Saturday, September 26, 2026
Home Blog Page 258

NATIONAL : पापा ससुराल वालों से बचा लो…कुछ घंटे पहले फोन पर बोली बेटी, घरवाले पहुंचे तो मिली लाश

0

वैशाली में दहेज को लेकर एक और दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक नवविवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई. परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है. घटना से पहले युवती ने पिता को फोन कर प्रताड़ना की बात भी कही थी. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है.

बिहार में वैशाली जिले के वीरपुर गांव में दहेज लोभियों ने एक नवविवाहिता की कथित रूप से गला दबाकर हत्या कर दी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. बताया जा रहा है कि मृतका अनु ने घटना से कुछ घंटे पहले ही अपने पिता को फोन कर ससुराल वालों द्वारा प्रताड़ित किए जाने की जानकारी दी थी और बचाने की गुहार लगाई थी.

पिता ने उसे समझाते हुए सुबह आने की बात कही, लेकिन जब परिजन सुबह वीरपुर गांव पहुंचे तो अनु की लाश घर के सोफा सेट पर पड़ी मिली, जबकि ससुराल के सभी लोग फरार थे.घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर भेज दिया है.

मृतका के पिता राकेश कुमार का आरोप है कि उनकी बेटी को लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था. बीती शाम घर में विवाद हुआ था, जिसके बाद ससुराल वालों ने अनु के साथ मारपीट की. वहीं सदर थाना अध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि हत्या की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है.

परिजनों द्वारा दहेज हत्या का आरोप लगाया गया है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है.पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

ENTERTAINMENT : ‘ऐसे रोना जैसे तुम्हारे पिता गुजर गए’, जब धुरंधर में उठा रहमान डकैत का जनाजा, डायरेक्टर ने ऐसे किया शूट

‘धुरंधर 2’ पिछले पार्ट से आगे की कहानी दिखाती है. ऐसे में जब फिल्म में रहमान डकैत को अंतिम विदाई दी जा रही थी, तो डायरेक्टर आदित्य धर ने अपने एक्टर्स को एक स्पेशल ब्रीफ दिया था. क्या थी वो बात?

जिस घड़ी का सिनेमा लवर्स को बेसब्री से इंतजार था, वो फाइनली आ चुकी है. ‘धुरंधर: द रिवेंज’ 19 मार्च को थिएटर्स में रिलीज हो गई है. इस फिल्म के लिए जनता कितनी क्रेजी थी, ये सोशल मीडिया से देखा जा सकता है. जो भौकाल इसके पहले पार्ट ने मचाया था, उनका फायदा दूसरे पार्ट को मिला है. ‘धुरंधर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार ओपनिंग की है.

दिसंबर 2025 में आई ‘धुरंधर’ को हिट बनाने के पीछे अक्षय खन्ना का बहुत बड़ा हाथ था. रहमान डकैत बनकर जो ‘ऑरा फार्मिंग’ उनके किरदार ने की, वो काफी कम देखा जाता है. विलेन होने के बावजूद, वो फिल्म में किसी हीरो की तरह चमके. धुंरधर में उनकी मौत का सीन भी काफी खौफनाक था. अब ‘धुरंधर 2’ में रहमान डकैत की मौत का शोक मनाया गया, जिसके लिए एक्टर्स ने खुद को एक खास तरीके से तैयार किया.

हाल ही में फिल्म के एक्टर रजत अरोड़ा, जो रहमान डकैत की गैंग में मुक्का बने, उन्होंने स्क्रीन से बातचीत की. वहां उन्होंने रहमान डकैत की अंतिम विदाई के सीन की बैक स्टोरी शेयर की, जिसमें उन्हें आदित्य धर से एक खास ब्रीफ मिला. रजत बताते हैं, ‘मैंने आदित्य धर सर से पूछा था कि क्या मैं अपने कॉन्टैक्ट लेंस निकाल लूं क्योंकि उसे लगाने के बाद रोना काफी मुश्किल होता है. मुझे वो इमोशनल सीन परफॉर्म करना था.’

‘आदित्य सर ने जो ब्रीफ हमें दिया था- वो आपके पिता समान हैं, आप रहमान डकैत की गैंग में हैं, वो एक तरह से आपके पिता ही थे. तो आपको कैसा लगेगा जब आपके पिता का निधन हो जाए? आपको वही फीलिंग और इमोशन्स लेकर आने हैं. ऐसे रोना है जैसे आपके पिता गुजर गए हों. उन्होंने एक और बात कही थी कि जो भी फ्रेम में है, सभी को वो इमोशन बाहर लाना है जैसे कोई अपना गुजर गया हो. इसलिए हर कोई उस सीन में नोटिस हुआ हो और शायद लोगों को वो पसंद भी आए.’

‘धुरंधर’ में शकील बने एक्टर विक्रम भंबरी ने भी रहमान डकैत की मौत के सीन पर बात की. उन्होंने कहा, ‘हमें उस दिन की स्क्रिप्ट सुबह मिल जाती थी और उसे पढ़ते वक्त ये आइडिया लग चुका था कि हम रहमान डकैत की अंतिम विदाई वाला सीन शूट कर रहे हैं. मेरे लिए, स्क्रिप्ट पढ़ने के बाद उस जोन में जाना बहुत जरूरी होता है. मुझे मालूम था कि हम रोना-चीखना नहीं मचा सकते, हमें बस एक इमोशन दिखाना है. हमें कुछ भी ओवर नहीं करना था, बस उस जोन में रहना था. हमने उस सीन के लिए कोई ग्लीसरीन नहीं इस्तेमाल की थी.’

NATIONAL : ग्राहक बनकर आता था, भरोसा जीतता था… और फिर असली सोना बन जाता था नकली, हैरान कर देगी कहानी

0

हैदराबाद के कुकटपल्ली इलाके की कुछ नामी ज्वेलरी दुकानों में पिछले दो महीनों से एक अजीब खेल चल रहा था. सब कुछ सामान्य दिखता था- ग्राहक आते, गहने देखते, पसंद करते और चले जाते. लेकिन इस दौरान एक शातिर अपने साथ नकली अंगूठी ले जाता था. वह असली अंगूठी पास रख लेता था और नकली दुकानदार के पास छोड़ आता था.

हैदराबाद के कुकटपल्ली इलाके की कुछ नामी ज्वेलरी दुकानों में पिछले कुछ हफ्तों से जो कुछ हुआ, वो हैरान करने वाला था. दिखता तो सब सामान्य था. रोज की तरह ग्राहक आ रहे थे, गहने देख रहे थे, पसंद कर रहे थे और लौट जा रहे थे. लेकिन इस सामान्य दिनचर्या के पीछे एक ऐसा खेल चल रहा था, जिसका किसी को अंदाजा तक नहीं था

यह कहानी है एक ऐसे शातिर दिमाग की, जो बिना शोर किए, बिना ताला तोड़े, बिना किसी हथियार के- सिर्फ अपनी चालाकी से लाखों का सोना गायब कर रहा था.वह युवक हमेशा की तरह सलीके से कपड़े पहनकर ज्वेलरी शोरूम में एंट्री करता था. उसके हाव-भाव इतने सामान्य होते थे कि कोई भी उसे एक आम ग्राहक ही समझता. वह बड़े आराम से कर्मचारियों से बात करता, नई-नई डिजाइन की अंगूठियां दिखाने को कहता और हर अंगूठी को बड़े ध्यान से देखने का नाटक करता.

कभी वह अंगूठी को उंगली में पहनकर साइज चेक करता, तो कभी रोशनी में घुमाकर उसकी चमक पर कमेंट करता. दुकान के कर्मचारी भी उसे एक गंभीर ग्राहक समझकर पूरा ध्यान देते. लेकिन असली खेल तो उसी समय शुरू होता था.जैसे ही कर्मचारी का ध्यान थोड़ा सा भटकता, वह युवक बड़ी सफाई से असली सोने की अंगूठी को अपने पास रखी नकली अंगूठी से बदल देता. यह सब इतना तेजी और सटीक तरीके से होता कि पास खड़ा व्यक्ति भी कुछ समझ नहीं पाता.

कुछ ही सेकंड में असली सोना गायब हो जाता और उसकी जगह नकली अंगूठी रख दी जाती. इसके बाद वह बिना किसी खरीदारी के, या कभी-कभी बहाना बनाकर, आराम से दुकान से निकल जाता.यह सिलसिला एक दिन का नहीं था. जनवरी और फरवरी के दौरान उसने कुकटपल्ली के कई नामी ज्वेलरी शोरूम्स को इसी तरह निशाना बनाया. सीएमआर शॉपिंग मॉल और मलाबार गोल्ड जैसे प्रतिष्ठित आउटलेट्स भी उसकी चालाकी का शिकार बने.

शुरुआत में किसी को इस धोखाधड़ी का एहसास नहीं हुआ. लेकिन जब दुकानों में स्टॉक की जांच शुरू हुई, तो गड़बड़ी सामने आने लगी. कुछ अंगूठियां असली नहीं थीं.दुकानदारों ने तुरंत सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया. फुटेज में एक चेहरा बार-बार सामने आया- वही युवक, जो हर बार अलग-अलग दुकानों में पहुंचता था और हर बार कुछ न कुछ गड़बड़ छोड़ जाता था.

पुलिस को सूचना दी गई और जांच शुरू हुई. सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उस शातिर तक पहुंच बनाई, जिसकी पहचान मेरुगु सागर के रूप में हुई.

गिरफ्तारी के बाद जब उससे पूछताछ की गई, तो उसने अपने पूरे तरीके का खुलासा कर दिया. उसने बताया कि वह जानबूझकर भीड़भाड़ वाले और नामी ज्वेलरी शोरूम्स को चुनता था, ताकि वहां पर उसकी गतिविधियों पर ज्यादा शक न हो. उसकी योजना सोची-समझी होती थी. पहले भरोसा जीतना, फिर मौका देखकर अंगूठी बदलना और बिना किसी हड़बड़ी के वहां से निकल जाना.

अब पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या उसने अन्य इलाकों या शहरों में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया है. उसके आपराधिक रिकॉर्ड को भी खंगाला जा रहा है. इस घटना के बाद पुलिस ने ज्वेलरी दुकानदारों को खास सतर्क रहने और ग्राहकों की गतिविधियों पर नजर रखने की सलाह दी है.

NATIONAL : आत्महत्या पर दिल्ली हाई कोर्ट की बड़ी टिप्पणी, दहेज हत्या नहीं साबित, आरोपी को मिली सजा में राहत

0

दिल्ली हाईकोर्ट ने एक अहम फैसले में कहा है कि आज के समय में आत्महत्या सभ्य समाज की बढ़ती समस्या बनती जा रही है. कोर्ट के अनुसार बढ़ता तनाव, सामाजिक दबाव और परिवारिक सहयोग तंत्र के कमजोर होने की वजह से लोग इस चरम कदम की ओर बढ़ रहे हैं. यह टिप्पणी जस्टिस विमल कुमार यादव ने उस मामले की सुनवाई के दौरान की जिसमें एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप था.

यह मामला जुलाई 1999 का है. आरोपी की पत्नी की शादी के सात साल के भीतर ही संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. उसने चाय में कोई जहरीला पदार्थ पी लिया था, जिससे उसकी जान चली गई. मृतका के परिवार ने आरोप लगाया था कि शादी के बाद से ही उस पर दहेज के लिए दबाव बनाया जा रहा था. आरोप था कि पति और ससुराल वालों ने पचास हजार की मांग की थी. जिसमें से लड़की के परिवार ने 30 हजार दे भी दिए थे. लेकिन बाकी रकम के लिए उसे लगातार परेशान किया जाता रहा.

निचली अदालत का फैसला

ट्रायल कोर्ट ने मृतका के माता-पिता और भाई की गवाही के आधार पर आरोपी को दोषी ठहराया था. उसे भारतीय दंड संहिता की धारा 498A (क्रूरता) और धारा 304B (दहेज हत्या) के तहत दोषी मानते हुए सात साल की सख्त कैद की सजा सुनाई गई थी.

दिल्ली हाईकोर्ट में क्या बदला ?

मामला हाईकोर्ट पहुंचने पर अदालत ने पूरे रिकॉर्ड और सबूतों की दोबारा जांच की. कोर्ट ने माना कि दहेज को लेकर महिला के साथ उत्पीड़न और क्रूरता के पर्याप्त सबूत हैं. हालांकि अदालत ने यह भी कहा कि यह साबित करने के लिए पुख्ता सबूत नहीं हैं कि आरोपी ने ही उसकी हत्या की या सीधे तौर पर उसकी मौत का कारण बना. इसलिए दहेज हत्या (धारा 304B) का आरोप टिक नहीं पाया. कोर्ट ने मृतका के भाई द्वारा बताए गए कथित डाइंग डिक्लेरेशन यानी अंतिम बयान पर भी संदेह जताया. मेडिकल रिकॉर्ड में बताया गया था कि उस समय महिला बयान देने की स्थिति में नहीं थी, जिससे गवाही में विरोधाभास दिखाई दिया.

आत्महत्या पर दिल्ली हाई कोर्ट की अहम टिप्पणी

फैसले में अदालत ने कहा कि हर जीव में जीने की स्वाभाविक प्रवृत्ति होती है, लेकिन जब परिस्थितियां बेहद कठिन हो जाती हैं तो यह प्रवृत्ति कमजोर पड़ सकती है. दिल्ली हाई कोर्ट ने कहा कि पहले जनजातीय समाजों में आत्महत्या लगभग सुनने में नहीं आती थी क्योंकि वहां सामाजिक और पारिवारिक रिश्ते बहुत मजबूत होते थे. लेकिन आधुनिक जीवन के तनाव, दबाव और पारिवारिक रिश्तों के कमजोर होने से यह समस्या अब वहां भी दिखाई देने लगी है.

क्यों ठहराया गया दोषी ?

हालांकि अदालत ने यह माना कि संभव है कि महिला ने खुद ही जहर मिलाकर चाय पी ली हो. लेकिन कोर्ट ने यह भी कहा कि लगातार दहेज के लिए होने वाला उत्पीड़न और मानसिक दबाव उसे इस कदम तक ले गया होगा. इसी आधार पर अदालत ने आरोपी को दहेज मृत्यु के बजाय आत्महत्या के लिए उकसाने (धारा 306) और क्रूरता (धारा 498A) का दोषी माना.

दिल्ली हाई कोर्ट ने दी सजा में राहत

दिल्ली हाईकोर्ट ने यह भी ध्यान में रखा कि घटना को करीब 27 साल हो चुके हैं और आरोपी पहले ही करीब 3 साल 8 महीने जेल में बिता चुका है. इसलिए कोर्ट ने उसकी सजा को पहले से काटी गई अवधि तक ही सीमित कर दिया.

SPORTS : दिनेश कार्तिक के घर गूंजी किलकारी, पत्नी दीपिका पल्लीकल ने बेटी को दिया जन्म

0

पूर्व भारतीय क्रिकेटर दिनेश कार्तिक तीसरे बच्चे के पिता बने हैं. उनकी पत्नी दीपिका पल्लीकल ने बेटी को जन्म दिया है.पूर्व भारतीय क्रिकेटर दिनेश कार्तिक तीसरे बच्चे के पिता बने हैं. उनकी पत्नी दीपिका पल्लीकल ने बेटी को जन्म दिया है.

कार्तिक और दीपिका ने सोशल मीडिया पर एक संयुक्त पोस्ट के जरिए ये खुशखबरी फैंस को दी. उन्होंने पोस्ट में लिखा, “दिल में दुआएं और शब्दों से परे शुक्रिया के साथ, हम खुशी-खुशी अपनी प्यारी बच्ची का इस दुनिया में स्वागत करते हैं. कबीर और जियान अपनी छोटी बहन को इंट्रोड्यूस करने के लिए बहुत एक्साइटेड हैं.”

BUSINESS : ईरान वॉर के बीच स्टॉक मार्केट क्रैश, लेकिन सोना-चांदी खरीदने वालों की हो गई मौज, जानें आज कितनी बड़ी गिरावट

ईरान से जुड़े युद्ध जैसे हालात के बीच हफ्ते के चौथे कारोबारी दिन, गुरुवार की शुरुआत में एक ओर जहां शेयर बाजार में भारी गिरावट देखने को मिली और सेंसेक्स करीब 1800 अंक तक लुढ़क गया, वहीं दूसरी ओर सोना-चांदी खरीदारों के लिए राहत भरी खबर आई. अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दरों पर फैसले और मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच सोने और चांदी की कीमतों में गुरुवार को फिर गिरावट दर्ज की गई.

सोना-चांदी में बड़ी गिरावट

यूएस स्पॉट गोल्ड 1.22 प्रतिशत गिरकर 4836 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जबकि स्पॉट सिल्वर 2.25 प्रतिशत टूटकर 75.75 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया. वहीं घरेलू वायदा बाजार एमसीएक्स पर सोना करीब 1.55 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी गिरकर लगभग 2.50 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई.

लेमन मार्केट डेस्क के रिसर्च एनालिस्ट गौरव गर्ग के अनुसार, सोना और चांदी में हालिया उतार-चढ़ाव की बड़ी वजह अमेरिकी फेडरल रिजर्व के फैसले से पहले निवेशकों की सतर्कता है.

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के कारण महंगाई को लेकर चिंताएं बढ़ी हैं, जिससे निवेशक सतर्क रुख अपना रहे हैं. गौरतलब है कि पश्चिम एशिया में तनाव को करीब तीन हफ्ते हो चुके हैं और फिलहाल शांति की कोई स्पष्ट उम्मीद नजर नहीं आ रही है. वहीं, उम्मीद के मुताबिक फेडरल रिजर्व ने लगातार दूसरी बार ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया है, हालांकि इससे पहले लगातार तीन बार 0.25 प्रतिशत की दर से कटौती की गई थी.

कैसे तय होती है सोने और चांदी की कीमत?

सोना और चांदी के दाम रोज़ाना आधार पर तय किए जाते हैं और इसके पीछे कई कारक जिम्मेदार होते हैं. इनमें मुख्यतः निम्नलिखित कारण शामिल हैं: चूंकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने और चांदी की कीमतें अमेरिकी डॉलर में तय होती हैं, इसलिए डॉलर-रुपया विनिमय दर में बदलाव का सीधा असर इन धातुओं की कीमत पर पड़ता है. अगर डॉलर की कीमत बढ़ती है या रुपया कमजोर होता है, तो भारत में सोने की कीमतें बढ़ जाती हैं. भारत में सोने का अधिकांश हिस्सा आयात किया जाता है. ऐसे में सीमा शुल्क (Import Duty), GST और अन्य स्थानीय टैक्स सोने की कीमतों को प्रभावित करते हैं.

वैश्विक बाजार में उथल-पुथल (जैसे युद्ध, आर्थिक मंदी या ब्याज दरों में बदलाव) का सीधा असर सोने की कीमत पर पड़ता है. जब वैश्विक बाजार में अनिश्चितता बढ़ती है, तो निवेशक शेयर या अन्य अस्थिर संपत्तियों की बजाय सोने जैसे सुरक्षित विकल्पों को चुनते हैं. भारत में सोना केवल निवेश ही नहीं, बल्कि परंपरा और सांस्कृतिक मान्यताओं से भी जुड़ा हुआ है.

शादी-ब्याह, त्योहार और शुभ अवसरों पर सोना खरीदना शुभ माना जाता है. इसलिए मांग अधिक होती है, जिससे कीमतें प्रभावित होती हैं. सोना लंबे समय से महंगाई के मुकाबले बेहतर रिटर्न देने वाला विकल्प रहा है. जब महंगाई बढ़ती है या शेयर बाजार में जोखिम होता है, तो लोग सोने में निवेश करना पसंद करते हैं. यही कारण है कि इसकी मांग और कीमत हमेशा बनी रहती है.

BOLLYWOOD : Dhurandhar 2: ‘पुष्पा’ भी हुआ ‘धुरंधर’ से इम्प्रेस, रिलीज से पहले अल्लू अर्जुन ने देख डाली फिल्म, बोले – ‘स्वैग से भरी देशभक्ति’

‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ का फीवर दर्शको के सिर चढ़कर बोल रहा है. इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि बुधवार को हुए पेड प्रीव्यू और एक्सक्लूसिव स्क्रीनिंग में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. लोग महंगी-महंगी टिकटें खरीदकर प्रीमियर शो देखने पहुंचे थे. वहीं पुष्पा स्टार यानी अल्लू अर्जुन ने भी ‘धुरंधर : द रिवेंज’ देखी और इसका रिव्यू शेयर करते हुए फिल्म में रणवीर सिहं के शानदार अभिनय की जमकर तारीफ़ की, और साथ ही निर्देशक आदित्य की भी सराहना की. उन्होंने इस स्पाई थ्रिलर को एक देशभक्ति से भरा शानदार अनुभव बताया.

अल्लू अर्जुन ने शेयर किया ‘धुरंधर 2: द रिवेंज‘ का रिव्यू
बुधवार को, अल्लू अर्जुन ने एक्स (जिसे पहले ट्विटर के नाम से जाना जाता था) पर आदित्य धर की स्पाई थ्रिलर फ़िल्म का दूसरा भाग देखने के बाद अपना रिव्यू शेयर किया. उन्होंने इस फ़िल्म को एक ऐसी भारतीय कहानी बताया जिसमें “इंटरनेशनल स्वैग” है. अल्लू ने अपनी पोस्ट में लिखा, “अभी-अभी धुरंधर 2 देखी. स्वैग से भरा देशभक्ति का जज़्बा… एक ऐसी फ़िल्म जो हर देशभक्त को गर्व महसूस कराएगी… कई ऐसे पल जो तालियां बजवाने पर मजबूर कर देंगे… ज़बरदस्त! पूरी टीम को बधाई. आर माधवन और सभी कलाकारों का शानदार अभिनय. तकनीकी रूप से भी बेहतरीन.”

‘पुष्पा’ स्टार ने अभिनेता रणवीर सिंह और निर्देशक आदित्य की भी जमकर तारीफ़ की और लिखा, “हमारे देश में अपने भाई रणवीर सिंह जैसा शानदार और हर तरह का रोल निभाने वाला अभिनेता पाकर बहुत गर्व महसूस हो रहा है. आरवीएस  ने तो आग लगा दी…आदित्य धर ने तो कमाल ही कर दिया. हमारे देश में उनके जैसे शानदार फ़िल्ममेकर पाकर बहुत खुशी हो रही है. ज़बरदस्त शो, एक भारतीय कहानी… इंटरनेशनल स्वैग.”

अल्लू अर्जुन के रिव्यू को माधवन ने बताया खास
अल्लू अर्जुन द्वारा शेयर किए गए शानदार रिव्यू को देखकर आर. माधवन भी खुशी से झूम उठे और उन्होंने एक्स  (पहले Twitter) पर जाकर अपना आभार व्यक्त किया और मिली तारीफ़ का गर्मजोशी से जवाब दिया. उन्होंने जवाब दिया, “मैं बहुत ही विनम्र, भावुक और बेहद इंस्पायर महसूस कर रहा हूं. आपके मुंह से ये बातें सुनना मेरे लिए बहुत मायने रखता है, मेरे प्यारे भाई. मैंने आपकी सभी फ़िल्में देखी हैं और आपकी काबिलियत का हमेशा कायल रहा हूं, इसलिए, यह जानकर बहुत अच्छा लग रहा है कि यह भावना हम दोनों के बीच आपसी है. गॉड ब्लेस यू…. और मेरे करियर और ज़िंदगी के इस अहम मोड़ पर, यह पहला ऑनलाइन रिव्यू मेरे लिए बहुत-बहुत खास है.”

‘धुरंधर 2’ के बारे में
‘धुरंधर: द रिवेंज’ है, गुरुवार, 19 मार्च को दुनिया भर में रिलीज़ हो रही है. इसके पेड प्रीव्यू 18 मार्च को हुए थे. रणवीर सिंह के अलावा, ‘धुरंधर 2’ में आर. माधवन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, सारा अर्जुन और राकेश बेदी भी अपने किरदारों को दोहराते हुए नजर आ रहे हैं. बता दें कि पहली ‘धुरंधर 2’ ने सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक अपने प्रीव्यू शो से 44 करोड़ की नेट कमाई की है. वहीं इसका ग्रॉस कलेक्शन 52.75 करोड़ और वर्ल्डवाइड कमाई 75 करोड़ रही है. 

RASHIFAL : आज का राशिफल

0

मेष :  आज का दिन आनंददायक सफलता प्रदान करने वाला रहेगा। प्रभावशाली लोगों से बातचीत बहुत ही सकारात्मक रहेगी। किसी लक्ष्य को हासिल करने में भाइयों का भी बखूबी सहयोग मिलेगा। 

वृषभ :वृषभ राशि वालों के लिए समय के अनुसार अपने व्यवहार में बदलाव लाना जरूरी है। बच्चों के साथ व्यवहार करते समय उन्हीं के नजरिए से देखना उचित रहेगा। पति पत्नी के बीच संबंधों में मधुरता रहेगी। प्रेम संबंधों में भी नजदीकियां बनी रहेंगी।

मिथुन: मिथुन राशि के जातकों के लिए आज का दिन अच्छा रहेगा। किसी खास व्यक्ति से मुलाकात हो सकती है। जीवन से जुड़े कुछ बदलाव होंगे।सहकर्मियों के साथ तालमेल मजबूत रहेगा और किसी महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट में आपकी भूमिका रहेगी। नौकरी में नई जिम्मेदारियां मिल सकती हैं जो भविष्य की सफलता का आधार बनेंगी।

कर्क : कर्क राशि के जातकों को आज के दिन व्यवसाय में फायदा मिलने के अवसर प्राप्त होंगे। पैसों से संबंधित मामलों में भी प्रगति होगी।लंबे समय तक बैठकर काम करने वालों को मुद्रा सुधारने की आवश्यकता है।

सिंह : सिंह राशि के लोगों के लिए आज का दिन मिश्रित रहेगा। जीवनसाथी के साथ किसी भी प्रकार का मतभेद हो सकता है।पिछली कुछ गलतियों से सीख कर आप अपनी कार्यप्रणाली में कुछ परिवर्तन लाएंगे, जो कि बेहतरीन रहेंगे। युवाओं को करियर संबंधी किसी परीक्षा मे बेहतरीन परिणाम मिलेंगे। घर के सदस्यों में आपसी तालमेल प्रेम पूर्ण बना रहेगा।

कन्या : कन्या राशि के लोगों के लिए आज का दिन बहुत अच्छा काम लेकर आएगा। जीवनसाथी की ओर से सहयोग मिलेगा। घर के सदस्यों में आपसी तालमेल प्रेम पूर्ण बना रहेगा। किसी मित्र के मिलने से खुशनुमा यादें भी ताजा होगी।

तुला : तुला राशि के लोगों के लिए आज का दिन खुशियों से भरा रहेगा। आपको आपके फंसे हुए पैसे वापस मिल सकते हैं।नौकरी में आपके बेहतरीन कार्य की सराहना होगी और पदोन्नति संबंधी खुशखबरी मिल सकती है।

वृश्चिक: वृश्चिक राशि के लोगों के लिए आज का दिन परेशानियों से भरा रहेगा। सहकर्मियों के साथ विवाद हो सकता है।काम में नेतृत्व, योजना और तेज निर्णय की अपेक्षा रहेगी। सरकारी विभाग या कॉर्पोरेट सेक्टर में इंटरव्यू संबंधी संदेश मिल सकता है।

धनु : धनु राशि के लोगों के लिए दिन परेशानियों से भरा रहेगा। आप अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए अधिक मेहनत करेंगे।जीवनसाथी आपकी किसी सख्त बात को गलत समझ सकते हैं, इसलिए संवाद को शांत रखें। सिंगल लोगों को किसी जिम्मेदार एवं प्रभावी व्यक्तित्व से सहज आकर्षण महसूस हो सकता है।

मकर: आज का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा। जीवनसाथी के साथ घूमने जा सकते हैं और आज आपका अपने जीवनसाथी के साथ अच्छा समय व्यतीत होगा।

कुंभ : आज के दिन आप किसी भी प्रकार की यात्रा या प्रवास पर जा सकते हैं। दांपत्य जीवन अच्छा रहेगा।काम में सफलता मिलेगी।

मीन : मीन राशि के लोगों के लिए आज का दिन आनंद लेकर आएगा। किसी सामाजिक कार्यक्रम में पार्टनर के साथ सामंजस्य बढ़ सकता है।

NATIONAL : हरियाणा राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग पर विनेश फोगाट बोलीं, ‘कुछ अपने भी जयचंद…’

0

हरियाणा राज्यसभा चुनाव में दो सीटों में से एक पर जीत हासिल करने वाली भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में अब अंतर्कलह शुरू हो चुकी है. एक ओर जहां विधायकों के क्रॉस वोट करने को लेकर चर्चा है तो वहीं सवाल यह भी है कि जब मॉक पोलिंग हुई तो उसके बाद भी वोट कैंसिल कैसे हुए?

इन सबके बीच पार्टी विधायक विनेश फोगाट ने प्रतिक्रिया दी है. सोशल मीडिया साइट एक्स पर की गई पोस्ट में विनेश ने किसी नेता या पदाधिकारी का नाम तो नहीं लिखा है कि लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि वह हालिया कार्रवाईयों से खफा हैं.फोगाट ने लिखा कि वोट क्रॉस हुई हो या कैंसिल क्या मंशा दोनों जगह एक जैसी थी यह पार्टी को डिसाइड करना है. ऐसे बिना वजह कुछ नहीं होता कोई किंतु परन्तु नहीं होना चाहिए, इसी सोच के साथ पार्टी को एक्शन लेना चाहिए.  अगर गलती क्रॉस करने वालों की है तो कैंसिल करने वालो की भी क्या उतनी ही है यह हमारी पार्टी का शीर्ष नेतृत्व फैसला ले.

हर बार वार दूसरों के कंधों पर रख कर नहीं होता- विनेश फोगाट

उन्होंने लिखा कि हर बार वार दूसरों के कंधों पर रख कर नहीं होता कुछ अपने भी जयचंद हैं. मॉक ड्रिल इसीलिए करवायी गई थी की कोई गलती ना हो अगर फिर भी यह सब हुआ तो जवाबदेही किसकी??  जिसका जमीर जिंदा हो उसकी कोई कीमत नहीं होती, रखवाली जानवरों की होती है इंसानों की नहीं.

फोगाट ने लिखा कि सजा उसी को मिले जिसने गलती की ईमानदारों के खिलाफ झूठा नैरेटिव बना कर सजा उनको क्यों. यह विचारधारा की लड़ाई है, जनता की अदालत में उनके नाम जाने चाहिए जनता ही उनका आखिरी फैसला ले भविष्य का.

बता दें हरियाणा में विधायक गोकुल सेतिया और मंजू चौधरी धरने पर बैठ गए थे. आरोप थे कि इन्होंने क्रॉस वोट किया. इन आरोपों से आहत दोनों विधायक धरने पर बैठ गए और जब भूपिंदर सिंह हुड्डा ने उन्हें आश्वस्त करते हुए क्लीन चिट दिया तब वह धरने से उठे.

BHAKTI : चैत्र नवरात्रि की अष्टमी-नवमी कब ? जानें डेट, पूजा मुहूर्त, कन्या पूजन किस दिन होगा

0

चैत्र नवरात्रि 19 मार्च से शुरू हो रही है. पहले दिन घटस्थापना होगी. फिर 9 दिन तक माता की पूजा, व्रत, धार्मिक अनुष्ठान किए जाएंगे. देवी भागवत पुराण और मार्कंडेय पुराण में नवरात्रि की अष्टमी और नवमी तिथि को अत्यंत फलदायी बताया गया है. माना जाता है कि इस दिन देवी की उपासना करने से सभी संकट दूर होते हैं साथ ही नवरात्रि के नौ की पूजा सफल हो जाती है. इस साल चैत्र नवरात्रि की अष्टमी और नवमी तिथि किस दिन है यहां देखें.

चैत्र नवरात्रि घटस्थापना मुहूर्त

घटस्थापना मुहूर्त – सुबह 06:52- सुबह 07:43
घटस्थापना अभिजित मुहूर्त – दोपहर 12:07 – दोपहर 12:55
चैत्र नवरात्रि की अष्टमी-नवमी 2026 डेट

चैत्र नवरात्रि अष्टमी – 26 मार्च 2026

अष्टमी तिथि – 25 मार्च 2026, दोपहर 1.50 पर शुरू होगी और 26 मार्च को सुबह 11:48 पर समाप्त होगी.
मुहूर्त – सुबह 6.20 – सुबह 7.52
दूसरा मुहूर्त – सुबह 10.56 – दोपहर 2.01
शाम का मुहूर्त – शाम 5.06 – रात 9.33
मां महागौरी पूजन – मां महागौरी को सौभाग्य और विवाह की देवी माना जाता है. मान्यता है कि जो अविवाहित कन्याएं श्रद्धा से इनकी पूजा करती हैं, उन्हें योग्य वर की प्राप्ति होती है और विवाहित महिलाओं को अखंड सौभाग्य का आशीर्वाद मिलता है. इस दिन लोग अपनी कुल देवी का पूजन करते हैं.

चैत्र नवरात्रि नवमी – 27 मार्च 2026

नवमी तिथि – 26 मार्च को सुबह 11:48 पर शुरू होगी और 27 मार्च 2026 को सुबह 10.06 पर समाप्त होगी.
मुहूर्त – सुबह 6.18 – सुबह 10.56
मां सिद्धिदात्री पूजा – नवारत्रि के आखिरी दिन माता के नौवे स्वरूप मां सिद्धिदात्री की पूजा करने से व्यक्ति की बुद्धि, विवेक और ज्ञान बढ़ता है. साधना करने वालों को आध्यात्मिक शक्ति और आत्मिक शांति प्राप्त होती है.

कन्या पूजा के लिए 2 दिन श्रेष्ठ

चैत्र नवरात्रि में अष्टमी और नवमी दोनों दिन कन्या पूजन के लिए श्रेष्ठ माने जाते हैं. पुराणों के अनुसार कन्या पूजन करने से मां दुर्गा अत्यंत प्रसन्न होती हैं और भक्त को सुख-समृद्धि का आशीर्वाद देती हैं।

शास्त्रों में कहा गया है- कुमार्यः पूजिता यत्र तत्र देवी प्रसिद्यति।

अर्थ – जहां कन्याओं का सम्मान और पूजन होता है, वहां देवी प्रसन्न होकर आशीर्वाद देती हैं. घर में सुख-समृद्धि आती है.

- Advertisement -

News of the Day