Tuesday, May 12, 2026
Home Blog Page 532

NATIONAL : तमिलनाडु में होसुर एलिवेटेड फ्लाईओवर की स्ट्रक्चर खिसकी, चेन्नई से बेंगलुरु की दिशा में ट्रैफिक बंद

0

तमिलनाडु के होसूर में प्रमुख हाईवे के फ्लाईओवर में खिसकाव की वजह से बेंगलुरु की ओर सभी वाहनों की आवाजाही को टेंपरेरी रूप से बंद कर दिया गया है. यह फ्लाईओवर, जो बेंगलुरु और चेन्नई को जोड़ता है, सुरक्षा कारणों से बंद कर दिया गया है, जिससे होसूर बस स्टैंड के आसपास तीन किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया.

तमिलनाडु के होसुर में एक्सप्रेसवे का एक एलिवेटेड फ्लाईओवर के स्ट्रक्चर में बदलाव पाया गया है, जिसके बाद अधिकारियों ने इसे यातायात के लिए असुरक्षित घोषित कर दिया है. शनिवार को पुलिस ने बताया कि बेंगलुरु की ओर जाने वाले सभी वाहनों की आवाजाही पर टेंपरेरी (अस्थायी) रूप से बंद कर दिया गया है.

चेन्नई-बेंगलुरु नेशनल हाईवे पर स्थित होसुर एलिवेटेड फ्लाईओवर के एक पुल के स्ट्रक्चर में बदलाव देखा गया है. पुल का एक हिस्सा दाएं-बाएं खिसक गया है.
ये एलिवेटेड एक्सप्रेसवे तमिनलाडु की राजधानी और कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु को जोड़ने में अहम भूमिका निभाती है. इसके बंद होने से यातायात बुरी तरह से प्रभावित हुई है. चेन्नई और सेलम की ओर से होते हुए बेंगलुरु जाने वाले वाहन अब फ्लाईओवर का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे.

फ़िलहाल, वाहनों को सर्विस रोड के माध्यम से निकाला जा रहा है. होसुर बस स्टैंड के पास दोपहर को क़रीब तीन किलोमीटर लंबा जाम भी देखने को मिला. रविवार को सड़क विशेषज्ञों की टीम एलिवेटेड एक्सप्रेसवे की संरचनात्मक जांच करेगी. इस जांच के बाद यह फैसला लिया जाएगा कि ये यातायात के लिए सुरक्षित है या नहीं.

होसुर फ्लाईओवर बेंगलुरु में सिल्क बोर्ड जंक्शन को इलेक्ट्रॉनिक्स सिटी के आईटी हब से जोड़ता है. इस फ्लाईओवर का निर्माण होसुर के ट्रैफिक कंजेशन को कम करने के लिए किया गया था. ये फ्लाईओवर नेशनल हाईवे का हिस्सा है जो चेन्नई, बेंगलुरु और होसुर को जोड़ता है.

 

Sitaare Zameen Par Day 2 Collection: आमिर खान की फिल्म ने दूसरे दिन की बंपर कमाई, ‘केसरी 2’ का तोड़ा रिकॉर्ड

0

आमिर खान की फिल्म ‘सितारे जमीन पर’ रिलीज हो गई है. इस फिल्म को क्रिटिक्स के तो शानदार रिव्यू मिले ही हैं, साथ ही ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर भी धमाल मचा रही है. धमाकेदार ओपनिंग के बाद अब फिल्म ने दूसरे दिन धांसू कमाई की है.

Sitaare Zameen Par Box Office Collection Day 2: बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान ने अपनी फिल्मों से हमेशा लोगों का दिल जीता है. फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ के फ्लॉप होने के बाद उनकी कमबैक फिल्म मानी जा रही ‘सितारे जमीन पर’ रिलीज हो गई है. इस फिल्म को क्रिटिक्स के तो शानदार रिव्यू मिले ही हैं, साथ ही ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर भी धमाल मचा रही है. धमाकेदार ओपनिंग के बाद अब फिल्म ने दूसरे दिन धांसू कमाई की है.

बता दें कि 20 जून को रिलीज हुई फिल्म ‘सितारे जमीन पर’ में आमिर खान के साथ एक्ट्रेस जेनेलिया डिसूजा लीड रोल में हैं. ये फिल्म पहले से ही काफी सुर्खियों में बनी हुई थी. कलेक्शन की बात करें तो फिल्म ने ओपनिंग डे पर 10.70 करोड़ रुपये का अच्छा कलेक्शन किया था. वहीं अब दूसरे दिन यानी शनिवार का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन भी सामने आ गया है.

सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘सितारे जमीन पर’ ने बॉक्स ऑफिस पर वीकेंड यानी शनिवार को जबरदस्त कमाई की है. शुरुआती आंकड़ों के हिसााब से फिल्म ने दूसरे दिन 21.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है. इस हिसाब से फिल्म का दो दिन का कलेक्शन 32.20 करोड़ हो गया है. हालांकि अभी दूसरे दिन के ऑफिशियल आंकडे़ सामने नहीं आए हैं. वहीं माना जा रहा है कि रविवार को फिल्म के कलेक्शन में और उछाल आ सकता है. अगर फिल्म ने शनिवार जैसा ही कलेक्शन किया तो आमिर की मूवी तीन दिन में 50 करोड़ रुपये की क्लब में एंट्री कर सकती है.

आमिर खान की ‘सितारे जमीन पर’ ने दूसरे दिन की कमाई के मामले में अपनी ही फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ का रिकॉर्ड तोड़ दिया. आमिर की लाल सिंह चड्ढा ने दूसरे दिन 7.26 करोड़ रुपये का बिजनेस किया था. वहीं फिल्म का दो दिन का कलेक्शन 18.96 करोड़ रुपये था. आमिर ने हाल ही में रिलीज हुई अक्षय कुमार की केसरी को भी पीछे छोड़ दिया है. अक्षय की केसरी-2 पहले दिन 7.75 करोड़ तो दूसरे दिन 9.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था.

बता दें कि आमिर खान ने अपनी फिल्म सितारे जमीन पर के प्रमोशन के दौरान कहा था कि ये फिल्म किसी भी ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज नहीं होगी. कुछ रिपोर्ट्स में ये बात भी सामने आई थी कि उन्होंने करोड़ों रुपये की डील ठुकरा दी थी.

NATIONAL : राजस्थान में मानसून का कहर, जोधपुर में बारिश की पानी से भरे नाले में गिरी कार, तीन की मौत

0

राजस्थान में मानसून की एंट्री के साथ ही भीषण बारिश हुई, जिससे कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई. भीलवाड़ा में 175 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई जबकि जोधपुर में जलमग्न सड़क पर कार 6 फीट गहरे नाले में गिरने से व्यापारी हरिप्रकाश भंडारी और दो रिश्तेदारों की मौत हो गई. टोंक के नीवई में 24 घंटे में 165 मिमी सबसे ज्यादा बारिश दर्ज हुई. पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में जगह-जगह भारी बारिश जारी रहने का अनुमान है.

राजस्थान में दक्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता के चलते राज्यभर में भारी वर्षा हो रही है जिससे कई क्षेत्रों में जलजमाव और बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई. मौसम विभाग ने शनिवार को बताया कि पूर्वी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश हुई, जबकि पश्चिमी जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा हुई.

न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक भीलवाड़ा में शनिवार सुबह से शाम तक 175 मिमी वर्षा दर्ज हुई, जिसके चलते शहर का कई इलाकों में जलभराव हो गया. इसी बीच जोधपुर के दैजार क्षेत्र में एक कार जलमग्न सड़क पर फिसलकर लगभग छह फीट गहरे नाले में जा गिरी. इसमें सवार व्यापारी हरिप्रकाश भंडारी (58) और उनके रिश्तेदार उर्मिला देवी (72) और एक महिला की मौत हो गई. प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन कर शवों को नाले से बाहर निकाला.

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, टोंक जिले के नीवई में 24 घंटे में 165 मिमी वर्षा हुई, जो सर्वाधिक थी. जयपुर डिवीजन के चाकसु में 153 मिमी, सवाई माधोपुर के चौथ का बरवाड़ा में 139 मिमी, दौसा के सिकराई में 119 मिमी, बुंडी में 116 मिमी और कोटा में 115 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है.

मध्य प्रदेश के सीमावर्ती माउंटेनियस इलाकों में बरसात का पानी बहकर नदियों में मिल जाने से जलस्तर बढ़ गया और आसपास के गांवों में राहत-बचाव कार्य जारी है.मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी कर बताया कि 21 जून को भी राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा. 22 और 23 जून को भरतपुर, जयपुर और कोटा डिवीजनों में भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं.

WORLD : ‘न किसी की जान गई, न रेडिएशन लीक का खतरा’, अमेरिकी हमलों के बाद ईरान का पहला बयान

0

ईरान की परमाणु ऊर्जा संस्था ने अमेरिकी हमलों को अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया है और कहा कि एजेंसी अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर चुकी है. ईरान ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इन हमलों की निंदा करने और ईरान का समर्थन करने की अपील की है.

अमेरिका की ओर से तीन परमाणु ठिकानों पर हमलों के बाद ईरान ने पहला बयान जारी किया है. ईरान का कहना है कि उसकी न्यूक्लियर साइट्स को कोई नुकसान नहीं हुई है और वे पूरी तरह सुरक्षित हैं. साथ ही रेडिएशन लीक के खतरे से भी इनकार किया गया है. ईरान की परमाणु ऊर्जा संस्था (AEOI) ने रविवार को अमेरिकी हवाई हमलों के बाद देश के प्रमुख परमाणु ठिकानों पर किसी भी तरह के रेडिएशन लीक के खतरे से इनकार किया है. ईरान की सरकारी मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से यह जानकारी सामने आई है.

संगठन ने जनता को आश्वस्त किया है कि सुरक्षा जांच में किसी भी तरह के रेडिएशन का पता नहीं चला है. इसके साथ ही संस्था ने यह भी साफ किया कि देश का परमाणु कार्यक्रम, जिसे उसने ‘नेशनल इंडस्ट्री’ करार दिया, इन हमलों के बावजूद नहीं रुकेगा.ईरान की परमाणु ऊर्जा संस्था ने इन हमलों को अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन करार दिया और कहा कि एजेंसी अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर चुकी है. ईरान ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इन हमलों की निंदा करने और शांतिपूर्ण परमाणु विकास के अधिकार में ईरान का समर्थन करने की अपील की है.

भारतीय समयानुसार रविवार सुबह अमेरिका ने ईरान की तीन न्यूक्लियर साइट्स को निशाना बनाया. अमेरिका के बी2 बमवर्षक विमानों ने फोर्डो, नतांज और इस्फहान में परमाणु ठिकानों को टारगेट किया. अमेरिका ने इस ऑपरेशन के लिए अत्याधुनिक बी-2 स्पिरिट स्टील्थ बॉम्बर्स का इस्तेमाल किया गया, जो अमेरिका की वायुसेना के सबसे एडवांस्ड स्ट्रेटेजिक प्लेटफॉर्म्स में गिने जाते हैं.

राष्ट्रपति ट्रंप ने इन हमलों को ‘बेहद सफल ऑपरेशन’ करार दिया और दावा किया कि फोर्डो सेंटर, जिसे ईरान के परमाणु कार्यक्रम का सबसे अहम हिस्सा माना जाता था, अब पूरी तरह तबाह कर दिया गया है. ट्रंप ने कहा, ‘फोर्डो अब बर्बाद हो चुका है.’

RAJASTHAN : बेटी हुई अगवा तो सदमे में मां ने खा लिया जहर, महिला की हुई मौत

0

राजस्थान के बारां जिले में एक महिला ने अपनी बेटी के अपहरण के बाद जहर खाकर आत्महत्या कर ली. मृतक महिला के पति के मुताबिक, आरोपी सोहेल बाइक से घर में घुसा और बच्ची को ले भागा. जब महिला घर पहुंची तो बेटी के अगवा होने के सदमे में ज़हर खा लिया. पुलिस ने बच्ची को सकुशल बरामद कर आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और अगवा करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

राजस्थान के बारां में एक दिल दहला देने वाली घटना घटी है. बेटी के अगवा होने के सदमे में 36 साल की सुनीता ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली. रिपोर्ट के मुताबिक शुक्रवार सुबह सुनीता के पति धन्नालाल मीणा सो रहे थे जब उनके घर में घुसा आरोपी सोहेल उनकी चार साल की बेटी को बाइक से लेकर भाग गया. इसके बाद आरोपी ने पूरे परिवार को मारने की धमकी दी थी.

न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक घटना की जानकारी जैसे ही सुनीता को मिली, वह सदमे में आ गईं. बताया जा रहा है कि सुनीता ने पति को बुलाया और रोते हुए पूरी घटना सुनाई. धन्नालाल ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और थाने पहुंचे, लेकिन उसी दौरान सुनीता ने घर लौटकर कीटनाशक पी लिया.DSP श्योजीराम ने बताया कि सुनीता को तुरंत सरकारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पीड़ित पति की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी सोहेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत मामला दर्ज किया है.

मृतका का पोस्टमार्टम पूरा कर परिवार को शव सौंप दिया गया. बच्ची को बरामद कर जिला अस्पताल में सुरक्षित पहुंचाया गया और माता‑पिता से मिलवाया गया. परिजनों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करके उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करनी चाहिए.

 

GUJARAT : प्रेमी ने 5वीं मंजिल से धक्का देकर की थी विवाहित महिला की हत्या…पुलिस ने पकड़ा तो उगल दिए राज

0

गुजरात के सूरत में एक विवाहित महिला की उसकी प्रेमी ने हत्या कर दी. बताया जाता है कि 20 जून की रात करीब 8.30 बजे विवाहित महिला अपने प्रेमी पुरुष के साथ पांच मंजिला बिल्डिंग की छत पर गई हुई थी.

गुजरात के सूरत में एक विवाहित महिला की उसकी प्रेमी ने हत्या कर दी. बताया जाता है कि 20 जून की रात करीब 8.30 बजे विवाहित महिला अपने प्रेमी पुरुष के साथ पांच मंजिला बिल्डिंग की छत पर गई हुई थी. जहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर पहले कहासुनी हुई और फिर मामला झगड़े में बदल गया था. इसी झगड़े में प्रेमी पुरुष ने विवाहित महिला प्रेमिका को पांचवीं मंजिल से धक्का दे दिया और वह सीधे जमीन पर नीचे जा गिरी.

इसके बाद प्रेमी महिला को नीचे देखने के लिए गया कि कहीं वो जीवित तो नहीं है ? वहीं, जब उसने देखा कि प्रेमिका जीवित है तो वह महिला को घसीटते 50 मीटर तक खेतों में ले गया. जहां महिला की मौत हो गई. खेत से मिली अज्ञात महिला की लाश को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया था. वहीं, जब पुलिस ने इस मामले की जांच पड़ताल शुरू की तो पुलिस ने मृतक महिला के प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस पूछताछ में उसने गुनाह कबूल कर लिया है.

दरअसल, सूरत जिले के कामरेज पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले कामरेज गांव में स्थित श्याम सुंदर अपार्टमेंट के पास खेत में से 21 जून की सुबह एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था. स्थानीय लोगों ने जब पुलिस को इसकी सूचना दी तो पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने अज्ञात महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्ट मॉर्टम के लिए भेज दिया था. पुलिस की जांच में मृतक की पहचान रसीला बेन प्रवीणभाई चुडासमा के रूप में हुई थी.

पुलिस ने तुरंत मृतक महिला के परिवार तक पहुंचने का प्रयास किया. जिसके बाद मृतक महिला रसीला चूड़ासमा की बेटी तृप्ति चूड़ासमा ने अपनी मां के शव की शिनाख्त कर ली. तृप्ति चूड़ासमा ने अपनी मां की मौत को लेकर जो जानकारी पुलिस को दी, उसे सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई थी. तृप्ति चूड़ासमा ने पुलिस को बताया कि उसकी मां रसीला चूड़ासमा के धीरू चूड़ासमा नामक व्यक्ति के साथ नाजायज संबंध थे. धीरू चूड़ासमा उसके घर पर आता जाता था. यह जानकारी मिलने पर कामरेज थाना पुलिस ने मृतक महिला रसीला चूड़ासमा के प्रेमी धीरू चूड़ासमा की तलाश शुरू कर दी और उसे गिरफ्तार कर लिया.

विवाहित महिला प्रेमिका की हत्या करने वाले धीरू चूड़ासमा से जब पुलिस ने कड़ी पूछताछ की तो धीरू लक्ष्मण चुडासमा ने अपना गुनाह कबूल कर लिया. धीरू लक्ष्मण चूड़ासमा ने पुलिस को कहा कि हम लंबे समय से प्रेम संबंध में थे, लेकिन जब रसीला के पति को पता चला तो वह उसे छोड़कर चला गया. बाद में हम कभी-कभी मिलते रहे. पुलिस ने बताया कि इसी बीच 20 जून को मिलने के बाद कहासुनी होने पर कमरेज ने विवाहित प्रेमिका को 5वीं मंजिल से धक्का दे दिया. जिससे उसकी मौत हो गई.

ENTERTAINMENT : ‘बाहुबली’ फिल्म में काम कर चुके एक्टर ने की आत्महत्या, पंखे से लटका मिला शव

0

मराठी फिल्म और टेलीविजन एक्टर तुषार घाडीगांवकर ने आत्महत्या कर ली है. एक्टर का शव पंखे से लटका मिला. उनकी अचानक मौत से मराठी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के साथ उनके परिवार, फैंस और दोस्त भी सदमे में हैं.

मराठी फिल्म और टेलीविजन एक्टर तुषार घाडीगांवकर ने आत्महत्या कर ली है. एक्टर का शव पंखे से लटका मिला. उनके अचानक निधन से मराठी एंटरटेनमेंट जगत के साथ ही उनके परिवार, फैंस और दोस्त सदमे में हैं. वहीं उनकी मौत पर मुंबई पुलिस ने भी अपना बयान जारी किया है. हालांकि अभी तक इस बात का पुख्ता खुलासा नहीं हो पाया कि एक्टर ने ये कदम क्यों उठाया.

घाडीगांवकर ने मराठी सिनेमा, टेलीविजन और थिएटर में काम किया था. उनकी मौत से मराठी एंटरटेनमेंट जगत सदमे में है. एक्टर अंकुर विट्ठलराव वाधवे ने अपने दोस्त की याद में एक इमोशनल नोट इंस्टाग्राम पर शेयर किया है जिसमें उन्होंने लिखा, ‘दोस्त क्यों? किस लिए? चीजें आती हैं और जाती हैं. हमें कोई रास्ता निकालना चाहिए लेकिन आत्महत्या कोई रास्ता नहीं है. तुषार घाडीगांवकर अगर आप हारते हैं तो हम सब हारते हैं.’

मुंबई पुलिस ने बताया कि जब वो इस घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे तो तुषार घाडीगांवकर बेहोश मिले थे. उन्हें तुरंत ही ट्रॉमा केयर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी जांच की और उन्हें मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान तुषार यशवंत घाडीगांवकर के रूप में हुई.एक्टर को शराब की लत थी और वह पिछले एक साल से तनाव में थे. शुक्रवार को जब उनके घर में कोई नहीं था तो उन्होंने पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली. उनके परिजनों का बयान दर्ज कर लिया गया है जिन्होंने किसी के खिलाफ कोई शक और शिकायत दर्ज नहीं करवाई है.

बता दें कि तुषार ने कई हिट फिल्मों में काम किया था जिसमें ‘लवंगी मिर्ची’, ‘मन कस्तूरी रे’, ‘बाहुबली’, ‘उनाद’, ‘जोम्बिवली’ जैसी फिल्में शामिल है. इसके अलावा हाल ही में उन्हें सुन मराठी सीरियल सखा माझा पांडुरंगस में देखा गया था. एक्टिंग के अलावा उन्होंने डायरेक्शन में भी अपना हाथ आजमाया था. उन्होंने टीवी शो ‘तुजी माजी यारी’ को डायरेक्ट किया था. अब उनके अचानक निधन से मराठी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है.

BIHAR : बेगूसराय में वज्रपात से दो लोगों की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

0

बिहार के बेगूसराय में दो अलग-अलग जगहों पर वज्रपात की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई. दोनों घटना शनिवार की शाम भगवानपुर थाना क्षेत्र के तेलन गांव और गाड़ा गांव की है. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है.

बिहार के बेगूसराय में दो अलग-अलग जगहों पर वज्रपात की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई. दोनों घटना शनिवार की शाम भगवानपुर थाना क्षेत्र के तेलन गांव और गाड़ा गांव की है. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है.

जानकारी के अनुसार पहली घटना नौला पंचायत के गाड़ा फसीयारी टोला की है, जहां वज्रपात की चपेट में आने से वार्ड नंबर-4 निवासी रामबाबू पासवान के 32 वर्षीय पुत्र कृष्ण मुरारी पासवान की मौत हो गई. बताया जाता है कि कृष्ण मुरारी पासवान लघु शंका के लिए घर के बगल में गया था. इसी दौरान वह वज्रपात की चपेट में आकर झुलस गया. जोरदार आवाज सुनकर जब लोग पहुंचे तो वह बुरी तरह से झुलस कर अचेत था.

परिजनों द्वारा उसे उठाकर ग्रामीण डॉक्टर के यहां ले जाया गया. लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी. वहीं दूसरी घटना जोकिया पंचायत के तेलन गांव की है, जहां वज्रपात से वार्ड नंबर-8 निवासी तारकेश्वर तांती की 16 वर्षीय पुत्री सरस्वती कुमारी की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि सरस्वती अपने घर के समीप पैक्स गोदाम के सटे खेत में गई थी. इसी दौरान वह वज्रपात की चपेट में आकर झुलस गई. वज्रपात की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो चुकी थी.

पिछले साल ही उसने मैट्रिक की परीक्षा पास की थी और काफी होनहार बच्ची थी. थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि दोनों जगह वज्रपात की चपेट में आने से मौत हुई है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची. अंचल प्रशासन को भी सूचना दिया गया है. दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेजकर आगे की कार्रवाई की जा रही है. वहीं, देर शाम केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह भी सदर अस्पताल पहुंच गए. उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात की और सांत्वना दी.

NATIONAL : लश्कर की साजिश का पर्दाफाश, पहलगाम हमले में मददगार दो गिरफ्तार, तीन आतंकियों की पहचान

0

पहलगाम आतंकी हमले मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल हुई है. जांच एजेंसी ने इस घातक हमले में शामिल पाकिस्तानी आतंकवादियों को शरण देने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है.

पहलगाम आतंकी हमले मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल हुई है. जांच एजेंसी ने इस घातक हमले में शामिल पाकिस्तानी आतंकवादियों को शरण देने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान पहलगाम के निवासी बटकोट के परवेज अहमद जोथर और हिल पार्क के बशीर अहमद जोथर के रूप में हुई है.

एक एजेंसी के मुताबिक पूछताछ के दौरान दोनों ने तीन हमलावरों की पहचान बताई. जिससे पुष्टि हुई कि वे प्रतिबंधित आतंकी समूह लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) से जुड़े पाकिस्तानी नागरिक हैं. एनआईए जांच के अनुसार परवेज और बशीर ने हमले से पहले हिल पार्क में एक अस्थायी ढोक (झोपड़ी) में आतंकवादियों को जानबूझकर आश्रय, भोजन और रसद सहायता प्रदान की थी.

यहां रहने के बाद आतंकियों ने पर्यटक स्थल की रेकी की और इसके हमले को अंजाम देते हुए धर्म पूछ-पूछकर लोगों पर गोलीबारी कर दी. जिससे 26 पर्यटकों की मौत हो गई. जबकि कई अन्य घायल हो गए. एनआईए के मुताबिक आंतकियों को शरण देने के लिए दोनों व्यक्तियों पर गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम, 1967 की धारा 19 के तहत मामला दर्ज किया गया है. साथ ही दोनों की गिरफ्तारियां RC-02/2025/NIA/JMU मामले के तहत की गई हैं. फिलहाल एनआईए आगे की जांच कर रही है.

आपको बता दें कि 22 अप्रैल को हथियारों से लैस आतंकवादियों ने पहलगाम की बैसरन घाटी में हमला कर दिया था. इस दौरान आतंकियों ने हिंदू पुरुषों से उनका धर्म पूछने के बाद उन्हें गोली मार दी थी. इस हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (POK) में आतंकी ठिकानों पर हवाई हमले किए थे. भारत की इस कार्रवाई के बाद भारत-पाक सीमा पर तनाव बढ़ गया था.

MUMBAI : 28 वर्षीय पायलट से कैब में छेड़खानी, ड्राइवर सहित 3 पर केस दर्ज

0

महाराष्ट्र के मुंबई में एक 28 वर्षीय एयरलाइन की महिला पायलट से छेड़खानी का मामला सामने आया है. फिलहाल महिला की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. हालांकि, अभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है.

महाराष्ट्र के मुंबई में एक 28 वर्षीय एयरलाइन की महिला पायलट से छेड़खानी का मामला सामने आया है. महिला एयरलाइन पायलट के साथ यौन उत्पीड़न के आरोप में उबर कैब के ड्राइवर और दो अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी. पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना गुरुवार रात करीब 11.15 बजे हुई, जब महिला दक्षिण मुंबई से घाटकोपर स्थित अपने घर लौट रही थी.

महिला का पति नौसेना में अधिकारी है, लेकिन उसे अभी तक सरकारी आवास नहीं मिला है. इसलिए वह नौसेना के आवासीय परिसर में रहता है, जबकि महिला घाटकोपर में रहती है. गुरुवार रात दक्षिण मुंबई के एक रेस्तरां में खाना खाने के बाद उसके पति ने उसके लिए उबर की सवारी बुक की. महिला के अनुसार कैब ड्राइवर ने यात्रा के 25 मिनट बाद मार्ग बदल दिया और दो लोगों को कैब में बैठा लिया.

महिला ने अपनी शिकायत में कहा कि कैब में उसके बगल में बैठने वाले शख्स ने उसे अनुचित तरीके से छुआ. वहीं. जब उसने उस पर चिल्लाया तो उसने उसे धमकाया और कैब चालक ने कोई हस्तक्षेप नहीं किया. महिला ने बताया कि कुछ दूर जाने के बाद आरोपी व्यक्तियों ने देखा कि पुलिस आगे हाईवे पर चेकिंग कर रही है. ऐसे में दोनों बीच में उतरकर भाग गए.

महिला ने बताया कि जब वह घर पहुंची तो उसने पूछा तो चालक ने उसे कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया कि उसने दोनों पुरुषों को कैब में क्यों बैठने दिया. अगली सुबह जब उसने अपने पति को घटना के बारे में बताया तो दंपति ने घाटकोपर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई. अधिकारी ने बताया कि तीनों पुरुषों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 75(1) (यौन उत्पीड़न), 351(2) (आपराधिक धमकी) और 3(5) (सामान्य इरादा) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है और आगे की जांच जारी है.

- Advertisement -