बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान अर्नब देर रात उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तटीय इलाकों से टकरा गया। लैंडफॉल के दौरान तटीय क्षेत्रों में भारी बारिश और 75 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। तूफान के असर से कई राज्यों में जनजीवन प्रभावित हुआ है।
बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान अर्नब देर रात उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तटीय इलाकों से टकरा गया। लैंडफॉल के दौरान तटीय क्षेत्रों में भारी बारिश और 75 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। तूफान के असर से कई राज्यों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। आंध्र प्रदेश में तेज हवाएं और शहरों में जलभराव स्थिति निर्मित हो गई है। वहीं श्रीकाकुलम और कलिंगपट्टनम में लैंडफॉल के समय 75 किमी/घंटे की गति से तूफानी हवाएं चलीं और मूसलाधार बारिश दर्ज की गई। विजयवाड़ा में सुबह से जारी लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भर गया है। सुरक्षा के लिहाज से शहर के स्कूलों में लगातार दूसरे दिन छुट्टी घोषित की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, यह सिस्टम पिछले 6 घंटों में 3 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर तेजी से बढ़ा है।

प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संवेदनशील इलाकों से करीब 5,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया है। राज्य के दक्षिणी जिलों में भारी जलभराव के कारण 4 से अधिक पुल और प्रमुख सड़कें बह गईं।
बंगाल: आरेंज अलर्ट और भूस्खलन की चेतावनी
साउथ 24 परगना जिले में कम दबाव के कारण तेज हवाओं के साथ बारिश जारी है। मौसम विभाग ने यहां आॅरेंज अलर्ट जारी किया है और मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी है। वहीं दार्जिलिंग और कलिम्पोंग जिलों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन की चेतावनी दी गई है।
यूपी में फिर बारिश का दौर
उत्तर प्रदेश में तीन दिन के ब्रेक के बाद मानसूनी बारिश फिर शुरू हो गई है। लखनऊ, गोंडा, महराजगंज, उन्नाव और प्रयागराज में बारिश दर्ज की गई। गोंडा में तड़के 4 बजे से जारी मूसलाधार बारिश के कारण कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है।
उत्तराखंड में बारिश की संभावना
उत्तराखंड मौसम विभाग ने राज्य के 10 जिलों (उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत, अल्मोड़ा, पौड़ी, ऊधम सिंह नगर और पिथौरागढ़) में बारिश की संभावना जताई है, जबकि शेष जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

