Sunday, May 10, 2026
Home Blog Page 488

NATIONAL : ’49 में कौन रिटायर होता है’, स्मृति ईरानी ने किया अफवाहों को सिरे से खारिज, क्योंकि…2 से कर रहीं कमबैक

0

पॉलिटिक्स से रिटायरमेंट की खबरों पर स्मृति ने साफ शब्दों में कहा कि वो अभी 49 साल की हैं और ये कोई ऐसी उम्र नहीं है, जहां रिटायर हुआ जाए. इस उम्र में लोग कई बार अपने करियर की शुरुआत करते हैं. जब से क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2 की चर्चा शुरू हुई है, तब से एक ही सवाल का जिक्र हो रहा है, वो ये कि क्या अब एक्ट्रेस-पॉलिटिशियन स्मृति ईरानी राजनीति से रिटायरमेंट ले लेंगी? आजतक से एक्सक्लुसिव बातचीत में स्मृति ने इसका जवाब दिया. स्मृति ने बताया कि वो रिटायर नहीं हो रही हैं.

स्मृति ने साफ शब्दों में कहा कि वो अभी 49 साल की हैं और ये कोई ऐसी उम्र नहीं है, जहां रिटायर हुआ जाए. इस उम्र में लोग कई बार अपने करियर की शुरुआत करते हैं. जब उनसे पूछा गया कि इतने सालों बाद सीरियल करने का फैसला कैसे लिया? इस पर स्मृति ने हंसते हुए कहा कि बहुत ही बचकाना जवाब होगा, लेकिन ‘मेरी मर्जी.’ मैं हमेशा से ऐसी थी. देखिए लोगों के पास चॉइस नहीं होती. मेरे पास है तो. जिंदगी को सुक्ष्म रूप से जीने की मेरी फितरत नहीं है. आप जिंदगी को एक पहलू से जिएं, तो वो भी क्या जीना हुआ.

‘मैं राजनीति में भी इसलिए आई क्योंकि मुझे ये एहसास था कि हमारे समाज में कई चीजें ऐसी हैं जिनपर लोगों का ध्यान जाना बहुत जरूरी है. चाहे वो पॉलिटिक्स के माध्यम से हो या मीडिया के माध्यम से हो. अगर आपने अपना औहदा इतना बना लिया है कि आप लोगों का ध्यान आकर्षित करें, आप लोगों का प्रतिबिंब बनें, आप लोगों की आवाज बनें, तो कोई मुर्ख ही होगा जो ऐसे मौके को छोड़ेगा.’

तो ये पॉलिटिकल रिटायरमेंट नहीं है? स्मृति ने कहा- कैसे, 49 में कौन रिटायर होता है. 49 में तो लोगों का करियर शुरू भी नहीं होता. मैं तीन बार सांसद रह चुकी हूं, तीन विभागों की मंत्री रह चुकी हूं. अभी तो लंबा सफर है. मुझे नहीं पता कि पार्टी कब कहां करवट लेगी, क्या दायित्व देगी, मुझे नहीं पता. मुझे इतना पता है कि कम से कम संसद के माध्यम से मैंने अपनी काबिलियत को स्थापित किया. मैंने 10 साल धरनों वाली राजनीति भी की है. जेल में सजा भी काटी है.

बता दें, 25 साल बाद क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2 टीवी स्क्रीन पर वापसी कर रहा है. ये वो शो है जिसने टेलीविजन को उस दौर में नए आयाम दिए थे. इस डेली सोप में स्मृति ने तुलसी विरानी का किरदार निभाया था. वो इस शो से घर-घर में फेमस हुई थीं. अब सालों बाद स्मृति ईरानी इस शो से टीवी स्क्रीन पर वापसी कर रही हैं.

 

NATIONAL : अवैध धर्मांतरण गिरोह का भांडाफोड़, मास्टरमाइंड अब्दुल रहमान के दो बेटे और बहू गिरफ्तार, पत्नी फरार

0

दिल्ली में अवैध धर्मांतरण गिरोह का पर्दाफाश हुआ है, जिसमें मास्टरमाइंड अब्दुल रहमान का पूरा परिवार शामिल निकला. बेटों, बहू की गिरफ्तारी के बाद अब पत्नी फरार है.यूपी के छांगुर बाबा का मामला अभी सुर्खियां बटोर ही रहा था कि दिल्ली में भी अवैध धर्मांतरण गिरोह का चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. इस मामले में मास्टरमाइंड अब्दुल रहमान का और उसका पूरा परिवार शामिल निकला. पुलिस ने रहमान के दो बेटों अब्दुल्ला और अब्दुल रहीम के साथ बहू को गिरफ्तार किया है, जबकि उसकी पत्नी फरार हो गई है.ये गिरोह युवतियों को फंसाकर जबरन धर्मांतरण कराता था और फिर फर्जी दस्तावेज तैयार किए जाते थे. पुलिस इस मामले को अंतरराज्यीय और सुनियोजित नेटवर्क मानकर जांच में जुट गई है.

दरअसल पुलिस ने एक दलित युवती के जबरन निकाह के मामले में जुनैद नामक युवक को गिरफ्तार किया, जो इसी गिरोह से जुड़ा था. पूछताछ के बाद अब्दुल रहमान के बेटों और बहू की संलिप्तता सामने आई.जब पुलिस ने छापेमारी की तो आरोपियों के पास से संदिग्ध धार्मिक साहित्य, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेज़ और फर्जी दस्तावेज मिले. वहीं अब्दुल रहमान की पत्नी का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह लड़कियों को धर्मांतरण के लिए लाने की बात कह रही है.

पुलिस जब रहमान के घर दबिश देने पहुंची, तो उसकी पत्नी मौके से फरार हो गई. पुलिस ने उसकी तलाश के लिए टीमें गठित कर दी हैं. वहीं, अब्दुल रहमान के मोबाइल डेटा की फॉरेंसिक जांच करवाई जा रही है ताकि इस गिरोह के फंडिंग नेटवर्क और अन्य कनेक्शन का पता लगाया जा सके. प्राथमिक जांच में संकेत मिले हैं कि यह गिरोह कई राज्यों में फैला हो सकता है और इसे योजनाबद्ध तरीके से चलाया जा रहा था.

इस गिरोह का मकसद खासतौर पर दलित और कमजोर वर्ग की युवतियों को निशाना बनाना था. उन्हें प्रेमजाल में फंसाकर धर्मांतरण कराया जाता था और फिर निकाह कर फर्जी पहचान पत्र तैयार किए जाते थे. पुलिस को शक है कि इस नेटवर्क से और भी लोग जुड़े हो सकते हैं और आने वाले दिनों में कई और चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं.

मैं बलराम पांडेय ABP नेटवर्क में वरिष्ठ संवाददाता हूं. मीडिया उद्योग में 19 वर्षों से अधिक अनुभव के साथ, मैं रिपोर्टिंग और विश्लेषण में अपने अनुभव का लाभ उठाकर दर्शकों को आकर्षित और जागरूक करने वाली उच्च-प्रभाव वाली कहानियाँ पेश करता हूं. वर्तमान में, मैं दिल्ली सरकार और राजनीतिक घटनाओं, प्रवर्तन निदेशालय (ED), CBI को कवर करने, के साथ बड़े इंटरव्यू और समसामयिक मामलों पर व्यावहारिक विश्लेषण प्रदान करने के लिए ज़िम्मेदारी निभा रहा हूं

 

PUNJAB : पंजाब के सीमावर्ती इलाकों में BSF ने मार गिराए 6 पाकिस्तानी ड्रोन, हेरोइन और 3 पिस्टल बरामद

0

पाकिस्तान प्रायोजित तस्करी ड्रोन के खिलाफ एक उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए बीएसएफ जवानों ने पंजाब के सीमावर्ती इलाकों में 6 ड्रोन्स को मार गिराया. इस दौरान बीएसएफ ने हेरोइन और पिस्टल बरामद की है.

पंजाब बॉर्डर पर सीमा सुरक्षा बल (BSF) को बड़ी कामयाबी मिली है. पाकिस्तान प्रायोजित तस्करी के प्रयास को नाकाम करते हुए बीएसएफ के सतर्क जवानों ने 6 पाकिस्तानी ड्रोन्स को मार गिराया है. इस दौरान हेरोइन, पिस्टल और मैगजीन बरामद की गई हैं. यह कार्रवाई अमृतसर और तरनतारन जिलों के सीमावर्ती गांवों में अंजाम दी गई.

पहली घटना रात के समय अमृतसर के मोडे गांव के पास हुई जहां सतर्क बीएसएफ जवानों ने अमृतसर के मोढे गांव के आसपास के क्षेत्र में 03 पिस्तौल, 03 मैगजीन और हेरोइन (कुल वजन- 1.070 किलोग्राम) से भरे 04 पैकेट ले जा रहे 05 डीजेआई माविक 3 क्लासिक ड्रोन को समय पर तकनीकी उपाय सक्रिय करके रोका और निष्क्रिय कर दिया.

इसके अलावा आज तड़के, अमृतसर सीमा पर बीएसएफ ने एक और ड्रोन को मार गिराया. इसके बाद खेतों की तलाशी में एक पिस्टल, दो मैगजीन और एक DJI Mavic 3 Classic ड्रोन बरामद हुआ.कुल मिलाकर, पिछले कुछ घंटों के दौरान बीएसएफ के केंद्रित अभियानों के परिणामस्वरूप 6 डीजेआई माविक 3 क्लासिक ड्रोन (06 DJI Mavic 3 Classic drones), 3 पिस्तौल , 6 मैगज़ीन और 1.070 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई.

बीएसएफ की लगातार सक्रियता और तकनीकी काउंटर मेजर की दक्षता से यह सफलता मिली है. बीएसएफ का मानना है कि यह ऑपरेशन पाकिस्तान से संचालित नशा और हथियार तस्करी नेटवर्क के मंसूबों पर तगड़ा प्रहार है.

RAJASTHAN : कांवड़ यात्रा के दौरान अलवर में बड़ा हादसा, हाई टेंशन तार से टकराया ट्रक, 2 की मौत 30 घायल

0

राजस्थान के अजमेर में कांवड़ यात्रा के दौरान अलवर के बिछगांव में एक ट्रक हाई टेंशन तार से टकरा गया. इस हादसे में करंट लगने से दो कांवड़ियों की मौत हो गई और लगभग 30 घायल हो गए.कांवड़ यात्रा के दौरान राजस्थान के अजमेर में बड़ा हादसा हो गया. बुधवार (23 जुलाई) को अलवर के बिछगांव में कांवड़ियों से भरा एक ट्रक हाई टेंशन तार से टकरा गया. करंट लगने से दो कांवड़ियों की मौत हो गई जबकि करीब 30 से घायल हैं.

अलवर पुलिस द्वारा मिली जानकारी के मुताबिक, हादसा बुधवार की सुबह करीब 7.30 बजे लक्षमणगढ़ के ग्राम बिछगांव में हुआ, जब कांवड़ यात्रा चल रही थी. घायलों में से तीन लोगों की हालत गंभीर है और उनका इलाज चल रहा है. इस हादसे का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें देखा गया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालु नाचते-गाते हुए जा रहे हैं. तभी अचानक ट्रक के आसपास चल रहे लोग गिर जाते हैं.

मृतकों की भी पहचान हो गई है. इनमें 22 वर्षीय गोपाल और 40 वर्षीय सुरेश प्रजापत शामिल हैं. हादसे के बाद आक्रोशित गांववालों ने लक्षमणगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने धरना प्रदर्शन किया और मृतकों के परिवार के लिए मुआवजे की मांग की.

घंटों चली चर्चा के बाद अधिकारियों मृतक के परिवारों को 10 लाख रुपये मुआवजा देने का ऐलान किया. आयुष्मान योजना के तहत पांच लाख रुपये और राजस्थान विद्युत विभाग की ओर से पांच लाख रुपये दिए जा रहे हैं.हादसे के बाद एक्शन लेते हुए बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर दिनेश और तकनीकी सहायक सोनू को सस्पेंड कर दिया गया है. अलवर विधायक और वन मंत्री संजय शर्मा भी सीएचसी में घायलों से मिलने पहुंचे. उन्होंने आश्वासन दिया है कि हाई टेंशन तार अंडरग्राउंड की जाएगी ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके.

 

UP : घर के बाहर खड़ी थी महिला, आवारा गाय ने रौंद डाला, घटना सीसीटीवी में कैद

0

उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में एक महिला सुबह के समय अपने डॉगी को टहला रही थी, तभी एक आवारा गाय ने महिला पर हमला कर दिया. महिला को गंभीर चोटें आई है. अभी महिला अस्पताल में भर्ती है.

उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में एक दिल-दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पर एक आवारा गाय ने एक महिला पर जानलेवा हमला कर दिया. यह घटना इटावा के बृजराज नगर में हुई. महिला घर के बाहर पालतू डॉगी को घुमा रही थी. इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है. ये पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई और अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. स्थानीय लोगों में आवारा पशुओं के बढ़ते खतरे को लेकर गुस्सा है.

यह घटना 22 जुलाई को सुबह के समय हुई, जब 55 साल की विमला देवी नाम की महिला अपने घर के बाहर अपने पालतू डॉगी को टहला रही थी. तस्वीरों और वायरल सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, इस दौरान एक काले रंग की आवारा गाय वहां आई. उस दौरान विमला देवी गाय को देखकर डॉगी को दूर करने लगी, लेकिन गाय अचानक गुस्से में आ गई और उसने महिला पर हमला कर दिया.गाय ने महिला पर सींगों से हमला किया, जिससे वह जमीन पर गिर गई. इसके बाद गाय लगातार करीब एक मिनट तक महिला पर सींगों से हमला करती रही और विमला देवी को कुचलने की कोशिश की. महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े.

घटना को देखकर पास में खड़ी एक अन्य महिला ने गाय को भगाने की कोशिश की और उस पर पानी फेंका, लेकिन गाय को कोई असर नहीं हुआ. इसके बाद एक पुरुष वहां पहुंचा और उसने लकड़ी का टुकड़े से गाय को मारने की कोशिश की. इसके बाद भी गाय महिला पर हमला करती रही. आखिरकार, गली से तीन-चार युवक दौड़कर आए.

उन्होंने डंडों का इस्तेमाल कर गाय को भगाने की कोशिश की. काफी देर की मशक्कत के बाद गाय वहां से भागी, लेकिन तब तक महिला को गंभीर चोटें लग गई थी. स्थानीय लोग तुरंत महिला को अस्पताल लेकर गए. भर्ती कराए जाने के बाद डॉक्टरों ने महिला की हालत गंभीर बताई. विमला देवी के शरीर पर कई गंभीर चोटें आई हैं. डॉक्टर महिला की जान बचाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं.

NATIONAL : सुप्रीम कोर्ट ने पलटा HC का फैसला, मुंबई धमाके के 12 आरोपियों को बरी करने पर लगाई रोक

0

सुप्रीम कोर्ट ने आरोपियों को बरी करने के हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ महाराष्ट्र सरकार की याचिका पर यह नोटिस जारी किया है. कोर्ट ने कहा कि हमें बताया गया है कि सभी आरोपियों को रिहा कर दिया गया है. कोर्ट ने ये भी कहा कि बरी किए गए इन 12 आरोपियों को दोबारा गिरफ्तार नहीं किया जाएगा.

सुप्रीम कोर्ट ने 2006 मुंबई ब्लास्ट मामले में 12 आरोपियों को बरी करने के बॉम्बे हाईकोर्ट के फैसले पर अंतरिम रोक लगा दी है. लेकिन कोर्ट ने ये स्पष्ट किया है कि जिन आरोपियों को रिहा कर दिया गया है. उन्हें वापस जेल नहीं भेजा जाएगा. सुप्रीम कोर्ट ने आरोपियों को बरी करने के हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ महाराष्ट्र सरकार की याचिका पर यह नोटिस जारी किया है. इसके साथ ही सभी आरोपियों को नोटिस जारी कर चार हफ्ते में जवाब मांगा है.

जस्टिस एम एम सुंदरेश और जस्टिस एन के सिंह की पीठ ने कहा कि हमें बताया गया है कि सभी आरोपियों को रिहा कर दिया गया है. कोर्ट ने ये भी कहा कि बरी किए गए इन 12 आरोपियों को दोबारा गिरफ्तार नहीं किया जाएगा. लेकिन हाईकोर्ट के फैसले को दूसरे केसों के लिए नजीर नहीं माना जाए.

सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने आरोपियों को वापस जेल भेजने की कोई मांग नहीं की. तुषार मेहता ने कहा कि जहां तक स्वतंत्रता से जुड़े मसले पर स्टे का सवाल है, मैं चिंतित हूं. इस पर कोर्ट ने कहा कि हम नोटिस जारी करेंगे. सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि मैं बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश पर स्टे चाहता हूं, लेकिन उन्हें दोबारा जेल भेजना मेरा उद्देश्य नहीं है. वे पहले ही रिहा हो चुके हैं. फैसले में कुछ टिप्पणियां हैं, जिनसे मकोका के तहत चल रहे अन्य मामलों पर असर पड़ सकता है.

इस पर कोर्ट ने कहा कि हमें बताया गया है कि सभी आरोपियों को रिहा कर दिया गया है इसलिए उन्हें वापस जेल भेजने का सवाल नहीं है. बता दें कि 11 जुलाई 2006 को मुंबई सिलसिलेवार धमाकों में 180 से अधिक लोगों की मौत हुई थी और 800 से ज्यादा लोग घायल हुए थे.

BHAKTI : हरियाली अमावस्या आज, जानें स्नान-दान का मुहूर्त और पूजन विधि

0

हिंदू पंचांग के अनुसार, श्रावण मास में आने वाली अमावस्या को श्रावणी अमावस्या कहा जाता है. सावन महीने की शुरुआत होती है इसलिए इसे हरियाली अमावस्या भी कहते हैं. हरियाली अमावस्या पर भी पितरों की शांति के लिए पिंडदान और दान-धर्म करने का महत्व है. इस बार हरियाली अमावस्या 24 जुलाई यानी आज मनाई जा रही है.

सावन का महीना हिंदू परंपरा में भगवान शिव को समर्पित माना जाता है. इस महीने में भगवान शिव की पूजा-अर्चना और भक्ति का विशेष महत्व होता है. सावन के मौसम में प्राकृतिक वातावरण एक अलग ही खूबसूरती से भर जाता है. इस समय मानसून अपने चरम पर होता है, चारों ओर हरियाली का समंदर सा नजारा दिखाई देता है. भारत में इस त्योहार को प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है.

सावन महीने में हरियाली अमावस्या का भी विशेष महत्व है, जिसे सावन अमावस्या भी कहा जाता है. यह दिन शिवभक्तों के लिए बेहद शुभ माना जाता है. इस दिन स्नान करना, जरूरतमंदों को दान देना और वृक्षारोपण करना अत्यंत फलदायी होता है. ऐसा माना जाता है कि इस दिन की पूजा-पाठ और दान से पूर्वजों के शाप, कालसर्प दोष और शनि दोष से मुक्ति मिलती है. खासकर पीपल के पेड़ के नीचे दूध और पानी चढ़ाना एक पवित्र आयोजन है, जिससे देवताओं और पूर्वजों की कृपा प्राप्त होती है.

हिंदू पंचांग के अनुसार, अमावस्या तिथि की शुरुआत 24 जुलाई यानी आज रात 2 बजकर 28 मिनट पर शुरू हो चुकी है और तिथि का समापन 25 जुलाई यानी कल रात 12 बजकर 40 मिनट पर होगा.स्नान दान का शुभ मुहूर्त- अमावस्या पर ब्रह्म मुहूर्त में स्नान करना बहुत ही शुभ माना जाता है. जिसका समय सुबह 4 बजकर 15 मिनट से लेकर 4 बजकर 57 मिनट तक रहेगा.

हरियाली अमावस्या के दिन पवित्र नदी में स्नान का विशेष महत्व माना जाता है. यह मान्यता है कि इस दिन स्नान करने से व्यक्ति के पाप धुल जाते हैं और उसके जीवन में सुख-शांति आती है. यदि नदी तक जाना मुश्किल हो तो घर में गंगाजल मिलाकर स्नान किया जा सकता है. इसके बाद घर के मंदिर में दीप जलाना चाहिए और भगवान सूर्य को अर्घ्य देना चाहिए. ऐसा करने से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है.

हरियाली अमावस्या का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना है. यह त्योहार हमें याद दिलाता है कि हम प्रकृति के ऋणी हैं और हमें इसे सुरक्षित रखने के लिए पूरा प्रयास करना चाहिए. इस तरह सावन का महीना न केवल धार्मिक अवसर है बल्कि प्रकृति से जुड़ाव और उसकी रक्षा का संदेश भी देता है. इसलिए सावन में शिव की पूजा के साथ-साथ हमें पर्यावरण का भी सम्मान करना चाहिए.

इसके अलावा, इस दिन उत्तर भारत के विभिन्न मंदिरों में, विशेष रूप से मथुरा एवं वृंदावन में, हरियाली अमावस्या के अवसर पर विशेष दर्शन का आयोजन किया जाता है. भगवान कृष्ण के इन विशेष दर्शन का लाभ लेने के लिये, हजारों की संख्या में कृष्ण भक्त मथुरा में द्वारकाधीश मंदिर तथा वृंदावन में बांकेबिहारी मंदिर जाते हैं.

RECIPE : गर्मी में ठंडक दिलाए चुकंदर का रायता, जानिए रेसिपी और फायदे

चुकंदर का रायता स्वाद और सेहत के लिए बेस्ट हो सकता है. इसे घर पर तैयार करना भी बहुत ही आसान है. आइए जानते हैं रेसिपी और फायदे

गर्मियों में शरीर को ठंडा और हाइड्रेट रखना बेहद जरूरी होता है. इस मौसम में दही से बने डिशेज न सिर्फ स्वादिष्ट होते हैं, बल्कि शरीर को ठंडक भी प्रदान करते हैं. ऐसे ही एक हेल्दी और स्वादिष्ट विकल्प के रूप में आप चुकंदर का रायता भी ट्राई कर सकते हैं. यह एक पौष्टिक, रंगीन और ठंडक देने वाला डिश है, जो पाचन को भी दुरुस्त रखता है. आइए जानते हैं चुकंदर का रायता कैसे बनाएं और इसके क्या-क्या फायदे हैं.

आवश्यक सामग्री

उबला हुआ चुकंदर – 1
फेंटा हुआ दही – 1 कप
भुना जीरा पाउडर – आधा टीस्पून
काली मिर्च पाउडर – 1 चौथाई टीस्पून
नमक – स्वादानुसार
हरा धनिया – सजावट के लिए
पुदीना – 1 टीस्पून बारीक कटा हुआ
बनाने की विधि

सबसे पहले चुकंदर को धोकर उबाल लें. ठंडा होने पर उसका छिलका उतारकर कद्दूकस कर लें. अब एक बर्तन में ठंडी दही को अच्छी तरह फेंट लें ताकि वह स्मूद हो जाए. अब दही में कद्दूकस किया हुआ चुकंदर मिलाएं और अच्छे से मिक्स करें. इसके बाद इसमें भुना जीरा पाउडर, काली मिर्च और नमक मिलाएं. ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया और पुदीना डालकर सजाएं. रायते को फ्रिज में थोड़ा ठंडा करके सर्व करें.

 

Bigg Boss 19: सलमान खान ने बिग बॉस 19 के लिए घटाई अपनी फीस, 15 हफ्तों के लिए वसूलेंगे सिर्फ इतनी रकम

0

इन दिनों खबरें आ रही हैं कि बिग बॉस 19 में सलमान खान ने अपनी फीस पहले के सीजनों के मुकाबले घटा दी है और वो शो को केवल 15 हफ्तों के लिए होस्ट करेंगे.

भारत का ससे चर्चित रिएलिटि शो बिग बॉस एक बार फिर से लौटने के लिए तैयार है. बिग बॉस का हर सीजन सिर्फ कंटेस्टेंट्स ही नहीं, बल्कि उसके होस्ट को लेकर भी खूब सुर्खियां बटोरता है. सलमान खान जब से शो से जुड़े हैं, तब से उनकी फीस हर बार चर्चा का विषय बनी है. लेकिन बिग बॉस 19 में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है.

बिग बॉस 18 में सलमान खान ने लगभग 250 करोड़ रुपये चार्च किए थे. वहीं सीजन 17 के लिए उन्होंने 200 करोड़ रुपये लिए थे. लेकिन इस बार , बिग बॉस 19 के लिए उनकी फीस 120 से 150 करोड़ रुपये के बीच बताई जा रही है. जो उनके पिछले टेलीविजन सीजनों की तुलना में लगभग आधी है.

खबरों के अनुसार, सलमान खान इस सीजन के शुरुआती 15 हफ्तों यानी लगभग तीन महीने तक शो को होस्ट करेंगे. उन्हें हर वीकेंड एपिसोड के लिए 8 से 10 करोड़ तक मिलने की बात सामने आई है. यानी पूरे सीजन के लिए वह लगभग 120- 150 करोड़ रुपये की फीस लेंगे. सलमान खान के तीन महीने होस्ट करने के बाद फिर फराह खान. करण जौहर और अनिल कपूर जैसे सेलेब्स आखिरी महीनों के लिए होस्ट बन सकते हैं.

इस बार बिग बॉस 19 के नए सीजन को डिजिटल फर्स्ट प्रॉपर्टी के तौर पर लॉन्च किया जा रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक ये शो का एपिसोड पहले ओटीटी प्लेटफॉर्म जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम किया जाएगा और इसके डेढ़ घंटे बाद कलर्स टीवी पर एपिसोड टेलिकास्ट किया जाएगा. इस शो के लिए 20 सेलेब्स के नाम सामने आए हैं जिनमें गौतमी कपूर , धीरज धूपर , अलीशा पंवर, गौरव खन्ना, मिस्टर फैसू, धनश्री वर्मा, गौरव तनेजा, अपूर्वा मुखीजा, पुरव झा, श्रीराम चंद्रा और अशिर्फा खान जैसे सितारे भी शामिल हैं.

बता दें, 21 जुलाई को सलमान खान ने बिग बॉस के प्रोमो का शूट किया था, जो राजनीति थीम पर है. बाकि अब देखना ये होगा कि कम फीस में भी सलमान खान अपने दबंग अंदाज में शो में नजर आएंगे या नहीं.

 

DELHI : ऊपर बच्चे-नीचे पानी, ये क्लास है या स्विमिंग पूल? दिल्ली में खस्ताहाल स्कूल ……..

0

दिल्ली के टिकरी कलां स्थित नगर निगम बालिका स्कूल में भीषण बारिश के कारण क्लासों में भारी मात्रा में पानी घुस गया, जिसके कारण बच्चियां को पानी से बचने के लिए डेस्क पर चढ़ना पड़ा.देश की राजधानी दिल्ली में भारी बारिश के चलते जगह-जगह जलभराव हो रहा है. ताजा मामला टिकरी कलां स्थित नगर निगम बालिका स्कूल का है, जहां हाल ही में भारी बारिश के चलते गंभीर जलभराव की स्थिति देखने को मिली है.

स्कूल परिसर में पानी निकालने की उचित व्यवस्था न होने के कारण क्लासों में घुटनों तक पानी भर गया, जिससे स्टूडेंट्स को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. इस स्थिति में बच्चियां पानी से बचने के लिए टेबल और डेस्क पर चढ़कर बैठने को मजबूर हो गई. इस घटना से यह साफ पता चलता है कि स्कूल में पानी निकालने की कोई व्यवस्था नहीं है.

बता दें कि स्कूल में पढ़ने वाली करीब 1700 छात्राओं को इस जलभराव का सामना करना पड़ा. कई बच्चियां पानी से बचने के लिए टेबव पर चढ़ गई, जबकि कुछ अभिभावकों को अपने बच्चों को गोद में उठाकर स्कूल से बाहर निकालना पड़ा. इस पानी में कई खतरनाक जानवरों और कीड़े भी हो सकते थे, जो वहां मौजूद बच्चों और लोगों को नुकसान पहुंचा सकते थे. इस घटना का वीडियों और तस्वीरें सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. कई लोगों ने दिल्ली सरकार पर सवाल उठाए है.

दिल्ली में जलभराव की समस्या कोई नई बात नहीं है. मानसून के दौरान कई इलाकों में पानी निकालने की कमी के कारण सड़कों, रिहायशी इलाकों और अब स्कूलों तक में पानी भर जाता है. हाल ही के सालों में दिल्ली नगर निगम (MCD) ने कुछ कदम उठाए हैं, लेकिन टिकरी कलां जैसे क्षेत्रों में यह समस्या अभी भी बनी हुई है. लोगों ने सरकार से अपील की है कि उन्हें इस समस्या से जल्द से जल्द राहत दिलाए.

 

- Advertisement -