NATIONAL : तमिलनाडु के राज्यपाल से मिलकर विजय का 118 विधायकों के समर्थन का दावा, कल होगा शपथ ग्रहण?

0
79

सूत्रों के मुताबिक, तमिलनाडु के गवर्नर से मुलाकात में सरकार बनाने का दावा पेश करते हुए विजय ने कल ही शपथ ग्रहण कराने का अनुरोध किया है. बताया जा रहा है कि शपथ समारोह शनिवार सुबह 11 बजे हो सकता है.

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी टीवीके के नेता विजय ने शुक्रवार शाम राज्यपाल से मुलाकात की. इस दौरान राज्यपाल के सामने विजय ने सरकार बनाने का दावा पेश किया. सूत्रों के मुताबिक, विजय ने अपने समर्थन में 118 विधायकों का सपोर्ट होने का दावा किया है. ये भी बताया जा रहा है कि विजय ने कल ही शपथ ग्रहण कराने का अनुरोध किया है. शपथ समारोह शनिवार सुबह 11 बजे हो सकता है.

234 सदस्यीय विधानसभा में विजय की पार्टी टीवीके के पास 108 विधायक हैं. बहुमत के 118 के आंकड़े तक पहुंचने के लिए उन्हें कांग्रेस और अन्य दलों के समर्थन की जरूरत थी. कांग्रेस पहले ही अपने 5 विधायकों के सपोर्ट का ऐलान कर चुकी है. बताया जा रहा है कि अब लेफ्ट और वीसीके भी समर्थन देने पर राजी हो गई हैं. इसी के साथ पहले ही राजनीतिक डेब्यू में टीवीके की सरकार बनना लगभग तय हो गया है.

टीवीके नेता विजय की राज्यपाल आरवी आर्लेकर से एक हफ्ते के अंदर ये तीसरी मुलाकात है. इससे पहले बुधवार और गुरुवार की दो मुलाकातों में राज्यपाल ने विजय से सरकार बनाने के लिए कम से कम 118 विधायकों का समर्थन पेश करने को कहा था. माना जा रहा है कि विजय ने कुछ समय देने का अनुरोध किया था. इस पर राज्यपाल 10 मई तक वक्त देने को तैयार हो गए थे.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here