Thursday, October 1, 2026
Home Blog Page 335

NATIONAL : 22 अप्रैल से खुलेंगे बाबा केदारनाथ के कपाट, शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में हुई घोषणा

0

केदारनाथ मंदिर के कपाट 22 अप्रैल को वृष लग्न में सुबह 8 बजे श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोले जाएंगे. इस साल टी गंगाधर लिंग केदारनाथ धाम में मुख्य पुजारी होंगे.उत्तराखंड के प्रसिद्ध तीर्थ केदारनाथ मंदिर के कपाट 22 अप्रैल को वृष लग्न में खोले जाएंगे. इसकी आधिकारिक घोषणा शीतकालीन गद्दीस्थल ओम्कारेश्वर मंदिर में विधि-विधान के साथ की गई. घोषणा के बाद से ही भक्तों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है.

मंदिर समिति के अनुसार, बुधवार (22 अप्रैल) सुबह 8 बजे शुभ वृष लग्न में कपाट खुलेंगे. इसी के साथ 6 महीने तक चलने वाली केदारनाथ यात्रा की शुरुआत हो जाएगी.

इस साल टी गंगाधर लिंग को बाबा केदारनाथ धाम में मुख्य पुजारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है. परंपरानुसार पूजा-अर्चना दक्षिण भारत के रावल पुजारियों द्वारा ही की जाती है. श्रद्धालु अब बाबा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में पंजीकरण करा रहे हैं.केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के एक दिन बाद बद्रीनाथ मंदिर के द्वार 23 अप्रैल को ब्रह्ममुहूर्त में सुबह 6 बजकर 15 मिनट पर श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे. इस शुभ तिथि की घोषणा पहले ही वसंत पंचमी के अवसर पर कर दी गई थी.

वहीं गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया, 19 अप्रैल को विधि-विधान के साथ खोले जाएंगे. हालांकि इन दोनों धामों के सटीक शुभ मुहूर्त की जानकारी मंदिर समिति द्वारा आने वाले दिनों में अलग से सार्वजनिक की जाएगी, जिसका श्रद्धालु बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.

चारधाम यात्रा को लेकर सरकार और स्थानीय प्रशासन ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं. सड़कों की मरम्मत, सुरक्षा इंतजाम और पंजीकरण व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है. होटल और धर्मशालाओं में भी एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है.

हर साल लाखों श्रद्धालु चारधाम यात्रा पर आते हैं. इस बार भी अच्छी संख्या में यात्रियों के पहुंचने की उम्मीद है. पहाड़ों में बर्फबारी कम होने और मौसम साफ रहने की प्रार्थना के साथ भक्त बेसब्री से बाबा केदारनाथ के दर्शन का इंतजार कर रहे हैं.

ENTERTAINMENT : बिश्नोई गैंग से मिली धमकियों के बाद ‘धुरंधर’ स्टाइल में दिखे रणवीर सिंह, डॉन 3 को लेकर भी चल रहा विवाद

रणवीर सिंह और रोहित शेट्टी को कुछ दिन पहले ही लॉरेंस बिश्नोई गैंग से धमकियों भरे मैसेज आए. एक्टर से गैंगस्टर्स ने कुछ डिमांड भी की. अब धमकियों के बीच, रणवीर को सोशल मीडिया स्टार ओरी संग स्पॉट किया गया है.

एक्टर रणवीर सिंह की झोली में खुशियां आई ही थीं कि तभी वो एक के बाद एक विवादों से घिर गए. फिल्म ‘धुरंधर’ की सक्सेस के बाद उन्हें लॉरेंस बिश्नोई गैंग से धमकियां मिलने लगीं. रणवीर से करोड़ों रुपयों की मांग हुई, जिसके बाद मुंबई पुलिस इसकी जांच में जुटी.

10 फरवरी के दिन रणवीर सिंह को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से धमकी भरा वॉइस मैसेज भी आया, जिसमें कहा गया कि अब उनके पूरे स्टाफ की जान पर खतरा है. अब अपने आसपास इतना खतरनाक माहौल होने के बीच रणवीर को ओरहान अवत्रामणि यानी ओरी के साथ स्पॉट किया गया. दोनों एक शादी में साथ नजर आए, जिसकी तस्वीरें ओरी ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर पोस्ट कीं. ओरी ने रणवीर के साथ कई सारे स्टाइलिश पोज दिए. एक्टर ने भी कैमरा पर अपना ‘धुरंधर’ अवतार एक बार नहीं, बल्कि दो बार दिखाया.

रणवीर के अलावा ओरी ने शादी में कई सारे बॉलीवुड सेलेब्स जैसे वरुण धवन, वीर पहाड़िया के साथ भी सेल्फी क्लिक की. ओरी को अनन्या पांडे के ‘बॉयफ्रेंड’ वॉकर ब्लैंको के साथ भी देखा गया. इस ग्रैंड वेडिंग सेलेब्रेशन में और भी जाने-माने नाम शामिल थे. रणवीर सिंह का लॉरेंस गैंग के अलावा फरहान अख्तर से भी विवाद चल रहा है. एक्टर के फिल्म ‘डॉन 3’ छोड़ने के बाद, फरहान अख्तर ने उनसे 40 करोड़ रुपये की नुकसान भरपाई मांग की है.

हालांकि रणवीर और फरहान के बीच ये विवाद अभी जारी है. कहा जा रहा है कि उनके बीच सुलह के लिए प्रोड्यूसर गिल्ड ऑफ इंडिया ने एंट्री ली. जहां दोनों पक्षों की बातों को सुना गया. रणवीर और फरहान अख्तर ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए. रणवीर ने मेकर्स पर इस फ्रेंचायजी को सीरियस ना लेने का आरोप लगाया. वहीं फरहान रणवीर सिंह से 40 करोड़ रुपये की मांग पर अटके रहे. अब असली कहानी क्या है, ये तो वक्त आने पर पता चल ही जाएगा.

बात करें रणवीर सिंह के वर्क फ्रंट की, तो एक्टर फिल्म ‘धुरंधर’ पार्ट 2 की तैयारी में जुटे हैं जो 19 मार्च यानी ईद के मौके पर रिलीज होगी. इसके बाद वो ‘प्रलय’ की तरफ बढ़ेंगे, जो एक जॉम्बी थ्रिलर फिल्म है जिसे जय मेहता बनाएंगे. फिल्म को 300 करोड़ रुपये के बजट में बनाने की बात चल रही है. हालांकि अभी कोई फाइनल अनाउंसमेंट नहीं हुई है.

PUNJAB : हिमांशी खुराना को मिली जान से मारने की धमकी, गैंगस्टर जीशान अख्तर ने मांगे 10 करोड़

पंजाब की मशहूर एक्ट्रेस हिमांशी खुराना को जान से मारने की धमकी मिली है. गैंगस्टर जीशान अख्तर ने एक्ट्रेस से 10 करोड़ की रंगदारी मांगते हुए जान से मारने की धमकी दी है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, एक्ट्रेस से फोन और ईमेल के जरिए 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है. इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और एक्ट्रेस की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है.

मोहाली के एसपी (डी) सौरभ जिंदल ने बताया कि इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई है. ये एफआईआर सोहाना थाने में दर्ज की गई है. अधिकारी ने कहा कि धमकी ईमेल के माध्यम से आई है. एफआईआर में आरोपी के रूप में गैंगस्टर जीशान अख्तर का नाम शामिल है.

एक्ट्रेस ने पुलिस को बताया, ‘मैं म्यूजिक इंडस्ट्री में काम करती हूं. मुझे 12 फरवरी को रात करीब 11 बजकर 45 मिनट पर मेरी ईमेल आईडी पर मेल आया था, जिसमें उस व्यक्ति ने ऑडियो भेजा था. इस ऑडियो में उसने मारने की धमकी दी और 10 करोड़ रुपये मांगे. फिर 13 फरवरी को शाम करीब 6 बजकर 18 मिनट पर एक और धमकी भरा मेल ईमेल आया, जिसमें उसने मुझे फिर से जान से मारने की धमकी दी और रंगदारी मांगी. फिर 13 फरवरी को रात करीब 11 बजकर 34 मिनट पर हमारी टीम और मेरे फोन पर एक मिस्ड कॉल, मैसेज और ऑडियो नोट आया.’

एक्ट्रेस ने बताया कि वे किसी जीशान अख्तर नाम के व्यक्ति को नहीं जानती है. उन्होंने कहा, “फिलहाल, मुझे किसी सुरक्षा की आवश्यकता नहीं है. अगर मुझे किसी काम से बाहर जाना पड़ा, तो मैं आपको सूचित करूंगी.”पुलिस स्टेशन सोहाना में जीशान अख्तर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. एफआईआर और स्पेशल रिपोर्ट तैयार करने के बाद, पुलिस कांस्टेबल गगनदीप सिंह ने उस नंबर को सर्विलांस के लिए आगे भेज दिया है.

हिमांशी खुराना ने 16 साल की उम्र में मिस लुधियाना का खिताब जीता और 2010 में पंजाबी फिल्म ‘साड्डा हक’ से अभिनय की शुरुआत की थी, जिसके बाद वो फिल्म ‘लेदर लाइफ’ और ‘अफसर’ समेत कई फिल्मों में नजर आईं थीं. हिमांशी को फिल्मों के साथ-साथ कई म्यूजिक वीडियो में भी देखा जा चुका है. वो बिग बॉस 13 में भी नजर आई थीं, जहां उनका रिश्ता असीम रियाज के साथ जुड़ा था. हालांकि, ये रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चला और दोनों ने अलग होने का फैसला कर लिया था.

NATIONAL : जेल में घटाई फोन कॉल की सुविधा तो भड़क उठे कैदी, भूख हड़ताल पर बैठे

0

फरीदाबाद की नीमका जेल में फोन कॉल सुविधा कम करने के विरोध में 40 से ज्यादा कैदियों ने भूख हड़ताल शुरू कर दी है. कैदियों ने जेल अधिकारियों पर बदसलूकी और धमकी देने का आरोप लगाया है. मामले को लेकर एक नोट सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है. प्रशासन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है.

हरियाणा के फरीदाबाद स्थित नीमका जेल में 40 से ज्यादा कैदियों ने कथित तौर पर भूख हड़ताल शुरू कर दी है. कैदियों का आरोप है कि जेल प्रशासन ने उनकी साप्ताहिक फोन कॉल सुविधा कम कर दी है और विरोध करने पर उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया.

न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक कैदियों ने अपनी शिकायत एक नोट के जरिए सार्वजनिक की है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. नोट के अनुसार पहले कैदियों को सप्ताह में तीन दिन घर पर फोन करने की अनुमति थी, जिसे घटाकर दो दिन कर दिया गया. जब कुछ कैदियों ने इस बदलाव की वजह पूछी तो जेल अधिकारियों ने कथित तौर पर उनके साथ गाली-गलौज की.

कैदियों का आरोप है कि उन्हें चेतावनी दी गई कि अगर किसी ने इस फैसले या जेल प्रशासन के खिलाफ आवाज उठाई तो उन्हें बैरक से बाहर निकलने नहीं दिया जाएगा. नोट में यह भी दावा किया गया है कि कैदियों को जान से मारने की धमकी दी गई और कहा गया कि सीसीटीवी बंद कर उनके साथ मारपीट की जाएगी.

फिलहाल इस मामले में जेल अधीक्षक संजय बांगड़ से संपर्क नहीं हो सका है. हालांकि मामले को लेकर प्रशासनिक स्तर पर जांच की संभावना जताई जा रही है.

गौरतलब है कि हाल ही में इसी जेल में राम मंदिर पर बम हमले की साजिश रचने के आरोपी एक कैदी की दूसरे कैदी द्वारा हत्या कर दी गई थी. इस घटना के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे थे और कुछ अधिकारियों को सस्पेंड कर जांच शुरू की गई थी.इस ताजा घटनाक्रम के बाद जेल प्रशासन और कैदियों के बीच तनाव की स्थिति बताई जा रही है. प्रशासन की ओर से फिलहाल आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है.

RAJASTHAN : ना जहर, ना साजिश… फिर कैसे हुई साध्वी प्रेम बाईसा की मौत? पुलिस ने दिया बड़ा अपडेट

0

राजस्थान के जोधपुर में साध्वी प्रेम बाईसा की मौत मामले में पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश पासवान ने बताया कि एफएसएल और हिस्टोपैथोलॉजी रिपोर्ट के अनुसार मौत कार्डियक और फेफड़े संबंधित बीमारी से हुई. मामले में 44 लोगों से पूछताछ, 106 मोबाइल की सीडीआर और 37 नमूनों की जांच के बाद रिपोर्ट सार्वजनिक की गई. जांच भी अभी जारी है.

राजस्थान के जोधपुर में साध्वी प्रेम बाईसा की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने आधिकारिक तौर पर बड़ा खुलासा किया है. शनिवार को पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश पासवान ने बताया कि साध्वी की मौत कार्डियक और पल्मोनरी अरेस्ट से हुई. पुलिस के मुताबिक, एफएसएल और हिस्टोपैथोलॉजी रिपोर्ट से साफ हो गया है कि मौत किसी जहर या अन्य बाहरी कारण से नहीं हुई. साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि उनके साथ किसी तरह का यौन शोषण नहीं हुआ.

कमिश्नर ने बताया कि जांच में यह सामने आया कि एक नर्सिंगकर्मी ने साध्वी को जो इंजेक्शन लगाया, वह शेड्यूल एच श्रेणी का था. ऐसे इंजेक्शन बिना अधिकृत डॉक्टर की पर्ची के नहीं लगाए जा सकते. हालांकि जब उनसे पूछा गया कि क्या इंजेक्शन की वजह से कार्डियक और पल्मोनरी अरेस्ट हुआ, तो उन्होंने कहा कि इस पर एक्सपर्ट मेडिकल ओपिनियन अभी आना बाकी है.

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि देवी सिंह खुद इंजेक्शन लेकर आया था, लेकिन अभी तक उस इंजेक्शन से जुड़ी कोई पर्ची नहीं मिली है. उन्होंने कहा कि एक्सपर्ट रिपोर्ट आने के बाद यदि लापरवाही सामने आती है तो बीएनएस और चिकित्सकीय नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी. गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज होने की संभावना पर उन्होंने कहा कि सभी विकल्प रिपोर्ट के आधार पर खुले हैं.

इस मामले की जांच एसआईटी ने की है. अब तक 44 लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं और 106 मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल्स खंगाली गई हैं. पुलिस ने बताया कि साध्वी के पिता ने उनकी मौत के बाद लोगों को इकट्ठा करने के लिए फोन किए थे, लेकिन यह भावनात्मक स्थिति में किया गया कदम था. जांच में उनकी कोई संदिग्ध भूमिका सामने नहीं आई.

कमिश्नर ने यह भी बताया कि साध्वी द्वारा पहले दर्ज कराए गए मामलों से जुड़े किसी व्यक्ति की इस मौत में भूमिका नहीं मिली है. उन्होंने कहा कि साध्वी के नाम से जो न्याय की मांग वाला संदेश पोस्ट हुआ था, वह उनके पिता ने भीड़ जुटाने के उद्देश्य से लिखवाया था. फिलहाल जांच जारी है और एक्सपर्ट रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

WORLD : अमेरिका में लापता हुए भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया की मौत, 6 दिनों के बाद मिला शव, जानें पूरा मामला

0

अमेरिका के कैलिफोर्निया में लापता भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया का शव मिला है. इस मामले में भारतीय वाणिज्य दूतावास ने परिवार को हर संभव सहायता का भरोसा दिया है.

अमेरिका में 9 फरवरी से लापता 22 वर्षीय भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया का शव बरामद हो गया है. सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने रविवार को इसकी पुष्टि की. साकेत श्रीनिवासैया कर्नाटक के तुमकुरु जिले के रहने वाले थे और यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, बर्कले में पोस्ट-ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रहे थे. उन्हें आखिरी बार कैलिफोर्निया के टिल्डन रीजनल पार्क के पास एक झील के नजदीक देखा गया था.

भारतीय वाणिज्य दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि स्थानीय पुलिस ने साकेत का शव बरामद होने की पुष्टि की है. दूतावास ने उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि इस कठिन समय में वे परिवार के साथ खड़े हैं. दूतावास ने यह भी कहा कि वे स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहे हैं और पार्थिव शरीर को भारत भेजने की प्रक्रिया में हर संभव सहायता देंगे. कांसुलर अधिकारी परिवार के संपर्क में हैं और जरूरी औपचारिकताओं में मदद कर रहे हैं.

साकेत के पिता ने बताया था कि उनकी आखिरी बार बेटे से 9 फरवरी को बात हुई थी. बेटे के लापता होने के बाद परिवार ने उसके दोस्तों और रूममेट्स से संपर्क किया. जब कोई जानकारी नहीं मिली तो बर्कले पुलिस विभाग में शिकायत दर्ज कराई गई. 13 फरवरी को साकेत के माता-पिता ने कर्नाटक सरकार से भी मदद मांगी थी. कर्नाटक सरकार ने विदेश मंत्रालय से हस्तक्षेप कर हर संभव सहायता देने का अनुरोध किया था.

साकेत यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, बर्कले में प्रोडक्ट डेवलपमेंट प्रोग्राम में मास्टर ऑफ साइंस की पढ़ाई कर रहे थे. इससे पहले उन्होंने आईआईटी मद्रास से केमिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री हासिल की थी.

BHAKTI : महाशिवरात्रि पर देवघर में अनोखी शिव बारात, नारी शक्ति और साइबर क्राइम के खिलाफ दिया जाएगा संदेश!

0

झारखंड के देवघर में महाशिवरात्रि पर आज शिव बारात निकाली जाएगी. इस दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए प्रशासन ने अपनी तरफ से तैयारी पूरी कर ली है. जानें इसके बारे में.

देश भर में महाशिवरात्रि की धूम है, लेकिन झारखंड की बाबा नगरी देवघर में इसका उत्साह अद्भुत है. द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक, बाबा बैद्यनाथ धाम में शिव और शक्ति के मिलन यानी महाशिवरात्रि की भव्य तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. पूरा शहर रोशनी से नहाया हुआ है और प्रशासन भी सुरक्षा को लेकर मुस्तैद है. देखिए देवघर से यह खास रिपोर्ट

बाबानगरी देवघर इस वक्त मानो साक्षात देवलोक में बदल गई है. महाशिवरात्रि के पावन मौके पर यहां न केवल देश के कोने-कोने से बल्कि विदेशों से भी शिवभक्त बाबा भोलेनाथ और माता पार्वती के विवाह का साक्षी बनने पहुंच रहे हैं. मंदिर परिसर को आकर्षक रोशनी और पारंपरिक फूलों से सजाया गया है.

महाशिवरात्रि की रस्मों की शुरुआत यहां सदियों पुरानी परंपरा के साथ होती है. मंदिर के शिखर पर स्थापित पंचशूल को फाल्गुन मास की एकादशी के दिन विधि-विधान से नीचे उतारा जाता है. इसके बाद शुद्धिकरण और विशेष तांत्रिक पूजा के साथ द्वादशी और त्रयोदशी को इसे पुनः शिखर पर स्थापित किया जाता है. मान्यता है कि यहीं से बाबा और माता के गठबंधन की रस्म शुरू होती है.

पूजा-पाठ के साथ-साथ देवघर की ऐतिहासिक ‘शिव बारात’ आकर्षण का मुख्य केंद्र है. इस बार शिव बारात में आस्था के साथ-साथ सामाजिक संदेशों का भी अनूठा संगम देखने को मिलेगा. झांकियों की तैयारियां अंतिम चरण में हैं.इस बार बारात में ‘महिला विश्व कप विजेता टीम’ का भव्य कट-आउट नारी शक्ति का संदेश देगा, वहीं साइबर क्राइम पर आधारित झांकी लोगों को डिजिटल अपराध के प्रति जागरूक करेगी. इसके अलावा डाकू अंगुलीमाल की कहानी के जरिए अधर्म से धर्म की ओर लौटने का संदेश दिया जाएगा.

बारात में सैकड़ों कलाकार शिव, पार्वती, गणेश और भूत-प्रेत के वेश में नृत्य करते नजर आएंगे, जिनके स्वागत के लिए पूरा शहर पलकें बिछाए तैयार है.लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ और वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए देवघर जिला प्रशासन ने सुरक्षा का अभेद्य किला तैयार किया है. शहर के चप्पे-चप्पे पर नजर रखने के लिए वॉच टॉवर और ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है.

सुरक्षा व्यवस्था की कमान खुद पुलिस कप्तान सौरभ ने संभाल रखी है. मेले में दो रैफ (RAF) की कंपनियों के साथ 2000 अतिरिक्त पुलिस जवानों की तैनाती की गई है. पॉकेटमारों और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए सादे लिबास में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगी.

बहरहाल ढोल-नगाड़ों की गूंज और हर-हर महादेव के जयघोष के साथ देवघर शिव बारात के स्वागत के लिए तैयार है. सुरक्षा चाक-चौबंद है और भक्तों का उत्साह सातवें आसमान पर. जाहिर है, इस बार की महाशिवरात्रि देवघर में ऐतिहासिक होने वाली है.वही दुमका के बासुकीनाथ जिसे फ़ौजदारी बाबा के नाम से जाना जाता है . शिव विवाह को लेकर बिल्कुल तैयार है. मिथिला से अपनी बेटी की विवाह मे शामिल होनें और अपने शिव रूपी दामाद का खातिरदारी करने पहुंचे हुये है.

यहां मुहैया सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. यहां यह बताना जरूरी है कि ABPLive.com किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें.

अंकुर अग्निहोत्री ज्योतिष और धार्मिक विषय के जानकर हैं, ये बीते एक साल से abplive.com से जुड़े हुए हैं और विभिन्न विषयों पर लेखन कार्य कर रहे हैं. इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी भोपाल से पत्रकारिता की डिग्री प्राप्त की है. दिल्ली में जन्मे अंकुर अग्निहोत्री को अंक शास्त्र, वैदिक ज्योतिष, वास्तु शास्त्र, स्वप्न शास्त्र में विशेष रुचि रखते हैं. ये डिजीटल प्लेट फॉर्म पर ज्योतिष को लोकप्रिय और इसकी विश्वनीयता को बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं, इनका मकसद नई पीढ़ी को ज्योतिष, धर्म और आध्यत्म की शक्ति से रूबरू कराना है. ज्योतिष व धर्म के साथ इनको साहित्य पढ़ने और फिल्में देखने का भी शौक है.

GUJARAT : नौकरी के पहले दिन ही युवक को लड़की ने THAR से रौंदा, बीच सड़क डिलीवरी बॉय की मौत

0

वडोदरा में तेज रफ्तार और लापरवाही से ड्राइविंग का एक और मामला सामने आया है, जहां 19 साल की युवती की थार कार ने एक्टिवा सवार युवक को कुचल दिया. सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुए इस हादसे ने पूरे शहर को झकझोर दिया है. मृतक युवक ने हाल ही में फूड डिलीवरी का काम शुरू किया था. पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है.गुजरात के वडोदरा में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला. शुक्रवार देर रात शहर के पश्चिमी इलाके अटलादरा में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ जिसमें एक्टिवा सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई. आरोप है कि 19 साल की युवती तेज और लापरवाही से थार कार चला रही थी, जिसने एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी.

जानकारी के मुताबिक, हादसा देर रात करीब 1 बजे हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक्टिवा काफी दूर तक घिसटती चली गई. घटना का पूरा दृश्य पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया, जिसमें हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सड़क पर युवक का शव पड़ा देखकर लोग स्तब्ध रह गए.

मृतक युवक की पहचान अभिषेक मोरे के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि अभिषेक ने हाल ही में फूड डिलीवरी बॉय के रूप में काम शुरू किया था और हादसे वाले दिन ही उसका काम का पहला दिन था. इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.पुलिस जांच में सामने आया है कि थार कार में तीन युवतियां सवार थीं, जिनमें रुशिका, तनीशा और विस्मयी शामिल थीं. शुरुआती जांच में पता चला कि 19 वर्षीय रुशिका कार चला रही थी. तीनों बहनें एक शादी समारोह से लौट रही थीं और रास्ते में अपनी बहन को घर छोड़ने जा रही थीं, तभी यह हादसा हो गया.

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि कार चालक नशे में थी और तेज रफ्तार में गाड़ी चला रही थी. हालांकि पुलिस ने कहा है कि मेडिकल रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है. युवक के पिता की शिकायत पर आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया गया है.

ENTERTAINMENT : विजय देवरकोंडा-रश्मिका मंदाना की शादी में लगेगा सितारों का मेला, गेस्ट लिस्ट में साउथ के बड़े स्टार्स शामिल

विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना इन दिनों शादी की खबरों को लेकर चर्चा में हैं. बताया जा रहा है कि दोनों फरवरी के आखिर तक शादी रचाएंगे. वहीं गेस्ट लिस्ट को लेकर भी खुलासा हो गया है.विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की शादी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. नई रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि दोनों इस साल फरवरी के आखिर तक शादी के बंधन में बंध सकते हैं. बताया जा रहा है कि 26 फरवरी को उदयपुर के एक महल में निजी समारोह रखा गया है, जहां करीबी परिवार और दोस्त शामिल होंगे.

उदयपुर में शादी के बाद यह जोड़ा मार्च में हैदराबाद में एक शानदार रिसेप्शन देने की तैयारी में है. रिपोर्ट्स के मुताबिक 4 मार्च को शहर के एक बड़े कन्वेंशन सेंटर में यह कार्यक्रम आयोजित होगा. इस मौके पर साउथ फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े सितारे और बॉलीवुड के चुनिंदा कलाकार शामिल हो सकते हैं.कहा जा रहा है कि विजय ने खुद रेवंत रेड्डी को शादी का इनविटेशन दिया है. गेस्ट लिस्ट में बड़े अभिनेता, निर्देशक और निर्माता शामिल होंगे. सूत्रों के अनुसार निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा समेत विजय के करीबी दोस्त भी समारोह का हिस्सा बन सकते हैं.

रिपोर्ट्स यह भी दावा कर रही हैं कि दोनों ने अक्टूबर 2025 में चुपचाप सगाई कर ली थी. हालांकि, इन खबरों पर अब तक विजय और रश्मिका ने सार्वजनिक तौर पर कोई पुष्टि नहीं की है. जहां रिसेप्शन भव्य होने की उम्मीद है, वहीं शादी का समारोह छोटा और निजी रखा जाएगा. उदयपुर का महल सादगी और शाही अंदाज के साथ सजाया जा रहा है, लेकिन थीम और सजावट को लेकर पूरी गोपनीयता बरती जा रही है.

रिपोर्ट्स के मुताबिक एक बड़े स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ने शादी के एक्सक्लूसिव अधिकारों के लिए 60 करोड़ रुपये का ऑफर दिया था, ताकि इसे खास कार्यक्रम के तौर पर दिखाया जा सके. लेकिन विजय और रश्मिका ने इस ऑफर को ठुकरा दिया. वर्क फ्रंट की बात करें तो विजय हाल ही में फिल्म किंगडम में नजर आए थे, जिसे मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली. वहीं रश्मिका की पिछली फिल्म द गर्लफ्रेंड थी.

RAJASTHAN : जयपुर में रफ्तार बनी काल, फुटपाथ पर सब्जी बेच रहे युवक को कार ने कुचला, CCTV में कैद हुआ हादसा

0

जयपुर में तेज रफ्तार टैक्सी कार ने फुटपाथ पर सब्जी बेच रहे महेश सैनी को कुचल दिया. टक्कर में उनकी मौके पर मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर घायल है. आरोपी ड्राइवर गिरफ्तार.

राजधानी जयपुर के टोंक रोड स्थित महावीर नगर में तेज रफ्तार कार ने ऐसा कहर बरपाया कि देखने वालों की रूह कांप गई. फुटपाथ पर रोज की तरह सब्जी की रेहड़ी लगाकर अपना गुजारा कर रहे महेश सैनी की इस दर्दनाक हादसे में मौके पर ही मौत हो गई. पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका फुटेज अब सामने आया है.प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार काफी तेज रफ्तार में थी और अचानक अनियंत्रित हो गई. सबसे पहले उसने सड़क पर खड़ी दो बाइक और एक बैटरी रिक्शा को टक्कर मारी.

इसके बाद कार सीधे फुटपाथ की ओर मुड़ी, जहां महेश सैनी अपने बेटे के साथ सब्जी बेच रहे थे. कार ने इतनी जोरदार टक्कर मारी कि महेश कई फीट दूर जा गिरे और कार का अगला हिस्सा उन्हें कुचलता हुआ निकल गया.हादसे में महेश सैनी के साथ मौजूद उनका बेटा भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया. बताया जा रहा है कि कार में बाहर से आए कुछ पर्यटक सवार थे. यह एक टैक्सी कार थी.

चश्मदीदों का कहना है कि कार में बैठे यात्रियों ने ड्राइवर को कई बार गाड़ी धीरे चलाने को कहा था, लेकिन उसने किसी की नहीं सुनी. हादसे में कार सवार कुछ लोग भी घायल हुए हैं.घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला. आरोपी ड्राइवर जसवीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है.

दो दिन पहले हुए इस हादसे का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में गुस्सा है. स्थानीय लोग रफ्तार पर लगाम लगाने और इलाके में सख्त ट्रैफिक निगरानी की मांग कर रहे हैं.

- Advertisement -