Thursday, October 1, 2026
Home Blog Page 338

NATIONAL : मुंबई के मुलुंड में मेट्रो पिलर का हिस्सा गिरा, ऑटो और कार चपेट में आई, एक की मौत, 3 लोग घायल

0

मुलुंड पश्चिम में निर्माणाधीन मेट्रो पिलर का सीमेंट का हिस्सा अचानक गिरकर नीचे से गुजर रहे ऑटो पर आ गिरा. हादसे में एक की मौत हो गई. 3 लोगों के घायल होने की खबर है. मौके पर फायर ब्रिगेड, पुलिस और मेट्रो टीम राहत-बचाव में जुटी है.मुंबई के मुलुंड (पश्चिम) इलाके में शनिवार दोपहर मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया. एलबीएस रोड पर निर्माणाधीन मेट्रो पिलर का सीमेंट का एक हिस्सा अचानक टूटकर नीचे से गुजर रहे ऑटो रिक्शा और एक कार पर गिर गया.

घटना जॉनसन एंड जॉनसन कंपनी के पास की है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घटना की सूचना करीब 12:20 बजे मिली. हादसे में एक की मौत हो गई. 3 लोग घायल हो गए.सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, स्थानीय पुलिस, मेट्रो प्राधिकरण के कर्मचारी, वार्ड स्टाफ और 108 एंबुलेंस सेवा मौके पर पहुंच गई. राहत और बचाव का काम तुरंत शुरू कर दिया गया.पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को घेरकर ट्रैफिक डायवर्ट किया और मौके से मलबा हटाने का काम शुरू किया. फिलहाल, पुलिस और संबंधित एजेंसियां हादसे के कारणों की जांच कर रही हैं. यह भी देखा जा रहा है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं.

NATIONAL : फीचर्स देखकर कहता- इस लड़की पर बरसेगा धन… पीरागढ़ी कांड में कमरुद्दीन के तंत्र-मंत्र की तिलिस्मी कहानी

0

दिल्ली के पीरागढ़ी फ्लाईओवर पर खड़ी एक कार ने 8 फरवरी को ऐसा राज खोला, जिसने अंधविश्वास और लालच की खतरनाक कहानी सामने ला दी. एक कथित तांत्रिक लोगों से महिलाओं की तस्वीरें मंगवाता, उनके फीचर्स देख दावा करता- इसी लड़की पर बरसेगा धन. जिन्न से फिजिकल कॉन्टैक्ट की बात और धन वर्षा के झांसे की पूरी कहानी…

दिल्ली में पीरागढ़ी फ्लाईओवर पर 8 फरवरी की दोपहर एक कार में तीन लाशें मिलीं थीं. उस समय किसी को नहीं पता था कि यह कहानी अंधविश्वास, लालच और तंत्र-मंत्र के खतरनाक जाल तक जा पहुंचेगी. शुरुआत में मामला रहस्यमय मौतों का लगा, लेकिन जैसे-जैसे पुलिस की जांच आगे बढ़ी, एक 72 साल के कथित तांत्रिक की परत-दर-परत खुलती दुनिया सामने आने लगी

एजेंसी के मुताबिक, यूपी में फिरोजाबाद के रहने वाले कमरुद्दीन का तरीका बेहद शातिर था. वह पहले लोगों की आर्थिक कमजोरी पहचानता, फिर धन वर्षा का सपना दिखाता. दावा करता- अगर परिवार में लंबी कद-काठी और खुले बालों वाली लड़की हो, तो एक जिन्न उसके साथ अदृश्य तरीके से फिजिकल कॉन्टैक्ट बनाएगा. और इसी के बाद पैसों की बरसात होगी. कमरुद्दीन लड़कियों की तस्वीरें मंगाता, फिर फीचर्स देखकर तय करता था और कहता था- इस लड़की पर बरसेगा धन.

जांच में पीड़िता लक्ष्मी के फोन से कई ऐसी तस्वीरें मिलीं, जिनमें महिलाएं खुले बालों के साथ कागज पकड़े खड़ी दिखीं. कागज पर उनके बारे में लिखा था. ये तस्वीरें अलग-अलग नंबरों से शेयर की जाती थीं और कई ग्रुप्स में घूमती थीं. पुलिस का कहना है कि यही तस्वीरें चयन के लिए इस्तेमाल होती थीं.

कमरुद्दीन का तिलिस्म यहीं खत्म नहीं होता. वह मीटिंग के दौरान लोगों से मोबाइल फोन फ्लाइट मोड पर रखने को कहता, ताकि कोई कॉल या रिकॉर्डिंग न हो सके. एक मुलाकात के लिए 7 हजार रुपये तक वसूले जाते थे. जिन लोगों ने 2 लाख रुपये देने की बात मानी, उन्हें खास अनुष्ठान का भरोसा दिया जाता. अगर नतीजा न निकले, तो बहाने भी तैयार- कभी कहा कि लड़की को किसी जानवर ने काट लिया, कभी कि उसका ऑपरेशन हो चुका है, इसलिए जिन्न नहीं आएगा.

लेकिन पीरागढ़ी की उस कार में तीन लोगों की मौत कैसे हुई? पुलिस जांच के मुताबिक, आरोपी ने सल्फास (एल्युमिनियम फॉस्फाइड), नींद की गोलियां और कोल्ड ड्रिंक मिलाकर एक घातक मिश्रण तैयार किया. इसे लड्डुओं में मिलाया गया और पीड़ितों को खिलाया गया. जहर इतना तेज था कि उन्हें कार से बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला. कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स और तकनीकी निगरानी से पुलिस आरोपी तक पहुंची. सीसीटीवी फुटेज में वह 3 बजकर 2 मिनट पर कार से उतरता दिखा- हाथ में गुलाबी बैग था.

जब पुलिस लोनी स्थित उसके घर पहुंची, तो उसने दरवाजा नहीं खोला. बच्चों की तबीयत खराब होने का बहाना बनाया। बाद में 15 फीट ऊंची दीवार फांदकर भागने की कोशिश की, लेकिन पकड़ लिया गया. पूछताछ में उसने लूट के इरादे से जहर देने की बात कबूल की. पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान उसमें पछतावे जैसी कोई बात नहीं दिखी.

कमरुद्दीन का पिछला रिकॉर्ड भी कम चौंकाने वाला नहीं. पुलिस के मुताबिक, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और दिल्ली में छह हत्याओं के मामले में उसका नाम आ चुका है, जबकि दो और मामलों में संलिप्तता की आशंका है. जांच एजेंसियां उसके वित्तीय लेन-देन, संपत्तियों और दूसरे राज्यों से संभावित कनेक्शन खंगाल रही हैं. फिरोजाबाद में उसकी जमीनें और एक मैरिज हॉल तक अटैच किए जाने की प्रक्रिया में है.

जांच में यह भी सामने आया कि वह बिना टांके की सर्जरी का दावा करता और लोगों को यकीन दिलाता कि वह पेट से पथरी निकाल सकता है. एक मामले में खून दिखाने के लिए हाथों में पहले से सिंदूर लगाया गया था. स्थानीय लोग बताते हैं कि विवाद होने पर वह घरों के बाहर संदिग्ध तांत्रिक सामान रखकर डराता था, ताकि उसकी दहशत बनी रहे.

पीरागढ़ी कांड के अलावा मई 2025 में उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद के मक्खनपुर इलाके में भी दो लोगों रामनाथ और पूरन की मौत के मामले में उसका नाम सामने आया. वहां भी पूजा सामग्री और लड्डू मिले थे. पुलिस का आरोप है कि धन डबल करने के लालच में बुलाकर जहर दिया गया.अब केस में हत्या और जहर देने से संबंधित धाराएं जोड़ी गई हैं. पुलिस ने क्राइम सीन रिक्रिएशन किया है. कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स बताते हैं कि वह बड़ी संख्या में लोगों के संपर्क में था. सभी की पहचान और सत्यापन जारी है.

सवाल है कि कितने और नाम, कितनी और तस्वीरें, और कितनी कहानियां इस तिलिस्म के पीछे हैं? जांच आगे बढ़ रही है, और हर नई परत के साथ यह कहानी और भी स्याह होती जा रही है.

RASHIFAL : आज का राशिफल

0

मेष
आज ऊर्जा और उत्साह से भरे रहेंगे। कार्यक्षेत्र में नई जिम्मेदारियाँ मिल सकती हैं। परिवार का सहयोग मिलेगा। खर्चों पर नियंत्रण रखें।
वृषभ
आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। पुराने निवेश से लाभ मिल सकता है। स्वास्थ्य का ध्यान रखें और खान-पान संतुलित रखें।
मिथुन
आज नए लोगों से मुलाकात लाभदायक रहेगी। कार्यों में सफलता मिलेगी। मन प्रसन्न रहेगा। यात्रा के योग बन सकते हैं।
कर्क
परिवार में सुख-शांति बनी रहेगी। नौकरी या व्यवसाय में उन्नति के संकेत हैं। कोई शुभ समाचार मिल सकता है।सिंह
आत्मविश्वास बढ़ेगा। रुके हुए कार्य पूरे होंगे। मित्रों का सहयोग मिलेगा। वाणी पर संयम रखें।
कन्या
आज मेहनत का फल मिलेगा। आर्थिक लाभ के योग हैं। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। नई योजना पर काम शुरू कर सकते हैं।


तुला
संबंधों में मधुरता आएगी। दांपत्य जीवन सुखद रहेगा। कार्यक्षेत्र में प्रशंसा मिलेगी। अनावश्यक तनाव से बचें।वृश्चिक
आज सोच-समझकर निर्णय लें। धन लाभ के अवसर मिल सकते हैं। परिवार का सहयोग मिलेगा। यात्रा से लाभ संभव है।
धनु
भाग्य का साथ मिलेगा। शिक्षा और प्रतियोगिता में सफलता मिल सकती है। आत्मविश्वास बना रहेगा।
मकर
कार्यभार बढ़ सकता है, लेकिन सफलता मिलेगी। वरिष्ठों का सहयोग प्राप्त होगा। स्वास्थ्य पर ध्यान दें।
कुंभ
नई योजनाएँ सफल होंगी। आर्थिक लाभ के संकेत हैं। मित्रों के साथ समय अच्छा बीतेगा।
मीन
आज मन शांत रहेगा। आध्यात्मिक रुचि बढ़ेगी। परिवार के साथ समय बिताने का अवसर मिलेगा। निवेश सोच-समझकर करें।

NATIONAL : महिला, किसान और युवा पर फोकस… नए ऑफिस में शिफ्ट होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी चार बड़ी योजनाओं को मंजूरी

0

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नए सेवा तीर्थ परिसर में प्रधानमंत्री कार्यालय, राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय और कैबिनेट सचिवालय के ट्रांसफर के बाद चार महत्वपूर्ण फैसले लिए. इन फैसलों में महिला, किसान और युवाओं पर फोकस है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दफ्तर का पता अब बदल चुका है. दशकों से भारतीय प्रधानमंत्री के दफ्तर का पता ‘प्रधानमंत्री कार्यालय यानि पीएमो’ हुआ करता था. लेकिन अब ऐसा नहीं है. पीएमो के सेवा तीर्थ परिसर में नए पते पर स्थानांतरित होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को चार महत्वपूर्ण फैसले लिए.
नए सेवा तीर्थ परिसर का उद्घाटन भी प्रधानमंत्री ने खुद किया है, जहां अब पीएमओ के साथ-साथ राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय और कैबिनेट सचिवालय भी स्थित हैं. अधिकारियों के अनुसार, प्रधानमंत्री द्वारा साइन किए फाइलें ‘सेवा’ की भावना को रिफ्लेक्ट करती हैं.

पहला और सबसे महत्वपूर्ण फैसला पीएम राहत योजना की शुरुआत है. इस योजना के तहत, सड़क दुर्घटना या अन्य हादसों में घायल लोगों को 1.5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध होगा. इसका उद्देश्य सुनिश्चित करना है कि आर्थिक संकट के कारण किसी भी व्यक्ति की जान न जाए और उन्हें तत्काल उचित मेडिकल सर्विस प्राप्त हो.

वीमेन एम्पावरमेंट के क्षेत्र में ‘लखपति दीदी योजना’ को बड़ा विस्तार दिया गया है. योजना का लक्ष्य अब 3 करोड़ से बढ़ाकर 6 करोड़ महिलाओं तक पहुंचाना है, जिसे मार्च 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. यह योजना स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को सालाना कम से कम 1 लाख रुपये की आय सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है. अब महिलाएं न केवल घरेलू कार्यों तक सीमित हैं, बल्कि कृषि, बागवानी, डेयरी और पशुपालन जैसे अलग-अलग क्षेत्रों में भी एक्टिव रोल निभा रही हैं.

किसानों के लिए कृषि इंफ्रास्ट्रक्चर फंड को 1 लाख करोड़ रुपये से बढ़ाकर 2 लाख करोड़ रुपये करने का प्रस्ताव भी मंजूर किया गया है, जिससे कृषि सेक्टर में सप्लाई चेन मजबूत होगी.

युवाओं और नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए ‘स्टार्टअप इंडिया फंड ऑफ फंड्स 2.0’ को 10,000 करोड़ रुपये के कोष के साथ मंजूरी मिली है, जो प्रारंभिक चरण के स्टार्टअप्स को समर्थन देगा.प्रधानमंत्री के ये निर्णय महिला सशक्तिकरण, किसानों को सहयोग और युवाओं को अवसर प्रदान करने की सरकार की प्राथमिकताओं को दर्शाते हैं.

NATIONAL : टूटी दीवारें, बिखरा सामान और… हाथियों ने 6 को कुचला, एक ही घर से उठीं 4 अर्थियां

0

हजारीबाग के चुरचू प्रखंड के गोंदवार गांव में जंगली हाथियों के झुंड ने गुरुवार देर रात हमला कर छह लोगों को कुचलकर मार डाला. मृतकों में एक ही परिवार के चार सदस्य और डेढ़ साल की बच्ची शामिल हैं. वहीं, घटना के बाद गांव के मुखिया और प्रमुख ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है.हजारीबाग जिले के चुरचू प्रखंड अंतर्गत गोंदवार गांव में गुरुवार देर रात जंगली हाथियों के झुंड ने हमला कर दिया. इस हमले में छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. मृतकों में एक ही परिवार के चार सदस्य शामिल हैं. पांच लोगों की मौत मौके पर ही हो गई, जबकि एक घायल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.

गांव में हर तरफ तबाही के निशान साफ दिख रहे हैं. टूटी हुई मिट्टी की दीवारें, बिखरा सामान, पलंग पर पड़ी सिलवटें और लोगों के चेहरों पर डर उस रात की भयावह कहानी बयां कर रहे हैं. बताया गया कि पांच जंगली हाथियों का झुंड गांव में घुस आया और कई घरों को नुकसान पहुंचाया.इस हमले में एक ही घर के चार लोगों की मौत हो गई. मृतकों में डेढ़ साल की एक मासूम बच्ची भी शामिल है. परिवार में अब सिर्फ एक बुजुर्ग विधवा महिला बची है, जो कुछ बोल भी नहीं पा रही है और शून्य में देखती रह जाती है. घर में अब उनकी देखभाल करने वाला भी कोई नहीं बचा.

गांव की महिलाओं ने बताया कि कैसे हाथियों ने अचानक हमला किया और अफरा-तफरी मच गई. किसी ने पति खोया, किसी ने पिता तो किसी ने ससुर. तीन बहुओं ने बताया कि उन्होंने किसी तरह अपने बच्चों की जान बचाई. घटना के बाद गांव की महिलाएं पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर सांत्वना दे रही हैं.

घटना के बाद गांव के मुखिया और प्रमुख ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि हर साल तीन से चार बार हाथियों का हमला होता है, लेकिन ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए ठोस इंतजाम नहीं किए जाते. न तो टॉर्च दी जाती है, न हाथियों को भगाने के पटाखे और न ही सुरक्षा कर्मी तैनात रहते हैं.

ग्रामीणों का कहना है कि नेता चुनाव के समय आते हैं, लेकिन ऐसी घटनाओं के बाद सिर्फ आश्वासन देकर चले जाते हैं. लोग दहशत में हैं और रातभर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं. उन्हें डर सता रहा है कि कहीं हाथियों का झुंड फिर से गांव में न घुस आए.

घटना की पुष्टि हजारीबाग पूर्वी वन प्रमंडल के डीएफओ विकास कुमार उज्ज्वल ने की है. उन्होंने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है. वन विभाग की ओर से इलाके में माइकिंग कर लोगों को जंगल की ओर न जाने और समूह में रहने की सलाह दी जा रही है. सदर एसडीओ आदित्य पांडे भी मौके पर पहुंचे और कहा कि नियमानुसार प्रभावित परिवारों की मांग पूरी की जाएगी.

विधायक तिवारी महतो उर्फ निर्मल महतो ने भी घटनास्थल का दौरा किया. उन्होंने कहा कि इससे पहले भी क्षेत्र में हाथियों का आतंक रहा है और विभाग पर्याप्त रूप से संवेदनशील नहीं रहा. उन्होंने मृतक परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजा देने की बात कही. लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है.

NATIONAL : मां ने ही दी थी मर्डर की सुपारी! 14 करोड़ की डील में रोड़ा बना था बेटा…देहरादून के अर्जुन शर्मा हत्याकांड में बड़ा खुलासा

0

देहरादून में एक ऐसा हत्याकांड सामने आया है जिसने रिश्तों की बुनियाद को ही झकझोर दिया. करोड़ों की प्रॉपर्टी डील के विवाद ने मां-बेटे के रिश्ते को खून के रिश्ते से साजिश में बदल दिया. पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि जमीन और पैसों के लालच में सुनियोजित तरीके से हत्या की साजिश रची गई. मामले में मृतक की मां समेत पांच आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं.

उत्तराखंड के देहरादून में दिनदहाड़े हुई एक हत्या ने शहर को स्तब्ध कर दिया था. 11 फरवरी की सुबह तिब्बती मार्केट के पास व्यापारी अर्जुन शर्मा को स्कूटी सवार बदमाशों ने गोली मार दी थी. मामले में दो सुपारी किलर्स के पकड़े जाने के बाद जो खुलासा हुआ वह हैरान करने वाला था. मालूम हुआ कि जिस मां ने अर्जुन को जन्म दिया उसी ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची थी.

प्रॉपर्टी विवाद की आग ने रिश्तों को इस कदर झुलसा दिया कि परिवार के भीतर ही मौत का सौदा तय कर लिया गया. दून पुलिस की जांच में सामने आया है कि करोड़ों की जमीन के विवाद ने इस खौफनाक वारदात को जन्म दिया था.घटना 11 फरवरी की सुबह तिब्बती मार्केट के पास की है, जहां जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के मालिक अर्जुन शर्मा को स्कूटी सवार बदमाशों ने गोली मार दी. गंभीर हालत में उन्हें दून अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने मृतक की मां बीना शर्मा समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया.

सीसीटीवी फुटेज और नाकेबंदी के आधार पर पुलिस ने दो शूटरों- राजू और पंकज राणा की पहचान की. रायपुर और डोईवाला क्षेत्र में चेकिंग के दौरान दोनों ने पुलिस पर फायरिंग की. जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया. मौके से 315 बोर के दो तमंचे, कारतूस और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद हुई. पूछताछ में आरोपियों ने 12 लाख रुपये में हत्या की सुपारी लेने की बात कबूल की है.

जांच में खुलासा हुआ कि करीब 14 करोड़ रुपये की प्रॉपर्टी डील और उस पर लगे कोर्ट स्टे को लेकर विवाद चल रहा था. आरोप है कि अर्जुन की मां ने 14 करोड़ की डील पर जमीन बेची और खरीदार से आठ करोड़ रुपये ले लिए लेकिन बेटे ने कोर्ट से इस बिक्री पर स्टे लगवा दिया. ऐसे में भुगतान होने के बावजूद कब्जा न मिलने से खरीदार की ओर नाराजगी बढ़ी जिसके बाद अर्जुन की मां ने उसके साथ मिलकर साजिश रच डाली. पुलिस के अनुसार मां बीना शर्मा, डॉ. अजय खन्ना और विनोद उनियाल ने मिलकर ये योजना बनाई थी और तीन लाख रुपये एडवांस देकर शूटरों को हत्या के लिए तैयार किया.

एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि व्हाट्सएप कॉल डिटेल और मृतक की दिनचर्या की रेकी जैसे अहम सबूत पुलिस के हाथ लगे हैं. फिलहाल पांचों आरोपी गिरफ्तार हैं, जबकि घायल शूटर अस्पताल में भर्ती हैं. पुलिस इस पूरे मामले को प्रॉपर्टी लालच में रची गई सुनियोजित साजिश मान रही है और विस्तृत विवेचना जारी है.

ENTERTAINMENT : ‘धुरंधर’ देखने को बेताब पाकिस्तानी, बाजार में सरेआम ब‍िक रही मूवी, सामने आया वीड‍ियो

बॉलीवुड की ब्लॉकबस्टर फिल्म धुरंधर का क्रेज पाकिस्तान में कितना है, ये किसी से छिपा नहीं है. अब एक यूट्यूबर ने रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ कराची के ब्लैक मार्केट में किस तरह बिक रही है, ये अपने वीडियो के माध्यम से बताया है.

आदित्य धर के डायरेक्शन में बनी एक्शन फिल्म ‘धुरंधर’ ने बॉक्स ऑफिस पर सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं. सिनेमाघरों बाद ये फिल्म नेटफ्लिक्स पर भी दुनिया भर में ट्रेंड कर रही है. हालांकि, फिल्म को लेकर एक हैरान करने वाली खबर पड़ोसी देश पाकिस्तान से आ रही है. जहां आधिकारिक तौर पर बैन होने के बावजूद वहां के ब्लैक मार्केट में छाई हुई है.

अब इसे धुरंधर का क्रेज कहे या भारतीय सिनेमा के लिए दीवानगी लेकिन आलम यह है कि कराची जैसे शहरों में लोग पायरेसी के जरिए इस फिल्म को बेहद मामूली कीमतों पर खरीदकर देख रहे हैं. इसी से जुड़ा एक वीडियो न्यूज़ीलैंड के एक यूट्यूबर और ब्लॉगर कार्ल रॉक ने शेयर किया है, जो अपने ट्रैवल व्लॉग और अपनी किताब ‘हाउ टू ट्रैवल इन इंडिया’ के लिए जाने जाते हैं.

ट्रैवल ब्लॉगर और यूट्यूबर कार्ल रॉक ने अपने एक व्लॉग में पाकिस्तान के अंडरग्राउंड पायरेसी नेटवर्क का पर्दाफाश किया. कार्ल कराची के सदर बाजार स्थित ‘रेनबो सेंटर’ पहुंचे. यह बाजार पाकिस्तान में पायरेटेड फिल्मों और गेमिंग का सबसे बड़ा अड्डा माना जाता है. वहां कार्ल ने देखा कि ‘धुरंधर’ का पोस्टर एक कंम्प्यूटर के डेक्सटॉप पर लगा हुआ था. जब उन्होंने दुकानदार से इसके बारे में पूछा, तो दुकानदार ने बताया कि यह भारत की सबसे नई और हिट फिल्म है.
व्लॉग के दौरान एक दिलचस्प मोड़ तब आया जब कार्ल ने फिल्म की कीमत पूछी. दुकानदार ने बताया कि अगर आप इसे पेनड्राइव (USB) में लेते हैं, तो यह पाकिस्तानी 50 रुपये (यानी भारत में लगभग 16 रुपये) में मिल जाएगी, जबकि डीवीडी (DVD) पर इसकी कीमत करीब 300 रुपये है. इतनी कम कीमत सुनकर कार्ल भी दंग रह गए.

इसी दौरान कार्ल ने वहां मौजूद लोगों को रणवीर सिंह के बारे में एक खास बात भी बताई. उन्होंने कहा कि रणवीर असल में एक सिंधी हैं और उनके दादा-दादी विभाजन के समय इसी शहर (कराची) से भारत गए थे. उन्होंने रणवीर को भारत का एक बहुत मशहूर ‘सिंधी हीरो’ बताया.

IANS की रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘धुरंधर’ पाकिस्तान में अब तक की सबसे ज्यादा पायरेटेड फिल्म बन गई है. दिसंबर में रिलीज होने के बाद सिर्फ दो हफ्तों के भीतर इसे पाकिस्तान में कम से कम 20 लाख (2 मिलियन) बार गैर-कानूनी तरीके से डाउनलोड किया गया. इस मामले में ‘धुरंधर’ ने रजनीकांत की ‘2.0’ और शाहरुख खान की ‘रईस’ जैसी बड़ी फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया है. पाकिस्तान के अलावा मिडिल ईस्ट के भी कुछ हिस्सों में इस फिल्म पर प्रतिबंध लगाया गया था, जिसकी वजह से मेकर्स को भारी नुकसान झेलना पड़ा है.

BIHAR : मुंह में डाला सिक्का, डांसर की बिगड़ी हालत… बिहार में दर्शकों की जिद से नाच प्रोग्राम में अफरातफरी

0

बिहार के आरा में एक नाच कार्यक्रम के दौरान एक छोटी सी लापरवाही महिला कलाकार की जान पर बन आई. दर्शकों का दिया गया सिक्का डांसर के गले में फंस गया, जिसके बाद कार्यक्रम स्थल पर हड़कंप मच गया.

बिहार के आरा से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक नाच कार्यक्रम के दौरान खुशियों का माहौल अचानक अफरा-तफरी में बदल गया. स्टेज पर डांस कर रही एक महिला कलाकार ने दर्शकों द्वारा दिया गया सिक्का मुंह में रख लिया और वही सिक्का उसके लिए जानलेवा साबित हो गया. हालत बिगड़ने पर उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया.

घटना नवादा थाना क्षेत्र के चंदवा टोला की बताई जा रही है. जानकारी के मुताबिक, इलाके में आयोजित एक नाच कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल की रहने वाली एक महिला डांसर प्रस्तुति दे रही थी. कार्यक्रम के दौरान कुछ दर्शक उत्साह में आकर उसके मुंह में सिक्का पकड़ाने लगे.बताया जा रहा है कि इसी दौरान डांसर ने अनजाने में सिक्का निगल लिया, जिससे उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई. कुछ ही देर में वह स्टेज पर असहज महसूस करने लगी और कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई.

सिक्का गले में फंसा है या पेट में चला गया है, डॉक्टर इसकी जांच कर रहे हैं. घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर हड़कंप मच गया.स्थानीय लोगों में चर्चा है कि स्टेज शो के दौरान दर्शकों द्वारा इस तरह की हरकतें कलाकारों के लिए खतरा बन सकती हैं. यह घटना एक बड़ा सवाल भी खड़ा करती है कि क्या मनोरंजन के नाम पर कलाकारों की सुरक्षा के साथ लापरवाही हो रही है ?

फिलहाल महिला डांसर की हालत पर सभी की नजरें टिकी हैं. पुलिस और प्रशासन की ओर से मामले की जानकारी ली जा रही है.

–

ENTERTAINMENT : राम चरण और उपासना ने अपने जुड़वां बच्चों के नाम का किया खुलासा, बेहद ही प्यारा है मतलब भी

साउथ के सुपरस्टार एक्टर और उनकी वाइफ उपासना कोनिडेला 31 जनवरी को जुड़वां बच्चों के पेरेंट्स बने. पोस्ट शेयर कर कपल ने इस बारे में जानकारी दी है. अब इन्होंने अपने बच्चों का नामकरण किया है.

राम चरण और उपासना कोनिडेला ने हाल ही में अपने जुड़वां बच्चों का नामकरण किया. इस समारोह का आयोजन हैदराबाद स्थित कपल के घर पर हुआ था. कपल ने बताया कि उन्होंने बेटे का नाम शिवराम और बेटी का नाम अनवीरा देवी रखा है. वैरायटी इंडिया से बात करते हुए राम और उपासना ने अपने बच्चों के नाम के पीछे का अर्थ भी बताया.

राम चरण ने इसके बारे में बात करते हुए कहा,’इनका नामकरण हम दोनों के लिए एक बेहद निजी और आध्यात्मिक निर्णय था. उपासना और मैंने इस पर चर्चा की, लेकिन हमारे माता-पिता इस यात्रा का अहम हिस्सा थे. हमारी संस्कृति में बड़ों को ज्ञान और आशीर्वाद देने वाला माना जाता है. इसलिए इस प्रक्रिया में उनकी उपस्थिति हमारे लिए बहुत मायने रखती थी. हमारे बेटे का नाम शिवराम दो शाश्वत आदर्शों को बताता है-भगवान शिव और भगवान राम-संयम के साथ शक्ति, धर्म के साथ भक्ति. ये मेरे पिता के जन्म के नाम शिव शंकर वर प्रसाद को भी आगे बढ़ाता है, इसलिए इसमें वंश और कृतज्ञता का भाव समाहित है.’

हमारी बेटी का नाम अनवीरा देवी असीस साहस और दिव्य नारी शक्ति का प्रतीक है. वीरा वीरता का प्रतीक है और अन इसे असीमता तक विस्तारित करता है. देवी जानबूझकर जोड़ा गया है-ये याद दिलाने के लिए कि शक्ति और कृपा एक साथ मौजूद हो सकते हैं. हमारे लिए, ये नाम केवल पहचान नहीं है.ये शक्ति, प्रेम और साहस की इच्छा है.

उपासना ने इंटरव्यू के दौरान दूसरी बार मां बनने के बारे में भी खुलकर बात की. उपासना ने कहा,’पहली बार, सब कुछ नया होता है, खूबसूरत, लेकिन थोड़ा मुश्किल भी. इस बार, मैं बहुत ज्य़ादा शांत और स्थिर महसूस कर रही हूं. मैंने बहुत सी चीजों को छोड़ना सीख लिखा है, और अब मैं छोटी-छोटी बातों पर घबराती नहीं हूं. स्थिरता, नियमित दिनचर्या और बिना शर्त प्यार, यही सब कुछ है जो नन्हें मुन्नों को इस समय चाहिए.’

NATIONAL : ‘करंट लगाया और जबरन कबूल कराया’, यूपी की जेल में जज को कैदी ने बता दिया एनकाउंटर का असली सच

0

सहारनपुर में कथित फर्जी ‘हाफ एनकाउंटर’ मामले में जेल में जज की पूछताछ में कैदी ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए. कैदी ने कहा कि उसे जबरन उठाकर करंट दिया गया और पैर में गोली मारकर मारी.सहारनपुर में कथित फर्जी ‘हाफ एनकाउंटर’ को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. इलाहाबाद हाई कोर्ट द्वारा हाल ही में पुलिस के एनकाउंटर तरीकों पर सख्त टिप्पणी किए जाने के एक सप्ताह के भीतर देवबंद कोर्ट के एसीजीएम परविंदर सिंह खुद देवबंद जेल पहुंच गए.

उन्होंने एनकाउंटर में घायल कैदियों को लाइन में खड़ा कर पूछताछ की. इस निरीक्षण का वीडियो भी वायरल हो गया है, जिससे पुलिस महकमे में हलचल मची हुई है. हालांकि पुलिस विभाग इस पूरे मामले पर चुप्पी साधे हुए है.

जेल में पूछताछ के दौरान एक ऐसा कैदी सामने आया, जिसने कथित फर्जी एनकाउंटर के खिलाफ कोर्ट में याचिका दाखिल कर रखी है. जज ने उससे विस्तार से सवाल किए. कैदी का आरोप है कि उसकी सहारनपुर में तारीख थी और वह बागपत से आ रहा था. उसे शामली पार्क से उठा लिया गया. उसने दावा किया कि उसकी मोबाइल लोकेशन इसकी पुष्टि कर सकती है. आरोप है कि उसे चौकी ले जाकर करंट लगाया गया, मारपीट की गई और जबरन अपराध कबूल कराने का दबाव बनाया गया.

कैदी ने आगे कहा कि शाम के बाद उसे जंगल में ले जाया गया. फिर थाने से बाइक लाकर उसके पैर पर कपड़ा रखकर करीब 8 इंच की दूरी से गोली मारी गई. उसने आरोप लगाया कि बाद में पुलिस ने खुद कट्टे से फायरिंग कर मुठभेड़ का रूप दे दिया. जज ने जब पूछा कि गोली कैसे मारी गई, तो कैदी ने बैठकर पूरा घटनाक्रम दोहराया. अन्य ‘हाफ एनकाउंटर’ में घायल कैदियों से भी पूछताछ की गई.

एक सप्ताह पूर्व इलाहाबाद हाई कोर्ट की हालिया टिप्पणी फिर चर्चा में आ गई. एनकाउंटर से जुड़े एक मामले में सुनवाई करते हुए जस्टिस अरुण कुमार सिंह देशवाल ने कहा था कि उत्तर प्रदेश को ‘पुलिस राज्य’ बनने की अनुमति नहीं दी जा सकती. कोर्ट ने यह भी कहा था कि कुछ पुलिस अधिकारी समय से पहले प्रमोशन और प्रशंसा पाने के लिए आरोपियों के पैरों में गोली मारकर चोट पहुंचाते हैं. हाईकोर्ट ने DGP राजीव कृष्ण और अपर मुख्य सचिव (गृह) संजय प्रसाद की मौजूदगी में यह टिप्पणी की थी.

- Advertisement -