महाराष्ट्र के सोलापुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एकतरफा प्रेम और लगातार मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर एक दंपति ने आत्महत्या कर ली. मृतकों की पहचान सोमनाथ पाटिल और उनकी पत्नी श्रीदेवी पाटिल के रूप में हुई है. इस मामले में पुलिस ने आरोपी अभिषेक कोरे को गिरफ्तार कर लिया है.
यह घटना कल सुबह सोलापुर के कलावती नगर इलाके में सामने आई, जब पति-पत्नी के शव उनके घर में पाए गए. दोनों के मुंह से झाग निकल रहा था, जिससे शुरुआत में यह संदेह हुआ कि यह आत्महत्या है या हत्या. घर में मौजूद उनकी दो बेटियों ने जब देखा कि माता-पिता सुबह काफी देर तक नहीं उठे, तो उन्होंने अपने चाचा को फोन कर इसकी जानकारी दी. इसके बाद परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और दोनों को तुरंत सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

पुलिस जांच के दौरान घर से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ, जिसने इस पूरे मामले की सच्चाई उजागर कर दी. पत्र में उल्लेख किया गया कि आरोपी अभिषेक कोरे लगातार श्रीदेवी पाटिल को फोन कर परेशान करता था और उन्हें बदनाम करने की धमकी देता था. इस लगातार हो रही मानसिक प्रताड़ना से श्रीदेवी पाटिल बुरी तरह टूट चुकी थीं. पति सोमनाथ पाटिल भी पत्नी की परेशानी और सामाजिक बदनामी के डर से तनाव में थे.
पुलिस के मुताबिक, इसी मानसिक दबाव और भय के चलते दोनों ने जहर खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने आरोपी अभिषेक कोरे को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है. आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है.फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी द्वारा कितने समय से दंपति को परेशान किया जा रहा था. इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है और लोग एकतरफा प्रेम व मानसिक उत्पीड़न के खतरनाक परिणामों पर सवाल उठा रहे हैं.










