Tuesday, May 12, 2026
Home Blog Page 527

MEERUT : नौचंदी मेले में गुब्बारे बेचने वाले की मासूम बेटी को कार ने मारी टक्कर, तोड़ा दम

0

नौचंदी मेले में गुब्बारा बेचने आए राजस्थान के एक परिवार की मासूम बच्ची को कार ने टक्कर मार दी. बच्ची सड़क किनारे खेल रही थी. इस हादसे में उसकी मौत हो गई.यूपी के मेरठ में बीते मंगलवार की रात एक दर्दनाक हादसा हो गया. नौचंदी मेले में गुब्बारा बेचने आए राजस्थान के एक परिवार की मासूम बच्ची को कार ने टक्कर मार दी. बच्ची सड़क किनारे खेल रही थी. इस हादसे में उसकी मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस ने कार ड्राइवर को हिरासत में ले लिया.

पूरा मामला मेरठ के नौचंदी थाना क्षेत्र के नौचंदी मेले के गेट का है, जहां राजस्थान निवासी खानाबदोश जयवीर, अपनी बुजुर्ग मां करणी देवी, पत्नी सविता और बच्चों के साथ 26 मई को आया था. यह लोग गुब्बारे और खिलौने बेचने का काम करते हैं. मंगलवार रात 10:30 बजे जयवीर की 2 साल की बेटी काजल यहां एक शोरूम के पास सड़क किनारे दादी के साथ बैठी खेल रही थी. इसी दौरान एक इको स्पोर्ट कार ने बच्ची को टक्कर मार दी.

टक्कर मारने के बाद कार चालक गाड़ी को छोड़कर मौके से फरार हो गया. वहीं, घायल बच्ची को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया. हादसे के बाद पीड़ित परिवार में मातम छा गया. बच्ची के मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है. बच्ची की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा किया तो पुलिस हरकत में आई. कुछ ही देर में गाड़ी को कब्जे में ले लिया गया. साथ ही गाड़ी चला रहे ड्राइवर को भी पकड़ लिया गया. पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

मामले में मेरठ के एसपी सिटी आयुष विक्रम ने बताया कि थाना नौचंदी क्षेत्र में राघव कुंज एक कॉलोनी पड़ती है. पास में ही नौचंदी मेला चल रहा है, जहां पर कुछ लोग सामान बेचते हैं. उन्हीं में से एक व्यक्ति जो गुब्बारे बेच रहा था उसकी बेटी पास में खेल रही थी. इसी दौरान इको स्पोर्ट गाड़ी से उस बच्ची को टक्कर लग गई. बच्ची को फौरन अस्पताल में एडमिट कराया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया.

फिलहाल, आरोपी ड्राइवर और गाड़ी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है.

NATIONAL : ‘नया मील का पत्थर स्थापित…’, शुभांशु शुक्ला के मिशन की लॉन्चिंग के बाद प्रेसिडेंट मुर्मू और PM मोदी ने दी बधाई

0

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “शुभांशु अपने साथ 1.4 अरब भारतीयों की इच्छाएं, उम्मीदें और आकांक्षाएं लेकर आए हैं. हम भारत, हंगरी, पोलैंड और अमेरिका के अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर अंतरिक्ष मिशन के सफल लॉन्चिंग का स्वागत करते हैं.”

ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला (Shubhanshu Shukla के एक्सिओम-4 स्पेस मिशन की सफल लॉन्चिंग के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल है. हर तरफ से बधाई के संदेश आना शुरू हो गए हैं. इस ऐतिहासिक यात्रा को लेकर उत्साह में अब संगीत का तड़का लग गया है. शुभांशु शुक्ला के एक्सिओम 4 स्पेस मिशन की लॉन्च डे प्लेलिस्ट जारी कर दी गई है और इसमें चार मेटीवेशनल गाने शामिल हैं, जिनमें ‘स्वदेश’ फिल्म से एआर रहमान का गाना ‘यूं ही चला चल’ भी शामिल किया गया है.

 

भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुभांशु शुक्ला को एक्सिओम मिशन 4 के जरिए अंतरिक्ष में लॉन्च करके भारत की अंतरिक्ष यात्रा में एक ऐतिहासिक क्षण को चिह्नित करने के लिए हार्दिक बधाई दी. उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने भारत के लिए अंतरिक्ष में एक नया मील का पत्थर स्थापित किया है, पूरा देश एक भारतीय की सितारों की यात्रा पर उत्साहित और गर्वित है. वह और अमेरिका, पोलैंड और हंगरी के एक्सिओम मिशन 4 के उनके साथी अंतरिक्ष यात्री साबित करते हैं कि दुनिया वास्तव में एक परिवार है – ‘वसुधैव कुटुम्बकम'”

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ग्रुप कैप्टन शुभ्रांशु शुक्ला को अंतरिक्ष में जाने वाले दूसरे भारतीय बनने पर बधाई दी है. उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “शुभांशु अपने साथ 1.4 अरब भारतीयों की इच्छाएं, उम्मीदें और आकांक्षाएं लेकर आए हैं.” उन्होंने आगे कहा कि हम भारत, हंगरी, पोलैंड और अमेरिका के अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर अंतरिक्ष मिशन के सफल लॉन्चिंग का स्वागत करते हैं. भारतीय अंतरिक्ष यात्री, ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर जाने वाले पहले भारतीय बनने की राह पर हैं. वे अपने साथ 1.4 बिलियन भारतीयों की इच्छाएं, उम्मीदें और आकांक्षाएं लेकर आए हैं. उन्हें और अन्य अंतरिक्ष यात्रियों को सफलता की शुभकामनाएं.”

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “भारत के लिए गर्व का क्षण! एक्सिओम मिशन 4 के मिशन पायलट ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई. माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में इस अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष मिशन में भारत की भागीदारी वैज्ञानिक उन्नति और वैश्विक सहयोग के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाती है. आगे के सफल मिशन के लिए हार्दिक शुभकामनाएं.”

एक्सिओम 4 मिशन की सफल लॉन्चिंग पर बोलते हुए, भारत में ऑस्ट्रेलियाई राजदूत फिलिप ग्रीन ने इसे भारत के लिए एक ‘अद्भुत क्षण’ कहा. अंतरराष्ट्रीय क्रूमेट्स के साथ ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के लॉन्चिंग की सराहना करते हुए, उन्होंने कहा कि यह मिशन अंतरिक्ष अन्वेषण में एक प्रमुख खिलाड़ी और वैश्विक मामलों में एक महत्वपूर्ण शक्ति के रूप में भारत के उभरने का प्रतीक है.

NATIONAL: पासपोर्ट दिवस पर एस जयशंकर ने किया बड़ा ऐलान, ई-पासपोर्ट रोलआउट को लेकर कही ये बात

0

पासपोर्ट दिवस के मौके पर देश के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मंगलवार को देश और विदेश में पासपोर्ट अधिकारियों के प्रयासों की सराहना की। विदेशमंत्री ने पासपोर्ट सेवा कार्यक्रम (PSP) में हुए बड़े बदलावों के बारे में बात करते हुए पूरे देश में ई-पासपोर्ट शुरू करने की घोषणा की।

जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट कर कहा कि सेवा सुशासन और गरीब कल्याण के सिद्धांतों पर पासपोर्ट सेवाओं में बदलाव हुआ है। उन्होंने इसे विकसित भारत के लिए जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि पासपोर्ट जारी करने की संख्या 2014 में 91 लाख से बढ़कर 2024 में 1.46 करोड़ हो गई है।

एस. जयशंकर ने आगे कहा कि पासपोर्ट सेवा कार्यक्रम वर्जन 2.0 पूरे देश में शुरू हो गया है। यह नई तकनीक से पासपोर्ट सेवाओं को बेहतर और पारदर्शी बनाएगी। ई-पासपोर्ट से यात्रा आसान होगी और इमिग्रेशन जल्दी हो जाएगा। एम पासपोर्ट पुलिस ऐप से पुलिस वेरिफिकेशन का समय 25 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 5-7 दिन कम हो गया है। पिछले साल 10 नए पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र (POPSK) खोले गए, जिनमें अप्रैल 2025 में कुशीनगर में 450वां POPSK शामिल हैं। इन प्रयासों से श्रमिकों और पेशेवरों को वैश्विक अवसर मिलेंगे और भारत की वैश्विक वर्कफोर्स मजबूत होगी।

बता दें कि विदेश मंत्रालय हर साल 24 जून को पासपोर्ट दिवस मनाता है। इस साल यानी 2025 में भी विदेश मंत्रीलया ने देश में 13वां पासपोर्ट दिवस मनाया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पासपोर्ट अधिकारियों की जमकर तारीफ की। जयशंकर ने बताया कि आने वाले समय में इसमें एक चिप लगी होगी, जिससे इमिग्रेशन जल्दी हो जाएगा। चिप की वजह से सब कुछ बिना छुए ही हो जाएगा।

NATIONAL: निगेटिविटी करती है सच्चाई से ज्यादा आवाज… सालाना बैठक में बोले गौतम अडानी, भारत के लिए कही बड़ी बात

0

Adani Group AGM: देश के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति गौतम अडानी के नेतृत्व वाले अडानी ग्रुप की आज एनुअल जनरल मीटिंग यानी एजीएम आयोजित हो रही है। इस एजीएम को मंगलवार सुबह अरबपति गौतम अडानी ने संबोधित किया है। उन्होंने ग्रुप की आर्थिक स्थिति और वैश्विक कारोबारी परिस्थितियों सहित कई विषयों पर अपनी बात रखी है। अडानी ने कहा कि मिडिल ईस्ट में युद्ध लगातार एनर्जी और लॉजिस्टिक्स को प्रभावित कर रहा है। यूरोप में इकॉनोमिक कॉन्फिडेंस कमजोर पड़ा है। वहीं, अमेरिका के सामने खुद की अपनी चुनौतियां हैं। उन्होंने कहा, ‘इन सब के बीच भारत सभी बड़े देशों में सबसे तेज रफ्तार से ग्रोथ कर रहा है।’

मिडिल ईस्ट का तनाव निश्चित रूप से अडानी ग्रुप के लिए चिंता का विषय है। इजराइल के हाइफा पोर्ट में अडानी की हिस्सेदारी है। अडानी पोर्ट्स ने साल 2023 में इस पोर्ट में 70 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी थी। यह पोर्ट उत्तरी इजराइल में स्थित है। ईरान ने इस पोर्ट पर भी बैलिस्टिक मिसाइल दागी थीं। हालांकि, पोर्ट को कोई नुकसान नहीं हुआ था। यह बंदरगाह अडानी पोर्ट्स की सालाना कार्गो वॉल्यूम में 3 फीसदी योगदान देता है।

एजीएम में गौतम अडानी यूएस स्टेट डिपार्टमेंट और ग्रुप पर FCC से जुड़े आरोपों पर भी बोले हैं। अडानी ने कहा, ‘हमें यूएस डिपार्टमेंट ऑफ स्टेट और एफसीसी से अडानी ग्रीन एनर्जी से संबंधित आरोपों का सामना करना पड़ा। लेकिन सारे शोर-शराबे के बावजूद फैक्ट यही है कि अडानी ग्रुप के किसी भी व्यक्ति पर FCPA का उल्लंघन करने या न्याय में बाधा डालने का आरोप नहीं लगा है।’ इस उतार-चढ़ाव भरे वर्ष में भी हम ऐसे ग्रुप के रूप में खड़े हैं, जो सीमाओं से परे सपने देखने का साहस करता है। अडानी ने कहा, ‘हम ऐसी दुनिया में रहते हैं, जहां निगेटिविटी सच्चाई से ज्यादा आवाज करती है। जैसे-जैसे हम कानूनी प्रक्रियाओं में सहयोग कर रहे हैं, मैं यह भी दोहराना चाहता हूं कि हमारी गवर्नेंस ग्लोबल स्टैंडर्ड की है और हमारा अनुपालन फ्रेमवर्क नॉन-नेगोशिएबल है।’

कंसोलिडेटेड आंकड़ों की बात करें, तो अडानी ग्रुप का रेवेन्यू 7% बढ़ा है। एबिटडा 8.2 फीसदी बढ़ा है। वहीं, शुद्ध डेट-टू-एबिटडा रेश्यो 2.6x पर अच्छा बना हुआ है। कुल रेवेन्यू 2,71,664 करोड़ रुपये रहा था। वहीं, ग्रुप का एडजस्टेड एबिटडा 89,806 करोड़ रुपये था।

NEW DELHI: चीन में SCO सम्मेलन में पहली बार शामिल होंगे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, आतंकवाद और उग्रवाद को खत्म करने की उम्मीद

0

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बुधवार को चीन के किंगदाओ में शुरू होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के दो दिवसीय सम्मेलन में आतंकवाद और उग्रवाद को खत्म करने के लिए सहयोगात्मक प्रयासों को बढ़ाने पर जोर देंगे। सिंह सम्मेलन के लिए चीन के पूर्वी शांदोंग प्रांत के बंदरगाह शहर किंगदाओ की यात्रा कर रहे हैं, जहां क्षेत्रीय सुरक्षा परिदृश्य पर विचार-विमर्श होने की उम्मीद है।

मई 2020 में पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर सैन्य गतिरोध के बाद संबंधों में गंभीर तनाव पैदा होने के बाद से यह किसी वरिष्ठ भारतीय मंत्री की चीन की पहली यात्रा है। एक आधिकारिक वक्तव्य के अनुसार, सिंह के एससीओ के सिद्धांतों के प्रति भारत की निरंतर प्रतिबद्धता को रेखांकित करने, वृहद अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा प्राप्त करने की दिशा में भारत के दृष्टिकोण पर जोर देने और क्षेत्र में आतंकवाद और उग्रवाद को खत्म करने के लिए संयुक्त और सतत प्रयासों का आह्वान करने की उम्मीद है।

इसमें कहा गया है कि रक्षा मंत्री एससीओ के भीतर अधिक व्यापार, आर्थिक सहयोग और संपर्क की आवश्यकता पर भी जोर दे सकते हैं। वह चीन और रूस सहित कुछ भागीदार देशों के रक्षा मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे।

रक्षा मंत्रालय ने कहा कि भारत क्षेत्र में बहुपक्षवाद, राजनीतिक, आर्थिक और लोगों के बीच आपसी संपर्क को बढ़ावा देने में एससीओ को विशेष महत्व देता है। इसमें कहा गया है कि एससीओ संप्रभुता, राष्ट्रों की क्षेत्रीय अखंडता, आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप न करने, आपसी सम्मान, समझ और सभी सदस्य देशों की समानता के सिद्धांतों के आधार पर अपनी नीति का पालन करता है।

NATIONAL: एक महिला के 5 पति और छठा शिकार बनने वाला है देवर? पत्नी से प्रताड़ित एक शख्स ने सुनाई दुखभरी दास्तां

0

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के राधानगर थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी पत्नी पर पांच शादियां करने और अब पांचवें पति को छोड़कर अपने ही देवर के साथ फरार होने का आरोप लगाया है। पीड़ित पति, पंकज अग्रहरि का कहना है कि उसकी पत्नी ने उसे और उसके माता-पिता को घर से निकाल दिया है और जेवरात व रुपये लेकर अपने देवर के साथ भाग गई है। उसने अपनी पत्नी पर आरोप लगाया है कि वह बाहरी युवकों को बुलाकर मारपीट भी करवा चुकी है। उसे अब अपनी पत्नी और भाई से जान का खतरा है।

राधानगर के निवासी और पेशे से सब्जी विक्रेता पंकज अग्रहरि ने बताया कि उसकी शादी पिछले वर्ष 16 अप्रैल, 2024 को बांदा जिले के मरका थाना क्षेत्र की रहने वाली गुड़िया नाम की महिला से हुई थी। शादी के कुछ महीनों बाद ही गुड़िया का व्यवहार बदल गया। पंकज ने आरोप लगाया कि गुड़िया पहले से चार शादियां कर चुकी है, जिसमें से तीन उसने फतेहपुर जिले में ही अलग-अलग व्यक्तियों से की और वह खुद गुड़िया का पांचवां पति है।

पंकज के अनुसार, गुड़िया ने शादी के बाद उसका सारा सामान, जेवर और नकदी अपने मायके भिजवा दिए। इतना ही नहीं, वह पंकज और उसके माता-पिता को अब घर में घुसने तक नहीं दे रही है। पंकज ने यह भी बताया कि गुड़िया ने कई बार बाहरी युवकों को बुलाकर उसके साथ मारपीट करवाई है।

पीड़ित का सबसे बड़ा आरोप यह है कि गुड़िया अब उसके छोटे भाई के साथ ही रह रही है। पंकज ने कहा, “मैं अब भी उसे अपनाने को तैयार हूं, लेकिन वह मेरे भाई से किसी भी तरह का रिश्ता न रखे, तभी मैं उसे अपने साथ रखूंगा।”

पंकज ने आरोप लगाया, “मेरी पत्नी ने शादी को व्यापार बना लिया है। वह शादी करके सामान हड़पती है और फिर किसी और के साथ चली जाती है। यह उसका तरीका बन गया है।” युवक ने यह भी बताया कि उसे अपनी जान का खतरा है, क्योंकि पत्नी ने पहले भी उस पर हमला करवाया है।

घटना को लेकर पंकज अग्रहरि ने संबंधित थाना और अधिकारियों को लिखित शिकायत दी है और न्याय की मांग की है। फिलहाल, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

BIHAR: तेजप्रताप यादव ने क्लीयर कर लिया इंटरव्यू, अब बनेंगे पायलट, उड़ाएंगे हवाई जहाज

लालू के लाल तेजप्रताप यादव अब पायलट बनेंगे और हवाई जहाज उड़ाएंगे। उड़ान प्रशिक्षण निदेशालय ने हाल ही में एक पत्र जारी किया है, जिसमें तेजप्रताप यादव को वाणिज्य विमान चालक (CPL) कोर्स में दाखिले की अनुमति मिल गई है। तेजप्रताप ने 2023-24 में कॉमर्शियल पायलट लाइसेंस (CPL) कोर्स में दाखिले के लिए इंटरव्यू दिया था और इस इंटरव्यू में उन्होंने सफलता हासिल कर ली है। उड़ान प्रशिक्षण निदेशालय ने कैंडिडेट की अंतिम सूची जारी की है जिसमें तेजप्रताप का नाम पांचवें स्थान पर है।

तेजप्रताप यादव सामान्य वर्ग से CPL कोर्स के लिए चुने गए हैं। अब वे औपचारिक रूप से इस कोर्स में दाखिला लेकर पायलट बनने का अपना सपना पूरा कर सकते हैं। CPL कोर्स के लिए कुल 20 सीटें उपलब्ध थीं, जिनमें अलग-अलग श्रेणियों से 18 कैंडिडेट का चयन किया गया है।

तेज प्रताप यादव ने कुछ दिनों पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक नया वीडियो शेयर किया था, जिसमें वह पायलट की वर्दी में नजर आ रहे थे। इस वीडियो को देखें तो उसमें उनके पीछे एक देशभक्ति गीत बज रहा है और वह एक विमान में बैठते भी दिखाई दे रहे हैं। तेज प्रताप ने इस वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा…”जो व्यक्ति हवाई जहाज उड़ाता है उसे अदृश्य में विश्वास करना चाहिए। सर्वश्रेष्ठ पायलट दूसरों की तुलना में अधिक उड़ान भरते हैं; इसलिए वे सर्वश्रेष्ठ हैं।”

तेजप्रताप यादव अक्सर विवादों में रहते हैं और उन्हें लेकर लालू परिवार में भी हलचल मची रहती है। फिलहाल लालू ने तेजप्रताप यादव को परिवार और पार्टी से निकाल दिया है। इसकी वजह ये है कि तेजप्रताप की एक महिला के साथ तस्वीरें और वीडियोज वायरल हुए थे।

 

NATIONAL: दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पर एनकाउंटर, शांतनु हत्याकांड का मुख्य आरोपी रोमिल वोहरा ढेर

0

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल बदमाशों का सफाया करने में जुटी है. बदमाशों की धर-पकड़ के लिए लगातार एक्शन लगातार जारी है. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एनकाउंटर में एक बदमाश को ढेर कर दिया. मारा गया बदमाश रोमिल वोहरा गैंगस्टर काला राणा -नोनी राणा गैंग का था. यह मुठभेड़ दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर के डेरा मंडी इलाके में हुई है.

एनकाउंटर में मारे गए बदमाश रोमिल वोहरा पर दिल्ली और हरियाणा में कई मुकदमे दर्ज थे. पुलिस की टीम जब उसे पकड़ने के लिए पहुंची तो उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. इस गोलीबारी में पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे, हालांकि वह घायल हुए हैं. वहीं जवाबी फायरिंग में बदमाश रोमिल ढेर हो गया. बता दें कि रोमिल वोहरा कुख्यात काला राणा-नोनी राणा गिरोह का सक्रिय शूटर था. वह हाल ही में कुरुक्षेत्र जिले के शांतनु हत्याकांड और यमुनानगर जिले में हुए तिहरे हत्याकांड में शामिल होने की वजह से चर्चा में बना हुआ था. इतना ही नहीं रोमिल दिल्ली में आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज एक अन्य मामले में भी वांटेड था.

13 जून को शाहाबाद में हुए शराब कारोबारी शांतनु हत्याकांड के बाद से ही रोमिल पुलिस के रडार पर था. दिल्ली पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी. जानकारी के मुताबिक, पुलिस-बदमाशों की मुठभेड़ में हरियाणा एसटीएफ के दो जवान घायल हुए हैं. बता दें कि मारे गए बदमाश रोमिल पर हरियाणा पुलिस की तरफ से 1 लाख रुपये का इनाम घोषित था. जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात को पुलिस को रोमिल के बारे में जानकारी मिली थी. जिसके बाद पुलिस तुरंत एक्टिव हो गई. बता दें कि मारा गया बदमाश रोमिल हरियाणा के यमुना नगर का रहने वाला था.

BOLLYWOOD: सुपरस्टार की लाडली नहीं छील पाईं प्याज, भारती सिंह ने पकड़ा सिर, करण कुंद्रा ने कर ली तौबा

0

कॉमेडी और खाना पकाने का मजेदार कॉम्बिनेशन लेकर आया शो ‘लाफ्टर शेफ्स 2’ दर्शकों के बीच लगातार चर्चा में बना हुआ है। इस वीकेंड के एपिसोड यानी 28-29 जून को प्रसारित होने वाले एपिसोड में जब सारा अली खान बतौर मेहमान पहुंचीं तो उन्होंने जो कुकिंग स्किल्स दिखाईं, उसने स्टूडियो में मौजूद सभी लोगों को चौंका दिया। खासतौर पर करण कुंद्रा और भारती सिंह को। अगर आप सोच रहें कि उन्होंने कमाल की कुकिंग स्किल्स दिखाईं तो आप गलत हैं। उन्होंने साबित किया कि वो प्याज भी नहीं छील पाती हैं। इसका प्रोमो सामने आते ही वायरल होने लगा है, जिसे देखने के बाद लोग अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

शो के लेटेस्ट प्रोमो में सारा को प्याज़ छीलते वक्त मुश्किलों से जूझते हुए दिखाया गया है। करण कुंद्रा ने जब उनकी मदद की कोशिश की तो जवाब में सारा ने बेसन को फेस पैक बताकर सबको हंसा-हंसा कर लोटपोट कर दिया। करण ने आलू छीलने को कहा तो सारा बोलीं, ‘कोई और आसान तरीका होगा न?’ फिर जब उन्होंने कड़ाही और छलनी को लेकर सवाल पूछे, तो भारती सिंह अपने कानों पर हाथ रखती नजर आईं और बोलीं, ‘छलनी में तेल जाएगा कहां?’

करण कुंद्रा ने सारा की कुकिंग देखकर चुटकी ली और कहा, ‘सारा ने एक्ट्रेस बनने का जो फैसला किया, वो एकदम सही था!’ सारा ने जब पूछा क्यों तो करण बोले, ‘क्योंकि खाना बनाते हुए तुझे देख लिया मैंने!’ यह सुनकर सारा बोलीं, ‘यार मेरी इमेज खराब हो रही है!’ दर्शक इस मजेदार नोकझोंक को देखने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। बता दें, इस एपिसोड में ‘मेट्रो इन दिनों’ की पूरी स्टार कास्ट शिरकत कर रही है, जिसमें नीना गुप्ता, आदित्य रॉय कपूर और डायरेक्टर अनुराग बसु शामिल हैं। इस बार शो में जोड़ीदारों की दिलचस्प जोड़ियां भी बनी हैं, आदित्य रॉय कपूर के साथ निया शर्मा, करण कुंद्रा के साथ सारा अली खान, जबकि नीना गुप्ता की जोड़ी बनी है अभिषेक कुमार के साथ नजर आएंगी।

‘लाफ्टर शेफ 2’ में इस बार दर्शकों को ढेर सारे सितारों की झलक देखने को मिलेगी, अनुपम खेर, फातिमा सना शेख, अली फज़ल, पंकज त्रिपाठी और कोंकणा सेन शर्मा शो में नजर आएंगे। शो को जज कर रहे हैं कॉमेडी क्वीन भारती सिंह और फेमस शेफ हरपाल सिंह सोखी। कंटेस्टेंट्स की लाइनअप में शामिल हैं, एल्विश यादव, करण कुंद्रा, निया शर्मा, अंकिता लोखंडे, विक्की जैन, कृष्णा अभिषेक, कश्मीरा शाह, रुबीना दिलैक, राहुल वैद्य, और सुदेश लहरी।

WORLD: चीनी विदेश मंत्री से मिले NSA डोभाल, रक्षामंत्री राजनाथ भी जाएंगे चीन, इन मुद्दों पर रहेगा फोकस

0

भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने आज बीजिंग में चीन के विदेश मंत्री वांग यी से मुलाकात की है। शंघाई सहयोग संगठन के सुरक्षा सलाहकारों की 20वीं बैठक के मौके पर डोभाल चीनी विदेशी मंत्री वांग यी से मिले। NSA डोभाल ने कहा कि क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए आतंकवाद के हर रूप का मिलकर मुकाबला करना जरूरी है।

बैठक की जानकारी देते हुए विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत और चीन ने हालिया प्रगति की समीक्षा की और नागरिक संबंधों को बढ़ाने पर जोर दिया। इससे पहले दिसंबर 2024 में डोभाल और वांग ने बीजेपी में बैठक की थी। इसमें कैलाश मानसरोवर यात्रा, ट्रांस बॉर्डर नदी सहयोग और नाथुला ट्रेड जैसे मुद्दों पर 6 सहमतियों पर फैसला हुआ।

वहीं, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह 25 से 27 जून तक चीन के किंगदाओ शहर में होने वाली शंघाई सहयोग संगठन के रक्षामंत्रियों की बैठक में भाग लेंगे। गलवान संघर्ष (2020) के बाद यह रक्षामंत्री की चीन की पहली यात्रा होगी। इससे भारत-चीन के रिश्ते नई करवट ले सकते हैं।

SCO की बैठक में भारत, चीन, रूस, पाकिस्तान, ईरान, बेलारूस, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान समेत 10 देशों के रक्षा मंत्री हिस्सा लेंगे। इसमें क्षेत्रीय सुरक्षा सहयोग, आतंकवाद विरोधी उपायों और कनेक्टिविटी बढ़ाने पर चर्चा होगी।

राजनाथ सिंह बैठक के दौरान रूसी रक्षामंत्री आंद्रेई बेलौसोव के साथ भी द्विपक्षीय वार्ता कर सकते हैं। वह कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान जैसे मध्य एशियाई देशों के रक्षामंत्रियों से भी मुलाकात कर सकते हैं। पाकिस्तान के रक्षामंत्री ख्वाजा आसिफ के साथ द्विपक्षीय बैठक नहीं होगी। भारत ने स्पष्ट किया कि पाकिस्तान द्वारा सीमा पार आतंकवाद को समर्थन के कारण ऐसी कोई वार्ता संभव नहीं है।

 

- Advertisement -