Friday, June 26, 2026
Home Blog Page 651

WORLD : ट्रंप के कहने का नहीं कोई असर: टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स ने शुरू किया ये काम, होन हाई ने भी दिए झटके

0

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस हफ्ते की शुरुआत में आईफोन बनाने वाली कंपनी ऐप्पल से भारत में अपना प्रोडक्शन बंद करने को कहा था. ट्रंप ने कंपनी से अमेरिका में प्लांट लगाने और वहीं आईफोन बनाने की बात की थी. उन्होंने अमेरिका में निवेश बढ़ाने के लिए कहा था, लेकिन इसी बीच टाटा ग्रुप की कंपनी टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स ने अपने होसुर प्लांट में  iPhone 16 और iPhone 16e को असेंबल करना शुरू कर दिया है.

एक्सपर्ट्स का मानना है कि इससे टाटा स्मार्टफोन सप्लाई चेन में एक बड़ा नाम बनकर सामने आ सकता है. जबकि अब तक फॉक्सकॉन जैसी ताइवान की कंपनियों का इस क्षेत्र में दबदबा रहा है. इससे साफ है कि ट्रंप के सुझाव को न तो ऐप्पल और न ही इसकी मैन्युफैक्चरिंग कंपनियां गंभीरता से ले रही हैं.

टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स का आगे ये है प्लान

टाटा ग्रुप के इलेक्ट्रॉनिक्स डिवीजन ने मोबाइल फोन की असेंबली के लिए होसुर प्लांट में एक नए यूनिट की शुरुआत की है. अभी तक कंपनी अपने होसुर प्लांट में आईफोन के बाहरी ढांचे का प्रोडक्शन कर रही थी. अब यहां असेंबलिंग का काम भी शुरू हो चुका है. सूत्र के मुताबिक, इससे पहले टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स ने कर्नाटक में अपने विस्ट्रॉन प्लांट में आईफोन असेंबल का काम शुरू किया था. कुछ महीने पहले, होसुर प्लांट में भी असेंबल का काम शुरू हुआ. कंपनी का प्लान आने वाले समय में कम से कम चार यूनिट शुरू करने का है.

अब ताइवान की कंपनी ने दिया ट्रंप को झटका

हर यूनिट में 2500 से अधिक श्रमिकों के काम करने की क्षमता है. एक बार अगर होसुर प्लांट में पूरे दम पर काम होना शुरू हुआ, तो यह ऑपरेशन के मामले में विस्ट्रॉन प्लांट से आगे निकल जाएगी. टाटा के साथ-साथ ताइवान की कंपनी होन हाई प्रिसिजन इंडस्ट्री ने भी ट्रंप को बड़ा झटका दिया है क्योंकि कंपनी चीन से अपना प्रोडक्शन कम कर भारत में निवेश बढ़ाना चाहती है. कंपनी ने भारत में 1.5 बिलियन डॉलर (करीब12,500 करोड़ रुपये) का निवेश करने की बात कही है. अपनी प्रोडक्शन कैपेसिटी को बढ़ाते हुए होन भारत के दक्षिणी हिस्से में अपने प्लांट का निर्माण कर रही है.

SPORTS : वैभव सूर्यवंशी ने मैच के बाद एमएस धोनी के छुए पैर और फिर..

0

14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मंगलवार को 57 रनों की धुआंधार पारी खेली. उन्होंने 33 गेंदों में 4 छक्के और इतने ही चौकों की मदद से 57 रन बनाए. 188 के लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान को उन्होंने अच्छी शुरुआत दिलाई. एमएस धोनी की कप्तानी वाली सीएसके इस सीजन अपना 10वां मैच हारी. राजस्थान ने 17.1 ओवरों में लक्ष्य को हासिल कर 6 विकेट से जीत दर्ज की.

दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 187 रन बनाए थे. आयुष म्हात्रे ने 43 और डेवाल्ड ब्रेविस ने 42 रनों की अच्छी पारी खेली थी, शिवम दुबे ने 32 गेंदों में 39 रन बनाए थे. एमएस धोनी ने 16 रन बनाए लेकिन इसके लिए उन्होंने 17 गेंदें खेली.

मैच ख़त्म होने के बाद वैभव ने छुए एमएस धोनी के पैर

जब मैच ख़त्म होने के बाद दोनों टीमों के प्लेयर्स एक दूसरे से हाथ मिला रहे थे तब वैभव सूर्यवंशी ने एमएस धोनी के पैर छुए. उनके ऐसे संस्कार देखकर उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. पैर चुने के बाद उनसे धोनी ने कुछ कहा, जिसे सुनकर सूर्यवंशी ने स्माइल दी. इससे पहले जब दोनों टीमें आमने सामने हुई थी तब भी सूर्यवंशी ने धोनी के पैर छुए थे लेकिन तब वह प्लेइंग 11 में शामिल नहीं थे.

CSK की 10वीं हार

ये चेन्नई सुपर किंग्स की इस सीजन 10वीं हार थी. अब तक 13 मैच खेल चुकी चेन्नई सुपर किंग्स ने सिर्फ 3 मैच जीते हैं, वह प्लेऑफ की रेस से बाहर होने वाली पहली टीम थी. राजस्थान रॉयल्स इस दौड़ से बाहर होने वाली दूसरी टीम बनी थी.

अभी तक गुजरात टाइटंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स ने प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई किया है. आज MI बनाम DC मैच में अगर मुंबई इंडियंस जीतती है तो वह प्लेऑफ में अपना टिकट कन्फर्म करने वाली चौथी टीम बन जाएगी.

SPORTS : बाबर, रिजवान और अफरीदी की हुई छुट्टी, बांग्लादेश के खिलाफ पाकिस्तान T20 स्क्वॉड का ऐलान

0

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर आजम, मोहम्मद रिजवान और शाहीन शाह अफरीदी को बांग्लादेश के खिलाफ घरेलु सीरीज के लिए नहीं चुना गया है. पाकिस्तान ने बुधवार, 21 मई को इस सीरीज के लिए टी20 स्क्वॉड का ऐलान किया. इन तीनों दिग्गजों के बाहर होने की वजह भी सामने आई है.

पाकिस्तान के दौरे पर बांग्लादेश क्रिकेट टीम 3 मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी. इसकी शुरुआत 27 मई से होगी जबकि पहले इसकी शुरुआत 25 मई से होने वाली थी. पीएसएल स्थगित होने का असर इस सीरीज पर भी पड़ा. बतौर पाकिस्तानी हेड कोच माइक हेसन की ये पहली सीरीज होगी. पीसीबी ने 16 खिलाड़ियों की टीम का ऐलान किया, जिसकी कमान सलमान अली आगा को सौंपी है. शादाब खान उपकप्तान हैं. बाबर, रिजवान और अफरीदी जैसे बड़े खिलाड़ी इस टीम का हिस्सा नहीं है.

क्या खत्म हो गया है बाबर आजम का टी20 करियर

न्यूजीलैंड दौरे पर भी बाबर आजम, मोहम्मद रिजवान और अफरीदी को ड्राप किया गया था. हालांकि वो सीरीज भी पाकिस्तान बुरी तरह हार गई थी. हेड कोच बनने के बाद हेसन चाहते थे कि बाबर आजम को बांग्लादेश के खिलाफ टी20 सीरीज में खिलाया जाए, जबकि चयनकर्ता इसके खिलाफ थे. अब लगातार दूसरी बार इन्हे टी20 सीरीज से बाहर किए जाने के बाद माना जा रहा है कि पीसीबी इन तीनों को क्रिकेट के इस छोटे फॉर्मेट के लिए फिट नहीं मान रही.

किस वजह से बाहर हुए बाबर आजम, रिजवान और शाहीन अफरीदी?

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपने स्टेटमेंट में बताया कि पीएसएल 10 में प्रदर्शन के आधार पर बांग्लादेश के खिलाफ टी20 सीरीज स्क्वॉड का चुनाव हुआ है. पीएसएल 2025 में अभी तक खेले 10 मैचों में बाबर ने 288 रन बनाए हैं, इसमें 3 अर्धशतक शामिल हैं. रिजवान ने 10 मैचों में 367 रन बनाए हैं, इसमें 1 शतक भी शामिल है. शाहीन शाह अफरीदी ने 10 मैचों में 11 विकेट लिए हैं.

पाकिस्तान टी20 स्क्वॉड

सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, फहीम अशरफ, फखर जमां, शादाब खान( उप-कप्तान), हारिस रऊफ, हसन अली, हसन नवाज, हुसैन तलत, मोहम्मद हैरिस, खुशदिल शाह, मोहम्मद वसीम जूनियर, मोहम्मद इरफान खान, सैम अयूब, नसीम शाह, शाहिबजादा फरहान.

पाकिस्तान बनाम बांग्लादेश टी20 शेड्यूल

  • 27 मई (मंगलवार)- गद्दाफी स्टेडियम (रात 8 बजे से)
  • 29 मई (गुरुवार)- गद्दाफी स्टेडियम (रात 8 बजे से)
  • 31 मई (शनिवार)- गद्दाफी स्टेडियम (रात 8 बजे से)

NATIONAL : बिहार में होने वाली है आफत की बारिश! इन जिलों में रेड अलर्ट,

0

बिहार में इन दिनों प्री-मानसून पूरी तरह सक्रिय है. उत्तर बिहार के लगभग सभी जिलों में और दक्षिण बिहार के भी कई जिलों में लगातार बारिश दर्ज की जा रही है. आज (21 मई) को राज्य के सभी जिलों में बादल छाए रहने के साथ-साथ कई जगहो पर बारिश, गर्जन और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है.

पटना मौसम विज्ञान केंद्र अनुसार, आज उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार के पूर्वी इलाकों सहित 17 जिलों में तेज हवा (50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा), बारिश, मेघगर्जन और वज्रपात की बड़ी चेतावनी दी गई है. इन 17 जिलों में तीन जिले पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है, जबकि शिवहर, सीतामढ़ी और पूर्वी चंपारण में आज सुबह 5:33 बजे से 9:04 बजे तक के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है.

इन जिलों में तेज हवाओं का अलर्ट जारी
इन जिलों के अधिकांश हिस्सों में ओलावृष्टि, तेज हवा (50 से 60 किमी प्रति घंटा) और अधिक बारिश दर्ज की जा सकती है. इसके साथ ही पश्चिमी चंपारण, मधुबनी, सुपौल, अररिया, मधेपुरा, सहरसा, भागलपुर, खगड़िया, जमुई, मुंगेर और बांका जिलों में आज ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें तेज हवा (50 से 60 किमी प्रति घंटा) के साथ हल्की या मध्यम स्तर की वर्षा की चेतावनी दी गई है. इन 17 जिलों के अलावा समस्तीपुर और मुजफ्फरपुर में भी सुबह से बारिश होने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.

कुछ जगहों पर छाए रहेंगे बादल
हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार, इन जिलों के अलावा उत्तर बिहार के लगभग सभी जिलों और दक्षिण बिहार के अधिसंख्य जिलों में बादल छाए रहने के साथ हल्की या मध्यम वर्षा तथा कहीं-कहीं तेज हवा और वज्रपात की संभावना बनी हुई है. जिन जिलों में बारिश की संभावना नहीं है, वहां तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखी जा सकती है. अगले 5 दिनों तक राज्य के तापमान में कोई विशेष बदलाव की संभावना नहीं है, केवल 1 से 2 डिग्री सेल्सियस का उतार-चढ़ाव बना रहेगा, जहां बारिश नहीं होगी, वहां तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हो सकती है.

बीते मंगलवार (20 मई) को भी दक्षिण बिहार के कई जिलों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि उत्तर बिहार में तापमान में गिरावट रही और कई जिलों में बारिश दर्ज की गई. सबसे अधिक 87.8 मिमी वर्षा अररिया में दर्ज की गई, जबकि सुपौल में 50.4 मिमी, पूर्णिया में 44.8 मिमी, मधेपुरा में 42.8 मिमी, किशनगंज में 36.6 मिमी, खगड़िया में 31.4 मिमी और दरभंगा में 28.4 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो मध्यम स्तर की मानी जाती है. उत्तर बिहार के अधिकांश जिलों में मध्यम वर्षा हुई, वहीं दक्षिण बिहार के शेखपुरा, औरंगाबाद और रोहतास में बहुत हल्की बारिश दर्ज की गई.

इसके साथ ही मंगलवार को दक्षिण बिहार के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई. सबसे अधिक तापमान रोहतास के डेहरी में 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राजधानी पटना में 4.2 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 36.7 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया. सबसे कम तापमान किशनगंज में 29.9 डिग्री सेल्सियस रहा.

NATIONAL : दो बेटियां पैदा हुईं तो शख्स ने कर दी पत्नी की हत्या, नदी किनारे रेत में दबा दी डेड बॉडी

0

आज भी हमारे देश में लोग लड़की नहीं चाहते. उनकी सोच अभी भी यही है कि लड़की पैदा हो गई तो वह किसी काम की नहीं है. ऐसा ही एक मामला झारखंड के लातेहार जिले से सामने आया है, जहां पर अंतर्गत गारू थाना क्षेत्र में दो बच्चियों की 26 साल की मां रेशमा कुमारी की हत्या करने के बाद उसकी लाश नदी किनारे बालू में दफना दी गई. इस हत्याकांड का खुलासा वारदात के आठ दिन बाद हुआ है. मृतका के पिता ने रेशमा के पति के अलावा सास-ससुर, जेठ-जेठानी और ननद के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कराई है.

दो बच्चियों को जन्म देने से नाराज थे ससुराल वाले

एफआईआर में कहा गया है कि दो बच्चियों को जन्म देने से ससुराल के लोग नाराज थे. आरोप लगाया गया है कि रेशमा के पति का किसी और महिला के साथ नाजायज संबंध है. वारदात का खुलासा होते ही आरोपी फरार हो गया है. परिवार के और लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है.

बताया गया कि 16 मई को गारू थाना क्षेत्र की पुलिस ने लुहूरटांड़ गांव के पास कोयल नदी के किनारे बालू में दबी एक महिला का शव बरामद किया था. बाद में उसकी पहचान रेशमा कुमारी के रूप में हुई, जो 12 मई से ही लापता थी.

पति और ससुराल के लोग बेटी को प्रताड़ित करते थे- पिता

डालटनगंज निवासी रेशमा के पिता सरयू प्रसाद ने एफआईआर में बताया है कि उन्होंने साल 2016 में बेटी की शादी लातेहार के सुकरी निवासी मुकेश कुमार के साथ की थी. वह गारू प्रखंड कार्यालय में कंप्यूटर ऑपरेटर है. दो बच्चियों के जन्म होने के बाद से ही पति और ससुराल के लोग उसे प्रताड़ित करते थे. साल 2017 में उसके साथ उसके जेठ ने मारपीट भी की थी, जिसे लेकर थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई थी. उससे दहेज की मांग की जा रही थी.

इसी बीच उसके पति का किसी और महिला के साथ संबंध विकसित हो गया था. इससे परेशान होकर वह दोनों बेटियों के साथ डाल्टनगंज चली आई थी. 12 मई को रेशमा का पति मुकेश दोनों बेटियों को लेने डाल्टनगंज आया था. उसी दिन से रेशमा भी लापता हो गई थी. उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ आ रहा था.

NATIONAL : दिल्ली से इस्लामाबाद कितनी देर में पहुंच जाएगी ब्रह्मोस मिसाइल? जवाब सुनकर दंग रह जाएंगे आप

0

भारत दिन-ब-दिन अपनी रक्षा क्षमताओं को मजबूत कर रहा है. यहां एक से बढ़कर एक बेहतरीन मिसाइलें बनाई जा रही हैं और कई उन्नत मिसाइलें बनाई जा चुकी हैं. यह न केवल सुरक्षा के दृष्टिकोण से जरूरी है, बल्कि रणनीतिक रूप से भी महत्वपूर्णं है. ये हथियार पड़ोसी देश के लिए भी एक बड़ा खतरा है. इनमें से कुछ मिसाइलें ऐसी भी हैं जो कि अपनी स्पीड और सटीकता की वजह से पाकिस्तान के कई शहरों को निशाना बना सकती हैं. इस रिपोर्ट में हम यह जानने की कोशिश करेंगे कि ब्रह्मोस मिसाइल कितनी देर में इस्लामाबाद को तबाह कर देगी.

ब्रह्मोस की कितनी स्पीड है

ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल की बात करें तो इसकी रेंज 290-700 किमी है. वैरिएंट के आधार पर लेटेस्ट अपग्रेड के साथ यह 1500 किमी तक बढ़ सकती है. इस मिसाइल की स्पीड मैक 3.0 यानि यह साउंड की स्पीड से तीन गुना तेज चलती है. यह लगभग 3704 किमी/घंटे की गति से चलती है. इस मिसाइल का वजन 3000 किलोग्राम है और यह परमाणु हथियार ले जाने की भी क्षमता रखती है. इस मिसाइल को समुद्र, हवा और जमीन कहीं से भी लॉन्च किया जा सकता है. इस मिसाइल की खासियत है कि यह रडार से बचने के लिए 3-4 मीटर की ऊंचाई पर उड़ान भर सकती है और बीच उड़ान में दिशा भी बदल सकती है.

दिल्ली से इस्लामाबाद कितनी देर में पहुंचेगी ब्रह्मोस

अब दिल्ली से इस्लामाबाद तक पहुंचने के समय की बात करें तो सबसे पहले यह जान लेते हैं कि साल 2022 में जब भारत ने गलती से हरियाणा के अंबाला से ब्रह्मोस को फायर कर दिया था तो वह पाकिस्तान के पंजाब के खानेवाल में जाकर गिरी थी. पीएएफ के एयर वाइस मार्शल तारिक जिया की मानें तो इस मिसाइल ने 3 मिनट 44 सेकेंड में पाकिस्तान में 124 किलोमीटर की दूरी तय कर ली थी. इस हिसाब से देखा जाए तो दिल्ली से इस्लामाबाद की दूरी लगभग 801 किलोमीटर है. अगर इसकी स्पीड 3704 किमी/घंटे ही है तो इस हिसाब से दिल्ली से वहां तक मिसाइल पहुंचने में 12 से 13 मिनट का वक्त लगेगा.

दुनिया की सबसे ताकतवर मिसाइल

ब्रह्मोस को भारत और रूस ने मिलकर बनाया है. यह दुनिया की सबसे तेज क्रूज मिसाइलों में से एक है. इसकी सुपरसोनिक स्पीड सटीकता और दुश्मन के राडार पावर और एयर डिफेंस सिस्टम से इसे लगभग अजेय बनाती हैं. यह मिसाइल भारत के तीनों अंगों थल सेना, नौसेना और वायुसेना में तैनात है.

ENTERTAINMENT : रुपाली गांगुली से अंकिता लोखंडे तक, कौनसा धर्म फॉलो करती हैं टीवी की बहुएं?

0

टीवी एक्ट्रेसेस पॉपुलैरिटी में बॉलीवुड डीवाज को टक्कर देती हैं. फैंस अपनी फेवरेट एक्ट्रेस के बारे में हर एक छोटी डिटेल जानने के लिए बेसब्र रहते हैं. रुपाली गांगुली से लेकर अंकिता लोखंडे तक सभी काफी चर्चा में रहती हैं. आइए जानते हैं पॉपुलर टीवी एक्ट्रेस कौनसा धर्म फॉलो करती हैं.

अंकिता लोखंडे

एक्ट्रेस अंकिता लोखंडे को पवित्र रिश्ता से नेम फेम मिला था. वो मराठी फैमिली से आती हैं जो ट्रेडिशनली हिंदू धर्म फॉलो करते हैं. अंकिता ने विक्की जैन से शादी की है. शादी के बाद अब अंकिता जैन धर्म फॉलो करती हैं. अंकिता कई बार जैन धर्म से कनेक्शन को लेकर बात कर चुकी हैं.

रुपाली गांगुली

अनुपमा फएम रुपाली गांगुली बंगाली हिंदू फैमिली से आती हैं. रुपाली के पिता का नाम अनिल गांगुली है. वो डायरेक्टर और स्क्रीन राइटर थे. रुपाली हिंदू धर्म फॉलो करती हैं. वो पूजा-पाठ करती नजर आती हैं. रुपाली बहुत ट्रेडिशनल इंसान है.

शिवांगी जोशी

शिवांगी जोशी हिंदू फैमिली से आती हैं. शिवांगी का जन्म पुणे में हुआ था. उन्होंने देहरादून से पढ़ाई की है. शिवांगी जोशी सरनेम लगाती हैं, जो ब्राह्मण फैमिली में कॉमन सरनेम है. शिवांगी महाकुंभ में भी स्नान करने गई थीं.

हिना खान

हिना खान को शो ये रिश्ता क्या कहलाता है से नेम फेम मिला था. इस शो में वो एक हाउसवाइफ के रोल में नजर आई थीं. हिना खान फैंस के बीच बहुत पॉपुलर हैं. हिना खान कश्मीरी मुस्लिम हैं. हिना श्रीनगर से बिलॉन्ग करती हैं.

जेनिफर विंगेट

जेनिफर विंगेट की बात करें तो उनकी मां पंजाबी हिंदू हैं. वहीं उनके पापा महाराष्ट्रियन क्रिश्चियन हैं. जेनिफर को दिल मिल गए, बेहद, कसौटी जिंदगी की जैसे शोज से नेम फेम मिला है.

NATIONAL : बसपा में वापसी के बाद मायावती ने आकाश आनंद को क्यों दी बिहार की जिम्मेदारी? सामने आई वजह

0

बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने एक बार फिर भतीजे आकाश आनंद को बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए उन्हें पार्टी का नेशनल कोऑर्डिनेटर बना दिया है. जिसके बाद पार्टी के युवा कार्यकर्ताओं और तमाम पदाधिकारियों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है. बसपा सुप्रीमों ने उन्हें देशभर में युवाओं को पार्टी के साथ जोड़ने की जिम्मेदारी दी है. आकाश आनंद से युवाओं के बीच काफी पॉपुलर भी रहे हैं. यही नहीं बिहार विधानसभा चुनाव में भी इसका असर देखने को मिलेगा.

लखनऊ में रविवार को बहुजन समाज पार्टी की अहम बैठक में आकाश आनंद को लेकर सर्वसम्मति से फैसला लिया गया. जिसके बाद वो एक बार फिर से पार्टी ने नंबर दो की पॉजिशन पर आ गए हैं. बसपा सुप्रीमो मायावती ने उन्हें बिहार चुनाव की जिम्मेदारी दी है. ऐसे में उनके साथ ये सबसे बड़ी अग्निपरीक्षा होगी. आकाश आनंद न सिर्फ बिहार चुनाव में प्रचार करेंगे बल्कि चुनाव की रणनीति बनाने में भी उनकी अहम भूमिका होगी.

बिहार में बसपा का 25-30 सीटों पर कैडर मजबूत रहा है. हालांकि पार्टी यहां कभी मजबूत शक्ति के तौर पर नहीं उभरी है. 2020 के विधानसभा चुनाव में बसपा को एक सीट पर जीत भी हासिल हुई थी. बसपा ने इस बार अकेले ही बिहार चुनाव में उतरने का ऐलान किया है. हालांकि जानकारों का मानना है बसपा जैसी पार्टी अगर अकेले उतरती है तो उसकी राह आसान नहीं होगी.

युवाओं को जोड़ने की मुहिम चलाएंगे आकाश
आकाश आनंद अब बसपा के साथ युवाओं को जोड़ने की मुहिम चलाएंगे और देश भर में दलित उत्पीड़न के मामलों के विरोध में आवाज बुलंद करते हुए दिखाई देंगे. सूत्रों के मुताबिक मायावती की ओर से उन्हें स्पष्ट तौर पर निर्देश दिए गए हैं कि पार्टी के संगठन को जमीनी स्तर पर मज़बूत किया जाए और बसपा के वोटरों को एकजुट करके रखा जाए, ताकि विरोधी दल उसमें सेंध न लगा सकें.

बीते कुछ सालों में बहुजन समाज पार्टी लगातार उत्तर प्रदेश में कमजोर होती जा रही है. भारतीय जनता पार्टी से लेकर समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और आज़ाद समाज पार्टी ने उसके वोटबैंक बड़े पैमाने पर सेंध लगाई है. लेकिन अब बसपा एक बार फिर से खुद को मजबूत करने में जुटी है. आकाश आनंद की बसपा में वापसी से पार्टी के अंदर उत्साह देखने हैं. पार्टी के अंदर भी उनकी लोकप्रियता है.

NATIONAL : ISI से कोड वर्ड में ऐसे बातें करती थी ज्योति मल्होत्रा

0

हरियाणा के हिसार से गिरफ्तार की गई यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा पर बड़ा खुलासा हुआ है. जांच एजेंसियों को शक है कि ज्योति पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के लिए काम कर रही थी और भारत में मौजूद खुफिया एजेंट्स की पहचान उजागर करने की कोशिश में लगी हुई थी.

इस बड़ी साजिश का खुलासा ज्योति और पाकिस्तानी खुफिया अधिकारी अली हसन के बीच हुई वॉट्सऐप चैटिंग से हुआ है. सूत्रों के मुताबिक, दोनों के बीच लगातार कोड वर्ड में बातचीत हो रही थी, जिसमें कई संदिग्ध गतिविधियों का जिक्र भी सामने आया है.

ISI अधिकारी ने अटारी बॉर्डर के बारे में ली गुप्त जानकारी
चैटिंग में यह बात सामने आई है कि अली हसन ने ज्योति से भारत-पाक सीमा पर स्थित अटारी बॉर्डर की एक यात्रा को लेकर कई संवेदनशील सवाल पूछे थे. उसने जानना चाहा कि वहां किसी अंडरकवर एजेंट को प्रोटोकॉल के तहत अंदर लाने की कोई व्यवस्था की गई थी या नहीं. अली ने सीधे तौर पर पूछा, “जब आप गए थे अटारी, वहां प्रोटोकॉल किस-किस को मिला था?” इसके जवाब में ज्योति ने कहा, “किसको मिला, मुझे तो मिला नहीं.”

लगातार जानकारी देती रही ज्योति मल्होत्रा 
अली हसन की ओर से अगली चैट में लिखा गया, “इट मीन, कोई अंडर कवर पर्सन हो जैसे, यार पता चल जाता है देखकर, आपको कैसे निकालना था या उसको अंदर ले कर आना था. इट्स माय मैटर, उसको अंदर गुरुद्वारे में ले आना था आपने, रूम में दोनों को बैठा देना था, अभी लगे रहो.” हालांकि ज्योति ने जवाब में लिखा, “नहीं इतने पागल थोड़ी ना थे वो.”

बता दें कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी से जुड़ा अधिकारी अली हसन ही वो शख्स है, जिसने ज्योति के पाकिस्तान दौरे के दौरान उसके घूमने-फिरने और फाइव स्टार होटल में रुकने की पूरी व्यवस्था की थी. जांच एजेंसियों की पड़ताल में सामने आया है कि ज्योति वीजा के लिए पाकिस्तान के दूतावास गई थी, जहां उसकी मुलाकात दानिश नाम के शख्स से हुई. दोनों के बीच नंबर शेयर हुए और फिर बातचीत शुरू हो गई.

ज्योति मल्होत्रा की कैसे हुई थी अली हसन से मुलाकात

साल 2023 में जब ज्योति पहली बार पाकिस्तान गई, तो दानिश ने उसे अली हसन से मिलने को कहा. इसके बाद पाकिस्तान में उसे पुलिस सुरक्षा भी दी गई. वो जिस फाइव स्टार होटल में ठहरी. उसका वीडियो भी उसने अपने यूट्यूब चैनल पर डाला था.

अली हसन ने ही उसकी मुलाकात पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी के अधिकारियों से कराई. इस दौरान ज्योति की शाकिर और राणा शहबाज नाम के अफसरों से पहचान हुई. ज्योति ने शाकिर का मोबाइल नंबर ले लिया और किसी को शक न हो इसलिए वो नंबर ‘जट रंधावा’ के नाम से सेव कर लिया.

फिलहाल ज्योति मल्होत्रा को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और उसके मोबाइल व अन्य डिवाइसेज की फॉरेंसिक जांच की जा रही है. जांच एजेंसियां यह जानने की कोशिश में हैं कि क्या ज्योति इस नेटवर्क में अकेली शामिल थी या उसके पीछे एक बड़ा सिंडिकेट सक्रिय है. इस खुलासे ने देश की आंतरिक सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है और सीमा सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं. आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं.

NATIONAL : यूपी की इस स्मार्ट सिटी के लिए सीएम योगी ने बनाया खास प्लान, पूरे क्षेत्र में लगेंगे CCTV

0

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने  को लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर एक उच्चस्तरीय बैठक में जनपद मेरठ को स्मार्ट, स्वच्छ और सस्टेनेबल शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में ‘इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट प्लान’ की समीक्षा की.

इस बैठक में सीएम को बताया गया कि इस योजना के अंतर्गत कुल 93 परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, जिनकी अनुमानित लागत लगभग ₹15 हजार करोड़ है. इनमें से 06 परियोजनाओं पर कार्य प्रारम्भ हो चुका है. जनपद मेरठ की ऐतिहासिक, औद्योगिक और शैक्षणिक विशेषताओं को ध्यान में रखते हुए सभी योजनाएं पारदर्शिता, समयबद्धता और गुणवत्ता के मानकों के अनुरूप क्रियान्वित की जाएं.

इसके बाद सीएम ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम से लेकर औद्योगिक विकास तक की यात्रा में मेरठ एक महत्वपूर्ण केंद्र रहा है. खेल, उद्योग तथा शिक्षा का एक महत्वपूर्ण केंद्र होने और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र से निकटता के कारण यह शहर विशेष पहचान रखता है. इसके दृष्टिगत इसे खेल, शिक्षा, संस्कृति और व्यापार की प्रेरणादायी नगरी के रूप में विकसित किया जाना चाहिए.CCTV कैमरों की फुटेज पुलिस को सुलभ हो- सीएम
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरठ शहर की भीड़-भाड़ की समस्या और यातायात कन्जेशन को दूर करने के लिए स्थानीय जिला प्रशासन, विकास प्राधिकरण और नगर निगम को समन्वय के साथ कार्य करना चाहिए.

उन्होंने कहा कि स्मार्ट मेरठ नगर में डिजिटल होर्डिंग्स लगाई जाएं, पूरे नगर को CCTV कवरेज में लाया जाए तथा व्यापारिक प्रतिष्ठानों और आम नागरिकों के सहयोग से निगरानी तंत्र को सशक्त बनाया जाए. CCTV कैमरों की फुटेज आवश्यकता पड़ने पर पुलिस को सुलभ होनी चाहिए.

सीएम ने कहा कि मेरठ को पर्यावरणीय दृष्टि से अनुकरणीय शहर के रूप में ढालना है. इसके लिए इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के साथ सिटी बस सेवा में निजी क्षेत्र की भागीदारी को प्रोत्साहित किया जाए.

उन्होंने कहा कि स्वच्छ नगर की परिकल्पना को साकार करने के लिए डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण को सुनिश्चित किया जाए. नदियों के पुनर्जीवन के लिए ठोस प्रयास किए जाएं. सीवर निस्तारण के लिए STP अच्छा विकल्प हो सकता है, लेकिन ड्रेनेज को प्राकृतिक व्यवस्था से जोड़ना अधिक प्रभावी होगा.

- Advertisement -