसी के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं हुई है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि वीडियो के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

UP : मिर्जापुर में दारोगा समेत 24 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर, एक सिपाही सस्पेंड, विंध्याचल धाम में खूनी झड़प के बाद एक्शन

0

मां विंध्यवासिनी मंदिर में दर्शन-पूजन कराने और दक्षिणा को लेकर दो पंडा गुटों में हुई मारपीट के मामले में एक्शन हुआ है. आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ एसपी ने विंध्य धाम चौकी प्रभारी समेत 24 पुलिसकर्मियों को लापरवाही बरतने पर लाइन हाजिर कर दिया है. एक पुलिसकर्मी को निलंबित भी किया गया है.

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में स्थित प्रसिद्ध मां विंध्यवासिनी मंदिर में दर्शन-पूजन कराने और दक्षिणा को लेकर दो पंडा गुटों में हुई मारपीट के मामले में एक्शन हुआ है. आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ एसपी ने विंध्य धाम चौकी प्रभारी समेत 24 पुलिसकर्मियों को लापरवाही बरतने पर लाइन हाजिर कर दिया है. एक पुलिसकर्मी को अलग से निलंबित किया गया है.

बता दें कि 23 जुलाई को श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन कराने और दक्षिणा देने के विवाद में एक पंडा की जमकर पिटाई की गई थी. धारदार कैंची से उसपर हमला कर दिया गया था. इस दौरान मौके पर अफरातफरी का माहौल हो गया था. मारपीट का आरोप दूसरे पंडा पक्ष पर लगा. घायल पंडा निवेदित का आरोप है कि वह अपने नए जजमान को दर्शन-पूजन कराने आया था. तभी दुकान पर तीन पंडाओं ने बहस के बाद उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. कैंची से वार किया, जिसमें उसके चेहरे और हाथ पर चोट आई.

मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. वहीं, घटना में इस्तेमाल कैंची को भी बरामद कर लिया. स्थानीय पुलिसवालों पर लापरवाही का आरोप लगा. साथ ही पंडाओं से मिलीभगत का भी आरोप लगा. इसके बाद एसपी ने एक्शन लेते हुए 24 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया. साथ ही एक अन्य पुलिसवाले को सस्पेंड कर दिया.

अपर पुलिस अधीक्षक नितेश सिंह का कहना है कि मामले में सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद आरोपियों पर धारा बढ़ाई जा रही है. इसके अलावा लापरवाही बरतने पर चौकी प्रभारी समेत 24 पुलिसकर्मियों पर एक्शन लिया गया है. धार्मिक स्थल पर इस तरह की घटना अत्यंत गंभीर है.

- Advertisement -

News of the Day