Thursday, June 25, 2026
Home Blog Page 641

NATIONAL : दिल्ली-NCR में कोरोना की दस्तक, गुरुग्राम में मिले दो मरीज, रखा गया आइसोलेशन में

0

गुरुग्राम के साइबर सिटी में करोना की दस्तक हो गई है. यहां कोविड के दो मरीज पाए गए हैं. दोनों रोगियों को फिलहाल आइसोलेशन में रखा गया है जिनमें से एक मुंबई से गुरुग्राम आई है.

कोरोना वायरस कहें या कोविड-19 साल 2020 के बाद से इसका खौफ लोगों के बीच खूब देखने को मिला. इस महामारी से दुनियाभर में सैंकड़ों लोगों ने जान गवाईं. अभी लोग ढंग से कोविड-19 द्वारा मचाई गई तबाही को भूले भी नहीं थे के इस बीच एशिया के कुछ देशों में कोरोना के केस फिर से बढ़ने लगे हैं. होंग कॉन्ग और सिंगापुर में कोविड मामलों में वृद्धि की खबरों के बीच, मुंबई में भी कुछ कोविड पॉजिटिव मामले सामने आए. और अब ताजा दो मामले दिल्ली के सटे गुरुग्राम में आए हैं.

यहां के साइबर सिटी में करोना की दस्तक हो गई है. दोनों रोगियों को फिलहाल आइसोलेशन में रखा गया है जिनमें से एक मुंबई से गुरुग्राम आई है. हालांकि कोरोना से युद्ध के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है. गुरुग्राम के सीएमओ ने कहा कि- माइल्ड सिम्टम्स है घबराने की जरूरत नहीं है.स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से तैयार है. उन्होंने कहा कि जुखाम, खांसी होने पर तुरंत डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए.

कुल मामलों की बात करें तो अबतक देशभर में कोरोना के कुल 257 से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं. जिसके बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है.

गुरुवार तक गुजरात के अहमदाबाद में कोरोना के 4 नए केस दर्ज हुए. इनमें 84 साल के कोरोना पॉजिटिव मरीज प्राइवेट अस्पताल में एडमिट है, बाकी के सभी मरीज होम आइसोलेशन में हैं. जबकि पूरे मई महीने में सिर्फ अहमदाबाद में 38 कोरोना के केस दर्ज हो चुके हैं. इनमें से 31 ऐक्टिव केस हैं. अहमदाबाद नगर निगम द्वारा कोरोना के टेस्टिंग भी नगर निगम द्वारा संचालित अस्पताल में किए जा रहे है, ऐतियातन SVP, एलजी और शारदाबेन अस्पताल में कोरोना मरीज के लिए आइसोलेशन वार्ड भी कार्यरत किए गए हैं.

इसके अलावा मुंबई में कोरोना के कुछ मामले पाए गए हैं. ओडिशा के भुवनेश्वर में कोरोना का एक कंफर्म केस सामने आया है. स्वास्थ्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव अश्वथी एस. ने बुधवार को एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जनता को आश्वस्त किया कि स्थिति नियंत्रण में है और राज्य मशीनरी किसी भी घटनाक्रम से निपटने के लिए तैयार है.

JN.1 कोरोना वायरस का एक नया रूप है, जो ओमिक्रॉन से जुड़ा है. यह BA.2.86 नाम के पुराने वेरिएंट से निकला है, जिसे पिरोला भी कहा जाता है. इस वेरिएंट की पहचान सबसे पहले 2023 के आखिरी में हुई थी. इसके बाद यह अमेरिका, यूके, भारत, सिंगापुर और हांगकांग जैसे देशों में तेजी से फैल गया. इस वेरिएंट में स्पाइक प्रोटीन (वायरस का वो हिस्सा जिससे वह शरीर की सेल्स से चिपकता है) में एक खास बदलाव (म्यूटेशन) हुआ है. इस बदलाव की वजह से यह वायरस ज्यादा तेजी से फैल सकता है. यह शरीर की उस इम्युनिटी को भी बेद सकता है, जो वैक्सीन लगवाने या पहले कोविड होने के बाद बनी थी.

फिलहाल के आंकड़ों के मुताबिक, JN.1 वेरिएंट ओमिक्रॉन के पुराने वेरिएंट्स की तरह ही है और इससे गंभीर बीमारी होने का खतरा बहुत कम है. अधिकतर लोगों में इसके लक्षण हल्के से मध्यम लेवल के ही देखे गए हैं. इनमें गले में खराश, बहती नाक, हल्का बुखार, थकान और खांसी जैसे लक्षण शामिल हैं. ये लक्षण पहले वाले ओमिक्रॉन वायरस से बहुत मिलते-जुलते हैं. हालांकि, JN.1 की सबसे बड़ी चिंता इसकी तेजी से फैलने की क्षमता है. यह वेरिएंट बहुत आसानी से एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में फैल सकता है, इसलिए इसके केस तेजी से बढ़ सकते हैं.

BIHAR : बिहार के नालंदा में होना था पिछड़ा सम्मेलन, आयोजन के लिए कांग्रेस को नहीं मिला हॉल, राहुल गांधी का दौरा टला

0

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के 27 मई को बिहार दौरे पर आने का कार्यक्रम था. राहुल गांधी को कांग्रेस की ओर से आयोजित पिछड़ा सम्मेलन में शिरकत करना था. यह दौरा अब टल गया है.

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का बिहार दौरा टल गया है. राहुल गांधी 27 मई को चुनावी राज्य बिहार के दौरे पर आने वाले थे, जहां उन्हें नालंदा में पिछड़ा अति पिछड़ा सम्मेलन में भाग लेना था. कांग्रेस के इस कार्यक्रम के लिए पार्टी कार्यक्रम स्थल का इंतजाम नहीं कर पाई. तय तारीख करीब आ गई, महज चार दिन बाकी हैं और कार्यक्रम के लिए जगह का इंतजाम नहीं हो पाया तब थक-हारकर बिहार कांग्रेस को पिछड़ा सम्मेलन का प्लान फिलहाल स्थगित करना पड़ा.

कार्यक्रम स्थगित होने के बाद राहुल गांधी का दौरा भी अब टल गया है. जानकारी के मुताबिक बिहार कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव से पहले पिछड़ा अति पिछड़ा सम्मेलन कराने की योजना बनाई थी. इस सम्मेलन के लिए 27 मई की तारीख भी तय कर दी गई थी. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के आने का कार्यक्रम भी तय हो गया और आयोजन के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा का चयन भी कर लिया गया. बात आयोजन स्थल की आई तो पार्टी नेताओं ने संभवित स्थलों की लिस्ट तैयार कर संपर्क करना शुरू कर दिया.

कांग्रेस ने नालंदा जिले के राजगीर में एक हॉल फिक्स कर तैयारियां तेज भी कर दीं, लेकिन ऐन मौके पर यह खबर आ गई कि वह हॉल उस दिन उपलब्ध नहीं है. कांग्रेस ने इसके बाद दूसरी जगह खोजने का काम शुरू किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी. अंत में पार्टी को आयोजन स्थगित करने का फैसला लेना पड़ा. बिहार कांग्रेस के नेताओं का कहना है कि आयोजन फिलहाल टाल दिया गया है. इसे लेकर नई तारीख का ऐलान जल्द ही कर दिया जाएगा. सूत्रों की मानें तो अब राहुल गांधी जून के पहले हफ्ते में बिहार दौरे पर आ सकते हैं.

गौरतलब है कि राहुल गांधी पिछले पांच महीनों में ही चार दफे बिहार का दौरा कर चुके हैं. राहुल गांधी अभी 15 मई को ही बिहार दौरे पर आए थे. लोकसभा में विपक्ष के नेता ने अपने इस दौरे के दौरान दरभंगा के आंबेडकर हॉस्टल पहुंचकर दलित छात्रों के साथ संवाद किया था. वह दरभंगा के बाद पटना भी पहुंचे थे और फुले फिल्म देखी थी.

 

NATIONAL : लग्जरी कारें, तेज म्यूजिक, सड़कों पर हुड़दंग… जमानत मिली तो कर्नाटक में गैंगरेप के 7 आरोपियों ने रोड शो निकालकर मनाया जश्न

0

गैंगरेप मामले में हावेरी सेशन कोर्ट ने आफताब चंदनकट्टी, मदार साब मंडक्की, समीवुल्ला लालनवर, मोहम्मद सादिक अगासिमानी, शोएब मुल्ला, तौसीप छोटी और रियाज साविकेरी को जमानत दी, क्योंकि पीड़िता अदालत में उनकी पहचान नहीं कर पाई.

कर्नाटक के हावेरी जिले के हनागल गैंगरेप मामले में 7 मुख्य आरोपियों ने जमानत मिलने के बाद रोड शो निकालकर जश्न मनाया. हावेरी उप-जेल से शुरू हुआ यह जुलूस 5 वाहनों और 20 से ज्यादा समर्थकों के काफिले के साथ मुख्य सड़कों पर निकला. वीडियो में आरोपी मुस्कुराते और विजय चिह्न दिखाते नजर आए, जिसकी लोगों ने कड़ी निंदा की है.

दरअसल, हावेरी सेशन कोर्ट ने आफताब चंदनकट्टी, मदार साब मंडक्की, समीवुल्ला लालनवर, मोहम्मद सादिक अगासिमानी, शोएब मुल्ला, तौसीप छोटी और रियाज साविकेरी को जमानत दी, क्योंकि पीड़िता अदालत में उनकी पहचान नहीं कर पाई. 26 साल की पीड़िता अल्पसंख्यक समुदाय से ताल्लुक रखती है और वह 40 वर्षीय कर्नाटक राज्य सड़क परिवहन निगम (KSRTC) के ड्राइवर के साथ लंबे समय से रिश्ते में थी. दोनों अलग-अलग धर्मों से थे.

8 जनवरी 2024 को पीड़िता हनागल में एक होटल में रुकी थी. पुलिस जांच में पता चला कि महिला को होटल से उसे घसीटकर जंगल में ले जाया गया और 7 लोगों ने उसको दरिंदगी का शिकार बनाया. पुलिस ने इस मामले में मामला दर्ज किया. 11 जनवरी को मजिस्ट्रेट के समक्ष पीड़िता के बयान के बाद गैंगरेप के आरोप जोड़े गए. कुल 19 लोग गिरफ्तार हुए, जिनमें 12 को 10 महीने पहले जमानत मिल चुकी थी. 7 मुख्य आरोपियों को कई महीनों तक हिरासत में रखा गया था.

पुलिस जांच में डीएनए, सीसीटीवी और 80 गवाहों के बयान शामिल थे, लेकिन अदालती कार्यवाही के दौरान पीड़िता की असफल पहचान ने अभियोजन को कमजोर किया. जमानत के बाद रोड शो ने मामले को फिर से चर्चा में ला दिया और लोग सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

UP : ‘इसको तलाक दे वरना जान से मार देंगे…’,पत्नी के प्रेमी की धमकी से डरा पति, खाया जहर

0

अमरोहा में एक शख्स ने जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की. आत्महत्या का कारण हैरान करने वाला है. मालूम हुआ कि शख्स को उसकी पत्नी के प्रेमी ने जान से मारने की धमकी दी थी जिससे वह बुरी तरह से डर गया था.

उत्तर प्रदेश के अमरोहा में एक शख्स ने जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की. आत्महत्या का कारण हैरान करने वाला है. मालूम हुआ कि शख्स को उसकी पत्नी के प्रेमी ने जान से मारने की धमकी दी थी जिससे वह बुरी तरह से डर गया था.

पति को पुलिस ने गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया है जहां फर्स्ट ऐड के बाद पीड़ित को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है. पीड़ित पति ने सुसाइड नोट के अलावा वीडियो बयान जारी करके जिला प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है और घटना का खुलासा किया है. फिलहाल पुलिस इस मामले में क्या कार्यवाही करती है ये देखने वाली बात होगी.

अमरोहा नगर कोतवाली से ये सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां इकबाल नाम के युवक ने जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की है. सुसाइड नोट में इकबाल ने सभासद के पति दानिश और एक अध्यापक पर गंभीर आरोप लगाए हैं. इकबाल का आरोप है कि उक्त दोनों आरोपी उसकी पत्नी को झूठे केस में फंसाकर उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे थे. यही नहीं, दोनों आरोपी इकबाल पर पत्नी को तलाक देने का दबाव बना रहे थे और ऐसा न करने पर जान से मारने की धमकी दे रहे थे.

परेशानी से टूट चुके इकबाल ने सुसाइड नोट लिखकर जहर खा लिया हालत बिगड़ने पर उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और सुसाइड नोट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.

DELHI : ‘जो लोग चुप हैं, वे गाजा में…’, ओवैसी की पार्टी AIMIM के नेता शोएब जमई ने क्यों कही ये बात, दिया बड़ा बयान

0

दिल्ली एआईएमआईएम अध्यक्ष शोएब जमई ने गाजा को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा है कि इस मामले पर अरब वर्ल्ड को भी अपनी स्थिति साफ करनी चाहिए.

दिल्ली एआईएमआईएम अध्यक्ष शोएब जमई ने इजरायल की ओर से गाजा में जारी हमले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि जो लोग चुप हैं, वे गाजा में नरसंहार में भागीदार हैं. अगर हम गाजा नरसंहार पर चुप रहेंगे, तो इतिहास हमें अच्छे इंसान के रूप में नहीं याद करेगा. तत्काल हस्तक्षेप की जरूरत है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ-साथ अरब वर्ल्ड को भी अपनी स्थिति साफ करनी चाहिए.’

इससे पहले एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने कहा था, “गाजा में फलस्तीनी भूख से तड़प रहे हैं और इंसानी हुकूक का दरस देने वाली मगरबी दुनिया नरसंहार पर खामोश है. आखिर क्यों?” उन्होंने कहा, “गाजा में 4,80,000 लोग भूख से तड़प रहे हैं और सारी दुनिया को मानवाधिकार का ज्ञान देने वाली मघरिबी दुनिया इस नरसंहार पर खामोश है, याद रखो तारीख तुम्हें कभी माफ नहीं करेगी.”

जो लोग चुप हैं, वे गाजा में नरसंहार में भागीदार हैं। अगर हम “गाजा नरसंहार” पर चुप रहेंगे, तो इतिहास हमें अच्छे इंसान के रूप में नहीं याद करेगा।
तत्काल हस्तक्षेप की जरूरत है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ-साथ अरब वर्ल्ड को भी अपनी स्थिति साफ करनी चाहिए।

बता दें कि इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बुधवार को गाजा पर पूरी तरह से कब्जा करने के अपने इरादे को दोहराया और युद्ध समाप्ति के लिए किसी भी प्रकार के समझौते की संभावना से इनकार किया है. उन्होंने कहा कि गाजा में 20 बंधक अब भी जीवित हैं, जबकि 38 अन्य के मारे जाने की आशंका है.

वहीं फिलिस्तीनी संगठन हमास ने बार-बार यह स्पष्ट किया है कि वह युद्ध समाप्ति, गाजा से इजरायली सेना की वापसी और फिलिस्तीनी कैदियों की रिहाई के बदले में इजरायली बंदियों को एकमुश्त रिहा करने के लिए तैयार है. नेतन्याहू ने इन शर्तों को खारिज कर दिया है. इसके बजाय उन्होंने फिलिस्तीनी प्रतिरोध समूहों के निरस्त्रीकरण की मांग की है और गाजा पर पूरी तरह से फिर से कब्जा करने पर जोर दिया है.

 

UP : रो-रोकर पुलिस को दर्द सुना रहा पति…पैसे-जेवर लेकर भांजे के साथ फरार हो गई 6 बच्चों की मां

0

उन्नाव में एक 6 बच्चों मां अपने पति को छोड़कर भांजे के साथ फरार हो गई. पीड़ित पति न्याय के लिए बच्चों के साथ पुलिस अधिकारियों के चक्कर काट रहा है. पीड़ित हशीन अपने 6 बच्चों के साथ शिकायत करने उन्नाव एसपी आफिस पंहुचा जहां वह रो रोकर अपना दर्द बयां कर रहा है.

उत्तर प्रदेश के उन्नाव एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है जहां एक 6 बच्चों मां पति को छोड़कर भांजे के साथ फरार हो गई. पीड़ित पति न्याय के लिए बच्चों के साथ पुलिस अधिकारियों के चक्कर काट रहा है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

मामला उन्नाव कोतवाली क्षेत्र के उम्मीदों के शहर का है. अपने 6 बच्चों के साथ एसपी ऑफिस के चककर काट रहे व्यक्ति का नाम हशीन अहमद है जो पेशे से टैंपो चालक है. अपनी 5 बेटियों और एक बेटे के साथ एसपी आफिस के बाहर खड़े हशीन का आरोप है की उसकी 43 साल की पत्नी उसके 22 साल के भांजे दिलशाद के साथ एक महीने पहले घर से फरार हो गई. वह घर मे रखी बेटी और मां की लाखों की ज्वेलरी और नगदी भी लेकर भागी है. भांजा कानपुर बिठूर थाना क्षेत्र मे रहता है. इसकी शिकायत कानपुर पुलिस बिठूर थाने में भी की, पर कोई सुनवाई नहीं हुई.

पीड़ित हशीन अपने 6 बच्चों के साथ शिकायत करने उन्नाव एसपी आफिस पंहुचा जहां वह रो रोकर अपना दर्द बयां कर रहा है कि कैसे उसकी पत्नी उसे धोखा देकर लड़ाई झगड़ा कर उसके भांजे के साथ फरार हो गई.

 

NATIONAL : उज्जैन में महाकाल मंदिर के पास कार्रवाई… बेगमबाग के मकानों पर चला बुलडोजर, भारी विरोध के बीच तोड़ा गया अतिक्रमण

0

मुस्लिम बहुल इस क्षेत्र में स्थानीय लोगों ने अतिक्रमण हटाने का विरोध किया, लेकिन प्रशासन ने वरिष्ठ नागरिकों के साथ बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित किया और कार्रवाई को अंजाम दिया.

मध्य प्रदेश के उज्जैन शहर के बेगमबाग इलाके में उज्जैन विकास प्राधिकरण (UDA) ने लीज उल्लंघन के मामले में दो मकानों को जेसीबी से ढहा दिया. हाईकोर्ट से स्टे हटने के बाद पुलिस बल और नगर निगम की टीम के साथ प्राधिकरण का दल कार्रवाई के लिए पहुंचा. मुस्लिम बहुल इस क्षेत्र में स्थानीय लोगों ने विरोध किया, लेकिन प्रशासन ने वरिष्ठ नागरिकों के साथ बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित किया और कार्रवाई को अंजाम दिया.

दरअसल, शुक्रवार सुबह बेगमबाग में पुलिस और जेसीबी की मौजूदगी से लोग घबरा गए. जल्द ही क्षेत्र में भीड़ जमा हो गई. प्राधिकरण ने 49 और 55 नंबर के दो मकानों को चिह्नित किया था, जिनका उपयोग लीज की शर्तों के विपरीत किया जा रहा था. पहले दोनों भवनों को खाली कराया गया.

विरोध के बावजूद अधिकारियों ने मुस्लिम समाज के वरिष्ठजनों के साथ चर्चा कर लोगों को समझाया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने सहयोग किया. इसके बाद निगम की रिमूवल टीम ने दोनों आलीशान मकानों को तोड़ दिया. यह क्षेत्र महाकाल मंदिर के समीप है.उज्जैन विकास प्राधिकरण के सीईओ संदीप सोनी ने बताया कि बेगमबाग क्षेत्र को प्राधिकरण ने सालों पहले रहवासी योजना के तहत बसाया था, लेकिन कई लोग भूखंडों और मकानों का व्यावसायिक उपयोग करने लगे. कुछ ने नियमों को तोड़कर संपत्तियां बेच दीं, तो कुछ ने अवैध होटल शुरू कर दिए.

सितंबर 2024 में प्राधिकरण ने लीज उल्लंघन के आधार पर इन निर्माणों को अवैध घोषित कर लीज निरस्त की थी. दो मामलों में हाईकोर्ट से स्टे हटने के बाद 49 और 55 नंबर के भवनों पर कार्रवाई की गई.सीईओ के अनुसार, क्षेत्र में कुल 28 संपत्तियां ऐसी हैं, जिनकी लीज निरस्त की जा चुकी है, लेकिन कोर्ट में मामले लंबित होने के कारण अन्य पर कार्रवाई नहीं हो सकी. कार्रवाई के दौरान सीईओ संदीप सोनी, एसडीएम एलएन गर्ग और एडिशनल एसपी नितेश भार्गव मौके पर मौजूद थे. अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए 150 पुलिस जवानों का बल तैनात किया गया था.

UP : पेट्रोल पंप में डीजल की जगह पानी! यहां-वहां बंद होने लगी गाड़ियां, जांच में पता चली ये बात

0

महराजगंज जिले में चलती गाड़ियां अचानक बंद होने लगीं. किसी की गाड़ी बीच रास्ते खड़ी हो गई, तो किसी की स्टार्ट ही नहीं हो रही थी. जब पता लगाया गया तो मालूम हुआ कि इन लोगों ने एक ऐसी पेट्रोल टंकी से डीजल भरवाया था जिसमें तेल की जगह पानी आ रहा था.

यूपी के महराजगंज जिले में चलती गाड़ियां अचानक बंद होने लगीं. किसी की गाड़ी बीच रास्ते खड़ी हो गई, तो किसी की स्टार्ट ही नहीं हो रही थी. जब पता लगाया गया तो मालूम हुआ कि इन लोगों ने एक ऐसी पेट्रोल टंकी से डीजल भरवाया था जिसमें तेल की जगह पानी आ रहा था. जिसके बाद लोगों ने पंप मालिक से शिकायत की.

मामला प्रशासन तक पहुंचा तो जांच करवाई गई. पता चला कि बारिश के कारण पेट्रोल पंप के तेल टैंकर में पानी भर गया था. बाद में वही तेल/डीजल गाड़ियों में भर दिया गया, जिसके चलते कुछ दूर जाने के बाद गाड़ियां यहां-वहां बंद होनी शुरू हो गईं. दरअसल, महराजगंज जिले में निचलौल रोड स्थित विजय फिलिंग स्टेशन से अचानक डीजल की जगह पानी निकलने लगा, जिससे कई गाड़ियां खराब होकर जगह-जगह बंद होनी शुरू हो गईं. डीजल भराने के बाद अचानक गाड़ी खड़ी होने से ग्राहक नाराज हो गए और पंप मालिक से इस बात की शिकायत की.

जिसपर पंप संचालक ने मैकेनिक बुलवाकर लोगों की गाड़ियों से पानी निकलवाया लेकिन एक वाहन स्वामी ने लोकल मैकेनिक से पानी निकलवाने से मना कर दिया. उनका कहना था कि हम अधिकृत एजेंसी के वर्कशॉप में ही अपनी गाड़ी की जांच करवाएंगे, जिसके बाद बात बिगड़ गई और मामला सप्लाई विभाग तक पहुंच गया. विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की, तब पता चला कि पंप के तेल टैंकर में बारिश का पानी चला गया जिसको गाड़ियों में डालने से गाड़ियां बंद होने लगी.

ग्राहक विवेक मिश्र ने बताया कि हम पंप पर डीजल भरवाने आए थे तो यहां डीजल की जगह पानी भर दिए, जिससे मेरी गाड़ी थोड़ी ही दूर जाकर अचानक बंद हो गई. इसकी शिकायत की तो जांच हुई. वहीं, पंप मैनेजर अंकित ने कहा कि अभी एक टैंकर खाली हुआ है, बारिश हुई थी तो हो सकता है उसी से पानी आ गया हो. शिकायत मिलने के बाद हमने मैकेनिक बुलवाकर गाड़ियां ठीक करवा दी हैं.

NATIONAL : ऊपर छत पर पति, नीचे कमरे में आशिक… एक आवाज से रंगे हाथों पकड़ी रंगमिजाज पत्नी

0

इस गर्मी से परेशान एक व्यक्ति अपने घर की छत पर सोने चला गया. नीचे कमरे में उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी को घर बुला लिया. दोनों कमरे में थे कि अचानक किसी भारी वस्तु के गिरने की आवाज ने घर के अन्य सदस्यों को जगा दिया. सभी दौड़े-दौड़े नीचे आए और कमरे का दरवाजा खोला तो चौंक पड़े. सामने पत्नी और एक अजनबी युवक को आपत्तिजनक स्थिति में देखकर होश उड़ गए.

गर्मी और उमस से परेशान एक पति छत पर जाकर सो गया. लेकिन उसे क्या पता था कि उसी रात उसकी जिंदगी का सबसे बड़ा तूफान आने वाला है. वह छत पर नींद में था, नीचे कमरे में उसकी पत्नी अपने आशिक के साथ इश्क लड़ा रही थी . फिर अचानक कमरे से एक तेज आवाज आई, जिससे सबकी नींद टूटी, दरवाजा खोला गया तो दोनों को एक दूसरे की बाहों में देखकर सभी दंग रह गए.

ये कोई फिल्मी कहानी नहीं, बल्कि महराजगंज जिले का वो सच है, जो अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन चुका है. एक मां का दिल प्रेम में इस कदर बहका कि उसने अपने तीन मासूम बच्चों की चीखें भी सुननी गंवारा नहीं कीं और प्रेमी के साथ चली गई. वहीं पति ने मजबूर होकर बच्चों को सीने से लगाया और आंखों में आंसू लिए कह रहा अब इन्हीं के लिए जीना है.

सोमवार रात, तेज गर्मी और उमस से परेशान एक व्यक्ति अपने घर की छत पर सोने चला गया. उसे क्या पता था कि उसकी गैरमौजूदगी में नीचे कमरे में उसकी पत्नी किसी और को बुलाने वाली है. मौका मिलते ही महिला ने अपने प्रेमी को घर बुला लिया. दोनों कमरे में थे कि अचानक किसी भारी वस्तु के गिरने की आवाज ने घर के अन्य सदस्यों को जगा दिया. पति भी आवाज सुनते ही दौड़ा-दौड़ा नीचे आया और कमरे का दरवाजा खोलते ही उसकी दुनिया उजड़ गई. सामने उसकी पत्नी और एक अजनबी युवक को आपत्तिजनक स्थिति में देखकर उसके होश उड़ गए. पत्नी की इस हरकत से सन्न पति ने तुरंत शोर मचा दिया.

शोर सुनकर मोहल्ले के लोग भी इकट्ठा हो गए. देखते ही देखते मामला हंगामे में तब्दील हो गया और पुलिस को बुलाना पड़ा. चौक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला व उसके प्रेमी को थाने ले आई. वहीं, पति और अन्य परिजन भी थाने पहुंच गए. थाने में जब दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई तो महिला ने सभी को चौंकाते हुए प्रेमी के साथ रहने की जिद पकड़ ली. उसने स्पष्ट कहा कि वह अब अपने पति के साथ नहीं रहना चाहती और उसे अब अपने प्रेमी के साथ ही जीवन बिताना है.

इस पूरे घटनाक्रम में सबसे ज्यादा टूटे वे तीन मासूम बच्चे जिनकी उम्र महज 4, 6 और 8 साल है. जब मां ने प्रेमी के साथ जाने की बात कही और बच्चों को छोड़ने का फैसला किया, तो तीनों बच्चे मां से लिपटकर रोने लगे. उन्होंने उसे जाने से रोका, लेकिन मां का दिल नहीं पसीजा. बच्चों की सिसकियां सुनकर वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं, लेकिन महिला ने एक बार भी पीछे मुड़कर अपने बच्चों की तरफ नहीं देखा. वह अपने प्रेमी के साथ जाने के लिए अडिग रही.

जब महिला ने स्पष्ट रूप से प्रेमी के साथ जाने की इच्छा जताई और यह भी कहा कि वह पति के साथ नहीं रहना चाहती, तो मजबूर पति ने बच्चों को अपने साथ रखने का निर्णय लिया. पति ने पुलिस की मौजूदगी में कहा अगर मेरी पत्नी को मेरे साथ नहीं रहना है, तो मैं जबरदस्ती नहीं कर सकता. मैं अपने बच्चों को पाल लूंगा. लेकिन एक बात जरूर कहूंगा कि मां के बिना उनका बचपन अधूरा रह जाएगा.

इस मामले में पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने बताया कि महिला और उसका प्रेमी दोनों बालिग हैं. दोनों पक्षों की सहमति के बाद महिला को प्रेमी के साथ भेज दिया गया है. महिला के पति ने भी बच्चों की जिम्मेदारी लेने की बात कही है.

UP : उत्तर प्रदेश में कुदरत का कहर, अलग-अलग जिलों में कुल 49 की मौत, कई जगह भारी नुकसान

0

आपदाओं ने कई जिलों को प्रभावित किया, जिसमें फिरोजाबाद और कानपुर नगर सबसे ज्यादा प्रभावित रहे. इसके अलावा भी राजस्व विभाग अन्य फसल-घर के नुकसान की जानकारी जुटा रहा है.

उत्तर प्रदेश में हाल ही में विभिन्न आपदाओं के कारण 49 लोगों की जान चली गई है. 22 मई 2025 तक की एक आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार, इन आपदाओं ने कई जिलों को प्रभावित किया, जिसमें फिरोजाबाद और कानपुर नगर सबसे ज्यादा प्रभावित रहे. इसके अलावा भी राजस्व विभाग अन्य फसल-घर के नुकसान की जानकारी जुटा रहा है. वो आंकड़ा अभी नहीं है. प्रदेश सरकार ने सभी जिलों को अलर्ट किया है.

रिपोर्ट के मुताबिक, फिरोजाबाद में 6 लोगों की मौत हुई, जिनमें 55 वर्षीय पुरुष, 67 और 56 वर्षीय दो महिलाएं शामिल हैं. ये मौतें 21 मई को हुईं, और मृतकों का पता मण्डनपुर, तहसील पटियाली बताया गया है. वहीं, कानपुर नगर में 3 पुरुषों की मौत दर्ज की गई, जिनमें 35 वर्षीय एक व्यक्ति शामिल है. अन्य जिलों में भी आपदाओं का कहर देखने को मिला. मुरादाबाद और गोंडा में भी 3-3 लोगों की जान गई, जबकि प्रतापगढ़, झांसी, और अम्बेडकरनगर में 1-1 व्यक्ति की मौत हुई. अनुमान है कि मृतकों का आंकडा अभी और बढ़ सकता है.

मौतों के कारणों का विवरण रिपोर्ट में स्पष्ट नहीं है, लेकिन यह अनुमान लगाया जा रहा है कि प्राकृतिक आपदाएं जैसे बाढ़, आकाशीय बिजली, या अन्य दुर्घटनाएं इसके पीछे हो सकती हैं. मृतकों में पुरुष और महिलाएं दोनों शामिल हैं, जिनकी उम्र 2 वर्ष से लेकर 67 वर्ष तक है. सबसे कम उम्र का मृतक मुरादाबाद का 2 वर्षीय आदविक पुत्र रविंद्र कुमार है, जबकि सबसे अधिक उम्र की मृतक फिरोजाबाद की 67 वर्षीय महिला है.

प्रदेश सरकार ने इन घटनाओं पर गहरी चिंता जताई है और प्रभावित परिवारों को सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया है. प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि राहत और बचाव कार्य तेज किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके. जनता से अपील की गई है कि वे आपदा से संबंधित चेतावनियों का पालन करें और सुरक्षित स्थानों पर रहें.

 

- Advertisement -

News of the Day