Tuesday, May 12, 2026
Home Blog Page 531

BOLLYWOOD: ‘सितारे ज़मीन पर’ ने बॉक्स ऑफिस पर मारी ज़ोरदार एंट्री, 5 दिनों में 100 करोड़ की ओर रफ्तार

आरएस प्रसन्ना के डायरेक्शन में बनी आमिर खान और जेनेलिया देशमुख के लीड रोल वाली सितारे जमीन पर ने बॉक्स ऑफिस पर पहले वीकेंड में अच्छा परफॉर्म किया. Sacnilk के मुताबिक कॉमेडी स्पोर्ट्स ड्रामा ने अकेले भारत में ₹50 करोड़ का नेट मार्क पार कर लिया. ट्रेड वेबसाइट की मानें तो सितारे जमीन पर ने रविवार (22 जून) को ₹29 करोड़ की कमाई की. इससे भारत में इसकी कुल कलेक्शन ₹59.90 करोड़ हो गई. ओपनिंग डे पर ₹10.7 करोड़ की खराब शुरुआत के बाद शनिवार (21 जून) को फिल्म ने 88.79% की बड़ी छलांग लगाई और ₹20.2 करोड़ कमाए. रविवार को इसने हिंदी में 41.76% ऑक्यूपेंसी दर्ज की और दिन चढ़ने के साथ-साथ यह संख्या बढ़ती गई.

सितारे जमीन पर, भारत में लाल सिंह चड्ढा की ₹61.36 करोड़ की कमाई को पीछे छोड़ने के करीब है. अक्षय कुमार की केसरी चैप्टर 2 ने अपने पहले वीकेंड तक ₹29.5 करोड़ कमाए थे. सनी देओल की जाट ने ₹26.25 करोड़ कमाए. सलमान खान की सिकंदर, जिसने पहले वीकेंड तक ₹74.5 करोड़ कमाए और अक्षय की स्काई फोर्स जिसने ₹62.25 करोड़ कमाए, अभी भी सितारे जमीन पर से आगे हैं.

सितारे जमीन पर आमिर की 2007 की फिल्म तारे जमीन पर का स्पिरिचुअल सीक्वल है. इसमें दर्शील सफारी ने डिस्लेक्सिया से पीड़ित एक गलत समझे जाने वाले बच्चे ईशान का किरदार निभाया था. टिस्का चोपड़ा और विपिन शर्मा ने भी इस फिल्म में काम किया था जो एक बड़ी हिट साबित हुई. सितारे जमीन पर में आमिर खान एक ऐसे किरदार में नजर आ रहे हैं जो तारे जमीन पर में उनके राम शंकर निकुंभ के अलग है. वो एक बदनाम बास्केटबॉल कोच हैं जिसे कोर्ट ने न्यूरोडाइवरजेंट लोगों के एक ग्रुप को खेल सिखाने का काम सौंपा है. फिल्म में जेनेलिया उनकी पत्नी सुनीता के किरदार में हैं.

INTERNATIONAL: “ईरान पर अमेरिकी कार्रवाई के संकेत; ट्रम्प बोले- ‘मेक ईरान ग्रेट अगेन’, 2000 किमी भीतर बमबारी की चेतावनी”

इजराइल-ईरान संघर्ष को 10 दिन हो चुके हैं। इजराइली एयरफोर्स ने रविवार देर रात ईरान के शाहरुद में बैलिस्टिक मिसाइल का इंजन बनाने वाली फैक्ट्री पर बमबारी की। यह जगह इजराइल से करीब 2000 किलोमीटर दूर है।

इस हमले में इंजन बनाने वाली कई मशीनें और जरूरी इक्विपमेंट तबाह हो गए। इसके अलावा इजराइल ने तेहरान, केरमांशाह और हमादान में भी एयर स्ट्राइक की।

दूसरी तरफ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान में तख्तापलट के मुद्दे पर बात की। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा- अगर मौजूदा ईरानी सरकार ‘ईरान को फिर से महान’ नहीं बना सकती, तो सत्ता परिवर्तन क्यों नहीं होना चाहिए? मेक ईरान ग्रेट अगेन।

अमेरिका ने कल ईरान में 3 परमाणु ठिकानों पर हमला करके जंग में एंट्री की। ये ठिकाने फोर्डो, नतांज और इस्फहान थे। इस ऑपरेशन में 7 B-2 स्टेल्थ बॉम्बर्स ने हिस्सा लिया था, जिन्होंने ईरान के फोर्डो और नतांज न्यूक्लियर ठिकानों पर 13,608 किलो वजनी बंकर बस्टर बम गिराए।

NATIONAL : उद्घाटन से पहले ढह गया 6 करोड़ का पुल, पहली बारिश में खुल गई भ्रष्ट निर्माण की पोल

0

धनबाद के बाघमारा में 6 करोड़ की लागत से बना नवनिर्मित पुल उद्घाटन से पहले ही बारिश में ढह गया. स्थानीय लोगों ने निर्माण में भारी भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है. प्रशासन ने ठेकेदार को मरम्मत का निर्देश दिया है, जबकि लोगों में नाराजगी है. पुल मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना के तहत बनाया गया था.

झारखंड के धनबाद में मानसून की पहली बारिश ने पुल के निर्माण में भष्टाचार की पोल खोल दी है. छह करोड़ रुपये की लागत से जमुनिया नदी पर बना नया पुल उद्घाटन से पहले ही टूट गया. यह पुल धनबाद और बोकारो जिलों को जोड़ने के उद्देश्य से बाघमारा के माटीगढ़ डेम कॉलोनी के पास बनाया गया था, लेकिन हालिया बारिश के बाद इसका एक हिस्सा और एप्रोच रोड पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए.

स्थानीय लोगों ने पुल निर्माण में गंभीर अनियमितताओं और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है. पुल का एक हिस्सा टूट गया. इसके साथ ही अप्रोच सड़क में बड़ी-बड़ी दरारें भी आ गई हैं. यह परियोजना मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना के तहत ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल धनबाद द्वारा संचालित की जा रही थी. 10 अगस्त 2022 को तत्कालीन विधायक और वर्तमान सांसद ढुलू महतो ने इस पुल का शिलान्यास किया था.

पुल निर्माण का कार्य प्रीति इंटरप्राइजेज नामक कंपनी को सौंपा गया था. ग्रामीण विकास प्रमंडल धनबाद के एग्जक्यूटिव इंजीनियर नरेंद्र कुमार ने मौके का मुआयना किया और बताया कि कुल छह करोड़ की इस परियोजना में अभी डेढ़ करोड़ रुपये का भुगतान बाकी है. उन्होंने यह भी कहा कि कुछ कार्य शेष थे और संवेदक को निर्देश दिया गया है कि क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत तुरंत की जाए.

स्थानीय निवासी विजय चौहान ने कहा कि पुल की हालत यह दर्शाती है कि निर्माण में भारी भ्रष्टाचार हुआ है. उन्होंने कहा कि जब उद्घाटन से पहले ही पुल टूट जाए तो यह प्रशासन और निर्माण एजेंसी की लापरवाही का स्पष्ट प्रमाण है. फिलहाल प्रशासन की ओर से जांच के संकेत दिए गए हैं, लेकिन आम जनता में रोष व्याप्त है और लोग ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

MP : छतरपुर में बंदूक के दम पर महिला और उसकी दो नाबालिग बेटियों का अपहरण… कांग्रेस ने मोहन सरकार को घेरा

0

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में एक दर्जन से अधिक हथियारबंद लोगों के एक समूह ने गोलीबारी करने और उसके पति को घायल करने के बाद एक महिला और उसकी दो नाबालिग बेटियों का अपहरण कर लिया. इस घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है. मामले को लेकर विपक्ष ने राज्य सरकार पर हमला बोला है.

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में एक दर्जन से अधिक हथियारबंद लोगों के एक समूह ने गोलीबारी करने और उसके पति को घायल करने के बाद एक महिला और उसकी दो नाबालिग बेटियों का अपहरण कर लिया. इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी. घटना शनिवार को दोपहर करीब 12.30 बजे लवकुशनगर थाना क्षेत्र के सुमेदी गांव में हुई. जहां आरोपी मोटरसाइकिल और चार पहिया वाहनों पर सवार होकर पहुंचे.

उप-विभागीय पुलिस अधिकारी नवीन दुबे ने बताया कि फिलहाल महिला और दो बच्चों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं. अधिकारी ने बताया कि पांच आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है और उनके खिलाफ हत्या के प्रयास सहित भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.

अधिकारी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने शेष आरोपियों का पता लगाने के लिए पांच विशेष टीमों का गठन किया है और सुराग देने वाले को 10000 रुपये का इनाम देने की घोषणा की है. हमलावरों ने हरिराम पाल और उनके परिवार पर हमला किया और फिर उनकी पत्नी और उनकी 7 और 5 साल की बेटियों को बंदूक की दम पर अगवा कर लिया. अधिकारी ने बताया कि तीनों को जबरन एक एसयूवी में बैठाया गया और हवा में गोलियां चलाते हुए आरोपी फरार हो गए.

सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो में आरोपियों को सार्वजनिक रूप से अपहरण करते हुए दिखाया गया है.इस घटना से लोगों में आक्रोश फैल गया है और विपक्षी कांग्रेस ने राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर बीजेपी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की आलोचना की है. कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “छतरपुर में एक महिला और उसके दो बच्चों का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया गया. आरोपियों ने गोलियां चलाईं और उन्हें जबरन कार में ले गए.”

पटवारी ने यहीं नहीं रुके, उन्होंने कहा कि राज्य “अराजकता के नए रिकॉर्ड” बना रहा है. उन्होंने सवाल किया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव, जिनके पास गृह विभाग भी है, चुप क्यों हैं. वहीं, वरिष्ठ कांग्रेस नेता और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने भी घटना की निंदा की और दावा किया, “मध्य प्रदेश में कानून का कोई डर नहीं बचा है. इस तरह के फिल्मी अंदाज़ के अपराध जंगल राज की ओर इशारा करते हैं. यह बेहद चिंताजनक है.”

NATIONAL : स्कूल बस ने मासूम को रौंदा, 10 साल के बच्चे की हुई दर्दनाक मौत

0

तेलंगाना के अल्विन कॉलोनी में 10 साल के बालक जयसिथ चौहान की स्कूल बस से कुचलकर मौत हो गई. जयसिथ साइकिल चला रहा था, तभी वह फिसलकर बस के नीचे आ गया. अस्पताल ले जाते वक्त उसकी मौत हो गई. परिजनों ने स्कूल प्रबंधन और बस चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

तेलंगाना के अल्विन कॉलोनी (जगदगिरीगुट्टा थाना क्षेत्र) में एक दर्दनाक हादसे में 10 साल के मासूम जयसिथ चौहान की जान चली गई. घटना उस समय हुई जब जयसिथ अपनी साइकिल चला रहा था और अचानक गिरकर स्कूल बस के नीचे आ गया. यह हादसा क्वांटम लीप स्कूल की बस से हुआ, जो आमतौर पर गोकुल फ्लैट्स के पास चलाई जाती है.

जयसिथ के पिता मुकेश कुमार ने बताया कि उनका परिवार पिछले 35 सालों से तुलसी नगर, अल्विन कॉलोनी में रह रहा है. हादसे की शाम जयसिथ कॉलोनी में ही खेलते हुए साइकिल चला रहा था. उसी दौरान वह अचानक गिरा और तेज रफ्तार से आती स्कूल बस के पहियों के नीचे आ गया.हादसे के तुरंत बाद जयसिथ को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि उसके रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई है. बेहतर इलाज के लिए उसे दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई.

हादसे के बाद क्षेत्र में मातम छा गया. जयसिथ के पिता ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए स्कूल प्रबंधन और बस चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने कहा कि यह कोई सामान्य दुर्घटना नहीं है बल्कि लापरवाही का नतीजा है, जिसकी सजा मिलनी चाहिए.स्थानीय लोगों ने भी घटना को लेकर नाराजगी जताई और स्कूल प्रशासन की ओर से जिम्मेदारी तय करने की मांग की. वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. यह घटना स्कूल बसों की निगरानी, उनकी गति सीमा और बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर कई सवाल खड़े करती है.

 

GUJARAT : अहमदाबाद प्लेन क्रैश में 7 महीने की गर्भवती महिला और उसके पति की मौत, बेबी शावर के बाद लौट रहे थे लंदन

0

अहमदाबाद एयर इंडिया प्लेन क्रैश में लंदन से आए दंपत्ति वैभव और सात महीने की गर्भवती पत्नी जिनल की मौत हो गई है. दोनों बेबी शावर समारोह के बाद लौट रहे थे. हादसे में न सिर्फ पति-पत्नी की, बल्कि उनके अजन्मे बच्चे की भी मौत हो गई. परिजनों का कहना है कि हमने न केवल अपने बेटे और बहू को खो दिया है, बल्कि अपना भविष्य भी खो दिया है जो दो महीने बाद जन्म लेने वाला था.

अहमदाबाद एयर इंडिया प्लेन क्रैश में हर एक मौत अपने पीछे एक दिल दहला देने वाली कहानी छोड़ गई है. ऐसी ही एक कहानी है वैभव पटेल (29) और उनकी पत्नी जिनल गोस्वामी (27) की. वे लंदन से अहमदाबाद अपने पहले बच्चे के बेबी शावर में शामिल होने आए थे. जिनल सात महीने की गर्भवती थीं और इस खुशी के पल को परिवार के साथ मनाने के बाद दोनों 12 जून को वापस लंदन लौट रहे थे. मगर, प्लेन क्रैश ने उनकी और उनके आने वाले बच्चे की जिंदगी छीन ली.

दरअसल, 12 जून को अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट से लंदन के गैटविक एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट AI-171 टेक ऑफ के कुछ समय बाद ही क्रैश हो गई थी. इस हादसे में विमान के दो पायल, 10 क्रू मेम्बर्स और 229 यात्रियों की मौत हो गई थी. इस हादसे में एकमात्र विश्वास कुमार रमेश नाम का यात्री जिंदा बचा, जो लंदन का नागरिक है.

वहीं, 241 मृतकों में वैभव और जिनल का नाम डीएनए टेस्ट के ज़रिए पुष्टि होने के बाद सामने आया है. वैभव मूल रूप से गुजरात के धोलका तालुका के केलिया वासना गांव के रहने वाले थे. उनके चाचा बलवंत पटेल ने बताया कि दोनों की शादी ढाई साल पहले हुई थी और दो साल पहले वैभव लंदन चला गया था. इस बार वह सिर्फ अपने पहले बच्चे के स्वागत की तैयारी में अहमदाबाद आया था.

रविवार को जिनल के लिए भव्य बेबी शावर समारोह आयोजित किया गया था, जिसमें पूरे परिवार ने भाग लिया था. खुशियों से भरा वह दिन अब परिवार के लिए एक ऐसा लम्हा बन गया है, जिसे याद कर हर आंख नम हो जाती है. दो दिन बाद यानी 12 जून को जब दोनों लंदन के लिए रवाना हुए, तब किसी को अंदाजा नहीं था कि यह उनकी अंतिम यात्रा होगी.

चाचा ने आगे बताया कि यह हादसा केवल एक दंपत्ति की मौत नहीं है, बल्कि एक पूरे परिवार का सपना, एक अजन्मे बच्चे की उम्मीद और भविष्य की पीढ़ी का अंत है. प्लेन क्रैश के बाद सारी खुशियां अब जीवन भर के अफसोस में बदल गई हैं. हमने न केवल अपने बेटे और बहू को खो दिया है, बल्कि अपना भविष्य भी खो दिया है जो दो महीने बाद जन्म लेने वाला था.

NATIONAL : राजा रघुवंशी हत्याकांड में नया ट्विस्ट, प्रॉपर्टी डीलर ने किया था सोनम का ब्लैक बैग गायब, शिलॉन्ग पुलिस ने किया गिरफ्तार

0

इंदौर के बहुचर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में पुलिस ने बड़ा एक्शन लेते हुए प्रॉपर्टी डीलर शिलोम जेम्स को गिरफ्तार कर लिया है. शिलोम पर आरोप है कि उसने सोनम रघुवंशी का काला बैग गायब कर दिया है. इस बैग में देसी पिस्टल सहित अन्य सामान थे. इस बैग को पुलिस अहम सबूत के तौर पर देख रही है.

इंदौर के बहुचर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में पुलिस ने बड़ा एक्शन लेते हुए प्रॉपर्टी डीलर शिलोम जेम्स को गिरफ्तार कर लिया है. शिलोम पर आरोप है कि उसने सोनम रघुवंशी का काला बैग गायब कर दिया है. जिसमें 5 लाख रुपये नगद, सोनम की ज्वेलरी, एक देसी पिस्टल और सोनम के कपड़े थे. पुलिस इस बैग को अहम सबूत के तौर पर देख रही है. ऐसे में पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शिलोम ने किसके कहने पर बैग को गायब किया और सबूत मिटाया.

दरअसल, रिमांड के दौरान पूछताछ में आरोपी विशाल उर्फ़ विक्की चौहान ने बताया था कि राजा की हत्या के बाद सोनम जब इंदौर में किराये के फ्लैट में छिपी हुई थी तब उसने अपने घर से सोनम के छिपने वाली जगह तक ऑनलाइन एक ऑटो बुक किया था. इस दौरान उसने एक काला बैग भी पहुंचाया था. जिसमें सोनम के कपड़े, ज्वेलरी, 5 लाख रुपये और एक देसी पिस्टल थी.

इसी बयान के आधार पर शिलॉन्ग पुलिस दोबारा इंदौर पहुंची और उस काले बैग को तलाश रही है. लेकिन उसे सफलता हाथ नहीं लगी. इस बीच पुलिस ने उस ऑटो का पता लगा लिया, जिसने वो काला बैग डिलीवर किया था. उसने बताया कि हीराबाग में एक युवक ने उससे वो बैग ले लिया था. पुलिस ने हीराबाग वाले फ्लैट में दबिश दी तो वहां वो बैग नहीं मिला. जिसके बाद सीसीटीवी फुटेज चेक किया गया तो शिलोम जेम्स वही काला बैग फ्लैट से निकालकर कार में ले जाता दिखा. जिसके बाद पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए बुलाया लेकिन वो नहीं आया. इस पर पुलिस ने उसके फोन को ट्रैक किया और उसकी लोकेशन जब इंदौर से देवास जाने वाली रोड पर मिली तो क्षिप्रा ब्रिज के पास उसे पकड़ लिया गया. फ़िलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है कि उसने किसके कहने पर बैग छिपाया था.

UP : भाभी से रेप के आरोपी का घर में फंदे से लटकता मिला शव…हाल ही में जमानत पर हुआ था रिहा

0

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में अपनी भाभी से बलात्कार के आरोपी और हाल ही में जमानत पर रिहा हुए 32 वर्षीय व्यक्ति का शव उसके घर में फंदे से लटका मिला.उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में अपनी भाभी से बलात्कार के आरोपी और हाल ही में जमानत पर रिहा हुए 32 वर्षीय व्यक्ति का शव उसके घर में फंदे से लटका मिला. इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी. अधिकारी के मुताबिक फिरोजाबाद दक्षिण क्षेत्र के हुमायूंपुर निवासी शिवम उर्फ ​​तनु शनिवार रात अपने घर में मृत पाया गया. घटना के समय वह अकेला था.

परिवार के सदस्यों ने बताया कि वह कानपुर देहात जिले के अकबरपुर क्षेत्र का रहने वाला है और उसकी भाभी ने उस पर बलात्कार का आरोप लगाया था, जिसके कारण उसे गिरफ्तार किया गया था. परिवार के अनुसार बाद में उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया और 17 जून को अदालत में पेश किया गया. जिसके बाद वह उदास और गुस्सैल स्वभाव का हो गया था.

थाना प्रभारी योगेंद्र पाल सिंह ने बताया कि हुमायूंपुर में एक व्यक्ति द्वारा अपने घर में आत्महत्या करने की सूचना मिलने पर पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची. व्यक्ति पर बलात्कार का मामला अदालत में लंबित है. पोस्टमार्टम के बाद आत्महत्या की जांच शुरू कर दी गई है.स्थानीय लोगों ने बताया जाता है कि इस घटना के बाद से उसके परिजन भी उससे नाता तोड़ दिए थे. जेल से छूट के आने के बाद वह शांत-शांत सा रहता था.

नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)

NATIONAL : घर के बाहर खेल रही बच्ची को उठा ले गया तेंदुआ… जंगल में मिले शव के टुकड़े, देखते ही बिलख पड़ा परिवार

0

तमिलनाडु के वेलपरई की शांत वादियों में उस वक्त मातम पसर गया, जब एक झारखंडी मजदूर परिवार की चार साल की मासूम बेटी रोशनी को घर के बाहर खेलते वक्त तेंदुआ उठा ले गया। कुछ ही सेकंड में हंसी-खुशी का माहौल चीख-पुकार में बदल गया। अगले दिन जंगल से बच्ची का क्षत-विक्षत शव मिला, जिसके टुकड़ों को देख मां-बाप बेसुध हो गए। यह दर्दनाक हादसा न सिर्फ उस परिवार के लिए कभी न भूलने वाला घाव बन गया, बल्कि मानव-वन्यजीव संघर्ष की खौफनाक हकीकत को भी उजागर कर गया.

तमिलनाडु के कोयंबटूर जिले के वेलपरई क्षेत्र से दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां झारखंड के एक मजदूर परिवार की चार साल की बच्ची तेंदुए का शिकार बन गई. बच्ची का शव शनिवार को जंगल से बरामद हुआ, जिससे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है. इस घटना की जो तस्वीरें सामने आईं हैं, वे दिल दहला देने वाली हैं.

जानकारी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार शाम की है. वेलपरई के पास कालीअम्मल रेजिडेंशियल एरिया में रहने वाले मनोज कुंडा और मोनिका देवी की बेटी रोशनी कुमारी घर के बाहर खेल रही थी. उसी दौरान एक तेंदुआ, जो पास के चाय बागान में छिपा था, अचानक झपट पड़ा और रोशनी को घसीटते हुए जंगल की ओर ले गया. यह सब कुछ चंद सेकंड में हुआ और परिजन कुछ समझ पाते, उससे पहले तेंदुआ बच्ची को लेकर गायब हो गया.

घटना की सूचना पुलिस और वन विभाग को दी गई. जानकारी मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और खोजबीन शुरू की. खोजी कुत्तों की मदद से इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया गया. लगभग 300 मीटर दूर एक घने यूकेलिप्टस के जंगल से बच्ची का क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया. शव के कई हिस्से बिखरे हुए थे, जिन्हें वन अधिकारियों ने इकट्ठा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा.

वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह इलाका तेंदुओं वाला क्षेत्र है. यहां पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं. अब इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. इस घटना ने एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. चाय बागानों और जंगलों के समीप बसे मजदूर परिवारों की सुरक्षा बड़ी चुनौती बन गई है. फिलहाल पूरे इलाके में शोक का माहौल है.

NATIONAL : PGI चंडीगढ़ के डॉक्टर की हैवानियत… गोद ली मासूम बेटी को बर्बर तरीके से पीटा, बाल आयोग ने लिया संज्ञान

0

हिमाचल प्रदेश के शिमला में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां चंडीगढ़ पीजीआई से जुड़े एक डॉक्टर ने अपनी 10 साल की गोद ली बेटी को बेरहमी से पीटा. इस घटना का वीडियो झकझोर देने वाला है. घटना शिमला स्थित घर में हुई, जहां परिवार कुछ दिनों के लिए ठहरा हुआ था. वहां किसी ने छिपकर वीडियो बना लिया, जो वायरल हो गया. इस मामले में चाइल्ड राइट्स कमीशन ने स्वत: संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं.

हिमाचल प्रदेश के शिमला से चौंकाने और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां चंडीगढ़ के प्रतिष्ठित पीजीआई (पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च) से जुड़े एक डॉक्टर ने अपनी 10 साल की गोद ली बेटी को बेरहमी से पीटा. यह घटना 14 जून को शिमला स्थित घर की है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. अब इस मामले को बाल आयोग ने संज्ञान लिया है.

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि डॉक्टर बच्ची को डंडे से बुरी तरह मार रहा है. बच्ची कमरे में इधर-उधर भागती है, रोती है और खुद को बचाने की कोशिश करती है, लेकिन आरोपी डॉक्टर पीटना जारी रखता है. वीडियो में एक महिला भी घटनास्थल पर मौजूद दिखाई देती है, वहीं एक अन्य व्यक्ति बीच-बचाव करने की कोशिश करता है, लेकिन डॉक्टर नहीं रुकता. यह वीडियो पड़ोसी ने चुपके से रिकॉर्ड कर लिया और चाइल्ड हेल्पलाइन को सौंपकर इस पूरे मामले की शिकायत की.

दरअसल, आरोपी दंपति ने बच्ची को सात साल पहले गोद लिया था, जब वह सिर्फ तीन साल की थी. वर्तमान में यह परिवार चंडीगढ़ के सेक्टर-15 में रहता है, लेकिन मूल रूप से शिमला का रहने वाला है. घटना उस समय की है, जब पूरा परिवार शिमला में अपने किसी रिश्तेदार के यहां ठहरा हुआ था.

इस मामले में स्वत: संज्ञान लेते हुए चंडीगढ़ चाइल्ड राइट्स प्रोटेक्शन कमीशन (CCPCR) ने चंडीगढ़ के एसएसपी और चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (CWC) से सात दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है. बाल आयोग की अध्यक्ष शिप्रा बंसल ने बात करते हुए कहा कि इस घटना को बेहद गंभीरता से लिया है. संबंधित विभागों और अधिकृत अधिकारियों से तत्काल रिपोर्ट मांगी गई है. रिपोर्ट मिलने के बाद तथ्यों की समीक्षा कर सख्त कार्रवाई की जाएगी. लोग सोशल मीडिया पर आरोपी डॉक्टर पर कार्रवाई और बच्ची की सुरक्षा की मांग कर रहे हैं. फिलहाल, इस मामले की जांच की जा रही है.

- Advertisement -