Saturday, June 27, 2026
Home Blog Page 663

NATIONAL : दिल्ली-NCR में बदला मौसम, कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश

0

दिल्ली में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे गर्मी से राहत मिली. मौसम विभाग ने राजधानी में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. अगले दिनों में भी बादल छाए रहेंगे. देश के अन्य हिस्सों में गर्मी की लहर और बारिश दोनों के संकेत हैं, खासकर उत्तर भारत में 22 मई तेज गर्मी का अनुमान है.

दिल्ली में शनिवार को मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला. तेज हवा के साथ 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से मौसम ने करवट ली और बारिश ने शहरवासियों को गर्मी से कुछ राहत दी. दिल्ली-एनसीआर में हुई बारिश के बाद तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है. इस बीच राजधानी में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.

यह ऑरेंज अलर्ट इस सप्ताह का दूसरा है, क्योंकि मंगलवार को दिल्ली-एनसीआर में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई थी. मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना जताई है और 19 मई तक ऐसा रहने की संभावना है.मौसम विभाग ने चेतावनी दी थी कि साथ ही साथ आंधी-तूफान, बिजली चमकने और धूल भरी आंधी के साथ मजबूत सतही हवाओं की संभावना है, जो 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी और झोंकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं.

देश के कई अन्य हिस्सों में भी मिलेजुले मौसम का दौर जारी है. भारतीय मौसम विभाग ने बीते दिन उत्तरी और मध्य भारत के कुछ क्षेत्रों में कड़क गर्मी की संभावना जताई थी, जबकि कुछ इलाकों में बारिश और तूफान की भी चेतावनी दी गई. खासतौर से उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में 22 मई के बीच तेज गर्मी की लहर चलने की संभावना है.

मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी राजस्थान में 22 मई तक हीट वेव की स्थितियां रहने वाली हैं, वहीं 17 मई को उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और 18 और 19 मई को मध्य प्रदेश के उत्तर हिस्सों में भी कड़क गर्मी रहने की संभावना है.

ENTERTAINMENT : कैटरीना कैफ ने खास अंदाज में पति विक्की कौशल को किया बर्थडे विश, एक्टर पर प्यार लुटाते हुए सेलिब्रेट किया- हैप्पी Vicky डे

विक्की कौशल ने बीते दिन अपना 37वां बर्थडे सेलिब्रेट किया. इस मौके पर उनकी पत्नी और अभिनेत्री कैटरीना कैफ ने उस पर प्यार लुटाते हुए खास अंदाज में जन्मदिन विश किया.

विक्की कौशल बॉलीवुड के मोस्ट टैलेंटेड एक्टर्स में से एक हैं. उन्होंने अपने अब तक के करियर में तई शानदार फिल्में दी हैं. एक्टर की ‘छावा’ ने तो कमाई के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए थे. इन सबके बीच बीते दिन विक्की कौशल ने अपना 37वां बर्थडे सेलिब्रेट किया. इस मौके पर उनकी पत्नी और एक्ट्रेस कैटरीना कैफ ने उन पर प्यार लुटाते हुए खास अंदाज में बर्थडे विश किया था.

कैटरीना ने खास अंदाज में किय़ा विक्की कौशल को बर्थडे विश
बता दें कि कैटरीना ने 16 मई को इंस्टाग्राम पर अपने पति के साथ एक अनफ़िल्टर्ड सेल्फी पोस्ट की और कुछ ही मिनटों में यह पोस्ट वायरल हो गई।. फ्रेम में सिर्फ़ आधे चेहरे होने की वजह से, क्लोज़-अप तस्वीर में गर्मजोशी और खुशी झलक रही थी. इस पोस्ट के साथ कैटरीना ने कैप्शन में लिखा, “हैप्पी विक्की डे”, साथ ही एक प्यार भरा इमोजी और एक केक इमोजी भी एड किया. तस्वीर में विक्की कैमरे की तरफ़ देखते हुए हल्के से स्माइल कर रहे थे. वहीं कैटरीना की आंखों में प्यार की चमक दिखाई दी।

विक्की के भाई सनी कौशल ने भी उन्हें खास अंदाज में बर्थडे विश किया. सनी ने विक्की को दिल को छू लेने वाले मैसेज के साथ जन्मदिन की बधाई दी. अभिनेता ने एक तस्वीर शेयर की जिसमें वह पोलरॉइड स्टाइल की तस्वीर पकड़े हुए हैं और विक्की सेलिब्रेशन के गुब्बारे के सामने खड़े हैं और एक “हैप्पी बर्थडे” बैनर भी लगा है. इसके साथ सनी ने कैप्शन में लिखा, “हैप्पी बर्थडे, मेरी जान विक्की कौशल,”

विक्की कौशल के वर्क फ्रंट की बात करें तो एक्टप को आखिरी बार फिल्म छावा में देखा गया था, जिसमें उन्होंने छत्रपति संभाजी महाराज का किरदार निभाया था. फिल्म में रश्मिका मंदाना और अक्षय खन्ना ने भी अहम रोल प्ले किया था. ये फिल्म ब्लॉकबस्टर रही थी. अब विक्की कौशल संजय लीला भंसाली निर्देशित फिल्म लव एंड वॉर की तैयारी कर रहे हैं, जिसमें उनके साथ रणबीर कपूर और आलिया भट्ट भी हैं.

 

UP : UP में 9 साल से नियुक्ति के लिए भटक रहे अभ्यर्थी, ओवर ऐज भी होने लगे, छलका दर्द!

0

जानकारी के मुताबिक यूपी में UPSSSC ने विज्ञापन संख्या 23 परीक्षा/2016 के तहत साम्मलित तकनीकी सेवा परीक्षा 2016 के लिए आवेदन मांगे लिए गए थे. लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित होने के बाद सफल अभ्यर्थियों का इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन भी हो गया, लेकिन आयोग अभी तक इस भर्ती प्रक्रिया को पूरा नहीं कर पाया है.

उत्तर प्रदेश में पिछले 9 सालों से अपनी नियुक्ति को लेकर भटक रहे कैंडिडेट्स ने लखनऊ में धरना प्रदर्शन किया. आवेदन, परीक्षा और इंटरव्यू देने के बाद भी अभ्यर्थी 2016 से अब तक सरकारी नौकरी की राह देख रहे हैं. डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन हो जाने के बावजूद भी आज तक UPSSSC ने नियुक्ति नहीं दी है. ऐसे में किसी कैंडिडेट की उम्र 50 से 53 हो गई है या किसी के माता-पिता बेटे की नौकरी की आस लिए ही गुजर गए हैं. अभ्यर्थियों का कहना है कि अब और इंतजार नहीं होता, सरकार से गुजारिश है कि जल्द से जल्द भर्ती दी जाए.

जानकारी के मुताबिक यूपी में UPSSSC ने विज्ञापन संख्या 23 परीक्षा/2016 के तहत साम्मलित तकनीकी सेवा परीक्षा 2016 के लिए आवेदन मांगे लिए गए थे. इस परीक्षा के माध्यम से विभागों में रिक्त 248 पदों पर भर्ती होनी थी. आयोग ने मार्च 2023 में परीक्षा आयोजित की और लगभग एक साल बाद 11 मार्च 2024 को लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित किया. इसके बाद अप्रैल में परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों का इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन भी हो गया, लेकिन 9 साल से अधिक समय बीत जाने के बावजूद आयोग अभी तक इस भर्ती प्रक्रिया को पूरा नहीं कर पाया है.

लेकिन आयोग ने अभी तक इन पदों पर 9 सालों से अभी तक रिजल्ट जारी नहीं किया है.
जिसमें 133 पदों के अंतिम परिणाम अभी भी लंबित हैं. इन पदों में शामिल हैं:
– कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवा में X-ray टेक्नीशियन
– पावरलूम मशीन अनुरक्षण अनुदेशक, फार्मासिस्ट (कम्पाउंडर)
– निदेशक उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण में प्रयोगशाला सहायक के विभिन्न पद
– महिला कल्याण विभाग में फार्मासिस्ट, विकलांग जन विकास विभाग में हॉस्टल वार्डन
– होमगार्ड विभाग में डिप्टी कमांडेंट और हवलदार इंस्ट्रक्टर
– सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में सिनेमा ऑपरेटर
हालांकि आयोग ने अभी कुछ पदों पर भर्ती के परिणाम परिणाम घोषित किए हैं.

गोरखपुर के रहने वाले राम जी करण की उम्र 52 साल हो गई है. 8 साल और इंतजार करना पड़ा तो उनकी उनकी उम्र 60 साल हो जाएगी. उन्होंने 9 साल पहले इस नौकरी के लिए आवेदन किया था. इसके बाद परीक्षा और इंटरव्यू भी दिया. अभी तक उनका रिजल्ट और नियुक्ति नहीं दी. सभी पात्रताएं और परीक्षाएं पास करने के बाद भी उन्हें घर का खर्च चलाने के लिए जद्दोजहद करनी पड़ रही है.

प्रतापगढ़ के रहने वाले अजीत यादव की मां चाहती थी कि इकलौता बेटा सरकारी नौकरी पाकर कुछ बन जाए. अब उनकी मांग की मृत्यु हो चुकी है. मां की इच्छा अधूरी ही रह गई जिसमें कि अजीत का कोई दोष भी नहीं है. उनके सामने मुसीबत का पहाड़ पड़ा है क्योंकि अब वे घर में कमाने वाले अकेले हैं. पिछले 9 सालों से अपनी नौकरी का इंतजार कर रहे अजीत यादव ने यूपीएसएसएससी भर्ती 2016 में फार्मासिस्ट के पद के लिए आवेदन किया था.

अंबेडकर नगर के रहने वाले नितेश कुमार की कहानी भी कुछ ऐसी है. उन्होंने कहा कि वे बीते नौ सालों से नौकरी पाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं. अब उम्मीद भी खत्म होने लगी है. नितेश कहते हैं, ‘बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. सरकार आखिर क्यों नहीं रिजल्ट जारी कर रही है हमदर्द की ठोकरे खा रहे हैं.’

प्रयागराज के रहने वाली नीरज कुमारी अपने बच्चों को छोड़कर लखनऊ में धरना प्रदर्शन में शामिल होने आई हैं, क्योंकि उन्हें लग रहा है कि अब यही करने से इंसाफ मिल सकता है. उनकी सरकार से अपील है कि नौ साल से जो नियुक्तियां अटकी हुई हैं, उन्हें पूरा करें वरना उसके बच्चों का भविष्य बर्बाद हो जाएगा.

UP : 9 वीं का छात्र खेलता था 18 घंटे पबजी, अब कमांडो की ड्रेस पहनकर कर रहा है अजीब हरकतें

0

प्रदेश के बागपत जिले में पबजी की लत ने 9वीं के छात्र को इस कदर घेरा कि उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. युवक अपनी पहचान भूलकर खुद को पबजी का कमांडो बताने लगा.

उत्तर प्रदेश के बागपत के टीकरी कस्बे में आनलाइन मोबाइल गेम की लत में पड़ा एक छात्र मानसिक रूप से इस कदर बीमार हो गया कि गेमिंग की तरह वह कमांडो की ड्रेस पहनकर और हाथ में नकली गन लेकर लोगों पर गोलिया बरसाने आदि जैसी हरकत करने लगा. कक्षा 9 का यह छात्र आज इतना हिंसक हो गया और अपने परिवार के लोगों और मोहल्ले के लोगों के साथ मारपीट करने लगा. वह नशे का आदी हो गया. हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ गया, जहां उसका उपचार चल रहा है.

टीकरी कस्बे के रहने वाले राजमिस्त्री नीटू के दो बेटे और एक बेटी है. सबसे बड़ा बेटा मनीष कस्बे में ही कक्षा 9 का छात्र है. जिसने कुछ समय पहले किस्तों पर एक स्मार्ट फोन खरीदा था और ऑनलाइन गेम खेलने लगा था. गेमिंग की लत ने उसकी मानसिक स्थिति को गंभीर रूप से बीमार कर दिया. छात्र 24 घंटे में लगभग 18-20 घंटे तक मोबाइल पर पबजी गेम खेलता था. ज्यादा गेम के चलते वह अपनी पहचान भूलकर खुद को पबजी गेम का खिलाड़ी और कोड नंबर बताने लगा.

पहले परिवार के लोगों ने उसकी गतिविधियों को सामान्य माना, लेकिन जब वह अजीबो-गरीब हरकतें करने लगा. वह घर में पबजी के पात्रों (कमांडो )जैसी बातें और हरकतें करने लगा. इससे परिजनों की चिंता बढ़ गई. उसने खाना-पीना और बातचीत करना भी बंद कर दिया था. बेटे की हालत बिगड़ते देख परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे.

वहां सामान्य जांच के दौरान किशोर ने डॉक्टरों को अपना नाम ‘फाइटर 2.0’ बताया और अस्पताल में भी पबजी के खिलाड़ियों जैसी हरकतें करने लगा. उसकी मानसिक स्थिति देख डॉक्टर हैरान रह गए और उसे तत्काल मनोचिकित्सक के पास भेजा गया. किशोर का इलाज शुरू कर दिया गया है. वर्तमान में मनीष का उपचार दिल्ली के अब्बास हॉस्पिटल में चल रहा है.

 

NATIONAL : हरियाणा की महिला YouTuber ज्योति मल्होत्रा सहित 6 गिरफ्तार… पाकिस्तान के लिए जासूसी करने का आरोप

0

हरियाणा की ट्रैवल ब्लॉगर और यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. ज्योति उन छह भारतीय नागरिकों में शामिल है, जिन्हें पाकिस्तानी खुफिया ऑपरेटिव्स को संवेदनशील जानकारी देने के मामले में पकड़ा गया है. जांच में सामने आया है कि ज्योति ने पाकिस्तान यात्रा के दौरान पाक उच्चायोग के कर्मचारी से नजदीकी बढ़ाई और सोशल मीडिया के जरिए भारत विरोधी नैरेटिव को बढ़ावा दिया.

भारत में सोशल मीडिया पर लाखों फॉलोअर्स के साथ एक चर्चित ट्रैवल ब्लॉगर और यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को देश विरोधी गतिविधियों और पाकिस्तान की खुफिया एजेंसियों के साथ संबंधों के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. वह ‘ट्रैवल विद जो’ नामक यूट्यूब चैनल चलाती है और पाकिस्तान यात्रा के दौरान वहां की खुफिया एजेंसी ISI के एजेंट्स से उसके संबंध बने. इस केस में अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जो हरियाणा और पंजाब के अलग-अलग हिस्सों से जुड़े हैं.

जानकारी के अनुसार, साल 2023 में ज्योति मल्होत्रा ने पाकिस्तान की यात्रा की थी. यह यात्रा उसने कमीशन के जरिए वीजा लेकर की थी. इस दौरान ज्योति की मुलाकात पाकिस्तान हाई कमीशन के कर्मचारी एहसान-उर-रहीम उर्फ दानिश से हुई, जिसके साथ उसके गहरे संबंध बन गए. दानिश के माध्यम से ज्योति की पहचान पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के अन्य एजेंट्स से कराई गई, जिनमें अली अहसान और शाकिर उर्फ राणा शहबाज (जिसका नाम उसने अपने फोन में ‘जट्ट रंधावा’ सेव किया था) शामिल थे.

ज्योति उन छह लोगों में शामिल है, जिन्हें खुफिया एजेंसियों की सूचना के बाद गिरफ्तार किया गया, जिसमें पाकिस्तान के खुफिया अधिकारियों को महत्वपूर्ण जानकारी दी गई. ज्योति को दानिश और उसके सहयोगी अली अहसान के माध्यम से पाकिस्तानी खुफिया अधिकारियों (PIO) से मिलवाया गया, जिन्होंने पाकिस्तान में उसके आने-जाने और रहने की व्यवस्था कराई. उसने एक पाकिस्तानी खुफिया अधिकारी के साथ गहरे संबंध बनाए और हाल ही में उसके साथ इंडोनेशिया बाली भी गई थी.

आरोप है कि ज्योति ने भारतीय जगहों से संबंधित संवेदनशील जानकारी शेयर की और दिल्ली में रहने के दौरान पीएचसी हैंडलर दानिश के संपर्क में रही. इस मामले में लिखित कबूलनामा दर्ज किया गया है और केस दर्ज किया गया है.

एहसान-उर-रहीम उर्फ ​​दानिश को जासूसी में शामिल होने के लिए 13 मई 2025 को भारत सरकार ने अवांछित व्यक्ति घोषित किया और उसे देश छोड़ने का आदेश दिया गया. ज्योति को जिम्मेदारी सौंपी गई थी कि वह सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान की सकारात्मक छवि पेश करे. पाकिस्तान उसका इस्तेमाल भारत के खिलाफ प्रचार और जासूसी गतिविधियों के लिए कर रहा था.

यह पूरा मामला एक जासूसी अभियान का हिस्सा है, जिसमें ज्योति सहित छह भारतीय नागरिक शामिल हैं. ये लोग हिसार, कैथल, नूह (हरियाणा) और मलेरकोटला (पंजाब) में पाकिस्तानी खुफिया अधिकारियों और पीएचसी कर्मचारियों के लिए एजेंट या वित्तीय माध्यम के रूप में काम करते पाए गए.

भारत सरकार ने 13 मई 2025 को दानिश को ‘पर्सोना नॉन ग्राटा’ घोषित कर दिया और उसे देश छोड़ने का आदेश दिया गया. वहीं, ज्योति मल्होत्रा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 152 और ऑफिसियल सीक्रेट्स एक्ट, 1923 की धाराओं 3, 4 और 5 के तहत केस दर्ज किया गया है. अब इस मामले की जांच आर्थिक अपराध शाखा हिसार को सौंपी गई है.यह केवल ज्योति तक सीमित मामला नहीं है, बल्कि इससे एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है, जिसमें पंजाब और हरियाणा के कई जिलों के लोग शामिल हैं. ये सभी आरोपी या तो पाकिस्तानी एजेंट्स के संपर्क में थे या उनके लिए वित्तीय लेनदेन का माध्यम बने हुए थे.

जिन आरोपियों को अरेस्ट किया गया है, उनमें 32 साल की गजाला भी शामिल है, जो दानिश के साथ वित्तीय लेन-देन में शामिल थी और वीजा प्रक्रिया में मदद कर रही थी. इसके अलावा यामीन मोहम्मद शामिल है, जो दानिश को हवाला और अन्य माध्यमों से पैसे पहुंचाने में मदद करता था. वहीं हरियाणा के कैथल से देविंदर सिंह ढिल्लो को अरेस्ट किया गया है. यह पाकिस्तान यात्रा के दौरान संपर्क में आया था, उसने पटियाला छावनी के वीडियो पाकिस्तानी एजेंट्स को भेजे.

इसके अलावा हरियाणा के नूंह से अरमान नाम के स्थानीय मुस्लिम युवक को अरेस्ट किया गया है, जिसने भारतीय सिम कार्ड्स मुहैया कराए और 2025 में डिफेंस एक्सपो की साइट तक का दौरा पाकिस्तानी एजेंट्स के निर्देश पर किया. सरकार और एजेंसियां अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर सक्रिय संदिग्ध तत्वों की निगरानी और जांच को और तेज करने की योजना बना रही हैं.

ज्योति ही एकमात्र ऐसी महिला नहीं है, जिसे पाक खुफिया एजेंसी ने फंसाया था, बल्कि पंजाब में एक विधवा महिला गजाला का भी इस्तेमाल सूत्रों को पैसे भेजने के लिए किया गया. गुजाला पंजाब के मलेरकोटला की रहने वाली है. उसने 2010 में इस्लामिक गर्ल्स स्कूल मलेरकोटला से 10वीं की पढ़ाई की, बाद में 2012 में उसी स्कूल से 12वीं की. 23 अप्रैल 2018 को गजाला की शादी इमरान राणा पुत्र मोहम्मद शकील अहमद निवासी मोहल्ला चोरमारा मलेरकोटला से हुई. हालांकि 22 मार्च 2020 को हार्ट अटैक के कारण उसके पति का निधन हो गया.

27 फरवरी 2025 को गजाला पाकिस्तानी वीजा के लिए आवेदन करने नई दिल्ली में पाकिस्तान हाई कमीशन गई, जहां उसकी मुलाकात PHC के एक अधिकारी दानिश से हुई. दोनों ने अपने नंबर शेयर किए. इसके बाद गजाला मलेरकोटला के लिए रवाना हुई. दानिश ने गजाला को मैसेज करना शुरू कर दिया और वे एक-दूसरे से बात करने लगे. वे वीडियो कॉल और चैटिंग के जरिए संपर्क में रहे. कुछ दिनों के बाद गजाला को उससे प्यार हो गया, क्योंकि दानिश ने उससे वादा किया था कि वह उससे शादी करेगा.

कुछ दिन बाद दानिश ने गजाला को चैटिंग के लिए वॉट्सएप से टेलीग्राम पर स्विच करने के लिए कहा, यह कहते हुए कि वॉट्सएप सुरक्षित नहीं है. 7 मार्च 2025 को दानिश ने गजाला को उसके निजी खर्चों के लिए 10,000 रुपये फोन-पे पर भेजे. इसके बाद 23 मार्च 2025 को दानिश ने गजाला को फिर से 20,000 रुपये भेजे. दानिश ने गजाला को 20,000 में से 10,000 रुपये कुछ लोगों को भेजने के लिए कहा. उस पर भरोसा करके गुजाला ने ठीक वैसा ही किया. गजाला ने उसके बताए गए व्यक्तियों को 1,800, 899, 699 और 3,000 की राशि ट्रांसफर कर दी.

23 अप्रैल 2025 को गजाला फिर पाकिस्तानी वीजा के लिए नई दिल्ली स्थित पीएचसी गई. उसके साथ उसकी सहेली बानू नसरीना पत्नी स्व. अब्दुल फिरोज निवासी मोहल्ला महतेवाला मलेरकोटला भी थी. वहां गजाला की फिर से दानिश से मुलाकात हुई, जिसने उसे आश्वासन दिया कि वह पाकिस्तान का वीजा दिलाने में मदद करेगा. इसके बाद गजाला उसी दिन मलेरकोटला वापस आ गई. अगले ही दिन उसे वीजा मिल गया.

NATIONAL : दिल्ली में दोस्त ने ही रची खतरनाक साजिश, लिफाफे में पत्नी और बेटे की तस्वीर के साथ भेजे 2 कारतूस

0

दिल्ली पंजाबी बाग में 2 भाइयों ने दोस्त से 60 हजार डॉलर उगाही की कोशिश की. लेकिन दिल्ली पुलिस की तेज कार्रवाई ने इन शातिर भाइयों की साजिश को नाकाम कर दिया.

दिल्ली के पंजाबी बाग में एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां 2 भाइयों ने अपने ही दोस्त को डराकर 60 हजार डॉलर की उगाही करने की साजिश रची. रोहित नागपाल और सागर नाम के इन भाइयों ने अपने दोस्त रोहित चौहान के घर एक कुरियर भेजा, जिसमें उसकी पत्नी और बेटे की तस्वीरें, 2 खाली कारतूस और एक धमकी भरा खत था. खत में साफ लिखा था कि अगर मांगी गई रकम नहीं दी, तो परिवार को निशाना बनाया जाएगा. लेकिन दिल्ली पुलिस की तेज कार्रवाई ने इन शातिर भाइयों की साजिश को नाकाम कर दिया.

पश्चिमी दिल्ली DCP विचित्र वीर (IPS) ने बताया कि 13 मई 2025 को रोहित चौहान के घर ये चौंकाने वाला कुरियर पहुंचा. डरा हुआ परिवार तुरंत पंजाबी बाग थाने पहुंचा. पुलिस ने बिना वक्त गंवाए कार्रवाई शुरू की और इंस्पेक्टर संजय दहिया की अगुवाई में 1 खास टीम बनाई. इस टीम में SI कपिल, HC सुधीर, HC सुनील और कांस्टेबल देवेंद्र शामिल थे. ACP विजय सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस ने कुरियर के रास्ते और उसमें मौजूद सामान के सुराग खंगालने शुरू किए. जल्द ही जांच की सुई रोहित चौहान के करीबी लोगों की ओर घूमी.

पुलिस ने जब रोहित चौहान के दोस्त रोहित नागपाल से पूछताछ की, तो सारा राज खुल गया. रोहित ने कबूल किया कि उसने अपने भाई सागर के साथ मिलकर ये सारा ड्रामा रचा था. दरअसल, रोहित अपने नकली ज्वेलरी और चांदी के आभूषणों के बिजनेस में 80 लाख रुपये का कर्ज नहीं चुका पा रहा था. पैसे की तंगी ने उसे इतना मजबूर कर दिया कि उसने दोस्त को ही निशाना बनाने का प्लान बना डाला. दोनों भाइयों ने दोस्त के परिवार की निजी जानकारी जुटाई, एक गन हाउस से खाली कारतूस लिए और धमकी भरा खत कुरियर से भेज दिया, ताकि ये गैंगस्टर जैसी उगाही लगे.

पुलिस ने दोनों भाइयों को धर दबोचा. रोहित नागपाल (35 साल) आदर्श नगर का रहने वाला है और 2013 में IGNOU से ग्रेजुएट है. उसका छोटा भाई सागर (30 साल) ने IP यूनिवर्सिटी से BCA किया है. पुलिस ने इनके मोबाइल फोन, लैपटॉप और अपराध में इस्तेमाल स्कूटी भी बरामद कर ली है. दिल्ली पुलिस की इस फुर्तीली कार्रवाई ने न सिर्फ परिवार को राहत दी, बल्कि ये भी दिखाया कि अपराधी कितना भी चालाक क्यों न हो, कानून के हत्थे से नहीं बच सकता.

ये कहानी बताती है कि कभी-कभी अपनों पर भी आंख मूंदकर भरोसा नहीं करना चाहिए. अगर आपके साथ भी ऐसा कुछ हो, तो फौरन पुलिस से संपर्क करें.

UP : बदमाशों को पकड़ने के लिए नहर में कूदा कांस्टेबल, तभी गिर गया बिजली का तार, हुई मौत

0

आरोपियों की कार भागते समय अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकराते हुए नहर में गिर गई. जिसके बाद पीछा कर रहे पुलिस के दो कांस्टेबल भी नहर में कूद गए.

उत्तर प्रदेश के बिजनौर में ट्रक चालक से कथित तौर पर मारपीट कर भाग रहे कुछ अपराधियों को पकड़ने के लिए नहर में कूदे कांस्टेबल की करंट लगने से मौत हो गई. पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी. आरोपियों की कार खंबे से टकराकर नहर में गिर गई थी. जिन्हें पकड़ने के लिए दोनों कांस्टेबल भी नहर में कूद गए, लेकिन तभी खंबे से तार टूटकर नहर में गिर गई, जिससे उसमें करंट दौड़ गया.

पुलिस अधीक्षक अभिषेक ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार रात नगीना रोड स्थित गढ़ी चौराहे पर कार सवार कुछ अपराधी ट्रक चालक से मारपीट कर रहे थे. सूचना मिलने पर पुलिस प्रतिक्रिया वाहन (पीआरवी) के कांस्टेबल मनोज (38) और गंगा राम मौके पर पहुंचे तो अपराधी गोली चलाते हुए कार से भागने लगे.

भागते समय आरोपियों की कार सलामाबाद-भरैरा के पास अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकराते हुए नहर में गिर गई. जिसके बाद उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस के दो कांस्टेबल भी नहर में कूद गए. इस बीच कार की टक्कर से टूटे खंभे का तार टूट गया और नहर के पानी में जा गिरा, जिससे नहर में करंट आ गया.

उन्होंने बताया कि बाद में मौके पर आए पुलिसकर्मियों ने बिजली कटवाकर दोनों सिपाहियों को पानी से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां सिपाही मनोज को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि सिपाही गंगा राम का उपचार किया जा रहा है. पुलिस ने बिजनौर जिले के चांदपुर थाना क्षेत्र के गांव झाल निवासी एक बदमाश नीरज को घायल अवस्था में मौके से पकड़ लिया और उसे भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

पुलिस ने बताया कि उसके दो साथी भाग गए जिनकी तलाश के लिए कई टीम गठित की गई हैं और पकड़े गए बदमाश से पूछताछ की जा रही है. पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

NATIONAL : पिल्लों को बोरी में ठूंसा और पटक-पटक कर मार डाला, क्रूरता की भयावह हरकतें सीसीटीवी में कैद

0

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक नाबालिग ने कुछ पिल्लों को बेरहमी से प्रताड़ित कर मार डाला. यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. चौंकाने वाली बात यह है कि लड़के पर एक पिल्ले को लगभग 15 फीट गहरे गड्ढे में फेंकने का भी आरोप है.

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में हुई एक दिल दहलाने वाली घटना ने पशु प्रेमियों और आम लोगों को झकझोर कर रख दिया है. हाल ही में सामने आए एक वीडियो में एक नाबालिग लड़का मासूम पिल्लों के साथ क्रूरता की भयावह हरकतें करता दिखाई दे रहा है. फुटेज में लड़का कई छोटे पिल्लों को इकट्ठा करता, उन्हें एक बोरी में भरता और बार-बार उसे जमीन पर पटकता हुआ नजर आ रहा है.

इस घटना में एक पिल्ले को छोड़कर बाकी सभी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एकमात्र जीवित बचे पिल्ले की हालत गंभीर बनी हुई है. चौंकाने वाली बात यह है कि लड़के पर एक पिल्ले को लगभग 15 फीट गहरे गड्ढे में फेंकने का भी आरोप है.यह दिल दहलाने वाला वीडियो बिलासपुर की पशु बचावकर्ता निधि तिवारी ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है. तब से उनका पोस्ट वायरल हो गया है, जिस पर पशु अधिकार कार्यकर्ताओं और नागरिकों की तीखी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं.

ENTERTAINMNET : दोस्ती का ढोंग रचा इस हसीना ने छीना सुपरस्टार एक्ट्रेस का पति? मिला होम ब्रेकर का टैक

भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में कब किसको किससे प्यार हो जाए और कब किसका रिश्ता टूट जाए कोई नहीं जानता है. ऐसा ही कुछ इन दो सहेलियों के बीच हुआ जो अब सौतन बन चुकी हैं.

भोजपुरी इंडस्ट्री में अक्सर सेलेब्स के बीच रिश्ते बनते और बिगड़ते रहते हैं. इस इंडस्ट्री में अक्सर सिचुएशन के अनुसार रिश्तों को बदलते देखा गया है. कुछ ऐसी ही कहानी भोजपुरी इंडस्ट्री की लूलिया और सुपरस्टार एक्ट्रेस अंजना सिंह की है. एक दौर ऐसा था जब निधि झा और अंजना सिंह के बीच गहरी दोस्ती थी, दोनों बेस्ट फ्रेंड हुआ करती थीं.

उस वक्त अंजना सिंह भोजपुरी एक्टर यश कुमार की पत्नी थीं. लेकिन अचानक कुछ ऐसा हुआ जिससे दोनों की दोस्ती टूट गई और ये सहेलियां सौतन बन गईं. उसके बाद अंजना के फैंस ने निधि को होम ब्रेकअर तक का टैग दे दिया. दरअसल, निधि झा की एंट्री से पहले यश कुमार अपनी वाइफ अंजना और बेटी अदिति को ही अपनी पूरी दुनिया मान करते थे.

लेकिन 2017 में यश कुमार और निधि झा के बीच नजदीकियां बढ़ने लगी और वो अपने परिवार से दूर होने लग गए. उसके बाद खबरें आई कि यश ने अंजना सिंह को तलाक देने का फैसला किया है. तलाक के बाद बेटी अदिति की कस्टडी अंजना को मिली.

अंजना अपनी बेटी की परवरिश के लिए खूब मेहनत करती हैं और उसको अच्छा जीवन देने की कोशिश करती हैं. वहीं यश कुमार ने निधि झा संग शादी कर ली और अपनी लाइफ में आगे बढ़ गए. लेकिन अंजना के फैंस को उनका दुख साफ नजर आता है ऐसे में वो निधि को होम ब्रेकर समझते हैं.

अंजना सिंह ने मीडिया के सामने अपने तलाक को लेकर या फिर निधि या यश को लेकर कभी कुछ नहीं कहा. निधि झा के पति यश कुमार ने 2013 में अंजना सिंह के संग शादी की थी. लेकिन जब अंजना को पता चला कि उनका पति उन्हें धोखा दे रहा है तो उन्होंने तलाक लेना ही ठीक समझा.

2017 में इंडिया वर्सेस पाकिस्तान के सेट पर निधि की मुलाकात यश कुमार से हुई थी. यहीं से दोनों के बीच दोस्ती हुई और दोनों की लव स्टोरी भी परवान चढ़ी. निधि अब फिल्मों में नजर नहीं आती हैं वो अपने पति के संग प्रोडक्शन हाउस संभाल रही हैं. साथ ही निधि झा अब एक बेटे की मां भी बन चुकी हैं, जिसका नाम उन्होंने शिवाय रखा है.

 

UP : पंखे की हवा को लेकर बारात में छिड़ी जंग… जमकर चले लाठी-डंडे और पत्थर, एक युवक की मौत

0

उत्तर प्रदेश के जौनपुर में एक शादी समारोह में पंखे की हवा को लेकर बारातियों और घरातियों के बीच कहासुनी हो गई. मामूली विवाद ने देखते ही देखते इतना तूल पकड़ा कि लाठी-डंडे और पत्थर चलने लगे. इस झड़प में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

उत्तर प्रदेश के जौनपुर में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं. एक मामूली विवाद ने इतना बड़ा रूप ले लिया कि बारात का माहौल हिंसा और चीख-पुकार में बदल गया. सिर्फ पंखे की हवा को लेकर शुरू हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडे और पत्थर चलने लगे, जिसमें एक युवक की मौत हो गई.

जानकारी के अनुसार, यह घटना जौनपुर जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र के बरहुपुर गांव की है. यहां रामकुमार की बेटी खुशबू की शादी प्रतापगढ़ के भोजे मऊ निवासी सुनील कुमार से तय हुई थी. शुक्रवार को द्वारचार के बाद शादी की अन्य रस्में चल रही थीं. स्टेज पर जयमाल की तैयारियां हो रही थीं, और इसी दौरान दोनों पक्षों के लोग स्टेज के पास एकत्रित थे.

इस दौरान गर्मी में गांव का युवक कमल अपने तीन साथियों के साथ स्टेज के पास था, वह पंखे की हवा अपनी ओर घुमा रहा था.. इस पर वर और वधु पक्ष के बीच कहासुनी शुरू हो गई. पहले तीखी बहस हुई, फिर बात हाथापाई तक पहुंच गई.

देखते ही देखते लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चलने लगे. इस मारपीट में कमल कुमार और उसके तीन साथी गंभीर रूप से घायल हो गए. मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. किसी तरह लोगों ने बीच-बचाव कर झगड़ा शांत कराया और पुलिस को सूचना दी.

घायलों को आनन-फानन में एम्बुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान कमल कुमार की मौत हो गई. इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और शादी की खुशियां गम में बदल गईं. पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है. फिलहाल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और अन्य आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी.

- Advertisement -

News of the Day