Thursday, October 1, 2026
Home Blog Page 328

SPORTS : पाकिस्तान का 2026 टी20 वर्ल्ड कप जीतना कंफर्म? इस संयोजन से आप भी यकीन करने पर हो जाएंगे मजबूर

0

टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) में सुपर-8 की टीमें तय हो चुकी हैं. हालांकि अभी टूर्नामेंट के अगले चरण के मुकाबलों की शुरुआत नहीं हुई है. लेकिन उससे पहले पाकिस्तान का वर्ल्ड कप जीतने का तगड़ा संयोजन सामने आया है, जिसे जानकर आपको भी यकीन करने पर मजबूर होना पड़ेगा.

दरअसल ऑस्ट्रेलिया का ग्रुप स्टेज से बाहर होना पाकिस्तान के लिए बड़ी खुशखबरी है. इससे पहले एक या दो बार नहीं, बल्कि तीन बार ऐसा संयोजन बन चुका है कि जब ऑस्ट्रेलिया की टीम आईसीसी टूर्नामेंट के ग्रुप स्टेज से बाहर हुई और पाकिस्तान ने खिताब जीता. एक दफा टी20 वर्ल्ड कप में भी ऐसा हो चुका है. अब यह दूसरा मौका है कि जब ऑस्ट्रेलिया टी20 वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज से बाहर हुआ है.

तीन बार ऑस्ट्रेलिया ग्रुप स्टेज से हुआ बाहर, पाकिस्तान ने जीता खिताब
1992 वर्ल्ड कप: पाकिस्तान ने वर्ल्ड कप का पहला खिताब 1992 में इमरान खान की कप्तानी में जीता था. इस टूर्नामेंट में भी ऑस्ट्रेलिया की टीम ग्रुप स्टेज से बाहर हुई थी.

2009 टी20 वर्ल्ड कप: पाकिस्तान ने टी20 वर्ल्ड कप का पहला खिताब 2009 में यूनुस खान की कप्तानी में अपने नाम किया था. यह भी एक ऐसा आईसीसी टूर्नामेंट था कि जब ऑस्ट्रेलिया ग्रुप स्टेज से बाहर हुआ था.

2017 चैंपियंस ट्रॉफी: ऑस्ट्रेलिया की टीम 2017 की चैंपियंस ट्रॉफी में भी ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई थी. इस टूर्नामेंट में भी पाकिस्तान ने खिताब अपने नाम किया था.

2026 टी20 वर्ल्ड कप में भी ऑस्ट्रेलिया बाहर
अब 2026 के टी20 वर्ल्ड कप में भी ऑस्ट्रेलिया की टीम ग्रुप स्टेज से बाहर हो चुकी है. दूसरी तरफ पाकिस्तान ने सुपर-8 के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है. अब देखना दिलचस्प होगा कि इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान टीम कहां तक पहुंच पाती है.

सुपर-8 में पाकिस्तान का शेड्यूल
गौरतलब है कि सुपर-8 में पाकिस्तान पहला मुकाबला 21 फरवरी को न्यूजीलैंड के खिलाफ, दूसरा 24 फरवरी को इंग्लैंड के खिलाफ और तीसरा 28 फरवरी को श्रीलंका के खिलाफ खेलेगा.

NATIONAL : वैष्णो देवी से ज्यादा राजस्थान के इन मंदिरों में चढ़ रहा चढ़ावा, टूट रहे रिकॉर्ड, देखें लिस्ट

0

भारत एक आस्था का देश है. यहां लोगों का धार्मिक स्थलों से जुड़ाव काफी मायने रखता है. भारत में कई ऐसे मंदिर हैं जहां लाखों श्रद्धालु हर साल दर्शन करने जाते हैं. श्रद्धालुओं की संख्या को लेकर जो आंकड़े सामने आए हैं वे चौंकाने वाले हैं. श्रद्धालुओं की आस्था में सीकर जिला स्थित खाटू श्याम जी अब वैष्णो देवी और शिरडी के सांई बाबा से आगे निकल गए हैं

बता दें कि राजस्थान में श्रद्धालुओं की संख्या के मामले में सीकर जिले का खाटू श्याम जी मंदिर 2025 में 2.54 करोड़ से अधिक भक्तों के साथ पहले स्थान पर रहा. वहीं डीग जिले का पूंछरी का लौठा मंदिर 54 फीसदी बढ़ोतरी के साथ दूसरे स्थान पर पहुंचा. ये बदलाव भजनलाल शर्मा के सीएम बनने के बाद हुआ है. पर्यटन विभाग के अनुसार 2025 में प्रदेश के 10 प्रमुख मंदिरों में करीब 11 करोड़ श्रद्धालु पहुंचे.

टॉप मंदिरों की रैंकिंग और आंकड़े

राजस्थान पर्यटन विभाग के 2025 के आंकड़ों के अनुसार प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की संख्या इस प्रकार रही. खाटू श्याम जी, सीकर 258 लाख. पूंछरी का लौठा, डीग 147.12 लाख. अजमेर पुष्कर 132 लाख. सांवलियाजी सेठ 119.40 लाख. दरगाह शरीफ, अजमेर 84.61 लाख. जैसलमेर का रामदेवरा 72.33 लाख. खाटू श्याम जी लगातार शीर्ष पर बना हुआ है.

बढ़ोतरी और गिरावट का रुझान

पूंछरी का लौठा मंदिर ने 2024 के मुकाबले 54 फीसदी वृद्धि दर्ज कर पुष्कर को पीछे छोड़ दिया. हालांकि बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण सवाई माधोपुर जिले का शिवाड़ शिव मंदिर 9वें से 10वें स्थान पर खिसक गया. श्रद्धालुओं में कमी के बावजूद हनुमानगढ़ का गोगामेड़ी मंदिर 10वें से 9वें स्थान पर पहुंच गया. सालासर हनुमान, अजमेर दरगाह शरीफ, रामदेवरा और केला देवी मंदिर अपने स्थान पर कायम रहे, जबकि सांवलियाजी सेठ तीसरे से चौथे स्थान पर आ गया.

धार्मिक पर्यटन और विकास योजनाएं

फोर्टी अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल के अनुसार धार्मिक पर्यटन से परिवहन, हस्तशिल्प और होटल उद्योग को बड़ा लाभ मिल रहा है. दैनिक भास्कर के अनुसार, उन्होंने ऑनलाइन दर्शन बुकिंग और धार्मिक सर्किट मजबूत करने की मांग की. वित्त मंत्री दिया कुमारी ने डीग के पूंछरी का लौठा क्षेत्र में 100 करोड़ रुपए से ब्रज कन्वेंशन सेंटर बनाने की घोषणा की है, जिसमें ठहरने की सुविधा, प्रदर्शनी क्षेत्र और पार्किंग विकसित होगी. 

राजस्थान में करीब 39,392 मंदिर और देश में लगभग 7.5 लाख हिंदू मंदिर होने का अनुमान है. प्रति एक लाख आबादी पर प्रदेश में 47 मंदिर हैं, जबकि देश में मंदिरों की संख्या में तमिलनाडु पहले और राजस्थान छठे स्थान पर है. पिछले वर्ष उत्तर प्रदेश के काशी विश्वनाथ में सबसे ज्यादा 7 करोड़ श्रद्धालु पहुंचे थे.

NATIONAL : लो अब बढ़ने वाले हैं सिगरेट के दाम, Gold Flake से लेकर Classic तक की 19-41 परसेंट तक बढ़ सकती कीमत

0

सिगरेट पीना वैसे तो सेहत के लिए बेहद हानिकारक है, लेकिन बावजूद इसके कश लगाने वालों की कोई कमी नहीं है. सिगरेट के इन्हीं शौकीनों को जल्द ही बड़ा झटका लगने वाला है क्योंकि 1 फरवरी, 2026 से  सिगरेट, बीड़ी, पान मसाला जैसे तम्बाकम उत्पादों पर अतिरिक्त एक्साइज ड्यूटी लगाए जाने के सरकार के फैसले के बाद कई बड़े ब्रांड्स के सिगरेट अब महंगे होने वाले हैं. इनमें Gold Flake, Classic और  Classic Connect शामिल हैं.

आने वाले समय में इनकी कीमतों में 19-41 परसेंट तक की छलांग आ सकती है. नए शिपमेंट के बाद रिटेल मार्केट में सिगरेट की कीमतों में बढ़ोतरी होने की संभावना है. रिपोर्ट्स से यह भी पता चला है कि कुछ दुकानदारों ने अभी से ही मौजूदा स्टॉक को ज्यादा रेट पर बेचना शुरू कर दिया है. 

कितनी ज्यादा चुकानी पड़ रही कीमत?

जानकारों के हवाले से मिली NDTV Profit की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रीमियम सेगमेंट में सिगरेट की कीमतों में काफी उछाल देखा जा रहा है: 10-पैक वाले गोल्ड फ्लेक सिगरेट की कीमत अब 240 रुपये है, जबकि पहले इसकी कीमत 170 रुपये थी. इसी तरह से 20 पीस वाले क्लासिक के पैक की कीमत अब पहले के 340 रुपये के मुकाबले 480 रुपये की होगी. गोल्ड फ्लेक सुपरस्टार वैल्यू पैक, जो पहले 59 रुपये में बेचा जाता था, उसे अब 70 रुपये में बेचा जाएगा.

क्यों देश भर में बढ़ीं सिगरेट की कीमतें

देश की सबसे पहले सिगरेट की कीमतें तब बढ़ी, जब जीएसटी में किए गए सुधारों के बाद सिन गुड्स पर GST को पहले के 28 परसेंट से बढ़ाकर 40 परसेंट कर दिया गया. इसके बाद एक्साइज ड्यूटी में भारी बढ़ोतरी हुई, जिससे हर सिगरेट पर लगभग 2 से 11 रुपये का इजाफा हुआ. इससे कुल पैक की कीमतें 15-40 परसेंट तक बढ़ गईं. गॉडफ्रे फिलिप्स इंडिया (Godfrey Phillips India) समेत दूसरी तंबाकू कंपनियों ने भी अपने-अपने प्रोडक्ट्स के दाम बढ़ा दिए.

सिगरेट की कीमतों में बढ़ोतरी की इस नई खबर के सामने आने के बाद शेयर बाजार में तंबाकू स्टॉक्स में गजब का उछाल आया. 18 फरवरी को ITC के शेयर की कीमत लगभग 2 परसेंट बढ़ी. गॉडफ्रे फिलिप्स इंडिया लिमिटेड के शेयरों ने भी कारोबार के दौरान 10 परसेंट से ज्यादा की बढ़त हासिल की.

BOLLYWOOD : रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ ने ओवरसीज में सात साल बाद फिर रचा इतिहास, बना डाले ये 5 रिकॉर्ड्स

0

रणवीर सिंह स्टारर ‘धुरंधर’ ने देश-विदेश के बॉक्स ऑफिस पर खूब कहर ढाया. वहीं अब इस स्पाई ड्रामा ने विदेशों में ब्लॉकबस्टर कमाई के साथ अपना सफ़र पूरा कर लिया है. इस दौरान इस फिल्म ने हर उम्मीद से बढ़कर काम किया, लेकिन ओवरसीज में ये 300 करोड़ क्लब से बस एक इंच पीछे रह गई. इन सबके बीच आदित्य धर निर्देशित इस फिल्म ने इंटरनेशनल लाइफटाइम में 5 बड़े रिकॉर्ड बनाए हैं.

‘धुरंधर’ का इंटरनेशनल लाइफटाइम कलेक्शन कितना रहा?
फाइनल अपडेट के मुताबिक, धुरंधर ने ओवरसीज़ में अपना रन पूरा कर लिया है. इस फिल्म ने 299.35 करोड़ की इंटरनेशनल लाइफटाइम ज़बरदस्त कमाई की है. अगर यह 300 करोड़ क्लब में शामिल हो जाती तो यह सोने पे सुहागा होता. फिर भी, कमाई शानदार रही है, जिसने आदित्य धर और उनके गैंग के लिए नए माइलस्टोन सेट किए हैं. आदित्य धर की फिल्म ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ ने 48 करोड़ की कमाई के साथ अपना इंटरनेशनल रन खत्म कर लिया था. इसकी तुलना में, उनकी लेटेस्ट स्पाई-एक्शन थ्रिलर ने 523% ज़्यादा कमाई की है.

रणवीर सिंह ने 7 साल बाद फिर रचा इतिहास
 रणवीर सिंह ने साल 2018 में पद्मावत के साथ अपनी पहली 175 करोड़+ ओवरसीज ग्रॉसर फिल्म दी थी. इसके 7 साल बाद, उन्होंने फिर से हिस्ट्री किएट की है और अब एक्टर की धुरंधर उनकी ऑल-टाइम हाईएस्ट-ग्रॉसर्स की लिस्ट में शामिल हो गई है.

ओवरसीज़ बॉक्स ऑफ़िस पर रणवीर सिंह की सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली फ़िल्में

  • धुरंधर – 299.35 करोड़
  • पद्मावत – 176 करोड़
  • रॉकी और रानी की प्रेम कहानी – 168 करोड़
  • सिम्बा – 94 करोड़
  • गली बॉय – 71 करोड़

धुरंधर बनी ओवरसीज़ में 8वीं हाईएस्ट बॉलीवुड फ़िल्म!
संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, आर माधवन और अक्षय खन्ना को-स्टारर इस फ़िल्म ने एक और कामयाबी हासिल की है. यह स्पाई एक्शन थ्रिलर इंटरनेशनल बॉक्स ऑफ़िस पर अब तक की 8वीं सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली बॉलीवुड फ़िल्म बन हई है, इसके अलावा, इसने एनिमल को पीछे छोड़कर बॉलीवुड में सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली एडल्ट फ़िल्म का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया है. ये हैं धुरंधर के ओवरसीज में बनाए गए 5 रिकॉर्ड्स

धुरंधर ने ओवरसीज में बनाए ये 5 रिकॉर्ड्स

  • रणवीर सिंह और आदित्य धर की हिस्ट्री में सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी धुरंधर
  • बॉलीवुड की अब तक की सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली ‘एडल्ट’ फिल्म है धुरंधर
  • ओवरसरीज में अब तक की 8वीं सबसे ज्यादा कमाई करने वाली बॉलीवुड फिल्म.
  • ओवरसीज़ बॉक्स ऑफ़िस पर 2025 की सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली इंडियन फिल्म.
  • 2025 की इकलौती इंडियन फिल्म जो 200 करोड़ क्लब में शामिल होगी.

SPORTS : 12 मैचों से कैसे तय होगा सेमीफाइनलिस्ट का फैसला, जानिए टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 का फॉर्मेट

0

टी20 वर्ल्ड कप के 10वें संस्करण (T20 World Cup 2026) का आयोजन 20 टीमों के साथ शुरू हुआ था, जिसमें से 12 टीमों का सफर खत्म हो चुका है. 8 टीमों के लिए खिताब जीतने की उम्मीदें जिंदा हैं, जिनके बीच होने वाला सुपर-8 राउंड शनिवार, 21 फरवरी से शुरू होने जा रहा है. भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, जिम्बाब्वे, इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका इस राउंड में खेलेंगी. जानिए इसका पूरा फॉर्मेट, किस तरह सेमीफाइनलिस्ट टीमों का फैसला होगा.

टी20 वर्ल्ड कप 2026 ग्रुप स्टेज में प्रति दिन 3 मैच खेले जा रहे थे, लेकिन सुपर-8 राउंड में ऐसा नहीं है. अधिकतर दिनों में रोजाना एक ही मैच खेला जाएगा, 3 बार प्रति दिन 2 मैच खेले जाएंगे. सुपर-8 की शुरुआत न्यूजीलैंड बनाम पाकिस्तान मैच के साथ और समापन भारत बनाम वेस्टइंडीज मैच के साथ होगा.

टी20 वर्ल्ड कप 2026 सुपर-8 का फॉर्मेट
सुपर-8 राउंड की सभी टीमों को 2 ग्रुप्स में बांटा गया है. हर टीम 3-3 मैच खेलेगी, उन्हें अपने ग्रुप की सभी टीमों से एक-एक मैच खेलना होगा. जैसे लीग स्टेज में हुआ था. सभी मैच हो जाने के बाद, दोनों ग्रुप्स की टॉप-2 टीमें सेमीफाइनलिस्ट होंगी और तीसरे, चौथे नंबर की टीमों का सफर खत्म हो जाएगा.

ग्रुप 1: भारत, दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज, जिम्बाब्वे
ग्रुप 2: इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और श्रीलंका.
ग्रुप 1 की टॉप टीम सेमीफाइनल में ग्रुप 2 की दूसरे नंबर की टीम से खेलेगी. दूसरा सेमीफाइनल ग्रुप 1 की दूसरे नंबर की टीम और ग्रुप 2 की टॉप टीम के बीच होगा. अगर पाकिस्तान सेमीफाइनल या फाइनल में पहुंचती है तो वो मुकाबला भी श्रीलंका में होगा.

टी20 वर्ल्ड कप 2026 सुपर-8 का शेड्यूल
21 फरवरी: न्यूजीलैंड बनाम पाकिस्तान (आर प्रेमदासा स्टेडियम)
22 फरवरी: श्रीलंका बनाम इंग्लैंड (पल्लेकेले स्टेडियम)
22 फरवरी: भारत बनाम द. अफ्रीका (नरेंद्र मोदी स्टेडियम)
23 फरवरी: जिम्बाब्वे बनाम वेस्टइंडीज (वानखेड़े स्टेडियम)
24 फरवरी: इंग्लैंड बनाम पाकिस्तान (पल्लेकेले स्टेडियम)
25 फरवरी: श्रीलंका बनाम न्यूजीलैंड (आर प्रेमदासा स्टेडियम)
26 फरवरी: वेस्टइंडीज बनाम द. अफ्रीका (नरेंद्र मोदी स्टेडियम)
26 फरवरी: भारत बनाम जिम्बाब्वे (एमए चिदंबरम स्टेडियम)
27 फरवरी: इंग्लैंड बनाम न्यूजीलैंड (आर प्रेमदासा स्टेडियम)
28 फरवरी: श्रीलंका बनाम पाकिस्तान (पल्लेकेले स्टेडियम)
1 मार्च: जिम्बाब्वे बनाम द. अफ्रीका (अरुण जेटली स्टेडियम)
1 मार्च: भारत बनाम वेस्टइंडीज (ईडन गार्डन्स स्टेडियम).

BUSINESS : सोना 2000 रुपये से ज्यादा हुआ महंगा, चांदी की भी 15000 रुपये बढ़ी कीमत; चेक करें लेटेस्ट रेट

0

सोने-चांदी के दाम में आई गिरावट के बाद आज फिर से कीमतों में तेजी देखने को मिल रही है. गुरुवार, 19 फरवरी को देश में 24 कैरेट के 10 ग्राम सोने की कीमत 1,54,200 रुपये है, जो कल के मुकाबले 2,290 रुपये ज्यादा है. इसी तरह से 22 कैरेट सोने की कीमत आज 2,100 रुपये बढ़कर 1,41,350 रुपये प्रति 10 ग्राम और 18 कैरेट सोने की कीमत 1,15,650 रुपये है, जो बुधवार के मुकाबले 1,720 रुपये ज्यादा है.

देश के इन शहरों में सोने का ताजा भाव
मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु, हैदराबाद, केरल, पुणे, विजयवाड़ा, नागपुर, भुवनेश्वर, कटक, विशाखापत्तनम, मैंगलोर, अमरावती जैसे शहरों में आज 24 कैरेट सोने की कीमत प्रति ग्राम के हिसाब से 15,649 रुपये है. वहीं, इन शहरों में 22 कैरेट और 18 कैरेट सोने की कीमत क्रमश: 14,345 और 11,737 रुपये है.
दिल्ली, वडोदरा, अहमदाबाद, जयपुर, लखनऊ, पटना, चंडीगढ़, सूरत और अयोध्या में आज 24 कैरेट सोने की कीमत 15,664 रुपये प्रति ग्राम है. इन शहरों में आज 22 कैरेट सोने की कीमत प्रति ग्राम के हिसाब से 14,360 रुपये और 18 कैरेट सोने की कीमत 11,752 रुपये है.
चेन्नई, कोयंबटूर, मदुरै, सेलम, त्रिची जैसे तमाम दक्षिण भारतीय शहरों में गुरुवार को 24 कैरेट सोने की कीमत 15,818 रुपये, 22 कैरेट सोने की कीमत 14,500 रुपये और 18 कैरेट सोने की कीमत 12,400 रुपये है.
चांदी ने भी लगाई छलांग
देश में आज 1 किलो चांदी की कीमत 2,70,000 रुपये प्रति किलोग्राम है, जबकि कल इसकी कीमत 2,55,000 रुपये प्रति किलोग्राम थी. यानी कि सीधे-सीधे इसमें 15,000 रुपये का उछाल आया है. इस हिसाब से आज भारत में 1 ग्राम चांदी की कीमत कल के 255 रुपये से बढ़कर आज 270 रुपये प्रति ग्राम हो गई है.

भारत में चांदी की कीमत इंटरनेशनल कीमतों से तय होती है, जो किसी भी दिशा में ऊपर-नीचे हो सकती हैं. इसके अलावा यह डॉलर के मुकाबले रुपये की के मूवमेंट पर भी निर्भर करता है. अगर डॉलर के मुकाबले रुपया गिरता है और इंटरनेशनल कीमतें स्थिर रहती हैं, तो चांदी और भी महंगी हो जाएगी.

NATIONAL : केन्द्रीय कर्मचारी सावधान! आठवें वेतन आयोग को लेकर आ गया ये बड़ा व्हाट्सएप स्कैम

0

आठवें वेतन आयोग को लेकर करीब एक करोड़ केंद्रीय कर्मचारी और पेंशनधारी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. इसी उत्सुकता का फायदा उठाकर साइबर ठग नया व्हाट्सएप स्कैम चला रहे हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, ठग केंद्रीय कर्मचारियों को एक व्हाट्सएप मैसेज भेज रहे हैं जिसमें दावा किया जा रहा है कि वे आठवें वेतन आयोग के तहत अपनी संशोधित (रिवाइज्ड) सैलरी का तुरंत आकलन कर सकते हैं. इसके लिए एक लिंक दिया जाता है और उस पर क्लिक कर एक APK फाइल डाउनलोड करने को कहा जाता है.

कैसे हो रहा है फर्जीवाड़ा?

पहली नजर में यह एक साधारण सैलरी कैलकुलेटर जैसा लगता है, लेकिन वास्तव में यह एक खतरनाक मालवेयर होता है. जैसे ही यूजर APK फाइल डाउनलोड करता है, ठगों को मोबाइल पर रिमोट एक्सेस मिल सकता है. वे आपके फोन का संवेदनशील डेटा चुरा सकते हैं. बैंकिंग ऐप्स, ओटीपी और पासवर्ड तक पहुंच बनाकर बैंक खाते से पैसा निकाल सकते हैं.

अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि कई बार यूजर को तुरंत यह एहसास भी नहीं होता कि उसके साथ धोखाधड़ी हो चुकी है. जब तक पता चलता है, तब तक खाते से रकम निकाली जा चुकी होती है.

सरकार ने क्या कहा?

सरकार की ओर से सार्वजनिक चेतावनी जारी की गई है कि ऐसे संदिग्ध व्हाट्सएप मैसेज और लिंक से सावधान रहें. आठवें वेतन आयोग से जुड़ी कोई भी आधिकारिक जानकारी केवल सरकारी वेबसाइट या अधिकृत माध्यमों से ही जारी की जाएगी.

क्या करें, क्या न करें?

✔ किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें.

✔ व्हाट्सएप या सोशल मीडिया से आई APK फाइल डाउनलोड न करें.

✔ केवल गूगल प्ले स्टोर/एप्पल ऐप स्टोर से ही ऐप डाउनलोड करें.

✔ बैंकिंग डिटेल्स, ओटीपी या पासवर्ड किसी से साझा न करें.

✔ संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत बैंक और साइबर क्राइम हेल्पलाइन (1930) पर शिकायत करें.

कुल मिलाकर, आठवें वेतन आयोग को लेकर उत्सुकता समझ में आती है, लेकिन इसी का फायदा साइबर अपराधी उठा रहे हैं. सतर्क रहना ही सबसे बड़ा बचाव है.

RASHIFAL : आज का राशिफल

0

मेष :  आज का दिन आनंददायक सफलता प्रदान करने वाला रहेगा। प्रभावशाली लोगों से बातचीत बहुत ही सकारात्मक रहेगी। किसी लक्ष्य को हासिल करने में भाइयों का भी बखूबी सहयोग मिलेगा। 

वृषभ :वृषभ राशि वालों के लिए समय के अनुसार अपने व्यवहार में बदलाव लाना जरूरी है। बच्चों के साथ व्यवहार करते समय उन्हीं के नजरिए से देखना उचित रहेगा। पति पत्नी के बीच संबंधों में मधुरता रहेगी। प्रेम संबंधों में भी नजदीकियां बनी रहेंगी।

मिथुन: मिथुन राशि के जातकों के लिए आज का दिन अच्छा रहेगा। किसी खास व्यक्ति से मुलाकात हो सकती है। जीवन से जुड़े कुछ बदलाव होंगे।सहकर्मियों के साथ तालमेल मजबूत रहेगा और किसी महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट में आपकी भूमिका रहेगी। नौकरी में नई जिम्मेदारियां मिल सकती हैं जो भविष्य की सफलता का आधार बनेंगी।

कर्क : कर्क राशि के जातकों को आज के दिन व्यवसाय में फायदा मिलने के अवसर प्राप्त होंगे। पैसों से संबंधित मामलों में भी प्रगति होगी।लंबे समय तक बैठकर काम करने वालों को मुद्रा सुधारने की आवश्यकता है।

सिंह : सिंह राशि के लोगों के लिए आज का दिन मिश्रित रहेगा। जीवनसाथी के साथ किसी भी प्रकार का मतभेद हो सकता है।पिछली कुछ गलतियों से सीख कर आप अपनी कार्यप्रणाली में कुछ परिवर्तन लाएंगे, जो कि बेहतरीन रहेंगे। युवाओं को करियर संबंधी किसी परीक्षा मे बेहतरीन परिणाम मिलेंगे। घर के सदस्यों में आपसी तालमेल प्रेम पूर्ण बना रहेगा।

कन्या : कन्या राशि के लोगों के लिए आज का दिन बहुत अच्छा काम लेकर आएगा। जीवनसाथी की ओर से सहयोग मिलेगा। घर के सदस्यों में आपसी तालमेल प्रेम पूर्ण बना रहेगा। किसी मित्र के मिलने से खुशनुमा यादें भी ताजा होगी।

तुला : तुला राशि के लोगों के लिए आज का दिन खुशियों से भरा रहेगा। आपको आपके फंसे हुए पैसे वापस मिल सकते हैं।नौकरी में आपके बेहतरीन कार्य की सराहना होगी और पदोन्नति संबंधी खुशखबरी मिल सकती है।

वृश्चिक: वृश्चिक राशि के लोगों के लिए आज का दिन परेशानियों से भरा रहेगा। सहकर्मियों के साथ विवाद हो सकता है।काम में नेतृत्व, योजना और तेज निर्णय की अपेक्षा रहेगी। सरकारी विभाग या कॉर्पोरेट सेक्टर में इंटरव्यू संबंधी संदेश मिल सकता है।

धनु : धनु राशि के लोगों के लिए दिन परेशानियों से भरा रहेगा। आप अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए अधिक मेहनत करेंगे।जीवनसाथी आपकी किसी सख्त बात को गलत समझ सकते हैं, इसलिए संवाद को शांत रखें। सिंगल लोगों को किसी जिम्मेदार एवं प्रभावी व्यक्तित्व से सहज आकर्षण महसूस हो सकता है।

मकर: आज का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा। जीवनसाथी के साथ घूमने जा सकते हैं और आज आपका अपने जीवनसाथी के साथ अच्छा समय व्यतीत होगा।

कुंभ : आज के दिन आप किसी भी प्रकार की यात्रा या प्रवास पर जा सकते हैं। दांपत्य जीवन अच्छा रहेगा।काम में सफलता मिलेगी।

मीन : मीन राशि के लोगों के लिए आज का दिन आनंद लेकर आएगा। किसी सामाजिक कार्यक्रम में पार्टनर के साथ सामंजस्य बढ़ सकता है।

NATIONAL : दिल्ली विश्वविद्यालय में ‘गीता के माध्यम से नेतृत्व उत्कृष्टता’ विषयक दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन

0

दिल्ली विश्वविद्यालय की मूल्य संवर्धन पाठ्यक्रम समिति द्वारा ‘गीता के माध्यम से नेतृत्व उत्कृष्टता’ विषय पर दो दिवसीय 16-17 फरवरी को क्षमता संवर्धन कार्यशाला (कैपिसिटी बिल्डिंग वर्कशॉप) का आयोजन किया गया। दिल्ली विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों में पढ़ाने वाले शिक्षकों के लिए आयोजित इस कार्यशाला के उद्घाटन सत्र में मूल्य संवर्धन पाठ्यक्रम समिति के अध्यक्ष प्रो. निरंजन कुमार ने बताया कि आज के वैज्ञानिक युग में दिल्ली विश्वविद्यालय की मूल्य संवर्धन पाठ्यक्रम समिति द्वारा गीता जैसे धर्म ग्रंथ पर चार कोर्सेस बनाए गए हैं।पाठ्यक्रम निर्माण पर चर्चा करते हुए प्रो.निरंजन ने आगे कहा कि ‘गीता केवल धार्मिक ग्रन्थ नहीं है;बल्कि आधुनिक नेतृत्व और प्रबंधन की अवधारणाओं की प्रभावी व्याख्या करने वाला दार्शनिक ग्रंथ है’।उन्होंने बताया कि भारत के पहले गवर्नर-जनरल वॉरेन हेस्टिंग्स से लेकर जर्मनी के विल्हेल्म हम्बोल्ट और शोपेनहावर, अमेरिका के राल्फ इमर्सन और हेनरी डेविड थोरो और इंग्लैंड के एल्डस हक्सले आदि अनेक दार्शनिक गीता की दार्शनिक उत्कृष्टता, सार्वभौमिक अपील और आध्यात्मिक गहनता से अत्यंत प्रभावित थे। प्रो. निरंजन ने कहा कि आज इन्टरनेट और एआई के समय में जहाँ सामूहिकता खत्म होती जा रही है ऐसे में गीता हमें स्व से पर की ओर अर्थात् मनुष्यता की ओर ले जाती है। प्रो. कुमार ने कहा कि मूल रूप से हमारे भीतर एक पशु बैठा होता है जो तामसिक होता है, और गीता हमें उस तमोगुण से सतोगुण की ओर लेकर जाती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के पाठ्यक्रमों का निर्माण बच्चों के जीवन को सही दिशा देने में सहायक सिद्ध होंगे।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार राज्य के डीजीपी डॉ. परेश सक्सेना ने गीता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गीता नेतृत्व के विविध आयामों को स्पष्ट रूप से प्रस्तुत करती है। महाभारत के विभिन्न पात्रों के माध्यम से उन्होंने गीता में निहित नेतृत्व क्षमता को विस्तार से समझाया। जो व्यक्ति समाज का आदर्श होता है।आम जनता उसका ही अनुसरण करती है और गीता व्यक्ति के बेहतर चरित्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।शांति,त्याग, मृदुलता,निर्भयता एवं अहिंसा आदि गुण नेतृत्व के लिए अनिवार्य हैं जो गीता हमें आत्मसात करने की प्रेरणा देती है।आधुनिक नेतृत्व के विभिन्न सिद्धांत जिन्हें आज पश्चिमी विचारधारा से जोड़ा जाता है उनके मूल तत्व गीता में पहले से ही स्पष्ट रूप में विद्यमान हैं।आज के समय में एक संतुलित समाज और समग्र नेतृत्व के निर्माण में गीता की प्रमुख भूमिका है।


कार्यशाला में प्रो.प्रभात मित्तल,प्रो.महिमा ठाकुर,प्रो. पंकज मिश्र,प्रो.रजनी साहनी,इस्कॉन के रोमी कुमार आदि ने भी संबोधित किया।
दिल्ली विश्वविद्यालय की मूल्य संवर्धन पाठ्यक्रम समिति शिक्षकों के लिए इस प्रकार की कार्यशालाओं का आयोजन लगातार करती रहती है।

NATIONAL : बसपा सुप्रीमो मायावती को क्यों मिला टाइप 8 बंगला? पूर्व सीएम ने खुद बता दी ये वजह

0

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने दिल्ली में उन्हें आवंटित टाइप-आठ बंगला मामले में सफाई दी है. लखनऊ में एक प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि बसपा प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री होने के नाते सुरक्षा खतरे के चलते उन्हें पूर्व में भी ऐसा बंगला आवंटित किया जाता रहा है. इसलिये इस मामले पर किसी तरह की अनर्गल बातें और राजनीति ना की जाए. उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को आगाह करते हुए कहा, ‘जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आएगा तो साम-दाम-दंड-भेद आदि हथकंडे अपनाकर बसपा को सत्ता से दूर रखने के विरोधियों के षड्यंत्र और भी बढ़ते जाएंगे. बसपा कार्यकर्ता किसी बहकावे में न आयें और अगले चुनाव की तैयारी में तन-मन-धन से लगे रहें.’ 

इसके साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव गठबंधन में लड़ने की खबरों को गुमराह करने की नीयत से फैलायी जा रही ‘फेक न्यूज’ करार देते हुए बुधवार को कहा कि उनकी पार्टी अगला चुनाव अपने बलबूते ही लड़ेगी. मायावती ने कहा कि इस तरह की खबरें फैलायी जा रही हैं कि बसपा उत्तर प्रदेश में अगला विधानसभा चुनाव गठबंधन में लड़ेगी. इसकी आम चर्चा है जो विशुद्ध रूप से लोगों को गुमराह करने की नीयत से फैलायी जा रही ‘फेक न्यूज’ है. उन्होंने कहा, ‘यह बिल्कुल गलत, झूठ, हवा-हवाई एवं मनगढ़ंत खबर है. ऐसे में नेताओं के साथ-साथ मीडिया को भी इस प्रकार की खबरों से बचना चाहिए.’ 

पूर्ण बहुमत की अपनी सरकार जरूर बनाएं- मायावती

मायावती ने दिल्ली में हो रही ‘एआई समिट’ पर भी परोक्ष रूप से तंज किया और कहा, ‘व्यापक देशहित और जनहित की कड़वी हकीकत के बारे में देश व दुनिया को जागृत करके लोकतंत्र एवं संविधान को मजबूती प्रदान करने के बजाय इन दिनों ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस’ (कृत्रिम मेधा) को सफलता की कुंजी बताने वाली स्वार्थी चर्चाएं हो रही हैं. इस बीच मीडिया जगत में भी किसी न किसी बहाने बसपा के बारे में यह चर्चा है कि पार्टी उत्तर प्रदेश में विधानसभा का अगला चुनाव गठबंधन में लड़ेगी. यह बिल्कुल झूठ है.’ 

बसपा प्रमुख ने कहा कि वह अपनी पार्टी द्वारा अपने बलबूते पर चुनाव लड़ने के बारे में सार्वजनिक तौर पर कई बार ऐलान कर चुकी हैं और खासतौर से नौ अक्टूबर 2025 को बसपा के जन्मदाता एवं संस्थापक कांशीराम की पुण्यतिथि के मौके पर लखनऊ में आयोजित महारैली में भी इसकी खुली घोषणा की जा चुकी है. अब ऐसी किसी भी चर्चा या बहस की कोई गुंजाइश नहीं बची है. हालांकि, साजिश के तहत कुछ लोगों और मीडिया के एक वर्ग द्वारा इस तरह की फर्जी खबरें फैलाई जा रही हैं. इसे बसपा विरोधी हथकंडा ही माना जाएगा जिस पर लोगों को ध्यान देने की बिल्कुल भी जरूरत नहीं है.मायावती ने कहा कि बसपा कार्यकर्ताओं को यह अच्छी तरह मालूम है कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी (सपा) और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सोच ‘संकीर्ण’ है. साथ ही, परम पूज्य बाबा साहब भीमराव आंबेडकर का ‘विरोधी’ होने के कारण इनका आंबेडकरवादी होना तथा बसपा से गठबंधन करने की नीति केवल चुनावी स्वार्थ है. बसपा प्रमुख ने कहा कि गठबंधन करने से बसपा को केवल नुकसान ही होता है, इसीलिए बसपा के लोग 2027 का विधानसभा चुनाव अकेले ही पूरे जी जान से लड़ेंगे. 

उन्होंने आरोप लगाया, ‘बसपा कार्यकर्ताओं का ध्यान भटकाने के लिए ही विरोधी पार्टियां घिनौनी साजिशें करती रहती हैं. ऐसे में पार्टी के सभी लोगों से यही अनुरोध है कि वह ऐसी अनर्गल और मनगढ़ंत बातों पर कतई ध्यान ना दें और वह (कार्यकर्ता) हाथी की मस्त चाल की तरह आगे बढ़ते रहें तथा वर्ष 2007 की तरह अकेले ही यह चुनाव लड़कर फिर से बसपा की पूर्ण बहुमत की अपनी सरकार जरूर बनाएं.’ 

- Advertisement -

News of the Day