Sunday, April 26, 2026
Home Blog Page 265

BUSINESS : मुकेश अंबानी 2025 में सबको पछाड़ कमाई में बने नं-1, दूसरे नंबर पर अडानी नहीं इस अरबपति का नाम

0

साल 2025 में शेयर बाजार ने बड़े उद्योगपतियों के वैल्यूएशन में जबरदस्त उछाल की है. रिलायंस शेयर में आए उछाल के चलते अंबानी इस साल कमाई के मामले में सबसे आगे नजर आ रहे हैं…..

साल 2025 में भारतीय घरेलू शेयर बाजार ने बड़े उद्योगपतियों के वैल्यूएशन में जबरदस्त उछाल की है. दलाल स्ट्रीट पर रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में जबरदस्त तेजी देखनी को मिली. कंपनी शेयरों में आई इस तेजी से न सिर्फ कंपनी के निवेशकों को फायदा हुआ, बल्कि कंपनी चेयरमैन मुकेश अंबानी की संपत्ति में भी तगड़ा इजाफा देखने को मिला है.

रिलायंस शेयरों में आए उछाल के चलते अंबानी 100 अरब डॉलर क्लब में अपनी जगह बनाए हुए हैं और इस साल कमाई के मामले में वह सबसे आगे नजर आ रहे हैं. वहीं गौतम अडानी तीसरे नंबर पर फिसल गए हैं. आइए जानते हैं, इन दिग्ग्जों की संपत्ति में कितना इजाफा हुआ है… ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, मुकेश अंबानी साल 2025 में सबसे ज्यादा मुनाफा कमाने वाले इकलौते भारतीय सेंटिबिलियनेयर हैं. शेयर बाजार में रिलायंस के शेयरों में इस साल अब तक 27 फीसदी की तेजी दर्ज की गई है.

जिससे मुकेश अंबानी की संपत्ति में 15.3 अरब डॉलर यानी भारतीय रुपयों में करीब 1.3 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है. शेयरों में आई इस तेजी ने उन्हें इस साल सबसे ज्यादा कमाई करने वाला व्यक्ति बनाने में मदद की है.

ब्लूमबर्ग के आंकड़ों के मुताबिक, साल 2025 में कमाई के मामले में मुकेश अंबानी के बाद दूसरा स्थान लक्ष्मी मित्तल का रहा है. लक्जमबर्ग स्थित ग्लोबल स्टील और माइनिंग कंपनी आर्सेलरमित्तल के मालिक लक्ष्मी मित्तल की संपत्ति में इस साल 11.7 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है, जिससे उनकी कुल नेटवर्थ बढ़कर 31.40 अरब डॉलर हो गई है.

दिलचस्प बात यह है कि भले ही गौतम अडानी देश के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति हैं, लेकिन इस साल कमाई के लिहाज से वह दूसरे नंबर पर नहीं रहे.

NATIONAL : ‘मेरे मां- बाप और बहनों ने किया मर्डर…’, शादीशुदा प्रेमी के घर मिली मैरिड प्रेमिका की लाश

0

बाराबंकी के सहावपुर कस्बे में एक विवाहित महिला की उसके प्रेमी के घर में कुल्हाड़ी से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है.घटना के बाद प्रेमी के माता-पिता और चार बहनें फरार हैं.पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है और सभी संदिग्धों की तलाश जारी है.

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के सहावपुर कस्बे में मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया.31 साल की विवाहित महिला की उसके प्रेमी के घर में कुल्हाड़ी से काटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है.मृतका का शव खून से लथपथ हालत में बरामद हुआ है.पुलिस को इस मामले में प्रेमी के माता-पिता और उसकी चार बहनों की भूमिका पर संदेह है, जो घटना के बाद से फरार बताए जा रहे हैं.

पुलिस के अनुसार, सहावपुर निवासी संदीप की शादी करीब एक महीने पहले ही हुई थी.इसके बावजूद उसका गोरखपुर की रहने वाली ममता नाम की विवाहित महिला से प्रेम संबंध था.सोमवार रात ममता संदीप के घर आई थी.उस समय घर में संदीप के माता-पिता और चारों बहनें मौजूद थीं, जबकि उसकी पत्नी मायके गई हुई थी.

बताया जा रहा है कि रात में सब कुछ सामान्य था.मंगलवार सुबह करीब छह बजे संदीप शौच के लिए घर से बाहर गया था.जब वह वापस लौटा तो उसने घर के अंदर ममता का खून से सना शव देखा.शव के पास एक खून लगी कुल्हाड़ी भी पड़ी हुई थी.यह दृश्य देखकर संदीप ने तुरंत पुलिस को सूचना दी.सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंचे और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए.पुलिस का कहना है कि संदीप ने ही अपने माता-पिता पर हत्या करने का आरोप लगाया है.घटना के बाद से संदीप के माता-पिता और उसकी चारों बहनें घर से फरार हैं.

रामनगर सर्किल की क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत ने बताया कि सभी संदिग्धों की तलाश की जा रही है और मामले की जांच कई बिंदुओं पर की जा रही है.मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिससे मौत के कारणों की पुष्टि हो सके.पुलिस ने मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है.शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद और अवैध संबंध को हत्या की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर गहराई से जांच कर रही है.

KANPUR : ऑक्सीजन सपोर्ट पर शादीशुदा प्रेमिका, मरने से पहले बोली- प्रेमी को कुछ मत करना, वो बेकसूर; जहर खाकर किया सुसाइड

0

कानपुर में प्रेमी मनीष के साथ रह रही मानसी ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली. मौत से पहले वायरल वीडियो में उसने प्रेमी को बेकसूर बताया. हालांकि, मानसी की मौत के बाद उसके पिता ने मनीष पर हत्या का आरोप लगाकर बिधनू थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है. मानसी 6 महीने पहले मनीष के साथ भागी थी.

कानपुर में पति को छोड़कर प्रेमी के साथ रह रही एक महिला ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली. मौत से पहले अस्पताल में रिकॉर्ड किए गए वायरल वीडियो में उसने कहा, “अगर बच गई तो इन्हीं (प्रेमी) के साथ रहूंगी, मर जाऊं तो इनका कुछ मत करना, ये बेकसूर हैं.” हालांकि, महिला की मौत के बाद पिता ने प्रेमी और उसके परिवार पर बेटी की हत्या का आरोप लगाते हुए बिधनू थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है

कानपुर के मझवन की रहने वाली धर्मवीर की बेटी मानसी की शादी 3 साल पहले फतेहपुर में हुई थी. शादी के लगभग एक साल बाद मानसी की इंस्टाग्राम पर मनहावन के पास के गांव के युवक मनीष से दोस्ती हो गई. यह दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई. लगभग 6 महीने पहले मानसी अपने पति का घर छोड़कर मनीष के साथ भाग निकली और कानपुर के बिधनू इलाके में रहने लगी.

9 तारीख को मानसी ने पता नहीं क्यों जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की. मनीष के घरवालों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया. रविवार को, जब मानसी की हालत गंभीर बनी हुई थी और नाक में ऑक्सीजन नली लगी थी, उसने अपना एक वीडियो रिकॉर्ड कराया.

इस वीडियो में मानसी ने अपने प्रेमी को बेकसूर बताते हुए कहा, “मैं 6 महीने से इन्हीं के साथ रह रही थी. बच गई तो इन्हीं के साथ अपने प्यार के साथ रहूंगी, अगर मर जाऊं तो इनका बुरा मत करना, ये सब बेकसूर हैं.”

वीडियो वायरल होने के बाद मानसी की मौत हो गई. पुलिस ने मानसी के पिता धर्मवीर को सूचना दी. पिता ने अस्पताल पहुंचकर सीधे मनीष पर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया. उन्होंने आरोप लगाया कि मनीष उसे किसी से बात नहीं करने देता था, वह चोरी-छिपे मौसी की बेटी से बात करती थी, उसे परेशान किया गया, तभी उसने सुसाइड किया.

फिलहाल, पुलिस ने बिधनू थाने में मनीष और उसके परिवार वालों पर रिपोर्ट दर्ज की है. एसीपी कृष्णकांत यादव का कहना है कि पिता की शिकायत पर जांच की जा रही है और वीडियो भी संज्ञान में है.

NATIONAL : ‘इसमें कोई धार्मिक एंगल नहीं लेकिन सीएम किसी को…’ नीतीश कुमार पर भड़कीं इकरा हसन

0

कैराना सांसद इकरा हसन ने बिहार सीएम नीतीश कुमार द्वारा हिजाब हटाने की कथित कोशिश पर टिप्पणी देते हुए उनके स्वस्थ होने की कामना की है.
उत्तर प्रदेश स्थित कैराना से समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा कथित तौर पर एक महिला का हिजाब हटाने की कोशिशों पर प्रतिक्रिया दी है. शीतकालीन सत्र के दौरान संसद परिसर में पत्रकारों से बात करते हुए इकरा ने कहा यह धार्मिक मामला नहीं है लेकिन अगर सीएम ऐसा खुद कर रहे हैं तो समाज के अन्य स्तरों पर क्या होगा?

समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन ने कहा कि काफी समय से, बिहार चुनाव से पहले भी, नीतीश कुमार की सेहत को लेकर चिंताएं रही हैं. वह बुजुर्ग हैं और सभी उनका सम्मान करते हैं. लेकिन सबसे ज़रूरी बात यह है कि जिस पद पर वह हैं, उसकी अपनी गरिमा है. एक महिला के साथ इस तरह का व्यवहार उस गरिमा के खिलाफ है और बहुत खतरनाक है. इसका असर भी बहुत नुकसानदायक हो सकता है.

सपा सांसद ने कहा कि नीतीश कुमार जी का सभी सम्मान करते हैं. मुख्यमंत्री पद की अपनी गरिमा है. एक महिला के साथ इस तरह का व्यवहार उस गरिमा के खिलाफ है और बहुत खतरनाक है.

इससे पहले सोशल मीडिया साइट एक्स पर इकरा ने 15 दिसंबर को लिखा था – शर्मनाक! एक महिला डॉक्टर का हिजाब खींचना उसकी गरिमा और धार्मिक पहचान पर सीधा हमला है. जब राज्य का मुख्यमंत्री ऐसा करे, तो महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठना लाज़मी है.

उधर, शिवसेना (यूबीटी) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने एक कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा महिला का बुर्का खींचने की निंदा की है. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को अपने किए पर माफी मांगनी चाहिए. प्रियंका चतुर्वेदी ने मंगलवार को कहा कि इस तरह का व्यवहार किसी मुख्यमंत्री को शोभा नहीं देता. यह बिल्कुल अशोभनीय व्यवहार है. इसकी जितनी निंदा करें, उतनी कम है. अगर मुख्यमंत्री को उस महिला को कुछ समझाना था, तो इसके कई तरीके हो सकते थे. इस तरह से किसी महिला का बुर्का खींचने का क्या मतलब है?राज्यसभा सदस्य प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का यह व्यवहार बिल्कुल गलत है. यह एक तरह का शोषण है.

ENTERTAINMENT : ‘हम आपके हैं…’ प्रेमानंद महाराज से बोलीं अनुष्का शर्मा, विराट कोहली संग लिया आशीर्वाद…

बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा और उनके पति विराट कोहली एक बार फिर प्रेमानंद महाराज के चरणों में पहुंचे. साल 2025 खत्म होने और नया साल शुरू होने से पहले कपल ने महाराज से मिलकर उनका आशीर्वाद लिया. इस दौरान अनुष्का और विराट हाथ जोड़े दिखाई दिए और उन्होंने नतमस्तक होकर प्रेमानंद महाराज का आशीर्वाद लिया.

अनुष्का शर्मा और विराट कोहली प्रेमानंद महाराज से मिलने वृन्दावन में वराह घाट पहुंचे. प्रेमानंद महाराज के आश्रम श्री हित राधा केली कुंज से कपल का एक वीडियो भी सामने आया है. इसमें अनुष्का और विराट प्रेमानंद महाराज के साथ आध्यात्मिक बातचीत करते नजर आए.

वायरल वीडियो में प्रेमानंद महाराज अनुष्का शर्मा और विराट कोहली से कहते हैं- ‘अपने कार्यक्षेत्र को भगवान की सेवा समझिए. गंभीर भाव से रहिए. विनम्र रहिए. और खूब नाम जपिए. जो एक बार अपना असली पिता है, जिसने मुझे प्रकट किया है, जिसने मुझे बनाया है, एक बार उसे देखें, इसकी लालसा होनी चाहिए. सुनते हैं कि बड़े सुंदर हैं, तो एक बार तो दिखने चाहिए ना, देखने योग्य हैं, अपने हैं, प्यारे हैं, तो एक बार ये लक्ष्य बना लेना चाहिए कि अब मैं आपसे मिलना चाहता हूं.’

प्रेमानंद महाराज आगे कहते हैं- ‘मुझे और कुछ नहीं चाहिए, अब मुझे आप चाहिए और अगर आप चाहिए तो सारे सुख आपके चरणों में अपने-आप आ जाएंगे.’ इसपर अनुष्का शर्मा जवाब देती हैं- ‘हम आपके हैं महाराज और आप हमारे हैं, हमें और कुछ नहीं चाहिए.’ इसके बाद अनुष्का और विराट ने हाथ जोड़े और प्रेमानंद महाराज के चरणों में झुककर उनका आशीर्वाद लिया.

प्रेमानंद महाराज से मिलने के बाद अनुष्का शर्मा और विराट कोहली मुंबई एयरपोर्ट पर स्पॉट हुए. इस दौरान एक्ट्रेस मरून कलर का सूट पहने और माथे पर काली बिंदी लगाए बेहद सिंपल लुक में नजर आईं. वहीं ब्लैक टी-शर्ट और ऑफ व्हाइट पैंट पहने विराट काफी कूल दिखाई दिए.

NATIONAL : मासूम से रेप की कोशिश, चीखी तो बोरे में डालकर डंडों से पीटा, फिर अधमरे हाल में घरवालों को सौंपा

0

उज्जैन जिले की खाचरोद तहसील में 9 वर्षीय मासूम के साथ हुई दरिंदगी ने मानवता को शर्मसार कर दिया. इलाज के दौरान बच्ची की मौत के बाद डॉक्टरों की रिपोर्ट से सच्चाई सामने आई। पुलिस जांच में आरोपी रियाज खान ने जुर्म कबूल कर लिया है. एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की मदद से सबूत जुटाए गए हैं, आगे की कार्रवाई जारी है.

मध्यप्रदेश में उज्जैन जिले की खाचरोद तहसील से दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. बताया जा रहा है कि यहां एक 9 साल की मासूम अपनी नानी के घर आई थी. रविवार को वह घर के बाहर खेल रही थी तभी खेलते खेलते आरोपी के घर जा पहुंची. बच्ची को अकेला देखकर रियाज खान नामक व्यक्ति की नियत बिगड़ गई और उसने बच्ची से दुष्कर्म का प्रयास किया. लेकिन जब बच्ची चीखने चिल्लाने लगी तो रियाज ने उसे धक्का दे दिया जिससे वह बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ी.

इसके बाद रियाज ने उसे एक बोरी में डालकर डंडे से खूब पीटा. कुछ देर में बच्ची को मरा हुआ समझकर रियाज़ उसे छोड़कर घर से बाहर निकल गया. कुछ देर बाद लौटने पर रियाज ने देखा कि बच्ची की सांस चल रही है. तभी उसने एक झूठी कहानी बनाई और बच्ची को उठाकर उसकी नानी के पास ले गया और यह बताया की मासूम खेलते हुए छत से गिर गई जिससे उसे गंभीर चोट आई है.

गंभीर अवस्था में बच्ची को पहले खाचरोद के अस्पताल ले जाया गया जहां से डॉक्टर ने बच्ची को रतलाम रेफर कर दिया. इलाज के दौरान सोमवार को मासूम की मौत हो गई. मासूम की हालत देखकर चिकित्सकों ने पुलिस को बताया कि यह हालत बच्ची के गिरने से नहीं बल्कि किसी ठोस वास्तु के द्वारा वार किए जाने से हुई है. जिस वक्त बच्ची को अस्पताल ले जाया गया था उसका मुंह पूरा सूजा हुआ था और नाक मुंह से खून निकल रहा था. डॉक्टर की बात सुनकर पुलिस भी हरकत में आई और तत्काल अपनी पड़ताल शुरू की. शंका होने पर पुलिस ने एफएसएल की टीम और डॉग स्क्वॉड को भी काम में लगाया और आरोपी रियाज के घर जांच की.

NATIONAL : 110 चक्कों के ट्रेलर पर 1.8 लाख किलो का शिवलिंग… चेन्नई से चंपारण के लिए रवाना, रास्ते में पूजने वालों की लग रही भीड़

0

तमिलनाडु के चेन्नई से बिहार के चंपारण ले जाया जा रहा एक विशालकाय शिवलिंग इस समय आकर्षण का मुख्य केंद्र बना हुआ है. शिवलिंग अभी जबलपुर से नागपुर के रास्ते NH-44 पर गुजर रहा है, जहां रास्ते में जगह-जगह लोग पूजा करने के लिए पहुंच रहे हैं.

शिवलिंग का वजन 1 लाख 80 हजार किलो है और ऊंचाई 30 फीट है. इस विशालकाय को 110 चक्के वाले ट्रेलर पर ले जाया जा रहा है.

ट्रेलर के ड्राइवर अरुण कुमार ने बताया कि 23 दिन पहले चेन्नई से निकले हैं और 20 दिन बाद वो बिहार के चंपारण पहुंच जाएंगे.शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा चंपारण में निर्माणधीन विराट रामायण मंदिर में की जाएगी. पूर्वी चंपारण जिले के जानकीनगर के कैथवलिया गांव में ये मंदिर बन रहा है. महावीर मंदिर ट्रस्ट समिति इस मंदिर का निर्माण करा रही है.

मुख्य मंदिर 1080 फीट लंबाई और 540 फीट चौड़ाई में है. इसमें कुल 18 शिखर के साथ 22 और मंदिर होंगे. मंदिर के शिखर की ऊंचाई 270 फीट रखी गई है.यह शिवलिंग एक ही पत्थर को तराश कर बनाया गया है. इसे विनायक वेंकटरमण की कंपनी ने 10 साल की अथक मेहनत से तैयार किया है. इसे बनाने में करीब ₹3 करोड़ खर्च आया है. महाबलीपुरम के पट्टीकाडु गांव में इस विशालकाय शिवलिंग को वास्तुकार लोकनाथ ने कड़ी मेहनत से तैयार किया. खास बात यह है कि शिवलिंग पर छोटे छोटे 1008 शिवलिंग भी बनाए गए हैं.

AHMEDABAD : 60 फीट गहरे पानी से भरे बोरवेल में गिरे बाप बेटी…फायर ब्रिगेड की तेजी ने ऐसे किया रेस्क्यू

0

अहमदाबाद के चांदलोड़िया इलाके में 60 फीट गहरे पानी भरे बोरवेल में गिरे पिता-बेटी को फायर ब्रिगेड ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया. बेटी को बचाने के लिए पिता भी बोरवेल में कूद गए थे. कड़ी मशक्कत के बाद दोनों का सफल रेस्क्यू कर उन्हें सोला सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया.

गुजरात में अहमदाबाद के चांदलोड़िया इलाके में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया. यहां एक 60 फीट गहरे पानी से भरे बोरवेल में एक पिता और उसकी बेटी गिर गए. गजराज सोसायटी में स्थित जैन देरासर परिसर के इस बोरवेल में दोनों के गिरने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

जानकारी के अनुसार, माली का काम करने वाले परिवार की 19 वर्षीय बेटी अंजलि सैनी अचानक जैन देरासर परिसर में स्थित खुले बोरवेल में गिर गई. बेटी के बोरवेल में गिरने की जानकारी मिलते ही 45 साल के पिता राजेश सैनी उसे बचाने के लिए बिना देर किए खुद भी बोरवेल में कूद गए. लेकिन बोरवेल करीब 60 फीट गहरा और पानी से भरा होने के कारण दोनों बाहर नहीं निकल सके.

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पहले अपने स्तर पर दोनों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली. इसके बाद करीब आधे घंटे के भीतर फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही अहमदाबाद के नवरंगपुरा फायर स्टेशन से रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर रवाना हुई.

फायर ब्रिगेड अधिकारियों के अनुसार, बोरवेल करीब 5 फीट चौड़ा, 60 फीट गहरा और पानी से लबालब भरा हुआ था, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया. हालात की गंभीरता को देखते हुए तुरंत रस्सियों और अन्य आवश्यक उपकरणों की मदद से एक फायरकर्मी को बोरवेल में उतारा गया. कड़ी मेहनत और सावधानी के साथ पहले बेटी अंजलि और फिर पिता राजेश को बोरवेल से बाहर निकाला गया.

रेस्क्यू के बाद दोनों को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए प्राथमिक इलाज के लिए सोला सिविल अस्पताल भेजा गया. राहत की बात यह रही कि समय रहते रेस्क्यू हो जाने के कारण दोनों की जान बच गई. फिलहाल दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है.

पूरे मामले की जानकारी पुलिस को भी दी गई है और पुलिस यह जांच कर रही है कि बोरवेल खुला कैसे छोड़ा गया था. इस घटना के बाद एक बार फिर खुले बोरवेल और सुरक्षा में लापरवाही को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं.

SPORTS : जसप्रीत बुमराह ने बीच में ही क्यों छोड़ दी T20 सीरीज? जानें क्या है वजह

0

जसप्रीत बुमराह पारिवारिक आपात स्थिति के कारण दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टी20 से बाहर रहे और मुंबई लौट गए. उनकी गैरमौजूदगी के बावजूद भारत ने धर्मशाला में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीका को 117 पर रोककर सात विकेट से जीत दर्ज की और श्रृंखला में 2-1 की बढ़त बना ली.

टीम इंडिया के स्टार खिलाड़ी जसप्रीत बुमराह की धर्मशाला में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच से अनुपस्थिति ने तुरंत सवाल खड़े कर दिए, खासकर तब जब वह पांच मैचों की करीबी श्रृंखला में भारत की गेंदबाजी आक्रमण की रीढ़ माने जाते हैं. सीनियर तेज गेंदबाज रविवार को मैदान पर नहीं उतरे, जिससे हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए इस अहम मुकाबले के लिए भारत को अपने तेज गेंदबाजी संसाधनों में बदलाव करना पड़ा.

टॉस के दौरान भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने स्पष्ट किया कि बुमराह व्यक्तिगत कारणों से चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे, जबकि अक्षर पटेल भी बीमार पड़ने के कारण मैच से बाहर रहे. बाद में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने पुष्टि की कि बुमराह एक पारिवारिक मामले के चलते मुंबई लौट गए हैं, जिसके कारण उन्हें श्रृंखला के बीच में ही टीम छोड़नी पड़ी.

पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, बुमराह को घर लौटना पड़ा क्योंकि उनके एक बेहद करीबी पारिवारिक सदस्य फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं. स्थिति ऐसी थी कि उनकी तत्काल मौजूदगी जरूरी हो गई, और पूरा ध्यान इस निजी आपात स्थिति से निपटने पर केंद्रित रहा. नाम न बताने की शर्त पर बात करने वाले बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने संकेत दिया कि बुमराह की श्रृंखला में वापसी पूरी तरह इस बात पर निर्भर करेगी कि हालात कैसे आगे बढ़ते हैं.

बुमराह की गैरमौजूदगी के बावजूद भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रृंखला में 2-1 की बढ़त हासिल कर ली. कटक में पहला टी20 जीतने के बाद भारत को मुल्लांपुर में खेले गए दूसरे मैच में 51 रन की करारी हार का सामना करना पड़ा था, जिससे धर्मशाला का मुकाबला बेहद अहम बन गया था. मेजबान टीम ने अनुशासित ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर शानदार वापसी की, दक्षिण अफ्रीका को 117 रन पर रोकने के बाद लक्ष्य को सिर्फ 15.5 ओवर में सात विकेट से हासिल कर लिया.

भारत के गेंदबाजों ने दक्षिण अफ्रीका को पहले बल्लेबाजी के लिए उतारने के बाद शुरुआत से ही मैच पर पकड़ बना ली, नियमित अंतराल पर विकेट लेते हुए मेहमान टीम को कोई भी लय बनाने नहीं दी. पारी में इस्तेमाल किए गए सभी छह गेंदबाजों ने कम से कम एक विकेट लिया, जो टीम प्रयास की झलक देता है.

अब जब श्रृंखला भारत के पक्ष में झुक चुकी है, तो ध्यान बुधवार, 11 दिसंबर को लखनऊ में खेले जाने वाले चौथे टी20 पर केंद्रित हो गया है. बुमराह श्रृंखला के अंतिम हिस्से के लिए लौटेंगे या नहीं, यह अब भी अनिश्चित बना हुआ है और उनकी उपलब्धता पूरी तरह उनके पारिवारिक सदस्य की सेहत में सुधार पर निर्भर करेगी.

MP : ‘क्या एक घंटे में धूल आ गई, इसको पोछा मारना बोलते हैं?’, अस्पताल में खराब सफाई देख भड़के IAS, ठेकेदार से बोले- टेंडर कैंसिल कर दूंगा

0

दतिया जिला अस्पताल में सफाई व्यवस्था का हाल जानने के लिए कलेक्टर स्वपनिल वानखड़े ने फर्श पर हाथ फेरकर धूल की जांच की और सफाई सुपरवाइजर को जमकर फटकार लगाई. साथ ही सफाई का ठेका भी रद्द करने की चेतावनी दी.

मध्य प्रदेश के दतिया कलेक्टर IAS स्वप्निल वानखड़े इन दिनों अपनी कार्यशैली के चलते काफी चर्चित हैं. हाल ही में जिलाधिकारी जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण करने पहुंचे. इस दौरान उन्हें अस्पताल के कई हिस्सों में सफाई व्यवस्था बेहद खराब मिली. यह देख उन्होंने सख्त लहजे में सफाई सुपरवाइजर को फटकार लगा दी. इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है.

दरअसल, कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े ने ट्रॉमा सेंटर, बाल और शिशु रोग विभाग, स्त्री और प्रसूति रोग विभाग, स्टेप डाउन यूनिट, ओपीडी, वार्डों और शौचालयों में साफ-सफाई, स्टाफ उपस्थिति और मरीज सेवाओं का जायजा लिया. इस दौरान उन्हें अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में धूल गंदगी जमी दिखी.कलेक्टर ने खुद फर्श पर हाथ फेरकर धूल की जांच की और सफाई सुपरवाइजर को फटकार लगाई. जिले के कलेक्टर के सवालों पर सुपरवाइजर आत्मविश्वास भरे जवाब नहीं दे पाया.

कलेक्टर ने पूछा, “बताओ पोछा मारा हुआ है?”

सुपरवाइजर: “लगवा दिया सर”

कलेक्टर ने फर्श पर हाथ लगाने के लिए कहा.

कलेक्टर: “झुको भाई, बोल रहा हूं झुको, क्या इसको पोछा मारना बोलते हैं?”

कलेक्टर ने कहा कि सिर्फ सुबह के 10:30 बजे ही फर्श पर पूरी धूल है.

कलेक्टर: “सीसीटीवी है न? कितने बजे मारा? अगर नहीं होगा तो टेंडर कैंसल करूंगा मैं.”

सफाई सुपरवाइजर: “बिल्कुल सर, आप देख सकते हैं.”

इसके बाद कलेक्टर ने कहा, ”पूरी गली में धूल ही धूल है…”

ट्रॉमा सेंटर की स्वच्छता व्यवस्था खराब मिलने पर कलेक्टर वानखड़े ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार और नियमित निगरानी के निर्देश दिए .उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाला हर मरीज सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक वातावरण पाने का हकदार है. स्वच्छता को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.”

इसके साथ ही कलेक्टर ने दवा वितरण व्यवस्था, स्टाफ की उपस्थिति और अन्य जरूरी सेवाओं की समग्र समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए.

- Advertisement -

News of the Day