Kullu: खईण गांव में आग की भेंट चढ़े मकान और गऊशाला, सिलैंडर फटने से 2 लोग घायल

0
13

कुल्लू जिला की सैंज घाटी के अंतर्गत आते गांव खईण शैंशर में एक अढ़ाई मंजिला मकान आग की भेंट चढ़ गया। इस दौरान घर में रखा राशन, कपड़े व अन्य सभी प्रकार की सामग्री जलकर नष्ट हो गई है। वहीं गैस सिलैंडर फटने से 2 लोग घायल हो गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है। इसके अलावा घर के साथ लगती एक गऊशाला भी आग की चपेट में आ गई है। इस घटना में प्रभावितों को लाखों रुपए का नुक्सान हुआ है।

जानकारी के अनुसार प्रताप सिंह व अनिरुद्ध पुत्र रामसरण के मकान में सुबह करीब 4 बजे अचानक आग लग गई। जैसे ही गांव में इस घटना का पता चला तो लोग तुरंत मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए तथा अग्निशमन विभाग को भी सूचना दी। लोग जब राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए थे तो अचानक घर में रखे गैस सिलैंडर ने आग पकड़ ली, जिसके बाद जोर का धमाका हुआ। इस दौरान 2 लोग वेद प्रकाश पुत्र महेंद्र सिंह निवासी गाव खईण व कर्मसिंह पुत्र ओम प्रकाश निवासी गांव मनाहरा घायल हो गए।

वहीं मकान के साथ लगती एक गऊशाला जोकि डोभा सिंह, रमेश सिंह और दीप सिंह पुत्र डाबे राम की थी, आग की भेंट चढ़ गई। प्रारंभिक जांच में इस घटना में घर जलने से करीब 20 लाख रुपए का नुक्सान हुआ बताया गया है जबकि गाऊशाला जलने से 5 लाख रुपए का नुक्सान हुआ है। अग्निशमन विभाग की टीम ने आग पर काबू पा लिया है। प्रभावितों को राहत सामग्री व अन्य सहायता उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। नायब तहसीलदार हीरा लाल नलवा ने बताया कि राजस्व विभाग की टीम मौके पर भेज दी है। नुक्सान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी, जिसके बाद प्रभावितों को फौरी राहत प्रदान की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here