Sunday, April 26, 2026
Home Blog Page 266

SPORTS : जसप्रीत बुमराह ने बीच में ही क्यों छोड़ दी T20 सीरीज? जानें क्या है वजह

0

जसप्रीत बुमराह पारिवारिक आपात स्थिति के कारण दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टी20 से बाहर रहे और मुंबई लौट गए. उनकी गैरमौजूदगी के बावजूद भारत ने धर्मशाला में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीका को 117 पर रोककर सात विकेट से जीत दर्ज की और श्रृंखला में 2-1 की बढ़त बना ली.

टीम इंडिया के स्टार खिलाड़ी जसप्रीत बुमराह की धर्मशाला में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच से अनुपस्थिति ने तुरंत सवाल खड़े कर दिए, खासकर तब जब वह पांच मैचों की करीबी श्रृंखला में भारत की गेंदबाजी आक्रमण की रीढ़ माने जाते हैं. सीनियर तेज गेंदबाज रविवार को मैदान पर नहीं उतरे, जिससे हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए इस अहम मुकाबले के लिए भारत को अपने तेज गेंदबाजी संसाधनों में बदलाव करना पड़ा.

टॉस के दौरान भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने स्पष्ट किया कि बुमराह व्यक्तिगत कारणों से चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे, जबकि अक्षर पटेल भी बीमार पड़ने के कारण मैच से बाहर रहे. बाद में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने पुष्टि की कि बुमराह एक पारिवारिक मामले के चलते मुंबई लौट गए हैं, जिसके कारण उन्हें श्रृंखला के बीच में ही टीम छोड़नी पड़ी.

पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, बुमराह को घर लौटना पड़ा क्योंकि उनके एक बेहद करीबी पारिवारिक सदस्य फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं. स्थिति ऐसी थी कि उनकी तत्काल मौजूदगी जरूरी हो गई, और पूरा ध्यान इस निजी आपात स्थिति से निपटने पर केंद्रित रहा. नाम न बताने की शर्त पर बात करने वाले बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने संकेत दिया कि बुमराह की श्रृंखला में वापसी पूरी तरह इस बात पर निर्भर करेगी कि हालात कैसे आगे बढ़ते हैं.

बुमराह की गैरमौजूदगी के बावजूद भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रृंखला में 2-1 की बढ़त हासिल कर ली. कटक में पहला टी20 जीतने के बाद भारत को मुल्लांपुर में खेले गए दूसरे मैच में 51 रन की करारी हार का सामना करना पड़ा था, जिससे धर्मशाला का मुकाबला बेहद अहम बन गया था. मेजबान टीम ने अनुशासित ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर शानदार वापसी की, दक्षिण अफ्रीका को 117 रन पर रोकने के बाद लक्ष्य को सिर्फ 15.5 ओवर में सात विकेट से हासिल कर लिया.

भारत के गेंदबाजों ने दक्षिण अफ्रीका को पहले बल्लेबाजी के लिए उतारने के बाद शुरुआत से ही मैच पर पकड़ बना ली, नियमित अंतराल पर विकेट लेते हुए मेहमान टीम को कोई भी लय बनाने नहीं दी. पारी में इस्तेमाल किए गए सभी छह गेंदबाजों ने कम से कम एक विकेट लिया, जो टीम प्रयास की झलक देता है.

अब जब श्रृंखला भारत के पक्ष में झुक चुकी है, तो ध्यान बुधवार, 11 दिसंबर को लखनऊ में खेले जाने वाले चौथे टी20 पर केंद्रित हो गया है. बुमराह श्रृंखला के अंतिम हिस्से के लिए लौटेंगे या नहीं, यह अब भी अनिश्चित बना हुआ है और उनकी उपलब्धता पूरी तरह उनके पारिवारिक सदस्य की सेहत में सुधार पर निर्भर करेगी.

MP : ‘क्या एक घंटे में धूल आ गई, इसको पोछा मारना बोलते हैं?’, अस्पताल में खराब सफाई देख भड़के IAS, ठेकेदार से बोले- टेंडर कैंसिल कर दूंगा

0

दतिया जिला अस्पताल में सफाई व्यवस्था का हाल जानने के लिए कलेक्टर स्वपनिल वानखड़े ने फर्श पर हाथ फेरकर धूल की जांच की और सफाई सुपरवाइजर को जमकर फटकार लगाई. साथ ही सफाई का ठेका भी रद्द करने की चेतावनी दी.

मध्य प्रदेश के दतिया कलेक्टर IAS स्वप्निल वानखड़े इन दिनों अपनी कार्यशैली के चलते काफी चर्चित हैं. हाल ही में जिलाधिकारी जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण करने पहुंचे. इस दौरान उन्हें अस्पताल के कई हिस्सों में सफाई व्यवस्था बेहद खराब मिली. यह देख उन्होंने सख्त लहजे में सफाई सुपरवाइजर को फटकार लगा दी. इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है.

दरअसल, कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े ने ट्रॉमा सेंटर, बाल और शिशु रोग विभाग, स्त्री और प्रसूति रोग विभाग, स्टेप डाउन यूनिट, ओपीडी, वार्डों और शौचालयों में साफ-सफाई, स्टाफ उपस्थिति और मरीज सेवाओं का जायजा लिया. इस दौरान उन्हें अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में धूल गंदगी जमी दिखी.कलेक्टर ने खुद फर्श पर हाथ फेरकर धूल की जांच की और सफाई सुपरवाइजर को फटकार लगाई. जिले के कलेक्टर के सवालों पर सुपरवाइजर आत्मविश्वास भरे जवाब नहीं दे पाया.

कलेक्टर ने पूछा, “बताओ पोछा मारा हुआ है?”

सुपरवाइजर: “लगवा दिया सर”

कलेक्टर ने फर्श पर हाथ लगाने के लिए कहा.

कलेक्टर: “झुको भाई, बोल रहा हूं झुको, क्या इसको पोछा मारना बोलते हैं?”

कलेक्टर ने कहा कि सिर्फ सुबह के 10:30 बजे ही फर्श पर पूरी धूल है.

कलेक्टर: “सीसीटीवी है न? कितने बजे मारा? अगर नहीं होगा तो टेंडर कैंसल करूंगा मैं.”

सफाई सुपरवाइजर: “बिल्कुल सर, आप देख सकते हैं.”

इसके बाद कलेक्टर ने कहा, ”पूरी गली में धूल ही धूल है…”

ट्रॉमा सेंटर की स्वच्छता व्यवस्था खराब मिलने पर कलेक्टर वानखड़े ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार और नियमित निगरानी के निर्देश दिए .उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाला हर मरीज सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक वातावरण पाने का हकदार है. स्वच्छता को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.”

इसके साथ ही कलेक्टर ने दवा वितरण व्यवस्था, स्टाफ की उपस्थिति और अन्य जरूरी सेवाओं की समग्र समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए.

RAJASTHAN : पहले ऑफिस में तोड़फोड़, फिर किडनैपिंग… कोटपूतली में व्यापारी का फिल्मी स्टाइल में अपहरण

0

कोटपूतली जिले में बदमाशों ने देर रात एक ट्रांसपोर्ट व्यापारी का अपहरण कर लिया. अपहरण का एक वीडियो भी सामने आया है. जिसमें देखा जा सकता है कि बदमाश फिल्मी स्टाइल में आए और व्यापारी के ऑफिस में तोड़फोड़ की. फिर किडनैप कर फरार हो गए.

राजस्थान के कोटपूतली जिले में देर रात उस समय सनसनी फैल गई. जब ट्रांसपोर्ट व्यापारी भीम सिंह शेखावत का फिल्मी अंदाज़ में अपहरण कर लिया गया. रात के अंधेरे में गाड़ियों में पहुंचे बदमाशों ने पहले तो ऑफिस में तोड़फोड़ की और उसके बाद व्यापारी का अपहरण करके उसे अपने साथ ले गए. मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरे क्षेत्र में नाकाबंदी की तो देर रात हरियाणा के बोल के पास से व्यापारी को बदमाशों के चंगुल से छुड़वाया गया.

हालांकि घटना के बाद से बदमाश फरार हैं. ट्रांसपोर्टर के ऑफिस में लगे सीसीटीवी कैमरे में बदमाश ऑफिस में घुसते भी नजर आ रहे हैं. कोटपूतली के डेंटल कॉलेज के पास स्थित खेमजी मोटर्स कार्यालय में रात के अंधेरे में बेख़ौफ़ बदमाशों ने एक व्यापारी का अपहरण किया. कारों में सवार करीब 10 अज्ञात बदमाश व्यापारी के ऑफिस में घुसे और वहां जमकर तोड़फोड़ की.

इसके बाद बदमाश व्यापारी को जबरन अपने साथ ले गए. घटना रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है. इसकी सूचना मिलते ही कोटपूतली पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई और आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर दी गई. पुलिस ने तकनीकी सहायता के जरिए व्यापारी की तलाश शुरू की. कुछ ही समय बाद पीड़ित भीम सिंह शेखावत के हरियाणा के बावल के पास मिलने की सूचना मिली. जिसके बाद पुलिस टीम उन्हें सुरक्षित कोटपूतली थाने लेकर पहुंची. पीड़ित व्यापारी भीम सिंह शेखावत राजनोता क्षेत्र के दारापुर गांव के निवासी हैं और कोटपूतली में खेमजी मोटर्स के नाम से उनका कार्यालय है. फिलहाल बदमाश पुलिस की पकड़ से बाहर हैं.

पूरे मामले को लेकर पुलिस गहन जांच में जुटी हुई है और अपहरण के पीछे के कारणों की पड़ताल की जा रही है. ट्रांसपोर्टर के ऑफिस के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में बदमाश ऑफिस में घुसते कैद हुए है. सीसीटीवी कैमरा की मदद से पुलिस बदमाशों की पहचान करके उनकी तलाश में जुटी है.कोटपूतली बहरोड़ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र बिश्नोई ने बताया कि मामले की जांच चल रही है. आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम भी लगातार दबिश दे रही है.

NATIONAL : हैदराबाद एयरपोर्ट पर एयर होस्टेस के साथ बदसलूकी, दो यात्री गिरफ्तार

0

हैदराबाद के RGIA एयरपोर्ट पर दो अलग-अलग मामलों में एयर होस्टेस से बदसलूकी के आरोप में दो यात्रियों को गिरफ्तार किया गया है. यह कार्रवाई शमशाबाद पुलिस के द्वारा की गई है.

हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (RGIA) पर दो अलग-अलग घटनाओं में एयर होस्टेस के साथ बदसलूकी करने के आरोप में दो यात्रियों को गिरफ्तार किया गया है. पहले मामले में, रमेश नाम के एक यात्री को शमशाबाद पुलिस ने एयर होस्टेस की शिकायत के बाद गिरफ्तार किया, जिन्होंने उस पर अश्लील व्यवहार करने का आरोप लगाया था.

दूसरी घटना में, नज़र नाम के एक सिनेमा टेक्नीशियन को हिरासत में लिया गया, जब उसने कथित तौर पर दुबई से आ रही इंडिगो फ्लाइट में एयर होस्टेस के साथ अभद्र व्यवहार किया. प्लेन लैंड होने के तुरंत बाद शमशाबाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया.नवंबर की एक और घटना में, केरल के एक सॉफ्टवेयर कर्मचारी को दुबई से हैदराबाद जाने वाली फ्लाइट में एक एयर होस्टेस के साथ कथित तौर पर बदसलूकी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था.

केबिन क्रू ने शिकायत दर्ज कराई कि यात्री ने सर्विस देते वक्त एयर होस्टेस को छुआ, और बाद में पता चला कि प्लेन लैंड होने के बाद उसने क्रू को टारगेट करते हुए अश्लील और अपमानजनक बातें भी कही थीं.

केबिन क्रू ने यह भी देखा कि यात्री (जो 30 साल का था) नशे में लग रहा था. पुलिस ने बताया कि फ्लाइट लैंड होने के बाद इस मामले की जानकारी कैप्टन और ग्राउंड स्टाफ को दी गई.इस बीच, दिल्ली में खराब मौसम और घने कोहरे की वजह से शमशाबाद एयरपोर्ट पर फ्लाइट ऑपरेशन भी प्रभावित हुए. इसके चलते 14 डिपार्चर और 15 अराइवल कैंसिल कर दिए गए.

NATIONAL : लेडी सब-इंस्पेक्टर की बेकाबू THAR ने 4 को रौंदा, 1 की मौत; भीड़ ने घेरा तो बोली- मुझे जाने दो, मम्मी-पापा इंतजार कर रहे

0

महिला पुलिस सब इंस्पेक्टर किरण राजपूत ने तेज रफ्तार थार ने पहले सड़क किनारे कंबल बेच रहे लोगों को टक्कर मारी और फिर दो बाइक सवारों को भी अपनी चपेट में ले लिया. महिला एसआई को एफआईआर के बाद सस्पेंड कर दिया गया है.

मध्य प्रदेश में सीहोर के पास भीषण सड़क हादसा हुआ. जहां महिला पुलिस सब-इंस्पेक्टर की THAR कार ने 4 लोगों को रौंद दिया. इस घटना में एक की मौत हो गई जबकि तीन लोग घायल हैं. जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.इस दौरान महिला पुलिस अधिकारी को भीड़ में घेर लिया और जाने से रोक दिया. मौजूद लोगों का कहना था कि पहले आप घायलों का कराएं. इसके जवाब में महिला अधिकारी मम्मी पापा के इंतजार का बहाना बनाकर मौके से भागने में लगी थी.

दरअसल, सीहोर-भोपाल हाइवे के झागरिया पर उस समय अफरातफरी का माहौल निर्मित हो गया, जब एक तेज रफ्तार कर ने 4 लोगों को रौंद दिया. सड़क किनारे कंबल बेच रहे लोगों को टक्कर मारी और फिर दो बाइक सवारों को भी अपनी चपेट में ले लिया.कार महिला एसआई चला रही थी, जो आष्टा से भोपाल की ओर जा रही थी. इस भीषण सड़क हादसे में एक की भोपाल में उपचार के दौरान मौत हो गई. जबकि तीन लोग जख्मी हैं. मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई.

सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है. वहीं, घटना के बाद का एक वीडियो भी सामने आया है. जिसमें महिला पुलिस अधिकारी को मौजूद भीड़ ने घेर लिया और आगे जाने से रोक दिया. वहीं, महिला अधिकारी कहते हुए नजर आ रही है, ”मुझे जाने दो… मम्मी पापा इंतजार कर रहे हैं.”

एसपी दीपक कुमार शुक्ला ने बताया कि वाहन चालक एसआई किरण राजपूत के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. वहीं, इस कृत्य को गंभीर लापरवाही मानते हुए आरोपी एसआई को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है. इस मामले में प्राथमिक जांच सीएसपी सीहोर को सौंपी गई है.

ENTERTAINMENT : ‘जहां से भी घुसोगे, सामने हिंदुस्तानी फौजी खड़ा पाओगे’, सनी देओल का ऐलान, दमदार है टीजर

बॉर्डर 2 का टीजर रिलीज हो गया है. मल्टीस्टारर फिल्म की पहली झलक देखने का फैंस को बेसब्री से इंतजार था. टीजर में सनी देओल का दमदार अंदाज दिखा है. उनका फिर से वही तेवर और एग्रेशन देखने को मिला है. फैंस को ये टीजर पसंद आया है. मूवी अगले साल रिपब्लिक डे के वक्त रिलीज होगी.

मल्टीस्टारर फिल्म बॉर्डर 2 की पहली झलक का इंतजार खत्म हो गया है. फिल्म का मचअवेटेड टीजर रिलीज हो चुका है. देशभक्ति के जज्बे और एक्शन से सराबोर टीजर में पूरी कास्ट की झलक दिखी है. सनी देओल के दमदार डायलॉग ने हर भारतीय के अंदर भरे देशप्रेम को बाहर ला दिया है. मूवी में सनी के अलावा दिलजीत दोसांझ, वरुण धवन और अहान शेट्टी अहम रोल में दिखेंगे.

सनी देओल के दमदार डायलॉग के साथ टीजर शुरू होता है. वो दुश्मनों को चेतावनी देते हुए कहते हैं- तुम जहां से भी घुसने की कोशिश करोगे, आसमान से, जमीन से, समंदर से, सामने एक हिंदुस्तानी फौजी खड़ा पाओगे. जो आंखों में आंखें डालकर, सीना ठोक कर कहेगा, हिम्मत है तो आ, ये खड़ा है हिंदुस्तान. वहीं दूसरे एक सीन में सनी अपने धुरंधर फौजियों से धमाकों के बीच पूछते हैं- आवाज कहां तक जानी चाहिए? जवाब मिलता है- लाहौर तक. टीजर वीडियो में सनी का एग्रेशन, भारत मां के लिए उनका प्यार झलकता है. फिल्म के पावरफुल बैकग्राउंड स्कोर ने इसमें जान डाली है. ये फैंस के इमोशंस को हाई करता है. एक बार फिर सनी को फिल्म का हिस्सा देखकर फैंस की खुशी का ठिकाना नहीं है. टीजर रिलीज होते ही फैंस के बीच वायरल हो गया है. ये फिल्म अगले साल गणतंत्र दिवस के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी.

इसकी रिलीज डेट 23 जनवरी 2026 तय की गई है. फिल्म को जेपी दत्ता और भूषण कुमार प्रोड्यूस कर रहे हैं. वहीं इसका डायरेक्शन अनुराग सिंह ने संभाला है. मूवी में सोनम बाजवा, मोना सिंह, मेधा राणा, परमवीर चीमा, गुनीत संधू, अंगद सिंह भी नजर आएंगे. ये फिल्म सुनील शेट्टी के बेटे अहान के लिए माइलस्टोन मानी जा रही है. अभी तक उनके फिल्मी करियर ने खास परफॉर्म नहीं किया है. उम्मीद है बॉर्डर 2 उनके लिए मिरेकल का काम करे. टीजर में अहान की भी झलक दिखती है. वो वॉर सीन में खून से लथपथ नजर आए. दिलजीत और वरुण की भी फिल्म में एंट्री हुई है. टीजर में उनकी झलक दमदार नजर आई है.

वॉर एक्शन फिल्म बॉर्डर का पहला पार्ट 1997 में आया था. तब इसे जेपी दत्ता ने बनाया था. फिल्म 1971 के इंडो-पाकिस्तान वॉर पर बेस्ड थी. इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर धूम मचाई थी. मेजर कुलदीप सिंह चांदपुरी के रोल में सनी छा गए थे. फिल्म के सेकंड पार्ट में पुरानी कास्ट से केवल सनी को लिया गया है. गदर 2 की सक्सेस के बाद सनी ने जबरदस्त कमबैक किया. वो मेकर्स की पहली पसंद बन गए थे. इसी दौरान बॉर्डर के मेकर्स ने भी सनी की पॉपुलैरिटी को भुनाने के लिए इसका दूसरा पार्ट बनाने का फैसला लिया. देखना होगा ये फिल्म गदर 2 जैसी आंधी ला पाएगी या नहीं.

NATIONAL : ‘दुल्हन नहीं लौटाई तो तेरे बाप को मार देंगे…’, फर्जी शादी के जाल में फंसे दूल्हे को मिली धमकी, फिर…

0

वाशिम जिले में सड़क किनारे खड़ी क्षतिग्रस्त कार का मामला महज एक्सीडेंट या डकैती नहीं, बल्कि फर्जी शादी और अपहरण से जुड़ा निकला. पुलिस जांच में सामने आया कि एक गैंग ने शक के चलते निर्दोष यात्रियों पर हमला किया. सीसीटीवी और कॉल रिकॉर्ड के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

महाराष्ट्र के वाशिम जिले में बीती सुबह रास्ते पर एक कार खड़ी हुई थी जिसका पीछे का शीशा टूटा हुआ था, रिसोड़ शहर के पुलिस को इसकी जानकारी मिली और वह तुरंत वहां पहुंची, इतना ही नहीं श्वान पथक को भी वहां बुलाया गया, घटना परिसर में आग की तरह फैल गई, परिसर के लोग सब अपना अपना कयास लगा रहे थे, किसी को लगा कि एक्सीडेंट है, किसी ने कहा डकैती है तो किसी को लगा आपसी झगड़ा होगा, लेकिन घटना की हकीकत वाशिम के एसपी अनुज तारे ने बताई.

मामला भी बड़ा अजीबो गरीब निकला. आइए जानते हैं. वाशिम के एसपी अनुज तारे ने बताया कि 14 दिसंबर की सुबह जो कार रास्ते पर क्षतिग्रस्त पाई गई उस पर 10 से 12 लोगों ने हमला किया था और वे 12 से 15 हजार रुपए ले गए थे. ऐसी जानकारी पर पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा और जांच शुरू की गई, जांच में 3 संदिग्ध व्हीकल की जानकारी मिली. साथ ही एक और जानकारी मिली कि ऐसी ही तीन गाड़ियों में कुछ लोगों ने आकर आसेगांव पेन नामक गांव के एक घर में शोरशराबा और मारपीट की थी, जिस घर में लोगों को पीटा गया था, पता चला कि उस घर में कुछ दिन पहले एक फ्रॉड शादी हुई थी.

दूल्हे को इस बात की भनक लग गई थी कि उसकी दुल्हन फर्जी है और वह भागने की फिराक में है. 14 दिसंबर के तड़के तीन गाड़ियों में 10 से 12 लोग दूल्हे के घर पहुंचे, लेकिन दुल्हन जो इसी गैंग की साथी थी, वह उन्हें वहां नहीं मिली तो दुल्हे के पिता को किडनैप कर अपने साथ ले गए. गैंग ने दूल्हे के मामा के गांव में जाकर अपनी महिला साथी की तलाशी ली, लेकिन वह वहां भी नहीं थी. गैंग ने पीड़ित दूल्हे दीपक खानझोड़े को फोन किया और धमकी दी कि, दुल्हन को वापस करे और अपने पिता को ले जाए, दुल्हन नहीं लौटाई तो पिता की हत्या कर देंगे.

तीनों गाड़ियां रात को वहां से निकली तो कुछ दूरी पर उन्हें ऐसा लगा कि एक कार उनका पीछा कर रही है, उन्होंने उस कार को रुकवाया, उसमें बैठे लोगों की पिटाई कर उनके पास से नगद 12 से 15 हजार रूपये छीन कर कार की तोड़फोड़ भी की. ये सब संदेह में हुआ क्योंकि जिस कार की तोड़फोड़ आरोपियों ने की वह कार नांदेड़ की थी उसमें बैठे मुसाफिरों का आरोपियों और पीड़ित दूल्हे से कोई लेना देना नहीं था.

DELHI : बंद कमरे में युवती ने की आत्महत्या? कॉलेज में लास्ट ईयर के एग्जाम में हुई थी फेल

0

दिल्ली के प्रेम नगर में 23 साल की युवती अपने घर में मृत पाई गई. पुलिस को शक है कि यह आत्महत्या का मामला है क्योंकि कमरा अंदर से बंद था और घर में कोई भी मौजूद नहीं था.दिल्ली के प्रेम नगर इलाके में एक 23 साल की युवती अपने घर में मृत पाई गई. पुलिस को शक है कि यह आत्महत्या का मामला है. एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी. मृतक की पहचान अंजली सिंह के रूप में हुई है. सोमवार को उसकी बहन और पड़ोसी ने उसे उसके कमरे में बेसुध पाया.

पुलिस ने बताया कि उसके पिता 51 साल के विनोद कुमार सिंह ने बताया कि घटना के समय वह और उनकी पत्नी काम पर गए हुए थे, जबकि उनका बेटा और दूसरी बेटी घर पर नहीं थे. परिवार के अनुसार, जिस कमरे में अंजली मिली थी, वह अंदर से बंद था. बाद में एक पड़ोसी और उसकी बहन ने लोहे की छड़ की मदद से दरवाजा जबरदस्ती खोला. पुलिस ने बताया कि उसका शव कमरे के अंदर बिस्तर पर पड़ा मिला.

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि अंजली ने कथित तौर पर छत के पंखे से बंधे कपड़े के टुकड़े से फांसी लगा ली थी. संदेह है कि फंदा ढीला हो गया होगा या टूट गया होगा, जिसके कारण वह बिस्तर पर पड़ी मिली. परिवार के सदस्यों ने पुलिस को बताया कि अंजली इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) से लाइब्रेरी साइंस कोर्स की लास्ट ईयर की छात्रा थी. उन्होंने बताया कि लगभग एक सप्ताह पहले उसके एगजाम का रिजल्ट आया था, जिसमें वह फेल हो गई थी और डिप्रेशन में थी.

पुलिस ने बताया कि परिवार ने किसी भी प्रकार की साजिश का आरोप नहीं लगाया है और प्रारंभिक जांच में शव पर कोई सुसाइड नोट या बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं. मामले में कानून के अनुसार जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस ने आगे बताया कि मृत्यु के सटीक कारण का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की जांच जारी है.

नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)

ENTERTAINMENT : अक्षय खन्ना की पत्नी का रोल करने में हिचक रही थीं सौम्या टंडन? ऐसे हुईं राजी

धुरंधर फिल्म में सौम्या टंडन का छोटा लेकिन धमाकेदार रोल रहा है. भाभीजी घर पर हैं फेम एक्ट्रेस हालांकि पहले इसे करने से हिचक रही थीं. लेकिन आदित्य धर के विजन ने उन्हें सोचने पर मजबूर कर दिया. उनका किरदार लोगों को इतना पसंद आया कि फिल्म के क्लिप्स तक वायरल हो रहे हैं.

धुरंधर फिल्म बॉक्स ऑफिस से लेकर सोशल मीडिया तक, हर प्लेटफॉर्म पर कमाल कर रही है. छोटे हो या बडे़- फिल्म के हर किरदार फैंस के बीच जबरदस्त हिट हो रहे हैं. फिल्म में भाभीजी घर पर हैं शो फेम सौम्या टंडन ने भी अक्षय खन्ना की पत्नी का किरदार निभाया है. रोल बहुत छोटा-सा है लेकिन दर्शकों पर जमकर असर छोड़ रहा है और सौम्या की खूब तारीफ हो रही है. लेकिन एक्ट्रेस बताती हैं कि पहले वो इस किरदार को करने के लिए राजी नहीं थीं, फिर कैसे मानी वो कहानी दिलचस्प है.

सौम्या का फिल्म से एक सीन इन दिनों खूब वायरल हो रहा है, जहां वो अक्षय खन्ना को थप्पड़ मारती दिख रही हैं. इस क्लिप को वायरल कर फैंस कह रहे हैं कि एक खूंखार आतंकवादी भी पत्नी के आगे झुक जाता है. दर्शक इसे बहुत पसंद कर रहे हैं. लेकिन सौम्या ने बताया कि पहले वो इसे छोटा-सा किरदार समझ करने को राजी नहीं हो रही थीं, फिर कैसे हां की, इसकी वजह उन्होंने पिंकविला से बातचीत में जाहिर की.

सौम्या ने अपना घर दिखाते हुए बताया कि उनके घर के डाइनिंग हॉल में रखा एक सोफा उनके लिए बेहद लकी है. इन दिनों वो यही मानने लगी हैं. इसकी वजह बताते हुए एक्ट्रेस बोलीं- दो बार इसी सोफे पर बैठे हुए मुझे दो बड़ी फिल्मों के ऑफर मिले. मैं यहीं इस सोफे पर बैठी थी. और मुझे कॉल आया कि धुरंधर की टीम मुझसे मिलना चाहती है. उन्होंने मुझे बताया कि ये किरदार है, जिसके लिए मुझे चुना गया है. पर मैंने कहा कि ये तो फिल्म का बहुत छोटा पार्ट है.

सौम्या को तब लगा कि वो छोटा-सा किरदार फिल्म में कैसे नोटिस हो पाएगा. इसलिए वो इसे करने से हिचक रही थीं. सौम्या ने आगे बोलीं- मुझे फिल्म के बारे में कुछ नहीं पता था, क्या कहानी है, किस बारे में हैं. किस तरह बनेगी. लेकिन आदित्य धर का काम मुझे बहुत पसंद आता है. उनके बारे में अपने दोस्तों से मैंने इतनी अच्छी बातें सुनी हैं. वो बहुत अच्छे इंसान हैं. तो मेरे दिल में ये ख्वाहिश जरूर थी कि मैं उनके साथ काम करूं.

मैं थोड़ी सी कन्फ्यूज थी तब तो मैंने ओजस गौतम से बात की, जो इस फिल्म के लिए काम कर रहे थे. उन्होंने मुझे समझाया कि आदित्य को ऐसा लगता है आपने हमेशा ऐसे किरदार किए जो बहुत लाइट हार्टेड किए. आपकी एंकरिंग में भी आप बहुत वाइब्रेंट रहती हैं. मगर इस रोल में आपको बहुत साइलेंट रहना है और ये बहुत इंटेंस है तो लोगों को बहुत मजा आएगा. आपको ऐसे देखने में इस तरह से. और साथ ही उन्होंने ये कहा कि- हां रोल छोटा जरूर है लेकिन जितना भी रहेगा उसका असर बहुत जोरदार रहेगा. बस फिल्म कर लो.

सौम्या ने बताया कि उन्हें ये जानकर अच्छा कितना लगा. तब सोचा कि अगर डायरेक्टर रेडी है मुझे अलग तरह से दिखाने के लिए तो क्यों नहीं. फिर वो फिल्म करने को राजी हो गईं. इसके बाद उन्हें दूसरी फिल्म भी वहीं उसी सोफे पर बैठे ऑफर हुई.

NATIONAL : बाड़मेर में 12वीं की छात्रा को स्कॉर्पियो सवार युवकों ने किया अगवा, फिर नदी किनारे ले जाकर किया गैंगरेप

0

बाड़मेर में 12वीं की छात्रा से गैंगरेप का मामला सामने आया है. बताया जाता है कि छात्रा जब स्कूल से लौट रही थी, तभी स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने उसे किडनैप कर लिया. फिर नदी किनारे ले जाकर दरिंदगी की.

राजस्थान के बाड़मेर में चाकू की नोंक पर स्कूली छात्रा का अपहरण कर गैंगरेप करने का मामला सामने आया है. आरोप है कि बदमाशों ने स्कूल से लौट रही छात्रा को किडनैप कर स्कॉर्पियो में सुनसान जगह पर ले गए. जहां उसके साथ दरिंदगी की. पूरा घटनाक्रम बाड़मेर जिले के गुड़ामालानी थाना क्षेत्र में 12 दिसंबर को घटित हुई.पुलिस ने पीड़ित छात्रा के पिता की रिपोर्ट के आधार पर पॉक्सो एक्ट समेत बीएनएस की अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. गुड़ामालानी थानाधिकारी सुरेंद्र विश्नोई के मुताबिक नाबालिग स्कूली छात्रा के पिता ने पुलिस को रिपोर्ट देकर बताया कि उनकी 17 वर्षीय बेटी जो 12वीं की स्टूडेंट है.

12 दिसंबर को स्कूल की छुट्टी होने के बाद घर लौट रही थी. पिता का आरोप है कि बीच रास्ते में स्कॉर्पियो में सवार होकर आए 2 बदमाश युवकों ने उसकी गर्दन पर चाकू रख दिया और जबरदस्ती धकेलकर स्कॉर्पियो में डाल दिया. इसके बाद बदमाश उसे नदी के रास्ते सुनसान जगह पर ले गए. जहां बारी -बारी से उसके साथ दरिंदगी की.

पुलिस ने बताया कि नाबालिग के चिल्लाने और आसपास लोगों को आता-जाता देख आरोपी स्कूली छात्रा को मौके पर ही छोड़कर भाग निकले. इसके बाद शाम करीब 7 बजे पीड़िता अपने घर पहुंची. जिसके बाद मां ने देरी से आने का कारण पूछा. इस पर पीड़िता ने आपबीती अपनी मां को बताई.नाबालिग स्कूली छात्रा के पिता किसी शादी समारोह के चलते बाहर गए हुए थे. 14 दिसंबर की रात जब वह घर लौटे तो उन्होंने एफआईआर दर्ज कराई. थानाधिकारी सुरेंद्र विश्नोई के अनुसार परिवादी की रिपोर्ट पर पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी है. मामले की जांच गुड़ामालानी डीएसपी सुखराम विश्नोई कर रहे हैं. जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे.

- Advertisement -

News of the Day