Tuesday, May 12, 2026
Home Blog Page 526

ENTERTAINMENT : लाफ्टर शेफ्स में निया शर्मा ने क्यों किया आदित्य रॉय कपूर को रिजेक्ट, जानें पूरी खबर

0

लाफ्टर शेफ्स सीजन 2 का नया प्रोमो आ चुका है. प्रोमो में दिखा कि निया शर्मा ने आदित्य रॉय कपूर को रिजेक्ट कर दिया. जानें क्या है पूरा मामला.

कलर्स पर आने वाला पॉपुलर कॉमेडी कुकिंग शो ‘लाफ्टर शेफ्स’ के दूसरे सीजन का आने वाला एपिसोड और भी ज्यादा धमाकेदार होने वाला है. क्योंकि आने वाले एपिसोड में फिल्म ‘मेट्रो इन दिनों’ की पूरी स्टार कास्ट दस्तक देने वाली है. वहीं शो का एक और नया प्रोमो सामने आया जिसमें निया शर्मा ने इस बात पर आदित्य रॉय कपूर को रिजेक्ट कर दिया.

लाफ्टर शेफ के आने वाले एपिसोड में फिल्म मेट्रो इन दिनों की सारी स्टार कास्ट किचन में दिखाई देने वाली है. हाल ही में नए एपिसोड को लेकर एक और प्रोमो रिलीज हुआ है. प्रोमो में भारती सिंह फिल्म के सितारों का वेलकम करती हैं.इसके बाद भारती निया और सुदेश को साथ लाती है और कहती है कि आपको एक टीम में होना चाहिए. इसी बात पर निया तुरंत जवाब देती है- ‘मुझे पता है कि वो अच्छे दिखते हैं, लेकिन मैं अचार डालूं मुझे खाना चाहिए.’ उनकी इस बात पर सेट के सारे मेंबर्स को जोर से हंसी आ जाती है.

इसके पहले भी शो का एक प्रोमो रिलीज किया गया था जिसमें करण कुंद्रा सारा अली खान के कुकिंग स्किल को लेकर उन्हें ट्रोल करते दिखे. उस सीन में सारा करण से पूछती है, ‘प्याज को छीलने का सही तरीका क्या है.’लाफ्टर शेफ्स के इस नए एपिसोड में टीवी के सेलेब्स और फिल्मी सितारे साथ मिलकर या फिर दो टीमों में बंटकर चैलेंज को पूरा करते हुए दिखेंगे. ये देखना सच में काफी मजेदार होने वाला है कि जितना परफेक्शन इनके एक्टिंग में दिखती है क्या उतनी स्किल किचन में भी दिखा पाएगी की नहीं.

 

MAHARASHTRA : डोंबिवली में 6 साल के बच्चे पर आवारा कुत्तों का हमला, CCTV में कैद हुई रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना

0

महाराष्ट्र के डोंबिवली में मंगलवार सुबह एक 6 साल के बच्चे पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया. पांच कुत्तों ने मिलकर बच्चे के हाथ-पैर काटे और उसे घसीटा. यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई. लोगों ने मनपा से कुत्तों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही से नागरिकों में नाराजगी है.

महाराष्ट्र के डोंबिवली इलाके में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है. मंगलवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे मोठागांव इलाके में एक 6 साल का बच्चा खेलने के लिए अपने घर के बाहर निकला. जैसे ही वह सड़क के किनारे खुली जगह पर पहुंचा, वहां पहले से मौजूद पांच आवारा कुत्तों में से एक ने उस पर हमला कर दिया.

कुत्ते ने सबसे पहले बच्चे के पैर को काटना शुरू किया. बच्चा डर के मारे जमीन पर गिर गया. इसके बाद चार और कुत्ते दौड़ते हुए आए और उन्होंने भी बच्चे पर हमला कर दिया. कुत्तों ने उसके हाथ और पैर को जगह-जगह से काटा. एक कुत्ते ने बच्चे की पतलून मुंह में दबाकर उसे घसीटा.

बच्चा लगातार मदद के लिए चिल्लाता रहा. उसी समय वहां से एक राहगीर गुजरा जिसने पूरी घटना देखी. वह तुरंत दौड़कर आया और कुत्तों को भगाने के लिए पत्थर फेंके. किसी तरह वह बच्चे को कुत्तों के चंगुल से बचा पाया. तब तक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो चुका था और खड़ा भी नहीं हो पा रहा था.यह पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई. स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस इलाके में आवारा कुत्तों की संख्या तेजी से बढ़ रही है लेकिन मनपा का स्वास्थ्य विभाग कोई कार्रवाई नहीं कर रहा. नागरिकों ने मांग की है कि जल्द से जल्द इन कुत्तों पर नियंत्रण किया जाए ताकि बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा बनी रहे.

NATIONAL : पुलिस मुठभेढ़ में दो पशु तस्कर गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से एक घायल, बिहार जाने की फिराक में थे आरोपी

0

कुशीनगर में पुलिस टीम ने दो गौतस्करों को हिरासत में लिया है.एनकाउंटर में पकड़े गए आरोपियों में एक के पैर में गोली लगने से घायल हो गया. पुलिस ने दोनों आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है.

कुशीनगर पुलिस का पशु तस्करों के खिलाफ ऑपरेशन लंगड़ा लगातार जारी है. आज दिनदहाड़े पशु तस्करों औरपुलिस के बीच मुठभेड़ हुई जिसमें एक पशु तस्कर को गोली लगी है. घायल अवस्था में एक पशु तस्कर गिरफ्तार हुआ है. इस दौरान गाड़ी छोड़कर भाग रहे एक अन्य पशु तस्कर को भी पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ लिया. पकड़े गए पशु तस्करों के पास से देशी तमंचा और कारतूस बरामद किया गया है.

पुलिस ने दोनों गाड़ियों में लदे 11 गोवंशीय पशुओं को बरामद किया है. पुलिस टीम में थानाध्यक्ष तरयासुजान, थानाध्यक्ष तमकुहिराज और थानाध्यक्ष पटहेरवा शामिल रहे. CO राकेश कुमार सिंह ने बताया है कि पशु तस्करों और पुलिस टीम से मुठभेड़ में एक पशु तस्कर को गोली लगी है और उसके एक साथी सहित दो तस्कर गिरफ्तार किए गए हैं. कुशीनगर के तरयासूजान थाने की पुलिस को सूचना मिली कि कुछ पशु तस्कर यूपी के रास्ते कुछ गाड़ियों को लेकर बिहार जाने की फिराक में है. इसके बाद सचेत हुई तरया पुलिस ने पटहेरवा थाने की पुलिस के साथ वाहन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है.

NH 28 पर बहादुरपुर पुलिस चौकी के पास वाहनों की जांच करने के दौरान एक पिकअप और टाटा मैजिक गाड़ियों के चालक गाड़ी लेकर भागने लगे. पुलिस ने पीछा करने की कोशिश की तो उन्होंने पुलिस टीम के ऊपर फायरिंग कर दी.

जवाबी कार्यवाही में पिकअप चला रहे व्यक्ति के पैर में गोली लगी जिसके बाद वह घायल हो गया जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. घायल की पहचान बलिया निवासी संजय यादव के रूप में हुई. इस दौरान मैजिक चला रहे व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया जिसकी पहचान बिहार के छपरा जिला निवासी रोशन सिंह के रूप में हुई.

दोनों शातिर पशु तस्कर हैं जो यूपी के अन्य जिलों से पशुओं को खरीद कर उन्हें बिहार में ले जाते थे और ऊंचे गांव में बेचते थे. फिलहाल पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है पुलिस उनके अन्य मददगारों की तलाश में लगी हुई है.पुलिस क्षेत्राधिकारी तमकुहीराज राकेश कुमार सिंह ने बताया है कि आज सुबह मुखबिर द्वारा सूचना मिली थी कि पशुओं से लदी गाड़ी को कुछ पशु तस्कर लेकर निकल रहे हैं. सूचना के बाद पुलिस टीम को घेराबंदी कर जांच के लिए लगाया गया. इसी दौरान जब तस्करों की गाड़ी पहुंची तो वे पुलिस टीम को देखते ही भागने लगे.

उसके बाद जब पुलिस टीम पीछा करने लगी तो वे पुलिस टीम पर फायर झोंक दिए… पुलिस की जवाबी कार्यवाही में एक पशु तस्कर को गोली लग गई और दूसरा उसका साथी जो भागने के फिराक में था उसे दौड़ा कर पकड़ लिया गया. पकड़े गए दोनों तस्करों की पहचान बलिया निवासी संजय यादव और बिहार के छपरा निवासी रोशन सिंह के रूप में हुई है.

 

UP : कांवड़ यात्रा को लेकर मेरठ पुलिस अलर्ट, डीजे वालों को दी गई हिदायत, भड़काऊ या अश्लील गाने बजाने पर होगा एक्शन

0

अधिकारियों ने डीजे संचालकों को दिशा-निर्देश दिए और कहा कि वे 12 फीट ऊंचे और 14 फीट चौड़े से अधिक डीजे वाहन का उपयोग न करें. उन्हें यह भी बताया गया कि यात्रा के दौरान आपत्तिजनक, भड़काऊ या अश्लील गाने बजाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा.

कांवड़ यात्रा के मद्देनजर यूपी की मेरठ पुलिस अलर्ट हो गई है. यात्रा के रूट व नियम-कायदों के लिए पुलिस अधिकारियों और जिला प्रशासन ने करीब 200 डीजे संचालकों के साथ बीते मंगलवार को एक बैठक की. ये बैठक पुलिस लाइन स्थित सभागार में हुई जिसकी अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (नगर) बृजेश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष विक्रम सिंह ने संयुक्त रूप से की.

न्यूज एजेंसी के मुताबिक, इस दौरान अधिकारियों ने डीजे संचालकों को दिशा-निर्देश दिए और कहा कि वे 12 फीट ऊंचे और 14 फीट चौड़े से अधिक डीजे वाहन का उपयोग न करें. उन्हें यह भी बताया गया कि यात्रा के दौरान आपत्तिजनक, भड़काऊ या अश्लील गाने बजाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा. नियम तोड़ने वालों पर एक्शन होगा.

इसके साथ ही ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए निर्धारित ध्वनि सीमा (डीबी लेवल) का पालन करना अनिवार्य होगा और रात 11 बजे के बाद डीजे संचालन की अनुमति नहीं होगी. अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था, अनुशासन और सामाजिक सद्भाव का पर्व है और इसे सभी पक्षों के सहयोग से शांति और व्यवस्था के साथ संपन्न कराया जाएगा.

एडीएम सिटी बृजेश कुमार ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान इस्तेमाल होने वाला डीजे 12 फीट से ज्यादा ऊंचा और 14 फीट से ज्यादा चौड़ा नहीं होना चाहिए. ये व्यवस्था इसलिए की गई है कि ताकि कांवड़ रूट पर ट्रैफिक बाधित न हो, बिजली के तारों से टकराव न हो और कांवड़ियों की सुरक्षा बनी रहे. जिले के बॉर्डर पर चेकिंग अभियान चलाया जाएगा और जो डीजे नियमानुसार नहीं होंगे, उन्हें लौटा दिया जाएगा.

 

DELHI : ‘आग लग गई है, मैं फंस गया हूं’, रूह कंपा देगा रिठाला फैक्ट्री में जान गवांने वाले दिलीप सिंह का आखिरी कॉल

0

दिल्ली के रिठाला में मंगलवार शाम कपड़े और केमिकल फैक्ट्री में लगी आग से 4 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए. इसमें मरने वाले दिलीप सिंह की दर्दनाक कहानी आखों को नम कर देती है.

दिल्ली के रिठाला इलाके में मंगलवार (24 जून) शाम एक भयानक हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया. यहां एक कपड़े और केमिकल की फैक्ट्री में आग लग गई, जिसमें 4 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए. यह हादसा शाम करीब 7:26 बजे हुआ. शुरुआत में कर्मचारियों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि उस पर काबू नहीं पाया जा सका. बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त फैक्ट्री में करीब 20-25 लोग काम कर रहे थे.

फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर JCB मशीन की मदद से दीवार तोड़ी और फंसे हुए लोगों को निकालने के लिए नया रास्ता बनाया. तीन शवों को रात करीब 1 बजे तक बाहर निकाला गया, जबकि एक शव को सुबह 8:40 बजे बाहर निकाला गया. इसके अलावा 3 गंभीर रूप से घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है.स्थानीय लोगों ने बताया कि फैक्ट्री की इमारत 5 मंजिला थी और सबसे ज्यादा लोग छत पर बने टिन शेड में काम कर रहे थे. आग इतनी भयानक थी कि कई लोग अंदर ही फंस गए. कुछ महिलाओं को पास की इमारत से सुरक्षित निकाला गया. लोगों को आशंका है कि अंदर अभी और शव मिल सकते हैं.

बिल्डिंग से शाम करीब 5:30 बजे निकलने वाले दूसरे कर्मचारी बताते हैं कि इस बिल्डिंग में 3 कंपनियां चलती थीं. दूसरी मंजिल पर चल रही कंपनी 6 बजे तक बंद हो जाती थी, वहीं बाकी दो कंपनी रात 8 बजे तक खुली रहती थी. इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों में फैक्ट्री के सुपरवाइजर दिलीप सिंह भी शामिल थे. वे वहीं फैक्ट्री में रहते थे. हादसे के समय उन्होंने अपनी बेटी को शाम 7 बजे कॉल किया था और बताया कि फैक्ट्री में आग लग गई है और वे अंदर फंसे हैं. इसके बाद उनका फोन बंद हो गया और परिवार से कोई संपर्क नहीं हो पाया.

दिलीप की बेटी और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है. बेटी ने बताया कि पापा की आखिरी आवाज उसी कॉल में सुनी थी. दिलीप के दामाद ने बताया कि वे फैक्ट्री में सुपरवाइजर थे और काम के साथ वहीं रह रहे थे.

फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग की टीमें राहत और बचाव कार्य में लगी हुई हैं. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और फैक्ट्री मालिकों से पूछताछ की जा रही है. आग लगने की असली वजह जानने के लिए जांच चल रही है. यह हादसा न सिर्फ प्रशासन की लापरवाही को उजागर करता है, बल्कि उन गरीब मजदूरों की जिंदगी पर भी सवाल खड़े करता है जो जान जोखिम में डालकर काम करते हैं.

इस हादसे के बाद कुछ जरूरी सवाल सामने आए हैं. इतनी भीषण गर्मी में मजदूरों से टिन शेड में काम क्यों कराया जा रहा था? आग लगने की जानकारी फायर ब्रिगेड को एक घंटे देर से क्यों दी गई? क्या फैक्ट्री के पास फायर सेफ्टी की मंजूरी यानी FIRE NOC था? इन सब सवालों के जवाब मिलता है या नहीं ये देखने वाली बात होगी.

 

MUMBAI : मेड ने घर की तिजोरी से उड़ा दिए 45 लाख, सीसीटीवी की मदद से पुलिस ने ऐसे दबोचा

0

मुंबई के बोरीवली इलाके में एक व्यवसायी के घर से 45 लाख रुपये की नकदी चोरी करने के आरोप में घर की ही मेड और एक पुरुष को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से महिला को गिरफ्तार किया है.

महाराष्ट्र में मुंबई के बोरीवली इलाके में एक व्यवसायी के घर से 45 लाख रुपये की नकदी चोरी करने के आरोप में एक महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार किया गया है. दरअसल, महिला वहां घरेलू सहायिका के तौर पर काम करती थी. अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान 36 साल की अनुराधा रणदिवे और 28 साल के अशफाक इस्लाम खान के रूप में हुई है.

एक अधिकारी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज होने के कुछ घंटों बाद ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया.उनके पास से 17 लाख रुपये की नकदी बरामद की गई. शिकायतकर्ता वरुण वासानी थोक किराना व्यापारी हैं. घरेलू सहायक को काम पर रखने के लिए उन्होंने एक निजी एजेंसी से संपर्क किया था, जिसने अनुराधा को यह काम सौंपा था. लेकिन कुछ दिनों बाद वह बिना किसी को बताए घर से चली गई और उसका फोन भी बंद हो गया.

ऐसे में वासानी की पत्नी ने बोरीवली पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. दो दिन बाद जब वासानी अलमारी से नकदी निकालने गए तो उन्होंने पाया कि पैसों से भरा बैग गायब था. हाउसिंग सोसाइटी के सीसीटीवी फुटेज की जांच करने पर पता चला कि अनुराधा उसी बैग को लेकर बिल्डिंग से बाहर निकली थी. सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस आरोपी जोड़े को पकड़ने में कामयाब रही. पूछताछ के दौरान अनुराधा ने पैसे चुराने की बात कबूल की. ​​अधिकारी ने बताया कि चोरी की गई बाकी रकम को बरामद करने के प्रयास जारी हैं और आगे की पूछताछ जारी है.

UP : बुर्का पहनकर लड़की को छत से फेंकने वाला तौफीक गिरफ्तार, दिल्ली पुलिस ने रामपुर से पकड़ा

0

नेहा को कथित रूप से बुर्का पहनकर बिल्डिंग में दाखिल हुए तौफीक नाम के युवक ने छत से नीचे फेंक दिया था, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. अब पुलिस ने आरोपी तौफीक को उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के टांडा से गिरफ्तार कर लिया है.

उत्तर पूर्वी दिल्ली के थाना ज्योति नगर इलाके में 19 वर्षीय युवती नेहा की दर्दनाक हत्या के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है. नेहा को कथित रूप से बुर्का पहनकर बिल्डिंग में दाखिल हुए तौफीक नाम के युवक ने छत से नीचे फेंक दिया था, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. अब पुलिस ने आरोपी तौफीक को उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के टांडा से गिरफ्तार कर लिया है.

पुलिस के मुताबिक, 23 जून सुबह करीब 8:30 बजे सूचना मिली कि अशोक नगर इलाके में एक लड़की छत से गिर गई है. मौके पर पहुंची पुलिस टीम को बताया गया कि घायल युवती को उसके पिता जीटीबी अस्पताल ले गए हैं.बाद में जांच के दौरान सामने आया कि 19 वर्षीय नेहा को जानबूझकर छत से धक्का दिया गया था. परिजनों और चश्मदीदों के बयान के आधार पर पता चला कि तौफीक बुर्का पहनकर नेहा के घर की बिल्डिंग में दाखिल हुआ था, और छत पर दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ, जिसके बाद उसने नेहा को नीचे फेंक दिया.

थाना ज्योति नगर पुलिस ने मामले में तत्काल संज्ञान लेते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1)/351(2) के तहत मामला दर्ज किया. सीसीटीवी फुटेज, फोन कॉल रिकॉर्ड, और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तौफीक की पहचान की गई. इसके बाद दिल्ली पुलिस की कई टीमें लगाई गईं और आरोपी को रामपुर के टांडा से गिरफ्तार कर लिया गया.

पुलिस का कहना है कि तौफीक से पूछताछ की जा रही है और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि घटना की पूर्व नियोजित साजिश थी या आपसी बहस में यह कदम उठाया गया. नेहा की मौत ने इलाके में गुस्से और आक्रोश की लहर पैदा कर दी है. स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि आरोपी पहले से नेहा को परेशान कर रहा था और पहले भी धमकियां दी थीं.

ENTERTAINMENT : चीजें हमारे हाथ में नहीं’, हानिया आमिर संग काम पर दिलजीत दोसांझ ने तोड़ी चुप्पी, उठी बायकॉट की मांग

0

कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले और भारत के जवाबी ऑपरेशन सिंदूर के बाद से पाकिस्तानी और हिंदुस्तान के बीच टेंशन चल रही है. ऐसे दिलजीत के दुश्मन मुल्क की एक्ट्रेस हानिया आमिर संग काम करने और उसे प्रमोट करते देख भारतीय जनता और सिने एसोसिएशन नाराज हो गई है. अब दिलजीत डोसांझ ने इस मामले पर चुप्पी तोड़ी है.

पंजाबी एक्टर और सिंगर दिलजीत दोसांझ लगातार विवादों में बने हुए हैं. दिलजीत की नई पंजाबी फिल्म ‘सरदार जी 3’ जल्द विदेशी सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. इसका ट्रेलर हाल ही में रिलीज हुआ था, जिसपर जमकर विवाद हो रहा है. विवाद की वजह है फिल्म में पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर का होना. हानिया, दिलजीत की फील में लीड रोल निभा रही हैं. ऐसे में जनता दिलजीत दोसांझ से नाराज है. इस फिल्म को भारत में रिलीज नहीं किया जा रहा है. बल्कि ये विदेश में रिलीज होगी. अब इस फैसले पर एक्टर ने बात की है.

कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले और भारत के जवाबी ऑपरेशन सिंदूर के बाद से पाकिस्तानी और हिंदुस्तान के बीच टेंशन चल रही है. हानिया आमिर ने ऑपरेशन सिंदूर और भारत को लेकर कई पोस्ट शेयर किए थे, जिसमें उन्होंने हिंदुस्तान की बुराई की. ऐसे दिलजीत के दुश्मन मुल्क की एक्ट्रेस संग काम करने और उसे प्रमोट करते देख भारतीय जनता और सिने एसोसिएशन नाराज हो गई है. इस बीच दिलजीत डोसांझ ने बीबीसी एशियन नेटवर्क संग बातचीत में इस पूरे मामले पर चुप्पी तोड़ी है.

 

MAHARASHTRA : लापरवाही से स्कूटी चला रहीं लड़कियों की महिला कांस्टेबल ने की थी पिटाई… Video वायरल होने के बाद मांगी माफी

0

महाराष्ट्र के लातूर शहर में एक महिला ट्रैफिक कांस्टेबल ने सड़क नियमों का उल्लंघन करते हुए दोपहिया वाहन पर सवार तीन युवतियों की पिटाई कर दी थी. इस मामले में अब कांस्टेबल ने माफी मांग ली है.

महाराष्ट्र के लातूर शहर में एक महिला ट्रैफिक कांस्टेबल ने सड़क नियमों का उल्लंघन करते हुए दोपहिया वाहन पर सवार तीन युवतियों की पिटाई कर दी थी. जिसका वीडियो भी वायरल हो रहा था. हालांकि, इस कृत्य के लिए कांस्टेबल ने माफी मांग ली है. उसने कहा है कि उसका इरादा गलत नहीं था. अधिकारी के मुताबिक सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो सामने आया था. जिसमें कांस्टेबल प्रणिता मुसने को स्कूटर पर ट्रिपल-सीट पर सवारी करते हुए पकड़ी गई महिलाओं के साथ मौखिक रूप से दुर्व्यवहार और मारपीट करते हुए देखा गया था. जो कानून के खिलाफ भी था.

लातूर के रेनापुर नाका पर शूट किए गए क्लिप में कांस्टेबल को तीनों महिलाओं पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए देखा गया. बाद में कांस्टेबल ने तीन महिलाओं में से एक को थप्पड़ मार दिया. वीडियो सामने आने के बाद मुसने ने मंगलवार को मीडियो को बताया कि वह पिछले ढाई साल से यातायात विभाग में काम कर रही हैं.

मुसने ने कहा कि मैं अपनी बेटियों को ट्यूशन क्लास के लिए छोड़ने के बाद अपनी ड्यूटी पर जा रही थी, और मैंने देखा कि तीन महिलाएं लापरवाही से दोपहिया वाहन चला रही थीं. कांस्टेबल ने दावा किया कि जब उसने महिलाओं से सुरक्षित यात्रा करने के लिए कहा, तो उन्होंने उसे अपने काम से काम रखने को कहा.

इसके बाद भी तीनों ने लापरवाही से गाड़ी चलानी जारी रखी. साथ ही पीछे बैठी महिलाओं में से एक तो ठीक से बैठी भी नहीं थी. कांस्टेबल ने कहा कि उसने महिलाओं का पीछा किया और जब वे राज्य परिवहन की बस के सामने रुकीं तो उन्हें पकड़ लिया. इसके बाद मैंने महिला को थप्पड़ मारा. उस समय मैंने एक मां की तरह व्यवहार किया, न कि एक पुलिस कांस्टेबल की तरह.

 

NATIONAL : पटना के होटल में नाबालिग के साथ गैंगरेप, 8वीं और 10वीं के छात्र हैं पकड़े गए आरोपी

0

पटना के एक होटल में नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है. मामले में 4 लड़कों को गिरफ्तार किया गया है. हैरानी की बात ये हैं कि सभी आरोपी 8वीं और 10वीं क्लास के छात्र हैं.

बिहार में पटना के कोतवाली इलाके के होटल गली में नाबालिग के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है. मामले में 4 लड़कों को गिरफ्तार किया गया है. हैरानी की बात है कि ये सभी आरोपी 8वीं और 10वीं क्लास में पढ़ने वाले नाबालिग छात्र हैं.आरोपियों ने बताया कि हममें से एक लड़के ने इंस्टाग्राम के जरिए पहले एक लड़की से दोस्ती की थी. फिर वह ग्रुप के सभी दोस्तों से जुड़ गई और धीर- धीरे सबसे नजदीकी भी बढ़ती चली गई. उन्होंने बताया कि इसी बीच 1 महीने पहले वह दीपनगर इलाके में स्थित एक आरोपी के घर पर पहुंचीं. दोनों ने शारीरिक संबंध बनाए. इसके बाद वह ग्रुप के तीन दोस्तों के साथ बाईपास से सटे एक होटल में गई थी जहां तीनों ने बारी बारी से रेप किया.

लड़की ने पुलिस की पूछताछ में बताया है कि मंगलवार के दिन आरोपी उसे कोतवाली इलाके के एक होटल में ले गए थे और वहां उन्होंने उसके साथ रेप किया गया. लड़की ने होटल से निकलने के बाद परिजनों को इस बारे में जानकारी दी. इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी. जिस आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

चारों लड़के गिरफ्तार हो गए हैं और पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है. फिलहाल कोतवाली थाने की महिला पुलिसकर्मी शोभा कुमारी और ASI राजीव रंजन लड़की का बयान दर्ज कराने के लिए उसे कोर्ट में लेकर गए हैं.

- Advertisement -