Thursday, June 25, 2026
Home Blog Page 644

ENTERTAINMENT : सुबह 3 बजे गैलेक्सी अपार्टमेंट पहुंची, डोरबेल बजाकर कहा सलमान खान ने बुलाया है… एक्टर की सुरक्षा में सेंध लगाने वाली ईशा कौन?

0

आरोपी ईशा छाबड़िया 36 साल की एक मॉडल है. गुरुवार सुबह-सुबह करीब 3 बजे वो सलमान खान की बिल्डिंग गैलेक्सी अपार्टमेंट में घुस गई. उसने बिल्डिंग में घुसने के लिए कहा कि वो सलमान खान को जानती है और उन्हीं के बुलावे पर आई है. यही बात उसने पुलिस को भी बताई.

बॉलीवुड एक्टर सलमान खान के घर दो बार हुई सेंधमारी ने हर किसी को शॉक में डाल दिया है. हर कोई इसी उधेड़बुन में है कि इतने कड़े सुरक्षा घेरे के बावजूद ये घुसपैठ हुई कैसे?

बीते दो दिनों में सलमान के घर पर दो अनजान लोगों ने घुसपैठ की कोशिश की. दोनों ही बिल्डिंग के अंदर घुसे और उनके घर तक पहुंच पाने में सफल हुए. हालांकि पुलिस ने वक्त रहते दोनों को गिरफ्तार किया. दो अलग-अलग वक्त पर सलमान के घर घुसपैठ करने वाले दोनों लोगों की पहचान जितेंद्र कुमार और ईशा छाबड़िया के तौर पर हुई है.

आरोपी ईशा छाबड़िया 36 साल की एक मॉडल है. गुरुवार सुबह-सुबह करीब 3 बजे वो सलमान खान की बिल्डिंग गैलेक्सी अपार्टमेंट में घुस गई. उसने बिल्डिंग में घुसने के लिए कहा कि वो सलमान खान को जानती है और उन्हीं के बुलावे पर आई है. यही बात उसने पुलिस को भी बताई. ईशा किसी तरह सलमान के घर तक पहुंच गई और दरवाजा भी खटखटाया. सलमान के परिवार के कुछ लोगों ने दरवाजा खोला. ईशा ने फिर दोहराया कि वह सलमान खान के बुलावे पर आई है. लेकिन घरवालों ने जब ये बात चेक की और देखा कि सलमान ने उसे नहीं बुलाया है, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को बुला लिया.

जब पुलिस ने उसे पकड़ा और पूछताछ की, तो ईशा ने बताया कि वो खार इलाके की रहने वाली है और छह महीने पहले एक पार्टी में सलमान खान से मिली थी. उसने फिर दावा किया कि वो सलमान के बुलावे पर ही आई है, लेकिन सलमान के घरवालों ने इस बात से साफ इनकार कर दिया. ईशा को आज सुबह आपराधिक घुसपैठ (क्रिमिनल ट्रैसपास) के आरोप में गिरफ्तार किया गया है.

सूत्रों की माने तो,पहली घटना 20 मई को शाम 7:15 बजे हुई. इस मामले में पुलिस ने जितेंद्र कुमार सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की. जितेंद्र कुमार छत्तीसगढ़ का रहने वाला है. पुलिस सूत्रों ने बताया कि इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 329(1) के तहत मामला दर्ज किया गया. सलमान की सुरक्षा में तैनात एक पुलिस अधिकारी ने बांद्रा पुलिस को अपने बयान में बताया कि 20 मई की सुबह करीब 09:45 बजे एक अनजान व्यक्ति को गैलेक्सी अपार्टमेंट के आसपास घूमता हुआ देखा गया. तब अधिकारी ने उसे समझाया और वहां से जाने को कहा. इस पर वो व्यक्ति गुस्से में आ गया और अपना मोबाइल जमीन पर फेंककर तोड़ दिया.

इसके बाद शाम करीब 7:15 बजे वही व्यक्ति दोबारा गैलेक्सी अपार्टमेंट के मेन गेट पर आया और एक निवासी की कार के जरिए अंदर प्रवेश कर गया. उस समय मौके पर मौजूद पुलिस कांस्टेबलों ने उसे तुरंत हिरासत में लेकर बांद्रा पुलिस को सौंप दिया. जब उस व्यक्ति को सलमान खान के घर में घुसते हुए पकड़ा गया, तो उसने कहा कि ‘मैं सलमान खान से मिलना चाहता हूं, लेकिन पुलिस मुझे उनसे मिलने नहीं दे रही थी, इसलिए मैं छिपने की कोशिश कर रहा था.’

NATIONAL : मुरादाबाद में 12 साल की दलित छात्रा से स्कूल में गैंगरेप, पांच नाबालिग आरोपी गिरफ्तार

0

मुरादाबाद में एक स्कूल में 12 साल की दलित छात्रा के साथ पांच नाबालिग लड़कों ने गैंगरेप जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दिया है. पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों में से एक का पिता स्कूल में चौकीदार है, जिसके पास स्कूल की चाबी थी. उसने घर से चाबी लाकर स्कूल का गेट खोला और पीड़िता को अंदर ले गए. वहां पीड़िता को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया और फिर सभी ने दुष्कर्म किया.

यूपी के मुरादाबाद जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक स्कूल में 12 साल की दलित छात्रा के साथ पांच नाबालिग लड़कों ने गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया. इसके बाद आरोपियों ने पीड़िता का अश्लील वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी. पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें जुवेनाइल बोर्ड के सामने पेश किया.

पीड़िता की मां के द्वारा दर्ज कराई गई FIR के मुताबिक, यह घटना 8 मई 2025 को शाम करीब 4 बजे की है. पीड़िता अपने घर के बाहर खेल रही थी, और उसी दौरान पड़ोस में रहने वाले पांच नाबालिग लड़के उसे बहला-फुसलाकर स्कूल ले गए.

आरोपियों में से एक का पिता स्कूल में चौकीदार है, जिसके पास स्कूल की चाबी थी. उसने घर से चाबी लाकर स्कूल का गेट खोला और पीड़िता को अंदर ले गए. वहां पीड़िता को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया, जिससे वह अर्ध-बेहोशी की हालत में पहुंच गई. इसके बाद पांचों आरोपियों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया और इस घिनौने कृत्य का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया.

होश में आने पर पीड़िता को धमकी दी गई कि अगर उसने इस घटना की जानकारी किसी को दी, तो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जाएगा और वो उसके माता-पिता को जान से मार देंगे. डर के मारे पीड़िता ने कई दिनों तक इस घटना को छिपाए रखा.घटना का खुलासा तब हुआ, जब 19 मई को पीड़िता की मां की एक पड़ोसन ने उन्हें वीडियो दिखाया, जिसमें उनकी बेटी के साथ दुष्कर्म की नग्न तस्वीरें थीं. वीडियो देखकर मां स्तब्ध रह गईं. उन्होंने अपनी बेटी से प्यार से पूछताछ की, तो वह रोने लगी और उसने पूरी घटना की जानकारी दी. इसके बाद मां ने 20 मई को सिविल लाइंस थाने में पांचों आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कराई.

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की. सिविल लाइंस थाने के अधिकारी ने बताया कि सभी पांचों आरोपी, की उम्र 12 से 15 साल के बीच है. सभी आरोपी कक्षा 7 से 9 के छात्र हैं और पीड़िता के पड़ोसी हैं. पुलिस ने पॉक्सो एक्ट, गैंगरेप और धमकी देने की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. आरोपियों को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है.

 

ENTERTAINMNET : शिल्पा शिरोडकर ने दी राहत की खबर, कोरोना को हराकर बोलीं- अब अच्छा महसूस कर रही हूं

0

बिग बॉस 18 फेम शिल्पा शिरोडकर ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर बताया कि वह कोविड-19 से पूरी तरह ठीक हो गई हैं और अब अच्छा महसूस कर रही हैं.

बॉलीवुड एक्ट्रेस और ‘बिग बॉस 18’ की पूर्व कंटेस्टेंट शिल्पा शिरोडकर ने कोविड-19 से ठीक होने की खबर सुनाई है. एक्ट्रेस की सेहत में सुधार की खबर से उनके फैंस काफी राहत महसूस कर रहे हैं.शिल्पा ने इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर अपनी सेहत के बारे में जानकारी दी और लिखा, ‘फाइनली, ठीक हो गई, अच्छा महसूस कर रही हूं, आप सभी के प्यार के लिए धन्यवाद. सुपर खुशहाल गुरुवार.’

बता दें कि 19 मई को शिल्पा ने अपने कोरोना पॉजिटिव होने की खबर लोगों को दी थी. उन्होंने न केवल अपने कोविड पॉजिटिव होने के बारे में जानकारी दी, बल्कि फैंस को सावधानी बरतने की नसीहत भी दी

वर्कफ्रंट की बात करें तो वह जल्द ही तेलुगू फिल्म ‘जटाधारा’ में नजर आएंगी. इस फिल्म के जरिए सोनाक्षी सिन्हा तेलुगू सिनेमा में डेब्यू करने जा रही हैं. यह पैन-इंडिया तेलुगू-हिंदी सुपरनेचुरल फैंटेसी थ्रिलर फिल्म है. इसमें शिल्पा और सोनाक्षी के साथ-साथ सुदीरे बाबू, रवि प्रकाश, दिव्या विजय, और रेन अंजलि भी अहम किरदार में नजर आएंगे.

शिल्पा के करियर पर नजर डालें तो शिल्पा ने बॉलीवुड में 50 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है. साल 1989 में फिल्म ‘भ्रष्टाचार’ में वह नजर आईं. साल 1991 में फिल्म ‘हम’ में उन्होंने अमिताभ बच्चन और रजनीकांत के साथ काम किया. इसके अलावा, ‘किशन कन्हैया’, ‘योद्धा’, ‘बेनाम बादशाह’, ‘दो मतवाले’, ‘दंडनायक’, ‘आंखें’, ‘गोपी-किशन’, ‘बेवफा सनम’, ‘खुदा गवाह’, ‘अपराधी’, ‘हम हैं बेमिसाल’, ‘मृत्युदंड’ जैसी कई फिल्मों में अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाया.

शिल्पा मिस इंडिया का खिताब हासिल कर चुकी हैं. बता दें कि उन्होंने 1992 में मिस इंडिया पेजेंट में हिस्सा लिया था और ताज को अपने सिर पर सजाया था. इनकी बहन नम्रता शिरोडकर भी मिस इंडिया रह चुकी हैं.

 

MP: इंदौर शूटिंग अकादमी में लड़कियों से छेड़छाड़ केस में कोच मोहसिन खान अरेस्ट, बजरंग दल का आरोप- ये ‘लव जिहाद’ के नेटवर्क में शामिल

0

बजरंग दल ने इसे ‘लव जिहाद’ का नेटवर्क बताते हुए दावा किया है कि मोहसिन ने 150 से अधिक हिंदू युवतियों को अपने जाल में फंसाया और उनके साथ आपत्तिजनक हरकतें कीं.

मध्य प्रदेश के इंदौर में ड्रीम ओलंपिक शूटिंग अकादमी में एक नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ और यौन शोषण का गंभीर मामला सामने आया है. अकादमी के कोच मोहसिन खान पर आरोप है कि उसने शूटिंग ट्रेनिंग के बहाने एक छात्रा के साथ छेड़छाड़ की और उसे धमकाया. पुलिस ने तमाम धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी मोहसिन खान को गिरफ्तार कर लिया है.

बजरंग दल ने इसे ‘लव जिहाद’ का नेटवर्क बताते हुए दावा किया है कि मोहसिन ने 150 से अधिक हिंदू युवतियों को अपने जाल में फंसाया और उनके साथ आपत्तिजनक हरकतें कीं.पीड़िता मल्हारगंज इंदौर की निवासी है. उसने अपने भाई के साथ अन्नपूर्णा थाने में शिकायत दर्ज कराई. बताया कि वह 2021 से नवंबर 2023 तक ड्रीम ओलंपिक शूटिंग अकादमी में राइफल शूटिंग की प्रैक्टिस करती थी. 8 नवंबर 2023 को प्रैक्टिस के दौरान कोच मोहसिन खान ने राइफल पकड़ने का बहाना बनाकर उसके साथ अश्लील हरकत (बैड टच) की. जब पीड़िता ने विरोध किया और उसे धक्का दिया, तो मोहसिन ने धमकी दी, “अगर तुझे अकादमी में रहना है, तो जैसा मैं कहूं, वैसा करना होगा, वरना तेरा करियर खत्म कर दूंगा.” डर और शर्मिंदगी के कारण पीड़िता ने उस समय शिकायत नहीं की, लेकिन परिवार को जानकारी मिलने पर उन्होंने पुलिस में मामला दर्ज कराया.

पुलिस जांच में मोहसिन खान के मोबाइल से 10 से अधिक हिंदू युवतियों के आपत्तिजनक वीडियो और 150 से अधिक युवतियों के साथ अश्लील चैट मिले. बजरंग दल के रामेश्वरम मंडल के जिला मंत्री अनिल पाटिल ने बताया कि मोहसिन ने अकादमी के निचले फ्लोर पर हिंदू छात्राओं को बुलाकर उनके साथ छेड़छाड़ की और वीडियो बनाए.

उन्होंने दावा किया कि मोहसिन ने पिछले 10 सालों से ‘लव जिहाद’ का नेटवर्क फैलाया, जिसमें उसके दो भाई भी शामिल हैं. पाटिल ने कहा कि मोहसिन इंदौर से बाहर रहने वाली युवतियों को भी फोन कर परेशान करता था. उन्होंने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि गहन जांच होती, तो भोपाल के ‘लव जिहाद’ मामले से भी बड़ा नेटवर्क सामने आता.

अनिल पाटिल ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर मोहसिन को पकड़ा गया. अन्य युवतियों ने भी बजरंग दल से संपर्क किया है और जल्द ही अतिरिक्त FIR दर्ज कराई जाएंगी. पुलिस ने मोहसिन खान के खिलाफ तमाम धाराओं में मामला दर्ज किया और उसकी गिरफ्तारी कर ली. जांच में सामने आए तथ्यों ने अकादमी में चल रहे बड़े षड्यंत्र की ओर इशारा किया है, जहां कोच ने शिक्षक की आड़ में छात्राओं का शोषण किया.

ENTERTAINMENT : सलमान खान बन सकते हैं KBC के नए होस्ट, अमिताभ बच्चन के शो छोड़ने की खबरें

कौन बनेगा करोड़पति सालों से फैंस को एंटरटेन कर रहा है. इस शो को अमिताभ बच्चन होस्ट कर रहे हैं. बीच में बस एक बार शाहरुख खान ने शो होस्ट किया था. लेकिन उस वक्त शो फ्लॉप हो गया था और अमिताभ बच्चन वापस शो में लाया गया था. अब खबरें हैं कि अमिताभ बच्चन को शो में रिप्लेस किया जा सकता है. सलमान खान उन्हें रिप्लेस कर सकते हैं.

बॉलीवुड हंगामा ने सोर्स के हवाले से लिखा, ‘सलमान खान छोटे पर्दे के किंग हैं और अमिताभ बच्चन को रिप्लेस करने के लिए बेस्ट फेस हैं. उनका छोटे पर्दे की ऑडियंस के साथ अच्छा कनेक्ट हैं. पहले शाहरुख खान ने केबीसी होस्ट किया था. अब अगर सब ठीक रहा तो सलमान खान शो को होस्ट करेंगे. अमिताभ बच्चन अब केबीसी होस्ट नहीं करेंगे पर्सनल कारणों से और सलमान संग इसके लिए बातें फुल स्विंग में चल रही हैं.’

बता दें कि सलमान खान बिग बॉस के होस्ट हैं. वो सालों से बिग बॉस होस्ट कर रहे हैं. उनके नए सीजन को भी होस्ट करने की खबरें हैं. रिपोर्ट्स हैं जुलाई से सलमान शूटिंग शुरू करेंगे. सलमान खान दस का दम भी होस्ट कर चुके हैं. उनके शोज को फैंस बहुत पसंद करते हैं.

बता दें कि कौन बनेगा करोड़पति 2000 में शुरू हुआ था. पहला एपिसोड 3 जुलाई को आया था. तब से अब तक अमिताभ बच्चन शो होस्ट कर रहे हैं. बीच में सिर्फ एक सीजन शाहरुख खान ने होस्ट किया था. अमिताभ बच्चन शो में फैंस को अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ के किस्से सुनाते हैं. अमिताभ से मिलने के लिए फैंस बैचेन रहते हैं.

 

RAJASTHAN : जयपुर पुलिस ने शुरू की इलेक्ट्रिक होवरबोर्ड पर गश्त, भीड़भाड़ वाले इलाकों में तेजी से मिलेगी सुरक्षा

0

जयपुर पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था और सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए इलेक्ट्रिक होवरबोर्ड पर गश्त की शुरुआत की है. यह तकनीक भीड़भाड़ वाले बाजारों, संकरी गलियों और पर्यटन स्थलों में तेजी से प्रतिक्रिया देने में मदद करेगी. फिलहाल पांच होवरबोर्ड ट्रायल के तौर पर इस्तेमाल किए जा रहे हैं, जिन पर पुलिसकर्मियों को विशेष ट्रेनिंग दी गई है.

जयपुर पुलिस ने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था और आम नागरिकों की सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए एक नई पहल शुरू की है. अब पुलिसकर्मी पारंपरिक पैदल या मोटरसाइकिल की बजाय इलेक्ट्रिक होवरबोर्ड पर गश्त करते नजर आ रहे हैं. यह कदम खासतौर पर भीड़भाड़ वाले बाजार, संकरी गलियों और पर्यटन स्थलों में त्वरित सुरक्षा देने के लिए उठाया गया है.

इस प्रयोग के तहत पुलिस विभाग ने पहले चरण में पांच होवरबोर्ड खरीदे हैं. इन उपकरणों में सेल्फ-बैलेंसिंग तकनीक के साथ एक हैंडल भी है, जिससे पुलिसकर्मी आसानी से दिशा नियंत्रित कर सकते हैं. होवरबोर्ड में पुलिस सायरन और माइक्रोफोन जैसे फीचर्स भी जोड़े गए हैं, जिससे तुरंत चेतावनी देना संभव होता है.

पुलिसकर्मियों को होवरबोर्ड चलाने की खास ट्रेनिंग दी गई है, जिसमें संतुलन बनाए रखना और आपातकालीन स्थिति में प्रतिक्रिया देना शामिल है. यह उपकरण हल्का और चालाक है, जिससे भीड़भाड़ वाले इलाकों में तेजी से गश्त करना आसान हो जाता है.इस नई तकनीक से पुलिस की गश्त अधिक गतिशील और प्रभावी होगी. जयपुर जैसे शहर में जहां संकरी गलियां और ट्रैफिक जाम आम हैं, वहां मोटरसाइकिल या कार से तेजी से गश्त करना मुश्किल होता है. वहीं पैदल गश्त में समय ज्यादा लगता है, होवरबोर्ड इस समस्या का समाधान साबित हो सकता है.

हालांकि, खराब सड़कों और बारिश में इसका उपयोग चुनौतीपूर्ण हो सकता है. फिलहाल यह योजना ट्रायल मोड में है. यदि सफल रही तो भविष्य में और अधिक होवरबोर्ड खरीदे जाएंगे और अन्य जिलों में भी इसे लागू किया जाएगा. महिला पुलिसकर्मियों को भी इसमें शामिल करने की योजना है. जनता में इस प्रयोग को लेकर उत्साह है, सोशल मीडिया पर इसकी तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, खासकर युवा वर्ग इसे भविष्य की पुलिसिंग मान रहा है.

MAHARASHTRA : महाराष्ट्र सरकार के गृहराज्य मंत्री योगेश कदम का बड़ा दावा, ‘सलमान खान की जान को…’

0

महाराष्ट्र के गृहराज्य मंत्री योगेश कदम ने कहा कि पुलिस ने समय पर कार्रवाई की और यही कारण है कि संदिग्ध पकड़ा भी गया. हमने सभी जरूरी प्रिकॉशन्स पहले ही ले लिए थे.

बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान की सुरक्षा को लेकर महाराष्ट्र के गृहराज्य मंत्री योगेश कदम ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि अब तक सलमान खान को जितनी भी धमकियां मिली हैं, उनके आधार पर जो भी सुरक्षा की आवश्यकता थी, वह पूरी तरह से मुहैया कराई गई है. मेरे हिसाब से उनकी जान को इस समय कोई खतरा नहीं है.

महाराष्ट्र के गृहराज्य मंत्री योगेश कदम ने ये भी कहा, ”पुलिस ने समय पर कार्रवाई की और यही कारण है कि संदिग्ध पकड़ा भी गया. हमने सभी जरूरी प्रिकॉशन्स पहले ही ले लिए थे.”

गैलेक्सी अपार्टमेंट में दो बार घुसपैठ की कोशिश

अभिनेता सलमान खान के मुंबई स्थित आवास ‘गैलेक्सी अपार्टमेंट’ में सुरक्षा से जुड़ी गंभीर घटना सामने आई है. 20 मई की शाम करीब 7:15 बजे एक व्यक्ति, जो पहले दिन में भी अपार्टमेंट के आसपास देखा गया था, एक निवासी की कार का फायदा उठाकर इमारत में घुस गया.
मौके पर तैनात पुलिस और सुरक्षा गार्ड्स ने तत्परता दिखाते हुए उसे हिरासत में ले लिया.

हिरासत में लेने के बाद पूछताछ में पता चला कि व्यक्ति का नाम जितेन्द्र कुमार हरदयाल सिंह है जिसकी उम्र 23 साल है, जो छत्तीसगढ़ का निवासी है. उसके खिलाफ BNS की धारा 329(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है.

सूत्रों ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने कहा, “मैं सलमान खान से मिलना चाहता हूं, लेकिन पुलिस मिलने नहीं दे रही थी, इसलिए मैं छिपकर अंदर घुसने की कोशिश कर रहा था.”

इसी दिन सुबह एक महिला ने भी गैलेक्सी अपार्टमेंट में जबरन प्रवेश की कोशिश की. मुंबई पुलिस ने तुरंत उसे पकड़ा और पूछताछ शुरू की है. यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वह मुंबई की निवासी है या किसी अन्य शहर से आई थी.

गैलेक्सी अपार्टमेंट के आसपास लगातार संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए मुंबई पुलिस ने अतिरिक्त सतर्कता बरती है. गृह विभाग की ओर से पहले ही सलमान खान की सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं. मंत्री योगेश कदम के अनुसार, राज्य सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है.

 

UP: कुंवारा बताकर ब्यूटी पार्लर संचालिका से चार चाल तक बनाए संबंध, FIR दर्ज होते ही सिपाही की संदिग्ध मौत

0

भदोही जिले में एक महिला ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप सिपाही पर लगाया. महिला की शिकायत पर एफआईआर दर्ज हुई. आरोप था कि सिपाही पहले से शादीशुदा था. रिपोर्ट दर्ज होने के कुछ दिन बाद ही सिपाही की संदिग्ध हालत में मौत हो गई. पुलिस आत्महत्या की आशंका जता रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है.

भदोही जिले के सुरियावां थाना क्षेत्र में एक महिला ने सिपाही पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है. महिला की शिकायत पर पुलिस ने 19 मई को एफआईआर दर्ज की थी. इसके कुछ दिन बाद ही आरोपी सिपाही सत्येंद्र गौड़ की संदिग्ध हालात में मौत हो गई.मामले की शुरुआत चार साल पहले हुई जब एक ब्यूटी पार्लर संचालिका घरेलू विवाद की शिकायत लेकर सुरियावां थाने गई थी. वहां तैनात सिपाही सत्येंद्र गौड़ ने मदद के बहाने महिला से दोस्ती की. खुद को कुंवारा बताकर उसने महिला को शादी का भरोसा दिया और शारीरिक संबंध बनाए.

यह सिलसिला सालों तक चला. बाद में महिला को पता चला कि सिपाही पहले से शादीशुदा है. जब महिला ने शादी का दबाव बनाया तो सिपाही ने जान से मारने की धमकी दी. सिपाही का हाल ही में तबादला जौनपुर जिले के शाहगंज कोतवाली में हो गया था. महिला ने शिकायत दी तो जांच के बाद एफआईआर दर्ज की गई.

एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि महिला ने साक्ष्य भी दिए थे, जिसमें फोटो और वीडियो शामिल थे, जांच में आरोप सही पाए गए. एफआईआर के बाद सिपाही की मौत हो गई. आशंका है कि उसने जहर खाया. बीएचयू में पोस्टमार्टम हुआ है. रिपोर्ट के बाद मौत की असली वजह सामने आएगी.

UP : बांके बिहारी मंदिर कॉरिडोर को लेकर स्थानीय दुकानदारों में नाराजगी, इस बात का सता रहा है डर

0

मथुरा के बांके बिहारी मंदिर कॉरिडोर को लेकर व्यापारी और दुकानदारों ने असहमति जताई है. उन्होंने कहा कॉरिडोर बनने से व्यापार में घाटा होगा और रोजगार भी नहीं बढ़ेगा.

उत्तर प्रदेश के मथुरा में बांके बिहारी मंदिर कॉरिडोर को सुप्रीम कोर्ट से हरी झंडी मिल चुकी है. इस फैसले के बाद कॉरिडोर बनने का काम बहुत जल्द शुरू हो सकता है. ऐसे में बांके बिहारी मंदिर में कॉरिडोर के बनने से मंदिर के आसपास स्थित दुकानदारों ने इसपर अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने बताया कि कॉरीडोर बनने के बाद व्यापार में फायदा होगा कि नुकसान.

बांके बिहारी मंदिर कॉरिडोर बनने को लेकर दुकानदार ने बताया कि, ‘कॉरिडोर बनता है तो यहां के लोगों का एक साल के लिए व्यापार ठप हो जाएगा और यहां की कुंज गलियों का स्वरूप खत्म हो जाएगा. कुंज गलियां नहीं रहेगी तो वृंदावन का स्वरूप खत्म हो जाएगा. 1 साल बाद रोजगार मिलेगा या नहीं मिलेगा, इसका आकलन कैसे हो पाएगा. जहां कॉरिडोर बनता है वहां पर देखिए दुकान एक कोने में दे दी गई हैं. वहां पर किसी दुकानदार का कोई रोजगार नहीं बढ़ा, जिनको दुकान दी गई है उनका कोई रोजगार नहीं बढ़ा है. ‘

वही बांके बिहारी मंदिर कॉरिडोर बनने को लेकर दूसरे दुकानदार ने बताया कि, ‘कॉरिडोर बनने के बाद व्यापार में टोटल लॉस है. एक तो हमारी प्रॉपर्टी जाएगी और दूसरा व्यापार पूरा खत्म हो जाएगा. यह तो 1 साल की बात कही जा रही है, लेकिन यह तो 3 साल में भी कंप्लीट नहीं होगा. 3 साल में हम कहां से खाएंगे? क्या करेंगे? वह सब डिसाइड नहीं है. कॉरिडोर के सिस्टम के हिसाब से आज जो सेल हो रही है, वह सेल कॉरिडोर में दुकानदारी नहीं हो पाती है, क्योंकि कॉरिडोर में आवंटन वाली दुकानों में कोई धंधा पानी नहीं है.’

वही एक अन्य दुकानदार निकुंज गोयल ने बताया कि, ‘हमें सीएम योगी और प्रधानमंत्री मोदी से यही कहना है कि जब तक कॉरिडोर बने, तब तक हमें टीन की दुकान उपलब्ध कराई जाए. हमारे बच्चों का भविष्य ना बिगड़े. हमारी दाल रोटी चलती रहे, सरकार से यही अनुरोध है.’

 

NATIONAL : दक्षिण और मध्य कश्मीर के घने जंगलों तक पहुंचा ऑपरेशन, 1 महीने बाद भी आतंकियों का सुराग नहीं

0

मौजूदा ऑपरेशन अब केवल ज़मीनी स्तर पर घने जंगल क्षेत्रों की फिजिकल स्कैनिंग पर निर्भर है, जिसमें अनंतनाग से कोकरनाग, त्राल से लेकर श्रीनगर के डाचीगाम फॉरेस्ट तक की तलाशी शामिल है. इसका मतलब है कि आतंकियों तक पहुंचने और उन्हें निष्क्रिय करने में अभी और वक्त लग सकता है.

पहलगाम में हुए बर्बर आतंकी हमले को एक महीना हो चुका है, लेकिन लश्कर के मूसा फौजी ग्रुप के चार आतंकियों, जिनमें तीन विदेशी और एक स्थानीय शामिल हैं का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है. जांच एजेंसियों ने हमले के 24 घंटे के भीतर इन आरोपियों के स्केच जारी कर दिए थे, लेकिन 30 दिन बीत जाने के बाद भी यह सवाल बना हुआ है कि ऑपरेशन कहां तक पहुंचा और ये आतंकी अब तक पकड़े क्यों नहीं गए?

सूत्रों के मुताबिक, सुरक्षाबलों के सर्च और डिस्ट्रॉय ऑपरेशन में कोई कमी नहीं आई है. लेकिन अब यह ऑपरेशन पहलगाम से निकलकर दक्षिण और मध्य कश्मीर के घने जंगलों तक फैल गया है. यह तलाश अब “भूसे के ढेर में सूई खोजने” जैसी चुनौती बन चुकी है.

खुफिया सूत्रों का कहना है कि इस आतंकी हमले को सुनियोजित साजिश के तहत अंजाम दिया गया था और आशंका है कि आतंकी पहले से सुरक्षित किसी मजबूत ठिकाने में छिप गए हैं. संभवतः उन्होंने अपने हथियार छोड़ दिए हों, राशन और जरूरी सामान पहले से जमा कर रखा हो और अब पूरी तरह रेडियो साइलेंस में हों. घने जंगल और उबड़-खाबड़ इलाके अभियान को और जटिल बना रहे हैं.

इंटेलिजेंस ग्रिड को अब तक कोई भी इंटरसेप्ट, हैंडलरों से बातचीत, हीट सिग्नेचर या मानव खुफिया इनपुट नहीं मिला है, जो कि आमतौर पर किसी सफल ऑपरेशन की रीढ़ होते हैं. मौजूदा ऑपरेशन अब केवल ज़मीनी स्तर पर घने जंगल क्षेत्रों की फिजिकल स्कैनिंग पर निर्भर है, जिसमें अनंतनाग से कोकरनाग, त्राल से लेकर श्रीनगर के डाचीगाम फॉरेस्ट तक की तलाशी शामिल है. इसका मतलब है कि आतंकियों तक पहुंचने और उन्हें निष्क्रिय करने में अभी और वक्त लग सकता है.

अधिकारियों का कहना है कि अभियान की तीव्रता में कोई कमी नहीं आई है और सुरक्षाबल हर संभव प्रयास कर रहे हैं. स्थानीय लोगों से भी सहयोग मांगा जा रहा है, लेकिन आतंकियों की चुप्पी और सुनियोजित रणनीति ने इस ऑपरेशन को और जटिल बना दिया है. आतंकवाद के खिलाफ चल रहे अभियानों को और तेज करने की रणनीति बनाई जा रही है ताकि इस आतंकी समूह को जल्द से जल्द निष्प्रभावी किया जा सके.

 

- Advertisement -

News of the Day