Monday, June 22, 2026
Home Blog Page 31

PUNJAB : बोरवेल में गिरे बच्चे को नौ घंटे बाद सुरक्षित निकाला

0

चंडीगढ़, 16 मई (हि.स.)। पंजाब के होशियारपुर के गांव चक्क समाना में शुक्रवार शाम करीब चार बजे बोरवेल में गिरे चार वर्षीय बच्चे को एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पंजाब पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय निवासियों के सहयोग से करीब नौ घंटे बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

बोरवेल में गिरे बच्चे गुरकरन सिंह (पुत्र हरिंदर और आशा, मजदूर) को रात करीब 12:40 बजे बोरवेल से बाहर निकाला गया और तुरंत मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया।

उपायुक्त आशिका जैन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मलिक ने रेस्क्यू अभियान का शुरुआत से नेतृत्व किया और पूरे अभियान को सफल बनाने के लिए टीमों की दृढ़ता की भरपूर सराहना की। बचाव कार्य सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद उपायुक्त ने बताया कि बच्चे को बचाने के बाद एंबुलेंस में चिकित्सकों की टीम के साथ आगे की जांच के लिए अस्पताल भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि शाम करीब 4 बजे यह घटना हुई और सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए थे।

उन्होंने बताया कि गुरकरन अपने घर के बगल में खुले बोरवेल में गिर गया था, जो कल खोदा जा रहा था। बोरवेल के बिल्कुल बगल में 30 फीट से अधिक गहरा गड्ढा खोदने के बाद बचाव टीमों ने बोर के साथ एक तंग रास्ता बनाकर शाफ्ट तक पहुंच कर काफी मशक्कत के बाद बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला। बच्चा बोरवेल में गिरने के बाद करीब 30 फीट की गहराई पर फंस गया था। बचाव कार्य तेज करने के लिए जरूरी मशीनरी मौके पर लाई गई। जिला प्रशासन ने शाफ्ट में कैमरा और ऑक्सीजन पाइप भी नीचे उतारा, जिससे बच्चे की हरकतों को फुटेज के जरिए देखा जा रहा था।

उपायुक्त ने कहा कि एनडीआरएफ की टीम (40 से अधिक सदस्य) ने अपनी विशेषज्ञता से इस कठिन समय में ऑपरेशन को सुरक्षित ढंग से सफल बनाया।

इस दौरान पंजाब के जेल मंत्री डॉ. रवजोत सिंह और होशियारपुर से लोकसभा सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल, जो पूरे बचाव अभियान के दौरान मौके पर मौजूद रहे, ने गुरकरन को बचाने के लिए सभी टीमों द्वारा किए गए अथक प्रयासों की सराहना की। डॉ. रवजोत सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन ने एनडीआरएफ, अन्य टीमों और स्थानीय गांव वासियों की मदद से बच्चे को बोरवेल से बाहर निकालने के लिए पुख्ता प्रबंध किए, जिनकी वजह से गुरकरन की जान बच सकी।

सांसद डॉ. चब्बेवाल ने कहा कि यह बहुत नाजुक ऑपरेशन था और टीमों के लगातार प्रयासों से करीब सात घंटे की जद्दोजहद के बाद इसे सफल बनाया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मलिक ने भी बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बचाव टीमों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि टीमों का जज्बा बेहद सराहनीय था, जिसकी वजह से गुरकरन की जान बच गई।

RAJASTHAN : राजस्थान में गर्मी से मिली राहत, कई शहरों में तापमान गिरा

0

जयपुर, 16 मई (हि.स.)। राजस्थान में शुक्रवार को भीषण गर्मी और हीटवेव से लोगों को आंशिक राहत मिली। प्रदेश के बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर, श्रीगंगानगर समेत अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ गई। राजधानी जयपुर सहित कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया, जिससे लोगों को राहत महसूस हुई। हालांकि धूप और उमस का असर कई क्षेत्रों में बना रहा।

मौसम विभाग ने शनिवार को राज्य के छह जिलों में आंधी और हल्की बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं 18 मई से पश्चिमी राजस्थान में गर्मी दोबारा तेज होने और कई जिलों में सीवियर हीटवेव चलने की संभावना जताई गई है।

प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम अधिकांशतः साफ रहा, लेकिन तापमान में गिरावट देखी गई। फलोदी राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस रहा। चित्तौड़गढ़ में 44.2 डिग्री, टोंक के वनस्थली में 43.6 डिग्री और अलवर में 43 डिग्री तापमान मापा गया।

जयपुर में अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से कम रहा। शहर में दोपहर के समय हल्की धूप और शाम को हवा चलने से मौसम कुछ नरम हुआ। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भी जयपुर में हल्के बादल और आंधी की संभावना है। अजमेर में तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पिछले दिन की तुलना में दो डिग्री कम था। हालांकि तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दिनभर गर्मी बनी रही। जोधपुर में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस मापा गया, जबकि सीकर में तापमान गिरकर 39 डिग्री पर पहुंच गया, जिससे लोगों को राहत मिली।

उदयपुर में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रहा, जो एक दिन पहले की तुलना में 1.1 डिग्री कम रहा। वहीं कोटा में तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस रहा और गर्म हवाओं का असर बना रहा। इस बीच जयपुर के शिवदासपुरा क्षेत्र में 14 मई को आए तेज अंधड़ के दौरान एक गृह प्रवेश समारोह में टेंट गिरने से घायल हुई 55 वर्षीय महिला मुन्नी देवी की शुक्रवार को मौत हो गई। हादसे में कुल छह लोग घायल हुए थे।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले सप्ताह से गर्मी दोबारा प्रचंड रूप ले सकती है।

पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर, जैसलमेर, बीकानेर और जोधपुर संभाग में तापमान में पुनः वृद्धि होने की संभावना है। मई के अंत तक तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है, लेकिन हीटवेव का असर फिर गंभीर हो सकता है।

राज्यभर में फिलहाल लोगों को कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन आने वाले दिनों में गर्मी के और तीखे तेवर देखने को मिल सकते हैं।

SPORTS : पंत ने बताया क्यों नहीं उतरे बल्लेबाजी करने, बोले- “ज्यादा सोच टीम को नुकसान पहुंचा सकती है”

0

लखनऊ, 16 मई (हि.स.)। लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के कप्तान ऋषभ पंत चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मुकाबले में उस समय बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरे, जब टीम ने लक्ष्य का पीछा करते हुए लगातार तीन विकेट गंवा दिए थे। मैच के बाद पंत ने खुलासा किया कि यह फैसला उन खिलाड़ियों को मौका देने के लिए लिया गया, जिन्हें आईपीएल 2026 में ज्यादा बल्लेबाजी का अवसर नहीं मिला था।

188 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए एलएसजी ने 12वें ओवर तक बिना विकेट खोए 135 रन बना लिए थे। इसके बाद टीम ने नौ रन के भीतर तीन विकेट गंवा दिए। इसके बावजूद ऋषभ पंत बल्लेबाजी के लिए नहीं आए। निकोलस पूरन के बाद अब्दुल समद और मुकुल चौधरी को बल्लेबाजी के लिए भेजा गया। आखिरकार एलएसजी ने सात विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

मैच के बाद पंत ने कहा, “मैं बल्लेबाजी के लिए तैयार था, लेकिन टीम मैनेजमेंट की ओर से विचार आया कि क्यों न उन खिलाड़ियों को मौका दिया जाए जिन्हें इस सीजन में ज्यादा अवसर नहीं मिले हैं। मैं लगातार सोच रहा था कि मुझे जाना चाहिए या नहीं, क्योंकि मैं मैदान पर उतरना चाहता था। लेकिन कभी-कभी आपको टीम के सोच और फैसले का सम्मान करना पड़ता है।”

इस सीजन में पंत ने नंबर-4 से नीचे बल्लेबाजी नहीं की है। उन्होंने 11 पारियों में सात बार नंबर-3, तीन बार नंबर-4 और एक बार ओपनिंग की है। मैच के दौरान भी वह पैड पहनकर डगआउट में बैठे नजर आए थे।

एलएसजी ने इस सीजन में कई बार अपनी ओपनिंग जोड़ी बदली। फिलहाल मिशेल मार्श और जोश इंग्लिस टीम के नियमित ओपनर हैं। एडेन मार्करम ने भी टीम के लिए ओपनिंग की है। टीम ने विदेशी खिलाड़ियों को शीर्ष क्रम में उतारने की रणनीति अपनाई थी, लेकिन यह लगातार सफल नहीं हो सकी। इंग्लिस लंबे समय तक टीम से बाहर रहे, जबकि मार्करम और निकोलस पूरन भी उम्मीद के मुताबिक रन नहीं बना सके।

रणनीति पर बात करते हुए पंत ने कहा, “हमारा पहला विचार यही था कि दो विदेशी बल्लेबाज ओपनिंग करें और निकी (निकोलस पूरन) नंबर-3 पर बल्लेबाजी करें। लेकिन कई बार सोच को मैदान पर सही तरीके से लागू करना मुश्किल हो जाता है। हमें अपनी टीम पर भरोसा है, लेकिन निराशा तब होती है जब आपको पता हो कि आपकी टीम में क्षमता है, फिर भी छोटी-छोटी रणनीतिक बातों के कारण आप अपनी योजनाओं को लागू नहीं कर पाते।”

उन्होंने आगे कहा, “मेरे हिसाब से टीम को सबसे ज्यादा नुकसान ज्यादा सोच से हो सकता है।”

यह पहला मौका नहीं है जब पंत ने ड्रेसिंग रूम में कई लोगों की राय को लेकर टिप्पणी की हो। इससे पहले कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ सुपर ओवर में मिली हार के बाद भी उन्होंने कहा था कि “बहुत ज्यादा दिमाग मैदान पर फैसले लेना आसान नहीं बनाते।”

एलएसजी के सपोर्ट स्टाफ में क्रिकेट निदेशक टॉम मूडी, मुख्य कोच जस्टिन लैंगर, रणनीतिक सलाहकार केन विलियमसन, तेज गेंदबाजी कोच भरत अरुण, सहायक कोच लांस क्लूजनर और रयान कुक, तथा स्पिन गेंदबाजी कोच कार्ल क्रो शामिल हैं।

BUSINESS : व्यापार संबंधों में नया मोड़: राष्ट्रपति ट्रंप का दावा- चीन 200 बोइंग जेट खरीदेगा, खबर के बाद शेयर 4% गिरे

चीन अमेरिका से 200 बोइंग जेट खरीदने पर सहमत हो गया है। ये दावा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने किया है। हालांकि, अनुमान 500 जेट के ऑर्डर का था। अमेरिकी वित्त मंत्री ने ट्रंप के बीजिंग दौरे से पहले कहा था कि चीन बड़े बोइंग ऑर्डर की घोषणा कर सकता है। नौ साल पहले जब ट्रंप 2017 में चीन दौरे पर गए थे तब बीजिंग ने 300 बोइंग विमान खरीदने पर सहमति व्यक्त की थी। अमेरिका-चीन व्यापार संबंधों में कौन सा नया मोड़ आने के संकेत मिल रहे हैं? जानिए इस खबर में

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फॉक्स न्यूज चैनल को बताया कि चीन 200 बोइंग जेट खरीदने पर सहमत हो गया है। यह पहला मौका है जब बीते लगभग एक दशक में अमेरिका में निर्मित वाणिज्यिक जेट को चीन खरीदने वाला है। हालांकि, अमेरिका और चीन के बीच होने वाले इस सौदे का विवरण सार्वजनिक नहीं किया गया है। हालांकि, रिपोर्ट्स के मुताबिक खरीदारी की ये खबर आने के बाद बोइंग के शेयर में करीब 4 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है।

ट्रंप के इस बयान के बावजूद ये स्पष्ट नहीं हो सका है कि उन्होंने सिंगल-आइजल 737 मैक्स या बड़े और अधिक महंगे ट्विन-आइजल 777X या 787 जेट में जिक्र कौन से मॉडल के विमान का किया है। खास बात ये है कि बोइंग मुख्य कार्यकारी अधिकारी केली ऑर्टबर्ग और जीई एयरोस्पेस मुख्य कार्यकारी अधिकारी लैरी कल्प उन अमेरिकी अधिकारियों के समूह में शामिल थे जो ट्रंप के साथ चीन गए थे।

बता दें कि नवंबर 2017 में ट्रंप की यात्रा के दौरान, बीजिंग ने 300 बोइंग विमान खरीदने पर सहमति व्यक्त की थी। करीब नौ साल के बाद चीन दौरे पर गए ट्रंप की जिनपिंग के साथ द्विपक्षीय बैठक से पहले अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा था कि ट्रंप की बीजिंग यात्रा के दौरान एक बड़े बोइंग ऑर्डर की घोषणा की उम्मीद है। हालांकि, 200 की संख्या अमेरिका की उम्मीद से कम है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक उद्योग जगत के सूत्रों ने चर्चा के दौरान कम से कम 500-जेट के सौदे की उम्मीद जताई थी। ऐसे में 200 बोइंग की खरीदारी पर सहमति आंकड़ों के लिहाज से काफी कम है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक चीन में हवाई यात्रा करने वाले लोगों की संख्या बढ़ रही है। एयरलाइंस विमानों की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। ऐसे में मौजूदा स्थिति में जितने विमानों की जरूरत है, उसके मुकाबले 200 बोइंग जेट की डील आवश्यक नए विमानों की संख्या से काफी कम है।

अमेरिका और चीन के बीच व्यापार को लेकर हुए विवादों के कारण बोइंग दुनिया के दूसरे सबसे बड़े विमानन बाजार से बाहर हो गया है। बोइंग कंपनी को बीजिंग और वाशिंगटन के बीच तनाव के अलावा दो दुर्घटनाओं के बाद उपजी चिंताओं के कारण भी मार झेलनी पड़ी है। बोइंग उत्पादन समस्याओं के अलावा 737 मैक्स मॉडल से जुड़े संकट का भी सामना कर रहा है। नकारात्मकता के बीच प्रतिद्वंद्वी कंपनी- एयरबस ने चीनी बाजार में अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। यूरोपीय विमान निर्माता- एयरबस ने साल 2008 में तियानजिन में ए320 की असेंबली लाइन खोली। इससे चीनी एयरलाइंस को लुभाने में मदद मिली।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक चीन का विमानन बाजार इतना बड़ा है कि वह एयरबस जैसे केवल एक विमान निर्माता कंपनी पर निर्भर नहीं रह सकता। बोइंग और एयरबस दोनों के बाजार अनुमानों के अनुसार, चीन को 2045 तक कम से कम 9,000 नए जेटलाइनर की जरूरत होगी।

खबरों के मुताबिक ट्रंप ने अमेरिका के बीच व्यापार वार्ताओं के दौरान बोइंग विमानों की खरीद बढ़ाने के लिए कई देशों पर आक्रामक रूप से दबाव डाला था। उद्योग जगत के सूत्रों के अनुसार, बोइंग सौदे पर अमेरिका और चीन के बीच कई महीनों से बातचीत चल रही थी। हालांकि, भू-राजनीतिक तनाव और व्यापार विवाद के कारण प्रयास विफल रहे। बोइंग मुख्य कार्यकारी अधिकारी ऑर्टबर्ग ने पिछले महीने रॉयटर्स को बताया था कि ट्रंप प्रशासन से मिल रहे समर्थन के कारण कंपनी को पूरी उम्मीद है कि बोइंग चीन के साथ एक बड़े सौदे को अंतिम रूप देने में सफल रहेगी।

UP : उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश का तांडव! मौत का आंकड़ा 111 पहुंचा, सबसे ज्यादा प्रयागराज में 26 मौतें

0

उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश के कारण सबसे ज्यादा 26 मौतें प्रयागराज और 16 मौतें भदोही में हुईं। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी इन मौतों पर दुख जताया।

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज तूफान और भारी बारिश के कारण पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गये और मकानों को नुकसान पहुंचा तथा कम से कम 111 लोगों की मौत हो गयी और 72 लोग घायल हो गये। राहत आयुक्त कार्यालय ने यह जानकारी दी । सबसे ज्यादा 26 मौतें प्रयागराज और 16 मौतें भदोही में हुईं। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी इन मौतों पर दुख जताया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को बेमौसम बारिश, आंधी और बिजली गिरने से हुई जानमाल की हानि और क्षति का संज्ञान लिया तथा अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने का निर्देश दिया। राहत आयुक्त कार्यालय ने बृहस्पतिवार शाम जारी एक बयान में कहा, ‘‘13 मई को खराब मौसम, तूफान, बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने के कारण 26 जिलों से 111 लोगों की मौत की खबरें मिलीं। राज्य में 72 लोग घायल हुए, 170 पशु हानि और 227 घरों को नुकसान हुआ।’


विभिन्न जिलों से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार प्रयागराज में 26, भदोही में 16, फतेहपुर में नौ, बदायूं में पांच, प्रतापगढ़ में चार, चंदौली और कुशीनगर में दो-दो तथा सोनभद्र में एक व्यक्ति की मौत हुई है। प्रयागराज जिला प्रशासन के अनुसार यहां बुधवार की घटनाओं में कुल 26 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। भदोही में 16 मौतें हुई हैं।

फतेहपुर में अपर जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में नौ लोगों की मौत हुई है और 16 घायल हुए हैं। प्रतापगढ़ में आंधी-तूफान और बारिश के कारण चार लोगों की मौत हुई है। कानपुर देहात में बिजली गिरने से एक युवती सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि देवरिया में दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की जान गई। सोनभद्र में पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की मौत हुई।

महाराष्ट्र, राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कई शहरों में गुरुवार को तापमान 40°C के पार दर्ज किया गया। महाराष्ट्र का अकोला 45.9°C के साथ देश में सबसे गर्म रहा। जलगांव, वर्धा और अमरावती में भी पारा 45°C के ऊपर दर्ज हुआ।

राजस्थान के फलोदी में तापमान 45.2°C, जैसलमेर और बाड़मेर में 45.1°C रिकॉर्ड हुआ। श्रीगंगानगर में 44.8°C और जोधपुर में 44°C पारा रहा। जयपुर, बीकानेर और नागौर में दिनभर हीटवेव जैसे हालात रहने के बाद शाम को बारिश हुई। इससे गर्मी से थोड़ी राहत मिली।

इधर, यूपी में बांदा राज्य का सबसे गर्म जिला रहा। यहां तापमान 45.2°C रहा। इसके अलावा गुजरात का भावनगर 45.2°C और मध्य प्रदेश का खंडवा 44.5°C के साथ अपने राज्य के सबसे ज्यादा गर्म शहर थे।

WORLD : ‘हमलावरों को दी पनाह’: ईरान ने UAE पर लगाए गंभीर आरोप, कहा- ये मददगार नहीं बल्कि खुद एक हमलावर है

0

नई दिल्ली में ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक में ईरान ने संयुक्त अरब अमीरात पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ईरान के उप विदेश मंत्री ने कहा कि यूएई ने ईरान पर हुए सैन्य हमले में हमलावरों की मदद की है। ईरान ने इसके पुख्ता सबूत संयुक्त राष्ट्र को सौंप दिए हैं।

नई दिल्ली में चल रही ब्रिक्स देशों की बैठक के दूसरे सत्र के दौरान ईरान और संयुक्त अरब अमीरात के बीच भारी तनाव देखने को मिला। ईरान ने भरे मंच से खुलेआम आरोप लगाया कि जब उसके ऊपर सैन्य हमले हो रहे थे, तब संयुक्त अरब अमीरात ने हमलावरों का बहुत बड़ा साथ दिया था।

उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि ईरान पर हुए सैन्य हमले को बढ़ावा देने और उसे आसान बनाने में संयुक्त अरब अमीरात ने एक बहुत ही अहम भूमिका निभाई थी। गरीबाबादी ने यह कड़ा जवाब तब दिया जब संयुक्त अरब अमीरात के विदेश राज्य मंत्री ने बिना किसी पक्के आधार के ईरान पर ही हमलावर होने का आरोप लगा दिया था। ईरान ने पलटवार करते हुए कहा कि जो देश खुद तनाव बढ़ाता है और हमले में शामिल रहता है, उसे ईरान पर राजनीतिक आरोप लगाने का कोई हक या वैधता नहीं है।


ईरान के उप विदेश मंत्री ने 1974 के संयुक्त राष्ट्र महासभा के प्रस्ताव का हवाला देते हुए इस मुद्दे पर एक बहुत बड़ी बात कही है। उन्होंने दुनिया को समझाया कि जब कोई देश हमलावरों को अपने यहां सुविधाएं देता है और उनकी सेवा करता है, तो उसे सिर्फ मदद करना नहीं कहा जा सकता। ऐसा करना अपने आप में एक सीधा हमला माना जाता है। इसलिए, ईरान की नजर में संयुक्त अरब अमीरात सिर्फ एक अपराध का साझीदार नहीं है, बल्कि वह खुद एक बड़ा हमलावर है। ईरान ने कड़े शब्दों में कहा है कि हमारे पड़ोसी देश ने जो किया है, वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर युद्ध के समान है।

ईरान ने साफ कर दिया है कि वह हवा में कोई बात नहीं कर रहा है, बल्कि उसके पास हर एक हमले के पक्के सबूत हैं। भारत में मौजूद ईरान के दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी दी है कि ईरान ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को 120 आधिकारिक राजनयिक नोटिस भेजे हैं। ईरान का दावा है कि उसके पास संयुक्त अरब अमीरात से उड़ान भरने वाले हर एक लड़ाकू विमान का पूरा और पक्का रिकॉर्ड है। किस विमान ने किस तारीख को, कितने बजे और किस रास्ते से उड़ान भरी, यह सारी पक्की जानकारी इन 120 नोटिसों में सबूत के तौर पर संयुक्त राष्ट्र को पहले ही सौंप दी गई है।

ईरान ने बहुत ही स्पष्ट शब्दों में बताया है कि जब उसके आम नागरिकों और जरूरी बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया जा रहा था, तब वह चुपचाप इसे बर्दाश्त नहीं कर सकता था। खासकर तब, जब उसका अपना पड़ोसी देश संयुक्त अरब अमीरात हमलावरों का साथ दे रहा था। ऐसे हालात में ईरान के पास अपनी हिफाजत के लिए संयुक्त अरब अमीरात में मौजूद अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाने के अलावा कोई और रास्ता नहीं बचा था। ईरान ने उन सभी सुविधाओं और ठिकानों पर हमला किया जहां अमेरिका की हिस्सेदारी थी। ईरान का कहना है कि उसने जो कुछ भी किया है, वह अपनी रक्षा करने के जन्मसिद्ध अधिकार के तहत किया है और यह संयुक्त राष्ट्र के नियमों के बिल्कुल अनुकूल है।

NATIONAL : चारधाम यात्रा में 25 दिनों में 40 श्रद्धालुओं की मौत, केदारनाथ में सबसे ज्यादा

0

चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार रिकॉर्ड बना रही है। 19 अप्रैल से शुरू हुई यात्रा में 13 मई तक 12 लाख 64 हजार 217 श्रद्धालु चारों धामों के दर्शन कर चुके हैं। लेकिन दूसरी ओर यात्रा के दौरान मौतों का आंकड़ा भी लगातार बढ़ रहा है।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र की 14 मई सुबह 10 बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार अब तक चारधाम यात्रा में 40 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है। सबसे ज्यादा 22 मौतें केदारनाथ धाम में दर्ज की गई हैं। वहीं बद्रीनाथ में 7, यमुनोत्री में 6 और गंगोत्री में 5 श्रद्धालुओं की जान गई है।

सरकार लगातार बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और मेडिकल तैयारियों का दावा कर रही है, लेकिन लगातार बढ़ते मौत के आंकड़े यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य चुनौतियों और हाई एल्टीट्यूड से जुड़ी परेशानियों की गंभीरता भी दिखा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि अधिकांश मौतें हार्ट अटैक, हाई एल्टीट्यूड सिकनेस, हाइपरटेंशन और अन्य स्वास्थ्य कारणों से हुई हैं।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार चारधाम यात्रा में अब तक हुई अधिकांश मौतें स्वास्थ्य खराब होने, हार्ट अटैक और हाई एल्टीट्यूड सिकनेस जैसी समस्याओं के कारण हुई हैं। यात्रा मार्ग ऊंचाई वाले क्षेत्रों से होकर गुजरता है, जहां ऑक्सीजन का स्तर कम होने और लगातार चढ़ाई की वजह से बुजुर्गों और पहले से बीमार यात्रियों की तबीयत बिगड़ने के मामले सामने आ रहे हैं।

चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले सरकार ने कई समीक्षा बैठकें की थीं। सभी विभागों को यात्रा शुरू होने से पहले तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए थे। सरकार का दावा है कि यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य सेवाओं, डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की पर्याप्त व्यवस्था की गई है।

यात्रियों के लिए एडवाइजरी भी जारी की गई थी, जिसमें बुजुर्गों, हाई ब्लड प्रेशर, शुगर और हृदय रोग से पीड़ित लोगों को स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी गई थी। स्वास्थ्य मंत्री ने भी यात्रियों से सावधानी बरतने और शरीर में परेशानी होने पर तुरंत रुकने की अपील की है।

NATIONAL : पश्चिम बंगाल के स्कूलों में ‘वंदे मातरम’ का गायन अनिवार्य, शुभेंदु अधिकारी की सरकार ने जारी किया आदेश

0

ममता बनर्जी के पिछले निर्देश को रद्द करते हुए पश्चिम बंगाल सरकार ने स्कूल शिक्षा विभाग के अधीन आने वाले राज्य के सभी विद्यालयों में पठन-पाठन शुरू होने से पहले स्कूल सभा या प्रात:कालीन प्रार्थना के समय भारत का राष्ट्रगान ‘वंदे मातरम’ गाना तत्काल प्रभाव से अनिवार्य कर दिया है।

कोलकाता: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने ‘ वंदे मातरम ‘ को लेकर बड़ा ऐलान किया है। पश्चिम बंगाल सरकार के स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से जारी एक आधिकारिक आदेश के अनुसार राज्य के सभी सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों में सुबह की सभा के दौरान राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ का गायन अनिवार्य होगा। निर्देश में कहा गया है कि स्कूल शुरू होने पर होने वाली सभा में प्रत्येक छात्र को राष्ट्रगीत के गायन में भाग लेना होगा। संस्थानों के प्रमुखों को इस आदेश का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया गया है।

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने विधानसभा परिसर में पत्रकारों से कहा कि अगले सोमवार से राज्य के सभी स्कूलों में प्रार्थना गीत के रूप में ‘वंदे मातरम’ की शुरुआत की जाएगी। उन्होंने देर शाम इस बारे में आदेश अपने एक्स अकाउंट पर शेयर किया। इसमें कहा गया है कि सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों में कक्षाओं की शुरुआत से पहले सुबह की सभा में ‘वंदे मातरम’ का गायन अनिवार्य किया जाना चाहिए, ताकि राज्य के सभी स्कूलों में तत्काल प्रभाव से सभी बच्चे इसे गाएं।

यह कदम केंद्र सरकार द्वारा राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति सम्मान से संबंधित प्रावधानों को मजबूत करने की पहल के कुछ समय बाद आया है। केंद्र सरकार ने ‘राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम अधिनियम, 1971’ में संशोधन का प्रस्ताव रखा है, जिससे वंदे मातरम के गायन में बाधा डालना एक दंडनीय अपराध बन जाएगा। स्कूल शिक्षा विभाग के एक अधिकारी ने गुरुवार को संकेत दिया कि राष्ट्रगीत का गायन प्रारंभिक सभा में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्कूल अधिकारियों को इस कार्यान्वयन के प्रमाण के रूप में वीडियो रिकॉर्डिंग सहित पूरी कार्यवाही का दस्तावेजीकरण करने के लिए भी कहा गया है।

इससे पहले, राज्य के स्कूलों में पारंपरिक रूप से केवल रवींद्रनाथ टैगोर की ओर से रचित राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ ही गाया जाता था। पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार ने 1905 में बंगाल विभाजन के विरोध में टैगोर द्वारा ही लिखे गए गीत ‘बांग्लार माटी बांग्लार जल’ को हाल के वर्षों में राज्य गीत के रूप में पेश किया था। इस सूची में बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय रचित राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के जुड़ जाने और राज्य के स्कूलों में इसका गायन अनिवार्य किए जाने से, सुबह की सभा के सीमित समय में इन सभी गीतों के गायन की अवधि और उनके क्रम को लेकर शिक्षकों के एक वर्ग के बीच सवाल उठने लगे हैं। वामपंथ समर्थित एक शिक्षक संगठन के प्रवक्ता ने कहा कि इस पर और अधिक स्पष्टता का इंतजार है कि क्या सभी गीत दैनिक रूप से गाए जाने हैं और उन्हें वर्तमान समय-सारणी में कैसे समायोजित किया जाएगा।

SPORTS : 6 बॉल में चाहिए थे 15 रन, तिलक वर्मा-विल जैक्स ने पंजाब के मुंह से छीनी जीत, बॉल दर बॉल देखें आखिरी ओवर का रोमांच

0

हिमाचल प्रदेश क्रिकेट ऐसोसिएशन स्टेडियम में पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। इस मैच को मुंबई ने 6 विकेट से जीत लिया।

शार्दुल ठाकुर की धारदार गेंदबाजी बाद तिलक वर्मा के तूफानी अर्धशतक से मुंबई इंडियंस ने इंडियन प्रीमियर लीग में गुरुवार को पंजाब किंग्स को छह विकेट से हरा दिया। मेजबान टीम पंजाब किंग्स की लगातार पांचवीं हार है। पंजाब के 201 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई ने तिलक वर्मा (75 रन, 33 गेंद, छह चौके, छह छक्के) के तेजतर्रार अर्धशतक और विल जैक्स (10 गेंद में नाबाद 25, दो चौके, दो छक्के) के साथ उनकी पांचवें विकेट की 20 गेंद में 56 रन की अटूट साझेदारी से 19.5 ओवर में चार विकेट पर 205 रन बनाकर जीत दर्ज की।

सलामी बल्लेबाज रेयान रिकेल्टन (48) ने भी उम्दा पारी खेली। तिलक ने शेरफेन रदरफोर्ड (20) के साथ भी चौथे विकेट के लिए 61 रन जोड़े। हालांकि मैच काफी ज्यादा रोमांच हो गया था। आखिरी ओवर में जीत के लिए मुंबई इंडियंस को 15 रन की दरकार थी। मैच किसी भी और जा सकता था। आइये बॉल दर बॉल जानते हैं कि आखिरी ओवर में क्या-क्या हुआ और कैसे मुंबई ने जीत दर्ज की।

बॉल दर बॉल देखें आखिरी ओवर का रोमांच

पंजाब किंग्स की तरफ से आखिरी ओवर जेवियर बार्टलेट डाल रहे थे।

19.1- जेवियर बार्टलेट की ओवर की पहली गेंद पर विल जैक्स स्ट्राइक पर थे। उन्होंने पहली बॉल पर ही छक्का लगा दिया।

19.2- ओवर की दूसरी गेंद पर विल जैक्स सिर्फ सिंगल ही ले पाए। इसके बाद तिलक वर्मा स्ट्राइक पर आ गए थे।

19.3- ओवर की तीसरी गेंद पर तिलक वर्मा स्ट्राइक पर थे। लेकिन इस बॉल पर कोई रन नहीं आया। यह गेंद डॉट रही। इसके बाद अब मुंबई को 3 गेंद में 8 रन की जरूरत थी।

19.4- ओवर की चौथी बॉल पर तिलक वर्मा ने जेवियर बार्टलेट को शानदार छक्का लगाया। इसके बाद एमआई को जीत के लिए 2 बॉल में 2 रन चाहिए थी।

19.5- ओवर की पांचवीं बॉल पर तिलक वर्मा ने छक्का लगाया और मुंबई को जीत दिला दी।

NATIONAL : विजय के फ्लोर टेस्ट के बाद AIADMK में फूट: बागी गुट ने खोला मोर्चा, क्या तमिलनाडु में भी शिवसेना जैसा ही संकट आने वाला है?

0

चेन्नई में अन्नाद्रमुक के भीतर सियासी संग्राम अब खुलकर सामने आ गया है। पार्टी महासचिव एडप्पाडी के पलानीस्वामी और बागी गुट के बीच टकराव गुरुवार को और गहरा गया। पार्टी के दो वरिष्ठ नेता सीवी शनमुगम और एसपी वेलुमणि अपने समर्थक विधायकों और नेताओं के साथ अलग-अलग बैठकों में जुटे और आगे की रणनीति पर मंथन किया।

दरअसल, तमिलनाडु विधानसभा में बुधवार को हुए फ्लोर टेस्ट के दौरान अन्नाद्रमुक में खुली बगावत देखने को मिली। बागी गुट के 25 विधायकों ने पार्टी लाइन से हटकर सत्तारूढ़ टीवीके सरकार के पक्ष में मतदान किया। इसके बाद पलानीस्वामी ने कड़ा कदम उठाते हुए शनमुगम, वेलुमणि समेत कई नेताओं और विधायकों को पार्टी पदों से हटा दिया।अब सियासी लड़ाई कानूनी मोर्चे तक पहुंच गई है। शनमुगम-वेलुमणि गुट ने विधानसभा अध्यक्ष से पलानीस्वामी और उनके समर्थक 22 विधायकों को अयोग्य घोषित करने की मांग की है।

बागी गुट का दावा है कि फ्लोर टेस्ट के दौरान पार्टी व्हिप का पालन 25 विधायकों ने किया, जबकि पलानीस्वामी गुट ने निर्देशों की अनदेखी की।पार्टी सूत्रों के मुताबिक शनमुगम-वेलुमणि खेमे का दावा है कि उनके पास पलानीस्वामी से अधिक विधायकों का समर्थन है। यही वजह है कि यह गुट दोबारा जनरल काउंसिल बैठक बुलाने की मांग भी उठा सकता है।

शनमुगम ने साफ कहा कि जब तक उनके गुट को न्याय नहीं मिलता, तब तक वे पार्टी मुख्यालय नहीं जाएंगे। स्टालिन ने ली हार की जिम्मेदारीइस बीच एमके स्टालिन ने द्रमुक की चुनावी हार की जिम्मेदारी खुद लेते हुए कहा कि उनकी पार्टी हार के बाद भी अपने विधायकों को रिसार्ट में छिपाने वाली राजनीति नहीं करती।

उन्होंने अन्नाद्रमुक पर तंज कसते हुए कहा कि पार्टी के भीतर की स्थिति देखकर आगे क्या होगा, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है।अन्नाद्रमुक मुख्यालय पर कड़ी सुरक्षाइसी बीच, चेन्नई स्थित अन्नाद्रमुक मुख्यालय के बाहर गुरुवार को भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पार्टी में बढ़ते विवाद और दो गुटों के आमने-सामने आने के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखाई दिया। पुलिस को आशंका है कि 2022 की तरह फिर से ¨हसक झड़प हो सकती है। उस समय नेतृत्व विवाद के दौरान पार्टी मुख्यालय में तोड़फोड़ और हंगामा हुआ था। इसी कारण इस बार अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

आगे क्या?
तमिलनाडु विधानसभा में AIADMK में हुई टूट के बाद पार्टी के विधायी नेता ई. पलानीस्वामी बागी विधायकों के खिलाफ अयोग्यता याचिकाएं दाखिल कर सकते हैं। इसके बाद स्पीकर जेसीडी प्रभाकर को यह तय करना होगा कि क्या बागी विधायकों ने दसवीं अनुसूची के तहत पार्टी व्हिप का उल्लंघन किया है।

हालांकि, स्पीकर का कोई भी फैसला अदालत में चुनौती दिए जाने की संभावना है।

इसी बीच, AIADMK और उसके चुनाव चिन्ह “दो पत्तियां” (Two Leaves) पर नियंत्रण को लेकर लड़ाई आखिरकार चुनाव आयोग तक पहुंच सकती है। महत्वपूर्ण बात यह है कि दलबदल विरोधी कानून के तहत स्पीकर के फैसले चुनाव आयोग पर बाध्यकारी नहीं होते।

अगर AIADMK पर नियंत्रण को लेकर कानूनी लड़ाई अदालत तक पहुंचती है, तो उसका आधार 2023 में शिवसेना विभाजन मामले में सुप्रीम कोर्ट की संविधान पीठ का फैसला हो सकता है।

“शिवसेना बनाम शिवसेना” मामले में शीर्ष अदालत ने कहा था कि सदन में व्हिप और नेता नियुक्त करने का अधिकार केवल विधायक दल को नहीं, बल्कि मूल राजनीतिक पार्टी को होता है। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया था कि केवल ज्यादा विधायकों के समर्थन के आधार पर स्पीकर किसी गुट को “असली” पार्टी नहीं मान सकते। इसके बजाय स्पीकर को मूल राजनीतिक दल की संरचना और संविधान की जांच करनी होगी।

- Advertisement -

News of the Day